गोलीबारी की घटना में दो लोगों की मौत, एक घायल
यमुनानगर. हरियाणा के यमुनानगर स्थित एक गांव में बृहस्पतिवार को चार-पांच हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े अंधाधुंध गोलीबारी करके दो व्यक्तियों की हत्या कर दी जबकि इसमें एक अन्य घायल हो गया। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस ने बताया कि जैसे ही तीनों व्यक्ति लाखा सिंह खेड़ी स्थित जिम से बाहर निकलकर अपने वाहन में बैठने लगे तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर हथियार के साथ आए चार से पांच नकाबपोश हमलावरों ने उन पर गोलीबारी कर दी। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने खुद को शॉल से ढक रखा था और सिर पर टोपी पहन रखी थी। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से करीब 40 खाली खोखे बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, गोलीबारी की इस घटना में दो व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया और बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल इस हत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की इस घटना में सहारनपुर के एक गांव के पंकज मलिक (38) और यमुनानगर जिले के एक गांव के वरिंदर (32) की मृत्यु हो गई। पुलिस ने बताया कि इन दोनों का मित्र अर्जुन घायल हो गया और उसे एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि अर्जुन यमुनानगर का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि घटना की सीसीटीवी फुटेज में बदमाश ताबड़तोड़ गोलियां चलाते हुए देखे जा सकते हैं। पुलिस ने बताया कि अर्जुन बचने के प्रयास में पास की एक जगह पर भागा, लेकिन बदमाशों ने उसका पीछा किया और उसे गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की यह घटना घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई है।










Leave A Comment