- Home
- देश
-
रांची. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार को कहा कि यदि उन्हें अयोध्या में जनवरी में होने वाले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए आमंत्रित किया जाता है तो वह इसमें शामिल होंगे। सोरेन ने कहा कि उन्हें अभी तक समारोह के लिए निमंत्रण-पत्र नहीं मिला है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे अभी तक राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए निमंत्रण नहीं मिला है, लेकिन यदि मुझे मिलेगा तो मैं समारोह में जाऊंगा।'' वह राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। सोरेन ने कहा कि वह धार्मिक व्यक्ति हैं और मंदिरों तथा गुरुद्वारों जैसे धार्मिक स्थलों पर जाते हैं।
उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘कोई भी सच छिपाकर नहीं रख सकता। पूरा देश देख रहा है। मुझे कुछ नहीं कहना।'' सोरेन कथित भूमि घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में पूछताछ के लिए हाल में ईडी के छठे समन पर उसके सामने पेश नहीं हुए थे। सोरेन ने कहा कि सरकार ने चार साल पूरे कर लिए हैं लेकिन विपक्ष राज्य में झामुमो-कांग्रेस-राजद सरकार के आने के बाद से ही उसे अस्थिर करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘हम आदिवासी हैं लेकिन मूर्ख नहीं हैं। हम जानते हैं कि विपक्ष से कैसे निपटना है।'' -
नयी दिल्ली. इन्साकॉग के बृहस्पतिवार को अद्यतन किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के उप-स्वरूप जेएन.1 के कुल 157 मामले मिले हैं, जिनमें केरल में सबसे अधिक 78 मामले सामने आए हैं, इसके बाद गुजरात में 34 मामले मिले हैं। कई राज्यों में पिछले कुछ हफ्तों में कोविड के मामलों की संख्या में वृद्धि देखी गई है और नौ राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में अब तक वायरस के जेएन.1 उप-स्वरूप की उपस्थिति का पता लगा है। भारतीय सार्स-सीओवी-2 जीनोमिक संघ (इन्सकॉग) के अनुसार इन राज्यों में केरल (78), गुजरात (34), गोवा (18), कर्नाटक (आठ), महाराष्ट्र (सात), राजस्थान (पांच), तमिलनाडु (चार), तेलंगाना (दो) और दिल्ली (एक) हैं। इन्साकॉग के आंकड़े बताते हैं कि देश में दिसंबर में आए कोविड के 141 मामलों में जेएन.1 के होने का पता चला, वहीं नवंबर में 16 ऐसे मामले मिले थे।
-
अयोध्या . राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता राम विलास वेदांती ने उत्तर प्रदेश सरकार से पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी को आगामी 22 जनवरी को अयोध्या स्थित राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में लाने की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। वेदांती ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘राम जन्म भूमि आंदोलन में लाल कृष्ण आडवाणी का बहुत बड़ा योगदान है। ऐसे में जब रामलला विराजमान हो रहे हैं तो आडवाणी अपनी आंखों से ऐसा होते हुए देखें। यह देश की नहीं बल्कि पूरे विश्व के हिंदुओं की इच्छा है। भाजपा आज जहां है वहां तक पहुंचाने में अटल बिहारी वाजपेयी, लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी का बहुत बड़ा योगदान है।'' पूर्व सांसद ने कहा कि आडवाणी ने सोमनाथ से अयोध्या तक अपनी रथ यात्रा के जरिए राम मंदिर आंदोलन में हिंदुत्व की अलख जगाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं चाहता हूं कि जब रामलला विराजमान हों और उनका अभिषेक किया जा रहा हो, उस वक्त उत्तर प्रदेश सरकार खासकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आडवाणी को गर्भगृह तक लाने की व्यवस्था करनी चाहिए।'' गौरतलब है कि राम मंदिर का निर्माण करा रहे श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सचिव चम्पत राय ने हाल ही में कहा था कि ट्रस्ट ने अधिक उम्र और खराब स्वास्थ्य को देखते हुए आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी से आगामी 22 जनवरी को होने वाले प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में नहीं आने का अनुरोध किया था, जिसे दोनों ने स्वीकार भी कर लिया था। इसे लेकर विवाद उठने के बाद विश्व हिंदू परिषद ने आडवाणी को प्राण-प्रतिष्ठा में शामिल होने का न्योता दिया था।
-
मुंबई. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) प्रमुख एस सोमनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत ने जी20 देशों से कहा है कि वे उसके द्वारा प्रस्तावित जी20 उपग्रह में पेलोड, उपकरणों के माध्यम से योगदान दें जिसे अगले दो वर्षों में प्रक्षेपित किया जाएगा। सोमनाथ ने कहा कि मौसम और जलवायु महत्वपूर्ण पहलू होने वाले हैं और भारत वायु प्रदूषण, ग्रीनहाउस उत्सर्जन, आर्द्रता परिवर्तन और वर्षा, महासागर व्यवहार, धारा, लहरें, मिट्टी की नमी और विकिरण जैसे विभिन्न मापदंडों को मापकर इस क्षेत्र में योगदान देना चाहता है। सोमनाथ ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई के वार्षिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी महोत्सव ‘टेकफेस्ट' में कहा, ‘‘हम दो साल में उपग्रह का प्रक्षेपण करेंगे। यह भारत का पूरी दुनिया के लिए योगदान होगा।'' प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सितंबर में पर्यावरण और जलवायु पर्यवेक्षण के लिए एक जी20 उपग्रह प्रक्षेपण का प्रस्ताव रखा था। सोमनाथ ने कहा, ‘‘हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि आंकड़े पूरी दुनिया और हर देश के लिए उपलब्ध हों ताकि वे इसका उपयोग अपने मौसम संबंधी मॉडल और वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए कर सकें। हम दुनिया के लिए एक उपग्रह बनाने के लिहाज से दुनिया के प्रत्येक वैज्ञानिक समुदाय का स्वागत कर रहे हैं।
