- Home
- देश
- नयी दिल्ली। भारत के ‘सारस' रेडियो टेलीस्कोप ने वैज्ञानिकों को बिग बैंग के 20 करोड़ वर्ष बाद बनने वाली सबसे पुरानी रेडियो चमकीली आकाशगंगाओं के गुणों को निर्धारित करने में मदद की है। बिग बैंग की अवधि को ‘कॉस्मिक डॉन' के रूप में जाना जाता है। ये निष्कर्ष अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिकों के समूह की ‘नेचर एस्ट्रोनॉमी' पत्रिका में प्रकाशित हुए हैं जिससे पूर्व की रेडियो युक्त आकाशगंगाओं के बारे में जानने का अवसर मिला है। ये रेडियो युक्त आकाशगंगाएं आमतौर पर अत्यंत विशालकाय ‘ब्लैक होल' से संचालित होती हैं। बेंगलुरु स्थित रमन रिसर्च इंस्टीट्यूट (आरआरआई) के सौरभ सिंह सहित वैज्ञानिकों की एक टीम ने पहली पीढ़ी की आकाशगंगाओं के ऊर्जा उत्पादन, चमक और द्रव्यमान का अनुमान लगाया, जो रेडियो तरंग दैर्ध्य के साथ प्रकाशमान हैं। आरआरआई में डिजाइन और विकसित किए गए स्वदेशी ‘शेप्ड एंटीना मीजरमेंट ऑफ द बैकग्राउंड रेडियो स्पेक्ट्रम 3' (सारस) टेलीस्कोप को 2020 की शुरुआत में उत्तरी कर्नाटक में दंडिगनहल्ली झील और शरावती नदी के पास तैनात किया गया था। आरआरआई के अलावा, ऑस्ट्रेलिया में कॉमनवेल्थ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (सीएसआईआरओ) के अनुसंधानकर्ताओं ने कैंब्रिज विश्वविद्यालय और तेल अवीव विश्वविद्यालय के सहयोगियों के साथ रेडियो तरंग दैर्ध्य के कारण चमकीली आकाशगंगाओं की पहली पीढ़ी के ऊर्जा उत्पादन, चमक और द्रव्यमान का अनुमान लगाने के लिए अध्ययन में भाग लिया। वैज्ञानिकों ने लगभग 1420 मेगाहर्ट्ज की आवृत्ति पर उत्सर्जित आकाशगंगाओं में और उसके आसपास हाइड्रोजन परमाणुओं से विकिरण देखा।
-
बेंगलुरु। बेंगलुरु में एक टेक्नीशियन ने कथित रूप से अपनी 2 साल की बच्ची की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पास बच्ची को खाना खिलाने के पैसे नहीं थे। बच्ची की जान लेने के बाद उसने आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन बच गया।
पुलिस ने बतायाा कि घटना 15 नवंबर की है। बच्ची की डेड बॉडी 16 नवंबर को कोलार के केनदत्ती गांव की झील में मिली। इस झील के किनारे पुलिस को एक नीले रंग की कार भी मिली। इसे देखकर गांव के लोगों ने कोलार पुलिस को सूचना दी। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने पिता की तलाश शुरू की, जिसके बाद 16 नवंबर को बेंगलुरु रेलवे स्टेशन से आरोपी पिता को गिरफ्तार किया गया। मामले का खुलासा अब हुआ है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी गुजरात का रहने वाला है और दो साल पहले अपनी पत्नी के साथ बेंगलुरु शिफ्ट हुआ था। 15 नवंबर से वह अपनी बेटी के साथ लापता था, जिसकी शिकायत उसकी पत्नी ने पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई थी। आरोपी ने बेटी को स्कूल ले जाने के बहाने घर से निकला था। वह खुद को मारना चाहता था, लेकिन बेटी के सामने होने के चलते वह फैसला नहीं ले पा रहा था। वह पूरे दिन बेंगलुरु और कोलार के आसपास चक्कर लगाता रहा। शाम को झील के पास कार रोककर वह बहुत देर तक सोचता रहा कि क्या करना चाहिए। उसने घर लौटने के बारे में भी सोचा, लेकिन उसे डर सताता रहा कि अगर वह घर लौटा तो कर्ज देने वाले उसे परेशान करेंगे। झील के पास एक दुकान से अपनी बेटी के लिए चॉकलेट और बिस्कट खरीदे। लेकिन बेटी दोपहर से भूखी थी, इसलिए वह रोती रही। आरोपी के पास बच्ची को कुछ और खिलाने के लिए पैसे नहीं थे। इसलिए उसने बच्ची के साथ जान देने का फैसला लिया। आरोपी ने गले लगाए हुए ही उसने बच्ची का दम घोंट दिया और उसके शव के साथ झील में कूद गया, लेकिन वह बच गया। इसके बाद उसने ट्रेन से कटकर जान देने की ठानी। वह बेंगलुरु रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां अगले दिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
- -
रूपनगर . पंजाब के रूपनगर जिले में श्री कीरतपुर साहिब के समीप रविवार को एक यात्री ट्रेन की चपेट में आने से तीन बच्चों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पंजाब सरकार ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
