- Home
- देश
-
नयी दिल्ली। रेलवे बिजली संयंत्रों को कोयला पहुंचाने के लिए प्रति दिन औसतन 498 रैक उपलब्ध करा रहा है लेकिन कोयला कंपनियां सिर्फ 417 रैक का ही इस्तेमाल कर रही हैं। आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। यह आंकड़ा ऐसे समय आया है जब कुछ कोयला आधारित बिजली संयंत्र ईंधन आपूर्ति के मुद्दे से जूझ रहे हैं। रेलवे ने इस साल कोयला रैक के लिए प्रतिदिन औसतन 26,386 वैगन उपलब्ध कराए हैं। 2020-21 में यह संख्या 21,824 वैगन थी। इस साल 10 मई को रेलवे ने वैगन की संख्या बढ़ाकर 29,283 और 11 मई को 29,944 कर दी। -
नयी दिल्ली। सरकार इलेक्ट्रिक वर्टिकल टेक-ऑफ और लैंडिंग (एवटोल) विमान विनिर्माताओं को घरेलू बाजार में लाने पर विचार करने के साथ इस तरह के विमानों के लिए बुनियादी ढांचा स्थापित करने की संभावनाओं की तलाश कर रही है। इस संबंध में नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बीटा टेक्नोलॉजीज से भारतीय बाजार में एवटोल की संभावनाओं को तलाशने के लिए कहा है। कंपनी की ब्लेड ग्रुप के साथ साझेदारी है। सिंधिया ने बुधवार को कहा कि उन्होंने कुछ कंपनियों को आने और भारतीय बाजार में इस तरह के विमानों की संभावनाओं को तलाशने का न्योता दिया है। उन्होंने हाल में अमेरिका और कनाडा के दौरा पर इस क्षेत्र की कई कंपनियों के साथ भारतीय विमानन क्षेत्र की संभावनाओं पर चर्चा की थी।
-
नयी दिल्ली। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अध्यक्ष एम जगदीश कुमार ने बुधवार को कहा कि स्नातक पूर्व पाठ्यक्रमों में दाखिले के वास्ते साझा विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) के लिए 9.8 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। यूजीसी प्रमुख ने मार्च में ऐलान किया था कि 45 केंद्रीय विद्यालयों में प्रवेश के लिए सीयूईटी में हासिल अंक अनिवार्य होंगे ना कि 12वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा था कि विश्वविद्यालय न्यूनतम योग्यता मानदंड तय कर सकते हैं। कुमार ने ट्वीट किया कि आज की तारीख तक स्नातक पूर्व पाठ्यक्रमों में दाखिले के वास्ते (सीयूईटी) के लिए 9,81,406 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है और 7,39,027 आवेदन जमा कराए गए हैं। सीयूईटी में पंजीकरण के लिए अंतिम तिथि 22 मई है। -
नयी दिल्ली। शिक्षा मंत्रालय ने भीषण गर्मी से निपटने को लेकर स्कूलों के लिये बुधवार को दिशानिर्देश जारी किया जिसमें पोशाक के नियमों में छूट देने एवं समय में बदलाव करने जैसी बातें शामिल हैं । देश के विभिन्न क्षेत्रों में भीषण गर्मी के कारण लोग काफी प्रभावित हुए हैं। अप्रैल के अंत में भीषण गर्मी के कारण दिल्ली के कई हिस्सों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक चला गया था। शिक्षा मंत्रालय के दिशानिर्देशों में स्कूलों से कक्षा के समय में बदलाव करने को कहा गया है और प्रत्येक दिन स्कूल के घंटों में कमी करने को कहा गया है। इसमें कहा गया है कि स्कूल पोशाक के नियमों में भी छूट दे सकते हैं और चमड़े के जूते के स्थान पर कैनवास के जूते उपयोग करने की अनुमति दी जा सकती है। मंत्रालय ने कहा कि स्कूलों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि पंखे ठीक से चल रहे हों, साथ ही बिजली का वैकल्पिक इंतजाम भी करना चाहिए। दिशानिर्देशों में कहा गया है कि स्कूलों में पढ़ाई जल्द शुरू कर सकते हैं और दोपहर से पहले कक्षाएं समाप्त कर सकते हैं तथा स्कूल खुलने का समय प्रातः 7.00 बजे हो सकता है। दिशानिर्देशों के अनुसार प्रतिदिन स्कूलों में पढ़ाई की कुल अवधि घटाई जा सकती