- Home
- देश
-
रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में मजदूरों से भरे पिकअप वाहन के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गये। पिपलौदा पुलिस थाना प्रभारी आर एस बर्डे ने शुक्रवार को बताया कि यह घटना रतलाम से करीब 35 किलोमीटर दूर पिपलौदा थाना इलाके में ग्राम लाम्बाखोरा के पास बृहस्पतिवार-शुक्रवार की दरमियानी रात बामनघाटी में हुआ।
उन्होंने कहा कि हादसे के वक्त ये मजदूर फसल कटाई के बाद पिकअप वाहन में सवार होकर अपने गांव लाम्बाखोरा लौट रहे थे। बर्डे ने बताया कि मृतकों की पहचान मीराबाई (60) एवं इंदिरा मईडा (15) के रूप में की गई है।
उन्होंने कहा कि इस हादसे में 29 लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें ग्राम सरवन के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जहां से 17 घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। -
चंडीगढ़। पंजाब के गुरदासपुर जिले में 60 वर्षीय व्यक्ति को अपनी पत्नी की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या करने और घर पर शव का दाह संस्कार का प्रयास करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घटना बृहस्पतिवार रात उस वक्त हुई जब गुरदासपुर के दीनानगर में पनियार गांव निवासी आरोपी संसार चंद ने किसी बात को लेकर विवाद के बाद अपनी पत्नी की बुरी तरह पिटाई की।
घटना में गंभीर रूप से घायल महिंद्रो (55) की मौत हो गई। दीनानगर के थाना प्रभारी मेजर सिंह ने कहा कि आरोपी संसार चंद पेशे से मजदूर है। उसने कुछ लकड़ियां इकट्ठा करने के बाद अपनी पत्नी के शव को जलाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि आस पास के लोगों के शोर मचाने और पुलिस को सूचित करने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अधजले शव को अपने कब्जे में ले लिया।
सिंह ने कहा कि शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ है कि आरोपी संसार चंद अपनी पत्नी से लड़ता रहता था और उसे मारता-पीटता था। पुलिस ने बताया कि दंपति का बेटा हिमाचल प्रदेश में काम करता है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उसकी पत्नी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। -
जोरहाट (असम)। असम के जोरहाट जिले में ब्रिटिश कालीन बाजार में लगी भीषण आग में 300 से अधिक दुकानें जल गईं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जोरहाट शहर के मध्य में स्थित चौक बाजार में बृहस्पतिवार देर शाम लगी आग पर करीब 10 घंटे बाद काबू पाया गया और दमकल के वाहन अब भी कुछ-कुछ हिस्सों में लगी आग को बुझाने के काम में जुटे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने के लिए बाजार में 50 से अधिक दमकल वाहनों को भेजा गया था जो एक दुकान में संभवत: शॉर्ट सर्किट होने से लगी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है क्योंकि सभी दुकानें बंद थीं और दुकान मालिक एवं कर्मचारी अपने-अपने घर चले गए थे। उन्होंने कहा कि आग से क्षतिग्रस्त हुई अधिकतर दुकानें किराने के सामान और कपड़ों की थीं।
शुक्रवार को दिन के दूसरे पहर में दुकानदार मलबे में से सामान निकालने की कोशिश करते देखे गए, जिसमें से अधिकांश सामान जलकर राख हो गए हैं। धातु के बर्तनों की दुकान चलाने वाले 50 वर्षीय मोंटू सैकिया ने रोते हुए कहा कि आग में उनका सब कुछ नष्ट हो गया है और जो कुछ बचा है उसे कबाड़ के रूप में बेचा जा सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘हम अपनी दुकानें बंद करने के बाद रात करीब साढ़े आठ बजे घर पहुंचे और आधे घंटे बाद हमने सुना कि बाजार में आग लग गई है।
जब तक हम मौके पर पहुंच पाते आग दूर तक फैल चुकी थी।'' रेडीमेड गारमेंट्स (कपड़ों) का कारोबार करने वाले एक अन्य दुकानदार राजेश बरुआ ने कहा, ‘‘महामारी के कारण हमें पहले ही काफी नुकसान हो चुका था, लेकिन इस आग ने अब हमें सड़कों पर ला दिया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम मध्यवर्गीय मेहनती परिवार हैं, लेकिन इस तबाही ने हमें ‘दुखिया' बना दिया है। मेरे ऊपर दो और परिवार निर्भर थे और मुझे नहीं पता कि आगे क्या करना है।''
अधिकारियों ने कहा कि शुरू में घटनास्थल पर दमकल के 25 वाहन भेजे गए थे लेकिन बाजार से सटी संकरी गलियों से होकर घटनास्थल पहुंचने में उन्हें काफी वक्त लगा। बाद में पास के तिताबोर, मरियानी, गोलाघाट, शिवसागर, यहां के वायु सेना स्टेशन, नुमालीगढ़ रिफाइनरी एवं ओएनजीसी से अतिरिक्त दमकलकर्मियों और वाहनों को घटनास्थल भेजा गया। दुकानदारों ने सरकार एवं जिला प्रशासन से उनके जल्द से जल्द पुनर्वास का अनुरोध किया है ताकि वे अपना कारोबार जल्द शुरू कर सकें।