-
जयपुर. राजस्थान की नवनिर्वाचित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने (बीपीएल) वाले परिवारों एवं उज्जवला योजना के लाभार्थी परिवारों को 450 रुपये में गैस सिलेंडर एक जनवरी से उपलब्ध कराना शुरू करेगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा,' "मोदी जी की गारंटी" मतलब गारंटी पूरी होने की गारंटी। जो कहा सो किया।''
उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सर्वसमावेशी मंत्र 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास' से प्रेरणा लेकर सुशासन को समर्पित राजस्थान सरकार ने प्रत्येक बीपीएल परिवार एवं उज्जवला योजना के हर लाभार्थी परिवार को 450 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है जिसकी शुरुआत एक जनवरी से होगी। शर्मा ने लिखा,‘‘डबल इंजन की भाजपा सरकार राजस्थान की मातृशक्ति के सम्मान, उत्थान और सशक्तीकरण हेतु कृत संकल्पित है।'' उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में इसकी घोषणा की थी।
इससे पहले दिन में, शर्मा ने टोंक में एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित किया और कहा कि सिलेंडर 450 रुपये में दिया जाएगा और सब्सिडी राज्य सरकार द्वारा वहन की जाएगी एवं सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में उसे स्थानांतरित किया जाएगा। उन्होंने कहा, ''हम अपने घोषणापत्र के आधार पर राजस्थान के लोगों की सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।''
शर्मा ने यह भी कहा कि महिला सुरक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता है और उन्होंने अपराधियों को भाजपा शासन में अपराध करना बंद करने की चेतावनी भी दी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पेपर लीक मामले समेत पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के घोटालों की जांच की जाएगी। राज्य सरकार ने पहले ही पेपर लीक मामलों की जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया है और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रैंक के अधिकारियों की अध्यक्षता में एक ‘एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स' का गठन किया है। -
तिरुवनंतपुरम. केरल के एक गांव में परिवार की आर्थिक तंगी के कारण कथित तौर पर मानसिक अवसाद से जूझ रही 28 वर्षीय एक महिला ने 36 दिन के अपने बच्चे को बुधवार को कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना तिरुवनंतपुरम जिले के पोथेनकोड थानाक्षेत्र अंतर्गत एक गांव में बुधवार तड़के हुई। बच्चे की मौत के मामले में मां की संलिप्तता का शक होने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान महिला द्वारा अपराध कबूल करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। महिला ने जांचकर्ताओं को बताया कि परिवार की आर्थिक दिक्कतों के कारण बच्चों के पालन पोषण को लेकर चिंताओं के कारण उसने यह कदम उठाया। महिला का पांच साल का एक बेटा है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, महिला ने कहा कि उसके पति के पास नियमित रोजगार का जरिया नहीं है और परिवार को गुजारा करने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा था। महिला ने कहा कि दूसरे बच्चे के पालन-पोषण में आर्थिक दिक्कतों के कारण वह यह कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला मानसिक रूप से अस्थिर लग रही है। घटना तब सामने आई जब मां के बगल में सो रहा बच्चा रात करीब दो बजे लापता हो गया। घटना की जानकारी होने पर स्थानीय निवासियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच शुरू की और कुएं के पास बच्चे का तौलिया मिला। पुलिस ने उस कुएं की जांच करने के लिए अग्निशमन टीम की मदद मांगी, जहां बच्चे का शव मिला।
-
पुणे. महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में बुधवार सुबह एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) और एक ट्रक की टक्कर में तीन महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक, एसयूवी में आठ महीने की एक बच्ची भी सवार थी, जिसे मामूली चोटें आईं हैं।
अधिकारी ने बताया कि एसयूवी में सवार लोग कर्नाटक के गुलबर्गा से महाराष्ट्र के शिरडी की ओर आ रहे थे कि तभी बुधवार सुबह करीब 5.30 बजे सोलापुर जिले के पांडे गांव के पास करमाला-कुर्दुवाड़ी रोड पर यह दुर्घटना हो गई। करमाला थाने के एक अधिकारी के अनुसार, ऐसा प्रतीत होता है कि एसयूवी चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी दूसरे रास्ते पर चली गई। अधिकारी ने बताया, ''एसयूवी गाड़ी सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई, जिसमें तीन महिलाओं सहित एसयूवी में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। दुर्घटना में आठ महीने की बच्ची को मामूली चोटें आईं हैं।' -
