- Home
- देश
-
अयोध्या. देश के विभिन्न हिस्सों से अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए यहां तमिल और तेलुगू सहित अलग-अलग भाषाओं में पट्टिकाएं लगाई जाएंगी। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी जोन) पीयूष मोर्डिया ने यह जानकारी दी। अयोध्या पहुंचे मोर्डिया ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रमुख मंदिरों की तरफ जाने वाले मार्गों को चिह्नित करने की योजना बनाई गई है और जिस मार्ग से पैदल यात्री जाएंगे उन पर वाहनों को जाने से रोका जाएगा। उन्होंने कहा कि मार्गों की आवश्यकता के अनुरूप योजना तैयार की जा रही है। कुछ मार्गों पर ई-रिक्शा को भी प्रतिबंधित किया जा सकता है। मोर्डिया ने बताया कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए अयोध्या के मार्गों पर अलग-अलग भाषाओं में निर्देश पट्टिकाएं लगाई जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को मंदिर जाने में दिक्कत ना हो। उन्होंने बताया कि खासकर दक्षिण भारत के राज्यों की भाषाओं में निर्देश पट्टिकाएं लगाई जाएंगी।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कहा कि केंद्र सरकार प्रेस की आजादी और मीडिया के हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पत्रकारों को भयमुक्त माहौल मुहैया कराया जाना चाहिए ताकि वे स्वतंत्र रूप से अपना काम कर सकें। ठाकुर उच्च सदन में प्रश्नकाल के दौरान पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था राज्य का विषय है और केंद्र सरकार पत्रकारों सहित देश के सभी नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च महत्व देती है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए मौजूदा कानून पत्रकारों को भी कवर करते हैं। पत्रकारों पर हमले की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार की तीखी आलोचना की और कहा कि वहां से लगातार ऐसी खबरें आती रहती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को पत्रकारों को एक सुरक्षित वातावरण मुहैया कराना चाहिए। ठाकुर ने विकसित भारत संकल्प यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल एक मात्र राज्य है जहां इस यात्रा की गाड़ियों को तोड़ा गया और लोगों के साथ मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि जब ऐसी घटनाओं को कवर करने के लिए पत्रकार जाते हैं तो वह भी असुरक्षित महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में पत्रकारों पर हुए हमलों के संदर्भ में कहा कि अक्टूबर, 2015 में निकाय चुनावों के दौरान 20 पत्रकारों को पीटा गया जबकि फरवरी, 2022 में दमदम और मिदनापुर में चार पत्रकारों के साथ मारपीट की गई। उन्होंने इस क्रम में कुछ और घटनाओं का भी जिक्र किया। ठाकुर ने कहा कि मौजूदा सरकार ने 2017 में राज्यों को परामर्श जारी कर पत्रकारों की सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के ऊपर हिंसा जैसी घटनाओं पर भारतीय प्रेस परिषद को भी स्वत: संज्ञान लेने का अधिकार है। - देहरादून. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जिले की सिलक्यारा सुरंग में चलाए गए बचाव अभियान में खुदाई में अहम भूमिका निभाने वाले 12 ‘रैट होल माइनर्स' को 50-50 हजार रुपये की सम्मान राशि के चेक बृहस्पतिवार को प्रदान किये। ‘रैट होल माइनर्स' को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपनी जान की परवाह किये बिना कठिन परिस्थितयों में सुरंग में खुदाई, सफाई और पाइप को काटने का कार्य किया। सिलक्यारा बचाव अभियान को सफलता तक पहुंचाने में ‘रैट माइनर्स' की भूमिका को बहुत अहम बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस लगन और परिश्रम से उन्होंने अन्य एजेंसियों के साथ योगदान दिया, उसके लिए वे बधाई और आशीर्वाद के पात्र हैं। उन्होंने प्रदेश की जनता की ओर से ‘रैट होल माइनर्स' का आभार व्यक्त किया। मौके पर मौजूद ‘रैट होल माइनर्स' ने कहा कि सुरंग में फंसे 41 लोगों की जान बचाने के लिए विभिन्न एजेंसियों के साथ उन्हें भी अपना योगदान देने का अवसर मिला, यह उनके लिए गर्व की बात है। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी तथा उत्तरकाशी के जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला भी मौजूद थे।चारधाम यात्रा मार्ग पर निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग का एक हिस्सा 12 नवंबर को ढह गया था जिससे मलबे के दूसरी ओर 41 मजदूर फंस गए थे। विभिन्न एजेंसियों द्वारा 17 दिनों तक लगातार युद्धस्तर पर चलाए गए बचाव अभियान के बाद उन्हें बाहर निकाला जा सका। सुरंग में अंतिम दौर का अभियान ‘रैट होल माइनर्स' ने पूरा किया था।
