- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात' एक ‘प्रेरणादायक मंच' में बदल गया है जो सतत विकास की प्राथमिकता वाले विषयों को प्रोत्साहित करता है और यह सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में भारत के प्रयासों के लिए महत्वपूर्ण है। यह जानकारी बिल ऐंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन द्वारा कराए गए अध्ययन से प्राप्त हुई है। ‘मन-की-बात : ए डिकेड ऑफ रिफ्लेक्शन' शीर्षक से किए गए अध्ययन में कहा गया कि वर्ष 2014 में प्रसारण शुरू होने के यह सरकार के नागरिकों तक पहुंचने के कार्यक्रम का ‘अहम स्तंभ' बन गया है। रिपोर्ट में कहा गया कि अध्ययन का उद्देश्य वर्ष 2014 से 2023 के बीच प्रसारित ‘मन -की-बात' की 99 कड़ियों की ‘मात्रात्मक और गुणात्मक विश्लेषण' करना था साथ ही चर्चा के प्रमुख विषयगत क्षेत्रों की पहचान करना था। इस अध्ययन में इंस्टीट्यूट फॉर कम्पेटिटिवनेस (आईएफसी) अनुसंधान सहयोगी रहा जबकि ‘एक्सिस माई इंडिया' ज्ञान साझेदार रहा। रिपोर्ट में कहा गया ‘मन की बात' कोशिश ने वैश्विक और स्थानीय समस्याओं के प्रति जागरुकता पैदा की और जमीनी समाधानों का उत्सव मनाया। इसमें कहा गया कि इसने नागरिक सक्रियता को बढ़ावा दिया जिसने भारत की सतत विकास की दिशा में प्रगति में योगदान दिया। इसमें कहा गया कि पांच बिंदुओं- स्वच्छता और सफाई, स्वास्थ्य, आरोग्य, जल संरक्षण और स्थायीत्व को प्रोत्साहित किया गया। रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘ आम नागरिकों की कोशिशों के उदाहरण पेश कर और बदलाव एवं प्रगति की कहानियों को साझा कर ‘मन की बात' स्वयं प्रेरणादायक मंच में तब्दील हो गया है। यह सतत विकास को प्राथमिकता वाली उन थीम के जरिये प्रोत्साहित कर रहा है जो भारत की सतत विकास लक्ष्य को हासिल करने के केंद्र में हैं।'' रिपोर्ट में कहा गया कि कार्यक्रम सरकार और नागरिकों द्वारा प्राथमिकता वाले क्षेत्र में उठाए गए कदमों को रेखांकित करता है और श्रोताओं को इस बदलाव की पहल में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करता है ताकि वे अपने समुदाय के लोगों और देश की जिंदगी में सतत बदलाव के लिए पहल कर सकें।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय दूरसंचार राज्यमंत्री देवसिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि 2024 तक देश के सभी गांवों में 4जी सेवा शुरू हो जाएगी। चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार लोगों को और बेहतर करने के लिए प्रेरित करते रहते हैं और उनका ‘मन की बात' कार्यक्रम सरकारी परियोजनाओं और सेवाओं को अंतिम छोर के व्यक्ति तक ले जाने की प्रेरणा देता है। चौहान ने कहा, “अगर हम 4जी परियोजना के बारे में बात करते हैं, तो लगभग 38,000-40,000 गांवों में सिग्नल नहीं है। प्रधानमंत्री कहते हैं कि आपने अच्छा काम किया है लेकिन हर घर तक पहुंचें। हमने 2024 तक 4जी को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। मंत्री ने कहा कि सभी वंचित गांवों में 4जी नेटवर्क पहुंचने से सामाजिक-आर्थिक बदलाव होगा और डिजिटल दूरी घटेगी।
-
नयी दिल्ली. बिहार, झारखंड और ओडिशा समेत पूर्वी भारत के कई हिस्सों में मई में तापमान सामान्य से अधिक रहने और कुछ दिन लू चलने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने मई के लिए तापमान और बारिश संबंधी मासिक पूर्वानुमान के तहत बताया कि पश्चिमोत्तर और पश्चिम-मध्य भारत के कुछ हिस्सों में रात में मौसम गर्म रहने और दिन में सामान्य से कम तापमान रहने की संभावना है। विभाग ने बताया कि कि मई में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों सहित देश के पश्चिमोत्तर और पश्चिम-मध्य हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा, पूर्वोत्तर क्षेत्र, केरल, आंध्र प्रदेश और दक्षिण कर्नाटक के कई हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी के अनुसार, मई में 61.4 मिलीमीटर की लंबी अवधि के औसत (एलएपी) की 91-109 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है। विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि