- Home
- देश
- नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव और निकट भविष्य में होने वाले उपचुनावों के दौरान 65 वर्ष से ज्यादा आयु के मतदाताओं को डाक मत की सुविधा नहीं देने का निर्णय लिया।आयोग ने कर्मचारियों, साजो-सामान संबंधी बाधाओं और कोविड-19 सुरक्षा नियमों के मद्देनजर यह निर्णय लिया है। हालांकि, आयोग ने एक बयान में कहा कि 80 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाताओं, दिव्यांग मतदाताओं और आवश्यक सेवाओं में कार्यरत मतदाताओं के साथ ही कोविड-19 संक्रमित अथवा पृथक-वास में रहने वाले मतदाताओं को चुनाव में वैकल्पिक डाक मत की सुविधा प्रदान की जाएगी। पिछले साल अक्टूबर में कानून मंत्रालय ने नियमों में संशोधन कर लोकसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान 80 वर्ष और इससे अधिक उम्र वाले मतदाताओं और दिव्यांग मतदाताओं को डाक मत की सुविधा का विकल्प चुनने की अनुमति प्रदान की थी।हालांकि, निर्वाचन आयोग के अनुरोध पर इस साल जून में मंत्रालय ने नियमों में एक ताजा बदलाव किया था, जिसमें 65 वर्ष अथवा इससे अधिक आयु वाले मतदाताओं को डाक मत की सुविधा का विकल्प चुनने की अनुमति दी गई थी। हाल ही में कांग्रेस, माकपा और राजद समेत कुछ विपक्षी दलों ने 65 वर्ष और इससे अधिक आयु वाले मतदाताओं को डाक मत की सुविधा प्रदान किए जाने पर सवाल खड़ा किया था और दावा किया था कि ऐसा करने से पहले उनसे सलाह-मशविरा नहीं किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि इससे ऐसे वोटों में हेरा-फेरी हो सकती है और मतदान प्रक्रिया को बाधित किया जा सकता है। आयोग ने बयान में कहा कि कोविड-19 की स्थिति के मद्देनजर मतदान में आसानी के लिए उसने पहले ही प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए मतदाताओं की संख्या एक हजार तक सीमित कर दी है। इसके तहत, बिहार करीब 34 हजार अतिरिक्त मतदान केंद्र बना रहा है जोकि 45 फीसदी अधिक है। इसके साथ ही कुल मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर करीब एक लाख 6 हजार हो जाएगी।
- नई दिल्ली। भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (आईसीएसआई) ने कोरोना वायरस महामारी की वजह से सभी परीक्षाएं दिसंबर तक टाल दी हैं। ये परीक्षाएं जून में होनी थी।आईसीएसआई ने पहले परीक्षाओं को जुलाई तक और फिर अगस्त तक स्थगित किया था। एक बयान में कहा गया है कि अब कंपनी सचिव जून, 2020 सत्र की परीक्षाओं को दिसंबर के सत्र के साथ मिला दिया गया है। बयान में कहा गया है कि फाउंडेशन एक्जिक्यूटिव (पुराना और नया सिलेबस), पेशेवर (पुराना और नया सिलेबस) और पोस्ट मेंबरशिप क्लॉलिफिकेशन (पीएमक्यू) पाठ्यक्रम की जून सत्र की परीक्षाएं अब दिसंबर में आयोजित की जाएंगी। बयान में कहा गया है कि आईसीएसआई की जून में होने वाली परीक्षाएं अब 21 दिसंबर से शुरू होंगी। आईसीएसआई के अध्यक्ष आशीष गर्ग ने कहा कि देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच हमारे लिए सबसे बड़ी चिंता सबकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है।----
- नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों से अनुरोध किया है कि वे राज्य पुलिस बलों की सीधी भर्ती परीक्षा में एनसीसी प्रमाणपत्र धारकों को वरीयता देने के लिए अपेक्षित उपाय करें।सभी राज्यों को लिखे पत्र में गृह मंत्रालय ने कहा है कि इससे अधिक संख्या में युवाओं को एनसीसी में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकेगा। इससे राज्य पुलिस बलों में अधिक अनुशासित, शारीरिक दृष्टि से चुस्त और भलीभांति प्रशिक्षित युवाओं को शामिल करने में मदद मिलेगी।राष्ट्रीय केडेट कोर-एनसीसी के सदस्यों के व्यावसायिक प्रशिक्षण और कौशल के महत्व को समझते हुए गृह मंत्रालय केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में सब-इंस्पेक्टर और कांस्टेबलों के पदों पर सीधी भर्ती में एनसीसी सर्टिफिकेट धारकों को वरीयता देने की मंजूरी पहले ही दे चुका है। मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा है कि वे इसी व्यवस्था पर एनसीसी सदस्यों को वरीयता प्रदान करें।---