- बेंगलुरु। कर्नाटक में कोविड-19 से पांच दिन पहले 64 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडु राव ने बुधवार को यह जानकारी दी।यह पूछे जाने पर कि क्या मौत का कारण सार्स सीओवी-2 का नया उप स्वरूप ‘जेएन.1' है, मंत्री ने कहा कि अभी इसका पता नहीं चल पाया है। राव ने संवाददाताओं से कहा कि व्यक्ति चामराजपेट का निवासी था और 15 दिसंबर को उसकी मौत हो गई। वह कई अन्य बीमारियों से भी पीड़ित था। राव ने कहा,‘‘ अभी यह पता नहीं है कि मरीज ‘जेएन.1' उपस्वरूप से संक्रमित था या नहीं। उसे तपेदिक था और उसके हृदय ने काम करना बंद कर दिया था। उसे उच्च रक्तचाप था,फेफडों का संक्रमण था,निमोनिया था और अन्य बीमारियां थीं।'' स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सेवा आयुक्त रणदीप डी ने ‘ कहा,‘‘संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद से मौत का यह पहला मामला है।'' इस बीच राव ने कहा कि राज्य सरकार जांच तेज करेगी। अगले तीन दिन में, सरकार का इरादा 5,000 परीक्षण करने का है।
-
नई दिल्ली। साहित्य अकादमी ने 24 भाषाओं में 2023 के साहित्य अकादमी वार्षिक पुरस्कार की घोषणा कर दी है। इस वर्ष नौ काव्य संग्रह, छह उपन्यास, पांच कहानी संग्रह, तीन निबंध और एक साहित्यिक अध्ययन को साहित्य अकादमी पुरस्कार दिया जाएगा।
तमिल कथाकार राजशेखरन को उनके उपन्यास नीरवज़ी पदूम के लिए, तेलुगु लेखक पतंजलि शास्त्री को उनके कहानी संग्रह के लिए और मलयालम साहित्यकार ईवी रामकृष्णन को उनके साहित्यिक अध्ययन मलयाला नोवेलिंटे देशकालंगल हेतु पुरस्कार के लिए चुना गया है।कविता संग्रह के लिए सम्मानित किए जाने वाले कवियों में डोगरी में विजय वर्मा, गुजराती में विनोद जोशी और ओड़िया में आशुतोष परीदा शामिल हैं। असमिया में प्रणवज्योति डेका, बोडो में नंदेश्वर दायमारी और संताली भाषा में तारासीन बास्की को उनकी कहानियों के लिए पुरस्कृत किया जाएगा। पुरस्कार में ताम्र प्रशस्ति पट्टिका, शॉल और एक लाख रुपये की राशि प्रदान की जाती है।वर्ष 2024 में 12 मार्च को एक समारोह में ये पुरस्कार दिए जाएंगे। जनवरी 2017 से 31 दिसंबर 2021 के पांच वर्षों के दौरान नवीन प्रकाशित रचनाओं को पुरस्कार के लिए चुना गया है। -
नई दिल्ली। केंद्रीय परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्यमंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा है कि सरकार ने वर्ष 2031-32 तक परमाणु ऊर्जा क्षमता मौजूदा 7,480 मेगावाट से बढ़ाकर 22,480 मेगावाट तक करने के लिए कदम उठाए हैं। लोकसभा में बुधवार को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में डॉ. सिंह ने कहा कि वर्ष 2022-23 में परमाणु ऊर्जा संयंत्रों से बिजली उत्पादन बढ़कर प्रतिवर्ष 4,69,820 यूनिट हो गया है जबकि 2013-14 में ये 3,53,340 यूनिट था। उन्होंने कहा कि देश में फिलहाल 23 परमाणु ऊर्जा संयंत्र काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गुजरात, राजस्थान, तमिलनाडु, हरियाणा, कर्नाटक और मध्यप्रदेश में 8,000 मेगावाट की कुल क्षमता के दस रिएक्टर का निर्माण कार्य जारी है। इसके अतिरिक्त सरकार ने 10 अन्य रिएक्टरों के संबंध में परियोजना पूर्व मंजूरी दे दी है।यह सभी 2031-32 तक पूर्ण हो जाएंगे। डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में परमाणु ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से भारत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2070 तक शून्य कार्बन उत्सर्जन से जुड़ी अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को प्राप्त करने में परमाणु ऊर्जा क्षमता का विस्तार मदद करेगा।लोकसभा में एक अन्य जवाब में, डॉ0 सिंह ने कहा कि उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग के स्टार्टअप इंडिया पोर्टल के अनुसार देश में अंतरिक्ष से जुड़े स्टार्टअप की संख्या वर्ष 2023 में बढ़कर 189 हो गई है जबकि वर्ष 2014 में यह केवल एक थी। उन्होंने कहा कि भारतीय अंतरिक्ष स्टार्टअप में इस वर्ष 1,240 लाख डॉलर से अधिक की वृद्धि हुई है। -
नई दिल्ली। लोकसभा ने बुधवार को तीन आपराधिक संहिता विधेयक - भारतीय न्याय (द्वितीय) संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा (द्वितीय) संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य (द्वितीय) विधेयक 2023 पारित कर दिए हैं। ये महत्वपूर्ण विधेयक औपनिवेशिक काल के पुराने आपराधिक कानूनों का स्थान लेंगे।
इन विधेयकों पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नए विधेयक भारतीयता, भारतीय कानून और लोगों की भलाई पर जोर देते हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा औपनिवेशिक काल के कानून वर्तमान दौर के लिए उपयुक्त नहीं हैं और इन्हें बदले जाने की आवश्यकता है।गृह मंत्री ने कहा कि नए विधेयक भारतीय संविधान की भावना के अनुरूप हैं। नए आपराधिक विधेयक न्याय पर केंद्रित हैं ना कि दंड पर। श्री शाह ने कहा कि न्याय प्राप्त करने के लिए गरीबों के लिए सबसे बड़ी चुनौती वित्तीय चुनौती है। -
