- Home
- देश
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वास व्यक्त किया है कि आगामी वर्षों में भारत विमानन क्षेत्र में तीसरे सबसे बड़े वैश्विक बाजार के रूप में उभरेगा। उन्होंने कहा है कि मेक इन इंडिया और मेक फॉर द वर्ल्ड के विजन के तहत एयरोस्पेस विनिर्माण क्षेत्र में नए अवसर बन रहे हैं। उन्होंने कहा है कि भारत विमानन क्षेत्र के लिए रखरखाव और मरम्मत का बडा केन्द्र बन सकता है।
एयर इंडिया और एयरबस के बीच समझौते पर फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ एक वर्चुअल बैठक में श्री मोदी ने आज कहा है कि नागरिक उड्डयन देश के विकास में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय विमानन क्षेत्र को अगले 15 साल में दो हजार से ज्यादा विमानों की जरूरत होगी। श्री मोदी ने इस सौदे को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी के मजबूत होने को दर्शाता है। उन्होंने कहा है कि इस सौदे से विमानों की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।भारत-फ्रांस संबंधों पर प्रधान मंत्री ने कहा है कि दोनों देश भारत-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता, वैश्विक खाद्य और स्वास्थ्य सुरक्षा सहित विभिन्न मुद्दों पर महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। भारत और फ्रांस की साझेदारी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था और बहुपक्षीय व्यवस्था की स्थिरता और संतुलन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।क्षेत्रीय संपर्क योजना -उड़ान के अन्तर्गत की गई पहलों पर प्रधानमंत्री ने कहा है कि पिछले आठ वर्षों में देश में हवाईअड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 147 हो गई है। उन्होंने कहा कि देश के दूर-दराज के हिस्सों को हवाई संपर्क से जोड़ा जा रहा है जिससे सामाजिक-आर्थिक विकास में मदद मिली है।फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने एयरोस्पेस क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी के लिए भारत को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि फ्रांस की कंपनियां सहयोग के नए क्षेत्रों को विकसित करने के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि फ्रांस ने अंतरिक्ष, साइबर, रक्षा, ऊर्जा संक्रमण सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत के साथ बहुत कुछ हासिल किया है।इस अवसर पर टाटा संस के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन ने कहा है कि एयर इंडिया ने एयरबस से ढाई सौ विमान हासिल करने के आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। इनमें 40 बडे ए350 विमान और 210 छोटे विमान शामिल हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयर इंडिया और एयरबस के बीच महत्वपूर्ण साझेदारी की शुरुआत में शामिल होने के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को धन्यवाद दिया है। एक ट्वीट में श्री मोदी ने कहा कि इस समझौते से भारतीय विमानन क्षेत्र मजबूत होगा और दोनों देशों में अवसर पैदा पैदा होंगे। श्री मोदी ने कहा कि यह मजबूत भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को दर्शाता है।अमरीका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने एयर इंडिया और एयरबस समझौते को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि इस समझौते से अमरीका के 44 राज्यों में दस लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होंगे। -
बरेली (उप्र) .बरेली जिले के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में उत्तराखंड से आ रहे बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गयी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार बरेली में किला क्षेत्र निवासी आर्यन (25) और भूड़ निवासी गौतम (27) दोस्तों संग रविवार की रात उत्तराखंड स्थित नानकमत्ता (गुरुद्वारा) से बरेली आ रहे थे। एक बाइक पर वे दोनों थे, जबकि दूसरी बाइक से उनके दो अन्य दोस्त आ रहे थे। हाफिजगंज पहुंचते ही आर्यन और गौतम की बाइक मार्ग विभाजक (डिवाइडर) से टकरा गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गौतम और आर्यन को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हाफिजगंज के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) चेतराम वर्मा ने बताया कि शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि दोनों युवक हेलमेट नहीं लगाए थे। मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वर्मा ने बताया कि सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिये गये।
