ब्रेकिंग न्यूज़

केंद्र सरकार ने केंद्रीय सतर्कता आयुक्त पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए

नयी दिल्ली. केंद्र सरकार ने भ्रष्टाचार-निरोधी निकाय सीवीसी (केंद्रीय सतर्कता आयोग) में केंद्रीय सतर्कता आयुक्त के पद पर नियुक्ति के लिए योग्य उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी एक आदेश के मुताबिक, "मौजूदा पदाधिकारी का कार्यकाल पूरा होने पर तीन अगस्त 2026 से केंद्रीय सतर्कता आयोग में होने वाली रिक्ति को भरने के लिए केंद्रीय सतर्कता आयुक्त की नियुक्ति का प्रस्ताव है।" भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 1988 बैच के असम-मेघालय कैडर के सेवानिवृत्त अधिकारी प्रवीण कुमार श्रीवास्तव वर्तमान में केंद्रीय सतर्कता आयुक्त के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। मंत्रालय ने पात्रता मानदंडों का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्रीय सतर्कता आयुक्त की नियुक्ति उन व्यक्तियों में से की जाएगी, जो अखिल भारतीय सेवा में रहे हों या वर्तमान में सेवारत हों या संघ की किसी भी सिविल सेवा में हों या संघ के अधीन किसी सिविल पद पर कार्यरत हों और जिन्हें सतर्कता, नीति निर्माण, प्रशासन और पुलिस प्रशासन से जुड़े मामलों का ज्ञान और अनुभव हो। मंत्रालय ने कहा कि जो लोग किसी केंद्रीय अधिनियम के जरिये या उसके तहत स्थापित निगम या केंद्र सरकार के स्वामित्व या नियंत्रण वाली सरकारी कंपनी में पद धारण कर चुके हैं या वर्तमान में सेवारत हैं, तथा जिन लोगों के पास वित्त (बीमा, बैंकिंग सहित), कानून, सतर्कता और जांच में विशेषज्ञता एवं अनुभव है, वे भी इस पद के लिए पात्र हैं। आठ अप्रैल को जारी आदेश में मंत्रालय ने कहा, "सभी आवेदकों में उत्कृष्ट योग्यता और सत्यनिष्ठा होनी चाहिए तथा उन्हें संबंधित क्षेत्र का ज्ञान और कम से कम 25 वर्षों का अनुभव होना चाहिए।" आदेश के अनुसार, केंद्रीय सतर्कता आयुक्त का कार्यकाल उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से या 65 साल की आयु प्राप्त करने की तिथि से (जो भी पहले हो) चार वर्ष के लिए होगा। इसमें कहा गया है कि नियुक्ति के लिए निर्धारित मानदंडों को पूरा करने वाले व्यक्ति अपने आवेदन 18 मई 2026 तक कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, कर्तव्य भवन-3, नयी दिल्ली को भेज सकते हैं। आदेश में कहा गया है, "निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।"

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english