नई दिल्ली। कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बुधवार को नई दिल्ली में वाणिज्यिक कोयला खदान नीलामी के 9वें दौर की शुरुआत की। इस अवसर पर श्री जोशी ने कहा कि इस बार कुल 26 कोयला खदानों की पेशकश की जाएगी। श्री जोशी ने कहा कि देश में बिजली की कुल खपत 2030 तक दोगुनी होने वाली है। उन्होंने ऊर्जा सुरक्षा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत कार्बन उत्सर्जन कम करने में बहुत अच्छा काम कर रहा है।
श्री जोशी ने कहा कि देश विकास की ओर अग्रसर है और विश्व की अर्थव्यवस्था को बेहतर बनाने में लगा है। उन्होंने कहा कि भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और दो से तीन साल में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। नीलामी से कोयला क्षेत्र में अधिक निजी खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ेगी, प्रतिस्पर्धा, दक्षता और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा और सतत विकास में योगदान मिलेगा।कोयला मंत्री ने कोयला और लिग्नाइट खदानों को स्टार रेटिंग पुरस्कार भी दिए। पुरस्कारों के मानदंड में सात व्यापक मॉड्यूल शामिल थे जैसे खनन संचालन, पर्यावरणीय कारक, प्रौद्योगिकियों को अपनाना-सर्वोत्तम खनन प्रथाएं, और सुरक्षा और संरक्षा। - नई दिल्ली। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव को प्रवर्तन निदेशालय - ईडी ने रेलवे में जमीन के बदले नौकरी संबंधी धन शोधन मामले की जाँच में पूछताछ के लिए समन भेजा है। लालू यादव को धन शोधन रोकथाम अधिनियम के तहत उनके बयान रिकार्ड करने के लिए इस महीने की 27 तारीख को जाँच एजेंसी के दिल्ली दफ्तर में आने को कहा गया है। लालू प्रसाद के पुत्र और बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को कल जाँच एजेंसी के दिल्ली दफ्तर में पूछताछ के लिए आने को कहा गया है। इस मामले में ईडी ने इस वर्ष अप्रैल महीने में तेजस्वी यादव से पूछताछ की थी। लेकिन ईडी ने पहली बार लालू प्रसाद यादव को समन भेजा है।
-
भुवनेश्वर. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने लोगों से अंग्रेजी जैसी विदेशी भाषाओं को बढ़ावा देने के बजाय अपनी मातृभाषा में बातचीत करने और इसका सम्मान करने का बुधवार को आग्रह किया। भागवत ने यहां ‘अखिल भारतीय साहित्य परिषद' के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश में लोगों ने अपनी मातृभाषा का इस्तेमाल करना बंद कर दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘यहां हमारे देश में मातृभाषा के इस्तेमाल पर बहुत सारे मुद्दे हैं। हमने अपनी मातृभाषा का प्रयोग बंद कर दिया है। परिणामस्वरूप, हमें अपने ग्रंथों का अर्थ समझने के लिए अंग्रेजी शब्दकोश का संदर्भ लेना पड़ता है।'' आरएसएस प्रमुख ने कहा, ‘‘आज, हमने विभिन्न भारतीय भाषाओं के कई लेखकों को सम्मानित किया है। लेकिन, हमारी मातृभाषा को वास्तविक सम्मान तब मिलेगा, जब हम इसका इस्तेमाल करना शुरू करेंगे।'' साहित्य के बारे में आरएसएस प्रमुख ने कहा कि इसे समाज के लाभ के लिए लिखा जाना चाहिए, न कि मनोरंजन या मानव जाति को किसी नुकसान के लिए। उन्होंने कहा, ‘‘व्यक्ति को जिम्मेदार बनाने के लिए साहित्य लिखा जाना चाहिए।'' भागवत ने यह भी दावा किया कि प्राचीन काल में अन्य देशों में कोई धर्म नहीं था तथा यह भारत से चीन और जापान जैसे कुछ अन्य देशों में फैला। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल की कुछ किताबों की सामग्री से यह आभास होता है कि ‘‘आप हिंदू नहीं हैं'' और ऐसे लेखन समाज को ‘‘नकारात्मक'' दिशा में ले जाते हैं, जो ‘‘खतरनाक'' है। बाद में, एक संवाद सत्र के दौरान भागवत ने ‘इंडिया' के बजाय भारत नाम की वकालत की। भागवत ने कहा, ‘‘भाषा कोई भी हो, नाम एक ही रहता है...हमारे भारत के साथ भी ऐसा ही है। इसलिए, हर किसी को हमारे देश को भारत के रूप में संदर्भित करना चाहिए।
-
-
नयी दिल्ली. दिल्ली सरकार की सीसीटीवी परियोजना के तहत राष्ट्रीय राजधानी में सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में 2.46 लाख से अधिक कैमरे लगाये गये हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग ने शहर में 2.80 लाख कैमरे लगाने का लक्ष्य निर्धारित कर रखा है।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली सरकार को 2,68,462 कैमरे लगाने की मंजूरी मिली है जिनमें से 2,46,424 यानी 88 प्रतिशत कैमरे पहले और दूसरे चरण में लगा दिये गये हैं। दिल्ली सरकार ने सोमवार को विधानसभा में यह जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि सीसीटीवी परियोजना दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में एक है तथा लोक निर्माण विभाग सार्वजनिक स्थानों पर कैमरे लगाने के लिए नोडल विभाग है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे से पुलिस को कानून व्यवस्था बनाये रखने में मदद मिलती है क्योंकि वे (कैमरे) आपराधिक गतिविधियां रोकने एवं उनका पता लगाने के साथ-साथ मामलों की जांच में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि कैमरे आवासीय क्षेत्रों एवं बाजारों में चुनिंदा प्रतिष्ठानों/सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध लोगों, वाहनों, वस्तुओं की निगरानी में भी सहायता करते हैं। -
