अवैध संबंध के शक में पत्नी की लोहे की रॉड से वार कर की हत्या...! दबोचा गया आरोपी पति
दारागंज। संगम नगरी के दारागंज में अवैध संबंध के शक में कच्ची सड़क निवासी आरोपी बलश्याम यादव ने अपनी पत्नी रश्मि यादव को मौत के घाट उतार दिया। घटना शनिवार की भोर की है। एसओ दारागंज धर्मेंद्र दुबे ने बताया कि आपस में पहले दोनों में बहस हुई और तैश में आकर आरोपी बलश्याम यादव ने आटे की चक्की में रखे लोहे की राड से ताबड़तोड़ कई वारकर रश्मि यादव को ढेर कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
एसओ दारागंज धर्मेंद्र दुबे ने बताया कि दारागंज की त्रिलोही कोठी के सामने ललई यादव का मकान है। ललई यादव का बेटा आरोपी बलश्याम यादव अपनी पत्नी रश्मि यादव और दो बेटियों और एक बेटे के साथ उसी मकान में रहता है। मकान में ग्राउंड फ्लोर पर आधा दर्जन दुकानें किराए पर हैं। खुद की चक्की भी है, जिसे बलश्याम यादव ही देखता था। उसके ऊपर 9 कमरों का लॉज है। लॉज में प्रतियोगी छात्र रहकर तैयारी करते हैं। दूसरी मंजिल पर बलश्याम यादव अपने परिवार के साथ रहता है। शनिवार की भोर जिस समय घटना हुई उस समय छात्र अपने अपने कमरों में थे। चक्की की दुकान में आरोपी बलश्याम यादव और रश्मि यादव के बीच किसी बात को लेकर बहस हो रही थी। पुलिस के अनुसार आस-पास के लोगों ने बताया कि आरोपी बलश्याम अपनी पत्नी पर शक करता था। इसको लेकर अक्सर दोनों के बीच लड़ाई होती थी। परिवार में कलह होने के कारण किसी ने ध्यान नहीं दिया। थोड़ी देर में बहस मारपीट में बदल गई। पत्नी के ऊपर आरोपी बलश्याम चिल्ला रहा था। पत्नी भी उसे चैलेंज कर रही थी। इतने में तैश में आकर बलश्याम ने चक्की में रखे लोहे के रॉड से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। वह वहीं लहूलुहान होकर गिर गई। इतने में घर के लोग नीचे भागे। शोर-गुल सुनकर आसपास के लोग भी आ गए। पुलिस को सूचना दी गई। इतने में रश्मि की जान जा चुकी थी।
एसओ दारागंज धर्मेंद्र दुबे ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या के कारणों की जांच चल रही है।
Leave A Comment