है व खेल तथा अन्य आउटडोर गतिविधियां, जो फिलहाल छात्रों को कड़ी धूप में ही करनी पड़ती हैं, प्रात: काल में उचित रूप से समायोजित की जा सकती हैं। इसमें कहा गया है कि स्कूल असेंबली या तो छांह में या कक्षाओं में आयोजित की जानी चाहिए और इसकी अवधि भी घटा देनी चाहिए। इसमें यह भी कहा गया है कि स्कूल बस या वैन में अधिक बच्चे नहीं होने चाहिए तथा वाहनों में उतने ही विद्यार्थी होने चाहिए जितनी उनमें सीट होती है। बस या वैन में पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा किट उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया है। इसके अलावा पैदल या साइकिल से स्कूल आने वाले विद्यार्थियों को सलाह दी जानी चाहिए कि वे रास्ते में अपना सिर ढंक कर रखें। -
नयी दिल्ली। केंद्र सरकार कोविड रोधी टीके की एहतियाती (बूस्टर) खुराक के मानदंडों में ढील देने की तैयारी में है, ताकि विदेश जाने वालों को निर्धारित नौ महीने की प्रतीक्षा अवधि से पहले यह खुराक मिल सके। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा किया जाना बाकी है।
सूत्रों ने कहा कि विदेशी यात्रियों के लिए एहतियाती खुराक के मानदंडों में ढील देने का निर्णय टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह (एनटीएजीआई) की सिफारिशों पर आधारित है। सूत्रों ने बताया कि सलाहकार समिति ने सिफारिश की थी कि जिन लोगों को विदेश यात्रा करने की आवश्यकता है, वे नौ महीने के अनिवार्य अंतराल से पहले जिस देश की यात्रा कर रहे हैं, उसके नियमों के अनुसार कोविड टीके की एहतियाती खुराक ले सकते हैं। अब तक, 18 वर्ष से अधिक उम्र के वे सभी लोग जिन्होंने दूसरी खुराक के नौ महीने पूरे कर लिए हैं, एहतियाती खुराक लेने के लिए पात्र हैं। एक सूत्र ने कहा, ‘‘पिछले हफ्ते इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी और एनटीएजीआई ने सिफारिश की थी कि जिन लोगों को विदेश यात्रा करने की जरूरत है, वे निर्धारित नौ महीने की प्रतीक्षा अवधि से पहले एहतियाती खुराक ले सकते हैं। -
नयी दिल्ली | केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कृषि अनुसंधान संगठन (एआरओ), इज़राइल में वोल्कानी संस्थान के विशेषज्ञों के साथ बातचीत की और भारतीय संदर्भ में कृषि में तकनीकी प्रगति से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। एक सरकारी बयान के अनुसार, मंत्री के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को कृषि अनुसंधान संगठन (एआरओ), इजरायल के कृषि और ग्रामीण विकास मंत्रालय के वोल्कानी संस्थान का दौरा किया। बुधवार को जारी बयान में कहा गया है कि विचार-विमर्श के मुद्दों में संरक्षित वातावरण में फसल की खेती, मीठे पानी में मछली पालन, उन्नत पौध संरक्षण तकनीक, सटीक कृषि, सुदूर संवेदी और कटाई बाद के विज्ञान और प्रौद्योगिकी जैसे विषय शामिल हैं। एआरओ, वोल्कानी संस्थान अपने छह संस्थानों के साथ इजरायल के कृषि और ग्रामीण विकास मंत्रालय के तहत काम कर रहे हैं, जो पादप विज्ञान, पशु विज्ञान, पादप संरक्षण, मिट्टी, जल और पर्यावरण विज्ञान, कृषि इंजीनियरिंग और फसल कटाई बाद के प्रबंधन और खाद्य विज्ञान में शैक्षणिक और बुनियादी अनुसंधान के लिए जिम्मेदार हैं। कृषि फसलों के लिए इज़राइल का जीन बैंक भी एआरओ वोल्कानी केंद्र परिसर में स्थित है।
एआरओ बेहतर कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने में शामिल विभिन्न अंतरराष्ट्रीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय संस्थानों तथा विशेष रूप से संयुक्त राष्ट्र खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) के साथ घनिष्ठ संबंध रखता है। साथ ही, तोमर ने प्रतिनिधिमंडल के साथ तेल अवीव से दूर रेगिस्तानी बुटीक फार्म, बीअर मिल्का का दौरा किया, जिसका स्वामित्व नेगेव रेगिस्तानी क्षेत्र के भारतीय मूल के किसान शेरोन चेरी के पास है। -
