- Home
- देश
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इंडोनेशिया के बाली में 17वें जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए 14 नवंबर से तीन दिन के इंडोनेशिया दौरे पर रवाना होंगे। सम्मेलन के दौरान जी-20 देशों के नेता सम्मेलन के विषय "साथ बढे़ं, सशक्त बनें" पर वैश्विक चिंता से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श करेंगे। जी-20 शिखर सम्मेलन की कार्यसूची के अनुसार कुल तीन सत्र होंगे। ये सत्र खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल परिवर्तन के बारे में होंगे। विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने आज नई दिल्ली में पत्रकारों को बताया कि बाली सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जी-20 के अन्य नेता सम-सामयिक मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श करेंगे। इन मुद्दों में वैश्विक अर्थव्यवस्था की स्थिति, ऊर्जा से जुड़े मुद्दे, पर्यावरण, स्वास्थ्य, कृषि और डिजिटल रूपांतरण शामिल है। उन्होंने कहा कि जी-20 का समस्त विचार-विमर्श मौजूदा वैश्विक आर्थिक और राजनीतिक संदर्भ में होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पूरा विश्व कई महत्वपूर्ण चुनौतियों से जूझ रहा है, जिनमें कोविड पश्चात असमान आर्थिक सुधार, ऋण अनिश्चितता, यूरोप में जारी संघर्ष और इसके प्रभाव तथा खाद्य सुरक्षा की चुनौतियां, ऊर्जा संकट और मुद्रास्फीति शामिल हैं। जी-20 नेता इन चुनौतियों पर मंथन करेंगे और इनसे निपटने के लिए बहुस्तरीय सहयोग की महत्वपूर्णता पर जोर देंगे।
विदेश सचिव ने कहा कि सम्मेलन के अंतिम सत्र में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रतीकात्मक रूप से जी-20 की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सौंपेंगे। भारत ने औपचारिक रूप से इस वर्ष एक दिसम्बर को जी-20 की अध्यक्षता का पदभार ग्रहण करेंगे। भारत का कार्यकाल अगले वर्ष सितम्बर तक रहेगा। जी-20 की भारत को अध्यक्षता मिलने से विभिन्न मुद्दों को मजबूती मिलने की उम्मीद है, जिनमें स्वच्छ विकास, डिजिटल रूपांतरण, महिला नेतृत्व विकास और अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर दक्षिण विश्व की आवाज शामिल है। जी-20 की अध्यक्षता के दौरान भारत-इंडोनेशिया-ब्राजील की एक तिकड़ी बनेगी। जी-20 में यह पहली बार होगा कि तीन विकासशील देशों और उभरती हुई अर्थव्यवस्थाओं का एक गुट बनेगा।जी-20 सम्मेलन के दौरान नेताओं का 16 नवम्बर को बाली के मेंग्रोव वन क्षेत्र जाने का भी कार्यक्रम है। विदेश सचिव ने कहा कि सम्मेलन के दौरान अलग से श्री मोदी की जी-20 में शामिल नेताओं के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें होंगी। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य जी-20 की प्राथमिकताओं में भारत की भूमिका पर चर्चा करना है। श्री मोदी बाली में भारतीय प्रवासी समुदाय के लोगों से भी बातचीत करेंगे।जी-20 अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक सहयोग का मुख्य मंच है और सभी प्रमुख वैश्विक आर्थिक और विकास से जुड़े मुद्दों पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जी-20 के सदस्य देशों का सकल घरेलू उत्पाद वैश्विक अर्थव्यवस्था का लगभग 85 प्रतिशत है। इसमें विश्व की दो तिहाई आबादी और विश्व व्यापार का 75 प्रतिशत हिस्सा शामिल है। - चेन्नई। पूर्व प्रधानमंत्री की हत्या के मामले में रिहा हुई दोषियों में से एक नलिनी श्रीहरन ने रविवार को यहां कहा कि प्रियंका गांधी ने उनसे वर्ष 2008 में जेल में मुलाकात के दौरान अपने पिता राजीव गांधी की हत्या के बारे में पूछा। नलिनी ने मुलाकात के बारे में एक सवाल का जवाब देते हुए यहां संवाददाताओं से कहा कि प्रियंका गांधी जब एक दशक पहले वेल्लोर केंद्रीय कारागार में उनसे मिलीं तो वे भावुक हो गईं और रो पड़ीं। फिलहाल कांग्रेस पार्टी की नेता गांधी ने नलिनी से मुलाकात के दौरान अपने पिता की हत्या के बारे में जानना चाहा था। नलिनी ने कहा कि वह जो कुछ भी जानती थी, उसके बारे में उन्हें बता दिया। नलिनी ने कहा कि मुलाकात में हुई अन्य बातों का खुलासा नहीं किया जा सकता क्योंकि यह प्रियंका के निजी विचारों से संबंधित है। नलिनी को 12 नवंबर को उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद रिहा कर दिया गया था।
-
बांसवाड़ा। 11वीं क्लास में पढऩे वाले स्टूडेंट का शव फंदे से लटका मिला। युवक करीब 6 साल से ननिहाल में मामा के यहां रहता था। वह पढ़ाई के अलावा घर के कामकाज भी देखता था। मामा के घर के सामने झोंपड़ी में उसका लटका दिखा। युवक की मौत को लेकर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है। लेकिन, परिवार के एक सदस्य की ओर से किसी लड़की से फोन पर बातचीत के बाद युवक की ओर से सुसाइड का कदम उठाने की बात कही गई है। इधर, सूचना के बाद परिवार ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित किया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा।
