- Home
- देश
-
नयी दिल्ली .ट्रॉपिकल मेडिसिन (दुर्लभ बीमारियों से संबंधित चिकित्सा) के क्षेत्र में काम करने वाले दुनिया के सबसे बड़े वैज्ञानिक संगठन ‘अमेरिकन सोसाइटी ऑफ ट्रॉपिकल मेडिसिन एंड हाइजीन' (एएसटीएमएच) ने एक भारतीय चिकित्सक-वैज्ञानिक को 2022 के प्रतिष्ठित बैली के. एशफोर्ड पदक से सम्मानित किया है। भारतीय वैज्ञानिक को 2022 के ‘फेलो ऑफ अमेरिकन सोसाइटी ऑफ ट्रॉपिकल मेडिसिन एंड हाइजीन' (एफएएसटीएमएच) पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के चेन्नई स्थित राष्ट्रीय क्षयरोग अनुसंधान संस्थान में आईसीईआर-भारत कार्यक्रम के वैज्ञानिक निदेशक डॉ सुभाष बाबू को 30 अक्टूबर को अमेरिका के सियेटल में आयोजित एएसटीएमएच की वार्षिक बैठक में पुरस्कृत किया गया। आईसीईआर-भारत द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार ट्रॉपिकल मेडिसिन में उल्लेखनीय कार्य के लिए हर वर्ष एक या अधिक अनुसंधानकर्ताओं को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। आईसीईआर, आईसीएमआर के स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग (डीएचआर) तथा अमेरिका के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एलर्जी एंड इन्फेक्शस डिसीजेस (एनआईएआईडी) के बीच दोनों देशों की अनुसंधान साझेदारी के तहत काम करता है। इस पुरस्कार के 82 साल के इतिहास में पहले कभी किसी भारतीय वैज्ञानिक को या भारतीय संस्थान में किये गये अनुसंधान कार्य के लिए यह पुरस्कार नहीं दिया गया। डॉ बाबू को बैली के. एशफोर्ड पुरस्कार के अलावा 1995 से ट्रॉपिकल मेडिसिन में प्रतिबद्धता के साथ काम करने के लिए एफएएसटीएमएच भी प्रदान किया गया है। एएसटीएमएच के अध्यक्ष डॉ डेनियल बॉश ने विभिन्न रोगों के उपचार के लिए डॉ सुभाष बाबू के अनुसंधान की सराहना करते हुए कहा, ‘‘क्षयरोग (टीबी) रोधी उपचार पद्धति की प्रतिक्रिया में टीबी में टाइप-2 के मधुमेह के असर पर उनके मूल कार्य का टीबी के क्षेत्र में और वैश्विक स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक असर रहा है।
-
मथुरा. उत्तर प्रदेश में मथुरा जनपद के नौहझील थाना क्षेत्र में दो खिलाड़ियों सहित तीन युवकों की एक सड़क हादसे में मृत्यु हो गई तथा चालक एवं उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। नौहझील थाना प्रभारी प्रदीप यादव ने बताया कि सोमवार को ब्रजनगर के बाजना गांव के जेवलिन खिलाड़ी गर्वित (20) अपने साथी खिलाड़ी मित्र, रबूपुरा के करन (21) के साथ निकटवर्ती जेवर से स्पोट्र्स का सामान खरीदने गया था। थाना प्रभारी के अनुसार उनके साथ कस्बे के टोली मोहल्ले का शकील (36) अपने लिए ईंटों का सौदा करने गया था। उन्होंने बताया कि ये सभी अर्टिगा कार से गए थे तथा उनके साथ कार चालक एवं एक अन्य युवक भी था। उनके मुताबिक शाम को वापसी के समय जिकरपुर गांव के समीप उनकी कार नौहझील से कुछ पहले पंक्चर हो गई और चालक अपने भाई के साथ पहिया बदलने लगा एवं बाकी लोग पहिया लग जाने का इंतजार करने लगे। थाना प्रभारी के अनुसार तभी नोएडा की ओर से आती एक तेज रफ्तार कार ने उन सभी को रौंद दिया, जिससे गर्वित एवं शकील की तो मौके पर ही मौत हो गई तथा करन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चालक एवं उसके भाई को घायलावस्था में नोएडा के कैलाश हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया है।
-
गुवाहाटी. असम सरकार ने मंगलवार को कहा कि वह प्राथमिक शिक्षा विभाग के तहत स्कूली शिक्षकों के 8,000 खाली पदों को समाप्त करेगी क्योंकि सर्व शिक्षा अभियान के तहत पहले ही बड़ी संख्या में संविदा शिक्षक काम कर रहे हैं। शिक्षा मंत्री रनोज पेगू ने कहा कि राज्य सरकार ने 2020 में निम्न प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सर्व शिक्षा अभियान के तहत काम कर रहे 11,206 संविदा शिक्षकों को नियमित वेतनमान और अन्य लाभ की पेशकश की थी। उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट में लिखा कि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर राज्य सरकार पद सृजित कर सकती है।
-