पुलिस ने बताया कि यह घटना तब हुई जब प्रवासी मजदूरों के चार बच्चे सतलुज नदी पर बने पुल के पास रेलवे ट्रैक के समीप खेल रहे थे। पुलिस ने कहा कि इस घटना में चौथा बच्चा घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कहा कि बच्चों की उम्र सात से 11 वर्ष के बीच है। पंजाब के स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया और कहा कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। बैंस ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘बहुत ही दुखद घटना में, कीरतपुर साहिब में एक रेल दुर्घटना में तीन बच्चों की जान चली गई। जांच के आदेश दिए गए हैं। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।'' पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की। शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने भी घटना पर दुख जताया है। कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने ट्वीट किया, ‘‘कीरतपुर साहिब के पास आज ट्रेन से कटकर तीन बच्चों की दर्दनाक मौत की घटना से स्तब्ध और व्यथित हूं। बच्चों के माता-पिता के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।'' -
देहरादून। उत्तराखंड के चमकोट गांव में मई में द्वारिका प्रसाद सेमवाल ने घर-घर जाकर लोगों को बारिश का पानी इकट्ठा करने के लिए अपने घरों के पास गड्ढे खोदने के लिए राजी करना शुरू किया। सात महीने बाद उनकी मेहनत अब रंग लाती दिख रही है।
सेमवाल के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप गांव में अब तीन वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र के कुल 3,500 जल निकाय बन गए हैं। ‘कल के लिए जल' अभियान में लोगों को जोड़ना हालांकि आसान नहीं था।
हिमालयन पर्यावरण जड़ीबूटी एग्रो संस्थान के प्रमुख सेमवाल ने कहा, “वे ध्यानपूर्वक सुन रहे थे, क्योंकि मैंने उनसे पानी बचाने के लिए एक छोटा, लेकिन महत्वपूर्ण योगदान देने, भूमिगत जल स्तर का संभरण करने और तालाब खोदकर पक्षियों तथा जानवरों को प्यास बुझाने का एक साधन प्रदान करने का आग्रह किया था।” उन्होंने कहा, “शुरुआत में हालांकि लोगों की प्रतिक्रिया काफी उदासीन थी। इसने मुझे सोचने पर मजबूर कर दिया कि मैं ऐसा क्या कर सकता हूं, जिससे बड़ी संख्या में वे एक साथ आएं।” सेमवाल ने कहा कि जल्द ही उनके दिमाग में एक विचार आया। उन्होंने लोगों से अपने किसी करीबी की याद में जलाशय खोदने या शादी की सालगिरह या जन्मदिन जैसे परिवार में एक महत्वपूर्ण अवसर को चिह्नित करने के लिए ऐसा करने को कहना शुरू कर दिया। सेमवाल ने कहा, “मैंने मिसाल के लिए अपने दो रिश्तेदारों की याद में पानी के दो गड्ढे खोदे और लोगों ने भी उनका अनुसरण किया। कुछ ने अपने बच्चों का जन्मदिन मनाने के लिए ऐसा किया, तो दूसरों ने अपने पूर्वजों की स्मृति में ऐसा किया।” सेमवाल के अनुरोध पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें इस साल सितंबर में देहरादून के दुधली के जंगल में उनके जन्मदिन पर एक तालाब खोदने की अनुमति दी थी। उन्होंने कहा कि लोग अब धीरे-धीरे बड़ी संख्या में इस अभियान से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा, “मैं संतुष्ट हूं कि हमारे प्रयास फल दे रहे हैं। चमकोट गांव में पहले ही 3,500 तालाब या पानी के गड्ढे बन चुके हैं और यह प्रक्रिया जारी है।” उन्होंने कहा, “अब हम देहरादून में भी ऐसे 1,000 तालाब खोदने की योजना बना रहे हैं, क्योंकि इस क्षेत्र का घटता भूजल स्तर विशेषज्ञों के बीच चिंता का कारण बन रहा है।” इस अभियान से ‘गंगा सखी संगठन' की कम से कम 70 महिला स्वयंसेवक भी जुड़ी हैं।
‘गंगा सखी संगठन' की अध्यक्ष महेंद्री चमोली ने कहा, “पानी बचाने के इस अभियान में शामिल होकर हमें खुशी हो रही है। हमने मिलकर 3,500 तालाब बनाये हैं। हम अपनी गतिविधियों को नये क्षेत्रों में विस्तारित करने के लिए उत्साहित महसूस कर रहे हैं।” चामकोट गांव की रहने वाली पार्वती देवी ने कहा कि उन्होंने अपने कुल देवता और पूर्वजों के नाम पर दो तालाब खुदवाए। उन्होंने कहा, “इस पहल ने हमें अपने पूर्वजों का सम्मान करने और समाज के प्रति एक कर्तव्य को पूरा करने का मौका दिया है।” सेमवाल ने कहा कि प्रत्येक प्रतिभागी न केवल गड्ढे खोद रहा है, बल्कि अभियान के लिए 50 रुपये प्रति माह का योगदान भी दे रहा है। -
श्योपुर (मप्र). सितंबर के मध्य में नामीबिया से लाकर मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में छोड़े गए आठ अफ्रीकी चीतों में से दो और चीतों को रविवार को पृथक-वास क्षेत्र से निकालकर बड़े बाड़े में स्थानांतरित कर दिया गया। इसी के साथ अब तक पांच चीतों को पृथक-वास क्षेत्र से निकालकर बड़े बाड़े में स्थानांतरित किया जा चुका है। कूनो राष्ट्रीय उद्यान के वन मंडल अधिकारी प्रकाश कुमार वर्मा ने बताया कि आज दो और चीतों को 71 दिन बाद पृथक-वास क्षेत्र से बड़े बाड़े में छोड़ दिया गया है। उन्होंने बताया कि ये दोनों मादा चीता हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले दो चीतों को पांच नवंबर को और एक चीते को 18 नवंबर को पृथक-वास क्षेत्र से निकालकर बड़े बाड़े में स्थानांतरित किया गया था। उन्होंने कहा कि वहीं, बाकी तीन चीतों को भी चरणबद्ध तरीके से जल्द ही बड़े बाड़ों में स्थानांतरित किया जाएगा। वर्मा ने बताया कि बड़े बाड़े में स्थानांतरित किए जाने के एक या दो महीने बाद इन चीतों को जंगल में स्वच्छंद विचरण के लिए छोड़ दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत 17 सितंबर को कूनो राष्ट्रीय उद्यान में एक मंच से ‘लीवर' घुमाकर लकड़ी के पिंजड़ों के दरवाजे खोलकर इन चीतों को विशेष बाड़ों में पृथकवास में छोड़ा था। वर्ष 1952 में भारत में चीतों को विलुप्त घोषित कर दिया गया था।