नयी दिल्ली | सरकार ने 2019 में ही भारत को खुले में शौच की प्रवृत्ति से मुक्त (ओडीएफ) घोषित कर दिया था, लेकिन 2019-21 में कराये गये राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस)-5 के ताजा सर्वे में सामने आया है कि 19 प्रतिशत परिवार किसी शौचालय सुविधा का उपयोग नहीं करते। हालांकि रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि खुले में शौच के चलन में कमी आई है और 2015-16 में यह 39 प्रतिशत से कम होकर 2019-21 में 19 प्रतिशत हो गया है। शौचालयों तक पहुंच बिहार में सबसे कम (62 प्रतिशत), उसके बाद झारखंड में (70 प्रतिशत) और ओडिशा में (71 प्रतिशत) है। एनएफएचएस-5 में पता चला कि 69 परिवार उन्नत शौचालय सुविधा का इस्तेमाल करते हैं जिसे अन्य परिवारों के साथ साझा नहीं किया जाता, वहीं 8 प्रतिशत परिवार ऐसी सुविधा का इस्तेमाल करते हैं जिसे यदि अन्य किसी से साझा नहीं किया जाए तो उसे उन्नत माना जा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, ‘‘19 प्रतिशत परिवारों के पास कोई सुविधा नहीं है, जिसका अर्थ हुआ कि परिवार के सदस्य खुले में शौच के लिए जाते हैं।'' इसमें कहा गया, ‘‘83 परिवार शौचालय की सुविधा का उपयोग करते हैं। 69 प्रतिशत भारतीय परिवार उन्नत शौचालय सुविधाओं का इस्तेमाल करते हैं जिन्हें किसी के साथ साझा नहीं किया जाता और लोगों को हैजा, टाइफाइड और अन्य बीमारियों के संक्रमण का खतरा कम रहता है।'' सर्वेक्षण में पता चला कि शहरों में रहने वाले 11 प्रतिशत परिवार साझा शौचालयों का इस्तेमाल करते हैं, जबकि गांवों में सात प्रतिशत परिवार ऐसा करते हैं। रिपोर्ट में सुरक्षित पेयजल के बारे में कहा गया है कि 58 प्रतिशत परिवार पीने से पहले पानी का शोधन नहीं करते। इसमें कहा गया, ‘‘जल शोधन शहरों की तुलना में ग्रामीण इलाकों में कम प्रचलन में है। 66 प्रतिशत ग्रामीण परिवार पेयजल का शोधन नहीं करते, वहीं 44 प्रतिशत शहरी परिवार ऐसा नहीं करते।'' एनएफएचएस के अनुसार पानी को पीने से पहले उबालना और कपड़े से छानना उसे शुद्ध करने के सबसे प्रचलित तरीके हैं। इसमें कहा गया है कि लगभग सभी शहरी परिवारों (99 प्रतिशत) और ग्रामीण परिवारों (95 प्रतिशत) की पहुंच पेयजल के उन्नत स्रोतों तक है। सर्वेक्षण के अनुसार, ‘‘जल का उन्नत स्रोत बाहरी प्रदूषण से बचाता है और पानी पीने के लिए अधिक सुरक्षित रहता है। शहरी और ग्रामीण परिवार पेजयल के अलग-अलग स्रोतों पर निर्भर करते हैं।'' इसमें कहा गया है कि जिन परिवारों या घरों तक पानी नहीं पहुंचता या जल का स्रोत उनके परिसरों में नहीं है, वहां इस बात की अधिक संभावना होती है कि 15 साल या उससे अधिक उम्र की लड़कियां और महिलाएं बाहर से पेयजल की व्यवस्था करके लाती हैं। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि भारत में 41 प्रतिशत परिवार खाना पकाने के लिए किसी तरह के ठोस ईंधन का इस्तेमाल करते हैं जिनमें लकड़ी या गोबर के कंडे शामिल हैं। एनएफएचएस-5 वर्ष 2019 से 2021 के बीच 28 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 707 जिलों में करीब 6.37 लाख नमूना परिवारों पर किया गया। इसमें 7,24,115 महिलाएं और 1,01,839 पुरुषों की भागीदारी रही। - नयी दिल्ली। रेलवे ने बुधवार को प्रतिकूल सतर्कता रिपोर्ट वाले अपने 19 अधिकारियों को सेवानिवृत कर दिया। रेलवे ने इस नियम को लागू किया कि किसी सरकारी कर्मी को न्यूनतम तीन महीने का नोटिस देकर या इस अवधि का वेतन देकर सेवानिवृत के लिए बाध्य किया जा सकता है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। 