बहराइच (उत्तर प्रदेश) जिला पुलिस तपेदिक रोग से ग्रस्त 26 वर्षीय युवती का झाड़फूंक से इलाज करने के बहाने उसके साथ कथित रूप से बलात्कार करने के आरोपी तांत्रिक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता की हालत गंभीर होने के कारण उसे इलाज के लिए फिर से लखनऊ भेज दिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने मंगलवार को बताया कि कोतवाली देहात क्षेत्र निवासी एक महिला ने सोमवार को पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि तांत्रिक ने उनकी बेटी के साथ बलात्कार किया है। उन्होंने कहा, जांच में पता चला कि बीते दिनों युवती को खून की उल्टियां होने पर चिकित्सकीय जांच में बहराइच व लखनऊ के डॉक्टरों ने बताया कि उसे तपेदिक रोग है। इसके बाद युवती और उसका परिवार कुछ लोगों की सलाह पर तांत्रिक के संपर्क में आए। एएसपी ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर बलात्कार सहित भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर इसकी तहकीकात की जा रही है। अधिकारी ने कहा, आरोपी तांत्रिक को थाने बुलाकर उससे पूछताछ की जा रही है और जांच में जो साक्ष्य मिलेंगे उनके आधार पर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपी तांत्रिक की उम्र करीब 60 साल है। -
नयी दिल्ली. भारत के निजी क्षेत्र द्वारा विकसित पहले रॉकेट ‘विक्रम-एस' का प्रक्षेपण 12 से 16 नवंबर के बीच किया जा सकता है। हैदराबाद के अंतरिक्ष स्टार्टअप स्काईरूट एयरोस्पेस ने मंगलवार को यह घोषणा की। स्काईरूट एयरोस्पेस के इस पहले मिशन को ‘प्रारंभ' नाम दिया गया है जिसमें तीन उपभोक्ता पेलोड होंगे और इसे श्रीहरिकोटा में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के लांचपैड से प्रक्षेपित किया जा सकता है। स्काईरूट एयरोस्पेस के सीईओ और सह-संस्थापक पवन कुमार चांदना ने कहा, ‘‘अधिकारियों ने प्रक्षेपण के लिए 12 नवंबर से 16 नवंबर की संभावित अवधि बताई है, अंतिम तारीख मौसम के हालात के हिसाब से तय की जाएगी।'' इस मिशन के साथ स्काईरूट एयरोस्पेस अंतरिक्ष में रॉकेट का प्रक्षेपण करने वाली, भारत की पहली निजी अंतरिक्ष कंपनी बन सकती है। इस तरह 2020 में निजी क्षेत्र के लोगों के लिए अंतरिक्ष क्षेत्र को खोलने के बाद एक नयी शुरुआत होगी। स्काईरूट एयरोस्पेस के मुख्य परिचालन अधिकारी एन भरत डाका ने एक बयान में कहा, ‘‘विक्रम-एस रॉकेट एकल चरण वाला उपकक्षीय प्रक्षेपण यान है जो तीन उपभोक्ता पेलोड लेकर जाएगा और अंतरिक्ष यानों की विक्रम श्रृंखला में अनेक प्रौद्योगिकियों के परीक्षण तथा उन्हें मान्यता देने में मदद करेगा।'' स्काईरूट के रॉकेट का यह नाम भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के जनक और प्रसिद्ध वैज्ञानिक विक्रम साराभाई के नाम पर रखा गया है। हैदराबाद से संचालित यह कंपनी अंतरिक्ष में वाणिज्यिक उपग्रहों को भेजने के लिए अत्याधुनिक अंतरिक्ष प्रक्षेपण यान का निर्माण करती है।
-
नयी दिल्ली. अमेरिका में ‘व्हाइट हाउस कोरोना वायरस प्रतिक्रिया समन्वयक' डॉ. आशीष झा ने मंगलवार को कहा कि कोविड-19 कुछ मायनों में हमेशा रहेगा लेकिन महामारी का सबसे बुरा दौर ‘‘बिल्कुल'' खत्म हो चुका है। ‘20वें हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट' को संबोधित करते हुए झा ने कहा कि टीकाकरण और पूर्व में संक्रमण की चपेट में आने के कारण आबादी में उच्च स्तर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को देखते हुए, ‘‘भले ही हमें इस महामारी के खराब रूप का सामना करना पड़ जाए लेकिन इसका सबसे बुरा दौर गुजर चुका है।'' झा ने कहा, ‘‘कोविड खत्म नहीं हुआ है और कुछ मायनों में यह हमेशा हमारे साथ रहेगा और हमें बस इससे बचाव करना जारी रखना है।'' प्रतिरोधक क्षमता को मात देने वाले वायरस के और स्वरूप उभरने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन अच्छी बात यह है कि जैसे-जैसे वायरस स्वरूप बदल रहा है वैसे ही मनुष्य भी खुद को बदल रहे हैं। हम टीकों को अद्यतन करने जैसी चीजों में सक्षम हैं और हम वायरस के साथ जीने में भी सक्षम हो गए हैं। हम इससे निपटने में खुद को असहाय नहीं पाते हैं।
-
बक्सर (बिहार) .राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने मंगलवार को कहा कि भगवान राम ने समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का काम किया। उन्होंने कहा कि लोगों को भगवान राम के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए और उनके द्वारा प्रतिपादित मूल्यों पर आधारित समाज की स्थापना पर ध्यान देना चाहिए। भागवत ने बक्सर जिले के अहिरौली गांव में साधुओं के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, “भगवान राम ने एक ऐसे समाज का मार्ग प्रशस्त किया जहां हर कोई निडर होकर रहने लगा। उन्होंने जीवन भर सामाजिक सद्भाव के मार्ग का अनुसरण किया।” यह आयोजन 'श्री राम कर्मभूमि तीर्थ क्षेत्र महाकुंभ' नामक नौ दिवसीय धार्मिक सम्मेलन के तहत आयोजित किया गया है। आरएसएस प्रमुख ने कहा, “राम मनोहर लोहिया ने कहा था कि भगवान राम ने कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश को एकजुट किया। यह सच है कि उन्होंने समाज के हर वर्ग को जोड़ने का काम किया। हमें भगवान राम के जीवन से प्रेरणा लेकर सामाजिक एकता को बढ़ावा देना चाहिए।” सोमवार से शुरू हुए नौ दिवसीय कार्यक्रम में भाजपा शासित राज्यों के कई राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों और दो उपमुख्यमंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है।
