प्रधानमंत्री संग्रहालय ने महात्मा गांधी के संवाद करने वाले 'एआई अवतार' को पेश किया
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय में आने वाले आगंतुक अब कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से लैस महात्मा गांधी के '3डी अवतार' के साथ संवाद कर सकते हैं। संग्रहालय ने बुधवार को एआई-संचालित प्रदर्शनी की शुरूआत की, जो अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी के माध्यम से बापू की भावना को जीवंत करती है। 'पीटीआई' ने 26 अप्रैल को सबसे पहले यह खबर जारी की थी कि संग्रहालय ने मई के अंत में एआई-संचालित प्रदर्शनी शुरू करने की योजना बनाई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बेहतर संवाद और आगंतुकों की संतुष्टि के लिए संग्रहालय ने प्रौद्योगिकी का उपयोग बढ़ाया है। उन्होंने कहा, ''संग्रहालय ने आज अपना तीसरा एआई-संचालित संवादात्मक 'होलोबॉक्स' पेश किया है। इससे संग्रहालय के आगंतुक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के साथ वास्तविक जीवन जैसk संवाद कर सकेंगे।'' पूर्व में, संग्रहालय में सरदार वल्लभभाई पटेल (सितंबर 2025) और पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के एआई-संचालित 'होलोबॉक्स इंस्टॉलेशन' को पेश किया गया था। अधिकारी ने बताया कि संग्रहालय जल्द ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का भी इसी तरह का इंस्टॉलेशन पेश करने की योजना बना रहा है। हालांकि, अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार, इसे जून के अंत तक पेश किया जा सकता है। प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय (पीएमएमएल) के निदेशक अश्विनी लोहानी ने महात्मा गांधी को दर्शाने वाले एआई-संचालित संवादात्मक 'होलोबॉक्स' की शुरूआत की पूर्व संध्या पर कहा था कि इस तरह की पहल, भारत की राजनीतिक और लोकतांत्रिक विरासत को समग्र रूप से प्रस्तुत करने के लिए प्रधानमंत्री संग्रहालय की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

.jpg)
.jpg)







Leave A Comment