अधिकारी ने कहा कि राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जगन मोहन घटनास्थल पहुंचे और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा। जोरहाट में दो महीने में इस तरह की ये दूसरी घटना है। दिसंबर में मारवाड़ी पट्टी इलाके में भीषण आग लगने से कई दुकानें जलकर राख हो गई थीं। -
नयी दिल्ली। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने देश के सभी राज्यों के राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर उनसे उच्च शिक्षण संस्थानों में मातृभाषा में पठन-पाठन को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया है। यूजीसी के अध्यक्ष प्रो. एम जगदीश कुमार ने यह जानकारी दी।
कुमार ने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों में मातृभाषा में पाठ्यपुस्तकों को बढ़ावा देने को भी कहा गया है। उन्होंने कहा, ‘‘ राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में मातृभाषा में शिक्षा एक प्रमुख आयाम है। इस नीति में मातृभाषा में पठन-पाठन की सामग्री के महत्व को भी रेखांकित किया गया है।'' यूजीसी के अध्यक्ष ने कहा कि यह सुखद है कि मातृभाषा और स्थानीय भाषाओं में पाठ्यपुस्तकों को बढ़ावा दिया जा रहा है और देश के उच्च शिक्षण संस्थानों में इसका उपयोग किया जा रहा है। -
बांका। बिहार के बांका जिला में एक महिला अस्पताल में बच्चे को जन्म देने के कुछ घंटे बाद दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा देने के लिए एंबुलेंस से परीक्षा केंद्र पहुंची। बांका जिले के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली रुक्मिणी कुमारी (22) बुधवार से शहर में चर्चा का विषय बनी हुई हैं जब उन्होंने सुबह बच्चे को जन्म दिया और तीन घंटे बाद विज्ञान विषय की परीक्षा देने परीक्षा केंद्र पहुंच गयीं।
रुक्मिणी ने डॉक्टर और परिवार के सदस्यों की स्वास्थ्य लाभ लेने की सलाह मानने से इनकार कर दिया और एक एंबुलेंस पर सवार होकर परीक्षा देने परीक्षा केंद्र पहुंच गयीं। बांका के जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार ने फोन पर बताया, ‘‘यह साबित करता है कि महिलाओं की शिक्षा पर सरकार के जोर को बढ़ावा मिला है। अनुसूचित जाति से संबंधित रुक्मिणी सभी के लिए प्रेरणा बन गई हैं।''
पत्रकारों से बातचीत में रुक्मिणी ने कहा, ‘‘मंगलवार से मुझे कुछ परेशानी हो रही थी जब मैंने गणित की परीक्षा दी थी पर पेपर अच्छा गया था। मैं विज्ञान के बारे में उत्साहित थी जिसकी परीक्षा अगले दिन होने वाली थी। लेकिन मुझे देर रात अस्पताल जाना पड़ा। सुबह छह बजे मैंने एक बच्चे को जन्म दिया।'' अस्पताल में महिला का इलाज करने वाले डॉक्टर भोला नाथ के अनुसार, ‘‘शुरुआत में हमने रुक्मिणी को मनाने की कोशिश की कि वह परीक्षा न दें क्योंकि बच्चे के जन्म की कठिनाइयों ने उनके स्वास्थ्य पर असर डाला था लेकिन वह अड़ी रहीं।
इसलिए, हमने एक एंबुलेंस व्यवस्था की और किसी भी आपात स्थिति में उनकी सहायता के लिए कुछ पैरामेडिकल कर्मियों की तैनाती की।'' रुक्मिणी ने कहा, ‘‘मैं चाहती हूं कि मेरा बच्चा अच्छी तरह से पढ़ाई करे और बड़ा होने पर एक मुकाम हासिल करे, इसलिए मैं खुद को नहीं रोक पायी थी।'' महिला ने बताया, ‘‘मेरा विज्ञान का पेपर भी अच्छा गया। मुझे उम्मीद है कि मैं अच्छा स्कोर करूंगी।'' डॉक्टर भोला नाथ ने कहा, ‘‘मुझे संतोष है कि मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और रुक्मिणी बेहतर शिक्षा पाने की अपनी महत्वाकांक्षा को पूरा करने में सक्षम हो सकी हैं।'' -
छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में शुक्रवार को एक जीप के अनियंत्रित होकर खाई में गिर जाने से इसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गये। घायलों में से चार की हालत गंभीर है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव उइके ने बताया कि यह हादसा छिंदवाड़ा जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर जुन्नारदेव के अंतर्गत गोरख घाट के समीप हुआ।
उन्होंने कहा कि हादसे के वक्त ये लोग होशंगाबाद की सीमा पर आयोजित पचमढ़ी मेले में शामिल होने जा रहे थे। उइके ने बताया कि मृतकों की पहचान लक्ष्मी उइके (16), सचिन उइके (10), किशन कड़वे (40) एवं हेमेंद्र कड़वे के रूप में की गई है।