- - इस अनुदान को स्वच्छता और खुले में शौच से मुक्त स्थिति के रखरखाव तथा पेयजल की आपूर्ति, बारिश के पानी का संग्रहण और जल पुनर्चक्रण जैसी बुनियादी सेवाओं पर उपयोग किया जाएगानई दिल्ली। ग्रामीण स्थानीय निकायों (आरएलबी) को 15वें वित्त आयोग के बद्ध (टाइड)अनुदान की 15187.50 करोड़ रुपये की किस्त जारी कर दी गई है। केंद्रीय पंचायती राज तथा ग्रामीण विकास और कृषि एवंकिसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि वर्ष 2020-21 के लिएआरएलबी के अनुदान की कुल राशि 60 हजार 750 करोड़ रुपये मिलेगी, जो अब तक का सर्वाधिक अनुदान है। कोविड-19 संकट के दौर में अभी प्रवासी मजदूरों को लाभकारी रोजगार उपलब्ध कराना मुख्य उद्देश्य है।केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने बताया कि पंचायती राज मंत्रालय तथा पेयजल और स्वच्छता विभाग (जल शक्ति मंत्रालय) की सिफारिश पर, वित्त मंत्रालय द्वारा 28 राज्यों में फैले 2.63 लाख ग्रामीण स्थानीय निकायों के लिए, अनुदान के रूप में 15187.50 करोड़ रुपये की राशि की एक और किस्त जारी कर दी गई है। यह अनुदान, बद्ध (टाइड)अनुदान है, जैसा कि वित्त वर्ष 2020-21 की अवधि के लिए 15 वें वित्त आयोग ने प्रथम किस्त के रूप में अनुशंसित किया है और इसका उपयोग आरएलबी द्वारा पेयजल की आपूर्ति, वर्षा जल संचयन, जल पुनर्चक्रण, स्वच्छता और खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) स्थिति के रखरखाव इत्यादि विभिन्न विकासात्मक कार्यों की सुविधा के लिए करना है। ये गतिविधियां देश की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।श्री तोमर ने बताया कि आयोग ने वित्त वर्ष 2020-21 की अवधि के लिए ग्रामीण स्थानीय निकायों के अनुदान का कुल आकार 60 हजार 750 करोड़ रुपये तय किया है जो वित्त आयोग द्वारा किसी एक वर्ष में किया गया सबसे अधिक आवंटन है। आयोग ने 28 राज्यों में,पंचायती राज के सभी स्तरों के लिए, पांचवीं और छठी अनुसूची क्षेत्रों के पारंपरिक निकायों सहित, दो भागों में, अर्थात् बेसिक अनुदान और (द्बद्ब) बद्ध अनुदान प्रदान करने की सिफारिश की है। अनुदान का 50 प्रतिशत बेसिक ग्रांट होगा और 50 प्रतिशत बद्ध अनुदान होगा।उन्होंने बताया कि बेसिक अनुदान अबद्ध हैं और वेतन या अन्य स्थापना व्यय को छोड़कर, स्थान-विशिष्ट आवश्यकताओं के अनुरूप आरएलबी द्वारा उपयोग में लाए जा सकते हैं। जबकि, बद्ध अनुदान का उपयोग इन मूल सेवाओं के लिए किया जाना है (क) स्वच्छता और ओडीएफ स्थिति का अनुरक्षण और (ख) पेयजल, वर्षा-जल संचयन और जल पुनर्चक्रण की आपूर्ति। आरएलबी,जहां तक संभव हो सके, इन दो महत्वपूर्ण सेवाओं में से प्रत्येक के लिए इन बद्ध अनुदानों में से एक को चिन्हित करेगा। हालांकि, यदि किसी आरएलबी ने एक श्रेणी की आवश्यकताओं को पूरी तरह से संतृप्त कर दिया है तो वह अन्य श्रेणी के लिए धन का उपयोग कर सकता है।श्री तोमर ने बताया कि राज्य सरकारें नवीनतम राज्य वित्त आयोग (एसएफसी) की स्वीकृत सिफारिशों के आधार पर पंचायतों के सभी स्तरों - गांव, ब्लॉक और जिले तथा पांचवीं एवं छठी अनुसूची क्षेत्रों के पारंपरिक निकायों को 15वें वित्त आयोग का अनुदान वितरित करेंगी,जो 15वें वित्त आयोग द्वारा अनुशंसित निम्नलिखित बैंडों के अनुरूप होना चाहिए।ग्राम / ग्रामपंचायतों के लिए 70-85 प्रतिशतब्लॉक / मध्यवर्ती पंचायतों के लिए 10-25 प्रतिशतजिला / जिला पंचायतों के लिए 5-15 प्रतिशतदो-स्तरीय प्रणाली वाले राज्यों में, केवल ग्राम और जिला पंचायतों के मध्य यह वितरण ग्राम / ग्राम पंचायतों के लिए 70-85 प्रतिशत और जिला / जिला पंचायतों के लिए 15-30 प्रतिशत के बैंड में होगा ।---
- नई दिल्ली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रामा सेंटर के शौचालय के भीतर गुरुवार को 32 वर्षीय एक व्यक्ति लटका हुआ मिला।पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के सतना के निवासी राज अमनी पटेल की जुलाई 2019 में एम्स में आंतों की सर्जरी हुई थी। पुलिस ने कहा कि पटेल इलाज के लिए 15 जुलाई को एम्स के ट्रामा सेंटर आया था और उसे पूर्वाह्न साढ़े दस बजे के आसपास भर्ती किया गया था। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि बाद में मरीज भर्ती के स्थान से लापता हो गया। ठाकुर ने कहा कि पटेल एम्स के ट्रामा सेंटर के शौचालय में लटका हुआ पाया गया। पुलिस के अनुसार पटेल को आपातकालीन विभाग में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ठाकुर ने कहा कि अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और मामले की जांच जारी है।
