उत्तर भारत शीत लहर की चपेट में
नई दिल्ली। कश्मीर में श्रीनगर सहित कुछ इलाकों में कल रात फिर हिमपात हुआ। गुलमर्ग और पहलगाम सहित कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों और कुछ मैदानी इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने घाटी में अगले दो दिनों तक शुष्क ठंड बने रहने की संभावना व्यक्त की है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली आज घने कोहरे और शीतलहर की चपेट में है। मौसम विभाग के अनुसार आज सुबह का न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान बीस डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। घने कोहरे के कारण कई रेल गाडिय़ां देर से चल रही है।
वायु गुणवत्ता और मौसम भविष्यवाणी और अनुसंधान प्रणाली (सफर) संस्था के अनुसार दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बहुत खराब बना हुआ है। अनुमान है कि कल दिल्ली में तेज हवाएं चलने से प्रदूषण का स्तर कम होगा और लोगों को राहत मिलेगी।
उधर पंजाब और हरियाणा के अधिकतर इलाकों में तेज ठंड के कारण आज तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हरियाणा के कुछ इलाकों रोहतक, भिवाड़ी, फरीदाबाद, गुरूग्राम, अंबाला, हिसार, करनाल और नारनौल में आज सवेरे बहुत अधिक कोहरा था।
हिसार का तापमान सबसे कम चार दशमलव चार डिग्री रिकार्ड किया गया जबकि सिरसा में कल रात पांच डिग्री तापमान रहा। चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान छह दशमलव आठ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पंजाब के अमृतसर, आदमपुर, हलवाड़ा, बठिंडा, लुधियाना और पटियाला भी ठंड की चपेट में हैं।
Leave A Comment