सिद्धि विनायक मंदिर में 35 किलो सोना किया दान!
मुंबई। महाराष्ट्र में भक्ति और आस्था का एक अद्भुत उदाहरण देखने को मिला है। मुंबई में स्थित लोकप्रिय सिद्धिविनायक मंदिर में एक श्रद्धालु ने 35 किलो सोना दान में दिया है। जिसकी बाजार में कीमत लगभग 14 करोड़ रुपए है। जानकारी के अनुसार मंदिर को यह दान पिछले हफ्ते मिला है। सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष आदेश बांदेकर ने 35 किलो सोना दान में मिलने की खबर की पुष्टि की लेकिन उन्होंने दान करने वाले श्रद्धालु की पहचान बताने से मना कर दिया। उनका कहना है कि दान में मिले सोने का इस्तेमाल मंदिर के दरवाजे और छत बनाने में किया जाएगा। सोने की परत चढ़ाने का कार्य जनवरी 15 से 19 के बीच पूरा हो गया है। जब मंदिर को वार्षिक निर्धारित कार्यक्रम के लिए बंद किया गया था। इस दौरान मूर्ति को केसरिया रंग में रंगा गया और प्राण प्रतिष्ठा की गई। 2017 तक मंदिर को 320 करोड़ रुपये का दान मिला था। जिसका उपयोग सामाजिक कार्यों में किया गया था। यह दान राशि अब बढ़कर 410 करोड़ रुपए हो गई है। बांदेकर ने कहा, इस फंड के जरिए हम ऐसे लोगों की मदद करना जारी रखेंगे जो मंदिर का दरवाजा खटखटाते हैं। हमने अब तक 20,000 लोगों की मदद की है जिन्हें 25,000 रुपए तक की मदद मिली है। इसपर हम अब तक 38 करोड़ रुपए खर्च कर चुके हैं।
Leave A Comment