- नई दिल्ली। विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमत में आज 1.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई। हालांकि, पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। एटीएफ की कीमत में पिछले छह हफ्तों में यह चौथी वृद्धि है।सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक दिल्ली में एटीएफ की कीमत 635.47 रुपये प्रति किलोलीटर यानी 1.5 प्रतिशत बढ़कर 42,628.28 रुपये प्रति किलोलीटर हो गयी। इससे पहले एक जून को एटीएफ की कीमत में 56.6 प्रतिशत यानी 12,126.75 की रिकॉर्ड वृद्धि हुई थी। उसके बाद 16 जून को इसके दाम में 5,494.5 रुपये प्रति किलोलीटर यानी 16.3 प्रतिशत और एक जुलाई को 2,922.94 रुपये प्रति किलोलीटर यानी 7.48 प्रतिशत का इजाफा हुआ।एटीएफ की कीमत में हर महीने की पहली और 16 तारीख को बदलाव किया जाता है। इसे तय करने के लिए पिछले पखवाड़े में मुद्रा विनिमय दर और अंतरराष्ट्रीय कीमतों के औसत का फॉर्मूला अपनाया जाता है। जबकि पेट्रोल और डीजल की कीमतें दैनिक आधार पर बदलती हैं, जो आज स्थिर रहीं। दिल्ली में पेट्रोल का दाम लगातार 17वें दिन बिना बदले 80.43 रुपये प्रति लीटर रहा। आखिरी बार पेट्रोल की कीमत में बदलाव 29 जून को हुआ था। हालांकि, तब से डीजल की कीमत में 29 जून के बाद चार बार बदलाव हो चुका है। आज राजधानी में इसका दाम 81.18 रुपये प्रति लीटर रहा।--
- अहमदाबाद। गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र में राजकोट शहर के आसपास के ग्रामीण इलाकों में आज सुबह 4.8 की मध्यम तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए।अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राजकोट की कलक्टर रम्या मोहन ने कहा कि भूकंप से किसी के हताहत होने या जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। अधिकारी ने कहा कि भूकंप का केंद्र राजकोट शहर के दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में 20 किलोमीटर दूर स्थित था। उन्होंने कहा, सुबह सात बजकर चालीस मिनट पर राजकोट शहर के पास 4.8 तीव्रता का भूकंप आया। शहर और ग्रामीण इलाकों से मिली खबरों के अनुसार जानमाल की कोई हानि नहीं हुई। भूकंप से किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने राजकोट, सुरेंद्रनगर और अमरेली जिलों के कलक्टरों को फोन कर भूकंप के बाद की स्थिति का जायजा लिया।---
- अहमदाबाद। स्वामीनारायण पंथ की एक शाखा के प्रमुख पुरुषोत्तमप्रियदासजी महाराज का आज निधन हो गया। इसका मंदिर गुजरात में यहां मणिनगर इलाके में स्थित है।मंदिर ने एक बयान में बताया कि मणिनगर श्री स्वामीनारायण गादी संस्थान के प्रमुख पुरुषोत्तमप्रियदासजी महाराज ने गुरुवार सुबह यहां एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 78 वर्ष के थे।पीएम ने शोक व्यक्त कियाप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर शोक जताया। मोदी ने ट्वीट किया, आचार्य श्री पुरुषोत्तमप्रियदासजी स्वामी श्री महाराज के पास ज्ञान का भंडार था। उन्होंने सामुदायिक सेवा, शिक्षा और महिला सशक्तीकरण पर जोर दिया जिसे हमेशा याद रखा जाएगा। मैं कई बार उनसे हुई बातचीत को कभी नहीं भूलूंगा। ओम शांति। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, हम समाज की उत्कृष्ट सेवा के लिए आचार्य श्री पुरुषोत्तमप्रियदासजी स्वामी श्री महाराज को हमेशा याद करेंगे। उन्होंने मानवीय पीड़ा को कम करने के लिए कड़ी मेहनत की। न केवल भारत बल्कि दुनियाभर में असंख्य लोग उन्हें याद करेंगे।-
- नई दिल्ली। बिहार में कोविड-19 के फैलाव को रोकने के लिए आज से 31 जुलाई तक 16 दिनों के लिए पूर्णबंदी लागू कर दी गई है। राज्य सरकार ने पिछले तीन सप्ताह के दौरान प्रदेश में कोविड-19 के मामलों में लगातार हो रही वृद्धि के कारण लॉकडाउन का फैसला किया है।लॉकडाउन के दौरान सभी सरकारी कार्यालय, सरकारी क्षेत्र के प्रतिष्ठान और शैक्षणिक संस्थाएं बंद रहेंगी। निजी और व्यवासायिक प्रतिष्ठान भी बंद रहेंगे, लेकिन राशन की दुकानें, डेयरी, सब्जी और मीट की दुकानें खुली रहेंगी। सभी धार्मिक स्थल बंद रहेंगे तथा किसी भी धार्मिक समागम की अनुमति नहीं रहेगी। लॉकडाउन के दौरान सार्वजनिक परिवहन सेवा जारी रहेगी। हालांकि निजी वाहनों को सीमित कार्य के लिए परिचालन की अनुमति होगी। इस दौरान रेल और हवाई सेवा जारी रहेंगी। इस दौरान कृषि संबंधित गतिविधियां जारी रहेंगी।राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान एक हजार तीन सौ बीस नए मामले सामने आने के साथ ही इसकी कुल संख्या बीस हजार 173 हो गई है। हालांकि 13 हजार 533 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में स्वस्थ होने की दर 67 प्रतिशत है। राज्य में कोविड-19 से अब तक दो डॉक्टर सहित 174 लोगों की मौत हुई है।---