मई में बिहार, झारखंड, ओडिशा, गांगेय पश्चिम बंगाल, पूर्वी उत्तर प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों तथा पूर्वी मध्य प्रदेश, तेलंगाना और तटीय गुजरात के अधिकतर हिस्सों में सामान्य से अधिक गर्म हवाएं चलने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि मई में भूमध्यरेखीय प्रशांत क्षेत्र में मौजूद तटस्थ अल नीनो का प्रभाव रहने की संभावना है और मौसम संबंधी अधिकतर मॉडल मई से मानसून के दौरान क्षेत्र के गर्म होने का संकेत दे रहे हैं। ऐसा बताया जाता है कि अल नीनो या भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर के गर्म होने का भारत में मानसूनी बारिश पर प्रभाव पड़ता है। इसके अलावा, हिंद महासागर में समुद्र की सतह (जिसे हिंद महासागर द्विध्रुव (आईओडी) भी कहते हैं) के तापमान जैसे अन्य कारक भी मौसम को प्रभावित करने के लिए जाने जाते हैं। महापात्र ने कहा कि हिंद महासागर में मौजूद तटस्थ आईओडी संबंधी स्थितियां आगामी मौसम में सकारात्मक होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि सकारात्मक हिंद महासागर द्विध्रुवीय स्थितियां भारतीय मानसून के पक्ष में और अल नीनो के प्रभाव को कम करने में मदद करने के लिए जानी जाती हैं। इस महीने की शुरुआत में विभाग ने 87 सेंटीमीटर की लंबी अवधि के औसत (एलएपी) की 96 प्रतिशत बारिश होने की संभावना जताई थी।
- पुरी (ओडिशा) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 100वीं कड़ी के प्रसारण से पहले जाने-माने रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने पुरी समुद्र तट पर कई रेडियो के साथ प्रधानमंत्री की एक कलाकृति बनाई है। पटनायक ने लगभग सात टन रेत का इस्तेमाल कर 100 रेडियो के साथ प्रधानमंत्री की आठ फुट ऊंची रेत की कलाकृति तैयार की। पटनायक के रेत कला विद्यालय के छात्रों ने कलाकृति को पूरा करने में उनकी मदद की। पटनायक ने कहा, ‘‘इससे पहले भी मैंने कार्यक्रम के लिए रेत की कुछ कलाकृतियां बनाई थीं।’’ साल 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने मासिक रेडियो कार्यक्रम की शुरुआत की थी।
-
लुधियाना। पंजाब में लुधियाना जिले के गैसपुरा इलाके में रविवार को गैस रिसाव की घटना में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य बीमार पड़ गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि किस गैस का रिसाव हुआ और इसका क्या कारण था, यह फिलहाल पता नहीं लगाया जा सका है।अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है और वहां राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एक दमकल वाहन और एक एम्बुलेंस को तैनात किया गया है।उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है।लुधियाना के पुलिस आयुक्त मनदीप सिंह सिद्धू ने पुष्टि की कि इस घटना में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है। लुधियाना दक्षिण से आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक राजिंदरपाल कौर छीना ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि अभी यह पता नहीं चल सका है कि गैस रिसाव किस वजह से हुआ। -
नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को नई दिल्ली में अखिल भारतीय वैदिक विज्ञान सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वेदों ने मानवता को सत्य, न्याय और पवित्रता पर आधारित उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने का मार्ग दिखाया है। श्री बिरला ने कहा कि विभिन्न युगों में वेदों पर व्यापक शोध किया गया है और वेदों में जो कुछ भी उल्लेख किया गया है, वह सच साबित हुआ है। वेदों के वैज्ञानिक पहलुओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वेदों में जो ज्ञान है वह मानवता के लिए बहुत ही वैज्ञानिक और उपयोगी है। इस मौके पर कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी मौजूद थे।
-