19 अधिकारियों के अलावा पिछले 11 महीने में 75 अन्य अधिकारियों को वीआरएस (स्वैच्छिक सेवानिवृति) लेने के लिए बाध्य किया गया जिनमें महाप्रबंधक एवं सचिव जैसे वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। यह कदम ठीक से काम नहीं करने वालों से निजात पाने के केंद्र सरकार के प्रयासों के तहत उठाया गया है। उन्होंने बताया कि जिन 19 लोगों को सेवानिवृत किया गया है उनमें इलेक्ट्रिकल एवं सिग्नल सेवाओं के चार-चार अधिकारी, मेडिकल एवं सिविल से तीन-तीन अधिकारी, कार्मिक से दो, स्टोर, यातायात एवं मेकेनिकल से एक-एक अधिकारी शामिल हैं। ये सभी रेलवे के उपक्रमों जैसे पश्चिम रेलवे, मध्य रेलवे, पूर्व रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे, उत्तर रेलवे, सैंडकोच फैक्टरी कपूरथला, माडर्न कोच फैक्टरी, रायबरेली आदि से हैं। मूलभूत नियमावली (एफआर) और सीसीएस (पेंशन) नियमावली, 1972 में समयपूर्व सेवानिवृति से जुड़े प्रावधानों के तहत उपयुक्त प्राधिकार को किसी सरकारी कर्मी को सेवानिवृत करने का पूर्ण अधिकार है यदि ऐसा करना जन हित में जरूरी है।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बृहस्पतिवार को गुजरात के भरूच में आयोजित ‘‘उत्कर्ष समारोह'' को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बुधवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी। इस समारोह का आयोजन भरूच जिले में राज्य सरकार की चार प्रमुख सरकारी योजनाओं के शत प्रतिशत लक्ष्य पूरा होने के अवसर पर किया गया है। पीएमओ ने कहा कि इन योजनाओं से जरूरतमंदों को समय पर वित्तीय सहायता मिलने में मदद होगी।
बयान में कहा गया कि इस साल एक जनवरी से लेकर 31 मार्च तक विधवाओं, वृद्धजनों और निराश्रित लोगों को सहायता प्रदान करने वाली योजनाओं का शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के उद्देश्य से ‘‘उत्कर्ष पहल'' अभियान चलाया गया था। पीएमओ ने कहा कि आर्थिक मदद देने वाली इन चार सरकारी योजनाओं गंगा स्वरूपा आर्थिक सहाय योजना, इंदिरा गांधी वृद्ध सहायता योजना, वृद्ध आर्थिक सहायता योजना और राष्ट्रीय कुटुम्ब सहायता योजना के तहत करीब 13,000 लाभार्थियों को चिह्नित किया गया था। ‘‘उत्कर्ष पहल'' अभियान के तहत तालुका वार व्हाट्सएप हेल्पलाइन नम्बरों की घोषणा की गई थी ताकि इन योजनाओं के लाभों से वंचित लोगों की जानकारी इकट्ठा की जा सके। पीएमओ ने कहा कि जिले के सभी गांवों और नगर निगमों के वार्ड में उत्कर्ष कैम्प लगाए गए और जिनके दस्तावेज सही पाए गए उन्हें उसी समय मंजूरी दे दी गई। इस अभियान के सहायकों को प्रोत्साहन राशि भी दी गई ताकि वे इसे आगे भी जारी रखें।-- -
कोलकाता। चक्रवात असानी के चलते वर्षा होने से बुधवार को कोलकाता में वायु गुणवत्ता बहुत सुधर गयी तथा शहर के अधिकतर हिस्सों में सूचकांक (प्रदूषण कण 2.5) 50 के नीचे रहा। पश्चिम बंगाल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर में वायु गुणवत्ता पिछले सप्ताह की तुलना 60 प्रतिशत सुधर गयी। उनके अनुसार पिछले सप्ताह यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 60-200 (एक्यूआई -पीएम 2.5) के बीच था एवं पिछले एक महीने से वायु गुणवत्ता का यह रुख था। अधिकारी ने बताया कि वर्षा ने वायु से नाइट्रोजन डाइऑक्साइड एवं अन्य सूक्ष्म कणों की सफाई कर दी । उन्होंने कहा, ‘‘ यह ज्ञात तथ्य है कि वर्षा से वायु गुणवत्ता सुधरती है और प्रदूषण में कमी आती है। हम आशा करते हैं कि ऐसी स्थिति बनी रहेगी।'' उन्होंने बताया कि दूसरे दिन बुधवार को भी शहर में भी वर्षा हुई और दिन के दो बजे निगरानी केंद्रों में वायु गुणवत्ता सूचकांक बॉलीगंज में 47, विधाननगर में 32, फोर्ट विलियम में 37, जादवपुर में 44 और रवींद्र सरोवर में 36 दर्ज किया गया।
