वरिष्ठ पत्रकार मार्क टली का 90 साल की उम्र में निधन
नयी दिल्ली. वरिष्ठ पत्रकार और प्रसिद्ध लेखक मार्क टली का रविवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके एक करीबी दोस्त ने यह जानकारी दी। वह 90 वर्ष के थे। कई पुरस्कारों से सम्मानित मार्क टली कुछ समय से बीमार थे और पिछले एक सप्ताह से साकेत के मैक्स अस्पताल में भर्ती थे। अस्पताल के एक सूत्र ने बताया, ''टली को 21 जनवरी को साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था और आज उनका निधन हो गया। वह अस्पताल में नेफ्रोलॉजी विभाग के प्रमुख की निगरानी में थे।'' वरिष्ठ पत्रकार और टली के करीबी दोस्त सतीश जैकब ने बताया, ''मार्क का दोपहर में मैक्स अस्पताल, साकेत में निधन हो गया।'' उनका जन्म 24 अक्टूबर 1935 को कलकत्ता (अब कोलकाता) में हुआ था। टली 22 वर्षों तक 'बीबीसी' के नयी दिल्ली ब्यूरो के प्रमुख रहे। भारत पर उन्होंने कई किताबें लिखी थीं। प्रख्यात लेखक होने के साथ-साथ, टली बीबीसी रेडियो-4 के कार्यक्रम 'समथिंग अंडरस्टूड' के प्रस्तोता भी थे। वह भारत और ब्रिटिश राज से लेकर भारतीय रेलवे तक के विषयों पर बनी कई वृत्तचित्रों का हिस्सा थे।
टली को 2002 में 'नाइट' की उपाधि से सम्मानित किया गया और 2005 में भारत सरकार द्वारा पद्म भूषण से नवाजा गया। टली ने भारत पर कई किताबें लिखी हैं, जिनमें 'नो फुल स्टॉप्स इन इंडिया', 'इंडिया इन स्लो मोशन' और 'द हार्ट ऑफ इंडिया' शामिल हैं।


.jpg)




.jpg)


Leave A Comment