- -फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने पुरी के प्रवेश द्वार पर स्थापित किया है राष्ट्रीय ध्वज- तिरंगा हम सभी भारतीयों के स्वाभिमान का सर्वोच्च प्रतीक -श्री नवीन जिन्दल-फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया की उपाध्यक्ष श्रीमती शालू जिन्दल भी रहीं मौजूदरायपुर। फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष श्री नवीन जिन्दल ने जगन्नाथ पुरी नगर के प्रवेश द्वार बाटागांव छक में 108 फुट ऊंचा तिरंगा लगाया है। ओडिशा के राज्यपाल प्रोफेसर गणेशीलाल ने सोमवार को ध्वजारोहण कर धर्मनगरी पुरी को यह अनूठा उपहार दिया। इस अवसर पर फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया की उपाध्यक्ष श्रीमती शालू जिन्दल, ओडिशा के अनेक मंत्री व विधायक और अधिकारी उपस्थित थे।ध्वजारोहण के बाद राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल ने फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया और उसके अध्यक्ष श्री नवीन जिन्दल की सराहना करते हुए कहा कि वे एक शहर, एक प्रदेश नहीं बल्कि पूरे विश्व के हैं और जगह-जगह विशाल ध्वज की स्थापना कर देशवासियों के मन में राष्ट्र के प्रति प्रेम और समर्पण की भावना का संचार कर रहे हैं। जगत स्वामी भगवान श्री जगन्नाथ जी की नगरी पुरी में राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना विश्व बंधुत्व और शांति का पर्याय है क्योंकि हमारे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा में ये संदेश निहित हैं।श्री नवीन जिन्दल ने इस अवसर पर कहा कि जाति, पंथ, राजनीतिक संबंधों से ऊपर उठकर तिरंगा हम सभी भारतीयों के स्वाभिमान का सर्वोच्च प्रतीक है। फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया देशवासियों, विशेषकर युवाओं को गर्व और सम्मान के साथ प्रतिदिन तिरंगा फहराने और प्रदर्शित करने के लिए निरंतर प्रेरित कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह विशाल तिरंगा भगवान श्री जगन्नाथ जी के दर्शनों के लिए पुरी आने वाले लोगों के बीच एक आकर्षण का केंद्र होगा।श्री जिन्दल ने इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी जयी राजगुरु, चाखी खुंटिया और पंचसखा समेत अनेक लोगों के देश की आजादी में योगदान, त्याग और बलिदान को याद कर उन्हें नमन किया। उन्होंने तिरंगे के लोकतांत्रीकरण के लिए किए गए अपने 10 साल के कठिन संघर्ष का उल्लेखकरते हुए कहा कि अब हम सभी भारतीय साल भर अपने राष्ट्रीय ध्वज को पूरे मान-सम्मान से फहरा सकते हैं और कमर से ऊपर धारण कर गर्वान्वित महसूस कर सकते हैं।पुरी में विशाल ध्वज की स्थापना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और जिला प्रशासन के सहयोग से किया गया। जिला पुलिस की एक टीम ने पुलिस बैंड के साथ 36 गुणा 24 फुट के विशाल झंडे को 108 फुट ऊंचे ध्वजदंड पर सफलतापूर्वक पहुंचाया, जिसे राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल ने फहराया।गौरतलब है कि श्री जिन्दल के संघर्ष के परिणामस्वरूप 23 जनवरी 2004 को सुप्रीम कोर्ट ने देशवासियों को सम्मान सहित साल भर तिरंगा फहराने का मौलिक अधिकार प्रदान किया। उसके बाद फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया की स्थापना कर श्री नवीन जिन्दल 100 से अधिक विशाल ध्वज स्थापित कर चुके हैं।फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के बारे मेंफ़्लैग फ़ाउंडेशन ऑफ़ इंडिया की स्थापना 3 जून 2003 को सोसायटी पंजीकरण अधिनियम, 1980 के तहत एक गैर-लाभकारी संस्था के तौर पर एक पंजीकृत सोसाइटी के रूप में की गई थी। श्री नवीन जिन्दल की एक दशक लंबी कानूनी लड़ाई के बाद माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने 23 जनवरी 2004 को अपने ऐतिहासिक निर्णय में सभी भारतीयों को सम्मान और गर्व के साथ राष्ट्रीय ध्वज प्रदर्शित का मौलिक अधिकार दिया। फैसले से प्रेरित होकर ;फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया ; की स्थापना श्री नवीन जिन्दल और श्रीमती शालू जिंदल ने की, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक भारतीयों द्वारा गर्व की भावना के साथ तिरंगा के प्रदर्शन को लोकप्रिय बनाना था।विशाल ध्वज की स्थापना भारतीयों को राष्ट्रीय ध्वज प्रदर्शित करने में गर्व महसूस करने और तिरंगे के साथ युवाओं को जोडऩे के लिए प्रेरित करने के निरंतर प्रयास का एक हिस्सा है। तिरंगा एक प्रतीक है, जो हमें अनेकता में एकता का संदेश देता है। यह दुनिया भर में फैले अनगिनत भारतीयों के लिए प्रेरणा के एक महान स्रोत के रूप में कार्य करता है, चाहे वे किसी भी क्षेत्र अथवा देश का नाम रोशन कर रहे हों। आम जनता द्वारा राष्ट्रीय ध्वज के उपयोग को बढ़ावा देने के प्रयास में फाउंडेशन निरंतर संवाद, कार्यशालाएं आयोजित करता रहा है और राष्ट्रीय ध्वज पर पुस्तकों के साथ-साथ भारत के प्रसिद्ध गायकों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों की सीडी/डीवीडी भी जारी की है। फ्लैग फाउंडेशन ने दिल्ली और हरियाणा में कई तिरंगा रन भी आयोजित किए हैं।

- ठाणे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ नेता अच्युतराव वैद्य का महाराष्ट्र के ठाणे शहर में 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वैद्य आरएसएस में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। अन्य नेताओं के साथ ठाणे जिले में आरएसएस के विस्तार में उन्होंने प्रमुख निभाई।महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सोमवार शाम वैद्य के आवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।ठाणे से विधायक शिंदे ने कहा, ‘‘उनका निधन ठाणे शहर और जिले के लिए बड़ी क्षति है।’’
-