उन्होंने कहा कि इस हादसे में 10 लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें से चार लोगों की हालत गंभीर है। गंभीर रूप से दो घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी अन्य लोगों का सामुदायिक केंद्र में इलाज जारी है। -
रूड़की। हरिद्वार जिले के रूड़की में शुक्रवार को एक कार के अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में घुस जाने से उसमें सवार दो कांवड़ियों की मृत्यु हो गयी और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दुर्घटना का शिकार कांवड़िए महाशिवरात्रि पर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए गंगाजल लेने दिल्ली से हरिद्वार आ रहे थे।
रूड़की सिविल लाइन्स कोतवाली के अतिरिक्त पुलिस उपनिरीक्षक नरेश गंगवार ने बताया कि हादसा सुबह करीब छह बजे रूड़की-हरिद्वार के बीच ढंढेरी ख्वाजगीपुर स्थित एक ढाबे के पास हुआ। गंगवार ने बताया कि हादसे में दिल्ली के बवाना के रहने वाले किराना व्यापारी मनजीत और नीतू की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अंशु गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे रूड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। -
अब 65 वर्ष और इससे अधिक आयु के रोगी भी अंग मांगने के लिए पंजीकरण करा सकते हैं
नयी दिल्ली. केंद्र ने अंगदान से जुड़े नियमों में जरूरी बदलाव किए हैं और अब 65 साल तथा इससे अधिक उम्र के मरीज भी मृतक दाता से अंग प्राप्त करने के लिए पंजीकरण करा सकते हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों को मूल-निवास मानदंड को हटाने की सिफारिश की है ताकि जरूरतमंद मरीज अंग प्राप्त करने के लिए किसी भी राज्य में अपना पंजीकरण करा सकें। सूत्रों ने कहा कि मंत्रालय ने राज्यों से इस तरह के पंजीकरण की मांग करने वाले मरीजों से कोई शुल्क नहीं लेने को कहा क्योंकि यह मानव अंगों और ऊतकों के प्रतिरोपण नियम, 2014 के प्रावधानों के खिलाफ है। राष्ट्रीय अंग और ऊतक प्रतिरोपण संगठन (एनओटीटीओ) ने दिशानिर्देशों में आवश्यक बदलाव किए हैं जो अब 65 वर्ष और इससे अधिक आयु के रोगियों को भी मृत दाता से अंग प्राप्त करने के लिए पंजीकरण कराने की अनुमति देते हैं। इस संबंध में एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, "मृत दाताओं के अंगों की आवश्यकता वाले रोगियों के पंजीकरण के लिए, पहले ऊपरी आयु सीमा 65 वर्ष थी। इस प्रतिबंध को हटाए जाने के साथ, सभी आयु वर्ग के रोगी मृत दाताओं के अंगों के लिए पंजीकरण करा सकते हैं। संशोधित दिशानिर्देश एनओटीटीओ की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।" -
सरकार की निशुल्क टेलीमेडिसिन सेवा का लाभ उठाने वाले लोगों की संख्या 10 करोड़ से अधिक हुई: मांडविया
नयी दिल्ली. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बृहस्पतिवार को कहा कि केंद्र सरकार की निशुल्क टेलीमेडिसिन सेवा का लाभ उठाने वाले लोगों की संख्या 10 करोड़ से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि अब तक 10 करोड़ से अधिक लोगों ने डिजिटल माध्यम से चिकित्सा परामर्श लिया।मंत्री ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की एक पहल, ‘ई-संजीवनी' के लाभार्थियों में 57 प्रतिशत महिलाएं और लगभग 12 प्रतिशत वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। राष्ट्रीय टेलीमेडिसिन सेवा, ई-संजीवनी, मंत्रालय की एक डिजिटल स्वास्थ्य पहल है जिसमें दो प्रकार की टेली-परामर्श सेवाएं ‘ई-संजीवनी' और ‘ई-संजीवनी ओपीडी' दी जाती है। मांडविया ने कहा, ‘‘भारत सरकार के राष्ट्रीय टेलीमेडिसिन मंच ‘ई-संजीवनी' ने 10 करोड़ लाभार्थियों को टेली-परामर्श सेवाएं प्रदान करके एक और मील का पत्थर तय किया है।'' ई-संजीवनी को अपनाने के मामले में दस अग्रणी राज्य आंध्र प्रदेश (3,17,01735), तमिलनाडु (1,23,74,281), पश्चिम बंगाल (1,23,11,019), कर्नाटक (1,12,93,228), उत्तर प्रदेश (54,98,907), महाराष्ट्र (47,80,259), तेलंगाना (45,91,028), मध्य प्रदेश (40,15,879), बिहार (32,20,415), और गुजरात (29,88,201) शामिल हैं। -
नयी दिल्ली. भारतीय रेल और इंडिया पोस्ट ने अपनी संयुक्त पार्सल सेवा बृहस्पतिवार को विधिवत शुरू कर दी। ‘रेल पोस्ट गति शक्ति एक्सप्रेस कार्गो सेवा' की शुरुआत चार क्षेत्रों- दिल्ली-कोलकाता, बेंगलुरु-गुवाहाटी, सूरत-मुजफ्फरपुर और हैदराबाद-हजरत निजामुद्दीन में हो गई है। पहले चरण में कुल 15 क्षेत्रों में इस सेवा की शुरुआत करने की तैयारी है। इस पार्सल सेवा की खास बात यह है कि इसमें पार्सल को सीधे उपभोक्ता के परिसर से लेकर जाने और उसे सीलबंद बक्सों में भरकर पहुंचाने के साथ समय पर डिलिवरी की सुविधा भी होगी। इसके अलावा पार्सल बुकिंग दर की स्लैब व्यवस्था को भी हटा दिया गया है। इस सेवा को लोकप्रिय बनाने के लिए रेलवे और डाक विभाग दोनों की संयुक्त टीमें बनाई गई हैं। पार्सल किए जा रहे सामान को सुरक्षित रखने के लिए खास बॉक्स भी बनाए गए हैं।