-
धौलपुर. राजस्थान में धौलपुर जिले के एक युवक ने अपनी कथित प्रेमिका पर एक पार्क में चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार रात रेलवे स्टेशन के पीछे एक पार्क में घटित हुई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बाडी निवासी आरोपी दिनेश माहौर ने अपनी प्रेमिका के गले पर चाकू से हमला किया और खून बहने पर उसे वहीं छोड़ गया। उन्होंने बताया कि अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौत हो जाने के डर से युवती ने पार्क की बेंच पर अपने माता-पिता का मोबाइल नंबर खून से लिख दिया। अधिकारी ने बताया कि महिला किसी तरह रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म के पास पहुंची, जहां रेलवे पुलिस बल के एक जवान ने उसकी मदद की और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि युवती एक माह पहले आरोपी दिनेश के साथ चली गई थी। उन्होंने बताया कि वह दिनेश के साथ रह रही थी लेकिन उसके परिजनों ने उसे जयपुर अपने घर लौटने के लिए दबाव बनाया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी दिनेश युवती को रेलवे स्टेशन पर छोड़ने गया था ताकि वह जयपुर के लिए ट्रेन पकड़ सके लेकिन युवती ने जाने से मना कर दिया। उन्होंने बताया कि इस पर दोनों के बीच बहस हुई और आरोपी ने गुस्से में आकर युवती पर चाकू से हमला कर दिया। मामले की आगे जांच की जा रही है।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय नागर विमानन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कोविड-19 महामारी से संक्रमित हो गए हैं। सिंधिया ने मंगलवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी और लिखा कि उन्होंने डॉक्टरों की सलाह पर जांच कराई जिसके बाद उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने पिछले कुछ दिनों में उनके संपर्क में आने वाले सभी लोगों से अपनी कोविड जांच कराने को कहा है।
-
नयी दिल्ली. देशभर में खगोल प्रेमियों ने मंगलवार को साल के आखिरी पूर्ण चंद्र ग्रहण को बड़ी रुचि के साथ देखा और कई लोगों ने इस आकाशीय नजारे को देखने के लिए दूरबीन की भी मदद ली। देश के पूर्वोत्तर हिस्सों में अगरतला, कोहिमा और गुवाहाटी जैसे स्थानों पर अधिकतम स्पष्टता के साथ चंद्रग्रहण देखा गया क्योंकि शाम 5:12 बजे पूर्ण ग्रहण की समाप्ति से पहले ही चंद्रमा क्षितिज पर उग आया था। पूर्ण चंद्र ग्रहण तब होता है जब पृथ्वी की छाया पूर्ण चंद्रमा पर पड़ती है। भारत में ज्यादातर स्थानों पर लोग आंशिक चंद्र ग्रहण ही देख सके क्योंकि देश भर में चंद्रमा के उगने का समय कुल ग्रहण के दौरान या उसके बाद में था। खगोल प्रेमियों ने इस आकाशीय नजारे को देखने के लिए कई शहरों में दूरबीन लगाए थे। दिल्ली में, हवा में धुंध होने के कारण लोग चंद्रोदय के समय ग्रहण नहीं देख सके और राष्ट्रीय राजधानी में देर शाम धुंधला चंद्र ग्रहण ही दिख सका। ग्रहण दोपहर 2.39 बजे शुरू हुआ और पूर्ण ग्रहण का चरण अपराह्न 3.46 बजे शुरू हुआ। मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु जैसे अन्य शहरों में लोग ग्रहण के आंशिक चरण को देख सके। गुवाहाटी तारामंडल के वरिष्ठ अधिकारी बाबुल बोरा ने कहा कि असम में चंद्रोदय का समय ग्रहण की शुरुआत के बाद का समय था, इसलिए इसका प्रारंभिक चरण नहीं दिखाई दे रहा था। उन्होंने कहा कि चंद्र ग्रहण दोपहर 2.39 बजे शुरू हुआ लेकिन गुवाहाटी में चंद्रोदय शाम 4.34 बजे हुआ था। इसलिए ग्रहण उसके बाद ही यहां दिखा। देश भर के कई तारामंडलों और शोध संस्थानों में दूरबीन लगाए गए थे। अगला चंद्र ग्रहण 28 अक्टूबर 2023 को है जो भारत में दिखाई देगा। हालांकि वह आंशिक ग्रहण होगा। -