- जम्मू.। जम्मू कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के दौरान तैनात किए जाने वाले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को “स्टिकी बम” के खतरों से निपटने के लिये प्रशिक्षित किया जा रहा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस समस्या से निपटने में सतर्कता सबसे अहम है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पिछले साल फरवरी में सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट ड्रोन से गिराए गई हथियारों की एक खेप को जब्त किया था जिसमें 14 संवर्धित विस्फोटक उपकरण (आईईडी) के अंदर चुंबक लगा हुआ था। यह इस तरह की बरामद की गई विस्फोटक की पहली खेप थी। इनका इस्तेमाल ‘स्टिकी बम' (चिपकाने वाले बम) के तौर पर हो सकता है जिसे किसी भी वाहन पर चिपकाया जा सकता है और टाइमर या रिमोट के जरिये इसे नियंत्रित किया जा सकता है। सीआरपीएफ के हीरानगर रेंज के उप महानिरीक्षक देवेंदर यादव ने कहा कि ‘स्टिकी बम' के खतरे से निपटने में सतर्कता सबसे अहम है। यहां सीआरपीएफ इकाइयों की अंतर-बटालियन भारोत्तोलन प्रतियोगिता के उद्घाटन के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “इस समस्या से निपटने का सतर्कता बरतने के अलावा और कोई तरीका नहीं है। हमारे दायित्व वाले क्षेत्र में सुरक्षा बंदोबस्त को चौकस रखा जाएगा और जवानों को इस खतरे के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा।” हिमालयी तीर्थ स्थल की 43 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा 30 जून से दो मार्गों – दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में नूनवान से 48 किलोमीटर और मध्य कश्मीर के गांदेरबल से 14 किलोमीटर छोटे मार्ग बालटाल – से होगी। कोविड महामारी के कारण इस बार दो साल के अंतराल के बाद यात्रा हो रही है। सुरक्षा बलों की सतर्कता के कारण आतंकवादियों द्वारा ‘स्टिकी बम' का इस्तेमाल कर हमला करने की कई साजिशों को बीते एक साल के दौरान नाकाम किया गया है। बीते 28 अप्रैल को भी सुरक्षा बलों ने जम्मू के बाहरी इलाके सिधरा बाइपास क्षेत्र में समय पर एक आईईडी का पता लगा हमले को नाकाम बना दिया था। पूर्व में पुंछ जिले में अगस्त में चार ‘स्टिकी बम' जब्त किए गए थे। इससे पहले पिछले साल सितंबर में भी यहां चार आईईडी बरामद हुए थे। सीआरपीएफ अधिकारी ने कहा कि अमरनाथ यात्रा से संबंधित सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं और सभी एजेंसियां अपनी भूमिका निभा रही हैं।
- कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा के उपाध्यक्ष ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नवनिर्वाचित विधायक बाबुल सुप्रियो को सदन के सदस्य के रूप में बुधवार को शपथ दिलाई और इसी के साथ इस बात को लेकर कई सप्ताह से जारी अनिश्चितता भी खत्म हो गई कि उन्हें कौन शपथ दिलाएगा। दरअसल राज्यपाल जगदीप धनखड़ इस बात पर अड़े रहे कि वह इस कार्य के लिए विधानसभा उपाध्यक्ष को मनोनीत करने के अपने फैसले को नहीं बदलेंगे। गायक से नेता बने सुप्रियो पिछले महीने बालीगंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। उन्हें विधानसभा उपाध्यक्ष आशीष बनर्जी ने शपथ दिलाई। सुप्रियो ने कहा, ‘‘ऐतिहासिक पश्चिम बंगाल विधानसभा का