-
चंद्र उल्कापिंडों के समूह ने चंद्रमा पर बेसाल्ट की उत्पत्ति पर प्रकाश डाला: इसरो
बेंगलुरु. इसरो ने कहा है कि अहमदाबाद स्थित भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला (पीआरएल), अमेरिका और जापान के वैज्ञानिकों की एक टीम ने प्राचीन चंद्र बेसाल्टिक उल्कापिंडों के एक अनूठे समूह का पता लगाया है, जो चंद्र बेसाल्ट की उत्पत्ति के संबंध में एक नया परिदृश्य दिखाता है। अंतरिक्ष विभाग की इकाई पीआरएल भौतिकी, अंतरिक्ष और वायुमंडलीय विज्ञान, खगोल विज्ञान, खगोल भौतिकी और सौर भौतिकी, तथा ग्रहीय और भू-विज्ञान के चुनिंदा क्षेत्रों में मौलिक अनुसंधान करती है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि चंद्र घोड़ी कहे जाने वाले और नग्न आंखों से दिखाई देने वाले चंद्रमा के अंधेरे क्षेत्र सौर मंडल के एक हिंसक इतिहास के अवशेष हैं, हालांकि पृथ्वी पर इन उन्मुक्त घटनाओं का कोई रिकॉर्ड नहीं है। इसने कहा कि चंद्रमा, अरबों वर्षों में बहुत कम बदला है और यह अतीत पर विचार करने के लिए एक खिड़की प्रदान करता है। बयान में कहा गया कि पृथ्वी से देखे जा सकने वाले चंद्रमा के बड़े घोड़ी क्षेत्र मुख्य रूप से ज्वालामुखीय चट्टानों वाले बेसाल्ट होते हैं। इसरो ने कहा कि ये क्षेत्र इस बात की कुंजी हैं कि चंद्रमा कैसे ठंडा हुआ और विकसित हुआ, इसके अलावा गर्मी के स्रोत क्या थे जो पिघल गए और सामग्री को क्रिस्टलीकृत कर दिया। एजेंसी ने कहा कि गणना से पता चलता है कि ये बेसाल्ट चंद्रमा में कम दबाव की पिघलन का परिणाम होने चाहिए, जैसा कि पृथ्वी और मंगल जैसे अन्य स्थलीय पिंडों में होता है। इसने कहा कि इसके अलावा, वे यह भी प्रकट करते हैं कि ये बेसाल्ट चंद्रमा के आंतरिक भाग के एक शांत, उथले और रचनात्मक रूप से अलग हिस्से से उत्पन्न हुए हैं। -
ड्रोन ने सिर्फ 30 मिनट में एम्स ऋषिकेश से टिहरी गढ़वाल अस्पताल में टीबी रोधी दवा पहुंचाई
नयी दिल्ली. उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के पर्वतीय क्षेत्र में स्थित एक अस्पताल में बृहस्पतिवार को एम्स ऋषिकेश से करीब दो किलोग्राम टीबी रोधी दवा पहुंचाई गई। यह दवा चिकित्सा आपूर्ति के वितरण में ड्रोन का उपयोग करने की व्यवहार्यता का अध्ययन करने के लिए परीक्षण के तौर पर भेजी गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि ड्रोन के इस्तेमाल से आपूर्ति का समय दो घंटे से घटकर सिर्फ 30 मिनट रह गया है। उन्होंने कहा, "ड्रोन के उपयोग से स्वास्थ्य सेवा आपूर्ति में क्रांति! एम्स हेलीपैड से जिला अस्पताल टिहरी गढ़वाल तक टीबी रोधी दवाओं के परिवहन के लिए एम्स ऋषिकेश में ड्रोन-आधारित सफल परीक्षण किया गया। लगभग 40 किलोमीटर की हवाई दूरी को 30 मिनट के भीतर तय किया गया, जो पर्वतीय क्षेत्र तक आसानी से पहुंचा।" मांडविया ने कहा कि इस तरह का अगला ड्रोन आधारित परीक्षण एम्स दिल्ली और एम्स झज्जर के बीच होने वाला है। - ठाणे. पुलिस ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र में ठाणे जिले के अंबरनाथ से एक व्यक्ति को अपने 11 वर्षीय बेटे की कथित तौर पर गला रेतकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि 40 वर्षीय आरोपी ने बुधवार देर रात घटना को अंजाम दिया।उल्हासनगर डिवीजन चार के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सुधाकर पठारे ने बताया, “आरोपी ने अपने बेटे की गला रेत कर हत्या कर दी। बाद में, जब वह नाबालिग के शव को अंबरनाथ में एक चाय की दुकान के पास फेंक रहा था, तो पुलिस के एक गश्ती दल ने बृहस्पतिवार की तड़के उसे पकड़ लिया।” उन्होंने बताया कि पत्नी से अलग हुए आरोपी के दो बच्चे और हैं।अधिकारी ने बताया कि हत्या के पीछे के मकसद का अभी पता नहीं चला है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या) और 201 (सबूतों को मिटाना) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
-
नाबालिग छात्रा को चार युवकों इमारत की छत से दिया धक्का...!, मौत