पालघर. महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने फिल्मों के लिए ‘ऑडिशन' देने के बहाने महिलाओं के नग्न वीडियो बनाने और इस अश्लील सामग्री को बेचने के आरोप में एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों ने एक नवंबर को अर्नाला सागरी पुलिस थाना क्षेत्र में एक जगह पर ऑडिशन के लिए 18 वर्षीय एक लड़की सहित कुछ महिलाओं को बुलाया था। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने महिलाओं को फिल्मों में भूमिकाएं देने का वादा किया था। विरार में अपराध इकाई तृतीय के वरिष्ठ निरीक्षक प्रमोद बदख ने कहा कि ‘ऑडिशन' के बहाने तीनों आरोपियों ने शिकायतकर्ता महिलाओं के नग्न वीडियो शूट किए और फिर पैसे के लिए उन्हें वेब पर अपलोड कर दिया। उन्होंने बताया कि 12 दिसंबर को मामला दर्ज करने के बाद, पुलिस ने विभिन्न सूचनाओं पर काम किया और हाल में विरार से आरोपी अनुज कुमार (30) और 33 वर्षीय एक आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि उनसे पूछताछ के आधार पर पुलिस ने तीसरे आरोपी, ठाणे जिले के बदलापुर निवासी आरोपी सरजू कुमार रमाकांत (25) को पकड़ा। उन्होंने बताया कि पुलिस को वीडियो शूट करने में इस्तेमाल किये गये उपकरण मिले हैं, जिनमें मोबाइल फोन और एक लैपटॉप शामिल हैं, जिनकी कीमत 1.9 लाख रुपये है।
- नयी दिल्ली. वैज्ञानिकों ने विद्युत सुचालक एक ऐसी ‘‘मिट्टी'' विकसित की है जिससे औसतन 15 दिन में जौ के पौधों की 50 प्रतिशत अधिक वृद्धि हो सकती है। वैज्ञानिकों ने ऐसा दावा किया है। मिट्टी रहित खेती की इस विधि को ‘हाइड्रोपोनिक्स' के रूप में जाना जाता है। इस विधि में ऐसी जड़ प्रणाली का इस्तेमाल किया जाता है जिसे खेती के नए ‘सब्सट्रेट' (ऐसा पदार्थ या सतह जिस पर कोई पौधा बढ़ता है) के माध्यम से विद्युत रूप से उत्तेजित किया जाता है। स्वीडन स्थित लिंकोपिंग विश्वविद्यालय में एसोसिएट प्रोफेसर एलेनी स्तावरिनिडौ ने कहा, ‘‘दुनिया की आबादी बढ़ रही है और जलवायु परिवर्तन भी हो रहा है इसलिए यह स्पष्ट है कि हम खेती के केवल पहले से मौजूद तरीकों से पृथ्वी की खाद्य जरूरतों को पूरा करने में सक्षम नहीं होंगे।'' स्तावरिनिडौ ने कहा, ‘‘लेकिन हाइड्रोपोनिक्स की मदद से हम शहरों में भी बहुत नियंत्रित परिवेश में फसल उगा सकते हैं।'' टीम ने हाइड्रोपोनिक खेती के अनुरूप एक विद्युत सुचालक खेती सब्सट्रेट विकसित किया, जिसे वे ई-सॉइल कहते हैं। ‘प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज' पत्रिका में प्रकाशित शोध से पता चलता है कि विद्युत सुचालक ‘‘मिट्टी'' में उगाए गए जौ के पौधे 15 दिनों में तब 50 प्रतिशत अधिक तेजी से बढ़े जब उनकी जड़ों को विद्युतीय रूप से उत्तेजित किया गया। ‘हाइड्रोपोनिक' खेती का मतलब है कि पौधे मिट्टी के बिना उगते हैं, उन्हें केवल पानी, पोषक तत्वों और ऐसे सब्सट्रेट की आवश्यकता होती है जिससे उनकी जड़ें जुड़ सकें।
- नोएडा (उप्र). सेक्टर 39 थाना क्षेत्र के सदरपुर कॉलोनी में 16 वर्षीय किशोर की फोन पर बात करते समय पानी गर्म करने के रॉड से करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किशोर मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रहा था, इसी बीच उसने पानी गर्म करने वाली रॉड को अपने हाथ में ले लिया और बिजली का प्लग ऑन कर दिया जिससे करंट लगने से उसकी मौत हो गई। सेक्टर 39 के थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सदरपुर कॉलोनी निवासी देव रविवार रात को मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रहा था। इसी बीच नहाने के लिए वह पानी गर्म करने गया। किशोर फोन पर बात करने में इतना व्यस्त था कि वह यह भूल गया कि उसने पानी गर्म करने की रॉड को पानी की बाल्टी में नहीं लगाया है। सिंह ने बताया कि किशोर ने रॉड को अपने हाथ में ले लिया और बिजली के प्लग में लगाकर उसे ऑन कर दिया। उन्होंने बताया कि इसके चलते युवक को करंट लग गया। उसके परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- देहरादून. उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में मंगलवार को एक ईंट भट्ठे में दीवार गिरने से छह व्यक्तियों की मौत हो गयी तथा चार अन्य घायल हुए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। मौके पर पहुंचे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना मंगलौर पुलिस थाने के तहत लाबोली गांव में हुई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने बताया कि दीवार जब गिरी, उस समय ये लोग भट्ठे में काम कर रहे थे।उन्होंने कहा, ‘‘हम हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-