नयी दिल्ली। डाक घर निर्यात केंद्रों से छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहन मिलेगा और इससे देश के निर्यात को बढ़ाने में मदद मिलेगी। डाक विभाग में सचिव विनीत पांडेय ने सोमवार को यह बात कही। उन्होंने कहा कि अपने कम लागत के ढांचे और सुगम प्रक्रिया के जरिये डाक घर छोटे और मझोले कारोबारियों के लिए उपयुक्त हैं।
पांडेय ने कहा कि विभाग एक व्यापक योजना बना रहा है, जिससे अपने नेटवर्क को ‘एक जिला एक उत्पाद' (ओडीओपी), छोटे कारोबारियों तथा पूर्वोत्तर राज्यों के लिए उपयोगी बना सके। उन्होंने यहां भारतीय डाक - अमृतपेक्स-2023 द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कहा कि डाक निर्यात केंद्रों से छोटे कारोबारियों को बढ़ावा मिलेगा।
इसी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्द्धन विभाग (डीपीआईआईटी) में सचिव अनुराग जैन ने कहा कि सरकार भौगोलिक संकेतक (जीआई) वाले उत्पादों को बढ़ावा दे रही है। -
बरूईपुर (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में एक गांव के मेले में गैस सिलेंडर फटने से चार लोगों की मौत हो गयी और पांच अन्य घायल हो गये। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, घटना जॉयनगर थाना क्षेत्र के बंतरा गांव में रविवार रात करीब 10 बजकर 10 मिनट पर हुई।
पुलिस ने बताया कि गुब्बारा विक्रेता द्वारा गुब्बारे को भरने के लिए गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किया जा रहा था। तभी यह हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक, हादसे में मारे गए लोगों की पहचान साहिन मोल्ला (13), कुतुबुद्दीन मिस्त्री (35), अबीर गाजी (8) और गुब्बारा विक्रेता मुचिराम मंडल (35) के रूप में हुई है। सभी घायलों को बारुईपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।फाइल फोटो
-
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में देहरादून-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने एक कार को टक्कर मार दी, जिससे इस घटना में दो लोगों की मौत हो गयी जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह दुर्घटना रविवार को हुयी।
खतौली थाने के प्रभारी संजीव कुमार ने सोमवार को बताया कि मृतकों में से एक की पहचान दिलशाद (30) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की पहचान की जा रही है । उन्होंने बताया कि घायल व्यक्ति को मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस ने बताया कि आगे की जांच की जा रही है। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को लोकसभा में कहा कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से जुड़े बकाये की राशि महा लेखाकार (एजी) का प्रमाणपत्र मिलने के बाद जारी कर दी जाती है, लेकिन कई राज्यों से यह प्रमाणपत्र नहीं मिला है। उन्होंने सदन में द्रमुक सांसद ए राजा के पूरक प्रश्न के उत्तर में यह भी कहा कि राज्यों को एजी प्रमाणपत्र देने को लेकर ‘सक्षम' होना पड़ेगा।
सीतारमण ने कहा, ‘‘जीएसटी मुआवजा कब दिया जाएगा, यह फैसला केंद्र सरकार नहीं करती। यह फैसला जीएसटी परिषद करती है। इस परिषद में सभी राज्यों के वित्त मंत्री बैठकर फैसला करते हैं।'' उनका कहना था कि जीएसटी से जुड़ी मुआवजा राशि जारी करने में विलंब केंद्र के स्तर पर नहीं हो रहा है, यह विलंब राज्यों की ओर से एजी प्रमाणपत्र नहीं देने के कारण हो रहा है।
सीतारमण ने कहा, ‘‘मैं सदन को बताना चाहती हूं कि राज्य सरकार को इसे लेकर सक्षम होना पड़ेगा कि एजी प्रमाणपत्र दिया जाए।'' उन्होंने केरल से आरएसपी के एन के प्रेमचंद्रन के पूरक प्रश्न के उत्तर में कहा कि राज्य सरकार ने पिछले कई वर्ष से एक भी एजी प्रमाणपत्र नहीं भेजा है, इसलिए जीएसटी बकाया जारी नहीं किया जा सका है।
वित्त मंत्री ने कहा कि वित्त आयोग की सिफारिश के अनुसार बकाया राशि के लिए भुगतान के लिए एजी का प्रमाणपत्र जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि सदस्य राज्य सरकार के साथ बैठकर सारे वर्ष के प्रमाणपत्र एक बार में भी केंद्र को भिजवा देंगे, तो तुरंत उसकी बकाया राशि जारी कर दी जाएगी। सीतारमण ने कहा कि इसके लिए केंद्र को जिम्मेदार ठहराना ठीक नहीं है। -
नासिक। महाराष्ट्र के नासिक जिले में सोमवार को एक टावर वैगन की चपेट में आने से रेलवे के चार ट्रैकमैन की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। टावर वैगन का उपयोग विद्युतीकृत खंडों में ओवरहेड उपकरण के रखरखाव के लिए किया जाता है।
अधिकारियों ने कहा कि घटना मध्य रेलवे के लासलगांव और उगांव स्टेशनों के बीच सुबह करीब पौने छह बजे हुई। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि ट्रैकमैन काम कर रहे थे कि तभी वे गलत दिशा से आए टावर वैगन की चपेट में आ गए। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद लासलगांव पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची।
उन्होंने कहा कि वैगन चालक को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने कहा कि चारों कर्मचारियों को लासलगांव ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान संतोष भाऊराव केदारे (38), दिनेश सहदू दराडे (35), कृष्ण आत्माराम अहिरे (40) और संतोष सुखदेव शिरसाठ (38) के रूप में हुई है।
