- Home
- देश
-
नई दिल्ली। विशेषज्ञों का दावा है कि वायु प्रदूषण के स्तर में 20 प्रतिशत की कमी से स्कूल जाने वाले बच्चों की शिक्षा में वृद्धि हो सकती है और उन्हें लगभग एक महीने तक आगे देखा जा सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार अगर बाहर वातावरण में प्रदूषण कम होता है, तो बच्चों के याददाश्त में बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
इंग्लैंड की मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी के अनुसार वाहनों से होने वाले प्रदूषण खासकर नाइट्रोजन डाइऑक्साइड के पांचवें भाग में कटौती करना जरूरी है। ऐसा करने से स्कूली छात्रों की याददाश्त में 6.1 फीसदी की वृद्धि हो सकती है। यह रिसर्च नाइट्रोजन डाइऑक्साइड के बारे में है, जो मुख्य रूप से इंडस्ट्री या गाडिय़ों के धुएं से उत्पन्न होती है।
मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी के पर्यावरण स्वास्थ्य विशेषज्ञ मार्टी वैन ने कहा कि इस बात के पर्याप्त सबूत हैं कि प्रदूषण से बच्चे के ज्ञान का विकास प्रभावित होता है। इससे उनकी शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव भी पड़ता है। इस चुनौती से तत्काल निपटने के लिए सरकार को नीति निर्धारित करनी चाहिए। प्रदूषण से बच्चे का दिमागी विकास प्रभावित हो सकता है। हालांकि शोधकर्ताओं ने विशेष रूप से ब्रिटिश बच्चों की क्षमताओं का परीक्षण नहीं किया है लेकिन यह स्पेन में बच्चों पर हुई स्टडी पर आधारित है जहां स्कूल के बाहर बच्चे उच्च स्तर के प्रदूषकों के सम्पर्क में आ रहे थे।
स्पेनिश स्टडी के सबूतों से ज्ञात हुआ कि प्रदूषण लेवल में 20 फीसदी की कमी से बच्चों की याददाश्त चार सप्ताह तेज हो सकती है। वायु प्रदूषण चिंता का कारण बन गया है क्योंकि अधिक से अधिक शोध साबित करते हैं कि यह सांस संबंधी बीमारियों का कारण है। इससे ज्ञान में कमी, आईक्यू लेवल में कमी या बर्ताव में बदलाव नजर आ सकता है। गर्भावस्था के दौरान वायु प्रदूषण से गर्भवती महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे के विकास पर गहरा प्रभाव डाल सकते हैं। यह एक गंभीर समस्या बनती जा रही है जिस पर सोचने की जरूरत है। - नई दिल्ली। भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 73 हजार 272 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 69 लाख 79 हजार 423 हो गए जबकि 926 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1लाख 7 हजार 416 हो गई।अब तक 59 लाख 88 हजार 822 लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं और संक्रमण के बाद स्वस्थ हुए लोगों की दर बढ़कर 85.81 प्रतिशत हो गई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में 926 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1 लाख 7 हजार 416 हो गई है। देश में लगातार दूसरे दिन कोरोना वायरस से संक्रमित उपचाराधीन मरीजों की संख्या नौ लाख से कम रही। आंकड़ों के अनुसार, देश में 8 लाख 83 हजार 185 लोग उपचाराधीन हैं, जो कुल मामलों का 12.65 प्रतिशत है।देश में कोविड-19 से मृत्यु दर 1.54 प्रतिशत है। भारत में कोविड-19 के मामले सात अगस्त को 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितम्बर को 40 लाख, 16 सितम्बर को 50 लाख और 28 सितम्बर को 60 लाख के पार चले गए थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, देश में नौ अक्टूबर तक कोविड-19 के 8,57,98,698 नमूनों की जांच की गई है, जिनमें से 11 लाख 64 हजार 18 नमूनों की जांच शुक्रवार को की गई।पिछले 24 घंटे में जिन 926 लोगों की मौत हुई है, उनमें से महाराष्ट्र में 302, कर्नाटक में 114, तमिलनाडु में 68, पश्चिम बंगाल में 62, उत्तर प्रदेश में 48, दिल्ली में 39, छत्तीसगढ़ में 38, पंजाब में 32 और आंध्र प्रदेश में 31 लोगों की मौत हुई।अब तक, कुल 1 लाख 7 हजार 416 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र में 39 हजार 732, तमिलनाडु में 10 हजार 120, कर्नाटक में 9 हजार 789, उत्तर प्रदेश में 6 हजार 293, आंध्र प्रदेश में 6 हजार 159, दिल्ली में 5 हजार 692, पश्चिम बंगाल में 5 हजार 501, पंजाब में 3 हजार 773 और गुजरात में 3 हजार 547 लोगों की मौत हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि संक्रमण से मरने वालों में से 70 प्रतिशत से अधिक मरीज दूसरी बीमारियों से भी पीडि़त थे। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर कहा, हमारे आंकड़ों का मिलान आईसीएमआर से किया जा रहा है।Ó
- नई दिल्ली। देश में सभी राज्यों में इस वर्ष धान की खरीद में 48 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। कृषि मंत्रालय ने बताया कि पिछले वर्ष 17 लाख 70 हजार टन धान की खरीद हुई थी जबकि इस वर्ष 26 लाख टन से अधिक धान की खरीद हो चुकी है।मंत्रालय के अनुसार जारी खरीफ मौसम में पंजाब में धान की अभूतपूर्व खरीद हुई है। पिछले वर्ष राज्य में एक लाख 76 हजार टन धान खरीदा गया था जबकि इस साल यह खरीद लगभग 16 लाख टन है जो पिछले वर्ष की तुलना में 9 सौ प्रतिशत से अधिक है। कृषि मंत्रालय ने बताया कि तमिलनाडु में पिछले वर्ष के 320 टन की तुलना में इस वर्ष 517 टन धान की खरीद हो चुकी है। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश में 2020-21 के खरीफ मौसम में 423 टन धान की खरीद हो चुकी है जबकि पिछले वर्ष 8 अक्टूबर को यह केवल 92 टन थी। मंत्रालय ने बताया है कि इन दोनों राज्यों में धान की खरीद में जबरदस्त वृद्धि हुई है।
