मुंबई में बारिश के चलते स्कूलों की छुट्टी, बारिश और हाई टाइड का रेड अलर्ट
-मंत्रालय के 1000 कर्मचारी घर नहीं गए, बीएमसी के 145 स्कूल शेल्टर बने
-हफ्तेभर में 11 राज्यों में औसत से ज्यादा, 17 राज्यों में सामान्य बारिश हुई
मुंबई। महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। मुंबई में गुरुवार को भी भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान समेत 14 राज्यों में भारी वर्षा का अलर्ट है। बारिश के चलते गुरुवार को मुंबई से उड़ान भरने वाली 30 फ्लाइट रद्द कर दी गईं, जबकि 118 में देरी हुई। रेलवे ने ट्रैक डूबने से 10 ट्रेनों को रद्द कर दिया।
मौसम विभाग ने आज भी मुंबई, ठाणे और कोंकण में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। जिसके बाद शिक्षा मंत्री विनोद तावड़े ने इन इलाकों में आने वाले सभी स्कूलों को दूसरे दिन बंद करने का आदेश दिया है। अगले दो-तीन दिनों के लिए महाराष्ट्र के पुणे, रायगढ़, रत्नागिरि, सिंधुदुर्ग और पालघर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। नागपुर के करीब 100 गांवों का संपर्क मुख्यालयों से कट गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंत्रालय के करीब 1000 कर्मचारी बुधवार रात को मंत्रालय में ही रुके रहे। वहीं बीएमसी ने अपने 145 स्कूलों को अस्थाई राहत केंद्रों में बदल दिया। कुर्ला इलाके में मीठी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। वहां नदी किनारे रहने वाले 1500 लोगों को एनडीआरएफ ने रेस्क्यू किया।
6 साल के बच्चे समेत 4 की मौत
मुंबई में बीएमसी के दो कर्मचारियों की बुधवार को पश्चिमी उपनगर गोरेगांव में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों कर्मी गहरे पानी में डूब गए थे। वहीं, बीकेसी में एक युवक की मौत की जानकारी सामने आई है। नालासोपारा में सीवर में गिरने से एक छह साल के बच्चे की मौत हो गई।
10 ट्रेनें कैंसल, 30 फ्लाइट रद्द; 118 उड़ानों में देरी
मुंबई में बारिश की वजह से गुरुवार को 30 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 118 देरी से चल रही हैं। रेलवे के मुताबिक, ट्रैक पर पानी भरने के कारण मुंबई से 10 ट्रेनें रद्द कर दी गईं। दूसरी ओर, लोकल ट्रेनों में देरी के कारण गुस्साए यात्रियों ने अंधेरी और सीएसटी स्टेशनों पर प्रदर्शन किया और ट्रेन रोककर विरोध जताया।
आज इन राज्यों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, उत्तराखंड, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, केरल, कोंकण-गोवा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से भारी बारिश हो सकती है।
हफ्तेभर में 11 राज्यों में औसत से ज्यादा बारिश, 17 में सामान्य
बीते एक सप्ताह में देश के 11 राज्यों में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। वहीं 17 राज्यों में सामान्य बारिश हुई। महाराष्ट्र में 1 जून से 4 सितंबर तक 1053 मिमी बारिश हुई, जो औसत 857 मिमी से करीब 23 फीसदी ज्यादा है।
Leave A Comment