धनबाद. झारखंड के धनबाद जिले में चार युवकों ने 16 साल की एक छात्रा को कथित तौर पर चार मंजिला अपार्टमेंट की छत से धक्का देकर नीचे गिरा दिया, जिससे इस घटना में उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की मां ने एक ही अपार्टमेंट में रहने वाले दो नामजद आरोपियों सहित चार युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है । उन्होंने बताया कि चारों में से एक युवक पीड़िता के साथ बातचीत करता था और यह उसकी मां को पसंद नहीं था । महिला ने अपनी बेटी को युवक के साथ बातचीत करने से रोका था । पुलिस ने बताया कि घटना धनबाद में बरवाड़ा थाना क्षेत्र के भेलाटांड़ इलाके में बुधवार शाम साढ़े पांच बजे से छह बजे के बीच हुई। पुलिस उपाधीक्षक अमर कुमार पांडे ने बताया कि प्राथमिकी के आधार पर बुधवार की रात दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। किशोरी धनबाद के एक स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा थी। पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि अपार्टमेंट में ही रहने वाला एक लड़का उनकी बेटी से जबरन बात करता रहता था और वह उसका सीनियर था। महिला ने बताया कि उसने अपनी बेटी को इसके लिये डांटा था और भविष्य में उस लड़के के साथ बातचीत नहीं करने के लिये कहा था । पुलिस ने बताया कि बुधवार की शाम को लड़के को उसके एक दोस्त के साथ अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर देखा गया था। पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि छत पर एक कुर्सी भी मिली है, वहां कुर्सी कौन लाया और छत पर कितने लोग मौजूद थे इसकी जांच की जा रही है। जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष उत्तम मुखर्जी ने कहा कि समिति भी मामले की जांच कर रही है। - रतलाम (मप्र), मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में मजदूरों से भरे पिकअप वाहन के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गये।पिपलौदा पुलिस थाना प्रभारी आर एस बर्डे ने शुक्रवार को बताया कि यह घटना रतलाम से करीब 35 किलोमीटर दूर पिपलौदा थाना इलाके में ग्राम लाम्बाखोरा के पास बृहस्पतिवार-शुक्रवार की दरमियानी रात बामनघाटी में हुआ। उन्होंने कहा कि हादसे के वक्त ये मजदूर फसल कटाई के बाद पिकअप वाहन में सवार होकर अपने गांव लाम्बाखोरा लौट रहे थे। बर्डे ने बताया कि मृतकों की पहचान मीराबाई (60) एवं इंदिरा मईडा (15) के रूप में की गई है। उन्होंने कहा कि इस हादसे में 29 लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें ग्राम सरवन के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जहां से 17 घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
-
गोरखपुर . उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के चिलुआताल क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक यज्ञ समारोह के दौरान अचानक भड़के हाथी ने दो महिलाओं और एक बच्चे को रौंद दिया, जिससे इस घटना में तीनों की मौत हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि चिलुआताल थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर माफी गांव में यज्ञ का कार्यक्रम हो रहा था, इसमें रस्म के लिये एक हाथी को भी लाया गया था। उन्होंने बताया कि यज्ञ में भजन—कीर्तन के दौरान हाथी अचानक भड़क गया और उसने उत्पात मचाना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर भगदड़ मच गयी। उन्होंने बताया कि इस दौरान हाथी ने कांति देवी (55), कौशल्या देवी (50) और राजीव नामक व्यक्ति के चार वर्षीय बेटे को पैरों तले रौंद डाला। उन्होंने बताया कि इस हादसे में दोनों महिलाओं की मौके पर ही जबकि लड़के की इलाज के लिये अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही मौत हो गयी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची वन विभाग की एक टीम तथा पुलिस बल हाथी को काबू में करने की कोशिश कर रहे हैं।
-
भोपाल. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव शनिवार को 12 चीतों को कूनो नेशनल पार्क (केएनपी) में उनके बाड़ों में छोड़ेंगे, इन चीतों को दक्षिण अफ्रीका से यहां भारतीय वायुसेना के परिवहन विमान से लाया जा रहा है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इन 12 चीतों में सात नर और पांच मादा हैं और कूनो आने वाले चीतों का यह दूसरा जत्था है। इससे पहले नामीबिया से आठ चीतों के पहले जत्थे को पिछले साल 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कूनो के बाड़ों में छोड़ा था। मध्यप्रदेश के वन बल (एचओएफएफ) प्रमुख रमेश गुप्ता ने बृहस्पतिवार को बताया, ‘‘वे शनिवार की सुबह 11 बजे दक्षिण अफ्रीका से मध्यप्रदेश पहुंचेंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव उन्हें बाड़ों में