- नयी दिल्ली। दिल्ली की वायु गुणवत्ता शनिवार को 'बहुत खराब' श्रेणी में रही और समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह 9 बजे 311 दर्ज किया गया। यह जानकारी केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों से मिली। उल्लेखनीय है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा', 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक', 101 और 200 के बीच ‘मध्यम', 201 और 300 के बीच ‘खराब', 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब' तथा 401 और 500 के बीच ‘गंभीर' श्रेणी में माना जाता है। एक्यूआई 37 निगरानी स्टेशनों में से 27 में 'बहुत खराब' दर्ज किया गया। एक्यूआई जहांगीरपुरी में 351, नेहरू नगर में 347, श्री अरबिंदो मार्ग में 339, आरके पुरम में 335 और बवाना में 334 दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शहर में न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से एक डिग्री कम 12.6 डिग्री दर्ज किया गया। विभाग ने कहा कि सुबह साढ़े आठ बजे वायु में सापेक्षिक आर्द्रता 76 फीसदी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अनुमान जताया कि अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहेगा और दिन के समय आसमान साफ रहेगा। आईएमडी ने कहा कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो मौसम के औसत से एक डिग्री कम है। सीपीसीबी ने कहा कि शुक्रवार को 24 घंटे का औसत एक्यूआई 346 रहा।वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने शुक्रवार को कहा था कि दिल्ली-एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) के तीसरे चरण के तहत पाबंदियां जारी रहेंगी क्योंकि इस क्षेत्र में वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। जीआरएपी के तीसरे चरण के तहत दिल्ली-एनसीआर में आवश्यक परियोजनाओं को छोड़कर सभी निर्माण और तोड़फोड़ कार्यों पर रोक लगा दी गई हैं। ईंट भट्टों, हॉट मिक्स प्लांट और पत्थर तोड़ने (स्टोन क्रशर) के संचालन की अनुमति नहीं है। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं बृहस्पतिवार के 1,893 से बढ़कर शुक्रवार को 3,916 हो गईं, जो इस मौसम में अब तक का सबसे अधिक हैं।
- लखीमपुर खीरी (उप्र)। जिले के राजापुर औद्योगिक क्षेत्र में सूक्ष्म पोषक तत्व बनाने वाली एक निजी फैक्ट्री को लाइसेंस का उल्लंघन कर नकली रासायनिक उर्वरक (खाद) बनाते हुए पाया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह के आदेश पर राजापुर औद्योगिक क्षेत्र में सूक्ष्म पोषक तत्वों के निर्माण के लिए लाइसेंस प्राप्त निजी फैक्ट्री ‘गोविन्द इन्डस्ट्रीज' पर शुक्रवार की दोपहर छापेमारी की गयी। अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री के मालिक लाइसेंस का उल्लंघन कर नकली रासायनिक उर्वरकों का निर्माण करते पाए गए। जिले के राजापुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित गोविंद इंडस्ट्रीज के परिसरों में शुक्रवार को छापेमारी करने वाली टीम में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) लखीमपुर श्रृद्धा सिंह, पुलिस उपाधीक्षक संदीप सिंह और जिला कृषि अधिकारी (डीएओ) अरविंद कुमार चौधरी शामिल थे, जिन्होंने पैकिंग और सिलाई मशीन, कृभको, इफको, पारस आदि के ब्रांड नाम वाले ताजा खाली बोरे बरामद किए। जिला कृषि अधिकारी (डीएओ) अरविंद कुमार चौधरी ने कहा, ‘‘गोविंद इंडस्ट्रीज को केवल सूक्ष्म पोषक तत्वों के निर्माण के लिए लाइसेंस दिया गया था, न कि रासायनिक उर्वरकों को बेचने के लिए।'' चौधरी ने कहा, ‘‘इसके गोदाम से रासायनिक उर्वरकों की बरामदगी लाइसेंस के शर्तों का उल्लंघन है और उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।'' उन्होंने बताया कि खाद की अनलोडिंग और पैकिंग में लगे कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। हालांकि, फैक्ट्री के मालिक ऋतिक गुप्ता को पकड़ा नहीं जा सका है। प्रतिष्ठित कंपनियों, पैकिंग सामग्री, रैपर और सिलाई मशीनों के नाम वाले खाली बैग की बरामदगी से संकेत मिलता है कि लाइसेंसधारक नकली रासायनिक उर्वरकों के निर्माण और उन्हें प्रतिष्ठित कंपनियों के ब्रांड नाम के तहत बेचने में लगा हुआ था। जिलाधिकारी (डीएम) महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि फैक्ट्री उर्वरक नियंत्रण आदेश और आवश्यक वस्तु अधिनियम का उल्लंघन कर रही है और मालिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए एसडीएम, डीएसपी और जिला कृषि अधिकारी को फैक्ट्री के औचक निरीक्षण के लिए भेजा गया था। डीएम ने कहा कि फैक्ट्री के दरवाजे पर एक नोटिस चिपकाया गया था जिसमें 21 अक्टूबर से 20 नवंबर तक फैक्ट्री बंद करने की सूचना दी गयी थी। उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, जब छापेमारी करने वाली टीम परिसर में दाखिल हुई, तो कई लोग डीएपी और पोटाश उर्वरकों की पैकिंग में लगे हुए पाए गए।'' उन्होंने कहा, ‘‘अधिकारियों ने वहां भारी मात्रा में डीएपी, एनपीके, यूरिया, सिंगल सुपर फॉस्फेट, विभिन्न प्रतिष्ठित ब्रांडों के बोरो के अलावा रेत, नमक आदि बरामद किया।'' उन्होंने कहा, ‘‘इस संबंध में गहन जांच शुरू की गई थी और बरामद उर्वरकों के नमूने आगे के प्रयोगशाला विश्लेषण के लिए भेजे गए हैं।
-
नई दिल्ली। भारत ने संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन संघि में शामिल देशों के 27वें सम्मेलन में पर्यावरण के लिए हानिकारक ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन के लिए केवल कोयला ही नहीं बल्कि सभी जीवाश्म ईंधन को जिम्मेदार ठहराये जाने की अपील की है। सीओपी-27 के फैसलों पर अध्यक्षीय परामर्श के दौरान भारत ने निर्णयों में शामिल किये जाने के लिए कुछ सुझाव भी दिए। भारत ने कहा है कि पेरिस जलवायु संघि के दीर्घावधि लक्ष्यों में सभी जीवाश्म ईंधनों को चरणबद्ध रूप से समाप्त किया जाना शामिल है। भारत ने राष्ट्रीय परिस्थितियों के अनुसार स्वच्छ ऊर्जा के वैश्विक लक्ष्य को हासिल करने में तेजी लाने का आग्रह किया। उसने सतत उपभोग और उत्पादन के सतत विकास लक्ष्य 12 पर विचार-विमर्श और पर्यावरण अनुकूल जीवन शैली के लिए व्यापाक अभियान चलाने के लिए अन्य देशों को भी आमंत्रित किया।