-
पुणे। त्रिपुरा-कैडर के एक 35 वर्षीय आईएएस अधिकारी सुधाकर शिंदे की शुक्रवार को कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। पुणे के रूबी अस्पताल के डॉ. संजय पठारे ने कहा कि यहां भर्ती किए जाने से पहले उनकी मौत हो चुकी थी। वे कोरोना पॉजिटिव थे। डॉ. पठारे के बताया कि सेंट्रल महाराष्ट्र के औरंगाबाद के एक अस्पताल में इलाज करा रहे आईएएस अधिकारी को पुणे स्थानांतरित कर दिया गया था। यहां शुक्रवार दोपहर को रूबी हॉल क्लीनिक पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। 2015 बैच के आईएएस अधिकारी महाराष्ट्र से थे। हाल ही में अपने घर परभनी जिले में लौटे थे। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने ट्विटर के जरिए अधिकारी की मौत पर शोक व्यक्त किया।

- बलरामपुर (उप्र)। बलरामपुर जिले के हरैया थाना क्षेत्र के उदयपुर मझगांवा गांव में शुक्रवार को मुंडन समारोह के दौरान एक हाई टेंशन तार की चपेट में आने से 14 बच्चे झुलस गए।घायलों में से तीन को गंभीर स्थिति में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि घटना तब हुई जब सभी बच्चे अर्जुन वर्मा के घर में एकत्र हुए थे जहां मुंडन समारोह आयोजित किया गया था। इस दौरान, वर्मा के आवास पर हाई टेंशन तार टूटकर जमीन पर गिर गया और करंट उतर आया।करंट उतरने से 14 बच्चे झुलस गये जिन्हें शिवपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर सूरज (12), शोभाराम (14) और अमरजीत (12) को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी के करुणेश समेत आला अधिकारी अस्पताल पहुंचे और बच्चों की देखभाल एवं इलाज की उचित व्यवस्था के निर्देश दिए। (प्रतिकात्मक फोटो)
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ग्रामीण भारत में आमूल परिवर्तन लाने और करोड़ों भारतीयों को अधिकार संपन्न बनाने के लिए रविवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये प्रोपर्टी कार्ड वितरित करने की स्वामित्व योजना का शुभारंभ करेंगे। इस वर्ष अप्रैल में शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य गांवों के संपत्ति धारकों को उनके मालिकाना हक के रिकॉर्ड के रूप में संपत्ति कार्ड उपलब्ध कराना है। देशभर में चार साल में चरणबद्ध तरीके से इसे लागू किया जा रहा है और करीब छह लाख 62 हजार गांवों को इसके दायरे में लाया जायेगा।स्वामित्व योजना पर अमल से करीब एक लाख संपत्ति धारक अपने मोबाइल पर प्राप्त हुए एस.एम.एस. लिंक के जरिये संपत्ति कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसके बाद संबंधित राज्य सरकारें भी छपा हुआ संपत्ति कार्ड लोगों को वितरित करेंगीं। इस योजना के इस चरण के लाभार्थी देश के छह राज्यों के 763 गांवों से हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के 346, हरियाणा के 221, महाराष्ट्र के एक सौ, मध्य प्रदेश के 44, उत्तराखंड के 50 और कर्नाटक के दो गांव शामिल हैं। संपत्ति कार्ड मिल जाने पर ये लोग इनका उपयोग वित्?तीय संपत्ति के रूप में ऋण लेने और अन्य आर्थिक फायदे उठाने के लिए कर सकेंगे। देश में पहली बार गांवों के लाखों संपत्ति धारकों को टेक्नॉलोजी के माध्यम से इस तरह की सुविधा इतने बड़े पैमाने पर उपलब्ध कराई जा रही है। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के दौरान कुछ लाभार्थियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बातचीत भी करेंगे।
- नई दिल्ली। देश में कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 85.52 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान करीब 78 हजार रोगी इस संक्रमण से ठीक हो गए हैं।स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि अब तक कुल 59 लाख से अधिक लोग स्वस्थ हुए हैं। मंत्रालय ने बताया है कि कोरोना संक्रमण से स्वस्थ होने की दर बढने से संक्रमित लोगों की दर 12.94 प्रतिशत रह गई है।वर्तमान में देश में सक्रिय मामलों की संख्या दस लाख से भी कम हैं। टेस्ट, ट्रैक और ट्रीट नीति के प्रभावी रूप से लागू करने से स्वस्थ होने की दर में वृद्धि हुई है और मृत्यु दर कम हुई है। देश में मृत्यु दर एक दशमलव पांच-चार प्रतिशत है। कुल संक्रमित लोगों की संख्या 69 लाख 6 हजार 152 हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 964 मरीजों की इस वायरस से मौत होने से अब तक एक लाख 6490 रोगियों की इस संक्रमण से मृत्यु हो चुकी है।----
- सहारनपुर। उतर प्रदेश के सहारनपुर जिले मे थाना नकुड़ के अन्तर्गत शुक्रवार को दिनदहाड़े गांव मे निजी प्रैक्टिस करने वाले एक चिकित्सक की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस अधीक्षक (नगर) विनीत भटनागर ने बताया कि जिले के थाना नकुड़ के अन्तर्गत ग्राम सहसपुर मे निजी प्रैक्टिस करने वाले डॉ. अंकित (26) आज किसी मरीज को देखने उसके घर जा रहा था तभी उनके क्लीनिक से कुछ दूरी पर ही पहले से ही घात लगाये बैठे बाइक सवार दो युवकों ने उसे गोली मार दी और फरार हो गये। उन्होंने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण वहां एकत्र हो गये। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और अंकित को तुरन्त ही अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी ने बताया कि अंकित पिछले छह साल से गांव में ही निजी प्रैक्टिस करता था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिये भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।----