- बलिया (उप्र)। समाजवादी पार्टी के नेता एवं पूर्व मंत्री घूराराम की आज कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हो गई ।घूराराम के पुत्र संतोष कुमार ने बताया कि आज तड़के चार बजे उनके पिता का लखनऊ की किंगजार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में निधन हो गया । वह 63 वर्ष के थे । उन्होंने बताया कि उनके पिता को गत 14 जुलाई की देर रात्रि कफ व सांस लेने में दिक्कत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था । उन्होंने बताया कि बुधवार को उनकी मेडिकल जांच की रिपोर्ट आयी, जिसमें उनके कोविड-19 से पीडि़त होने की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि कल से कफ व रक्तचाप की परेशानी बढ़ी और उनकी हालत बिगड़ गई थी ।बसपा संस्थापक कांशी राम के विश्वस्त सहयोगी रहे घूरा राम वर्ष 1993 , 2002 व 2007 में जिले की रसड़ा सुरक्षित सीट से विधायक रहे तथा मायावती सरकार में स्वास्थ्य राज्य मंत्री रहे । हाल ही में वह सपा में शामिल हो गए थे । सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घूराराम को दल की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाया था ।----
- नई दिल्ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश के 22 राज्य और केन्द्र शासित प्रदेश पहले ही प्रति 10 लाख जनसंख्या पर 140 या इससे अधिक व्यक्तियों की कोविड जांच कर रहे हैं और उन्हें निरंतर यह सलाह दी जा रही है कि वे जांच करने की क्षमता बढ़ाकर विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा निर्धारित परीक्षण स्तर हासिल करें।विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोविड-19 के संदर्भ में सार्वजनिक स्वास्थ और सामाजिक उपायों के बीच समायोजन संबंधी जन स्वास्थ्य मानदण्ड के बारे में मार्ग दर्शन टिप्पणी में सुझाव दिया था कि संदिग्ध रोगियों पर व्यापक निगरानी रखी जानी चाहिए। डब्ल्यू एच ओ ने सलाह दी थी कि भारत को प्रति दस लाख आबादी पर 140 परीक्षण प्रतिदिन करने की आवश्यकता है।मंत्रालय के अनुसार कोविड-19 परीक्षणों की संख्या में बढ़ोतरी के पीछे एक मजबूत घटक यह है कि देश में कोविड-19 के परीक्षणों के लिए प्रयोगशालाओं के नेटवर्क का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। फिलहाल 865 प्रयोगशालाएं सरकारी क्षेत्र में और 358 निजी क्षेत्र में जांच कर रही हैं। कोविड जांच प्रयोगशालाओं की कुल संख्या एक हजार 223 हो गई है।
- नई दिल्ली। भारतीय औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने पहली बार पूरी तरह से स्वदेशी तरीके से विकसित विकसित न्यूमोकोकल पॉलीसैकराइड कंजुगेट टीके को बाजार में बेचने की मंजूरी दे दी है।यह टीका मेसर्स सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, पुणे द्वारा विकसित किया गया है। सीरम संस्थान ने देश में सबसे पहले न्यूमोकोकल पॉलीसैकराइड कंजुगेट वैक्सीन के चरण 1, चरण 2 और चरण 2 के नैदानिक परीक्षणों के लिए डीसीजीआई से स्वीकृति प्राप्त की थी। स्वीकृति मिलने के बाद से ये परीक्षण देश के भीतर किए जा रहे हैं। कंपनी ने इस टीके का नैदानिक परीक्षण जांबिया में भी किया है।परीक्षणों के बाद कंपनी ने इस टीके को बनाने की अनुमति के लिए आवेदन किया। अनुमति प्रदान करने से पहले एक विशेष विशेषज्ञ समिति (एसईसी) की मदद से भारतीय औषधि महानियंत्रक के कार्यालय द्वारा नैदानिक परीक्षणों के पूरे डेटा के साथ आवेदन की समीक्षा की गई। इसके बाद समिति ने टीके को बाजार में बेचने की अनुमति देने की सिफारिश की। मेसर्स सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को 14 जुलाई 2020 को घरेलू रूप से विकसित पहले न्यूमोकोकल पॉलीसैकराइड कंजुगेट टीके को बनाने की अनुमति दी गई। निमोनिया के इलाज के लिए स्वेदशी तकनीक से विकसित यह अपने किस्म का पहला टीका है। इससे पहले तक देश में ऐसे टीकों की मांग आयात के जरिए पूरी की जाती रही, क्योंकि ऐसा टीका बनाने वाली सभी कंपनियां विदेशों में थीं।यह टीका शिशुओं में स्ट्रेप्टोकोकस न्यूमोनिया के कारण होने वाले रोग और निमोनिया के खिलाफ सक्रिय टीकाकरण अभियान के लिए उपयोग किया जाता है। यह टीका इंजेक्शन के जरिए सीधे मांसपेशियों में दिया जाता है।