जयपुर. राजस्थान के भरतपुर में एक युवती अपना लिंग बदलवाकर मीरा से आरव बन गई और अपनी प्रेमिका से रविवार को शादी रचाई। दोनों के परिवार वाले भी इस शादी के बंधन से खुश हैं। अब आरव कुंतल (29) दिसंबर 2021 तक मीरा थी और वह पांच बहनों में सबसे छोटी थी। उसे स्कूल में कबड्डी खिलाड़ी कल्पना से प्यार हो गया था। परिजनों की रजामंदी से रविवार को उनका पांच साल पुराना प्रेम संबंध शादी में बदल गया। मीरा के आरव में परिवर्तन को परिवार द्वारा अच्छी तरह से स्वीकार किया गया था और अब यह दंपत्ति एक साथ नई यात्रा को लेकर उत्साहित है। आरव का परिवार भरतपुर के डीग कस्बे में रहता है। आरव ने बताया, "मैं अपना लिंग बदलना चाहता था क्योंकि मुझे अपने शरीर को स्वीकार करना मुश्किल हो रहा था। मैंने 2010 में लिंग परिवर्तन के बारे में एक समाचार लेख पढ़ा। तब से, मैंने अपना लिंग बदलने के तरीकों की खोज शुरू कर दी और सर्जरी करवाने का मन बना लिया। ” ऑनलाइन उपलब्ध एक वीडियो में आरव ने कहा कि उसने यूट्यूब पर वीडियो देखा जिससे दिल्ली में एक डॉक्टर के बारे में पता चला। उसने कहा “मैंने डॉक्टर से संपर्क किया और इलाज शुरू किया गया। पहली जांच 25 दिसंबर, 2019 को किया गया था और अंतिम सर्जरी दिसंबर 2021 में की गई थी। ” उसने कहा कि कल्पना उस स्कूल में उसकी छात्रा थी जहां वह शारीरिक शिक्षक (पीटीआई) के रूप में तैनात थे और दोनों के बीच एक पारिवारिक बंधन विकसित हो गया था। उसने कहा, "जब मैं लिंग परिवर्तन की सर्जरी के लिए दिल्ली जा रहा था तो मैंने उससे पूछा कि क्या वह मेरे साथ जाना चाहेगी। वह मान गई और उसके माता-पिता ने उसे मेरे साथ दिल्ली भेज दिया। दिल्ली में मेरा एक दोस्त है और जब मेरी सर्जरी चल रही थी तो उसने कल्पना से शादी के बारे में पूछा। वह मान गई।'' बाद में, कल्पना ने अपने परिवार को रिश्ते के बारे में बताया और उसका परिवार तुरंत शादी के लिए तैयार हो गया। कल्पना ने कहा कि उसने एक कबड्डी खिलाड़ी के रूप में जो कुछ भी हासिल किया वह आरव की वजह से है। उसने कहा कि आरव ने उसका समर्थन किया और उसकी वजह से, वह तीन राज्य-स्तरीय और एक राष्ट्रीय-स्तरीय खेल खेल सकी। कल्पना ने बताया कि उसके मन में एक बात थी कि अगर वह उससे शादी करते हैं, तो लोग 'गुरु-शिष्य' के रिश्ते के बारे में क्या कहेंगे, लेकिन दिल्ली में रहने वाले उनके पति के दोस्त ने उनका समर्थन किया और प्रेरित किया जिसके बाद वे अपने निर्णयों के साथ आगे बढ़े। उसने बताया, "मैं और मेरा परिवार बहुत खुश हैं। मैं अपने पति से भी ज्यादा खुश हूं
आरव के पिता बीरी सिंह ने बताया कि वह बचपन से एक लड़के की तरह रहता था और उसे कभी इसका बुरा नहीं लगा और वह हमेशा उसके (मीरा) के साथ खड़ा रहा। उन्होंने बताया, “मेरी अन्य बेटियां उनकी कलाई पर राखी बांधती थीं। वह कहता था कि वह शादी नहीं करेगा। जब उसने अपना लिंग परिवर्तन करवाया तो उसने घरवालों को नहीं बताया। मुझे बहुत खुशी है कि उसने शादी कर ली है।'' उन्होंने कहा इस जोड़े को दोनों परिवारों का पूरा समर्थन प्राप्त है। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के प्रयासों के तहत पिछले पांच वर्षों में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) जैसे केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में लगभग दो लाख लोगों की भर्ती की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हालांकि इस साल जुलाई अंत तक सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और असम राइफल्स (एआर) में अब भी 84,000 से अधिक पद रिक्त थे और इन्हें भी भरने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले पांच वर्ष 2017 से 2021 तक सीआरपीएफ में सबसे अधिक 1,13,208 युवाओं की भर्ती की गई, 29,243 युवाओं को एसएसबी में और 17,482 युवाओं को बीएसएफ ने शामिल किया गया। पिछले पांच वर्षों में सीआईएसएफ में 12,482 युवाओं, आईटीबीपी में 5,965 और असम राइफल्स में 5,938 युवाओं को भर्ती किया गया। आंकड़ों के अनुसार, 2022 में भी जुलाई तक, छह केंद्रीय बलों में 10,377 युवाओं की भर्ती की गई। सीआरपीएफ में 6,509, एसएसबी में 1,945, बीएसएफ में 1,625, असम राइफल्स में 229 और सीआईएसएफ में 69 युवा भर्ती किए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 अक्टूबर को एक भर्ती अभियान शुरू किया था, जिसके तहत अगले 18 महीनों में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में 10 लाख कर्मियों की नियक्ति किए जाने का लक्ष्य है। नवनियुक्त 75,000 से अधिक लोगों को नियुक्ति पत्र सौंप दिए गए हैं।