बदायूं (उप्र) जिले के हजरतपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के अंतिम संस्कार के बाद रामगंगा नदी में नहाने के दौरान तीन सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (नगर) अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि हजरतपुर थाना क्षेत्र शाहपुर गांव के रहने वाले दिनेश के तीन पुत्र साहिल (16), रोहित (18) एवं भूपेंद्र (21) अपनी ताई कमला देवी (55) के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आए थे। उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार के बाद रामगंगा नदी में स्नान के समय अचानक गहरे पानी में जाने से तीनों की डूबनकर मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस, स्थानीय लोगों व गोताखोरों की मदद से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों शवों को पानी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया गया है। दातागंज तहसील के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि राजस्व टीम से मामले की जांच कराई जाएगी और जांच के बाद मृतकों के परिजनों को दैवी आपदा कोष से राहत उपलब्ध कराई जाएगी।
-
नयी दिल्ली. गलवान घाटी में 2020 में हुई झड़पों में शहीद हुए नायक दीपक सिंह की पत्नी रेखा सिंह को लेफ्टिनेंट के तौर पर भारतीय सेना में शामिल किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि उन्हें पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर एक अग्रिम अड्डे पर तैनात किया गया है। लेफ्टिनेंट सिंह ने चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए) में एक साल का अपना प्रशिक्षण पूरा कर लिया। नायक दीपक सिंह बिहार रेजीमेंट की 16वीं बटालियन से थे और उन्हें 2021 में मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया गया। सेना ने ट्वीट किया, ‘‘शहीद नायक (नर्सिंग सहायक) दीपक सिंह की पत्नी महिला कैडेट रेखा सिंह ओटीए से अपना प्रशिक्षण पूरा करने के बाद भारतीय सेना में शामिल हुईं।'' उसने बताया कि नायक दीपक सिंह ने गलवान घाटी में हुई झड़पों में सर्वोच्च बलिदान दिया था।
-
जयपुर. राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोगों की मौत हो गयी। वहीं, दो घोड़ियां भी जिंदा जल गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिले के कपासन थाना क्षेत्र के रामथली गांव के पास आज तड़के एक पिकअप वैन सड़क के बीचोंबीच लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आ गई। उन्होंने बताया कि तार से छूते ही वैन में आग लग गई, जिसमें चालक किशन खटीक व घोड़ी मालिक शांति लाल झुलस गए। उन्होंने बताया कि पिकअप वैन में दो घोड़ियां थीं, जिनकी जिंदा जलने से मौत हो गई। घटना के समय सभी एक शादी समारोह से लौट रहे थे। वहीं चित्तौड़गढ़ के बेंगू इलाके में शनिवार सुबह कोटा-चित्तौड़गढ़ राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर तोड़कर ट्रक से टकरा गई। घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। मरनेवाले उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे।
-
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी में ‘मन की बात' कार्यक्रम की 100वीं कड़ी को लेकर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में शिरकत के दौरान स्वयं सहायता समूह की सदस्य पूनम देवी को प्रसव पीड़ा हुई जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उन्होंने बेटे को जन्म दिया। पूनम (24) बुधवार को विज्ञान भवन में आयोजित सम्मेलन में विशेष रूप से आमंत्रित किए गए लोगों में शामिल थीं। प्रधानमंत्री मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम के एक एपिसोड में लखीमपुरी खीरी के पास के एक स्वयं सहायता समूह की सदस्य के तौर पर उनके काम का जिक्र किया था। एक अधिकारी ने बताया कि नौ माह की गर्भवती पूनम को विज्ञान भवन में सम्मेलन के दौरान प्रसव पीड़ा हुई जिसके बाद उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। साथ ही अधिकारी ने कहा कि वह अब अपने गांव लौट गई हैं। लखीमपुर खीरी में स्वयं सहायता समूह केले के तने से फाइबर का उपयोग करके हैंडबैग, चटाई और अन्य वस्तुएं बनाता है। इसके जरिये न केवल गांव की महिलाओं को अतिरिक्त आय होती है बल्कि वे अपशिष्ट को घटाने में भी मदद करती हैं। पूनम, आमंत्रित किए गये उन 100 अतिथियों में शामिल थी, जिनके असाधारण योगदान के लिए उनके नाम का उल्लेख प्रधानमंत्री ने 'मन की बात' की पिछली कड़ियों में किया था। 'मन की बात' की 100 वीं कड़ी का जश्न मनाने के लिए इस एक दिवसीय सम्मेलन का विज्ञान भवन में आयोजन किया गया था। इस सम्मेलन का उद्घाटन उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर शामिल थे। 'मन की बात' की 100वीं कड़ी का प्रसारण रविवार को होगा।