- नई दिल्ली।. बारिश और बाढ़ जनित घटनाओं में देश में 12 लोगों की मौत हो गयी । मौसम विभाग ने मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद गुजरात और तटीय महाराष्ट्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया है ।मिली जानकारी के अनुसार असम में बाढ़ से सात लोगों की मौत हो गयी । उत्तराखंड में मकान ढहने से एक गर्भवती महिला समेत चार लोगों की मृत्यु हो गयी । महाराष्ट्र में वज्रपात की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गयी। आधिकारिक बुलेटिन के मुताबिक बाढ़ के कारण असम के 26 जिलों में 36 लाख लोग प्रभावित हुए हैं । मोरिगांव में तीन लोग, बारपेटा में दो लोग तथा सोनितपुर और गोलाघाट जिले में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गयी। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने कहा है कि बाढ़ जनित घटनाओं में अब तक 92 लोगों की मौत हुई है। इसमें 66 लोगों की मौत बाढ़ में और 26 लोगों की मौत भूस्खलन में हुई ।मुंबई और तटीय महाराष्ट्र में भारी बारिश के मद्देनजर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है । इससे पहले चेतावनी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था । मंगलवार रात से ही शहर में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया है । राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के एक वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने बताया कि मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई, ठाणे, रायगढ और रत्नागिरी जिले में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।मौसम विभाग ने गुजरात में भारी से अति भारी बारिश का अनुमान जताया है और इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है । गोवा, तटीय और मध्य महाराष्ट्र के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है । मौसम विभाग के मुताबिक जुलाई में अब तक दिल्ली में 44 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी है यह सामान्य बारिश 88.3 मिलीमीटर के 50 प्रतिशत से भी कम है। मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर के महेश पलावत ने बताया कि मानसून का रुख हिमालय की तलहटी की तरफ होने से पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में छिटपुट बारिश ही हुई है। मानसून के 17 जुलाई को उत्तर की ओर बढऩे की संभावना है । इससे पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत उत्तर भारत में बारिश होगी।मौसम विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में 17 जुलाई से 20 जुलाई के बीच हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है । राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को गर्मी का प्रकोप जारी रहा और उमस का सामना करना पड़ा । उत्तराखंड के देहरादून जिले के चुक्खूवाला क्षेत्र में एक मकान के ढह जाने से उसके मलबे में दबकर एक आठ वर्षीय बालिका और एक गर्भवती महिला सहित एक परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गयी। घटना में दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे बारिश के बीच मकान ढहने से यह घटना हुई । उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई । राज्य में 16 और 17 जुलाई के बीच कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है ।
- -तीन लाख, 19 हजार 840 संक्रमितों का इलाज जारीनई दिल्ली। देश में कोविड-19 संक्रमण से स्वस्थ होने की दर 63 दशमलव दो-चार प्रतिशत हो गई है। अब तक पांच लाख 92 हजार 572 मरीज कोविड-19 से स्वस्थ हुए हैं। इस समय तीन लाख, 19 हजार 840 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया है कि पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 के 29 हजार 429 नये मामलों की पुष्टि के साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या नौ लाख 36 हजार 181 हो गई है। कोविड-19 के एक दिन में सबसे अधिक नये मामले आए हैं। एक दिन में पांच सौ 82 लोगों की मौत के साथ ही देश में मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हजार 309 हो गयी है।देश में मृतक दर दो दशमलव छह-शून्य प्रतिशत है। तीस राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों में राष्ट्रीय औसत की तुलना में मृत्यु दर कम है।इस बीच, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद-आईसीएमआर ने कहा है कि पिछले 24 घंटों के दौरान कुल तीन लाख 20 हजार 161 नमूनों की जांच की गई है जो अब तक की सबसे अधिक है। देश में अब तक एक करोड़ 24 लाख 12 हजार 664 लोगों की जांच हुई है। अब तक कुल एक हजार दो सौ 23 जांच केन्द्रों को मंजूरी दी है, जिसमें 865 सरकारी और 359 निजी जांच केन्द्र शामिल हैं।