-
नयी दिल्ली. रेलवे ने 2019-2020 की तुलना में 2021-22 में रेलगाड़ियों से यात्रा करने वाले वरिष्ठ नागरिकों की संख्या में लगभग 24 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की है। सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत पूछे गये एक सवाल के जवाब में यह जानकारी सामने आई है। अधिकारियों ने बताया कि इस गिरावट का कारण कोविड-19 की दूसरी लहर हो सकती है, जब कम संख्या में लोग रेलगाड़ियों से यात्रा कर रहे थे। यह वह समय भी था जब रेलवे ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए रियायतें वापस ले ली थीं। वर्ष 2018-2019 में 7.1 करोड़ वरिष्ठ नागरिकों ने रेलगाड़ियों से यात्रा की, जबकि 2019-20 में यह संख्या बढ़कर 7.2 करोड़ हो गई। महामारी से प्रभावित 2020-21 में, केवल 60 वर्ष से अधिक आयु के लगभग 1.9 करोड़ नागरिकों ने रेलगाड़ियों से यात्रा की। हालांकि, 2021-22 में लगभग 5.5 करोड़ वरिष्ठ नागरिकों ने रेलगाड़ियों का इस्तेमाल किया। रेलवे ने यात्रियों की संख्या में कमी के कारण इस श्रेणी से राजस्व में गिरावट देखी है, जिससे आय में 13 प्रतिशत की कमी आई है। आरटीआई के जवाब के अनुसार, 2018-2019 के दौरान वरिष्ठ नागरिक यात्रियों से कुल राजस्व 2,920 करोड़ रुपये, 2019-2020 में 3,010 करोड़ रुपये, 2020-21 में 875 करोड़ रुपये और 2021-22 में 2,598 करोड़ रुपये था। वर्ष 2020 में कोविड-19 की पहली लहर के दौरान लगाए गए कोरोना वायरस से संबंधित यात्रा प्रतिबंध महामारी की दूसरी लहर के अंत तक जारी रहे थे।
-
देहरादून. केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को कहा कि चिन्यालीसौड़ व गौचर में जल्द हवाई सेवाएं शुरू की जाएंगी। सिंधिया ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को यह आश्वासन नयी दिल्ली में एक मुलाकात के दौरान दिया। मुख्यमंत्री ने सिंधिया से उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ व चमोली जिले के गौचर से छोटे विमानों की सेवाओं की प्रक्रिया आरंभ करने का अनुरोध किया जिस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सर्वेंक्षण के उपरांत उड़ान योजना के अगले टेंडर में गौचर व चिन्यालीसौड़ की हवाई सेवा शामिल की जाएंगी। केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि पिथौरागढ़ से ‘फिक्स्ड विंग एयरक्राफ्ट' सेवाएं शुरू करने के लिए संबंधित एयरलाइन को आदेश जारी कर दिया गया है। इसके लिए मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। धामी ने केंद्रीय मंत्री से पिथौरागढ़ में पवन हंस को निर्बाध और समयबद्ध तरीके से सेवाएँ सुनिश्चित करने का निर्देश देने का भी अनुरोध किया। पंतनगर हवाई अडडे को अंतरराष्ट्रीय हवाईअडडे के तौर पर विकसित करने के संबंध में भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण की दिसंबर में आने वाली रिपोर्ट का जिक्र करते हुए धामी ने सिंधिया से उस पर जल्द निर्णय लिये जाने का अनुरोध किया। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने धामी को आश्वस्त किया कि उत्तराखंड में हवाई सेवा के सभी प्रस्तावों को जल्द से जल्द क्रियान्वित किया जाएगा।
-
मुजफ्फरनगर . उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में एक कुत्ते को रस्सी से बांधकर कार से खींचने के आरोप में रविवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र में शहाबुद्दीन मार्ग पर आरोपी हामिद नामक एक व्यक्ति ने एक कुत्ते को रस्सी से बांधकर अपनी कार से घसीटा। सूत्रों ने बताया कि इस मामले में उसके खिलाफ पशु क्रूरता निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी हामिद की कार भी ज़ब्त कर ली गई है। यह कार्यवाही इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई है।
-