- बेंगलुरू। कैब सेवाएं देने वाली कंपनी उबर ने पांच शहरों दिल्ली एनसीआर, मुंबई, बेंगलुरू, हैदराबाद और पुणे में एक हजार से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन उतारने के लिये लिथियम अर्बन टेक्नोलॉजीज के साथ साझेदारी करने की घोषणा की है।उबर ने गुरुवार को कहा कि इन वाहनों को उबर रेंटल्स और प्रीमियर सेवाओं के तहत उतारा जायेगा। कंपनी ने कहा कि इसके तहत महिंद्रा ई वेरिटो और टाटा टिगोर ईवी जैसे 100 से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन पहले ही परिचालन में उतारे जा चुके हैं। उबर ने एक बयान में कहा कि इन शहरों में लिथियम अर्बन टेक्नोलॉजीज के चार्जिंग केंद्र हैं, जिनमें एक साथ कई कारों व बसों को चार्ज करने की सुविधा है।
- नई दिल्ली। आयुष मंत्रालय की स्वास्थ्य सेवा की आयुष प्रणालियों को प्रोत्साहन देने और उनका विकास करने के लिए भागीदारी करने की आयुष मंत्रालय की नीति को आगे बढ़ाते हुए इस मंत्रालय के अधीन अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए), नई दिल्ली ने एमिटी विश्वविद्यालय के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौता ज्ञापन में आयुर्वेद विज्ञान में अनुसंधान को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया गया है।इस संस्थान का समझौता ज्ञापन एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन सिस्टम ऑफ मेडिसिन के साथ है, जिसकी स्थापना 2018 में एमिटी विश्वविद्यालय द्वाराभारतीय चिकित्सा पद्धति के बढ़ते महत्व को मान्यता देने के लिए की गई थी। इस समझौता ज्ञापन में आयुर्वेदिक दवाइयों की गुणवत्ता और मानकीकरण के साथ-साथ प्राकृतिक उत्पाद रसायन विज्ञान और फार्मेसी में पीएचडी कार्यक्रमों में सहयोग की कल्पना की गई है। इसमें फार्मास्युटिक्स, फार्माकोडायनामिक्स एवं फार्माकोकाइनेटिक्स में अध्ययन की सहयोग के संभावित क्षेत्रों के रूप में पहचान की गई है। यह समझौता ज्ञापन संयुक्त परियोजनाओं और प्रकाशनों को भी बढ़ावा देगा।इस साझेदारी से आयुर्वेद में कुछ अत्याधुनिक अनुसंधान के साथ-साथ विश्व स्तर पर आयुर्वेदिक विज्ञान के साथ जुड़े ज्ञान को बढ़ावा देने और उसका प्रसार करने में अच्छे परिणाम मिलने की उम्मीद है। इससे आधुनिक विज्ञान के साथ परम्परागत ज्ञान का एकीकरण करने और आयुर्वेद अनुसंधान में नये आयाम जोडऩे में मदद मिलेगी।आयुष मंत्रालय मौजूदा महामारी परिदृश्य में वैश्विक स्तर पर चिकित्सा की भारतीय पद्धति को शुरू करने और उसे बढ़ावा देने में बड़ी भूमिका निभा रहा है। आयुर्वेद ने रोगनिरोधी समाधान उपलब्ध कराकर अपनी अमिट छाप छोड़ी है। इन समाधानों की व्यवहार्यता वैज्ञानिक अध्ययनों के माध्यम से स्थापित हुई है। मंत्रालय ने जनता में उपलब्ध आयुष स्वास्थ्य समाधानों की गहराई और उसके दायरे को बढ़ाने के लिए अपने जैसी सोच वाले जैसे हितधारक संस्थानों के साथ हिस्सेदारी करने की जरूरत को स्वीकार किया है। मंत्रालय ने आयुर्वेद क्षेत्र में संसाधनों के प्रवाह को बढ़ाने की रणनीति के रूप में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) को भी प्रोत्साहित किया है। मौजूदा समझौता ज्ञापन इसी दृष्टिकोण का परिणाम है।दोनों संस्थान ज्ञान और प्रक्रियाओं को विकसित करने के लिए मिलकर काम करेंगे, जिनका राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में उपयोग किया जाएगा और ये आबादी के पैमाने पर प्रासंगिक होंगे।
- नई दिल्ली। केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने कहा है कि दिल्ली से कटरा जाने वाली वंदे भारत ट्रेन सेवा जल्द बहाल की जाएगी।श्री सिंह ने गुरुवार को बताया कि नवरात्रि से पहले जम्मू-कश्मीर में कटरा के लिए ट्रेन सेवा बहाल करने पर रेल मंत्री पीयूष गोयल के साथ चर्चा की गई। सिंह ने ट्वीट किया, रेल मंत्री पीयूष गोयल से दिल्ली-कटरा (वैष्णो देवी) वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा बहाल करने को लेकर चर्चा की। नवरात्रि में पवित्र स्थल जाने की योजना बना रहे देशभर के श्रद्धालुओं के लिए यह जानकारी आश्वस्त करने वाली होगी। कार्मिक राज्य मंत्री सिंह जम्मू-कश्मीर की ऊधमपुर सीट से लोकसभा सांसद हैं।देश में कोरोना वायरस के कारण मार्च में रेल सेवाएं बाधित हो गई थीं, जिन्हें अब चरणबद्ध तरीके से बहाल किया जा रहा है।-
- ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे और पालघर में पुलिस ने 45 लाख रुपये से ज्यादा मूल्य के गुटखा और तंबाकू के अन्य प्रतिबंधित उत्पाद जब्त किए हैं और इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अधिकारी ने बताया कि सूचना पर कार्रवाई करते हुए, ठाणे के स्वापक नियंत्रण प्रकोष्ठ ने भिवंडी में स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के गोदाम पर छापा मारा और तम्बाकू के प्रतिबंधित उत्पादों से भरे चार ट्रकों को जब्त कर लिया जिसकी कीमत 37.55 लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित उत्पादों को ठाणे, मुंबई, नवी मुंबई और आसपास के अन्य इलाकों में भेजा जाना था। उन्होंने बताया कि इस बाबत 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पालघर में, पुलिस को सूचना मिली कि प्रतिबंधित गुटखे की राजमार्ग के जरिए अहमदाबाद से मुंबई तस्करी की जा रही है। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर वाहनों की जांच के दौरान, पुलिस ने चिल्लर फ्लाइओवर के पास मंगलवार को एक टैम्पो को रोका और पाया कि सब्जियों के थैलों में अलग अलग ब्रांड के पान मसाले को छुपा कर रखा गया था। उन्होंने बताया कि इन उत्पादों को जब्त कर लिया गया है जिनका मूल्य 8.05 लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि टैम्पो चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में गुटखा और सुगंधित तंबाकू की बिक्री और सेवन पर 2012 से प्रतिबंध लगा है।
- - मुश्किल दौर में सोशल मीडिया का दिखा असरनई दिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर में छोटे से ढाबे 'बाबा का ढाबा का नजारा सोशल मीडिया के असर के कारण अब बिल्कुल बदल गया है क्योंकि एक दिन पहले तक जहां इस जगह पर सन्नाटा पसरा था, आज वहां ग्राहकों की भीड़ लगी है। इस सुखद बदलाव का पता ढाबे के मालिक कांता प्रसाद के बिना दांतों वाले मुंह की मुस्कान से भी चलता है जो वह बार- बार अपना मास्क उतार कर प्रकट करते हैं।गुरुवार की सुबह 80 वर्षीय कांता प्रसाद और उनके परिवार के लिए सब कुछ बदल गया जो कोरोना महामारी के कारण उपजे हालात के चलते पाई-पाई का मोहताज था। सोशल मीडिया पर पोस्ट कांता प्रसाद की एक तस्वीर और वीडियो ने जादू कर दिया जिसमें वे लॉकडाउन के महीने में अपनी व्यथा को बताते हुए रो पड़े थे। इस वीडियो को उपयोगकर्ताओं ने बड़े पैमाने पर साझा किया। इसके बाद ग्राहकों की कतार लग गई जिसमें कैमरा दल, ब्लॉगर, पत्रकार भी शामिल थे। दिल्ली के मालवीय नगर में बाबा का ढाबा एक छोटा सा ढाबा है जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया है और कई हस्तियों ने भी लोगों से इस ढाबे पर खाने की अपील की। सोशल मीडिया पर मार्मिक वीडियो आने के एक दिन बाद ट्विटर पर हैशटैग बाबा का ढाबा ट्रेंड करने लगा और इतने ग्राहक पहुंच गए जितने उन्होंने 30 साल के कारोबार में नहीं देखे थे। कांता प्रसाद के बेटे 37 वर्षीय आजाद हिंद ने बताया, रोज की तरह मेरे माता-पिता ने सुबह छह बजे खाना बनाना शुरू किया और जब वे सुबह साढ़े आठ बजे ढाबे पर पहुंचे तो देखा कि बाहर लोग कतार लगा कर खड़े हैं। उन्होंने कहा, शुरुआती घंटों में हमने केवल पराठा बेचा और बाद में अन्य व्यंजन बनाए। दोपहर 12 बजे तक मेन्यु में शामिल रोटी, चावल, मिक्स सब्जी और पनीर जिसकी कीमत 10 से 15 रुपये के बीच थी, सब बिक गई। यह उनके लिए आश्चर्यजनक और स्तब्ध करने वाली घटना है।गौरतलब है कि प्रसाद अपनी पत्नी के साथ 1990 से यह ढाबा चला रहे हैं , लेकिन लॉकडाउन और उसके बाद के हफ्तों में काम ठप पड़ गया। दंपति द्वारा बनाया गया अधिकतर खाना बिना बिके ही रह जाता था। उनकी पीड़ा तब सामने आई जब इंस्टाग्राम इनफ्यूएंसर गौरव वासन ने प्रसाद के दर्द का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो आने के बाद रातोरात इस वृद्ध दंपति की मदद के लिए देश भर में मदद के लिए एकतरह से आंदोलन शुरू हो गया। दंपति की जिंदगी और मुश्किल इसलिए भी हो गई थी क्योंकि उनके बेटे आजाद की भी ऑफिस ब्वॉय की नौकरी चली गई थी। आजाद ने कहा, ढाबे से होने वाली आय हमारे गुजारे के लिए एक मात्र साधन थी। परिवार में प्रसाद और उनकी पत्नी के अलावा तीन बच्चे, दो पोता-पोती और बहू हंै। कोरोना वायरस महामारी से पहले प्रसाद लगभग हर महीने चार से पांच हजार रुपये की बचत कर लेते थे, लेकिन मार्च में लागू लॉकडाउन की वजह से जमापूंजी भी खर्च हो गई। प्रसाद ने कहा कि कई ऐसे दिन भी थे जब एक भी ग्राहक नहीं आया।शेख शराय में जगदम्बा कैंप में परिवार के साथ रहने वाले प्रसाद ने कहा, हमने महसूस किया कि घर में बैठने का कोई तुक नहीं है, इसलिए हम रोजाना ढाबा खोलते। कुछ दिन ग्राहक आए और इसलिए हम जो भी पैसे कमाते वह बहुत महत्वपूर्ण होता। कई बार खाना बनाने के लिए जरूरी पैसा भी नहीं कमा पाए। उन्होंने कहा, ''आज लोगों ने खाना खरीद कर ही मदद नहीं की बल्कि राशन से भी मदद की।वासन, जिन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से वीडियो पोस्ट किया था, ने कहा कि वह शहर के कम चर्चित खाने-पीने की दुकानों को देखते हैं लेकिन कभी कल्पना नहीं की थी कि उनका पोस्ट इतना आकर्षण पैदा करेगा। वासन ने कहा, मैं खुश हूं कि मैंने उनकी मदद के लिए पहला कदम उठाया। मैंने महसूस किया कि वे अच्छा खाना बनाते हैं... केवल कमी मार्केटिंग की है और मैंने सोचा कि मैं सोशल मीडिया पर अपने 'फॉलोअर' (अनुकरण करने वाले) का इस्तेमाल इसमें कर सकता हूं। इसने इतना समर्थन पैदा किया, मैं आगे भी अन्य ढाबों पर ध्यान केंद्रित करना जारी रखूंगा जिन्हें इस समय जरूरत है। बता दें कि वासन के इंस्टाग्राम पर करीब सवा लाख फॉलोअर हैं। बाबा का ढाबा पर सबसे पहले पहुंचने वालों में आम आदमी पार्टी के विधायक सोमनाथ भारती भी थे।