बाद में, नाराज रेल कर्मचारियों ने लासलगांव रेलवे स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन किया और दावा किया कि दुर्घटना के तीन घंटे बाद भी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने मनमाड-मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस गोदावरी एक्सप्रेस को करीब 10 मिनट तक रोके रखा।
प्रदर्शनकारियों को भुसावल मंडल रेल प्रबंधक एसएस केडिया ने शांत कराया जिन्होंने तीन कर्मचारियों को निलंबित करने की घोषणा की, साथ ही मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 50,000 रुपये और आगामी दिनों में प्रत्येक पीड़ित के परिजनों को 25 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की।
केडिया ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘लासलगांव और उगांव के बीच रखरखाव योजना के तहत दो मशीन काम कर रही थीं। कुछ गैंगमैन (ट्रैकमैन) पहले से ही पटरी पर काम कर रहे थे। एक टावर वैगन की चपेट में आने से उनकी जान चली गई, क्योंकि उन्हें समय पर चेतावनी नहीं मिली।''
उन्होंने कहा, ‘‘यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मृतकों के एक आश्रित को जल्द रेलवे में नौकरी दी जाएगी। सभी पेंशन और बकाये का भुगतान जल्द किया जाएगा। घटना के संबंध में तीन लोगों को निलंबित कर दिया गया है। उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।'' -
नयी दिल्ली। सरकार ने सोमवार को राज्यसभा में कहा कि वह भारत में एक अंतरराष्ट्रीय विमानन केंद्र (हब) बनाने के लिए काम कर रही है और इस संबंध में विभिन्न कदम उठाए जा रहे हैं। नागर विमानन राज्यमंत्री वी के सिंह ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी।
उनसे सवाल किया गया था, ‘‘क्या यह सच है कि सरकार भारतीय हवाई अड्डों और भारतीय विमानों का उपयोग करके देश में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू यात्रियों के लिए एक अंतरराष्ट्रीय विमानन केंद्र बनाने पर सक्रिय रूप से काम कर रही है?'' सिंह ने इसके जवाब में कहा, ‘‘जी, हां।''
उन्होंने कहा कि नागर विमानन मंत्रालय ने विभिन्न हितधारकों से परामर्श किया है तथा उद्योग को एक साथ मिलकर भारत में अंतर्राष्ट्रीय हब के विकास के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय विमान कंपनियां भी अपने बेड़े में संवर्धन कर रही हैं जिससे भारतीय गंतव्यों से लम्बी दूरी के और अधिक परिचालन संभव हो पाएंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पिछले महीने कहा था कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा विमानन बाजार बन गया है और तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा देश में हवाई अड्डों की संख्या बढ़कर 147 हो गई है जो 2014 मे 74 थी। -
नयी दिल्ली। जी-20 के संस्कृति समूह की पहली बैठक फरवरी के अंतिम सप्ताह में मध्य प्रदेश के खजुराहो में आयोजित की जाएगी जहां यूनेस्को के विश्व धरोहर स्थलों में शामिल अनेक उत्कृष्ट मंदिर हैं। सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को कहा कि 22 से 25 फरवरी के बीच बैठक होगी।
भारत ने एक दिसंबर को जी-20 समूह की अध्यक्षता संभाली थी। देश में 55 स्थानों पर समूह से जुड़ी 200 से अधिक बैठकें होंगी और दिल्ली में सितंबर में सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
जी-20 पर्यटन कार्यसमूह की पहली बैठक 7 से 9 फरवरी के बीच गुजरात में रण के कच्छ में हुई। खजुराहो में होने वाली संस्कृति समूह की बैठक महाराज छत्रसाल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित की जाएगी। -
सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में सिधौली-बिस्वा मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। सिधौली के पुलिस के क्षेत्राधिकारी यदुवेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार की देर रात हुयी इस घटना में मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। उन्होंने कहा कि मरने वाले तीनों व्यक्ति एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे।
पुलिस ने बताया कि मरने वालों की पहचान आनंद गुप्ता, उसके चाचा हनुमान प्रसाद और जितेंद्र पाल के रूप में की गयी है। सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। -
नयी दिल्ली। बंदरगाहों, नौवहन और जलमार्ग मंत्रालय (एमओपीएसडब्ल्यू) ने रो-रो यानी माल ढुलाई और रो-पैक्स नौका सेवाओं के लिए दिशानिर्देश बनाने को लेकर उच्चस्तरीय पैनल गठित किया है। सोमवार को एक आधाकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी। ‘रो-रो' यानी ‘रोल ऑन/रोल ऑफ' से आशय ऐसे जहाजों से हैं, जो मुख्य रूप से वाहनों की ढुलाई में इस्तेमाल होते हैं। वहीं रो-पैक्स जहाजों में लोग अपने वाहनों के साथ यात्रा कर सकते हैं।
आधिकारिक बयान के अनुसार इसके अलावा, दीनदयाल बंदरगाह प्राधिकरण के चेयरमैन की अध्यक्षता वाली समिति रो-रो/रो-पैक्स/तेज यात्री नौका के संचालन के लिए रो-रो, रो-पैक्स टर्मिनल संचालक और मॉडल छूट समझौता का मसौदा भी बनाएगी। सोमवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, पैनल जहाज के सुरक्षा मानकों, ऑनलाइन टिकट प्रणाली और वैधानिक मंजूरी आदि विभिन्न पहलुओं पर भी गौर करेगा। -