नागपुर/चंद्रपुर. महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में एक रेलवे स्टेशन पर रविवार को फुट ओवरब्रिज का एक हिस्सा ढह जाने से लोग रेलवे पटरी पर गिर पड़े जिससे 48 वर्षीय शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि 12 व्यक्ति घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नागपुर से करीब 150 किलोमीटर दूर बल्लारपुर कस्बे के बल्हारशाह रेलवे स्टेशन पर शाम पांच बजकर 10 मिनट पर यह हादसा हुआ। चंद्रपुर जिला मुख्यालय से बल्लारपुर की दूरी 12 किलोमीटर है। मध्य रेलवे (सीआर) के नागपुर मंडल के जिस स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज पर यह घटना घटी वह प्लेटफॉर्म नंबर एक को प्लेटफॉर्म नंबर दो से जोड़ता है। शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक अधिकारी ने कहा, पुणे जाने वाली एक ट्रेन में सवार होने के लिए बड़ी संख्या में यात्री इस फुटओवर ब्रिज से जा रहे थे कि तभी अचानक उसका एक हिस्सा ढह गया। फलस्वरूप 13 यात्री करीब 20 फुट की ऊंचाई से नीचे रेल पटरी पर गिर गये। उन्होंने बताया कि घायलों को बल्लारपुर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां से कुछ को बाद में चंद्रपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) भेजा गया। चंद्रपुर के जिलाधिकारी विनय गौडा ने कहा, गंभीर रूप से घायल दो लोगों में से एक नीलीमा रांगरी नामक महिला (48 वर्ष) की निजी अस्पताल में मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का आईसीयू में उपचार जारी है।'' रांगरी पेशे से शिक्षिका थीं। उन्होंने कहा कि पांच घायलों का जीएमसीएच में इलाज चल रहा है, जबकि अन्य को शुरुआती इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। सीआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवाजी सुतार ने कहा कि रेलवे प्रशासन ने गंभीर रूप से घायलों के लिए एक लाख रुपये और अन्य घायलों के लिए 50 हजार रुपये मदद का ऐलान किया है। प्रशासन ने कहा कि चंद्रपुर के प्रभारी मंत्री सुधीर मुणगंतीवार ने घायलों को हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने घटना की जांच के आदेश भी दिए हैं।
- नई दिल्ली । केंद्र की वायु मानक संस्था सफर इंडिया के मुताबिक, बीते 24 घंटे में दिल्ली-एनसीआर के प्रदूषण में पराली के धुएं की हिस्सेदारी दो फीसदी रही। पीएम 2.5 से छोटे कणों की पीएम 10 में 54 फीसदी हिस्सेदारी रही है। पीएम 10 का स्तर 253 व पीएम 2.5 का स्तर 142 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर रिकॉर्ड किया गया है। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के मुताबिक, रविवार को पंजाब में 12 जगहों पर पराली जलाई गई हैं। वहीं, हरियाणा में आठ, उत्तरप्रदेश में 14, मध्यप्रदेश में 57 व राजस्थान में दो जगहों पर पराली जलाई गई। हालांकि, दिल्ली में एक भी स्थान पर पराली नहीं जली। सफर के मुताबिक, तापमान लुढ़कने और पराली के साथ स्थानीय स्तर पर होने वाले प्रदूषण की वजह से प्रदूषकों को जमने में मदद मिल रही है। इस वजह से वायु गुणवत्ता सूचकांक दर्ज हो रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड(सीपीसीबी) के मुताबिक, बीते 24 घंटे में ग्रेटर नोएडा की हवा 343 एक्यूआई के साथ सबसे खराब दर्ज की गई है। वहीं, दिल्ली की हवा 328 एक्यूआई के साथ बेहद खराब श्रेणी में दर्ज रही।वायु मानक एजेंसियों का पूर्वानुमान है कि मौसमी परिस्थितियों में बदलाव की वजह से हवा की सेहत में सुधार की संभावना नहीं है। भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान(आईआईटीएम) के मुताबिक, बीते 24 घंटे में हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम और रफ्तार चार से 10 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रही। वहीं, मिक्सिंग हाइट का स्तर 1050 मीटर व वेंटिलेशन इंडेक्स तीन हजार वर्ग मीटर प्रति सेकेंड तक दर्ज किया गया। विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिनों तक हवा की दिशा में बदलाव की संभावना नहीं है। अगले 24 घंटे में हवा की रफ्तार चार से छह किलोमीटर प्रतिघंटा रहने के साथ मिक्सिंग हाइट का स्तर 1100 मीटर व वेंटिलेशन इंडेक्स 1300 वर्ग मीटर प्रति सेकेंड रहने का पूर्वानुमान है। वहीं, सोमवार को हवा की रफ्तार छह से आठ किलोमीटर प्रतिघंटा व मिक्सिंग हाइट 1050 मीटर व वेंटिलेशन इंडेक्स 1700 वर्ग मीटर प्रति सेकेंड दर्ज किया जा सकता है।दिल्ली-एनसीआर का एक्यूआईदिल्ली- 328फरीदाबाद- 300गाजियाबाद- 274ग्रेटर नोएडा- 343गुरुग्राम- 310नोएडा- 293
-
नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि देश में रबी फसलों की बुवाई क्षेत्र में पिछले वर्ष के मुकाबले चौबीस लाख हेक्टेअर की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि गेहूं की बुवाई में ही पिछले वर्ष के मुकाबले चौदह लाख हेक्टेअर की बढ़ोतरी हुई और यह पिछले चार वर्ष में सबसे अधिक है। रबी फसलों की स्थिति पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में श्री तोमर ने मिट्टी में नमी की अच्छी स्थिति, जल संग्रहण और देश भर में उर्वरकों की बेहतर उपलब्धता के कारण आने वाले दिनों में रबी फसलों की अच्छी पैदावार की आशा व्यक्त की। इस महीने की 25 तारीख तक करीब 359 लाख हेक्टेअर क्षेत्र में रबी फसलों की बुवाई हुई, जबकि पिछले वर्ष यह क्षेत्र लगभग 334 लाख हेक्टेअर था।
-
रीवा (मप्र)। रीवा में नेशल हाईवे-30 पर ट्रक की टक्कर में चार बसें पलट गईं। मिली जानकारी के अनुसार रीवा की तरफ से जा रहे ट्रक ड्राइवर ने यूपी के नारीबारी में नो एंट्री से बचने के लिए सबसे पहले बस को ओवरटेक किया और फिर हाईवे के किनारे खड़े खाद से लोड ट्रक से भिड़ गया। इसके बाद रीवा-प्रयागराज मार्ग पर ही पंचर की दुकान में खड़ी चार बसों को टक्कर मार दी। चारों बसें पलट गईं। चारों बस के यात्री ढाबे पर चाय पी रहे थे। जिसकी वजह से में कोई जनहानि नहीं हुई है। घटना गढ़ थाने के कलवारी हाईवे स्थित बजरंग ढाबा पर रविवार सुबह 5.30 बजे हुई। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
-
नई दिल्ली। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सिसी अगले वर्ष 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। पहली बार मिस्र के राष्ट्रपति भारत के गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत और मिस्र के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। दोनों देश इस साल राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। 2022-23 में भारत की जी-20 की अध्यक्षता के दौरान मिस्र को 'अतिथि देश' के रूप में आमंत्रित किया गया है।
-
पोरबंदर. गुजरात में पोरबंदर के निकट एक गांव में शनिवार शाम किसी बात को लेकर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान ने अपने साथियों पर गोलीबारी की, जिसमें दो जवानों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पोरबंदर के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ए.एम. शर्मा ने कहा कि ये जवान मणिपुर की सीआरपीएफ बटालियन से संबंधित हैं। उन्होंने बताया कि इन जवानों को अगले महीने होने वाले गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग ने यहां भेजा था। पोरबंदर जिले में पहले चरण में एक दिसंबर को मतदान होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि सीआरपीएफ के जवान पोरबंदर से लगभग 25 किलोमीटर दूर तुकड़ा गोसा गांव के एक केंद्र में ठहरे हुए थे। शर्मा ने कहा, ‘‘शनिवार शाम किसी बात को लेकर एक जवान ने अपने साथियों पर असॉल्ट राइफल से गोलीबारी कर दी। दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। उन्हें जामनगर के एक अस्पताल में ले जाया गया है। इनमें से एक के पेट में जबकि दूसरे के पैर में गोली लगी है।'' अधिकारी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। -
इंदौर. मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में धाराप्रवाह अंग्रेजी नहीं बोल पाने से परेशान 17 वर्षीय एक लड़की ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक अधिकारी ने बताया कि घटना शुक्रवार देर रात न्यू गौरीनगर कॉलोनी में हुई, जब एक लड़की ने शुक्रवार देर रात अपने कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। हीरा नगर थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने बताया कि पीड़िता की बहन और मां के कहने पर वह एयर होस्टेस बनने की कोचिंग ले रही थी, लेकिन अंग्रेजी में कमजोर होने के कारण वह अंग्रेजी की अलग से ट्यूशन क्लास ले रही थी। उन्होंने कहा कि परिवार ने दावा किया कि उसके दोस्तों की अंग्रेजी अच्छी होने और उसकी अंग्रेजी कमजोर होने की वजह से वह अवसाद में रहने लगी। अधिकारी ने बताया कि आत्महत्या का मामला दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
-
नयी दिल्ली. भारत की पहली महिला पैरालंपिक पदक विजेता दीपा मलिक ने 'नि-क्षय मित्र' पहल की राष्ट्रीय राजदूत बनकर क्षयरोग (टीबी) उन्मूलन अभियान को अपना समर्थन देने का संकल्प लिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि ‘नि-क्षय' की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की है जो टीबी पीड़ित रोगियों को पोषण, अतिरिक्त निदान और व्यावसायिक सहायता के तीन स्तरों पर मदद प्रदान करने का प्रयास करती है। मलिक पद्म श्री, खेल रत्न व अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित हैं। मलिक ने मार्च 2018 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए क्षयरोग (टीबी) मुक्त भारत अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता उस समय व्यक्त की, जब उन्होंने प्रगति मैदान जारी 41वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मंडप में टीबी जागरूकता गतिविधियों में भाग लिया। भारत की पैरालंपिक समिति के अध्यक्ष ने ‘नि-क्षय' मित्र के रूप में स्वयं पांच क्षय रोगियों को गोद लिया है। उन्होंने कहा कि यदि हर कोई इस कलंक को दूर करके, जागरूकता फैलाकर और सहायता प्रदान करके अपनी क्षमता से भाग लेता है, तो भारत बहुत जल्द टीबी पर विजय प्राप्त कर लेगा।