गृह मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 31 जुलाई 2022 तक छह केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में 84,659 पद रिक्त थे। इनमें से सीआरपीएफ में 27,510, बीएसएफ में 23,435, सीआईएसएफ में 11,765, एसएसबी में 11,143, असम राइफल्स में 6,044 और आईटीबीपी में 4,762 पद रिक्त हैं। -
नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आम आदमी पार्टी नीत दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदृष्टि के अनुसार भारत 2047 तक विकसित देश बन जाएगा जहां ‘रेवड़ी संस्कृति वाली राजनीति' के लिए कोई जगह नहीं है। आवास और शहरी मामलों के मंत्री पुरी ने यह भी कहा कि आगामी दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के चुनाव न केवल राष्ट्रीय राजधानी के लिए बल्कि पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण हैं। वह एमसीडी चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रचार अभियान के तहत वीडियो वाहनों के एक बेड़े को हरी झंडी दिखाने के बाद एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता और अन्य वरिष्ठ पार्टी नेता उपस्थित थे। पुरी ने कहा, ‘‘मोदी सरकार में भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और कुछ साल में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुसार भारत 2047 तक विकसित देश बन जाएगा जिसमें अराजकता और ‘रेवड़ी वाली राजनीति' के लिए कोई जगह नहीं है।'' उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली को दुनिया की सर्वश्रेष्ठ राजधानियों में शामिल कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अरविंद केजरीवाल नीत दिल्ली सरकार पर हमला बोलते हुए मंत्री ने कहा कि उसने दिल्ली में केंद्र की अनेक कल्याणकारी योजनाओं को लागू नहीं होने दिया। पुरी ने आरोप लगाया, ‘‘चुनाव से पहले वे (आप) मुफ्त की रेवड़ियों की बात करने लगते हैं।''
प्रधानमंत्री मोदी ने कुछ दिन पहले अपने एक भाषण में चुनाव से पहले राजनीतिक दलों द्वारा मुफ्त बिजली और पानी देने जैसे वादों के लिए ‘रेवड़ी संस्कृति' शब्द का प्रयोग किया था। भाजपा ने चार दिसंबर को होने वाले एमसीडी के 250 वार्डों के चुनाव के लिए अभियान तेज कर दिया है।
दिल्ली भाजपा उपाध्यक्ष आदित्य झा ने कहा, ‘‘पार्टी ने दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में वीडियो वाहन भेजे हैं। ये वाहन भाजपा के शासन में नगर निगमों द्वारा किये गये कामकाज के वीडियो दिखाएंगे और दिल्ली में आप सरकार की विफलताओं और घोटालों को उजागर करेंगे। -
नयी दिल्ली. केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय देश भर में स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों में वीर जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में 15 नवंबर को 'जनजातीय गौरव दिवस' मनाएगा। मंत्रालय के बयान में यह जानकारी दी गई है। बयान के अनुसार, जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए शिक्षा मंत्रालय द्वारा अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई), विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी), केंद्रीय विश्वविद्यालयों, निजी विश्वविद्यालयों, अन्य उच्च शिक्षण संस्थान, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई), केंद्रीय विद्यालय समिति (केवीएस), नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) और कौशल विकास संस्थानों के सहयोग से 'जनजातीय गौरव दिवस' मनाया जायेगा। शिक्षा मंत्रालय ने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस के राष्ट्रीय समारोह में देश भर के शैक्षणिक संस्थानों में 'स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों का योगदान' विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा सामाजिक गतिविधियों से जुड़े अन्य कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इन समारोहों के दौरान, भगवान बिरसा मुंडा और अन्य वीर जनजातीय नायकों के योगदान पर प्रकाश डाला जाएगा। वहीं, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद ने संयुक्त पत्र में कहा कि सभी विश्वविद्यालयों और उनके संबद्ध कॉलेजों/संस्थानों से अनुरोध है कि वे अपने शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों को जनजातीय गौरव दिवस पर गतिविधियां आयोजित करने एवं उसमें हिस्सा लेने के लिये प्रोत्साहित करें। पिछले साल, सरकार ने वीर जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में 15 नवंबर को 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाने की घोषणा की थी। 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती है, जिन्हें देश भर के जनजातीय समुदाय भगवान के रूप में सम्मान देते हैं।