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को संसद भवन परिसर में विपक्षी सांसदों द्वारा उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ का मजाक उड़ाने पर गहरा दुख व्यक्त किया है।एक सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि वह संसद परिसर में उपराष्ट्रपति की अवमानना को देखकर बेहद निराश हैं। उन्होंने कहा कि चुने गए प्रतिनिधि अपने विचार व्यक्त करने के लिए स्वतंत्र हैं लेकिन उनकी अभिव्यक्ति शिष्ट और सम्मानजनक रूप में होनी चाहिए। सोशल मीडिया पोस्ट में उपराष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से टेलिफोन आया है जिसमें उन्होंने कुछ सांसदों की अभद्र नाटकीयता पर दुख व्यक्त किया है।
श्री धनखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें बताया कि वह भी पिछले बीस वर्षों से इस तरह के अपमान का सामना कर रहे हैं लेकिन सच्चाई ये है कि भारत के उपराष्ट्रपति जैसे संवैधानिक पद के साथ संसद भवन में ऐसा होना दुर्भाग्यपूर्ण है।श्री धनखड़ ने प्रधानमंत्री से कहा कि कुछ लोगों की हरकतें उन्हें अपना कर्तव्य निभाने और संविधान में निहित सिद्धांतों को बनाए रखने से नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि वह संवैधानिक मूल्यों के प्रति तहेदिल से प्रतिबद्ध हैं और किसी भी तरह का अपमान उन्हें अपनी राह बदलने के लिए मजबूर नहीं कर पायेगा। -
नयी दिल्ली. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आम जनता से चंदा एकत्र करने के लिए शुरू किए गए पार्टी के ‘डोनेट फॉर देश' अभियान के वास्ते मंगलवार को चंदा दिया और कहा कि यह ‘सामंजस्यपूर्ण और प्रगतिशील'' भारत के लिए उनका योगदान है। गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘मैं आप सभी से दान करने और भारत की आत्मा को बचाने के आंदोलन का हिस्सा बनने का आग्रह करता हूं।'' उन्होंने ‘डोनेट फॉर देश' अभियान में योगदान देने का एक वीडियो भी साझा किया लेकिन यह खुलासा नहीं किया कि उन्होंने कितनी राशि दान की है। गांधी ने कांग्रेस कोषाध्यक्ष अजय माकन से पूछा कि पार्टी कितना पैसा जुटाएगी। माकन ने कहा कि कोई तय लक्ष्य नहीं है, लेकिन रकम उम्मीद से ज्यादा होगी। माकन ने पूर्व पार्टी प्रमुख को बताया कि इस अभियान के तहत अब तक महाराष्ट्र ने सबसे अधिक योगदान दिया है, उसके बाद राजस्थान और उत्तर प्रदेश का स्थान है। कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले आम जनता से चंदा एकत्र करने के लिए सोमवार को ‘डोनेट फॉर देश' नाम से अभियान शुरू किया था। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने यहां एक कार्यक्रम में इस अभियान की शुरुआत की। उन्होंने खुद 1.38 लाख रुपये का अंशदान दिया। माकन ने ‘एक्स' के जरिए बताया कि पूर्वाह्न नौ बजे तक पार्टी ने एक करोड़ 45 लाख रुपए एकत्र कर लिए।
-
नयी दिल्ली. विश्व हिंदू परिषद के कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को अगले महीने अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। कुमार ने एक बयान में कहा कि आडवाणी और जोशी दोनों ने कहा है कि वे 22 जनवरी को होने वाले समारोह में शामिल होने के लिए ‘‘हर संभव प्रयास'' करेंगे। इससे एक दिन पहले, राम मंदिर ट्रस्ट ने सोमवार को कहा था कि अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन के अगुवा रहे आडवाणी और जोशी के अपने स्वास्थ्य और उम्र संबंधी कारणों के चलते अगले महीने होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने की संभावना नहीं है। अयोध्या में संवाददाता सम्मेलन के दौरान आमंत्रित लोगों की विस्तृत सूची पेश करते हुए, राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा था कि आडवाणी और जोशी के स्वास्थ्य और उम्र संबंधी कारणों से प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने की संभावना नहीं है। विहिप के कार्याध्यक्ष कुमार ने एक बयान में कहा, ‘‘राम मंदिर आंदोलन के अगुवा रहे लालकृष्ण आडवाणी जी और डॉ. मुरली मनोहर जोशी जी को अयोध्या में 22 जनवरी, 2024 को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।'' कुमार ने कहा, ‘‘दोनों वरिष्ठों ने कहा कि वे कार्यक्रम में शामिल होने के लिये हरसंभव प्रयास करेंगे।'' आडवाणी 96 साल के हैं, जबकि जोशी अगले महीने 90 साल के हो जाएंगे।