- -
वाराणसी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने काशी तेलुगू संगमम को उत्तर और दक्षिण भारत की पवित्र नदियों गंगा और गोदावरी के संगम की तरह बताया। प्रधानमंत्री ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के तेलुगु भाषी लोगों का स्वागत करते हुए यह बात कही। वह वाराणसी में आयोजित काशी तेलुगु संगमम कार्यक्रम को ऑनलाइन संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ जिम्मेदारियों के कारण मैं वहां उपस्थति नहीं हूं लेकिन मन से मुझे आपके बीच होने का एहसास हो रहा है। काशी के घाट पर, गंगा के घाट पर, गंगा पुष्कर अलू उत्सव बिलकुल गंगा और गोदावरी के संगम की तरह है। यह भारत की प्राचीन सभ्यताओं, संस्कृतियों और परंपराओं के संगम का उत्सव है।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि आपको याद होगा कुछ महीने पहले यहीं काशी की धरती पर काशी तमिल संगमम का आयोजन हुआ था। इससे पहले एक पत्रकार वार्ता में भाजपा सांसद जीवीएल नरसिम्हा राव ने कहा था कि तेलुगू लोगों से जुड़े आश्रमों और धर्मशालाओं का संगठन ‘श्री काशी तेलुगू समिति संगमम' का आयोजन कर रहा है। राव इस कार्यक्रम के समन्वयक और श्री काशी तेलुगू समिति के अध्यक्ष भी हैं। गंगा नदी के मानसरोवर घाट पर आयोजित इस एक दिवसीय कार्यक्रम में वाराणसी और तेलुगू भाषी आबादी वाले दो राज्यों आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के बीच प्राचीन सभ्यतागत संबंधों को रेखंकित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। इस कवायद को दक्षिणी राज्यों में सत्तारूढ़ भाजपा की जड़ें मजबूत करने के प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों के हिस्से के रूप में भी देखा जा रहा है। वाराणसी ने एक महीने तक चलने वाले काशी तमिल संगमम की भी मेजबानी की थी।
-
पुरी . प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात' की 100वीं कड़ी के प्रसारण से पहले जाने-माने रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने पुरी समुद्र तट पर कई रेडियो के साथ प्रधानमंत्री की एक कलाकृति बनाई है। पटनायक ने लगभग सात टन रेत का इस्तेमाल कर 100 रेडियो के साथ प्रधानमंत्री की आठ फुट ऊंची रेत की कलाकृति तैयार की। पटनायक के रेत कला विद्यालय के छात्रों ने कलाकृति को पूरा करने में उनकी मदद की। ‘मन की बात' की 100वीं कड़ी का प्रसारण रविवार को किया जाएगा। पटनायक ने कहा, ‘‘इससे पहले भी मैंने कार्यक्रम के लिए रेत की कुछ कलाकृतियां बनाई थीं।'' साल 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने मासिक रेडियो कार्यक्रम की शुरुआत की थी।
- -
इंदौर . इंदौर में 34 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी और उसके पति का दावा है कि ब्यूटी पार्लर जाने से रोकने पर हुए विवाद के बाद उसकी पत्नी ने यह कदम उठाया। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उप निरीक्षक उमाशंकर यादव ने बताया कि शहर के स्कीम नम्बर 51 क्षेत्र में रीना यादव (34) ने अपने घर में बृहस्पतिवार को कथित तौर पर फांसी लगा ली। यादव ने बताया, "महिला के पति का कहना है कि उसकी पत्नी ब्यूटी पार्लर जाना चाहती थी और जब उसने उसे वहां जाने से मना किया, तो महिला ने आवेश में आकर फांसी लगा ली।" उप निरीक्षक ने बताया कि महिला की मौत की हर पहलू पर जांच की जा रही है और उसके शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। मृत महिला के पति बलराम यादव सिलाई का काम करते हैं। उन्होंने कहा, "मेरी पत्नी को बृहस्पतिवार दोपहर में ब्यूटी पार्लर जाना था। मैंने उसे मना किया, तो उसने इस बात को लेकर मुझसे जमकर विवाद किया और बाद में खुद को एक कमरे में बंद करके पंखे से फांसी लगा ली।" यादव ने कहा कि उन्होंने दरवाजा तोड़कर पत्नी के शव को फंदे से उतारा।