-
बिजनौर (उत्तर प्रदेश). बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र में किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि रविवार देर शाम शहर कोतवाली क्षेत्र के झालू मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार विशाल (18) और उसके मित्र ऋतिक (20) की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के कई टुकड़े हो गये। बताया जा रहा है कि नहटौर इलाके के बल्ला शेरपुर का निवासी विशाल अपनी बहन को सदुपुरा छोड़कर ऋतिक के साथ घर लौट रहा था।
-
श्योपुर . मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में कूनो राष्ट्रीय उद्यान में बड़े बाड़े में छोड़े जाने के 24 घंटों के भीतर दो अफ्रीकी चीतों ने अपना पहला शिकार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत में चीतों को पुन: बसाने की परियोजना के तहत 17 सितंबर को नामीबिया से आठ चीतों को लाया गया था, जिनमें से दो चीतों को शनिवार को बड़े बाड़े में छोड़ा गया। इन्हीं दो चीतों ने यहां पहली बार शिकार किया। छोटे बाड़े से बड़े बाड़ों में छोड़े जाने के बाद 24 घंटे के अंदर चीतों के सफलतापूर्वक अपना पहला शिकार करने से पार्क प्रबंधन की चिंताएं दूर हो गई हैं। मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) उत्तर कुमार शर्मा ने बताया कि चीतों ने या तो रविवार को या सोमवार तड़के एक चीतल का शिकार किया। उन्होंने बताया कि वन निगरानी दल को सोमवार सुबह इसकी जानकारी मिली। उन्होंने कहा, ‘‘चीता दो घंटे के अंदर अपने शिकार को खा जाता है।'' उन्होंने कहा कि दो चीतों को शनिवार को पृथक-वास क्षेत्र से 98 हेक्टेयर में फैले बड़े बाड़े में छोड़ा गया। शेष छह चीतों को चरणबद्ध तरीके से बड़े बाड़े में छोड़ा जाएगा।
-
इंदौर. इंदौर में युवतियों के एक समूह द्वारा 25 वर्षीय महिला को सरेआम बेल्ट और लात-घूंसों से पीटने का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर सामने आया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। एमआईजी पुलिस थाने के प्रभारी अजय वर्मा ने बताया कि कीटनाशक की एक दुकान पर काम करने वाली प्रिया वर्मा (25) के साथ मारपीट की घटना चार नवंबर को रात एक बजे एलआईजी चौराहे पर नाश्ते की एक दुकान के सामने हुई। गौरतलब है कि घटनास्थल शहर के उन व्यस्त क्षेत्रों में शामिल है जहां वाणिज्यिक संस्थान स्थानीय प्रशासन की मंजूरी से 24 घंटे खुले रहते हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि अचानक किसी बात पर विवाद होने के बाद 18 से 22 वर्ष उम्र की युवतियों के समूह ने प्रिया को पीट दिया और उनका मोबाइल फोन सड़क पर पटक कर तोड़ दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों में शामिल 3 महिलाओं को सोमवार को पुलिस थाने लाया गया और काउंसलिंग के दौरान उनसे कहा गया कि वे आइंदा किसी व्यक्ति के साथ मारपीट नहीं करें। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 294 (गाली-गलौज), 323 (मारपीट), 506 (धमकाना) और अन्य संबद्ध प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर घटना का जो वीडियो वायरल हुआ है उसमें चार युवतियां पीड़ित महिला को पकड़ कर उसके साथ मारपीट करती दिख रही हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला ने प्राथमिकी में केवल तीन युवतियों के नाम लिखाए हैं और पुलिस घटना की विस्तृत जांच कर रही है। -
बालासोर . ओडिशा के बालासोर जिले में सोमवार को एक तेल टैंकर से दो वाहनों की टक्कर में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर राधाबल्लवपुर इलाके के पास सुबह करीब साढ़े छह बजे हुआ, जब दो एसयूवी में से एक तेल टैंकर से टकरा गई जिसके बाद दूसरी कार उससे टकरा गई। दो कारों में सात लोग सवार थे जो हुगुली से पुरी जा रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, टैंकर का टायर फटने से हादसा हुआ।
