ये है दुनिया की सबसे सुंदर बत्तख
असम की मागूरी झील में मंदारिन डक नामक एक बत्तख को करीब 120 साल बाद देखा गया है। विश्व का सबसे सुंदर बत्तख कहे जाने वाले मंदारिन डक की तलाश सबसे पहले स्वीडन के जीव विज्ञानी कार्ल लीनेयस ने 1758 में की थी।
यह बत्तख चीन, जापान, कोरिया और रूस के कुछ हिस्सों में भी पाया जाती है। फिलहाल विशेषज्ञ पता लगा रहे हैं कि यह पक्षी इतने लंबे अंतराल के बाद कैसे और क्यों असम तक पहुंचा है। असम ही नहीं बल्कि मुंबई, कोलकाता, दिल्ली और पुणे जैसे दूरदराज के इलाकों से भी पक्षी प्रेमी इस बत्तख को देखने के लिए बीते एक सप्ताह के दौरान तिनसुकिया जिले का दौरा कर चुके हैं। इलाके में सर्वेक्षण करने वाली वाइल्ड लाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया की एक टीम भी इस बत्तख को देख चुकी है।
ऊपरी असम के तिनसुकिया जिले में स्थित डिब्रू-साईखोवा नेशनल पार्क के भीतर मागुरी झील में बीते एक सप्ताह से इस दुर्लभ व सुंदर बत्तख को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है। स्थानीय लोगों ने इसे जीवन में पहली बार देखा है। यह बत्तख पूर्वी एशिया में पाई जाती है। 18वीं सदी में इनको इंग्लैंड भी ले जाया गया था। पहले चीन बड़े पैमाने पर इस पक्षी का निर्यात करता था, लेकिन 1975 में इसके निर्यात पर पाबंदी लगा दी गई थी. वैसे, 1918 में इन बत्तखों को न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क में भी देखा जा चुका है। उस समय स्थानीय लोगों और पक्षी प्रेमियों को काफी हैरत हुई थी। हालांकि दुर्लभ होने के बावजूद इसको विलुप्तप्राय प्रजाति का जीव नहीं माना जाता।
Leave A Comment