-
नयी दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, मंगोलिया और सिएरा लियोन के कुछ अनुभवी कहानीकारों के चर्चा सत्र के साथ शुक्रवार शाम यहां अनोखे कथाकार महोत्सव की शुरुआत हुई। कथाकार महोत्सव का आयोजन संस्कृति मंत्रालय के साथ साझेदारी में किया जा रहा है। इसका उद्घाटन केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री किरेन रीजीजू ने सुंदर नर्सरी में किया। इस समारोह में गायक मोहित चौहान और अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के बीच किस्से कहानी और अदाकारी" विषय पर बातचीत का एक सत्र भी आयोजित किया गया। रीजीजू ने उद्घाटन के अवसर पर कहा, ‘‘मैं दुनिया भर के कहानीकारों को एक मंच प्रदान करने के लिए कथाकार महोत्सव के आयोजकों की सराहना करता हूं। हमारा समाज हमारी कहानी कहने की परंपरा के महत्व को भूल चुका है, इसलिए हमें ऐसे मंचों को प्रोत्साहित करने की जरूरत है। हमारी सरकार भविष्य में कथाकार महोत्सव में और अधिक योगदान देगी। चार दिवसीय इस महोत्सव में दक्षिण कोरिया और इजराइल सहित सात देशों की कहानियां सुनी जाएंगी। यह महोत्सव 28 नवंबर तक चलेगा।
-
मंडला. मध्य प्रदेश के मंडला जिले में शनिवार को आदिवासी समुदाय बैगा के 541 परिवारों को कुल 1099 हेक्टेयर भूमि का आवास अधिकार दिया गया। जिला कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि 541 बैगा परिवारों को 664 हेक्टेयर वन भूमि एवं 435 हेक्टयर राजस्व भूमि (कुल 1099 हेक्टेयर भूमि) पर आवास अधिकार दिया गया। इससे जिले के बैगा बाहुल्य क्षेत्र के कन्हारीकला, चंगरिया एवं मेधाताल ग्राम पंचायतों के कुल 541 बैगा परिवार लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले वर्ष 2021 में मंडला जिले के मवई प्रखंड के अमवर ग्राम पंचायत में जिला प्रशासन ने आवास का अधिकार प्रदान किया था। मंडला देश के उन 10 जिलों में से एक बन गया है जिसने स्वदेशी जनजातियों को आवास अधिकार प्रदान किए हैं। कलेक्टर सिंह ने बताया कि भविष्य में भ्रम की स्थिति से बचने के लिए सीमांकित क्षेत्रों के जीपीएस स्थानों को दर्ज किया जा चुका है।
-
खरगोन. भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान लोग शनिवार को एक तंबू में खाना खाने गए तो उन्हें एक छोटा सांप दिखा। यह घटना मध्य प्रदेश में खरगोन जिले के मनिहार गांव की है। मध्य प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता गोविंद सिंह ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली यात्रा में शामिल लोग यात्रा से ब्रेक ले लेकर भोजन के लिए तंबू गए थे जहां उन्हें एक छोटा सांप दिखा। इसी तंबू में भोजन की व्यवस्था थी। उन्होंने बताया कि वहां मौजूद लोगों ने सांप को पकड़ लिया और कुछ दूर ले जाकर खुले स्थान पर छोड़ दिया। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि घटना के समय राहुल गांधी तंबू के पास नहीं थे। खंडवा जिले के मोरटक्का से शनिवार सुबह शुरू हुई यात्रा मनिहार में दोपहर के भोजन के लिए रुकी थी। इसके बाद यात्रा शाम को बाबा साहेब आंबेडकर की जन्मस्थली महू जाने से पहले उमरिया चौकी से फिर शुरू हुई।
- मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के गुलौरी गांव में एक कुएं में भारी मात्रा में फेंकी गई सरकारी दवाएं पाई गई हैं। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की गई है। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार को रतनपुरा खंड विकास क्षेत्र के हलधरपुर थाना क्षेत्र के गुलौरी गांव के एक कुएं में भारी मात्रा में फेंकी गई जीवन रक्षक दवाएं मिली थीं। मामले की जानकारी मिलने के बाद जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने इसकी जांच के आदेश दिए हैं।कुएं के मालिक अरुणेंद्र ने बताया कि वह अपने खेतों में गेहूं की बुवाई की तैयारी के लिए पहुंचे थे, तभी उन्होंने वहां से एक डीसीएम (छोटा ट्रक) को जाते हुए देखा। अरुणेंद्र ने अंदेशा जताया कि डीसीएम से आए लोग ही कुएं में दवाएं फेंक गए थे।