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाईपास के पास सोमवार को एक ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे 45 वर्षीय एक व्यक्ति और उसके 14 वर्षीय बेटे की मौत हो गयी। नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) तुषार सिंह ने ‘ बताया कि मृतकों की पहचान सुरेश चौबे और उनके बेटे अनश चौबे के रूप में हुई है और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
एसडीएम ऋषभ जैन ने कहा कि खजरी खिरिया बाईपास के पास दुर्घटना स्थल के आसपास रहने वाले लोगों ने क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्थानीय अधिकारियों से उपाय करने की मांग करते हुए सड़क पर चक्का जाम कर दिया। अनुमंडल अधिकारी (एसडीएम) ने कहा कि उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों से बात की है और यातायात के दबाव को कम करने के लिए एक फ्लाईओवर बनाया जाएगा, जिसके बाद लोगों ने चक्का जाम करना छोड़ दिया। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 फरवरी को यहां ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में 15 दिवसीय ‘‘आदि महोत्सव'' का उद्घाटन करेंगे। मुंडा ने कहा कि देश भर से आदिवासी कारीगरों को मोटे अनाज से व्यंजन बनाने की विधि प्रदर्शित करने और मोटे अनाज संबंधी उत्पाद बेचने के लिए आमंत्रित किया गया है।
मोटे अनाज आदिवासी समुदायों के आहार का एक अभिन्न हिस्सा हैं और भारत की पहल पर संयुक्त राष्ट्र ने 2023 को ‘अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष' घोषित किया है। गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाली मंत्रालय की झांकी भी प्रदर्शित की जाएगी। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय के तहत एक संगठन ‘ट्राइफेड' आदिवासी शिल्पकारों और महिलाओं को सीधे बाजार पहुंच प्रदान करने के लिए ‘‘आदि महोत्सव'' आयोजित करता है।
इस उत्सव में जनजातीय हस्तशिल्प, हथकरघा, चित्रकारी, आभूषण, बेंत और बांस, मिट्टी के बर्तन, भोजन और प्राकृतिक उत्पाद, उपहार और वर्गीकरण, जनजातीय व्यंजन और 200 स्टालों के माध्यम से इसे प्रदर्शित करने के लिए प्रदर्शनी-सह-बिक्री की सुविधा होगी।
महोत्सव में 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 500 आदिवासी कारीगर और कलाकार भाग लेंगे। इनमें 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के आदिवासी रसोइए शामिल हैं, जिनके लिए 20 ‘फूड स्टॉल' लगाए जा रहे हैं। -
कोटद्वार (उत्तराखंड)। तुर्किये में पिछले सप्ताह आए विनाशकारी भूकंप में जान गंवाने वाले 36 वर्षीय विजय कुमार गौड़ के शव को सोमवार सुबह दिल्ली लाया गया और कोटद्वार में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस संबंध में एक रिश्तेदार देवेंद्र नवानी ने बताया कि गौड़ के शव को दिल्ली में उनके परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया, जो अंतिम संस्कार के लिए इसे मुक्तिधाम लेकर आए।
पौड़ी जिले के कोटद्वार के पदमपुर क्षेत्र निवासी गौड़ बेंगलुरु की एक कंपनी के लिए काम करते थे और एक आधिकारिक काम के सिलसिले में तुर्किये में थे। छह फरवरी को तुर्किये में आए भीषण भूकंप के बाद से वह लापता थे। उनका शव शनिवार को तुर्किये के शहर मालात्या के एक होटल के मलबे में मिला था, जहां वह ठहरे हुए थे।
भारतीय दूतावास के अधिकारियों का हवाला देते हुए परिवार ने पहले कहा था कि गौड़ की पहचान उनके हाथ पर बने ‘‘ओम'' के टैटू से हुई। उनका चेहरा बुरी तरह से कुचला हुआ था। गौड़ के परिवार में उनकी पत्नी और छह साल का बेटा है। -
ठाणे. महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी के विधायक संजय केलकर ने रविवार को कहा कि बुलेट ट्रेन परियोजना के नाम से जाने, जाने वाली मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर को ‘वंदे मातरम' नाम दिया जाना चाहिए। ठाणे से विधायक केलकर ने संवाददाताओं से कहा कि इसे ‘वंदे मातरम' बुलेट ट्रेन कहा जाना चाहिए।
केलकर ने कहा कि वह जल्द ही इस मांग को केंद्र सरकार के सामने उठाएंगे क्योंकि इस तरह के कदम से “नागरिकों के बीच राष्ट्रवाद और राष्ट्र के प्रति प्रेम” बढ़ेगा। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के 14 फरवरी को ठाणे जिले के दौरे पर केलकर ने कहा कि 2024 के आम चुनावों के लिए भाजपा की तैयारियों के तहत कई बैठकें होंगी। भाजपा की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए ठाकुर अपनी एक दिवसीय यात्रा के दौरान पार्टी कैडर और समाज के कई तबकों से मुलाकात करेंगे।
- -
चंद्रपुर. महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के ब्रह्मपुरी के एक गांव में खुदाई के दौरान भगवान कृष्ण की दो फुट ऊंची मूर्ति मिली है। एक इतिहासकार ने रविवार को यह जानकारी दी। भारतीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत राष्ट्रीय ट्रस्ट (आईएनटीएसीएच) की कार्यकारी समिति के सदस्य अशोक सिंह ठाकुर ने कहा कि खेड़ गांव में मिली भगवान कृष्ण की मूर्ति 12वीं सदी के चालुक्य वंश की है। अशोक सिंह ठाकुर ने कहा कि मूर्ति, जिसमें कृष्ण को बांसुरी बजाते हुए दिखाया गया है, उसे एक पत्थर पर उकेरा गया है। गांव में कुछ निर्माण कार्य के लिए खुदाई के दौरान मूर्ति मिली थी। उन्होंने कहा, ‘‘ मूर्ति को दक्षिण भारतीय शैली में काले पत्थर से बनाया गया है। हो सकता है कि कोई इसे देश के दक्षिण हिस्से से यहां लाया हो। हालांकि, इस खुदाई के दौरान हमें किसी मंदिर के अवशेष नहीं मिले। '' गजानन मानकर, जिनकी जमीन पर यह मूर्ति मिली है, उन्होंने कहा कि वह धन्य महसूस कर रहे हैं और इस जगह पर एक मंदिर बनाना चाहते हैं।
