यमुना एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस और वैन की टक्कर में तीन महिलाओं समेत छह लोगों की मौत
हाथरस (उप्र) . हाथरस जिले में मंगलवार तड़के यमुना एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर स्लीपर बस ने एक वैन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे तीन महिलाओं सहित छह लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हादसा तड़के चार बजकर 20 मिनट पर सादाबाद थाना क्षेत्र के हरिया गढ़ी गांव के पास हुआ। उसने बताया कि वैन में सवार 13 लोग दिल्ली के प्रेम नगर से राजस्थान के धौलपुर जा रहे थे तभी नोएडा से गोरखपुर जा रही स्लीपर बस ने वैन को पीछे से टक्कर मार दी। वैन में सवार सभी लोग दिल्ली के निवासी थे और अलग-अलग परिवार से थे।
अधिकारियों ने बताया कि हादसे में वैन में सवार तीन महिलाओं और तीन पुरुषों की मौत हो गई। तीन बच्चों, दो पुरुषों और एक महिला सहित छह अन्य को गंभीर चोटें आईं। उन्होंने बताया कि वैन चालक सुरक्षित है।
अधिकारियों ने बताया कि घायल बच्चों को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनमें से दो की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक राम आनंद कुशवाह, सादाबाद के क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।



.jpg)
.jpg)
.jpg)



Leave A Comment