भारत रिकॉर्ड समय में तीन करोड़ कोविड के टीके लगाने की एक और उपलब्धि हासिल करने के करीब पहुंचा
नई दिल्ली। भारत रिकॉर्ड समय में कोविड-19 वैक्सीन के तीन करोड़ टीकाकरण की महत्वपूर्ण उपलब्धि के करीब पहुंच गया है। कल 15 लाख 19 हजार लोगों को कोविड का टीका लगाया गया। इन्हें मिलाकर अब तक दो करोड 97 लाख टीके लगाए जा चुके हैं।
अल्पाधि में यह उपलब्धि हासिल करने वाले देशों में से भारत एक है। इस वर्ष 16 जनवरी से देश में स्वास्थ्य कर्मियों और दो फरवरी से अग्रिम पंक्ति के कर्मियों का टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था। पहली मार्च से साठ वर्ष से अधिक आयु के लोगों और गंभीर बीमारी से पीडित 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को कोविड से बचाव के टीके लगाए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि मात्र 13 दिनों में 78 लाख से ज्यादा वरिष्ठ नागरिकों और 45 वर्ष से ऊपर गंभीर बिमारियों से पीडि़त करीब 13 लाख 86 हजार लोगों ने कोविड-19 का पहला टीका लगवाया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि देश में इस समय कोविड से स्वस्थ होने की दर 96 दशमलव सात-पांच प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में कोविड के 16 हजार 637 मरीज स्वस्थ हुए हैं और 25 हजार 320 नए मामलें सामने आए हैं। अब तक एक करोड नौ लाख 89 हजार मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में देश में कोविड के उपचाराधीन मरीजों की संख्या करीब दो लाख दस हजार है जो अब तक कुल संक्रमित हुए लोगों का एक दशमलव आठ-पांच प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण से एक सौ 58 लोगों की मृत्यु हुई है। इस महामारी से अब तक कुल मिलाकर एक लाख 58 हजार 604 मरीजों की मौत हो चुकी है।

.jpg)




.jpg)


.jpg)
Leave A Comment