उन्होंने ट्वीट किया, मैं बाबा का ढाबा गया और वादे के मुताबिक उनके चेहरे पर मुस्कुराहट लाने के लिए काम किया। मैं उनकी देखभाल करूंगा और मैं ऐसे ही लोगों की मदद के लिए अभियान शुरू कर रहा हूं। सुनील शेट्टी, रणदीप हुड्डा, सोनम कपूर और रवीना टंडन जैसे बॉलीवुड सितारों ने भी इस वीडियो को रीट्वीट कर लोगों से दंपति और अन्य रेहड़ी पटरी वालों की मदद करने की अपील की थी जो कोविड-19 महामारी के दौरान चुनौती का सामना कर रहे हैं। इस अभियान को मिले समर्थन से छोटे दुकानदारों और रेहड़ी पटरी वालों में उम्मीद जगी है।मालवीय नगर बाजार में फुटपाथ पर तौलिया और रूमाल बेचने वाली 70 वर्षीय विधवा राज रानी ने कहा कि वह मुश्किल से रोजाना 60 रुपये कमाती है। बेगमपुरा की रहने वाली रानी ने कहा, मेरा कोई परिवार नहीं है...पति की 20 साल पहले मौत हो गई थी। तब से मैं यह दुकान लगा रही हूं। पहले तो गुजारा करने लायक कमा लेती थी, लेकिन अभी कुछ नहीं है। क्या मेरी कोई मदद कर सकता है ?
- नयी दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने कहा कि सरकार द्वारा सात मई को कोविड-19 महामारी के चलते शुरू किए गए ‘वंदे भारत' मिशन के तहत 17.22 लाख भारतीय स्वदेश लौट चुके हैं। मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में बताया कि एक अक्टूबर से शुरू हुए मिशन के सातवें चरण के तहत 25 देशों से 873 अंतरराष्ट्रीय उड़ान निर्धारित की गई हैं, जो इस पूरे महीने संचालित रहेंगी। श्रीवास्तव ने कहा कि सात अक्टूबर तक वंदे भारत मिशन के तहत विभिन्न माध्यमों से 17.22 लाख भारतीय स्वदेश लौट चुके हैं।
- -छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी जताया शोकनई दिल्ली। समाजवादी आंदोलन के स्तंभों में एक रामविलास पासवास के निधन से देश में शोक की लहर है। उनके निधन की ख़बर आते ही लोगों ने उनको श्रद्धांजलि देना शुरू कर दिया। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री के अलावा उनके सहयोगी केन्द्रीय मंत्रियों और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने श्री पासवान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है.।शोक व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लिखा -केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन से देश ने एक दूरदर्शी नेता खो दिया है। उनकी गणना सर्वाधिक सक्रिय तथा सबसे लंबे समय तक जनसेवा करने वाले सांसदों में की जाती है। वे वंचित वर्गों की आवाज़ मुखर करने वाले तथा हाशिए के लोगों के लिए सतत संघर्षरत रहने वाले जनसेवक थे। उन्होंने लिखा है, आपातकाल विरोधी आंदोलन के दौरान जयप्रकाश नारायण जैसे दिग्गजों से लोकसेवा की सीख लेने वाले पासवान जी तेज तर्रार समाजवादी के रूप मे उभरे। उनका जनता के साथ गहरा जुड़ाव था और वे जनहित के लिए सदा तत्पर रहे। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदना।रामविलास पासवान के निधन पर शोक जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, दुख बयान करने के लिए शब्द नहीं हैं; हमारे देश में ऐसा शून्य पैदा हुआ है जो शायद कभी नहीं भरेगा। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा, श्री रामविलास पासवान जी का निधन व्यक्तिगत क्षति है। मैंने एक ऐसा मित्र और सहकर्मी खोया है जो पूरे जुनून के साथ हमेशा यह सुनिश्चित करना चाहता था कि प्रत्येक गरीब व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत करे।प्रधानमंत्री ने कहा, पासवान कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर राजनीति में ऊपर आए। युवा नेता के रूप में आपातकाल के दौरान उन्होंने निरंकुशता और हमारे लोकतंत्र पर प्रहार का विरोध किया था। वह उत्कृष्ट सांसद और मंत्री थे, जिन्होंने विभिन्न नीतिगत क्षेत्रों में चिरस्थायी योगदान दिया है।केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया-सदैव गरीब और वंचित वर्ग के कल्याण व अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले हम सबके प्रिय राम विलास पासवान जी के निधन से मन अत्यंत व्यथित है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा राष्ट्रहित और जनकल्याण को सर्वोपरि रखा। उनके स्वर्गवास से भारतीय राजनीति में एक शून्य उत्पन्न हो गया है।वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट किया -राष्ट्रीय राजनीति, ख़ासकर बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण स्थान रखने वाले, केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान जी के निधन का समाचार दु:खद है। मैं ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति एवं चिराग पासवान जी सहित समस्त परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
- नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का आज निधन हो गया। उनके बेटे चिराग पासवान ने ट्वीट के जरिए यह जानकारी दी।लोक जनशक्ति पार्टी के 74 वर्षीय संरक्षक रामविलास पासवान का कुछ दिन पहले एक अस्पताल में हृदय का ऑपरेशन हुआ था। वे पांच दशक से अधिक समय से सक्रिय राजनीति में थे और देश के जाने-माने नेताओं में से एक थे।इस समय रामविलास पासवान केन्द्रीय मंत्री के रूप में उपभोक्ता, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मामले देख रहे थे।चिराग पासवान ने ट्वीट किया, ''पापा...अब आप इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन मुझे पता है, आप जहां भी हैं, हमेशा मेरे साथ हैं। आपकी बहुत याद आ रही है पापा।

- नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना आज अपना 88वां स्थापना दिवस मना रही है। इसकी स्थापना आठ अक्तूबर 1932 को हुई थी। गाजियाबाद के हिंडन में वायुसेना अड्डे में वायुसेना दिवस परेड समारोह का मुख्य आकर्षण विभिन्न विमानों का शानदार प्रदर्शन रहा। प्रसिद्ध आकाशगंगा दल के जांबाज जवानों ने ध्वज के साथ वायुसेना के विमानों से करतब दिखाये। फ्लाईपास्ट में विंटेज विमान, आधुनिक परिवहन विमान और अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू विमान शामिल हुए। शानदार हवाई करतब के साथ समारोह सम्पन्न हुआ।इस बार के आयोजन में कुल 56 एयरक्राफ्ट ने हिस्सा लिया। इनमें 19 फ़ाइटर, 19 हेलीकॉप्टर, 7 ट्रांसपोर्ट, 9 सूर्य किरण एरोबैटिक टीम के हॉक और 2 विंटेज शामिल रहे। एयरफोर्स के बेड़े में इस बार राफेल को भी शामिल किया गया। राफेल के अलावा वायुसेना के अन्य लड़ाकू विमानों तेजस, मिराज, सुखोई और शिनूक, स्वदेशी रुद्र ने भी अपनी ताकत दिखाई। इस बार के समारोह में खास बात ये रही कि सभी फाइटर जेट्स 5-5 की फॉर्मेशन में उड़ान भरते नजर आए। जबकि पहले ये विमान 3-3 की फॉर्मेशन में ही उड़ते थे। वायुसेना के भारी परिवहन विमान ग्लोवमास्टर और सुपर हर्कुलिस भी हिंडन एयरबेस के आसमान में अपनी गरिमामय चाल से उड़ते नजऱ आए।राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर वायु सेना के सभी कर्मियों को शुभकामनाएं दी हैं। ट्वीट में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि राफेल, अपाचे और चिनूक को शामिल करने के साथ आधुनिकीकरण की प्रक्रिया भारतीय वायुसेना को और भी अधिक सामरिक बल देगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में, भारतीय वायु सेना प्रतिबद्धता और क्षमता के साथ उच्च मानकों को बनाए रखेगी।उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कहा कि देश के वायु सैनिक पेशेवर, उत्कृष्टता और साहस के लिए जाने जाते हैं।भारतीय वायु सेना के सभी बहादुर योद्धाओं को वायु सेना दिवस के अवसर पर बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये बहादुर योद्धा न केवल देश के आसमान को सुरक्षित रखते हैं, बल्कि कई बार मानवता की सेवा में अग्रणी भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा, भारत माता की रक्षा के लिए उनका साहस, पराक्रम और समर्पण सभी को प्रेरित करता है।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वायु योद्धाओं और उनके परिवारों के लिए अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 88 साल के समर्पण, त्याग और उत्कृष्टता ने भारतीय वायुसेना की यात्रा को चिह्नित किया है जो आज एक शानदार और अजेय है। उन्होंने कहा, सरकार आधुनिकीकरण और स्वदेशीकरण के जरिए भारतीय वायुसेना की लड़ाकू क्षमता को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल राकेश कुमार सिंह भदौरिया ने आज कहा कि वायुसेना ने अपनी प्रतिबद्धता और संचालन क्षमता का बखूबी प्रदर्शन किया है और आवश्यकता पडऩे पर किसी भी विपरीत स्थिति से प्रभावशाली ढंग से निपटेगी।आज वायुसेना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में श्री भदौरिया ने कहा कि वायुसेना ने किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए बड़ी जल्दी सभी आवश्यक तैनाती की है। श्री भदौरिया ने कहा कि वायुसेना ने थलसेना की सहायता के लिए सभी आवश्यक तैनाती और अन्य मदद सक्रियता से उपलब्ध कराई है। देश की उत्तरी सीमा पर हाल के सैन्य टकराव का उल्लेख करते हुए वायुसेना प्रमुख ने तुरन्त जवाबी कार्रवाई करने पर सैनिकों की सराहना की। वायुसेना की तैयारियों पर श्री भदौरिया ने कहा कि उभरते सुरक्षा परिदृय के लिए सशक्त वायुसेना की बहुत आवश्यकता है ताकि वह सभी मोर्चों पर हर तरह के युद्ध में सक्षम हो। उन्होंने कहा कि वायुसेना सभी क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनने के लिए स्वदेशी उपकरणों की दिशा में बढ रही है तथा वायु-अंतरिक्ष के क्षेत्र में स्वदेशी प्रौद्योगिकी के विकास पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वायुसेना पांचवीं पीढी के लड़ाकू विमान बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कोविड-19 महामारी की स्थिति पर वायुसेना प्रमुख ने कहा कि सैनिकों की प्रतिबद्धता से यह सुनिश्चित हुआ है कि वायुसेना पूरी तरह से सक्षम कार्रवाई करने की क्षमता बनाये रख सकी। उन्होंने कहा कि वायुसेना ने फंसे हुए भारतीयों को वापस लाने और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए परिवहन हेलिकॉप्टर तैनात किए थे।