अधिकारी ने बताया कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टैंकर से टकराने वाले वाहन के चालक ने पास के सोरो अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायलों का इलाज चल रहा है। - सिंगापुर । आईबीएम कंसल्टिंग का मानना है कि अगले कुछ वर्षों में दूरसंचार कंपनियों के व्यापक निवेश के दम पर भारत में दुनिया का सबसे बड़ा 5जी ढांचा खड़ा हो जाएगा। आईबीएम कंसल्टिंग में एशिया-प्रशांत क्षेत्र के लिए वित्तीय सेवाओं के प्रबंध साझेदार सैयद शाहिद हुसैन ने कहा कि भारत में 5जी नेटवर्क का ढांचा खड़ा करने में सरकार अग्रणी भूमिका निभा सकती है। इसके साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि इस नवीनतम दूरसंचार प्रौद्योगिकी के आने से भारतीय अर्थव्यवस्था का हर हिस्सा डिजिटल हो जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘भारत में उन्नत प्रौद्योगिकी को अपनाने का काम काफी बड़े स्तर पर होना है। इसमें दोनों ही पक्षों को अरबों डॉलर खर्च करने होंगे। नई प्रौद्योगिकी को अपनाने की प्रक्रिया में शामिल सभी हितधारक बड़ी राशि खर्च कर रहे हैं। इस पूरी प्रक्रिया में दो साल का समय लगेगा।'' हुसैन ने कहा कि आईबीएम कंसल्टिंग भी इस प्रक्रिया में भारतीय दूरसंचार कंपनियों के साथ शामिल होने वाली है। 5जी नेटवर्क के जरिये कंपनियों को हाइब्रिड क्लाउड सेवाएं लाने में इसका भारती एयरटेल के साथ समझौता भी है।
- जम्मू,। महामारी के कारण दो साल के अंतराल के बाद सोमवार को यहां शुरू हुए 10 दिवसीय वार्षिक झिरी मेले में, बाबा जित्तू मंदिर में आशीर्वाद लेने के वास्ते देश भर से बड़ी संख्या में आए श्रद्धालु उमड़े। मेले का आयोजन पर्यटन निदेशालय द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से सात से 16 नवंबर तक संयुक्त रूप से किया जा रहा है। झिरी मेला हर साल 'कार्तिक पूर्णिमा' के दौरान झिरी गांव में बाबा जित्तू मंदिर में आयोजित किया जाता है। कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ''मेले के संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिदिन एक लाख लोग आते हैं।'' उन्होंने कहा, चूंकि ज्यादातर किसान इस मेले में दर्शन के लिए आते हैं। इसलिए सरकार ने उनके लाभ के लिए शुरू की गई नई योजनाओं और प्रौद्योगिकियों के बारे में उन्हें सूचित करने के मकसद से विशेष जागरूकता स्टाल लगाए हैं। कुमार ने कहा कि मेले की प्रमुख विशेषता इस क्षेत्र के खेल और सांस्कृतिक समृद्धि को बढ़ावा देना है ताकि आयोजन को नागरिकों के बीच सुलभ बनाया जा सके। जम्मू क्षेत्र और पंजाब, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा सहित पड़ोसी राज्यों के 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के मेले में भाग लेने की उम्मीद है। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालु मंदिर से चार किलोमीटर दूर एक प्राकृतिक तालाब बाबा-दा-तालाब में पारंपरिक रूप से डुबकी लगाते हैं।
- अमेठी (उप्र)। अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के गोरेगांव में सांड के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गये। पुलिस के मुताबिक अमेठी के मोहनगंज स्थित गोबरे गांव में रामकृष्ण यादव (59 वर्ष) सुबह खेत में सांड होने की खबर पर उसे खदेड़ने गए तो सांड ने उनके ऊपर हमला कर दिया। साड़ से यादव को बचाने के लिए पहुंचे तीन अन्य लोग भी उसके हमले में घायल हो गये। मृतक के बेटे अमरीश यादव ने बताया कि गंभीर रूप से घायल रामकृष्ण यादव को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक रामकृष्ण यादव लखनऊ स्थित सचिवालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे जो पांच नवंबर को घर आए थे। पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। (प्रतीकात्मक फोटो)
- नयी दिल्ली । देश में चार नवंबर से शादियों का सीजन शुरू हो गया है। इस साल 14 दिसंबर के बीच करीब 32 लाख शादियां होने की उम्मीद है। ये शादियां देश के कारोबारी समुदाय के लिए 3.75 लाख करोड़ रुपये का कारोबार सृजित करेंगी। कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने अपनी शोध इकाई के सर्वेक्षण के आधार पर इसका आकलन किया है। यह सर्वेक्षण 35 शहरों में 4,302 कारोबारियों और सेवाप्रदाताओं की राय पर आधारित है। कैट के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि अकेले दिल्ली में इस सीजन में 3.5 लाख से ज्यादा शादियां होने की संभावना है। इन शादियों से केवल राजधानी में 75,000 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। कैट के अनुसार, पिछले साल इसी अवधि में करीब 25 लाख शादियां हुई थीं और इस पर तीन लाख करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि शादियों के इस सीजन में कुल मिलाकर बाजारों में लगभग 3.75 लाख करोड़ रुपये का लेनदेन या खरीद-बिक्री होने की उम्मीद है। शादियों के सीजन का अगला चरण 14 जनवरी से शुरू होकर जुलाई तक चलेगा।