- प्रयागराज। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शनिवार को यहां विद्या भारती के एक कार्यक्रम में कहा कि छोटी उम्र से ही बच्चों को संस्कृत का ज्ञान देना आवश्यक है, जिससे उनमें भारतीय संस्कृति के प्रति झुकाव पैदा हो सके। अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान विद्या भारती द्वारा ज्वाला देवी इंटर कालेज परिसर में आयोजित संस्कृति महोत्सव को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा, “छोटे बच्चों में बहुत सी प्रतिभाएं होती हैं जिन्हें हम पहचान नहीं पाते।” उन्होंने कहा, “बच्चों के भीतर जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण का ज्ञान भी देना आवश्यक है ताकि आने वाली पीढ़ियों को हम एक बेहतर कल दे सकें। घर हो या पाठशाला हो, उतना ही पानी लीजिए जितनी जरूरत है। जल को बर्बाद मत करिए।” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्या भारती के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री यतीन्द्र ने कहा, “विद्या भारती व्यक्ति निर्माण के क्षेत्र में काम करती है औऱ शिक्षा का मूल उद्देश्य भी यही है। मनुष्य जन्म से मनुष्य नहीं होता। संस्कृति उसे मनुष्य बनाती है।” उन्होंने कहा, “विद्या भारती ने प्रारंभ से कहा है कि हिंदुत्व ही शिक्षा का अधिष्ठान इस देश का हो सकता है। इसलिए भारतीय चिंतन के आधार पर धर्म, संस्कृति, सभ्यता और दर्शन इस देश के नागरिक का निर्माण कर सकते हैं।” यतीन्द्र ने कहा कि इस देश को गौरवमयी स्थान दिलाना, दुनिया के भीतर सिरमौर बनाना, इस संकल्प के साथ विद्या भारती व्यक्ति निर्माण के क्षेत्र में लगी है। श्रद्धेय दीन दयाल उपाध्याय जी विद्या भारती के काम से प्रारंभ से लगे रहे और गोरखपुर में बने प्रथम विद्यालय का विधान बना तो दीन दयाल जी उसके निर्माण में शामिल रहे । उन्होंने कहा कि दीन दयाल जी हमेशा कहा करते थे कि शिक्षा ज्ञान, संस्कृति और चरित्र के संगम का महत्व बताती है।
- बीड ।महाराष्ट्र के बीड जिले में एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी के पालतू कुत्ते को उसपर भौंकने पर कथित तौर पर गोली मार दी। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार सुबह पर्ली तालुका के धारावती टांडा इलाके में हुई। उन्होंने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर अपने पड़ोसी विकास बंसोडे के पालतू कुत्ते को भौंकने पर गोली मार दी। अधिकारी ने कहा कि बंसोडे के बीयर बार के एक कर्मचारी ने गोली मारते हुए देखा और उसे इसकी जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 428 (किसी भी जानवर को मारकर, जहर देकर, अपंग करना या बेकार कर देना) और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
- अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के गजरौला थाना क्षेत्र के दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार की शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शनिवार की शाम लगभग छह बजे दिल्ली से मुरादाबाद की ओर जा रही तेज रफ्तार इनोवा कार आगे चल रहे अज्ञात वाहन में घुस गयी जिससे यह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी, उसमें सवार तीन लोग अंदर ही फंसे रह गए। उन्होंने बताया कि किसी तरह कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला जा सका। कार चला रहे युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि एक महिला समेत दो लोगों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में कार चालक अरहान (22), शोएब उर्फ जमील खान (60) तथा उसकी पत्नी अफरोज बेगम (58) शामिल हैं।
- मुंबई। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और बिजनेस प्रोसेस मैनेजमेंट (बीपीएम) क्षेत्रों में मार्जिन दबाव होने से सितंबर में नियुक्ति गतिविधियों में सुस्ती देखी गई लेकिन 51 प्रतिशत प्रतिभागियों ने अगले छह महीनों में नई भर्तियां करने की मंशा जताई है। सीआईईएल एचआर की तरफ से कराए गए एक अध्ययन में यह संभावना जताई गई है। हालांकि 34 प्रतिशत प्रतिभागियों ने कहा कि भर्ती के इरादे में गिरावट आने वाली है। जबकि 15 प्रतिशत का मानना है कि यह पहले की ही तरह बना रहेगा। यह अध्ययन भारत में कार्यरत शीर्ष 50 आईटी/बीपीएम कंपनियों में कार्यरत 10 लाख कर्मचारियों के बीच कराए गए ऑनलाइन सर्वेक्षण पर आधारित है। अध्ययन में यह पाया गया कि कोविड-19 महामारी के दौरान बड़े पैमाने पर आईटी कंपनियों ने भर्तियां की थीं लेकिन हालात सुधरने के बाद अब वे अपने कर्मचारियों की संख्या में कटौती करने लगी हैं।
- बारीपदा (ओडिशा)। ओडिशा के मयूरभंज जिले में जादू-टोना करने के संदेह में 60 वर्षीय एक आदिवासी व्यक्ति का सिर काटकर उसकी हत्या करने के आरोप में उसके एक रिश्तेदार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। आरोपी को संदेह था कि उसके पिता की मौत और अन्य रिश्तेदारों के बीमार होने के पीछे बुजुर्ग का हाथ था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुजुर्ग का शव खूंटा इलाके के सरजामडीही गांव में उसके घर से बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज किया गया है और शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश दयानदेव खिलाड़ी ने घटनास्थल का दौरा कर मामले की जानकारी ली।.