- नई दिल्ली। देश में कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 85.25 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 83 हजार 11 रोगी इस संक्रमण से ठीक हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि अब तक कुल 58 लाख 27 हजार 704 लोग स्वस्थ हुए हैं।मंत्रालय ने बताया है कि कोरोना संक्रमण से स्वस्थ होने की दर बढऩे से संक्रमित लोगों की दर 13.2 प्रतिशत रह गई है। वर्तमान में देश में 9 लाख 2425 सक्रिय मामले हैं। टेस्ट, ट्रैक और ट्रीट नीति के प्रभावी रूप से लागू करने से स्वस्थ होने की दर में वृद्धि हुई है और मृत्यु दर कम हुई है। देश में मृत्यु दर 1.54 प्रतिशत है। कुल संक्रमित लोगों की संख्या 68 लाख 35 हजार 655 हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 9 सौ 71 मरीजों की इस वायरस से मौत होने से अब तक एक लाख 5526 रोगियों की इस संक्रमण से मृत्यु हो चुकी है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के अनुयार पिछले 24 घंटों में 11 लाख 94 हजार नमूनों की जांच की गई। अब तक कुल 8 करोड 34 लाख जांच की जा चुकी हैं।---
- लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार वन्य प्राणियों के संरक्षण व संवद्र्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है और गिद्ध संरक्षण केन्द्र पर्यावरण की शुद्धि का माध्यम बनेगा तथा प्रकृति के संरक्षण व क्षेत्र में ईको टूरिज्म की संभावनाओं को भी बढ़ाएगा।सरकारी बयान के मुताबिक आदित्यनाथ ने बुधवार को यहां अपने सरकारी आवास पर वन्य प्राणी सप्ताह-2020 के समापन अवसर पर जटायु (गिद्ध) संरक्षण केन्द्र, महराजगंज का डिजिटल रूप से शिलान्यास किया। उन्होंने इस अवसर पर गिद्धों के संरक्षण शोध पुस्तक का विमोचन, वन्यजीवों के स्वच्छन्द विचरण के लिए आवश्यक कॉरिडोर और पीलीभीत बाघ अभयारण्य संबंधी पुस्तक का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गिद्ध संरक्षण केन्द्र पर्यावरण की शुद्धि का माध्यम बनेगा तथा प्रकृति के संरक्षण व क्षेत्र में ईको टूरिज्म की संभावनाओं को भी बढ़ाएगा।
- हिसार। हरियाणा के हिसार जिले में कुछ अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर एक व्यवसायी से 11 लाख रुपये लूटने के बाद उसे जलाकर मार डाला। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।उन्होंने कहा कि घटना हांसी क्षेत्र में मंगलवार रात को हुई। पुलिस ने कहा कि हांसी में भाटला-दाता रोड पर स्थित दाता गांव का निवासी राम मेहर (35) अपनी कार से घर से जा रहा था, जब लुटेरों ने उसे रोका। उन्होंने कहा कि इसके बाद हमलावरों ने कथित तौर पर व्यवसायी को लूटा और उसे कार में बंद कर आग लगा दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और उसे मेहर की जली हुई लाश वाहन के भीतर मिली। इसके बाद वाहन के नंबर प्लेट से मृतक की पहचान की गई और उसके परिजनों से संपर्क किया गया।मृतक के परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि मेहर बरवाला में कप और प्लेट की फैक्टरी का मालिक था और बैंक से 11 लाख रुपये लेकर हिसार से दाता गांव आ रहा था। हांसी पुलिस के प्रवक्ता सुभाष ने कहा कि अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है।
- नई दिल्ली। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने देश में 24 स्वयंभू, गैर मान्यताप्राप्त संस्थानों की घोषणा की और उन्हें फजी करार दिया। इनमें से अधिकतर संस्थान उत्तरप्रदेश और दिल्ली में चल रहे हैं।यूजीसी के सचिव रजनीश जैन ने बुधवार को बताया-छात्रों और लोगों को सूचित किया जाता है कि देश में वर्तमान में 24 स्वयंभू गैर मान्यता प्राप्त संस्थान हैं जो यूजीसी कानून के विपरीत संचालित हो रहे हैं, जिन्हें फर्जी विश्वविद्यालय करार दिया गया है और इन्हें कोई भी डिग्री देने का अधिकार नहीं है। इन विश्वविद्यालयों में से अधिकतर उत्तरपदेश से हैं -- वाराणसी संस्कृत विश्वविद्यालय (वाराणसी), महिला ग्राम विद्यापीठ (इलाहाबाद), गांधी हिंदी विद्यपीठ (इलाहाबाद), नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ इलेक्ट्रो कंप्लेक्स होम्योपैथी (कानपुर), नेताजी सुभाष चंद्र बोस ओपन यूनिवर्सिटी (अलीगढ़), उत्तरप्रदेश विश्वविद्यालय (मथुरा), महाराणा प्रताप शिक्षा निकेतन विश्वविद्यालय (प्रतापगढ़) और इंद्रप्रस्थ शिक्षा परिषद् (नोएडा) शामिल हैं। दिल्ली में सात फर्जी विश्वविद्यालय हैं -- कॉमर्शियल यूनिवर्सिटी लिमिटेड, यूनाइटेड नेशंस यूनिवर्सिटी, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड इंजीनियरिंग, विश्वकर्मा ओपन यूनिवर्सिटी फॉर सेल्फ इंप्लायमेंट और आध्यात्मिक विश्वविद्यालय। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में इस तरह के दो विश्विवद्यालय हैं। वे हैं -- इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव मेडिसिन (कोलकाता), इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव मेडिसिन एंड रिसर्च (कोलकाता), नवभारत शिक्षा परिषद् (राउरकेला) और नॉर्थ ओडिशा यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी। कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, पुडुचेरी और महाराष्ट्र में एक-एक फर्जी विश्वविद्यालय हैं। वे हैं -- श्री बोधि एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन (पुडुचेरी), क्राइस्ट न्यू टेस्टामेंट डीम्ड यूनिवर्सिटी (आंध्रप्रदेश), राजा अरबिक यूनिर्सिटी (नागपुर), सेंट जॉन यूनिवर्सिटी (केरल) और बादगनवी सरकार वल्र्ड ओपन यूनिवर्सिटी एजुकेशन सोसायटी (कर्नाटक)। जैन ने कहा, यूजीसी अधिनिसम, 1956 के मुताबिक केवल वही विश्वविद्यालय डिग्री दे सकता है जो केंद्र, राज्य, प्रांत कानून के तहत गठित है या ऐसे संस्थान जिसे संसद ने कानून बनाकर डिग्री देने के लिए अधिकृत किया है।---