भोपाल। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सोमवार को 99वें अंतरराष्ट्रीय तानसेन समारोह में प्रदर्शन करने वाले लगभग 1,300 तबला वादकों ने ‘‘सबसे बड़े तबला समूह'' का खिताब हासिल करने के लिए ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' में अपना नाम दर्ज कराया। ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' का प्रमाणपत्र मुख्यमंत्री मोहन यादव को सौंपा गया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार इस उपलब्धि को मनाने और सभी संगीतकारों को सम्मानित करने के लिए 25 दिसंबर को ‘तबला दिवस' के रूप में मनाएगी। प्रमाण पत्र में लिखा गया, ‘‘भारत के ग्वालियर में 25 दिसंबर 2023 को 99वें अंतरराष्ट्रीय तानसेन समारोह के दौरान मध्य प्रदेश सरकार (भारत) के संस्कृति विभाग द्वारा सबसे बड़ा तबला समूह का दर्जा हासिल किया गया है।'' यादव ने कार्यक्रम में कहा, तबला वादकों ने इस आयोजन को ‘‘संगीत का कुंभ'' बना दिया। राज्य के संस्कृति विभाग के प्रधान सचिव शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि तबला वादकों की तीन पीढ़ियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया, जिनमें सबसे छोटा तबला वादक चार वर्ष का था। ग्वालियर में तानसेन समारोह के अंतर्गत आयोजित ताल दरबार कार्यक्रम में बेजोड़ प्रदर्शन के लिए 1,282 तबला वादकों ने हिस्सा लिया। इन सभी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बधाई दी है। यह कार्यक्रम "गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स" में दर्ज किया गया है।
-
नई दिल्ली। दिल्ली के आर के पुरम स्थित संकट मोचन मंदिर आश्रम में वह कार्यालय है जहां राम मंदिर आंदोलन की योजनाओं का खाका बना और उन्हें अमलीजामा पहनाया गया । आर के पुरम स्थित संकट मोचन मंदिर परिसर में विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) का यह कार्यालय आमतौर पर कम चहल पहल वाला दिखता है, लेकिन मंदिर आंदोलन के इतिहास के पन्नों के टटोला जाए तब यह कार्यालय राम मंदिर आंदोलन से बहुत करीबी से जुड़ा हुआ है जिसका ‘‘ध्यान कक्ष’’ ऐसी बैठकों का केंद्र हुआ करता था ।
विहिप के संयुक्त महामंत्री सुरेन्द्र जैन ने बताया, ‘‘इसी स्थान से राम मंदिर से जुड़ी तमाम योजनाओं को आगे बढ़ाया गया । यहीं पर अशोक सिंघल, विष्णु हरि डालमिया, चंपत राय जैसे दिग्गजों, विहिप कार्यकर्ताओं ने साधु संतों के निर्देश के अनुरूप आंदोलन को आगे बढ़ाने का काम किया । ’’ उन्होंने बताया कि संकट मोचन मंदिर आश्रम वह पवित्र स्थान है जहां पर देशभर के वरिष्ठतम संत, महापुरूष, अध्यात्मिक गुरू आते जाते रहे और जिन्होंने भगवान श्रीराम की जन्मस्थली को मुक्त कराने के लिये आजीवन संघर्ष किया । विहिप के पदाधिकारियों ने बताया कि राम मंदिर आंदोलन में विष्णु हरि डालमिया की भूमिक मार्गदर्शक की रही, जबकि अशोक सिंघल मुख्य भूमिका में रहे और चंपत राय ने पर्दे के पीछे रहकर सतत रूप से काम किया । विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने बताया, ‘‘ यह पूरा आंदोलन 80 के दशक के मध्य में शुरू हुआ था, तब आंदोलन की कमान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद ने इसकी संभाली । आंदोलन के दौरान अप्रैल 1984 में सरयू नदी के किनारे हुई धर्म संसद अहम पड़ाव थी । इसी धर्म संसद में राम मंदिर को लेकर निर्णायक आंदोलन शुरू करने का फैसला हुआ । 21 जुलाई, 1984 को अयोध्या के वाल्मीकि भवन में बैठक कर विहिप ने रामजन्मभूमि यज्ञ समिति का गठन किया। ’’ बंसल ने बताया कि इसके बाद 1984 के अगस्त माह से ही संकट मोचन मंदिर आश्रम ही बैठकों का केंद्र बन गया । साधु संतों के आदेश को क्रियान्वित करने की रूपरेखा इसी दफ्तर में तैयार की जाती थी । उन्होंने बताया, ‘‘ प्रारंभ से ही कार्यालय में तीन ‘ध्यान कक्ष’हैं जिसमें एक बड़ा और दो छोटे कक्ष हैं। बड़ी बैठकें बड़े ध्यान कक्ष में आयोजित की जाती थी जिसमें अशोक सिंघल, विष्णु हरि डालमिया, चंपत राय आदि साधु संतों के साथ विचार विमर्श करते थे । छोटी बैठकें या वन टू वन मीटिंग छोटे ध्यान कक्ष में हुआ करती थी । देश भर के साधु-संतों के साथ में मिलकर लगातार योजनाएं बनाना, बातचीत करना और उनको किस तरीके से मूर्त रूप देना है, उस पर भी लगातार विचार-विमर्श होता था ।’’ विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय कार्यालय में अशोक सिंघल का कमरा पहली मंजिल पर जस का तस बना हुआ है । यहां पर आज भी एक चौकी है और साथ में ही वहां एक उनका अपना छोटा सा मंदिर भी मौजूद है । पदाधिकारियों ने बताया कि अशोक सिंघल जी के निर्देश पर एक सभागार भागवन राम और राम मंदिर के रिकार्ड रूम के रूप समर्पित किया गया और यहां आज भी राम जन्मभूमि आंदोलन और अदालती मामलों से जुड़े कागजात और रिकार्ड मौजूद हैं । उन्होंने बताया कि संकट मोचन मंदिर आश्रम स्थित कार्यालय में अशोक सिंघल के मार्गदर्शन में दिनचर्या एकदम निर्धारित रूप से चलती थी । सुबह पांच बजे सभी स्वयंसेवक, कर्मचारी आदि मंदिर प्रांगण में आ जाते थे तथा योग, ध्यान करते थे तथा प्रतिदिन शाखा लगती थी । उन्होंने बताया कि अयोध्या में राम जन्मभूमि स्थान और आर के पुरम स्थित संकट मोचन मंदिर आश्रम में एक समानता भी है और दोनों स्थानों पर प्रवेश करने के साथ ही हनुमान दरबार है।
-
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने देश के उत्तर-पश्चिम और मध्यवर्ती क्षेत्रों में अगले तीन से चार दिनों तक घना कोहरा रहने का अनुमान व्यक्त किया है। पंजाब के अनेक भागों तथा हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर-प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह के समय अत्यधिक घना कोहरा छाए रहने की आशंका है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि इस महीने की 30 तारीख से पश्चिमी विक्षोभ का असर पश्चिमोत्तर भारत पर पड़ सकता है। अगले पांच दिनों तक देश के उत्तरी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। -