हिस्सा बनकर बहुत अच्छा लग रहा है। यह एक नया अनुभव होगा।'' केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता रहे सुप्रियो 16 अप्रैल को टीएमसी विधायक चुने गए, लेकिन उनके शपथ ग्रहण समारोह को लेकर भ्रम की स्थिति बनी रही। आमतौर पर, विधानसभा के नए सदस्य को शपथ दिलाने के लिए राज्यपाल द्वारा विधानसभा अध्यक्ष को नामित किया जाता है, लेकिन धनखड़ ने विधानसभा उपाध्यक्ष को इस कार्य के लिए नामित करने का फैसला किया। सुप्रियो द्वारा अध्यक्ष से उन्हें शपथ दिलाने की अनुमति मांगने के बावजूद राज्यपाल ने अपने फैसले पर कायम रहने का फैसला किया। सुप्रियो 16 अप्रैल को विधायक चुने गए थे।
- नयी दिल्ली। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 2,897 नए मामले सामने आने से देश में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,31,10,586 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 19,494 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, भारत में संक्रमण से 54 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,24,157 हो गई है। देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 19,494 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.05 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 143 की कमी दर्ज की गई। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.74 प्रतिशत है। अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण की दैनिक दर 0.61 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 0.74 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 4,25,66,935 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.22 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 190.67 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार हो गए थे। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत के 54 मामले सामने आए, जिनमें केरल में 48, महाराष्ट्र में दो और दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश से एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। देश में अभी तक संक्रमण से कुल 5,24,157 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र में 1,47,849, केरल में 69,325, कर्नाटक में 40,105, तमिलनाडु में 38,025, दिल्ली में 26,183, उत्तर प्रदेश में 23,511 और पश्चिम बंगाल में 21,203 लोगों की मौत हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक जिन लोगों की कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से अधिक मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।
- देहरादून । बदरीनाथ—केदारनाथ मंदिर समिति ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से बुधवार को अपील की कि वे असुविधा से बचने के लिए सफर शुरू करने से पहले यात्रा मार्ग पर अपने ठहरने का इंतजाम कर लें। मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने कहा कि धामों में उमड़ रही भारी भीड़ के मद्देनजर यह अपील की जा रही है । उन्होंने कहा, ‘‘अगर पहले से बुकिंग कराने के बाद श्रद्धालु अपनी यात्रा शुरू करते हैं तो उन्हें आखिरी क्षणों में कोई कठिनाई नहीं होगी। आने के बाद ठहरने की व्यवस्था न होने से खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को खासी असुविधा होती है।'' अजय ने श्रद्धालुओं को यह भी सुझाव दिया कि वे बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन करने के अलावा प्रदेश में स्थित अन्य प्राचीन मंदिरों का भी भ्रमण करें । बदरीनाथ—केदारनाथ मंदिर समिति बदरीनाथ और केदारनाथ समेत उत्तराखंड में करीब चार दर्जन मंदिरों का प्रबंधन और देखभाल करती है ।