- -
नयी दिल्ली. आगरा, वाराणसी, चेन्नई, पुणे और अहमदाबाद उन 22 शहरों में शामिल हैं जो सरकार के महत्वाकांक्षी ‘स्मार्ट सिटीज मिशन' के तहत अगले महीने तक अपनी सभी परियोजनाओं का काम पूरा कर लेंगे जिससे वे अपने नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण बेहतर जीवन और एक स्वच्छ एवं टिकाऊ माहौल दे पाएंगे। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मिशन के तहत चयनित शेष 78 शहरों में अगले तीन-चार महीने में परियोजनाओं पर काम पूरा हो जाएगा। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने 25 जून, 2015 को महत्वाकांक्षी ‘स्मार्ट सिटीज मिशन' की शुरुआत की थी और जनवरी 2016 से जून 2018 तक चार दौर की प्रतिस्पर्धा के माध्यम से पुनर्विकास के लिए 100 शहरों का चयन किया गया था। मंत्रालय के अनुसार इस मिशन का उद्देश्य शहरों को विभिन्न मुद्दों पर ‘‘स्मार्ट समाधान' अपनाने के अलावा मूलभूत बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराना और अपने नागरिकों को एक गुणवत्तापूर्ण जीवन और स्वच्छ एवं टिकाऊ माहौल देने के लिए प्रेरित करना है। मार्च तक जिन 22 स्मार्ट शहरों में सभी परियोजनाएं पूरी हो जाएंगी उनमें भोपाल, इंदौर, आगरा, वाराणसी, भुवनेश्वर, चेन्नई, कोयम्बटूर, इरोड, रांची, सलेम, सूरत, उदयपुर, विशाखापत्तनम, अहमदाबाद, काकीनाडा, पुणे, वेल्लोर, पिंपरी-चिंचवड़, मदुरै, अमरावती, तिरुचिरापल्ली और तंजावुर शामिल हैं। अधिकारी ने कहा, ‘‘हम मार्च तक 22 स्मार्ट शहरों का काम पूरा कर लेंगे क्योंकि इन शहरों में काम अंतिम चरण में है। अगले तीन-चार महीनों में हम शेष शहरों में परियोजना कार्य पूरा कर लेंगे।'' शहर स्तर पर स्मार्ट सिटीज मिशन का कार्यान्वयन एक विशेष उद्देश्य वाहक (एसपीवी) द्वारा किया जाता है। ये एसपीवी अपनी स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की योजना, कार्यान्वयन, संचालन, निगरानी और मूल्यांकन करते हैं।
-
सिलवासा. दादरा और नगर हवेली के सिलवासा में एक 19 वर्षीय लड़की की उसकी मां के पूर्व लिव-इन पार्टनर ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मृतका की पहचान अंकिता राजपूत के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने बताया, “अंकिता की मां आरोपी के साथ रिश्ते में थी और तीनों एक ही घर में रह रहे थे। हालांकि, आरोपी के अभद्र व्यवहार के कारण मां-बेटी सिलवासा लौट आईं।” अधिकारी ने बताया, “आरोपी शनिवार सुबह महिला को ढूंढते हुए आया लेकिन उसने दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया। बाद में उसने (आरोपी) कमरा बाहर से बंद पाया। जब अंकिता अपने ट्यूशन से वहां पहुंची, तो उसने उससे दरवाजे की चाबी मांगी। लेकिन अंकिता ने चाबी देने से मना कर दिया। गुस्से में आकर उसने उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी और फरार हो गया। असम के मूल निवासी और यहां एक निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत आरोपी को सिलवासा के सयाली इलाके से पकड़ा गया।
- -
लेह/जम्मू. लद्दाख के पैंगोंग झील में 13,862 फुट की ऊंचाई पर भारत की पहली ‘फ्रोजेन-लेक' मैराथन 20 फरवरी को आयोजित होगी और इस आयोजन के लिए ‘उचित कार्य योजना' लागू किये जाने के वास्ते सेना तथा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) को शामिल किया गया है। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। लुकुंग गांव से शुरू होने वाली 21 किलोमीटर दूरी की यह मैराथन मान गांव में समाप्त होगी। अधिकारियों ने कहा कि भारत और विदेश के 75 चयनित एथलीट इस दौड़ में भाग ले रहे हैं, जिन्हें दुनिया की सर्वाधिक ऊंचाई पर "फ्रोजेन-लेक मैराथन" के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम करने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के मुद्दे को उजागर करने के लिए मैराथन को "आखिरी दौड़" कहा जा रहा है। इसका आयोजन लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद-लेह, पर्यटन विभाग और लेह जिला प्रशासन के सहयोग से एडवेंचर स्पोर्ट्स फाउंडेशन ऑफ लद्दाख (एएसएफएल) द्वारा किया जा रहा है। लेह के जिला विकास आयुक्त श्रीकांत बालासाहेब सुसे ने बताया, "सतत विकास और कार्बन तटस्थ लद्दाख के संदेश के साथ आयोजित किये जा रहे इस चुनौतीपूर्ण कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। भारतीय सेना और आईटीबीपी को भी उचित कार्य योजना को निष्पादित करने के लिए शामिल किया गया है।'' भारत और चीन की सीमा पर सर्दियों के दौरान तापमान शून्य से 30 डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच जाता है और इसके कारण 700 वर्ग किलोमीटर में फैली पैंगोंग