मुंबई. विस्तारित दूरी की सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइल दागने की क्षमता से लैस स्टेल्थ गाइडेड मिसाइल विध्वंसक ‘आईएनएस इंफाल' को मंगलवार को मुंबई में भारतीय नौसेना में शामिल किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार युद्धपोत को औपचारिक रूप से नौसेना में शामिल करने के कार्यक्रम में उपस्थित थे। ‘आईएनएस इंफाल' नौसेना द्वारा स्वदेशी रूप से डिजाइन किए गए 'विशाखापत्तनम' श्रेणी के चार विध्वंसक युद्धपोतों में से तीसरा युद्धपोत है। इसे नौसेना के युद्धपोत डिजाइन ब्यूरो ने डिजाइन किया है और यह सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम मझगांव डॉक लिमिटेड, मुंबई द्वारा निर्मित है। पश्चिमी नौसैन्य कमान के ‘फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ' वाइस एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने कहा कि ‘आईएनएस इंफाल' पहला युद्धपोत है जिसका नाम पूर्वोत्तर के किसी शहर के नाम पर रखा गया है। बंदरगाह और समुद्र में व्यापक परीक्षण कार्यक्रम पूरा करने के बाद ‘आईएनएस इंफाल' को 20 अक्टूबर को भारतीय नौसेना को सौंप दिया गया था।
-
हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश) .भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने केंद्र सरकार की विकास संबंधी और कल्याणकारी योजनाओं को लेकर जागरूकता पैदा करने के लिए हमीरपुर जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में ‘नमो' चाय की दुकानें खोली हैं। एक प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी दी। भाजयुमो ने यहां जारी एक बयान में कहा कि ‘‘वर्तमान भारत के निर्माता'' प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम पर ‘नमो' चाय की दुकान लोकसभा चुनाव से पहले हमीरपुर के गांधी चौक, नदौन के इंद्रपाल चौक, भोरंज के मुख्य बाजार, बड़सर बाजार और सुजानपुर बाजार में स्थापित की गई हैं। भाजयुमो की जिला इकाई के एक प्रवक्ता ने कहा कि इसका मकसद कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए शुरू की गई विकास योजनाओं और पहलों को लेकर चाय के साथ ‘गप-शप' करना है। भाजयुमो की जिला इकाई के एक अन्य पदाधिकारी ने कहा कि ‘नमो' चाय की दुकानें 2024 के लोकसभा चुनावों में एक प्रमुख भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की युवा शाखा इन दुकानों में कई गतिविधियों का आयोजन करेगी। भाजपा ने 2014 के आम चुनावों से पहले मतदाताओं तक पहुंचने के लिए ‘चाय पे चर्चा' कार्यक्रम शुरू किया था, जिसमें प्रधानमंत्री पद के तत्कालीन उम्मीदवार मोदी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पूरे देश में एक साथ सैकड़ों स्थानों पर लोगों के साथ चाय पीते हुए बैठकें की थीं, ताकि पार्टी का मत प्रतिशत बढ़ सके।
-
नयी दिल्ली. कांग्रेस नेतृत्व ने मंगलवार को अपनी बिहार इकाई के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की, जिसमें सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे को लेकर सामंजस्य बैठाने पर जोर देने के साथ ही एक कार्य योजना के साथ आगे बढ़ने का फैसला किया गया। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेता 29 दिसंबर को पार्टी की राष्ट्रीय गठबंधन समिति की बैठक में अपनी बात रखेंगे और उसके आधार पर यह समिति राष्ट्रीय जनता दल और जनता दल (यूनाइटेड) के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत करेगी। कांग्रेस मुख्यालय में हुई इस बैठक में बिहार में संगठन की स्थिति, चुनाव की तैयारियों और सीट बंटवारे को लेकर चर्चा हुई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, बिहार प्रभारी मोहन प्रकाश, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह और कई अन्य नेता मौजूद थे। बैठक के बाद खरगे ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘लोकसभा चुनाव संबंधी तैयारियों को लेकर कांग्रेस की बिहार इकाई के नेताओं से चर्चा हुई। बिहार में महागठबंधन सरकार मज़बूती से बिहार के लोगों की आशा के अनुरूप काम कर रही है।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्ध हैं। बिहार की तरक़्क़ी, ख़ुशहाली और अमन-चैन के लिए कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता पूरी मेहनत से जन-जन तक जाने और बिहार के लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप खरा उतरने को तत्पर है।'' बैठक के बाद अखिलेश प्रसाद सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पहले से स्पष्ट है कि कांग्रेस बिहार में गठबंधन में चुनाव लड़ेगी। एक कार्य योजना बनायी गई है, उसे विस्तृत रूप देकर आगे बढ़ेंगे।'' उन्होंने बताया कि 29 दिसंबर को गठबंधन समिति की बैठक में सीटों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से अपनी बात रखी जाएगी। सिंह ने कहा, ‘‘खरगे और राहुल गांधी ने विस्तार से बात सुनी। उन्होंने कुछ बातें बताई, हम इस पर रूपरेखा तैयार करके आगे बढ़ेंगे।'' यह पूछे जाने पर कांग्रेस कितनी सीट पर चुनाव लड़ेगी, तो उन्होंने कहा, ‘‘पिछली बार हम राष्ट्रीय जनता दल और वाम दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़े थे। इस बार जनता दल (यू) भी है। एक दो सीट आगे-पीछे होने में कोई तकलीफ नहीं है। हम सामंजस्य बनाकर लड़ेंगे और भाजपा को हराएंगे।'' उन्होंने कहा कि जब गठबंधन होता है, तो रुख में लचीलापन दिखाना होता है। सिंह ने कहा, हम गठबंधन समिति के समक्ष अपनी बात रखेंगे और वह दूसरे दलों के साथ बातचीत करेगी।''
