जम्मू-कश्मीर घूमने के लिए देशभर के पर्यटकों का उत्साह कम नहीं हुआ है : शाह
जम्मू. पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के कारण पर्यटन उद्योग को लगे झटके के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर आने के लिए देश भर से पर्यटकों का उत्साह कम नहीं हुआ है। शाह केंद्र शासित प्रदेश में विकास परियोजनाओं की प्रगति का आकलन करने के लिए जम्मू में एक समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ''देश भर से जम्मू-कश्मीर आने वाले पर्यटकों का उत्साह कम नहीं हुआ है। जम्मू-कश्मीर की पर्यटन संभावनाओं को उजागर करने के लिए अन्य राज्यों में इसके पर्यटन स्थलों का जोर शोर से प्रचार करने की आवश्यकता है।'' शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर में नए पर्यटन स्थल विकसित करने की योजना में हर संभव सहायता प्रदान करेगी। लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े पाकिस्तानी आतंकवादियों ने पिछले साल 22 अप्रैल को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों को निशाना बनाया, जिसमें 26 लोग मारे गए। इस घटना से जम्मू-कश्मीर में पर्यटन उद्योग को गंभीर झटका लगा।










Leave A Comment