-
चेन्नई. तमिलनाडु के मुख्य सचिव शिवदास मीना ने मंगलवार को कहा कि राज्य के दक्षिणी जिलों में बीते दो दिनों में इतिहास में सबसे ज्यादा बारिश हुई, जिससे 10 लोगों की मौत हुई है और आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। वरिष्ठ नौकरशाह ने कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग का भारी बारिश का पूर्वानुमान भी 'गलत' था क्योंकि दो दिनों के भीतर प्रभावित जिलों में अत्यधिक भारी बारिश हुई है। उन्होंने सचिवालय में संवाददाताओं से कहा, "बारिश के कारण तिरुनेलवेली और तूतीकोरिन जिलों में 10 लोगों की मौत हो गई है। कुछ की जान दीवार गिरने के कारण गई, वहीं कुछ की मौत करंट लगने से हुई।" मीना ने कहा कि दक्षिणी जिलों विशेषकर तिरुनेलवेली और तूतीकोरिन में रिकॉर्ड बारिश हुई है और बाढ़ आई है। उन्होंने कहा, "30 घंटों के भीतर कयालपट्टिनम में 1,186 मिमी बारिश हुई, जबकि तिरुचेंदूर में 921 मिमी बारिश हुई।” सचिव ने कहा कि नौसेना, वायु सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल सहित केंद्र और राज्य सरकार की एजेंसियों के लगभग 1,343 कर्मी बचाव और राहत अभियान में शामिल हैं। मीना ने कहा, "अब तक हमने 160 राहत शिविर स्थापित किए हैं और इन राहत शिविरों में लगभग 17,000 लोगों को रखा गया है। लोगों को लगभग 34,000 भोजन के पैकेट वितरित किए गए हैं और अब भी, हम कुछ गांवों तक नहीं पहुंच सके हैं क्योंकि जल स्तर अभी कम नहीं हुआ है।" सचिव ने कहा कि राहत कार्य में नौ हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं और उनके जरिए फंसे हुए लोगों तक 13,500 किलोग्राम खाद्य सामग्री पहुंचायी गई है।
-
मुजफ्फरनगर . जिले के फुगाना थाना क्षेत्र में एक युवक ने कथित रूप से पैसे के विवाद में अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) संजय कुमार ने आज यहां पत्रकारों को बताया कि फुगाना थाना क्षेत्र के करौंदा महान गांव में सोमवार देर रात पैसे के विवाद को लेकर शिवराज (52) की उसके बेटे आरोपी सूरज ने घर में गोली मारकर हत्या कर दी। कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी सूरज के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उनके मुताबिक आरोपी सूरज फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया हैै। उन्होंने बताया कि मृतक के भाई मनोज कुमार ने पुलिस में जो शिकायत दर्ज कराई है, उसमें आरोप लगाया है कि पैसे के विवाद के बाद उसके भाई शिवराज की उसके बेटे आरोपी सूरज ने गोली मारकर हत्या कर दी। तहरीर में यह भी आरोप है कि आरोपी सूरज ने अपनी बहन को घटना के समय एक कमरे में बंद कर दिया था।
-
श्रीनगर. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यहां कहा कि घाटी में आतंकवाद संबंधी हिंसा में कमी का श्रेय जम्मू-कश्मीर के लोगों, खासकर युवाओं को जाता है। श्रीनगर सेक्टर के सीआरपीएफ महानिरीक्षक अजय यादव ने कहा, "लोगों, युवाओं का बहुत बड़ा समर्थन रहा है। यह आपके समर्थन के बिना संभव नहीं होता। नए कश्मीर की आवाज़ मैदानों में देखी जा रही है, चाहे वह क्रिकेट हो, फ़ुटबॉल हो या अन्य खेल।" उन्होंने कहा, "इस तरह, प्रमुख योगदान कश्मीर के युवाओं, कश्मीर के लोगों का रहा है।"
वह श्रीनगर में सीआरपीएफ द्वारा आयोजित एक फुटबॉल टूर्नामेंट के उद्घाटन के मौके पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। यादव ने कहा, "मेरा दृढ़ विश्वास है कि आने वाला साल आज से बेहतर होगा और लोग अपना समर्थन देंगे उन्होंने कहा कि शहर के मुख्य क्षेत्र की चार टीम सहित मध्य कश्मीर से 16 टीम इस टूर्नामेंट में भाग ले रही हैं। यादव ने कहा, ‘‘यह नया कश्मीर है और युवा आगे बढ़ेंगे। मुझे उम्मीद है कि इस टूर्नामेंट से कई युवा भविष्य में भारत के लिए खेलेंगे। युवाओं को नशे से दूर रखने में खेल भी बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।'' उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट का आयोजन खासकर युवाओं को ध्यान में रखकर किया गया है।
यादव ने कहा, ‘‘मुझे यकीन है कि टूर्नामेंट से कई अच्छे खिलाड़ी निकलकर सामने आएंगे।'' उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट एक वार्षिक आयोजन होगा। यह पूछे जाने पर कि क्या अर्धसैनिक बल जम्मू-कश्मीर में चुनाव के लिए सुरक्षा प्रदान करने को तैयार हैं, महानिरीक्षक ने कहा कि सीआरपीएफ किसी भी जिम्मेदारी के लिए तैयार है। -