- नई दिल्ली। भारतीय रेल ने कोविड महामारी के बाद इस्तेमाल में लाए जाने वाले विशेष किस्म के रेल डिब्बे बनाए हैं। इन डिब्बों में बिना हाथ लगाए चलाने वाले उपकरण, तांबे की परत वाले हैंडरेल और लैचेस, प्लाज्मा एयर प्यूरीफिकेशन और टाइटेनियम डाइआक्साइड की परत लगे उपकरण लगाए हैं। यह व्यवस्था यात्रियों को कोविड के संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए की गई है।रेल मंत्रालय ने कहा है कि यह विशेष रेल डिब्बे कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्ट्री में डिजाइन किए गए हैं। इनमें पैर से चलाए जा सकने वाले नल और सोप डिस्पेंसर, शौचालय के पैर से खोले जा सकने वाले दरवाजे, पैर से चलाए जा सकने वाले प्लशवॉल और पैर से चलाए सकने वाले नल लगे वाशबेसिन शामिल हैं। मंत्रालय के अनुसार रेलवे ने कोविड संक्रमण से बचाव के लिए कई कदम उठाए हैं। इन रेल डिब्बों के एसी डक्ट में प्लाज्मा एयर वाले उपकरण लगाने की व्यवस्था की गई है। इससे वातानुकूलित डिब्बों के भीतर की हवा और सतह को संक्रमण मुक्त रखा जा सकेगा।----
- नई दिल्ली। राज्यसभा सचिवालय ने दिवंगत भाजपा नेता अरुण जेटली के नाम पर एक कर्मचारी कल्याण योजना शुरू की है। राज्यसभा के सदस्य रहे अरुण जेटली के परिवार को मिलने वाली पेंशन से इस योजना के लिए राशि दी जाएगी।एक आधिकारिक बयान में मंगलवार को कहा गया कि इस योजना के तहत सचिवालय के समूह सी कर्मचारियों के बच्चों को उच्च तकनीकी एवं पेशेवर शिक्षा के लिए तीन छात्रवृत्ति दी जाएंगी। बयान के मुताबिक, इसके अलावा मृत्यु और चिकित्सा आपातकाल की स्थिति में कर्मचारियों को वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। अरुण जेटली की पत्नी संगीता ने पिछले साल राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू से अपील की थी कि वह परिवार को मिलने वाली पेंशन को सचिवालय के कर्मचारियों के लिए उपयोग में लाएं। श्री नायडू के निर्देश के आधार पर सचिवालय ने समूह सी कर्मचारियों के लिए अरुण जेटली वित्तीय सहायता योजना तैयार की।
-
बुरहानपुर (मप्र)। जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर नेपानगर में स्थित भारत सरकार के कागज बनाने के कारखाने नेपा मिल के टॉवर पर चढ़े एक कुत्ते को बचाने के प्रयास में बुरी तरह से घायल हुए एक वरिष्ठ अधिकारी की उपचार के दौरान मौत हो गयी।
मिल के निदेशक (वित्त) प्रदीप नाईक ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम नेपा मिल लिमिटेड में शनिवार शाम को यह हादसा हुआ था। इस हादसे में 55 वर्षीय सतनाम सिंह बग्गा गंभीर तौर पर घायल हो गये थे। वह संयंत्र में बिजली विभाग में अधिकारी थे। उन्हें इलाज के लिए बुरहानपुर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया था, जहां मंगलवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि शनिवार को एक कुत्ता मिल के टॉवर पर चढ़ गया था। मिल में कामकाज बंद होने के बाद बग्गा अपने सहयोगियों के साथ टॉवर पर चढ़े कुत्ते को बचाने के लिये ऊपर चढ़े थे। इस दौरान थैले में भरकर कुत्ते को साथ लेकर नीचे उतरने के दौरान टीन शेड की जर्जर छत के कुछ हिस्से अचानक टूटने से बग्गा काफी ऊंचाई से नीचे गिर गये। उन्होंने बताया कि इस हादसे में वह गंभीर रुप से घायल हो गये और चिकित्सकों के मुताबिक उनकी कई हड्डियां टूट गयी जबकि जिस कुत्ते को बचाने के लिये वह ऊपर चढ़े थे, वह कुत्ता बच गया। नाईक ने बताया कि बग्गा का परिवार चंडीगढ़ में रहता है।---- -
शिलांग। मेघालय के दूरदराज के गांव में रहने वाली 50 वर्षीय दादी ने उम्र की बंदिशों को धत्ता बताकर 12 की बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण की है। लोग उनकी इस उपलब्धि के लिए प्रशंसा कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर वह स्टार बन गई हैं। मेघालय उच्च माध्यमिक स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित 12वीं की परीक्षा के कला संकाय के नतीजे सोमवार को घोषित किए गए। बोर्ड की वेबसाइट के मुताबिक इसमें लकींते सिविमलेह उत्तीर्ण हुई हैं। बोर्ड परीक्षा में वह सबसे उम्रदराज छात्रा थीं और दो साल तक वह री-भोई जिले स्थित बालवान कॉलेज में शान से स्कूल की वर्दी पहनकर कक्षा में पढ़ाई करने गई। लकींते ने कहा कि मैं परीक्षा उत्तीर्ण कर बहुत खुश हूं। उन्होंने कहा कि वह अपने मुख्य विषय के रूप में मातृभाषा के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहती हैं। दादी ने बताया कि गणित की वजह से उन्होंने 1988 में पढ़ाई छोड़ दी थी क्योंकि वह सिरदर्द करने वाला विषय था। उन्होंने बताया, मैंने गणित की वजह से पढ़ाई छोड़ दी थी क्योंकि उसे समझना बहुत मुश्किल था। वर्ष 2008 में मुझे नर्सरी-एलकेजी के बच्चों को पढ़ाने का प्रस्ताव मिला और इसके बाद दोबारा पढऩे का रुझान बढ़ा। वर्ष 2015 में लंकीते ने पढ़ाई छोडऩे के 26 साल बाद इग्नू के दूरस्थ शिक्षा पाठ्यक्रम में दाखिला लिया ताकि एसएसए स्कूल में अपनी नौकरी को कायम रखा जा सके। इसी स्कूल में वह पढ़ाती हैं। लंकीते ने कहा, मैं खुश हूं क्योंकि इग्नू के पाठ्यक्रम में गणित विषय नहीं होता है। मेघालय के शिक्षामंत्री लाहमेन रिम्बुई ने लकींते को उम्र के बावजूद उपलब्धि हासिल करने पर बधाई दी है। -