- नयी दिल्ली। दिल्ली एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और उत्तरी भारत के कुछ राज्यों में शनिवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, 5.4 तीव्रता के भूकंप का केंद्र नेपाल में था जो उत्तराखंड में जोशीमठ से दक्षिणपूर्व में 212 किलोमीटर दूर था। भूकंप का झटका शाम सात बजकर 57 मिनट पर महसूस किया गया।इससे तीन दिन पहले भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे जिसका केंद्र नेपाल में था। पड़ोसी देश में इस भूकंप की वजह से छह लोगों की मौत हो गई थी। नेपाल में एक सप्ताह में तीसरी बार भूकंप आया है।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि भूकंप का केंद्र नेपाल में 10 किलोमीटर की गहराई में था। उत्तराखंड में पिथौरागढ़, मुनस्यारी और गंगोलीहाट सहित कई स्थानों पर भूकंप का झटका महसूस किया गया।पिथौरागढ़ के आपदा प्रबंधन अधिकारी बीएस महर ने बताया, “भूकंप की उत्पत्ति 10 किलोमीटर सतह के नीचे हुई थी और यह स्थान नेपाल के सिलंगा शहर से तीन किलोमीटर दूर था। प्रभावित देश भारत, चीन और नेपाल हैं।” भूकंप के कारण जान-माल के नुकसान की जानकारी फौरन नहीं मिल सकी।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा है कि वर्ष 2023 तक भारत के आयुष क्षेत्र की वैश्विक बाजार हिस्सेदारी 23 अरब डॉलर होगी। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद पांच हजार वर्ष से भी पुरानी हमारी समृद्ध विरासत से उभरी सर्वोत्तम चिकित्सा पद्धति है। शनिवार को नागपुर में आयुर्वेद व्यासपीठ के रजत जयंती समारोह के समापन अवसर को संबोधित करते हुए श्री सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वोकल फॉर लोकल आह्वान ने मानव जीवन की समृद्धि के लिये भारत की परंपराओं को बढ़ावा दिया है। आयुर्वेद की व्यापक स्वीकार्यता से वैश्विक स्तर पर आयुष क्षेत्र का महत्व बढ़ा है। श्री सोनोवाल ने कहा कि आयुष मंत्रालय आयुष क्षेत्र को सक्षम बनाने के लिए कई उपाय कर रहा है ताकि निश्चित समयसीमा में तय लक्ष्य हासिल किए जा सकें।
आयुष मंत्रालय इस महीने की 14 से 27 तारीख तक नई दिल्ली के प्रगति मैदान में 41वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में वैश्विक स्वास्थ्य के लिए आयुष थीम से अपनी विभिन्न पहल और उपलब्धियों को प्रदर्शित करेगा। -
पटना. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य ने अपने बीमार पिता को गुर्दा दान करने के अपने फैसले के बारे में कहा, यह तो सिर्फ मांस का एक छोटा सा टुकड़ा है।'' बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की 40 वर्षीय बड़ी बहन रोहिणी सिंगापुर में रहती हैं। पिता लालू यादव को किडनी दान करने के उनके फैसले के बारे में लोगों को पता चलने के एक दिन बाद उन्होंने कई भावनात्मक ट्वीट किए। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मेरा तो मानना है की ये तो बस एक छोटा सा मांस का टुकड़ा है जो मैं अपने पापा के लिए देना चाहती हूं।'' रोहिणी ने कहा, ‘‘पापा के लिए मैं कुछ भी कर सकती हूं। आप सब दुआ कीजिए की सब बेहतर तरीके से हो जाये और पापा फिर से आप सभी लोगों की आवाज बुलंद करें।'' आचार्य ने कहा, ‘‘जिस पिता ने इस दुनिया में मुझे आवाज दी। जो मेरे सबकुछ हैं, उनके लिए अगर मैं अपने जीवन का छोटा सा भी योगदान दे पाती हूं तो मेरा परम सौभाग्य होगा।'' रोहिणी ने कहा, ‘‘धरती पर भगवान माता-पिता होते हैं, इनकी पूजा सेवा करना हर बच्चे का फर्ज है।'' उन्होंने अपने पिता की कुछ तस्वीरें भी पोस्ट कीं। इनमें एक तस्वीर उनके बचपन की है जिसमें वह अपने पिता के गोद में बैठी दिख रही हैं। उन्होंने तस्वीर के साथ लिखा, ‘‘माता-पिता मेरे लिए भगवान हैं। मैं उनके लिए कुछ भी कर सकती हूं। आप सबकी शुभकामनाओं ने मुझे और मजबूत बनाया है। मैं भावुक हो गयी हूं। आप सबको दिल से आभार कहना चाहती हूं।'' प्रसाद और राबड़ी देवी की बेटी अब बहुप्रतीक्षित प्रत्यारोपण के लिए अपने पिता की यात्रा का इंतजार कर रही हैं। प्रसाद फिलहाल अपनी बड़ी बेटी मीसा भारती के घर दिल्ली में हैं। चारा घोटाला के कई मामलों में सजा सुनाए जाने के बाद वे वर्तमान में जमानत पर बाहर हैं और उन्हें विदेश जाने के लिए अदालत से अनुमति की आवश्यकता होती है। वह पिछले महीने अपनी पुरानी गुर्दे की समस्याओं के लिए प्रारंभिक जांच के लिए सिंगापुर में थे, लेकिन दिल्ली में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एक अदालत द्वारा देश से बाहर रहने के लिए तय की गई अवधि की समाप्ति से एक दिन पहले 24 अक्टूबर को उन्हें देश लौटना पड़ा था।
- -