-
नयी दिल्ली. प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) गौरव द्विवेदी ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम की वजह से रेडियो सुनने वालों की संख्या बढ़ी है और इस माध्यम में उनकी रुचि फिर से जगी है। 'मन की बात' कार्यक्रम तीन अक्टूबर 2014 को शुरू हुआ था और यह हर महीने के आखिरी रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे ऑल इंडिया रेडियो (एआईआर) और दूरदर्शन (डीडी) नेटवर्क पर प्रसारित होता है। 30 मिनट के कार्यक्रम की 100वीं कड़ी 30 अप्रैल को प्रसारित की जाएगी। द्विवेदी ने एक कार्यक्रम में कहा कि रेडियो कार्यक्रम ने सामुदायिक बंधन को प्रगाढ़ करने में मदद की।
उन्होंने कहा कि 'मन की बात' से रेडियो सुनने वालों की संख्या बढ़ी है और इस माध्यम में उनकी रुचि को फिर से जगी है। द्विवेदी ने कहा कि एक अध्ययन के मुताबिक 100 करोड़ से ज्यादा श्रोता कम से कम एक बार यह रेडियो कार्यक्रम सुन चुके हैं। -
अहमदाबाद. गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि अयोध्या में बन रहे राम मंदिर निर्माण का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को दिया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के दोनों वरिष्ठ नेताओं ने देश की संस्कृति और आस्था को संरक्षित करने के लिए बहुत कुछ किया है। पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भगवान राम की जन्म भूमि अयोध्या में राम मंदिर के लिए अतीत में कई आंदोलन हुए, जहां अब एक विशाल मंदिर बन रहा है। वह विश्व उमियाधाम द्वारा बृहस्पतिवार को निकोल इलाके में आयोजित ‘राम कथा' में जुटे लोगों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा '' हम सभी जानते हैं कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए अतीत में कितने आंदोलन हुए। मंदिर 2024 तक बनकर तैयार हो जाएगा। इसका श्रेय हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को देना चाहिए। उन्होंने हमारी आस्था और संस्कृति को सहेजने में बहुत योगदान दिया है।'' विश्व उमियाधाम एक वृहद मंदिर परिसर है जिसे 1,000 करोड़ रुपये की लागत से अहमदाबाद शहर के पास जसपुर गांव में स्थापित किया जा रहा है। यह मंदिर पाटीदार समुदाय के एक उप-समूह 'कडवा पटेल' की अधिष्ठात्री देवी मां उमिया को समर्पित होगा। विश्व उमिया फाउंडेशन के अनुसार निर्माण पूरा हो जाने के बाद यह मंदिर 504 फुट की कुल ऊंचाई के साथ दुनिया का सबसे ऊंचा मंदिर होगा। 30 लाख वर्ग फुट में फैले इस मंदिर का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च 2019 में किया था।
- जेवर्गी/बेल्लारी (कर्नाटक)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को वादा किया कि अगर उनकी पार्टी की राज्य में सरकार बनती है, तो हर ग्राम पंचायत को एक करोड़ रुपये और कल्याण कर्नाटक क्षेत्र को पांच हजार करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे। राज्य में 10 अप्रैल को विधानसभा चुनाव होने हैं।कांग्रेस के पूर्व प्रमुख ने 5,000 करोड़ रुपये के निवेश से बेल्लारी में एक परिधान पार्क स्थापित करने का भी वादा किया। बारिश के बीच, उन्होंने कलबुर्गी जिले के जेवर्गी में एक चुनावी रैली को संबोधित किया, जहां उन्होंने सरकारी विभागों में 50 हजार रिक्त पदों को भरने का भी वादा किया।बारिश में भीगे हुए गांधी ने कलबुर्गी जिले में कहा, “ हम इस क्षेत्र के लिए 5,000 करोड़ रुपये आवंटित करेंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत को एक करोड़ रुपये मिलेंगे।”कल्याण कर्नाटक क्षेत्र में बीदर, यादगीर, रायचूर, कोप्पल, कलबुर्गी, बल्लारी और विजयनगर जिले शामिल हैं।