अयोध्या में सनातन धर्म के अनुयायी 3-4 अगस्त को घरों में दीप प्रज्ज्वलित करें- योगी
-पांच अगस्त को अपने-अपने घरों में 24 घंटे राम कीर्तन करने की अपील
अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सनातन धर्म के अनुयायियों से तीन और चार अगस्त को मिट्टी के दीप प्रज्ज्वलित करने तथा अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण शुरू होने वाले दिन पांच अगस्त को अपने-अपने घरों में 24 घंटे राम कीर्तन करने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को अयोध्या का दौरा किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आगामी अयोध्या यात्रा तथा राम मंदिर भूमि-पूजन समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। लखनऊ में शनिवार को कोरोना वायरस की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री अयोध्या राम जन्मभूमि परिसर पहुंचे। यहांं उन्होंने भगवान राम की पूजा करने के बाद 5 अगस्त को होने वाले भूमिपूजन की तैयारियों का जायजा लिया। शाम को वे गोरखपुर रवाना हो गए।
कारसेवकपुरम में संतों के साथ पार्टी पदाधिकारियों व ट्रस्ट के सदस्यों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पांच सौ वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद श्रीरामजन्मभूमि पर मंदिर निर्माण की शुभ बेला आई है। हमें इस अवसर को वैश्विक उत्सव का स्वरूप देना होगा। अयोध्या में एक अगस्त से ही दीपावली जैसा दृश्य दिखाई देना चाहिए। लोग अपने घरों में और संत महंत अपने मंदिरों में घी के दीपक जलाएं।
Leave A Comment