कांग्रेस ने गत 19 दिसंबर को पांच सदस्यीय राष्ट्रीय गठबंधन समिति का गठन किया था। यह समिति सीट बंटवारे को लेकर सहयोगी दलों के साथ बातचीत करेगी। इस समिति में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पार्टी के वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक, सलमान खुर्शीद और मोहन प्रकाश शामिल हैं। कांग्रेस 2019 के विधानसभा चुनाव में बिहार की नौ लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ी थी और उसे सिर्फ किशनगंज लोकसभा क्षेत्र में सफलता मिली थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार की महागठबंधन की सरकार में कांग्रेस साझेदार है। महागठबंधन के सभी घटक राष्ट्रीय जनता दल, जनता दल (यूनाइटेड), कांग्रेस और वाम दल राष्ट्रीय स्तर पर बने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' का हिस्सा हैं। -
जम्मू. इस वर्ष अभी तक 93.50 लाख श्रद्धालु वैष्णो देवी मंदिर में देवी माता के दर्शन कर चुके हैं, जो एक दशक में सबसे अधिक संख्या है। मंदिर पदाधिकारियों के मुताबिक, सोमवार तक कुल 93.50 लाख लोगों ने जम्मू के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित मंदिर के दर्शन किए, जिसके साथ ही 2013 में 93.24 लाख श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड टूट गया। श्री माता वैष्णो देवी मंदिर बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंशुल गर्ग ने बताया, ''93.24 लाख श्रद्धालुओं से ज्यादा का नया रिकॉर्ड पिछले 10 वर्षों में सबसे अधिक है।'' वर्ष 2012 में सबसे अधिक 1,04,09,569 श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन किए थे। वहीं 2011 में 1,01,15,647 श्रद्धालु वैष्णो माता के दर्शन करने पहुंचे थे। गर्ग ने कहा कि प्रतिदिन 37 हजार से 44 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए यहां आ रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि साल के अंत तक यह आंकड़ा 50 हजार तक पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि इस साल अनुमान है कि दर्शन के लिए आने वाले भक्तों की संख्या 95 लाख से अधिक हो जाएगी। मंदिर में तीर्थयात्रियों के लिए कई सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अक्टूबर में 'स्काईवॉक' और पुनर्निर्मित पार्वती भवन का उद्घाटन किया था। इसके अलावा कटरा स्थित तीर्थस्थल आधार शिविर में अब एक अत्याधुनिक कॉल सेंटर काम कर रहा है, जहां दुनिया भर से तीर्थयात्रियों के हर दिन लगभग 2,500 कॉल प्राप्त होती हैं। अक्टूबर में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भक्तों के लिए 'लाइव दर्शन' सुविधा भी शुरू की थी।
-
पालघर. महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई से फिरौती के लिए अगवा किये गये भाई-बहन का पुलिस ने शिकायत मिलने के दो घंटे के अंदर पता लगाकर उन्हें बचा लिया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी और कहा कि अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि अपराध में शामिल दो लोगों को 23 और 24 दिसंबर की दरमियानी रात को प्राथमिकी दर्ज कराने के पांच घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। जोन दो के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पूर्णिमा चौगुले-शिंगे ने कहा, ‘‘23 दिसंबर की शाम को वसई के नायगांव से 17 वर्षीय एक लड़की और उसके आठ वर्षीय भाई का अपहरण कर लिया गया था। अपहरणकर्ताओं ने उनके (अपहृत भाई-बहन) पिता को फोन किया और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। उन्होंने धमकी दी कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई, तो वे बम विस्फोट करके बच्चों को मार देंगे।'' दोनों अपहरणकर्ताओं के वसई के वाकीपाड़ा इलाके में होने का पता चलने पर उन्हें सोमवार देर रात करीब एक बजे पकड़ लिया गया। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने शिकायत दर्ज कराने के दो घंटे के भीतर बच्चों का पता लगाया और उन्हें बचाया। अपहरणकर्ताओं को पांच घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।'' एक स्थानीय अदालत ने दोनों आरोपियों को 29 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने अपहरण और आपराधिक साजिश के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की जांच जारी है।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जल्द ही ‘पुश-पुल' तकनीक वाली पहली अमृत भारत ट्रेन को अयोध्या से हरी झंडी दिखाएंगे। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को नयी दिल्ली स्टेशन पर इसके कोच और इंजन का निरीक्षण करने के बाद यह जानकारी दी। वैष्णव ने प्लेटफॉर्म पर करीब आधे घंटे का वक्त बिताया और ट्रेन के इंजन व कुछ डिब्बों का निरीक्षण किया। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बहुत जल्द अयोध्या से इसे हरी झंडी दिखाएंगे।