उन्होंने बताया कि डीसीएम के पहियों के निशान खेत में अंदर की तरफ तक मिले हैं, जिसकी सूचना पुलिस को भी दे दी गई है। बताया जा रहा है कि कुएं में मिली दवाओं में से ज्यादातर के इस्तेमाल की अवधि 2023 में समाप्त होने वाली थी। मामले की जानकारी मिलते ही खेत में ग्रामीणों की भीड़ लग गई।गांव निवासी राजीव कुमार मिश्रा ने कहा कि जब हम अपने क्षेत्र के एक खेत में स्थित कुएं में सरकारी दवाएं मिलने की सूचना पाकर वहां पहुंचे तो हमने पाया कि कुएं में फेंकी गई ज्यादातर दवाओं के इस्तेमाल की अवधि 2023 में समाप्त होने वाली थी।मिश्रा ने दावा किया कि यह बहुत ही बड़ी प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार का मामला है। उन्होंने मामले की जांच की मांग करते हुए कहा कि इसमें लिप्त व्यक्ति के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।वहीं, मऊ जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेश अग्रवाल ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर एक टीम गठित कर स्वास्थ्य विभाग के दो अधिकारियों को मौके पर भेजा गया था, लेकिन कुएं की गहराई ज्यादा होने के कारण दवा निकालने में दिक्कत आई।उन्होंने कहा कि रविवार को एक टीम पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंचेगी और दवाओं को निकालकर यह पता लगाएगी कि इन्हें किस स्वास्थ्य केंद्र के लिए आवंटित किया गया था।डॉ. अग्रवाल ने भरोसा दिलाया कि मामले की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।उधर, उप जिलाधिकारी (एसडीएम) हेमंत कुमार चौधरी ने कहा कि उन्हें इस मामले की अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा, “मैं घटना के बारे में पता करके बताऊंगा। पूरी जानकारी मिलने के बाद मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।”
- इंदौर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ रविवार को मध्य प्रदेश के सबसे बड़े शहर इंदौर पहुंची। इस दौरान समाज के अलग-अलग तबके के लोगों के साथ-साथ एक दिव्यांग व्यक्ति भी यात्रा में शामिल हुआ और राहुल कुछ देर के लिए उसकी व्हीलचेयर धकेलते नजर आए। यात्रा में हिस्सा लेने के बाद दिव्यांग मनोहर ने बताया कि उन्होंने राहुल से कहा कि अब देश बदलना चाहिए।‘भारत जोड़ो यात्रा’ रविवार को मध्य प्रदेश में पांचवें दिन में प्रवेश कर गई। इसमें शामिल लोगों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की जन्मस्थली महू में रात्रि विश्राम के बाद राहुल की अगुवाई में पैदल चलना प्रारंभ किया। यात्रा राऊ के उपनगरीय क्षेत्र से गुजरते हुए इंदौर पहुंची। राऊ में यात्रा के स्वागत के लिए लाल कालीन बिछाई गई थी।इस बीच, पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्रा ने बताया कि इंदौर में यात्रा की सुरक्षा के लिए 1,400 कर्मियों को तैनात किया गया है और जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए हैं।उन्होंने बताया कि तंग गलियों और घनी आबादी वाले राजबाड़ा क्षेत्र में 12 जर्जर मकानों को अस्थायी तौर पर खाली करा लिया गया है, ताकि इनके कारण यात्रा के दौरान किसी हादसे की आशंका को समाप्त किया जा सके।गौरतलब है कि जूनी इंदौर क्षेत्र में मिठाई-नमकीन की एक दुकान को 17 नवंबर को डाक से मिले पत्र में वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र किया गया था और ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान इंदौर के अलग-अलग स्थानों पर भीषण बम धमाकों के साथ राहुल गांधी व कमलनाथ को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था।अधिकारियों के मुताबिक, राहुल और यात्रा में शामिल अन्य लोग शहर के चिमनबाग मैदान में रात्रि विश्राम करेंगे। कांग्रेस की शुरुआती योजना के अनुसार, राहुल और इस यात्रा में शामिल लोगों को इंदौर के खालसा स्टेडियम में ठहराया जाना था, लेकिन आठ नवंबर को गुरु नानक जयंती के धार्मिक कार्यक्रम के दौरान सामने आए विवाद से यह योजना परवान नहीं चढ़ सकी।स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में कमलनाथ के सम्मान के बाद मशहूर कीर्तनकार मनप्रीत सिंह कानपुरी ने 1984 के सिख विरोधी दंगों की तरफ स्पष्ट इशारा किया था और मंच से आयोजकों के खिलाफ तीखे शब्दों में नाराजगी जताई थी।विवाद के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय नेताओं ने घोषणा की थी कि अगर राहुल की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने इस स्टेडियम में कदम रखा तो भाजपा कार्यकर्ता काले झंडे दिखाकर उनका विरोध करेंगे। 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद भड़के सिख विरोधी दंगों में कमलनाथ की कथित भूमिका को लेकर भाजपा नेताओं द्वारा अक्सर आरोप लगाए जाते हैं। हालांकि, कमलनाथ और कांग्रेस के अन्य शीर्ष नेता ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते आए हैं।