उन्होंने कहा कि वह बल्लारी में परिधान पार्क स्थापित करने का वादा करते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि वह यह सुनिश्चित करेंगे कि जिला दुनिया में नंबर एक ‘जीन्स केंद्र’ बने।गांधी ने कहा, “ बल्लारी को ‘जीन्स राजधानी’ बनाने का मेरे वादा है। मैं वह दिन देखना चाहता हूं, जब जो कोई भी जीन्स पहने और उसपर ‘मेड इन बेल्लारी’ लिखा हो।”सत्ताधारी पार्टी की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि बल्लारी “40 फीसदी चोरी” के केंद्र में था और “जितनी चोरी भाजपा ने बल्लारी में की, उतनी चोरी यहां किसी और ने नहीं की होगी। गांधी ने कहा, “ इस चोरी से बल्लारी के लोगों को भारी नुकसान हुआ। अब यहां सबसे बड़ा बदलाव होगा। सिर्फ चुनाव में नहीं, बल्कि आपके जीवन में।”उन्होंने ‘भविष्यवाणी’ भी की कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सिर्फ 40 सीट मिलेंगी, क्योंकि उसे “ यह संख्या पसंद है।”गांधी ने आरोप लगाया कि कर्नाटक में भाजपा सरकार के मंत्रियों ने ठेकेदारों से लोक निर्माण के कार्यों के लिए 40 प्रतिशत कमीशन वसूला है, इसलिए, पार्टी को 40 से अधिक सीट नहीं मिलेंगी, जबकि कांग्रेस 150 सीट जीतकर अगली सरकार बनाएगी।मौजूदा भाजपा सरकार को ‘चोरी की सरकार’ बताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल ने विपक्षी दलों के विधायकों को खरीदा है।उन्होंने कहा, “हम सरकार बनाने जा रहे हैं। हमारी पार्टी को सत्ता में आने से कोई नहीं रोक सकता।”गांधी ने कांग्रेस की चार अहम ‘गारंटी’ को दोहराया, जिनमें परिवार की महिला प्रमुख को दो हजार रुपये, हर घर को 200 यूनिट मुफ्त बिजली, बेरोजगार स्नातकों को दो साल तक तीन हजार रुपये और बेरोज़गार डिप्लोमा धारकों को 1500 रुपये और बीपीएल परिवार के हर सदस्य को माह में 10 किलोग्राम चावल देना शामिल है। इसके अलावा, गांधी ने बृहस्पतिवार को पार्टी की पांचवीं ‘गारंटी’ की भी घोषणा की, जो सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा का वादा है।
-
नई दिल्ली। सूडान से 392 यात्रियों को लेकर सी-17 विमान कल नई दिल्ली पहुंचा। विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा कि एक और विमान 362 भारतीयों को लेकर बेंगलुरु पहुंचा।इस बीच, कुल 270 यात्रियों को लेकर भारतीय वायुसेना के दो विमान जेद्दा पहुंचे आईएनएस सुमेधा सूडान पोर्ट से तीन सौ यात्रियों को लेकर जेद्दा के लिए रवाना हुआ।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक ट्वीट संदेश में कहा कि ऑपरेशन कावेरी के अंतर्गत सूडान में फंसे लगभग दो हजार चार सौ भारतीयों को अब तक निकाला जा चुका है। -
नई दिल्ली। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को दिल्ली हाट में पहला 'मोटा अनाज अनुभव केंद्र' का शुभारंभ किया। नेशनल एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड-नेफेड ने कृषि मंत्रालय के सहयोग से इस केन्द्र की स्थापना की है। इसका उद्देश्य मोटा अनाज के बारे में जागरूकता बढ़ाना और आम जनता के बीच इसे अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर श्री तोमर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंतर्राष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष 2023 के उत्सव में भारत की भूमिका की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भारत मोटा अनाज के लिए वैश्विक केंद्र बनने की ओर अग्रसर है और उन्होंने कहा कि 'मोटा अनाज अनुभव केंद्र' की स्थापना उस दिशा में एक कदम है। -
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय को सूचित किया कि वह यौन उत्पीड़न के आरोपों के आधार पर भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करेगी। सात महिला पहलवानों ने बृजभूषण पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। कई अंतर्राष्ट्रीय पदक विजेता पहलवानों का दिल्ली के जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन जारी है। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दिल्ली पुलिस की ओर से शीर्ष न्यायालय को महिला पहलवानों की याचिका के संबंध में की गई कार्रवाई की जानकारी दी। वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने इस मामले में महिला पहलवानों की सुरक्षा के लिए निर्देश जारी करने की मांग की। उन्होंने एक नाबालिग पहलवान को कथित रूप से दी गई धमकियों का विवरण न्यायालय को सौंपा। न्यायालय ने दिल्ली पुलिस को नाबालिग लड़की को सुरक्षा प्रदान करने के निर्देश जारी किए है।मामले की सुनवाई अगले शुक्रवार को होगी।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल सुबह 11 बजे आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम मे, देश-विदेश के श्रोताओं के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह इस मासिक कार्यक्रम की 100वीं कड़ी होगी। इस कार्यक्रम को आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार की वेबसाइट और न्यूज ऑन ए आई आर मोबाइल ऐप पर सुना जा सकेगा। इसका सीधा प्रसारण आकाशवाणी समाचार, दूरदर्शन समाचार, प्रधानमंत्री कार्यालय तथा सूचना और प्रसारण मंत्रालय के यू-ट्यूब चैनलों पर भी होगा। हिन्दी प्रसारण के तुरंत बाद इसे क्षेत्रीय भाषाओं में प्रसारित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन अक्तूबर 2014 से मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न मुद्दों पर नागरिकों के साथ अपने विचार साझा करते रहे हैं। कार्यक्रम के लिए श्रोताओं से राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर सुझाव और विचार भी आमंत्रित किए जाते हैं।
-
नई दिल्ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शंघाई सहयोग संगठन-एससीओ के सदस्य देशों से आतंकवाद खत्म करने और आतंकी गतिविधियों की मदद करने तथा उन्हें धन उपलब्ध कराने वालों की जिम्मेदारी तय करने की दिशा में मिल कर काम करने का आह्वान किया है। शुक्रवार को नई दिल्ली में एससीओ सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि आतंकी गतिविधियां या आतंकी गतिविधियों को सहयोग देना मानवता के खिलाफ अपराध है और इस खतरे के साथ शांति स्थापित नहीं हो सकती। उन्होंने युवाओं के कट्टरपंथी होने पर चिंता व्यक्त की और इसे समाज की सामाजिक आर्थिक प्रगति के रास्ते पर बाधा और प्रमुख सुरक्षा चुनौती बताया। विचार विमर्श के अंत में सभी सदस्य देशों ने समझौते पर हस्ताक्षर किए और इस क्षेत्र को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और समृद्ध बनाने की सामूहिक इच्छा व्यक्त की।
बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए, रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने ने कहा कि सभी सदस्य देशों के बीच आतंकवाद से निपटने, कमजोर देशों की सुरक्षा के साथ-साथ मानवीय सहायता और आपदा राहत सहित सहयोग के कई क्षेत्रों पर आम सहमति हुई। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य देश इस बात पर सहमत थे कि आतंकवाद और इसके सभी रूपों की निंदा की जानी चाहिए और इसका सफाया किया जाना चाहिए। बैठक में चीन, रूस, ईरान, बेलारूस, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, किर्गिस्तान और ताजिकिस्तान के रक्षा मंत्रियों ने भाग लिया। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम के दीमा हसाओ जिले में सक्रिय जनजातीय उग्रवादी समूह दिमासा नेशनल लिबरेशन आर्मी (डीएनएलए) के हिंसा छोड़ मुख्यधारा में शामिल होने के फैसले को शुक्रवार को पूर्वोत्तर में शांति और प्रगति के लिए ‘बहुत अच्छी खबर' बताया। डीएनएलए ने हिंसा छोड़ने और मुख्यधारा में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार को केंद्र और राज्य सरकार के साथ एक त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए। उग्रवादी समूह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की उपस्थिति में सरकार के साथ इस शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस संबंध में शाह की ओर से किए गए एक ट्वीट के जवाब में मोदी ने कहा, “पूर्वोत्तर की प्रगति और शांति के लिए यह बहुत अच्छी खबर है।
-