छोड़ेंगे।'' गुप्ता ने बताया कि ये 12 चीते जिनमें सात नर और पांच मादा शामिल हैं, सुबह ग्वालियर पहुंचेंगे और सुबह 11 बजे केएनपी के बाड़ों में छोड़े जाएंगे। सूत्रों ने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस अवसर पर उपस्थित होने की संभावना है। दक्षिण अफ्रीका से भारतीय वायुसेना के परिवहन विमान से ग्वालियर पहुंचने के तीस मिनट बाद, इन चीतों को भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों से केएनपी ले जाया जाएगा। भारत में अंतिम चीते की मृत्यु वर्तमान छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में 1947 में हुई थी और इस प्रजाति को 1952 में विलुप्त घोषित कर दिया गया था। पूर्व केंद्रीय पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार के तहत 2009 में भारत में चीतों को फिर से लाने के उद्देश्य से 'प्रोजेक्ट चीता' की शुरुआत की थी।
-
मुंबई. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बृहस्पतिवार सुबह एक चलती लोकल ट्रेन के पहियों से चिंगारी निकलने लगी। अधिकारियों ने कहा कि ऐसा ‘‘ब्रेक बाइंडिंग'' (ट्रेनों के पहियों के ब्रेक जाम) के कारण हुआ और घटना में कोई यात्री हताहत नहीं हुआ है। मुंबई से करीब 70 किलोमीटर की दूरी पर हुई घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है जिसमें यात्रियों को रुकी हुई ट्रेन से कूदते देखा जा सकता है। रेलवे के सूत्रों ने कहा कि सुबह का व्यस्त समय होने के कारण ट्रेन खचाखच भरी थी। पहियों से चिंगारी निकलते देख, ट्रेन के रुकते ही यात्री उससे कूदने लगे। मध्य रेलवे (सीआर) के प्रवक्ता ने कहा कि घटना आसनगांव स्टेशन पर सुबह करीब आठ बजकर 55 मिनट पर हुई जो मुंबई से 70 किलोमीटर दूर है। लोकल ट्रेन छत्रपत्रि शिवाजी महाराज टर्मिनस (दक्षिण मुंबई में) से ठाणे में कसारा जा रही थी। अधिकारी ने कहा कि घटना में कोई यात्री हताहत नहीं हुआ है और ऐसा ‘‘ब्रेक बाइंडिंग'' के कारण हुआ जिसमें पहियों में ब्रेक जाम हो जाता है और कभी कभी घर्षण से धुंआ या चिंगारी उठने लगती है। अधिकारी ने कहा कि संबंधित रेलवे अधिकारियों ने इसका जायजा लिया और बाद में ट्रेन का सामान्य रूप से संचालन होने लगा। उन्होंने बताया कि कोच के कार शेड में जाने के बाद विस्तृत जांच की जाएगी। -
नयी दिल्ली. भारत अपनी उत्कृष्ट विनिर्माण क्षमताओं, उच्च गुणवत्ता वाली प्रतिभा और अत्याधुनिक उन्नत प्रौद्योगिकी के बल पर वैश्विक जुड़ाव का विस्तार करने के मिशन पर है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को यह बात कही। उन्होंने भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी मेले को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं, जहां इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी में अंतरराष्ट्रीय सहयोग से दुनिया में समृद्धि लाई जा सकती है। राष्ट्रपति ने कहा कि आने वाली पीढ़ी के लिए धरती को सुरक्षित स्थान बनाने के लिए ये बदलाव जरूरी हैं।
मुर्मू ने कहा, ‘‘भारत अपनी उत्कृष्ट विनिर्माण क्षमता, उच्च गुणवत्ता वाली प्रतिभा और अत्याधुनिक उन्नत प्रौद्योगिकी के बल पर अपने वैश्विक जुड़ाव का विस्तार करने के मिशन पर है।'' उन्होंने कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवा में क्रांति लाने जा रही है। इसी तरह औद्योगिक स्वचालन और रोबोटिक्स विनिर्माण को आश्चर्यजनक रूप से बदल देंगे। यह बदलाव ऐसा होगा, जिसके बारे में एक दशक पहले सोचा नहीं जा सकता था। मुर्मू ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा में प्रौद्योगिकी के महत्व को कम करके नहीं आंका जा सकता है। यह क्षेत्र आने वाले वर्षों में प्राथमिकता बना रहेगा। राष्ट्रपति ने कहा कि हाल के दिनों में अपनाई गई नीतियों ने अभूतपूर्व समावेशी वृद्धि को बढ़ावा दिया है। मुर्मू ने कहा कि अर्थव्यवस्था के तेजी से डिजिटल होने और सामाजिक स्तर पर इसकी स्वीकृति ने एक नयी क्षमता को जन्म दिया है, जिससे उच्च वृद्धि के रास्ते खुले हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत में अंतरराष्ट्रीय बाजारों के साथ जुड़ने की महत्वपूर्ण क्षमता है।
राष्ट्रीय राजधानी के प्रगति मैदान में 16-18 फरवरी तक अंतरराष्ट्रीय इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी मेला का आयोजन किया जा रहा है। -