-
गाजियाबाद .जिले के जीटी रोड औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को करीब आधा दर्जन हथियारबंद लोगों ने एक धातु फैक्ट्री में एक सुरक्षा गार्ड और दो कर्मचारियों को बंधक बनाकर 42 लाख रुपये मूल्य की तांबा और जस्ता धातु लूट ली। पुलिस क्षेत्राधिकारी शहर अंशु जैन ने बताया कि कंपनी मालिक अनूप गुप्ता निवासी पटपड़गंज दिल्ली ने लूट की प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना शुक्रवार सुबह हुई। लुटेरे तांबा और जस्ते को ट्रक में भरकर फैक्ट्री से फरार हो गए। पुलिस क्षेत्राधिकारी जैन ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज हासिल कर ली गई है और फैक्ट्री में मौजूद पुराने कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों से पूछताछ की जा रही है। -
नोएडा (उप्र) .जनपद गौतमबुद्ध नगर में सेक्टर-24 थानाक्षेत्र के सेक्टर-33 में रहने वाली एक महिला से साइबर अपराधियों ने 77 हजार रुपये ठग लिये। पुलिस के मुताबिक, महिला ने ट्रेन की टिकट रद्द कराने के लिए ऑनलाइन नंबर ढूंढकर उस पर बात की थी। साइबर ठगों ने उनसे एक ऐप डाउनलोड करवाया तथा घटना को अंजाम दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर-33 के बी-ब्लॉक में रहने वाली अनुपमा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उन्होंने ट्रेन का टिकट करवाया था और किसी वजह से उनकी यात्रा स्थगित हो गई इसलिए टिकट रद्द करवाने के लिए ऑनलाइन नंबर ढूंढा था। सिह ने बताया कि महिला को ऑनलाइन एक नंबर मिला और जब उस नंबर पर उन्होंने बात की तो दूसरी तरफ से कहा गया कि वह एक ऐप डाउनलोड करें तो पैसा वापस कर दिया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि जैसे ही पीड़िता ने ऐप डाउनलोड किया उनके खाते से 77 हजार रुपये निकल गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
-
शिमला. हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर शहर के बाहरी इलाके में बृहस्पतिवार देर रात एक निजी बस के पलट जाने से उसमें सवार 16 पर्यटक घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बस चंडीगढ़ से मनाली जा रही थी, तभी यह हादसा देर रात दो बजे हुआ।
बिलासपुर के उपायुक्त पंकज राय ने बताया कि तीन घायलों को स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआई) चंडीगढ़ रेफर किया गया है।उन्होंने बताया कि कुछ घायलों का बिलासपुर के अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बस चालक एक मोड़ पर वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया और बस पलट गई। उन्होंने बताया कि चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है और मामले में जांच जारी है। -
नयी दिल्ली. दिल्ली उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को एक अंतरिम आदेश पारित किया जिसमें अभिनेता अमिताभ बच्चन की आवाज, तस्वीर आदि के अनधिकृत इस्तेमाल पर रोक लगा दी। अमिताभ बच्चन ने एक याचिका दायर करते हुए ‘केबीसी लॉटरी' चलाने वालों सहित कई लोगों पर ‘‘ एक नामचीन हस्ती होने के नाते उनके प्रचार के अधिकार'' का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था। बच्चन एक मशहूर रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति' (केबीसी) के ‘होस्ट' हैं।
न्यायमूर्ति नवीन चावला ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि बच्चन एक लोकप्रिय शख्सियत हैं और यदि उन्हें इस स्तर पर राहत नहीं दी गई तो उन्हें एक अपूरणीय क्षति व बदनामी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि वादी ने एक पक्षीय अंतरिम राहत हासिल करने के लिए प्रथम दृष्टया पर्याप्त दलील पेश की है। अदालत ने दूरसंचार अधिकारियों को उन वेबसाइट के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया, जिन पर बच्चन के अधिकारों का उल्लंघन करने वाली सामग्री मौजूद हैं। दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को ऐसे संदेशों को प्रसारित करने वाले टेलीफोन नंबर को भी ‘ब्लॉक' करने का निर्देश दिया गया। वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे ने कहा कि राहत न केवल मुकदमे में नामित लोगों के खिलाफ है, बल्कि उन अनाम या अज्ञात पक्षों के खिलाफ भी है जो बच्चन के प्रचार अधिकारों का उल्लंघन करते हैं। उन्होंने कहा कि लॉटरी के अलावा कई अन्य काम भी उनके नाम पर चलाए जा रहे हैं। ऐसी टी-शर्ट भी बेची जा रही हैं, जिन पर उनकी तस्वीर छपी है।

.jpg)



















.jpg)