प्रतापगढ़ (उप्र). प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर लीलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में नदी में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत हो गयी। लीलापुर थाना प्रभारी निरीक्षक सुभाष यादव ने शुक्रवार को बताया कि थाना क्षेत्र के ताला सिरिस्ताबाद गांव में सई नदी पर पुल का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पानी के बहाव को रोकने के लिए जहां बांध बनाया गया है, वहीं बृहस्पतिवार शाम राजेश सिंह अपनी बेटी सिद्धि सिंह (13) और अपने साले के बेटे अभि सिंह (12) के साथ नहाने गए थे। यादव ने बताया कि नहाते समय गहरे पानी में जाने से दोनों बच्चे डूबने लगे। उन्होंने बताया कि आसपास मौजूद लोग दोनों बच्चों को पानी से निकालकर उपचार हेतु लालगंज के एक अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
-
नयी दिल्ली. कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) से पीएम-किसान सहित सभी केंद्रीय कार्यक्रमों को पूरी तरह से लागू करने को कहा ताकि किसानों को सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। एक सरकारी बयान में कहा गया है कि तोमर की अध्यक्षता में कृषि क्षेत्र के व्यापक विकास के उद्देश्य से केंद्र शासित प्रदेशों के साथ राष्ट्रीय राजधानी में एक बैठक हुई। तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के चौतरफा विकास के लिए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र शासित प्रदेशों में भी इन योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, वहां के सभी किसानों को भी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले...।'' केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सभी पात्र किसानों, पशुपालकों और मछुआरों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) सहित अन्य योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों के साथ-साथ इन क्षेत्रों को भी विकास की दौड़ में सबसे आगे होना चाहिए, केंद्र शासित प्रदेशों के छोटे किसानों के जीवन स्तर में भी बदलाव होना चाहिए। मंत्री ने कहा, ‘‘केंद्र सरकार के पास योजनाओं और धन की कोई कमी नहीं है, योजनाओं के पूर्ण कार्यान्वयन की आवश्यकता है।'' बैठक में केंद्रीय कृषि सचिव मनोज आहूजा सहित केंद्र शासित प्रदेशों के अधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। बैठक में कृषि और अन्य केंद्रीय मंत्रालयों तथा संबंधित केंद्रीय/राज्य संस्थानों के अधिकारी भी मौजूद थे।
- नयी दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तुलना ‘जहरीले सांप’ से किए जाने के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिाकार्जुन खरगे के खिलाफ प्राथिमकी दर्ज करने तथा कर्नाटक में उनके चुनाव प्रचार करने पर रोक लगाने की मांग की।केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग गए भाजपा नेताओं के इस प्रतिनिधमंडल में पार्टी महासचिव तरुण चुघ, सांसद अनिल बलूनी और पार्टी नेता ओम पाठक शामिल थे।अधिकारियों से मुलाकात के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि ऐसा नहीं है कि जुबान फिसलने की वजह से खरगे की यह टिप्पणी सामने आई है, बल्कि यह कांग्रेस की नफरत की राजनीति का हिस्सा है। यादव ने कहा कि कांग्रेस का मोदी पर व्यक्तिगत हमले करने का इतिहास रहा है। भाजपा ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 499 और 500 के तहत खरगे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है, जो मानहानि से संबंधित है। पार्टी ने धारा 504 के तहत भी खरगे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। यह धारा जानबूझकर अपमान करने और उकसाने के अपराध से संबंधित है।कर्नाटक में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी की तुलना जहरीले सांप से की थी। विवाद पैदा होने के बाद उन्होंने बाद में स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी प्रधानमंत्री के खिलाफ नहीं बल्कि सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ थी।कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है।
















.jpg)