सुलतानपुर (उप्र) . सुलतानपुर में बृहस्पतिवार सुबह वाराणसी से आ रही कोयले से लदी मालगाड़ी एवं यहां से वाराणसी की तरफ जा रही खाली मालगाड़ी आमने-सामने टकरा गई। रेलवे सूत्रों ने बताया कि रेलवे स्टेशन के दक्षिण में केविन के पास यह घटना घटी जिसमें मालगाड़ी के नौ डिब्बे पलट गए एवं कई अन्य पटरी से उतर गए। दोनों मालगाड़ियों के चालक घायल हो गए जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक इस दुर्घटना से लखनऊ-वाराणसी एवं अयोध्या-प्रयागराज रेलवे मार्ग बाधित हो गये। कुछ डिब्बों को अलग कर उन्हें रेलवे स्टेशन पर ले जाया गया और रेलवे क्रासिंग को खाली कराया गया है। सूत्रों के अनुसार लखनऊ-वाराणसी तथा अयोध्या-प्रयागराज मार्गों पर आने-जाने वाली सभी ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन कर दिया गया है। वैसे यह घटना किस कारण हुई, उसके बारे में अभी कोई भी रेलवे अधिकारी बताने को तैयार नहीं हैं। रेलवे के कर्मियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के कारण का पता चल सकेगा। रेलवे पटरी भी काफी क्षतिग्रस्त हो गई है। जेसीबी द्वारा पलटे डिब्बों को हटाने का कार्य जारी है।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को आदि महोत्सव का उद्घाटन किया और कहा कि जनजातीय समाज का हित उनके लिए व्यक्तिगत रिश्तों और भावनाओं का विषय है। राजधानी दिल्ली स्थित मेजर ध्यान चंद राष्ट्रीय स्टेडियम में 16 से 27 फरवरी तक आयोजित ‘‘आदि महोत्सव'' को प्रधानमंत्री ने विविधता में एकता के भारतीय सामर्थ्य को एक नयी ऊंचाई देने वाला बताया और कहा कि ये विकास और विरासत के विचार को और अधिक जीवंत बना रहा है। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘यह महोत्सव विकास और विरासत के विचार को और अधिक जीवंत बना रहा है। जो पहले खुद को दूर-सुदूर समझता था अब सरकार उसके द्वार जा रही है, उसको मुख्यधारा में ला रही है। आदिवासी समाज का हित मेरे लिए व्यक्तिगत रिश्तों और भावनाओं का विषय है।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार वंचितों को वरीयता दे रही है और यही वजह है कि देश विकास के नए आयाम छू रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘आदिवासी समाज को लेकर आज देश जिस गौरव के साथ आगे बढ़ रहा है, वैसा पहले कभी नहीं हुआ है। आज भारत दुनिया के बड़े-बड़े मंचों पर जाता है तो आदिवासी परंपरा को अपनी विरासत और गौरव के रूप में प्रस्तुत करता है।'' आदि महोत्सव जनजातीय संस्कृति, शिल्प, खान-पान, वाणिज्य और पारंपरिक कला का उत्सव मनाने वाला कार्यक्रम है। यह जनजातीय कार्य मंत्रालय के अधीन भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास महासंघ लिमिटेड (ट्राइफेड) की वार्षिक पहल है। कार्यक्रम में देशभर के जनजातीय समुदायों की समृद्ध और विविधतापूर्ण धरोहर को प्रदर्शित किया गया है। इसके लिये आयोजन-स्थल पर 200 से अधिक स्टॉल लगाये गए है। कार्यक्रम का उद्घाटन करने से पहले प्रधानमंत्री कई स्टॉल पर गए और उनके उत्पादों को भी देखा । महोत्सव में लगभ एक हजार जनजातीय शिल्पकार हिस्सा ले रहे हैं।
-- -
लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्राग नारायण रोड स्थित राजकीय बालगृह में पांच दिनों में चार बच्चियों की मौत को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए उसके अधीक्षक को निलंबित कर दिया है तथा मजिस्ट्रेट जांच के भी आदेश दिए हैं । जिला प्रशासन ने इन बच्चियों की ठंड से मौत की बात को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि मौत के कारणों के बारे में सही जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चल पायेंगी । राजकीय बालगृह में नवजात से लेकर दस साल के बच्चे रखे जाते हैं। यह महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित है । यहां निराश्रित, लावारिस एवं परित्यक्त नवजात शिशुओं को बाल कल्याण समीति के आदेश से रखा जाता है।
इस बाल गृह में फिलहाल 28 नवजात सहित कुल 75 बच्चे रह रहें हैं। उनका पालन पोषण उत्तर प्रदेश का महिला कल्याण विभाग करता है। बालगृह में शहर में पाये जाने वाले निराश्रित, लावारिस एवं परित्यक्त नवजात शिशुओं को रखा जाता है। शहर में कही भी पाये गये लावारिस शिशु को यहां रखा जाता है। उनके इलाज से लेकर खानपान आदि सभी जिम्मेदारियां इस बाल गृह की होती है। महिला कल्याण विभाग के जिला परिवीक्षा अधिकारी (डीपीओ) विकास सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि बाल गृह में चार बच्चियों की मौत 10 से 14 फरवरी के बीच इलाज के दौरान हुई है जो डेढ़ महीने से साढ़े पांच महीने की थीं। उन्होंने कहा कि इन बच्चियों के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है जिसकी रिपोर्ट अभी नही मिली है । उनका कहना था कि रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा । उनके अनुसार घटना के मजिस्ट्रेट जांच के भी आदेश दे दिए गए हैं । सिंह के मुताबिक राजकीय बालगृह के अधीक्षक किंशुक त्रिपाठी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है तथा उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