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को भारत की जी20 की अध्यक्षता के लोगो, थीम और वेबसाइट का अनावरण करेंगे। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि जी20 की अध्यक्षता भारत को अंतरराष्ट्रीय महत्व के महत्वपूर्ण मुद्दों पर वैश्विक एजेंडे में योगदान करने का एक अनूठा अवसर प्रदान करेगी। मंत्रालय ने कहा कि देश की जी20 की अध्यक्षता के ये लोगो, थीम और वेबसाइट भारत के संदेश और दुनिया के प्रति उसकी व्यापक प्राथमिकताओं को प्रतिबिंबित करेंगे। भारत एक दिसंबर से इंडोनेशिया से जी20 की अध्यक्षता ग्रहण करेगा। जी20 या 20 देशों का समूह दुनिया की प्रमुख विकसित और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं का एक अंतर सरकारी मंच है। इसमें अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ (ईयू) शामिल हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री आठ नवंबर को शाम 4:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए भारत की जी 20 की अध्यक्षता के लोगो, थीम और वेबसाइट का अनावरण करेंगे।'' जी20 शिखर सम्मेलन 15-16 नवंबर को बाली में होगा और मोदी समेत शीर्ष नेताओं का इसमें शामिल होना तय है। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण से निर्देशित, भारत की विदेश नीति वैश्विक मंच पर नेतृत्व की भूमिका निभाने की दृष्टि से उभर रही है।'' मंत्रालय ने कहा, ‘‘इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में भारत एक दिसंबर से जी20 की अध्यक्षता ग्रहण करेगा। जी20 की अध्यक्षता भारत को अंतरराष्ट्रीय महत्व के महत्वपूर्ण मुद्दों पर वैश्विक एजेंडे में योगदान करने का एक अनूठा अवसर प्रदान करेगी। '' जी20 अंतरराष्ट्रीय आर्थिक सहयोग का एक प्रमुख मंच है, जो वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का लगभग 85 प्रतिशत, वैश्विक व्यापार का 75 प्रतिशत से अधिक और विश्व की लगभग दो-तिहाई आबादी का प्रतिनिधित्व करता है। मंत्रालय ने कहा, ‘‘जी20 की अध्यक्षता के दौरान, भारत देशभर में विभिन्न स्थानों पर 32 विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित लगभग 200 बैठकें आयोजित करेगा। अगले साल होने वाला जी20 शिखर सम्मेलन, भारत द्वारा आयोजित किया जाने वाला शीर्ष स्तर के अंतररष्ट्रीय सम्मेलनों में से एक होगा।'' भारत वर्तमान में जी20 ट्रोइका (वर्तमान, पिछली और आगामी जी20 अध्यक्षता) का हिस्सा है जिसमें इंडोनेशिया, इटली और भारत शामिल हैं।
-
जयपुर। राजस्थान के अनूपगढ़ कस्बे के पास रविवार देर रात एक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार मरने वालों में दो सगे भाई हैं। पुलिस उपाधीक्षक जयदेव सियाग ने सोमवार को बताया कि हादसा अनूपगढ़ (गंगानगर) कस्बे के पास रविवार देर रात हुआ। कस्बे के पांच युवक जन्मदिन पार्टी मनाकर लौट रहे थे कि उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भयंकर था कि चार युवकों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि चार युवक कस्बे के ही रहने वाले थे। मरने वाले जितेंद्र (25) और अंकुश (23) सगे भाई थे। अन्य मृतकों की पहचान साहिल जुनेजा (22) व रोहित (23) के रूप में की गई है जबकि वसीम घायल है। पोस्टमार्टम के बाद शव सोमवार को परिजनों को सौंप दिए गए।
-
नई दिल्ली। शिक्षा मंत्रालय देशभर के विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाएगा। इस दिन जनजातीय समुदायों में भगवान कहे जाने वाले बिरसा मुंडा की जयंती है। पिछले वर्ष, केंद्र सरकार ने जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में इस दिन को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। बिरसा मुंडा स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और जनजातीय समुदाय के नेता थे। उन्होंने ब्रिटिश औपनिवेशिक सरकार के शोषण के विरूद्ध आवाज उठाई थी और आंदोलन का नेतृत्व किया। स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा ने जनजातीय समुदायों को अपने सांस्कृतिक मूल्यों को समझने और एकता में बंधे रहने के लिए प्रोत्साहित किया। बिरसा मुंडा ने जनजातीय समुदायों को एकत्र कर उलगुलान आंदोलन शुरू किया।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर पूरे देश में बड़ी संख्या में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



















.jpg)

.jpg)
.jpg)