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में मोटरसाइिकल से गिरने के बाद ट्रक के पहियों के नीचे आकर कुचलने से 28 वर्षीय महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि उसका पति बाल-बाल बच गया। पुलिस ने कहा कि दुर्घटना मुरादनगर में डागर विहार कॉलोनी के निकट दिल्ली-मेरठ रोड पर सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि को हुई।
घटना के बाद स्थानीय लोग सड़क पर आ गए और जाम लगा दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस वहां पहुंची और भड़की भीड़ को शांत कराया। गाजियाबाद के एसपी (देहात) नीरज कुमार जडाउं ने बताया कि आसिफ (30) अपनी पत्नी परवीन और दो बच्चों रेहान (6) तथा फैजान (3) के साथ साहिबाबाद इलाके के अर्थला गांव से मोटरसाइकिल पर मेरठ जिले के रारधाना गांव वापस जा रहा था। उन्होंने कहा कि वे एक संबंधी की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर वापस जा रहे थे। अधिकारी ने कहा कि जब आसिफ मुरादनगर के निकट पहुंचा तो उसकी मोटरसाइकिल का संतुलन किसी चीज से टकराकर बिगड़ गया। इस दौरान आसिफ सड़क किनारे गिर गया और उसकी पत्नी तथा बच्चे सड़क पर गिर गए। उन्होंने कहा कि पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक महिला और दो बच्चों पर चढ़ गया। अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया और आसिफ को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी ट्रक चालक की तलाश जारी है। -
जकार्ता। इंडोनेशिया के दक्षिण सुलावेसी प्रांत में अचानक आई बाढ़ में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और अनगिनत लोग लापता हो गए। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उत्तरी लुवु जिले के अधिकारी इंदाह पुतरी इंद्रियानी ने कहा, 15 लोगों की मौत हो चुकी है। कीचड़ के चलते कई स्थानों तक पहुंचा नहीं जा सका है। हम और हताहतों की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के बाद सोमवार की शाम बाढ़ आनी शुरू हुई, जिससे तीन नदियां उफान पर हैं।
-
नई दिल्ली। नोएडा में एक समान दिखने वाली जुड़वां बहनें-मानसी एवं मान्या ने सीबीएसई की 12 वीं कक्षा की परीक्षा में न केवल एक समान कुल अंक प्रतिशत प्राप्त किये हैं बल्कि सभी विषयों में भी दोनों को समान अंक मिले हैं। सीबीएसई ने 12 कक्षा का परिणाम सोमवार को घोषित किया था। नोएडा में रहने वाली जुड़वा बहनें न केवल दिखने में समान हैं बल्कि दोनों ने 12 वीं की परीक्षा में 95.8 फीसदी अंक हासिल किये हैं। दोनों को प्रत्येक विषय में एक जैसे अंक आये हैं। दोनों बहने अब इंजीनियरिंग करने की योजना बना रही हैं और उन्हें जेईई परीक्षा में बैठने का इंतजार है। कोरोना वायरस महामारी के कारण यह परीक्षा सितंबर तक टल गयी है। समान आदतों वाली दोनों बहनों ने कहा कि इन परीक्षाओं में बेहतर करने के बारे में वे आश्वस्त थीं लेकिन उन्होंने इसकी कल्पना भी नहीं की थी दोनों को समान अंक मिलेंगे। मानसी ने कहा कि समान रूप से दिखने के कारण हमें हर कोई याद करता है । हमारे नाम ही केवल हमें अलग पहचान देते हैं। हमलोग इस बात को लेकर आश्वस्त थे कि अच्छे अंक आयेंगे लेकिन एक समान अंक आने के बारे में कभी सोचा नही था। परीक्षा के बाद जब हमने इसका विश्लेषण किया तो हमें उम्मीद थी कि मान्या को अधिक अंक आयेंगे। मान्या ने कहा, दो साल पहले मैने पढ़ा था कि समान दिखने वाली जुड़वा बहनों ने समान अंक प्राप्त किये थे। तब मुझे लगा कि यह यह बहुत हद तक एक संयोग ही है। अब भी विश्वास नहीं कर सकते हैं कि हमने एकदम बराबर अंक हासिल किये हैं। उसका कहना था कि दोनों बहनों के बीच अध्ययन को लेकर प्रतिस्पर्धा रहती थी, लेकिन इससे पहले उन्हें कभी भी समान अंक नहीं मिले। उन्होंने बताया, हम दोनों के बीच हमेशा एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा रही और यह बहुत अधिक थी। हलांकि, हमारी पकड़ अलग अलग विषयों पर है। मैं रसायन में बेहतर हूं और मानसी की भौतिकी पर जबरदस्त पकड़ है। ग्रेटर नोयडा के आस्टर पब्लिक स्कूल में पढऩे वाली दोनों बहनो को अंग्रेजी एवं कम्प्यूटर साइंस में 98-98 जबकि भौतिकी, रसायन एवं शारीरिक शिक्षा में 95-95 अंक प्राप्त हुये हैं। दोनों के जन्म के बीच केवल नौ मिनट का अंतर है और दोनों को खाना खाना और बैडमिंटन खेलना पसंद है।