विशाखापत्तनम. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश में ओएनजीसी की 2,917 करोड़ रुपये की ‘यू-फील्ड ऑनशोर डीपवाटर ब्लॉक' परियोजना राष्ट्र को समर्पित की। यह लगभग 30 लाख मीट्रिक मानक घन मीटर प्रति दिन (एमएमएससीएमडी) की उत्पादन क्षमता वाली सबसे गहरी गैस खोज परियोजना है। राज्य के अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन, प्रधानमंत्री ने आंध्र विश्वविद्यालय इंजीनियरिंग कॉलेज के मैदान से डिजिटल माध्यम से 15,233 करोड़ रुपये की नौ परियोजनाओं की शुरुआत की। इस कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन, मुख्यमंत्री वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी, केंद्रीय रेल और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव, राज्य के मंत्री, सांसद और विधायक शामिल हुए। मोदी ने श्रीकाकुलम-गजपति कॉरिडोर परियोजना के तहत 211 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राष्ट्रीय राजमार्ग-326ए के 39 किलोमीटर लंबे नरसनपेटा को पथपट्टनम खंड का उद्घाटन किया। यह परियोजना आंध्र प्रदेश और ओडिशा के पिछड़े क्षेत्रों को बेहतर संपर्क सुविधा प्रदान करेगी।
मोदी ने एनएच-130सीडी के छह-लेन वाले 100 किलोमीटर लंबे रायपुर-विशाखापत्तनम आर्थिक गलियारे के आंध्र प्रदेश खंड की आधारशिला रखी, जो 3,778 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। आर्थिक गलियारा छत्तीसगढ़ और ओडिशा के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों को विशाखापत्तनम बंदरगाह और चेन्नई-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच तेज पहुंच प्रदान करेगा। इससे आंध्र प्रदेश और ओडिशा के आदिवासी व पिछड़े क्षेत्रों तक पहुंच में भी सुधार होगा। परियोजना के अक्टूबर 2024 तक पूरा होने की उम्मीद है। भविष्य में इसे 10 लेन तक विस्तार दिया जा सकता है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने विशाखापत्तनम में कॉन्वेंट जंक्शन से शीला नगर जंक्शन तक एक बंदरगाह सड़क की आधारशिला रखी। 566 करोड़ रुपये की परियोजना विशाखापत्तनम बंदरगाह यातायात के लिए एक मालवाहक गलियारे के रूप में काम करेगी और इससे शहर में यातायात की भीड़ कम होगी। यह सड़क मार्च 2025 तक बनकर तैयार हो जाएगी। प्रधानमंत्री ने गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल) की 2,650 करोड़ रुपये की श्रीकाकुलम अंगुल प्राकृतिक गैस पाइपलाइन परियोजना की शुरुआत की, जिसकी उत्पादन क्षमता 66.5 लाख मीट्रिक मानक घन मीटर प्रति दिन (एमएमएससीएमडी) होगी। प्राकृतिक गैस ग्रिड (एनजीजी) की यह पाइपलाइन आंध्र प्रदेश और ओडिशा में घरों, उद्योगों, वाणिज्यिक इकाइयों और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में प्राकृतिक गैस की आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा तैयार करेगी। पाइपलाइन आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम और विजयनगरम जिलों में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क को प्राकृतिक गैस की आपूर्ति करेगी। प्रधानमंत्री ने 152 करोड़ रुपये की परियोजना की नींव रखी है, जिससे विशाखापत्तनम के मत्स्य कारोबार का लंबे समय से विलंबित आधुनिकीकरण आखिरकार शुरू हो पाएगा। प्रधानमंत्री ने केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा 385 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गुंटकल में पेट्रोलियम डिपो का उद्घाटन किया। उन्होंने विजयवाड़ा-गुडीवाड़ा-भीमावरम, गुडीवाडा-मचिलीपट्टनम-भीमावरम-नरसापुरम रेलवे लाइनों के दोहरीकरण और विद्युतीकरण परियोजना राष्ट्र को समर्पित की। यह परियोजना पिछले महीने 4,106 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई थी। -
विशाखापत्तनम. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत दुनिया की उम्मीदों का केन्द्र बिन्दु बन गया है क्योंकि हम विकास की नयी गाथा लिख रहे हैं।'' प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ऐसे में, जब कई देश संघर्ष कर रहे हैं, दुनिया बहुत उत्सुकता से हमारी ओर देख रही है। कुछ देश आवश्यक वस्तुओं की कमी का, तो कुछ देश ऊर्जा संकट का सामना कर रहे हैं। लगभग हर देश अपनी अस्थिर अर्थव्यवस्था को लेकर चिंतित है।'' आंध्र विश्वविद्यालय इंजीनियरिंग कॉलेज मैदान से बुनियादी ढांचा विकास की विभिन्न योजनाओं की शुरूआत करने के बाद मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पूरी दुनिया में निराशा के माहौल के बीच भारत प्रत्येक क्षेत्र में नयी ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘यह इसलिए संभव हुआ है कि भारत अपने नागरिकों की उम्मीदों और जरूरतों को शीर्ष प्राथमिकता देते हुए काम कर रहा है। हमारी प्रत्येक नीति, प्रत्येक फैसले का लक्ष्य आम आदमी के जीवन को बेहतर बनाना है।'' मोदी ने कहा, ‘‘आजादी के अमृत काल' में देश विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘विकास की यह यात्रा बहुआयामी है। इसमें आम आदमी के जीवन की जरूरतें भी जुड़ी हुई हैं तथा बेहतर और आधुनिक बुनियादी ढांचा का निर्माण भी शामिल है।