- शिमला। मणिपुर-नगालैंड के पूर्व राज्यपाल और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के पूर्व निदेशक बुधवार को शिमला स्थित अपने आवास में फंदे से लटके पाये गए। एसपी शिमला मोहित चावला ने इसकी पुष्टि की है। 70 वर्षीय श्री कुमार अभी शिमला में एक निजी विश्वविद्यालय के कुलपति थे।हिमाचल के सिरमौर निवासी अश्विनी कुमार 1973 बैच के आईपीएस ऑफिसर थे। हिमाचल प्रदेश के डीजीपी, सीबीआई के डायरेक्टर समेत कई पदों पर उन्होंने काम किया। अश्विनी ने साल 2006 में हिमाचल प्रदेश पुलिस के डीजीपी का चार्ज लेने के बाद यहां कई सुधार किए। हिमाचल पुलिस के डिजिटलीकरण और थाना स्तर पर कम्प्यूटर के उपयोग की शुरुआत उन्होंने ही की। उन्हीं के कार्यकाल में शिकायतों के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन जैसी व्यवस्था शुरू हुई, जिससे दूर-दराज के पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को थाने की दौड़ लगाने से निजात मिली।अश्विनी कुमार को जुलाई 2008 में सीबीआई डायरेक्टर बनाया गया। अश्विनी सीबीआई डायरेक्टर बनने वाले हिमाचल प्रदेश के पहले पुलिस अफसर थे। मई 2013 में तत्कालीन यूपीए सरकार ने उन्हें पहले नगालैंड का गवर्नर बनाया और फिर जुलाई 2013 में ही उन्हें मणिपुर का गवर्नर भी बनाया।----
- पटना। भारतीय जनता पार्टी ने कई दौर की बातचीत के बाद मुकेश सहानी के नेतृत्व वाली विकासशील इंसान पार्टी के साथ गठबंधन की आज औपचारिक घोषणा कर दी।पटना में भारतीय जनता पार्टी और विकासशील इंसान पार्टी की संयुक्त पत्रकार वार्ता में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि पार्टी अपने कोटे की 11 विधानसभा सीटें विकासशील इंसान पार्टी को देने पर सहमत हो गई है। जनता दल यूनाइटेड के साथ सीट बंटवारे में बिहार की विधानसभा के लिए भाजपा को 121 सीटें मिली हैं।बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने में एक दिन बचा है। पहले चरण के लिए अब तक 154 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं। नामांकन पत्रों की जांच शुक्रवार को होगी। पहले चरण में 16 जिलों के 71 निर्वाचन क्षेत्रों में 28 अक्तूबर को मतदान होगा।-
- नई दिल्ली। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम-आईआरसीटीसी ने कहा है कि वह 17 अक्टूबर से निजी तेजस एक्सप्रैस, लखनऊ-नई दिल्ली और अहमदाबाद-मुम्बई ट्रेन फिर से चलाएगा। सुरक्षित दूरी के नियमों का पालन करते हुए शुरूआत में दो सीटों के बीच एक सीट खाली रखी जाएगी।एक विज्ञप्ति में आईआरसीटीसी ने कहा है कि इन दो तेजस ट्रेनों का परिचालन कोविड-19 महामारी के कारण 19 मार्च से स्थगित कर दिया गया था। आईआरसीटीसी ने कहा है कि वह महामारी के मद्देनजर स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की पूरी तैयारी कर रहा है।यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोविड-19 से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया जारी कर दी गई है। एक बार स्थान ग्रहण करने के बाद यात्रियों को अपनी सीट बदलने की अनुमति नहीं होगी। यात्रियों और कर्मचारियों के लिए फेस मास्क जरूरी होगा। सभी यात्रियों को आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करना होगा। आईआरसीटीसी ने कहा है कि यात्रियों को कोविड-19 से सुरक्षा किट दी जाएगी, जिसमें सेनिटाइजर की शीशी, एक मास्क, एक फेस शील्ड और एक जोड़ी दस्ताने होंगे। सभी यात्रियों की थर्मल जांच की जाएगी और कोच में प्रवेश करने से पहले उनके हाथ सेनेटाइज किये जाएंगे।
- नई दिल्ली। सरकार ने एन-95 मास्क के निर्यात पर लगे प्रतिबंध हटा दिये हैं। इसका मकसद देश में बनने वाले मास्क का निर्यात को बढ़ावा देना है। इससे पहले निर्यातकों को मास्क का निर्यात करने के लिए सरकार से लाइसेंस लेना अनिवार्य था।विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने मंगलवार को एक अधिसूचना में कहा, एन-95/ एफएफपी-2 मास्क और इसके समान वस्तुओं की निर्यात नीति को संशोधित करते हुए प्रतिबंधित से मुक्त श्रेणी में कर दिया है। इससे अब सभी तरह के मास्क का निर्यात किया जा सकता है। सरकार ने अगस्त में मास्क निर्यात के लिए हर महीने 50 लाख इकाई की सीमा तय की थी।वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट कर कहा, भारत अब दुनिया के लिए एन-95 और एफएफपी-2 मास्क बना रहा है। अब इनका निर्यात दुनिया भर में कहीं भी मुक्त तौर पर किया जा सकता है। सरकार के इस निर्णय का परिधान निर्यात संवद्र्धन परिषद (एईपीसी) के चेयरमैन ने स्वागत किया है। एईपीसी के चेयरमैन ए. सकथिवेल ने कहा कि इन मास्क की वैश्विक बाजार में बहुत अधिक निर्यात मांग है।





.jpg)

.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)










.jpg)


.jpg)

.jpg)