आप में बड़ा राजनीतिक भूचाल, राघव चड्ढा समेत कई सांसद भाजपा में शामिल, नितिन नबीन ने किया स्वागत
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) से इस्तीफे के बाद राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। शुक्रवार को वह भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से हुई। इस दौरान अशोक मित्तल और संदीप पाठक भी उनके साथ मौजूद रहे। नितिन नबीन ने मिठाई खिलाकर सभी नेताओं का स्वागत किया।
राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि राज्यसभा में आप के दो-तिहाई से अधिक सांसदों ने संवैधानिक प्रावधानों के तहत भाजपा में विलय कर लिया है। उन्होंने बताया कि सात सांसदों ने संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर उन्हें राज्यसभा के सभापति को सौंप दिया है।
इस घटनाक्रम पर आम आदमी पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने इसे भाजपा का ‘ऑपरेशन लोटस’ करार देते हुए आरोप लगाया कि ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों के दबाव में नेताओं को तोड़ा गया है।
आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि ‘ऑपरेशन लोटस’ के जरिए भाजपा पंजाब की भगवंत मान सरकार को अस्थिर करना चाहती है। उन्होंने इसे पंजाब और वहां की जनता के साथ धोखा बताया और कहा कि लोग इसे कभी नहीं भूलेंगे।
राघव चड्ढा ने कहा कि राज्यसभा में आप के कुल 10 सांसद हैं और उनमें से दो-तिहाई से अधिक इस पहल के साथ हैं। उन्होंने कहा कि सभी जरूरी दस्तावेज, जिनमें हस्ताक्षरित पत्र और अन्य औपचारिक कागजात शामिल हैं, सभापति को सौंप दिए गए हैं और जल्द ही पूरी सूची सार्वजनिक की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया में हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, राजेंद्र गुप्ता और विक्रम साहनी जैसे अन्य नेता भी शामिल हैं।









.jpg)
Leave A Comment