बाराबंकी . उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर कस्बा रानी बाजार के निकट एक कार अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गयी, जिससे मां-बेटे की मौत हो गयी, जबकि छह लोग घायल हो गये। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश नारायण ने बताया कि थाना रामनगर क्षेत्र के ग्राम चंदनापुर निवासी पप्पू अपने परिवार के साथ रानी बाजार से एक गृह प्रवेश कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि गन्ने से लदे एक ट्रक से बचाने के प्रयास में गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर रानी बाजार के निकट झिर्रा तालाब में जा गिरी। गाड़ी में एक ही परिवार के आठ लोग सवार थे अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सूचना मिलने पर संबंधित थाना प्रभारी रत्नेश पांडे घटनास्थल पर पहुंचे और कार को तालाब से बाहर निकलवा कर सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि नीलम (40) और उनके बेटे अमन (10) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोगों का इलाज चल रहा है।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि विश्व को विश्वास है कि भारत, कम लागत, गुणवत्ता और स्थायी विकल्प से वैश्विक चुनौतियों का समाधान प्रदान कर सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चंद्रयान मिशन ने विश्व के समक्ष कई गुना उम्मीद बढ़ा दी है। श्री मोदी ने स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन में युवा नवप्रवर्तकों की समस्या-समाधान क्षमताओं और जटिल चुनौतियों से निपटने की सरलता को उल्लेखनीय बताते हुए उनकी सराहना की। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि हैकाथॉन के दौरान नवप्रवर्तकों के नवाचार, राष्ट्र के विकास विशेष रूप से रेल क्षेत्र में सहयोग प्रदान करेंगे।
श्री मोदी ने कहा कि सरकार बड़े पैमाने पर रेल क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित कर रही है और भारतीय रेल परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। केंद्र सरकार इस पर हजारों करोड़ रूपए खर्च कर रही है और उसका ध्यान लोजिस्टिक पर भी केंद्रित है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं शताब्दी का भारत जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान, और जय अनुसंधान के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। भारत इस समय बदलाव की स्थिति में है, जहां प्रत्येक प्रयास आगामी हजारों वर्षों में भारत की आधारशिला को मजबूत बनाएगा।प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का समय आ गया है और उसके पास आज विशाल प्रतिभा, निर्णायक और सशक्त सरकार तथा तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। उन्होंने युवकों से आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के साथ भारत को विकसित बनाने के लिए मिलकर काम करने की अपील की। श्री मोदी ने इस टीम में बांग्लादेश के विद्यार्थियों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत में अध्ययन का कार्यक्रम उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए हमारे देश में आने वाले विदेशी विद्यार्थियों के लिए शुरू किया गया है।इस वर्ष स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन का ग्रैंड फिनाले 19 दिसंबर से 23 दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है। 44,000 टीम से 50,000 से अधिक विचार प्राप्त हुए हैं जो स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के पहले संस्करण की तुलना में लगभग सात गुना अधिक है। देश भर के 48 नोडल केंद्रों पर 12,000 से अधिक प्रतिभागी और 2,500 से अधिक मेंटोर ग्रैंड फिनाले में भाग ले रहे हैं। अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, स्मार्ट शिक्षा, आपदा प्रबंधन, रोबोटिक्स और ड्रोन, विरासत तथा संस्कृति सहित विभिन्न विषयों पर समाधान प्रदान करने के लिए इस वर्ष ग्रैंड फिनाले में 1,282 टीमों का चयन किया गया है। -
नयी दिल्ली. सरकार ने मंगलवार को राज्यसभा को बताया कि अप्रैल 2022 से मार्च 2023 के बीच दवाओं के 89,729 नमूनों की जांच की गई जिनमें से 2,921 दवाएं मानक गुणवत्ता की नहीं पाई गईं, जबकि 422 की पहचान नकली दवा के रूप में हुई। स्वास्थ्य राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के औषधि नियंत्रकों से प्राप्त सूचना के अनुसार नकली/मिलावटी दवाओं के निर्माण, बिक्री और वितरण के लिए 642 अभियोजन शुरू किए गए जबकि इसी अवधि के दौरान 262 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसमें राजस्थान के आंकड़े शामिल नहीं हैं।