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि बुनियादी ढांचे पर अलग-अलग विचारों के चलते देश को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने समन्वित विचार को महत्व देने का नया रुख अपनाया है। उन्होंने कहा, ‘‘समन्वित विचार के साथ बुनियादी ढांचे का विकास पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय कार्य योजना के जरिये संभव हुआ है। इसने न केवल विकास को गति दी है, बल्कि परियोजनाओं की लागत भी घटा दी है।'' मोदी ने कहा, ‘‘बुनियादी ढांचे को लेकर हम कभी इन सवालों में नहीं उलझे कि हमें रेलवे का विकास करना है या सड़क परिवहन का, बंदरगाह का विकास करना है या राजमार्ग का।'' उन्होंने कहा, ‘‘बुनियादी ढांचे के इस एकाकी दृष्टिकोण से देश को भारी नुकसान उठाना पड़ा, इससे आपूर्ति श्रृंखला पर असर पड़ा और माल ढुलाई का खर्च बढ़ गया।'' उन्होंने कहा, ‘‘हमने विकास के समावेशी दृष्टिकोण को महत्व दिया है।'' प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘गरीबों के कल्याण के लिए चलायी जा रही योजनाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। देश के करोड़ों गरीबों को पिछले ढाई साल से मुफ्त अनाज दिया जा रहा है, पिछले साढ़े तीन साल से पीएम किसान योजना के जरिए किसानों के बैंक खाते में हर वर्ष सीधे 6,000 रुपये भेजे जा रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘इसी तरह, सनराइज सेक्टर (नये उद्योगों) से जुड़ी हमारी नीति से युवाओं के लिए नये अवसर सृजित हो रहे हैं। ड्रोन से लेकर गेमिंग तक, अंतरिक्ष से लेकर स्टार्टअप तक हर क्षेत्र को हमारी नीतियों की वजह से आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘जब लक्ष्य सप्ष्ट होते हैं तो आकाश की ऊचाइयां हों, या समुद्र की गहराइयां, हम अवसर तलाश लेते हैं और उसे तराश भी लेते हैं। आज आंध्र प्रदेश में आधुनिक तकनीक के जरिए समुद्री ऊर्जा का दोहन करने की शुरूआत इसका एक बड़ा उदाहरण है।'' मोदी ने कहा, ‘‘आज देश ‘नीली अर्थव्यवस्था' (समुद्री अर्थव्यवस्था) से जुड़ी अनंत संभावनाओं को साकार करने के लिए भी बड़े स्तर पर प्रयास कर रहा है। नीली अर्थव्यवस्था पहली बार देश की इतनी बड़ी प्राथमिकता बनी है।'' प्रधानमंत्री मोदी ने आंध्र प्रदेश के लोगों के हितों को हमेशा प्राथमिकता देने के लिए राज्यपाल विश्वभूषण हरीचंदन, मुख्यमंत्री वाई. एस. जगनमोहन रेड्डी और केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू का भी विशेष रूप से उल्लेख किया।
- नोएडा (उप्र) । नोएडा पुलिस ने फर्जी पुलिसकर्मी बन लोगों पर रौब झाड़ने वाले व्यक्ति को शनिवार को गिरफ्तार किया और उसके पास से उत्तर प्रदेश पुलिस के कांस्टेबल, होमगार्ड पद के फर्जी आईडी कार्ड आदि बरामद किए हैं। थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि एक सूचना के आधार पर शनिवार को पुलिस ने गांव गोपालगढ़ निवासी सन्नी शर्मा को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि तलाशी लेने पर उसके पास से उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल का फर्जी आईडी कार्ड, उत्तर प्रदेश पुलिस के होमगार्ड का फर्जी आईडी कार्ड और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी खुद को फर्जी पुलिसकर्मी बताकर लोगों पर रौब झाड़ता था तथा विभिन्न टोल प्लाजा पर मुफ्त में टोल पार करता था।
- जयपुर। राजस्थान के दौसा जिले में एक सड़क हादसे में एक छात्र सहित दो लोगों की मौत हो गयी है, और पांच अन्य घायल हो गये। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह हादसा जिले के मानपुर क्षेत्र में तब हुआ जब टायर फटने के बाद एक जीप पलट गई। उन्होंने बताया कि इसके अनुसार जीप जयपुर के बस्सी कस्बे के एक निजी स्कूल के छात्रों को पिकनिक मनाने के लिए आगरा ले जा रही थी। उन्होंने बताया कि पीड़ितों को पास के अस्पताल ले जाया गया जहां 13 वर्षीय छात्र शुभम और रसोइए लल्लूराम (55) को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में चार अन्य छात्र और एक हेल्पर घायल हो गया । पुलिस ने बताया कि स्कूल के कर्मचारी और अन्य छात्र जीप के पीछे बस में यात्रा कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद यह स्कूली यात्रा रद्द कर दी गई।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आदिवासी नेता बिरसा मुंडा की जन्मस्थली झारखंड के खूंटी जिले के उलीहातू गांव में 15 नवंबर को दूसरे ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के मौके पर एक कार्यक्रम में शामिल होंगी।सरकार ने पिछले साल आदिवासी नेता की जयंती के मौके और आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करने के लिए 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में घोषित किया था।जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री मुंडा ने कहा, ‘‘जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर, मंत्रालय ने झारखंड सरकार के साथ समन्वय में राष्ट्रपति की उपस्थिति में खूंटी में एक व्यापक कार्यक्रम की योजना बनाई है।’’उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ संसद परिसर में बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। मुंडा ने कहा कि राज्य सरकारों और आदिवासी अनुसंधान संस्थानों के समन्वय से देशभर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, संगोष्ठियों, कार्यशालाओं, निबंध, गीत, नृत्य, खेल और चित्रकला प्रतियोगिताओं की भी योजना बनाई गई है।
