पश्चिम एशिया संकट: भारतीय विमानन कंपनियों ने रविवार को 350 उड़ानें रद्द कीं
नयी दिल्ली/मुंबई। भारतीय विमानन कंपनियों ने पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण उत्पन्न परिचालन बाधाओं के चलते रविवार को 350 अंतरराष्ट्रीय उड़ान रद्द कर दीं। पश्चिम एशिया में कई देशों के हवाई क्षेत्र बंद होने और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण एअर इंडिया तथा इंडिगो ने भी इन हवाई क्षेत्रों में उड़ान रद्द कर दीं। नागर विमानन मंत्रालय ने रविवार को अपराह्न चार बजकर 34 मिनट पर 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक घटनाक्रम के कारण लागू वायु क्षेत्र प्रतिबंधों को देखते हुए एक मार्च को भारतीय घरेलू विमानन कंपनियों द्वारा संचालित कुल 350 उड़ान रद्द की गई हैं।" रविवार तड़के 1 बजकर 25 मिनट पर मंत्रालय ने एक अन्य पोस्ट में बताया था कि ईरान और पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों के ऊपर हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण 444 अंतरराष्ट्रीय उड़ान रद्द होने की आशंका है। मंत्रालय ने शनिवार को कहा था कि घरेलू विमानन कंपनियों की 410 उड़ान रद्द की गई हैं।
स्पाइसजेट ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात के लिए आने-जाने वाली उसकी 33 उड़ान रद्द की गई हैं।
एअर इंडिया एक्सप्रेस ने बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन दो मार्च को रात 11 बजकर 59 मिनट (भारतीय समयानुसार) तक बढ़ा दिया है। इंडिगो ने भी पश्चिम एशिया के हवाई क्षेत्र से गुजरने वाली चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के अस्थायी निलंबन को दो मार्च रात 11 बजकर 59 मिनट तक बढ़ाने की घोषणा की है। इस बीच, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि वह एयरलाइनों, हवाईअड्डा संचालकों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है ताकि स्थिति पर निकटता से नजर रखी जा सके और यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। विमानन कंपनियों ने उड़ानों के पुनर्निर्धारण और रद्द होने पर शुल्क में छूट की भी घोषणा की है।
एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा कि 28 फरवरी तक की गई पांच मार्च तक निर्धारित उड़ानों की बुकिंग के लिए यात्री बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी उड़ान पुनर्निर्धारित कर सकते हैं या पूर्ण धन वापसी का अनुरोध कर सकते हैं। यह सुविधा पश्चिम एशिया से आने-जाने वाली यात्राओं पर लागू होगी। रविवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (दिल्ली) और छत्रपति शिवाजी महाराज हवाईअड्डे (मुंबई) पर कम से कम 225 उड़ानें (आगमन और प्रस्थान सहित) रद्द की गईं।

.jpg)




.jpg)


Leave A Comment