पवार ने पिछले साल का ब्योरा देते हुए कहा कि अप्रैल 2021 से मार्च 2022 के बीच कुल 88,844 नमूनों की जांच की गई जिनमें से 2,545 नमूनों को मानक गुणवत्ता के अनुकूल नहीं पाया गया जबकि 379 नमूने नकली पाए गए। उन्होंने कहा कि नकली/मिलावटी दवाओं के निर्माण, बिक्री और वितरण के लिए 592 अभियोजन शुरू किए गए और इसी अवधि के दौरान 450 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पवार ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि देश में दवा विनिर्माण परिसरों के नियामक अनुपालन का आकलन करने के लिए केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) ने राज्य औषधि नियंत्रकों (एसडीसी) के साथ मिलकर 261 परिसरों का जोखिम आधारित निरीक्षण किया है। उन्होंने बताया कि कंपनियों की पहचान जोखिम मानदंडों मसलन गुणवत्ता व शिकायतों आदि के आधार पर की गई है। मंत्री ने कहा कि निरीक्षण के निष्कर्षों के आधार पर, राज्य लाइसेंसिंग प्राधिकरणों द्वारा औषधि नियम 1945 के प्रावधानों के अनुसार कारण बताओ नोटिस जारी करने, उत्पादन रोकने का आदेश देने, निलंबन, लाइसेंस/उत्पाद लाइसेंस रद्द करने आदि जैसी 200 से अधिक कार्रवाई की गई है। -
नयी दिल्ली. विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (इंडिया) के घटक दलों के प्रमुख नेताओं ने मंगलवार को यहां बैठक की जिसमें अगले लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे, साझा जनसभाओं और नए सिरे से रणनीति बनाने समेत कई मुद्दों पर चर्चा की गई। पटना, बेंगलुरु और मुंबई के बाद दिल्ली में आयोजित की गई गठबंधन की यह चौथी बैठक है। अशोक होटल में हुई इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, जनता दल (यू) से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पार्टी अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, तृणमूल कांग्रेस से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी, राष्ट्रीय जनता दल से लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार तथा शिवसेना (यूबीटी) के उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे ने हिस्सा लिया। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी महासचिव रामगोपाल यादव, द्रमुक से तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और वरिष्ठ नेता टी आर बालू, नेशनल कान्फ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की महबूबा मुफ्ती, राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयंत चौधरी, अपना दल (के) से कृष्णा पटेल एवं पल्लवी पटेल और कई अन्य नेताओं ने बैठक में भाग लिया। यह बैठक हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन की पृष्ठभूमि में हुई है। राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में सकारात्मक एजेंडा तय करने, सीटों के बंटवारे, नए सिरे से रणनीति बनाने, और साझा जनसभाओं को लेकर मुख्य रूप से चर्चा हुई। इस बैठक से पहले तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा था कि ‘इंडिया' गठबंधन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का फैसला 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद किया जाएगा। बिहार के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को यहां संवाददाताओं से कहा था कि पहले गठबंधन की जो समितियां बनाई गई थीं, वे पर्दे के पीछे काम कर रही थीं और चुनाव की तैयारी की जा रही है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘इंडिया' गठबंधन में आगे की भूमिका के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कहा था कि सभी की भूमिका एक समान है और सभी का साझा उद्देश्य विभाजनकारी ताकतों को सत्ता से बाहर करना है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों का इरादा एकजुटता बनाए रखते हुए ‘‘मैं नहीं, हम'' नारे के साथ आगे बढ़ने का है। अगले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मुकाबला करने के लिए 26 विपक्षी दलों ने ‘इंडिया' गठबंधन बनाया है। ‘इंडिया' गठबंधन की अब तक तीन बैठक पटना, बेंगलुरु और मुंबई में हो चुकी है। -
नयी दिल्ली. कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन और सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप देने के मकसद से मंगलवार को पांच सदस्यीय राष्ट्रीय गठबंधन समिति का गठन किया। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक इस समिति के संयोजक होंगे। इस समिति में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पार्टी के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद और मोहन प्रकाश भी शामिल हैं। कांग्रेस ने विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की बैठक शुरू होने से कुछ देर पहले इस समिति की घोषणा की है।
-