सिंह ने बताया कि बाल गृह में पांच दिनों में चार गंभीर रूप से बीमार शिशुओं को उपचार के दौरान किंग जार्ज मेडिकल कालेज विश्वविदयालय और सिविल अस्पताल लखनऊ में चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया । जिला प्रशासन ने इन बच्चियों की ठंड से मौत होने की बात को खारिज करते हुए कहा कि इन बच्चियों की स्वास्थ्य स्थिति संस्था में प्रवेश समय से ही गंभीर थी और इनका निरंतर उपचार कराया जा रहा था लेकिन इन्हें बचाया नही जा सका। इन बच्चियों का वजन 1200 ग्राम से 1600 ग्राम के मध्य था ।
-
जयपुर। राजस्थान पुलिस की विशेष टीम और सदर चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए बुधवार की रात को नाकाबंदी के दौरान 26 लाख 10 हजार संदिग्ध रुपयों सहित एक कार को जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने पुलिस दल ने बोजुंदा पुलिया हाईवे रोड पर नाकाबंदी के दौरान निम्बाहेड़ा की तरफ से आने वाली एक संदिग्ध कार की तलाशी में कार की सीट के नीचे एक प्लास्टिक के कट्टे में बड़ी मात्रा में नगदी बरामद की है।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने कार से बरामद संदिग्ध 26 लाख 10 हजार रुपये की नकदी के साथ 3 लोगों को गिरफ्तार किया है और कार को जब्त कर लिया | उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तीनों व्यक्तियों से रुपयों की प्राप्ति व उसके उपयोग के बारे में पूछताछ कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। -
पटना। बिहार सरकार ने व्यावसायिक उपयोग के लिए जंगली हाथियों को पकड़ने से रोकने के लिए सभी हाथियों की गणना शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। बिहार के मुख्य वन्यजीव वार्डन पी के गुप्ता ने बताया, ‘‘प्रदेश के सभी 38 जिलों के वन अधिकारियों को स्वामित्व विवरण, माइक्रोचिप नंबर और व्यक्तियों तथा सरकारी विभागों के स्वामित्व वाले हाथियों के तस्वीरों की एक सूची तैयार करने के लिए कहा गया है।''
अधिकारी ने बताया कि उन्हें कैद में रखे गए हाथियों की डीएनए प्रोफाइलिंग करने के लिए भी कहा गया है। गुप्ता ने कहा कि अधिकारियों को जल्द से जल्द यह कवायद पूरी करने को कहा गया है। -
मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य के अहमदनगर जिले की प्रसिद्ध धार्मिक नगरी शिरडी स्थित हवाईअड्डे को बृहस्पतिवार को नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय से रात में विमानों के उतरने का लाइसेंस मिल गया है। इस कदम से शहर में संपर्क सुविधा और मजबूत होगी।
ज्ञात हो कि शिरडी में साईं बाबा को समर्पित एक विश्व प्रसिद्ध मंदिर स्थित है। यह शहर मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे का भी हिस्सा है। अब वंदे भारत सेवा भी यहां के लिए उपलब्ध है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में इसका उद्घाटन किया था। फडणवीस ने ट्वीट किया, ‘‘साईभक्तों और महाराष्ट्र के लिए अच्छी खबरों की हैट्रिक!
समृद्धि महामार्ग, वंदे भारत एक्सप्रेस के बाद अब हमारे शिरडी हवाईअड्डे को आज सुबह डीजीसीए से ‘नाइट लैंडिंग' का लाइसेंस मिल गया है।'' उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘एयरलाइंस द्वारा मार्च/अप्रैल 2023 से रात की उड़ानें शुरू किए जाने की उम्मीद है। वर्तमान में इस हवाई अड्डे से 13 उड़ानें संचालित होती हैं। अब और उड़ानें जोड़े जाने की उम्मीद है।''
फडणवीस ने कहा कि वह भाग्यशाली हैं कि 2017 में जब ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा शुरू हुआ था तो वह (राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में) शीर्ष पर थे और जब इसे रात में लैंडिंग करने लाइसेंस प्राप्त हुआ है तो राज्य सरकार का नेतृत्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे कर रहे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को उनके आग्रह पर तेजी से कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इससे शिरडी की यात्रा आसान होगी आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक वृद्धि भी होगी।









.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)



.jpeg)









.jpg)