- नयी दिल्ली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के पूर्व निदेशक डॉ रणदीप गुलेरिया ने 30 से अधिक वर्षों की सेवा के बाद स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली है।संस्थान (एम्स) के निदेशक के रूप में उनका साढ़े पांच साल का कार्यकाल 23 सितंबर को समाप्त हुआ जिसके बाद उन्होंने वीआरएस के लिए आवेदन किया था। उनके आवेदन को मंजूर कर लिया गया है। गुलेरिया की सेवानिवृत्ति अप्रैल 2024 में थी। कोविड-19 महामारी के चरम के दौरान गुलेरिया सरकार की ओर से प्रतिक्रिया का नेतृत्व करने वाले प्रमुख व्यक्ति थे और उन्होंने महामारी से संबंधित विभिन्न पहलुओं के बारे में जागरूकता के प्रसार में प्रमुख भूमिका निभाई।गुलेरिया एम्स में 1992 में चिकित्सा विभाग में सहायक प्रोफेसर के रूप में शामिल हुए और उन्होंने 2011 में पल्मनरी, क्रिटिकल केयर और स्लीप चिकित्सा विभाग का गठन किया। 28 मार्च, 2017 को पांच साल के कार्यकाल के लिए एम्स के निदेशक के रूप में कार्यभार संभालने से पहले उन्होंने विभाग का नेतृत्व किया। उनका कार्यकाल 24 मार्च को समाप्त होना था, लेकिन इसे तीन महीने के लिए बढ़ा दिया गया था। इसके पूरा होने पर उन्हें तीन और माह के लिए सेवा विस्तार प्रदान किया गया।
- नई दिल्ली। मोदी सरकार आतंकवाद को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की नीति पर चल रही है और इस बुराई के विरूद्ध भारत की लड़ाई में उसके संकल्प से अंतरराष्ट्रीय समुदाय को अवगत कराएगी।केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा कि वह यहां 18-19 नवंबर को ‘आतंकवाद के लिए कोई पैसा नहीं’ (एनएमएफटी) विषयक तीसरा मंत्रिस्तरीय सम्मेलन आयोजित कर रहा है जिसमें 75 देशों एवं अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि दो दिनों तक परिचर्चा में हिस्सा लेंगे।मंत्रालय के बयान के अनुसार, एनएमएफटी सम्मेलन की मेजबानी अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद के मुद्दे, इस बुराई को बिल्कुल नहीं बर्दाश्त नहीं करने की उसकी नीति, अंतरराष्ट्रीय समुदाय में इस मुद्देपर चर्चा कराने को मोदी सरकार द्वारा दी जा रही अहमियत को दर्शाती है।केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस सम्मेलन में शिरकत करेंगे तथा आतंकवाद के विरूद्ध लड़ाई में सफलता हासिल करने के लिए आतंकवाद एवं उसके सहयोग तंत्र के खिलाफ संघर्ष में भारत का संकल्प सामने रखेंगे।बयान के अनुसार इस सम्मेलन का लक्ष्य , पेरिस (2018) और मेलबर्न (2019) के पिछले दो सम्मेलनों में आतंकवाद के वित्तपोषण का मुकाबला करने के विषय पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने जो चर्चा की थी, उसे आगे ले जाना है।उसका मकसद आतंकवाद वित्तपोषण के सभी पक्षों के तकनीकी, कानूनी एवं सहयेाग पहलुओं पर चर्चा शामिल को करना है। उसमें आतंकवाद के वित्तपोषण का मुकाबला करने पर केंद्रित अन्य उच्च स्तरीय आधिकारिक एवं राजनीतिक चर्चा को गति प्रदान करने की कोशिश की जाएगी।दुनियाभर में कई देश वर्षों से आतंकवाद एवं उग्रवाद से पीड़ित हैं। इस हिंसा के स्वरूप भले ही भिन्न भिन्न हैं लेकिन वह काफी हद तक अस्थिर भू-राजनीतिक माहौल एवं दीर्घकालिक जातीय संघर्षों के कारण उत्पन्न होती है।भारत ने पिछले तीन दशकों से अधिक समय से आतंकवाद के विभिन्न रूपों को झेला है, इसलिए वह इस स्थिति से प्रभावित देशों की पीड़ा समझता है।
-
नई दिल्ली। गृह मंत्रालय आतंकवाद के लिए धन उपलब्ध कराने की समस्या से निपटने के बारे में तीसरे मंत्रिस्तरीय सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। यह सम्मेलन 18 नवम्बर को नई दिल्ली में होगा। दो दिन के इस सम्मेलन का उद्देश्य पेरिस और मेलबर्न में पिछले दो सम्मेलनों में आतंकवाद के लिए धन उपलब्ध कराने की समस्या से निपटने के बारे में अन्तर्राष्ट्रीय समुदाय के विचार विमर्श की प्रगति की समीक्षा करना है।