-
तूरा। मेघालय के पश्चिम गारो हिल्स जिले में बाढ़ से 89,000 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि जिले के कई इलाके बाढ़ की चपेट में हैं और तिकरिकिल्ला, देमदेमा और सेलसेला खंड में स्थिति गंभीर है। उन्होंने बताया कि ब्रह्मपुत्र की सहायक जिनजिराम नदी उफान पर है। पश्चिम गारो हिल्स के उपायुक्त राम सिंह ने बताया कि बाढ़ से तिकरिकिल्ला, देमदेमा और सेलसेला खंड में स्थिति गंभीर है। हालात की निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि बाढ़ से 16,400 घर और 89,000 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। जिला प्रशासन ने तीनों खंड में सात दिनों तक नि:शुल्क राहत सामग्री बांटने की घोषणा की है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। निचले इलाके में रह रहे लोग अपने मवेशियों के साथ पहले ही एएमपीटी (अगिया, मेधीपाड़ा, फुलबाड़ी, तूरा) रोड पर सुरक्षित स्थानों पर जा चुके हैं। इस बीच, तिकरिकिल्ला, देमदेमा और सेलसेला में जलस्तर बढऩे की सूचना मिली है। पीडब्ल्यूडी के एक अधिकारी ने बताया कि एएमपीटी रोड का बड़ा हिस्सा, पीडब्ल्यूडी की कई सड़कें और सेलसेला-तूरा सड़क पानी में डूबा हुआ है। -
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को प्रदेश के देवास जिले की बागली तहसील को जिला बनाये जाने की घोषणा की। देवास जिले हाटपीपल्या में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत कैलाश जोशी की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा कि बागली जिला बने, यह कैलाश जोशी जी की इच्छा थी। उनकी इस इच्छा को उनके जन्मदिवस पर पूरा करते हुए मैं बागली को जिला बनाने की घोषणा करता हूं। उन्होंने हाटपीपल्या में 96,800 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता की 2,540 करोड़ रूपये की लघु सिंचाई परियोजना और 103 गांव के लिए 241 करोड़ रूपये की नल-जल योजना को स्वीकृत करने की घोषणा भी की। इस अवसर पर चौहान ने हितग्राहियों को वन अधिकार पट्टों का वितरण किया तथा पथ विक्रेता योजना अंतर्गत विभिन्न हितग्राहियों को 10-10 हजार रुपए के चेक वितरित किए। - प्रतापगढ़(उप्र)। उदयपुर थानाक्षेत्र के रहुआ लालगंज में आज तेज रफ़्तार बाइक के अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा जाने से दो युवकों की मौत हो गयी ।अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) दिनेश द्विवेदी ने बताया कि धर्मेश सरोज (उम्र 25 वर्ष) और रोहित सरोज (26 वर्ष) बाइक से तेज रफ़्तार से जा रहे थे कि रहुआ लालगंज के निकट वाहन अनियंत्रित हो गया और खंभे से जा टकराया । द्विवेदी ने बताया कि दुर्घटना में धर्मेश और रोहित गंभीर रूप से घायल हो गये । उन्हें तत्काल चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया ।---
- नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने मंगलवार को शिक्षकों से राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिये स्वयं को नामांकित करने और अपनी उपलब्धियों को साझा करने की अपील की ।केन्द्रीय मंत्री श्री निशंक ने अपने ट्वीट में कहा, शिक्षक हमारे युवाओं के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे पूरे देश की अखंडता और नैतिकता को बनाए रखने वाले स्तंभ हैं। उनके उत्कृष्ट योगदान का जश्न मनाने और उनकी सराहना करने के लिए, हर साल मानव संसाधन विकास मंत्रालय शिक्षकों को सम्मानित करता है। मानव संसाधन विकास मंत्री ने कहा कि हम सभी शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2020 के लिए स्वयं को नामांकित करने हेतु आमंत्रित करते हैं। इस शिक्षक दिवस पर अपनी उपलब्धियों को साझा कर अपनी उपस्थिति दर्ज़ करें।गौरतलब है कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिये पंजीकरण कराने की अंतिम तिथि आज 15 जुलाई है। पूर्व राष्ट्रपति एवं शिक्षाविद डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्म-दिवस के अवसर पर शिक्षकों के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए भारत में शिक्षक दिवस 5 सितंबर को मनाया जाता है।-



.jpg)
.jpg)

.jpg)


















.jpg)