बेंगलुरु. कर्नाटक सरकार ने देश में वर्तमान कोविड-19 स्थिति और पड़ोसी राज्य केरल में कोरोना वायरस के उप-स्वरूप जेएन.1 के मामले पता चलने के बाद, इस महामारी से बचाव के लिए मंगलवार को दिशानिर्देश जारी किए। कोविड-19 संबंधित दिशानिर्देशों में 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों, अन्य बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को घर से बाहर निकलने पर फेस मास्क पहनने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही इन्हें बंद स्थानों, कम हवा वाले स्थानों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचने के लिए कहा गया है। सरकार ने केरल और तमिलनाडु की सीमा से लगे जिलों में अधिकारियों को सतर्क रहने, पर्याप्त जांच करने तथा कोविड मामलों को समय पर सूचीबद्ध करने का निर्देश देते हुए एक परिपत्र भी जारी किया। इसमें, देश में कोविड-19 के वर्तमान परिदृश्य, कोरोना वायरस के उप स्वरूप जेएन.1 के मामले सामने आने, सर्द मौसम और विशेष रूप से नए साल के उत्सव के दौरान बंद स्थानों में अपेक्षित भीड़ के संदर्भ में आम जनता को एहतियाती उपायों का पालन करने के लिए कहा गया है। यही सलाह कोविड-19 राज्य तकनीकी सलाहकार समिति (टीएसी) ने भी दी है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सेवाओं के आयुक्त रणदीप डी. द्वारा जारी दिशानिर्देशों में कहा गया है, "60 वर्ष और उससे अधिक उम्र के सभी बुजुर्ग, सहरुग्ण (विशेष रूप से गुर्दे, हृदय, यकृत की बीमारियों वाले), गर्भवती महिलाएं और स्तनपान कराने वाली माताएं जब भी बाहर जाएं तो फेस मास्क अवश्य पहनें और बंद स्थानों, कम हवादार स्थानों तथा भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाने से जरूर बचें।'' इसमें कहा गया है कि बुखार, खांसी, सर्दी और नाक बहने जैसे श्वसन संबंधी लक्षणों वाले सभी लोगों को शीघ्र चिकित्सा परामर्श लेना चाहिए और उन्हें फेस मास्क पहनना चाहिए। परिपत्र के अनुसार, केरल में सामने आए कोविड 19 के मामलों को देखते हुए कर्नाटक में कुछ निवारक और जरूरी उपायों का पालन करना आवश्यक है। फिलहाल घबराने की या तुरंत प्रतिबंध लगाकर केरल और तमिलनाडु राज्यों की सीमा पर निगरानी बढ़ाने की जरूरत नहीं है। इसमें कहा गया है, ''हालांकि, राज्य के केरल और तमिलनाडु से लगे सभी सीमावर्ती जिलों को सतर्क रहना होगा और पर्याप्त जांच तथा कोविड मामलों की समय पर सूचिबद्धता सुनिश्चित करनी होगी।''
- नयी दिल्ली। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की और कहा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उनकी जो भी भूमिका तय करेगा, वह उसका निर्वहन करेंगे। मध्य प्रदेश में मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद मंगलवार को पहली बार दिल्ली पहुंचे चौहान ने नड्डा से उनके आवास पर मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक यह मुलाकात एक घंटे से भी अधिक समय तक चली। बाद में पत्रकारों ने जब उनकी भावी भूमिका को लेकर सवाल किया तो चौहान ने कहा, ‘‘एक कार्यकर्ता के नाते पार्टी जो भूमिका तय करेगी, वह मैं करूगा।’’यह पूछे जाने पर कि वह केंद्र की राजनीति में सक्रिय रहेंगे या फिर राज्य की राजनीति में, इसके जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जो पार्टी तय करेगी। हम राज्य में भी रहेंगे, केंद्र में भी रहेंगे।’’एक अन्य सवाल के जवाब में चौहान ने कहा कि वह अपनी भूमिका के बारे में नहीं सोचते हैं।उन्होंने कहा, ‘‘मैं मेरे बारे में सोचता ही नहीं। जो अपने बारे में सोचता है वह अच्छा इंसान नहीं होता है। अगर आप एक बड़े मिशन के लिए काम करते हो तो पार्टी तय करती है कि आप कहां काम करोगे।’’यह पूछे जाने पर कि मध्य प्रदेश की बहनें उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाह रही हैं, चौहान ने कहा, ‘‘बहन और भाई का प्यार अमर है। उसका किसी पद से कोई संबंध नहीं है।’’चौहान ने बातचीत के इस क्रम में यह संकेत दिया कि पार्टी उन्हें दक्षिण के राज्यों में कोई बड़ी भूमिका दे सकती है।उन्होंने कहा, ‘‘विकसित भारत यात्रा में कुछ जगह मुझे जाने को कहा जाएगा तो मैं दक्षिण के राज्यों में जाऊंगा।’’मध्य प्रदेश मंत्रिपरिषद के गठन से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा कि यह पार्टी तय करेगी और सलाह मश्विरा जो होना था वह हो गया है।
- नयी दिल्ली,। जीवन रक्षक दवाओं पर शोध के लिए इस्तेमाल होने वाले आयातित औषधि उत्पादों पर जीएसटी छूट देनी चाहिए। संसद की एक समिति ने केंद्र से यह सिफारिश की है। कांग्रेस सदस्य अधीर रंजन चौधरी की अध्यक्षता वाली लोक लेखा समिति (पीएसी) ने यह भी कहा कि कैंसर संस्थानों जैसे संगठनों को प्रोत्साहन देना चाहिए। ऐसा करने से गंभीर और घातक बीमारियों के इलाज के लिए दवाएं विकसित करने में काफी मदद मिलेगी। समिति ने सिफारिश की कि मंत्रालय वैज्ञानिक क्षेत्रों में गंभीर अनुसंधान कर रहे संगठनों को ‘फार्मास्युटिकल' उत्पादों के आयात पर छूट की बात जीएसटी परिषद के सामने रख सकता है। संसदीय समिति कहा कि जीवन रक्षक दवाओं और उपचार पर शोध करने वाले अस्पतालों को भी छूट देने पर विचार किया जा सकता है।

.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)


















.jpg)
.jpg)


