बंगाल की खाड़ी में 23 अक्टूबर तक चक्रवात आने की आशंका
भुवनेश्वर. बंगाल की खाड़ी में 23 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान आने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को यह जानकारी दी। आईएमडी ने एक विशेष बुलेटिन में कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान अंडमान सागर के ऊपर बने एक चक्रवाती परिसंचरण के क्षेत्र के सोमवार तक कम दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील होने की आशंका है। इसमें कहा गया कि इस मौसम प्रणाली के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने तथा 22 अक्टूबर की सुबह तक अवदाब में तब्दील होने तथा 23 अक्टूबर तक पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान में बदल जाने की आशंका है। बुलेटिन में कहा गया है, बाद में इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 24 अक्टूबर की सुबह तक ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों के पास बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में पहुंचने की प्रबल आशंका है। आईएमडी ने कहा कि इसके प्रभाव से ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में 23 से 25 अक्टूबर तक भारी वर्षा होने की आशंका है। मछुआरों को 21 अक्टूबर तक तट पर लौटने की सलाह दी गई है।










Leave A Comment