ब्रेकिंग न्यूज़

भारत ने 2024 में रिकॉर्ड 18,900 अंग प्रत्यारोपण किये: नड्डा

 नयी दिल्ली.  केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने शनिवार को कहा कि भारत ने 2024 में 18,900 से अधिक अंग प्रत्यारोपण करने की उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर ली है, जो किसी एक वर्ष में अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। उन्होंने कहा कि यह 2013 में 5,000 से भी कम प्रत्यारोपण की तुलना में एक महत्वपूर्ण छलांग है। उन्होंने कहा कि अंग प्रत्यारोपण की कुल संख्या के मामले में भारत विश्व में तीसरे स्थान पर है, तथा केवल अमेरिका और चीन से पीछे है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भारत हाथ के प्रत्यारोपण में विश्व में अग्रणी है, जो हमारी अत्याधुनिक शल्य चिकित्सा क्षमताओं और हमारे चिकित्सा पेशेवरों के अटूट समर्पण को दर्शाता है। राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (एनओटीटीओ) द्वारा 15वें भारतीय अंगदान दिवस के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में नड्डा ने कहा कि प्रत्यारोपण की आवश्यकता वाले रोगियों और अंगदान करने वालों की संख्या के बीच काफी अंतर है। उन्होंने कहा, ‘‘अंग खराब होने के मामलों में चिंताजनक वृद्धि हो रही है, जिससे जन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा हो रहा है और स्वास्थ्य सेवा प्रणाली पर दबाव बढ़ रहा है। हर साल, हजारों लोग अंग प्रत्यारोपण का इंतजार करते हैं। तत्काल आवश्यकता के बावजूद, प्रत्यारोपण के लिए प्रतीक्षारत रोगियों की संख्या और उपलब्ध दाताओं की संख्या के बीच एक महत्वपूर्ण अंतर बना हुआ है।'' नड्डा ने कहा, ‘‘हमारे प्रत्यारोपण पेशेवरों के अटूट समर्पण के कारण भारत ने 2024 में 18,900 से अधिक अंग प्रत्यारोपण करने की उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है, जो किसी एक वर्ष में अब तक का सबसे अधिक रिकॉर्ड है। अंग प्रत्यारोपण की कुल संख्या के मामले में भारत विश्व में तीसरे स्थान पर है, जो केवल अमेरिका और चीन से पीछे है।'' उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अस्वास्थ्यकर जीवनशैली और खान-पान की आदतें अंग खराब होने के प्रमुख कारणों में से एक हैं, इसलिए निवारक उपाय और जीवनशैली में सुधार करना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए योग अपनाने का आग्रह किया। नड्डा ने कहा, ‘‘आयुर्वेद और योग हमारे अंगों को मजबूत बनाने और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मददगार हैं। हमें समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए योग को अपनाना चाहिए।'' उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने समय-समय पर सभी को बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में सक्रिय कदम उठाने के लिए प्रोत्साहित किया है।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english