झील जम जाती है। सुसे ने कहा, "पर्यटक ज्यादातर चादर ट्रेक (जांस्कर में) और हिम तेंदुए को देखने के लिए सर्दियों के दौरान लद्दाख जाते हैं और हम उम्मीद कर रहे हैं कि ‘फ्रोजेन-लेक' मैराथन अन्य हिस्सों, खासकर चांगथांग क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने में मदद करेगी।" उन्होंने कहा, "पचहत्तर एथलीट के चयनित समूह में लद्दाख के बाहर से 50 एथलीट शामिल हैं। राष्ट्रीय स्तर पर इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले स्थानीय एथलीट के अलावा चार अंतरराष्ट्रीय धावक इस मैराथन में भाग ले रहे हैं। हमने एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी तैयार की है, जिसका सख्ती से पालन किया जाएगा।" जिला विकास आयुक्त ने कहा, "आयोजन से एक दिन पहले प्रतिभागियों की चिकित्सा जांच की जाएगी, जबकि पूरे 21 किलोमीटर के हिस्से को मेडिकल टीम द्वारा कवर किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर हम हवाई मार्ग से निकासी के लिए तैयार हैं।
-
चांदीपुर (अगरतला). केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि त्रिपुरा आगामी राज्य विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, माकपा और टिपरा मोथा की "तिहरी मुसीबत" का सामना कर रहा है और भाजपा की डबल इंजन सरकार ही राज्य को इससे बचा सकती है। शाह ने यह भी कहा कि त्रिपुरा में लंबे समय तक आदिवासियों को धोखा देने वाला वाम दल अब लोगों को ‘‘धोखा'' देने के लिए एक आदिवासी नेता को मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में पेश कर रहा है। उन्होंने यहां उनाकोटी जिले में एक रैली में कहा, ‘‘यदि आप इस ‘तिहरी मुसीबत' से बचना चाहते हैं, तो ‘डबल इंजन' वाली भाजपा सरकार को वोट दें।'' जितेंद्र चौधरी माकपा के शीर्ष आदिवासी नेताओं में से एक हैं और त्रिपुरा में वाम-कांग्रेस गठबंधन के सत्ता में आने की स्थिति में उन्हें मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। माकपा और कांग्रेस 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए 16 फरवरी को होने वाले चुनाव में मिलकर लड़ रही हैं।
शाह ने कहा कि कांग्रेस और वाम दल का एकसाथ आना इस बात का संकेत है कि उन्होंने चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से हार मान ली है। सिपाहीजाला जिले के विश्रामगंज में एक अन्य रैली में गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस, माकपा और टिपरा मोथा की ‘तिहरी मुसीबत' को वोट देने से त्रिपुरा में 'जंगल राज' की वापसी का रास्ता खुलेगा। शाह ने कहा, “त्रिपुरा में कांग्रेस और वामपंथी सरकारों के दौरान कई घोटाले हुए, जबकि भाजपा सरकार ने पिछले पांच वर्षों में राज्य का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया है।” कांग्रेस और वाम दलों पर कटाक्ष करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज दुनिया भर में वामपंथियों का कोई नामोनिशान नहीं बचा है, जबकि देश में कांग्रेस का भी कुछ ऐसा ही हश्र हुआ है। -
लखनऊ. उत्तर प्रदेश सरकार के वैश्विक निवेशक सम्मेलन के सफल आयोजन की सराहना करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को कहा कि यह राज्य भारत का विकास इंजन बनने के लिए सक्षम भी है और तैयार भी है। यहां आयोजित तीन दिवसीय 'उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन-2023' के समापन समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि कुछ देशों ने उत्तर प्रदेश की वृद्धि और विकास के लिए अपनी रुचि दिखाई है। राज्य की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर भारत का विकास इंजन बनने के लिए सक्षम भी है और तैयार भी है। मुर्मू ने कहा, ''मैं इस सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री आदरणीय योगी आदित्यनाथ और उनकी पूरी टीम की सराहना करती हूं। इस आयोजन की सफलता के लिए मुख्यमंत्री जी, उनकी टीम के सभी सदस्यों और राज्य के सभी निवासियों को बहुत-बहुत बधाई देती हूं।'' राष्ट्रपति ने कहा, ''मुझे बताया है कि 2018 में आयोजित उत्तर प्रदेश निवेशक सम्मेलन के फलस्वरूप राज्य में भारी मात्रा में निवेश आया, इस सफलता के लिए मैं राज्य सरकार को बधाई देती हूं। राज्य में पिछली सफलता के आधार पर एक और बड़ा निवेशक सम्मेलन बड़े पैमाने पर आयोजित किया जा रहा है।'' मुर्मू ने कहा,'' 2019 के प्रयागराज के कुंभ के शानदार आयोजन लिए मुख्यमंत्री और उनकी टीम की पूरे विश्व में प्रशंसा हुई, उसी प्रकार निवेशकों के इस कुंभ की सफलता के साथ-साथ विश्व में शांति मिले, यह मेरी मंगल कामना है।'' उन्होंने कहा, "उप्र जनसंख्या के लिहाज से शीर्ष पर है, देश में आर्थिक योगदान में भी प्रथम है। मैं इसके लिए राज्य के किसानों और उद्यमियों की सराहना करती हूं।'' इससे पहले राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट की।