मिनी बस-ट्रॉले की भिड़ंत, 5 की मौत, टक्कर इतनी भीषण थी कि एक का सिर अलग होकर 100 फीट दूर गिरा
4 परिवार दिल्ली से जैसलमेर घूमने जा रहे थे
जोधपुर। जोधपुर के बाप थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन पुरुष, तीन महिलाएं और छह बच्चे घायल हो गए। दिल्ली के पर्यटकों की मिनी बस जैसलमेर से जाते समय गाडना गांव के पास ट्रोले से जा भिड़ी। सभी घायलों को बाप के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि जैसलमेर-बीकानेर हाईवे पर सुबह सात बजे एक मिनी बस और ट्रॉले में टक्कर हो गई। दोनों वाहनों की स्पीड तेज थी। ट्रॉले से टक्कर साइड से हुई। इसमें मिनी बस के परखच्चे उड़ गए। बस की पूरी बॉडी उखड़ गई। बस की छत और जिस तरफ से टकराया उस तरफ की चादर ट्रॉले में फंसकर उखड़ गई। बस में दिल्ली के रहने वाले 4 परिवारों के लोग थे, जो कि जैसलमेर जा रहे थे। हादसे के बाद बस सवार सभी लोग अंदर फंस गए। मौके पर वीभत्स हालात के बीच क्षेत्र के लोगों ने राहत कार्य शुरू कर पुलिस को सूचना दी।
दो महिलाओं और तीन पुरुष मिनी बस के अंदर बुरी तरह से फंस गए। उनकी वहीं पर मौत हो गई। उनके शव क्षत-विक्षत हो गए। हादसे में एक व्यक्ति का सिर धड़ से अलग होकर करीब 100 फीट दूर जा गिरा। अन्य लोग भी बस में बुरी तरह फंस गए। छह बच्चे, तीन पुरुष व तीन महिलाओं को पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बड़ी मुश्किल से बाहर निकला और अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि हादसे में मिनी बस का ड्राइवर फारूक और बस में सवार विकास रोहिला, जेवेद्र चौधरी, पूजा पंचाल और रिऋा जैन की मौत हो गई। जबकि 12 लोग घायल हैं, जिनमें सर्वात्तम पंचाल, आरनव पंचाल (13), अभिनव पंचाल (8), रिऋा रोहिला, विहान रोहिला, अंकुल चौधरी, आरव चौधरी (8), संदीप कुमार, कामना शिवेन, विवान, पुलकित जैन हैं। इन्हें बीकानेर रैफर किया गया है।
Leave A Comment