निर्माणाधीन बिल्डिंग पर काम कर रहे थे, अचानक बल्लियां टूट गई और नीचे आ गिरे, दो मजदूरों की मौत
रोहतक। हरियाणा के रोहतक शहर में शनिवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। शहर के छोटूराम चौक के नजदीक निर्माणाधीन बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर काम कर रहे दो मजदूर नीचे गिर गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।बताया जा रहा है कि बिल्डिंग पर काम करने के लिए बल्लियां बांधी गई थीं, जो अचानक टूट गईं। इस वजह से हादसा हो गया।
आर्य नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लिया। इसके अलावा दोनों मृतकों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई। पुलिस ने बताया कि छोटूराम चौक के नजदीक एक बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है। शनिवार सुबह चार मजदूर वहां पर काम करने के लिए पहुंचे थे। दो मजदूर तीसरी मंजिल पर बल्लियां बांधकर काम कर रहे थे। इसी बीच बल्लियां टूट गईं। इससे पहले कि दोनों मजदूर खुद को संभाल पाते, वह भी तीसरी मंजिल से बल्लियों और ईंटों के साथ नीचे आ गिरे। नीचे गिरने के बाद उनके ऊपर ईंट भी गिर गईं। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ इकठ्टा हुई, जो उन्हें उपचार के लिए लेकर जाने लगे, लेकिन दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। साथी मजदूरों ने बताया कि मरने वालों के नाम उत्तम और गौतम हैं, जो मूलरूप से बिहार के रहने वाले हैं। एक मृतक बिहार के भागलपुर का रहने वाला था, तो दूसरा बिहार में ही लक्की सराय का रहने वाला था।
बताया जा रहा है कि दो-तीन दिन पहले ही वह काम पर आए थे। हादसे की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही आर्य नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के बारे में जानकारी जुटाई। परिवार के सदस्यों के आने के बाद ही शवों को पोस्टमार्टम होगा। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह अशोका चौक के पास भी बिजली कर्मचारी तीसरी मंजिल से गिर गया था, जो छत पर कुछ काम कर रहा था। लोहे की ग्रिल टूटने की वजह से वह नीचे गिर गया था और उसकी मौत हो गई थी।



.jpg)




.jpg)

Leave A Comment