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राष्ट्रपति का स्वागत और अभिनंदन किया। पटेल ने कहा कि यह वैश्विक सम्मेलन उत्तर प्रदेश को उत्कृष्ट प्रदेश बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में राष्ट्रपति का प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत किया और राज्य की विशेषताएं बताई। योगी ने कहा कि पूरी दुनिया में पिछले नौ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का जो सम्मान बढ़ा, उसका लाभ इस भव्य आयोजन में मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री की नीतियों और उत्तर प्रदेश में उसके अनुपालन की चर्चा करते हुए कहा कि इस वैश्विक निवेश महाकुंभ में उत्तर प्रदेश को 33 लाख 50 हजार करोड़ रुपये निवेश करने के प्रस्ताव मिले हैं। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित किये जा रहे वैश्विक निवेशक सम्मेलन-2023 के समापन सत्र में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति अपने दो दिवसीय उत्तर प्रदेश के दौरे पर रविवार को यहां पहुंचीं। यहां चौधरी चरण सिंह विमानतल पर पहुंचने पर राष्ट्रपति का पटेल और आदित्यनाथ ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने रविवार को एक ट्वीट में यह जानकारी दी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रपति उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेशक सम्मेलन-2023 के समापन-सत्र में शामिल होने के बाद अपने सम्मान में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में भी शामिल होंगी। सोमवार को वह यहां बाबा साहब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के दसवें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। दिल्ली लौटने से पहले वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर और गंगा आरती में भी उनके शामिल होने का प्रस्ताव है। -
नागपुर. महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की सदस्य अपनी मांगों को लेकर सोमवार को नागपुर शहर में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कार्यालय के सामने हनुमान चालीसा का पाठ करेंगी। पुलिस ने विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर रविवार को नागपुर दक्षिण-पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले फडणवीस के कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी। महिला एसएचजी की सदस्य मानदेय जारी करने की मांग को लेकर फडणवीस के गृहनगर नागपुर शहर में एक सप्ताह से विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। उनका दावा है कि राज्य सरकार द्वारा मानदेय रोक दिया गया है। प्रदर्शनकारियों का प्रतिनिधित्व करने वाले निहाल पांडे ने रविवार को कहा कि सोमवार सुबह उपमुख्यमंत्री फडणवीस के आवास के पास संविधान चौक से त्रिकोणी पार्क तक रैली निकाली जाएगी। पांडे ने कहा, "महिलाएं हनुमान चालीसा का पाठ करेंगी, ताकि फडणवीस की आंखें खुल सकें।
-
लखनऊ। रेल और दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यहां वैश्विक निवेशक सम्मेलन (जीआईएस) में कहा कि ‘अमृत भारत स्टेशन' के तहत उत्तर प्रदेश के 150 रेलवे स्टेशन को विश्व स्तर का बनाया जा रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश की जीआईएस-23 की दुनिया भर में चर्चा होने का दावा करते हुए कहा कि भारत की आर्थिक वृद्धि में उत्तर प्रदेश का महत्त्वपूर्ण योगदान है, इसी वजह से जी-20 के महत्वपूर्ण कार्यक्रम उत्तर प्रदेश में आयोजित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले जब रेल बजट आता था तो उत्तर प्रदेश के हिस्से में 1000-1100 करोड़ रुपए आवंटित होते थे, लेकिन इस बार के बजट में मोदी सरकार ने उत्तर प्रदेश के हिस्से में 16 गुना बढ़ोतरी की है। वैश्विक निवेशक सम्मेलन (जीआईएस-23) के तीसरे दिन उत्तर प्रदेश में रेल ढांचा और नेटवर्क विकास को लेकर रेलवे और उत्तर प्रदेश सरकार के बीच 17,507 करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया।
इस बीच, उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा, “रेल और सड़क के बिना हम जनता की आंक्षाओं की पूर्ति नहीं कर पाएंगे। उत्तर प्रदेश में चार लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व प्रदेश में एक्सप्रेस-वे और सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि 560 किलोमीटर के गंगा एक्सप्रेस-वे पर काम चल रहा है एवं प्रदेश में 59 रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर काम पूरा हो चुका है।
उनके अनुसार साथ 250 आरओबी को चिन्हित कर लिया गया है, जिन पर जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। रेलवे बोर्ड के सदस्य (अवसरंचना) रूप नारायण शंकर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 8,000 किमी रेलवे लाइन का विद्युतीकरण किया जा चुका है तथा फरवरी के अंत तक उत्तर प्रदेश के पूरे रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण हो जाएगा। रेलवे के प्रबंध निदेशक रवींद्र जैन ने कहा कि देश में दो डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर बनाए जा रहे हैं जिनमें एक पश्चिम कॉरिडोर है तो दूसरा पूर्वी कॉरिडोर।
उन्होंने कहा कि पूर्वी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का एक हजार 58 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश में है और उसके पूरा होने से उत्तर प्रदेश के रेल के नेटवर्क में आमूलचूल परिवर्तन आ जाएगा।


.jpeg)
























.jpg)