वैष्णव ने नयी ‘पुश-पुल' तकनीक की जानकारी दी, जो उनके मुताबिक ट्रेन के संचालन को अधिक सुरक्षित बनाती है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और आराम के लिए कई नयी सुविधा शामिल की गई हैं। रेल मंत्री ने कहा कि ट्रेनों को चलाने में दुनिया भर में दो तरह की तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है पहली ‘‘वितरित बिजली प्रौद्योगिकी और दूसरी पुश-पुल तकनीक।'' वैष्णव ने कहा, '' वितरित बिजली प्रौद्योगिकी में हर दूसरे या तीसरे डिब्बे में एक मोटर होती है, जो ट्रेन के ऊपर लगे उपकरण के जरिए बिजली की आपूर्ति से चलती है। वंदे भारत ट्रेन वितरित बिजली प्रौद्योगिकी पर आधारित हैं।'' उन्होंने कहा, ''वहीं पुश-पुल तकनीक का मतलब है कि ट्रेन में दो इंजन होते हैं, एक आगे और दूसरा आखिर में। आगे वाला इंजन ट्रेन को खींचता है तो वहीं पीछे वाला इंजन ट्रेन को आगे की तरफ धकेलता है।'' वैष्णव ने कहा कि ट्रेन में ‘पुश-पुल' तकनीक को शामिल करने के लिए कई बदलाव किए गए हैं, जो गति को तेज करने और गति को कम करने में मदद करती हैं।
उन्होंने कहा, ''ट्रेन की गति को बेहतर तरीके से बढ़ाना और घटाना उन पुलों, मोड़ों और अन्य स्थानों पर समय बचाने में मदद करेगा, जहां ट्रेनों की गति कम होती है।'' उन्होंने कहा कि अगर अमृत भारत ट्रेन दिल्ली से कोलकाता के बीच चलती है तो दूरी तय करने में पारंपरिक ट्रेन की तुलना में लगभग दो घंटे कम समय लगेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद रेलवे चार से पांच महीने तक ट्रेन का सामान्य परिचालन करेगा और देखेगा कि कहीं कोई तकनीकी दिक्कत तो नहीं है। वैष्णव ने कहा, ''इसके बाद हर महीने इस मॉडल की 20 से 30 ट्रेन तैयार की जाएंगी। हमने वंदे भारत के साथ भी यही किया। हमने एक साल तक ट्रेन चलाई और फिर उत्पादकता बढ़ाते हुए इसमें सुधार किया।'' उन्होंने कहा कि बाद में चलाई जाने वाली ट्रेनों में सामान्य श्रेणी से लेकर वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी तक की व्यवस्था होगी।
-
गुरुग्राम। गुरुग्राम के सेक्टर 53 में ‘नकली पुलिसकर्मियों' का एक गिरोह उज्बेकिस्तान के एक नागरिक से 16,000 अमेरिकी डॉलर लेकर फरार हो गया। यह जानकारी पुलिस ने सोमवार को दी। पुलिस ने कहा कि उज्बेकिस्तान का मूल निवासी सोबिरॉय बोतिर अपने दो भाइयों के साथ आर्टेमिस अस्पताल में गुर्दा प्रतिरोपण कराने के लिए गुरुग्राम में है। बोतिर ने अपने होटल के प्रबंधक मोहित सहरावत के माध्यम से दर्ज करायी गई अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि यह घटना शनिवार रात करीब 9 बजे हुई, जब वह और उसके भाई एक मॉल से अपने होटल लौट रहे थे। उसने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि रास्ते में होटल से करीब 100 मीटर पहले उन्हें कार सवार कुछ लोगों ने रोक लिया। बोतिर ने अपनी शिकायत में कहा, "कार सवारों ने कहा कि वे पुलिसकर्मी हैं और उन्होंने अपना पहचानपत्र भी दिखाया और हमारे बैग की जांच कराने के लिए कहा।'' पुलिस ने बताया कि उनके पासपोर्ट की जांच करने के बाद, उनमें से एक व्यक्ति ने जांच के लिए बोतिर का बैग लिया और उसमें से 16,000 अमेरिकी डॉलर चुपचाप निकाल लिए और बाद में वे कार में बैठकर भाग गए। पुलिस ने कहा कि शिकायत के बाद, रविवार को सेक्टर 53 पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 379 ए, 419 और 34 के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
-
भोपाल. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सोमवार को 99वें अंतरराष्ट्रीय तानसेन समारोह में प्रदर्शन करने वाले लगभग 1,300 तबला वादकों ने ‘‘सबसे बड़े तबला समूह'' का खिताब हासिल करने के लिए ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' में अपना नाम दर्ज कराया। ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' का प्रमाणपत्र मुख्यमंत्री मोहन यादव को सौंपा गया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार इस उपलब्धि को मनाने और सभी संगीतकारों को सम्मानित करने के लिए 25 दिसंबर को ‘तबला दिवस' के रूप में मनाएगी। प्रमाण पत्र में लिखा गया, ‘‘भारत के ग्वालियर में 25 दिसंबर 2023 को 99वें अंतरराष्ट्रीय तानसेन समारोह के दौरान मध्य प्रदेश सरकार (भारत) के संस्कृति विभाग द्वारा सबसे बड़ा तबला समूह का दर्जा हासिल किया गया है।'' यादव ने कार्यक्रम में कहा, तबला वादकों ने इस आयोजन को ‘‘संगीत का कुंभ'' बना दिया।
राज्य के संस्कृति विभाग के प्रधान सचिव शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि तबला वादकों की तीन पीढ़ियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया, जिनमें सबसे छोटा तबला वादक चार वर्ष का था। -
श्योपुर. मध्यप्रदेश के श्योपुर के कुनो राष्ट्रीय उद्यान में हाल ही में छोड़ा गया चीता राजस्थान के बारां जिले की सीमा में घुस गया, जिसके बाद उसे बेहोश कर वापस लाया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मादा चीता, अग्नि को रविवार को पारोंड वन रेंज में वायु नामक एक अन्य चीते के साथ जंगल में छोड़ा गया था, यह रेंज कुनो राष्ट्रीय उद्यान के अहेरा पर्यटन क्षेत्र का हिस्सा है। कुनो वन प्रभाग के अधिकारी ने बताया, ‘‘अग्नि पड़ोसी राज्य राजस्थान के बारां जिले के जंगल में पहुंच गया। मादा चीता को सोमवार को बेहोश किया गया और कुनो राष्ट्रीय उद्यान वापस लाया गया। इसे एक बाड़े में स्थानांतरित किया जा रहा है।'' सितंबर 2022 में नामीबिया से आठ चीतों को यहां लाया गया था, जबकि इस साल फरवरी में 12 चीतों को दक्षिण अफ्रीका से लाया गया था। इस साल मार्च में चार शावकों का जन्म हुआ। इस साल मार्च से अब तक तीन शावकों समेत नौ चीतों की मौत हो चुकी है। बाकी 15 चीते अगस्त से ‘बोमास' (विशेष बाड़े) में हैं। अब तक चार चीतों को जंगल में छोड़ा जा चुका है, जिससे पर्यटक उनका दीदार कर सकते हैं।
- जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने सोमवार को कहा कि नयी प्रदेश सरकार के अंतर्गत काम और जिम्मेदारी से किसी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।चिकित्सा विभाग ने मुख्यमंत्री के सवाईमान सिंह चिकित्सालय (एसएमएस) के औचक निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाये गये अस्पताल के तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया।विभाग के निदेशक (अराजपत्रित) सुरेश नवल की ओर से जारी आदेश में अस्पताल के वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी मुकेश बाबू, आलम अली खान, नर्सिंग अधिकारी मुकेश कुमार को निलंबित कर दिया गया और निलंबन काल में उनका मुख्यालय कार्यालय संयुक्त निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अजमेर जोन किया गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी चिकित्सक, अधिकारी एवं कार्मिक समयनिष्ठा के साथ अपना कार्य करें। देर से आने वाले एवं नदारद रहने वाले लोगों के विरूद्ध सख्त कदम उठाए जाएं।शर्मा सोमवार को एसएमएस अस्पताल के औचक निरीक्षण के उपरांत ओटीएस में अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सीय एवं प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने बताया कि अस्पताल में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नियमित एवं प्रभावी निगरानी की जाए और इस हेतु अस्पताल के एक अधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया जाए।उन्होंने कहा कि बारी-बारी से अस्पताल के कर्मचारियों की तैनाती ओपीडी, आईसीयू आदि सभी वार्ड में की जाये, ताकि कहीं भी स्टाफ की कमी नहीं हो। रात्रि में भी पर्याप्त स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। अस्पताल परिसर में प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाया जाए।शर्मा ने कहा कि एसएमएस प्रदेश का प्रतिष्ठित राजकीय अस्पताल है, यहां देश-प्रदेश से मरीज आते हैं, यहां आने वाले मरीजों एवं परिवारजनों की सुगमता हेतु व्यवस्थाएं दुरुस्त करना हमारी प्राथमिकता है।उन्होंने चिकित्सकों को निर्देशित करते हुए कहा कि तुरंत प्रभाव से अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। लापरवाही करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाये।उन्होंने कहा कि मरीजों को अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं एवं समुचित देखभाल सुलभ होनी चाहिए। उन्हें एवं उनके परिजनों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिले, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। मरीजों के स्वास्थ्य-सुधार में वातावरण का भी अहम योगदान होता है।उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन के अधिकारियों को इसमें विशेष रूचि लेकर अपने आवास के समान ही अस्पताल में स्वच्छता का ध्यान रखना चाहिए।इस दौरान एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य राजीव बगरहट्टा, एसएमएस अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अचल शर्मा समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
-
नई दिल्ली। जनजातीय कार्य मंत्रालय ने सोमवार को प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा-अभियान पर सूचना, शिक्षा और संचार अभियान की पहल की है। इस अभियान का उद्देश्य आदिवासी बहुल क्षेत्रों में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों-पीवीटीजी में सरकारी योजनाओं की शतप्रतिशत पहुंच सुनिश्चित करना और जागरुकता बढाना है।
इस अभियान का उद्देश्य देशभर के दो सौ जिलों के 22 हजार पीवीटीजी आदिवासी निवास स्थानों तक कल्याणकारी सरकारी योजनाओं की पहुंच बनाना भी है। मंत्रालय ने बताया कि यह पहल प्रत्येक कमजोर जनजातीय समूहों के घरों तक पहुंचेगी। वे घर जो अब तक दूरी, सडक और डिजिटल संपर्क की कमी के कारण वंचित रहे हैं। इसके जरिये सरकार इस तरह के प्रत्येक घर के द्वार तक सुविधाएं प्रदान करेगी।मंत्रालय ने बताया कि अभियान अवधि के दौरान इन समूहों को आधार कार्ड, समुदाय प्रमाण पत्र और जन-धन खाते दिये जायेंगे, जो आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और किसान क्रेडिट कार्ड के लिए आवश्यक है। इन कार्यक्रमों को आयोजित करने के लिए हाट बाजार, जन सेवा केन्द्र, ग्राम पंचायत, आंगनवाडी, वन-धन विकास केन्द्र और कृषि विकास केन्द्रों का इस्तेमाल किया जायेगा। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस वर्ष 15 नवम्बर को झारखण्ड के खूंटी जिले से जनजातीय गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री जन मन योजना का शुभारंभ किया था।









.jpeg)


.jpg)











.jpg)



