वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार केसवानी का निधन, कोरोना का चल रहा था इलाज
भोपाल। देश के जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार केसवानी का शुक्रवार को भोपाल में निधन हो गया। कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें भोपाल के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहीं उन्होंने अंतिम सांस ली। अप्रैल के पहले हफ्ते में उन्हें कोरोना हुआ था। हालांकि 21 अप्रैल को उनकी कोरोना निगेटिव आ गई थी। पिछले 10-12 दिन से वो वेंटिलेटर पर थे।
राजकुमार केसवानी भोपाल गैस त्रासदी को दुनिया के सामने लाने वाले पहले पत्रकार थे और इसी गैस कांड की रिपोर्टिंग ने उन्हें दुनियाभर में मशहूर किया। न्यूयॉर्क टाइम्स के लिए भी उन्होंने गैस त्रासदी की इंवेस्टिगेटिव सिरीज की थी। वे दैनिक भास्कर में लगातार कई दशकों से मशहूर कॉलम 'आपस की बातÓ लिख रहे थे। वे 2003 में दैनिक भास्कर इंदौर के रेसिडेंट एडिटर बने थे और उसके बाद 2004 से 2010 तक भास्कर की मैगजीन रसरंग के संपादक भी रहे। वे 50 साल की पत्रकारिता में वे विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं से जुड़े रहे।
सीएम भूपेश बघेल, सीएम शिवराज सिंह चौहान ने जताया शोक
राजकुमार केसवानी के निधन पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया- पत्रकार, लेखक, कवि, फि़ल्मी इतिहास व गीत संगीत के जानकार और न जाने क्या क्या एक साथ थे राजकुमार केसवानी। उनका निधन एक प्रतिभावान और ज़िंदादिल इनसान का चले जाना है। ईश्वर उनके परिवार को शक्ति दे। ओम शांति।
वहीं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने ट्वीट में लिखा-समाज व जनहित से जुड़े मामलों पर बेबाकी से कलम चलाने वाले पत्रकार श्री राजकुमार केसवानी जी को हमने आज खो दिया। उन्हें भोपाल त्रासदी में सुरक्षा चूक की ओर हादसे से पूर्व ध्यान आकर्षित करने के लिए जाना जाता है। पत्रकारिता जगत के लिए यह अपूरणीय क्षति है। विनम्र श्रद्धांजलि!
---
Leave A Comment