75 देशों और अन्तर्राष्ट्रीय निकायों के प्रतिनिधियों को एकसाथ विचार-विमर्श का अवसर देने के लिए यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसका उददेश्य सभी तरह के आतंकवाद के वित्त पोषण के बारे में तकनीकी, कानूनी, विनियामक और सहयोग के पहलुओं पर विचार विमर्श करना है। सम्मेलन में आतंकवादियों के वित्त पोषण, उभरती प्रौदयोगिकी और अपेक्षित अन्तर्राष्ट्रीय सहयोग पर भी ध्यान दिया जायेगा।गृहमंत्री अमित शाह सम्मेलन में शामिल होंगे और आतंकवाद से लड़ाई की भारत की प्रतिबद्धता स्पष्ट करेंगे। इस सम्मेलन की मेजबानी से यह पता चलता है कि सरकार अन्तर्राष्ट्रीय आतंकवाद के मुददे और आतंकवाद को कतई बर्दाश्त न करने की नीति को कितना महत्व दे रही है। - अहमदाबाद ।.कांग्रेस ने गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र शनिवार को जारी किया, जिसमें उसने 10 लाख नौकरियां, 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर, प्रति माह 300 यूनिट मुफ्त बिजली और बेरोजगारों को 3,000 रुपये भत्ता देने का वादा किया।. गुजरात में दो दशकों से अधिक समय से सत्ता से बाहर रहने वाली कांग्रेस ने तीन लाख रुपये तक का कृषि ऋण माफ करने, केजी से पीजी (किंडरगार्टन से स्नातक) तक मुफ्त शिक्षा और प्रत्येक फसल के लिए एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) निर्धारित करने के लिए एक समिति गठित करने का वादा किया है।घोषणापत्र राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जारी किया, जो गुजरात चुनावों के लिए पार्टी के वरिष्ठ पर्यवेक्षक हैं। गहलोत ने कहा, "कांग्रेस ने घोषणापत्र तैयार करने के लिए राज्य के सैकड़ों लोगों की राय मांगी थी।’’कांग्रेस ने घोषणापत्र में सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को लागू करने और सरकारी कर्मचारियों के लिए अनुबंध और ‘आउटसोर्सिंग’ यानि सरकारी विभागों में काम बाहर से कराने की व्यवस्था हटाने का भी वादा किया।182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में एक दिसंबर और पांच दिसंबर को होंगे और वोटों की गिनती आठ दिसंबर को होगी।
-
जयपुर। जयपुर में एक्टिवा चोरी का अनोखा ममला सामने आया है। सोड़ाला थाना सीआई सत्यपाल ने बताया कि आरोपी गर्लफ्रेंड को गिफ्ट में देने और महंगे शौक पूरे करने के लिए एक्टिवा चुरा रहे थे। ऐसा कर दो आरोपी लड़कियों के सामने खुद को बड़ा दिखाने की कोशिश करते थे। चोरी की गई स्कूटी अलग-अलग लड़कियों को चलाने के लिए दे देते थे। घर से मिलने वाले खर्चे में शौक पूरे नहीं हुए तो स्कूटी चोरी करना शुरू कर दिया। दोनों आरोपियों को 10 स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया गया। जो एक्टिवा चोरी करने में माहिर है। आरोपी के साथ उसके एक साथी आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों की उम्र महज 19 साल है।
सोड़ाला थाना सीआई सत्यपाल ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दरअसल, आरोपी ने चोरी की स्कूटी अपनी गर्लफ्रेंड को गिफ्ट दी थी। चोरी की स्कूटी चलाते हुए झोटवाड़ा में सोडाला पुलिस ने युवती को रोक लिया। युवती बोली- मेरे दोस्त ने मुझे स्कूटी दी है। युवती पुलिस को आरोपी के घर रामनगर सोडाला ले पहुंची। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो पता चला की वह पहले भी स्कूटी चोरी कर कई गर्लफ्रेंड को दे चुका है। पुलिस पूछताछ में बाद अलग-अलग जगहों से पुलिस ने आरोपी की दी गई तीन स्कूटी बरामद की।
सोड़ाला थाना सीआई सत्यपाल ने बताया कि कुणाल सिंह की गिरफ्तारी के बाद एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। दोनों आरोपी केवल स्कूटी चोरी का काम किया करते हैं। यह अपने आप को बड़ा बताने के लिए गर्लफ्रेंड को स्कूटी गिफ्ट में दे दिया करते थे।
- -
नागौर। रोज-रोज के झगड़ों से तंग आकर एक पति ने पत्नी के सिर पर लोहे की रॉड से 7-8 वार कर दिए। पत्नी वहीं ढेर हो गई। इसके बाद आरोपी पति ने खुद को आग लगाने की कोशिश की। परिवार वालों ने उसे पकड़कर रस्सी से बांध दिया और पुलिस को सूचित कर दिया। मामला नागौर के खींवसर थाना इलाके के ताड़ावास गांव का है।
खींवसर थाना प्रभारी अशोक बिसु ने बताया कि ताड़ावास गांव के निवासी आरोपी रामचंद्र मेघवाल (35) का अपनी पत्नी मंजू (33) से आए दिन झगड़ा होता था। झगड़ा घरेलू बातों को लेकर होता था। शनिवार को बात इतनी बढ़ गई कि रामचंद्र ने लोहे की रॉड पत्नी के सिर पर दे मारी। आरोपी ने लगातार 7-8 वार किए। जिससे मंजू की मौत हो गई। इसके बाद रामचंद्र ने खुद को आग लगाने की कोशिश की। परिवार के लोगों ने उसे पकड़ लिया और रस्सी से बांध दिया। रामचंद्र खेती-बाड़ी करता है। उसके दो बेटे हैं। एक सात साल का तो दूसरा पांच साल का है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जानकारी अनुसार रामचंद्र और मंजू के बीच अक्सर झगड़ा होता था। रामचंद्र मंजू की पिटाई भी कर देता था। शनिवार सुबह कहासुनी मारपीट में बदल गई और गुस्से में रामचंद्र वारदात कर बैठा। पुलिस ने बताया कि थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी रामचंद्र बहकी बहकी बातें कर रहा है। वह ढंग से सवालों के जवाब नहीं दे पा रहा है। आरोपी पहले शराब पीता था, शनिवार को उसने नशा किया था या नहीं इसकी जांच चल रही है।
-










.jpg)

.jpg)







.jpg)