-
जयपुर | राजस्थान सरकार राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले 65 खिलाड़ियों को विशेष नियुक्ति देगी। यह नियुक्ति खिलाड़ियों के लिए बनाए गए ‘आउट ऑफ टर्न' नियम के तहत की जाएगी। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य के राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता 65 खिलाड़ियों को विशेष नियुक्ति देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इन पदक विजेता खिलाड़ियों में से 46 को लिपिक ग्रेड-द्वितीय के पद पर, 14 को वनपाल के पद पर, तीन को आबकारी रक्षक के पद पर तथा दो को कांस्टेबल के पद पर विशेष नियुक्ति प्रदान की गई है। प्रस्ताव के अनुसार इन राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेताओं को साल 2017 के सम्बद्ध नियमों के तहत उनकी प्रथम वरीयता के अनुसार आनुपातिक रूप से विभागों का आवंटन किया गया है। जो खिलाड़ी स्वर्ण पदक विजेता होने के साथ-साथ स्नातकोत्तर या स्नातक की योग्यता रखते हैं, उन्हें उनकी प्रथम वरीयता के अनुसार शासन सचिवालय तथा राजस्थान लोक सेवा आयोग में नियुक्ति दी गई है।
- बदायूं (उप्र)। उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में बुधवार सुबह ईंटों से कुचलकर एक किसान की हत्या कर दी गई। बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ओ.पी. सिंह ने बताया कि थाना सिविल लाइन क्षेत्र के शेखुपुर गांव में 52 वर्षीय उमेश का रोड किनारे शव बुधवार सुबह मिला है। सड़क के किनारे पड़े शव के पास ईंट पड़ी थी। मृतक उमेश के सिर पर ईंट से प्रहार के निशान पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि ऐसा लगता है कि किसी ने ईंट या पत्थर से कुचल कर उनकी हत्या की है। मृतक उमेश बाग की रखवाली करते थे । एसएसपी के मुताबिक भाई द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना सिविल लाइन क्षेत्र में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं ।
- शिमला/ नयी दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम का मंगलवार देर रात दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 94 वर्ष के थे।अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि सुखराम का निधन देर रात एक बजकर 35 मिनट पर हुआ।सुखराम को मनाली में मस्तिष्काघात हुआ था। इसके बाद उन्हें मंडी के एक क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से शनिवार को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) लाया गया था।सुखराम के पोते आश्रय शर्मा ने बताया कि उनका शव हिमाचल प्रदेश के मंडी में सेरी मंच पर बृहस्पतिवार को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।इससे पहले, आश्रय शर्मा ने सोशल मीडिया मंच फेसबुक पर देर रात दो बजे लिखा था, ‘‘अलविदा दादा जी...’’शर्मा ने एक अन्य पोस्ट में बताया कि सुखराम का शव बुधवार शाम करीब छह बजे उनके गृह नगर मंडी लाया जाएगा।हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सुखराम के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ मंडी से नाता रखने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ नेता पंडित सुखराम जी के देहांत की खबर सुनकर दुःखी हूं। राजनीति के क्षेत्र में उनका अहम योगदान रहा है, जिसे सदैव स्मरण किया जाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकग्रस्त परिवार को संबल प्रदान करें। ओम शांति।’’ठाकुर ने सात मई को सुखराम को दिल्ली ले जाने के लिए राज्य का एक हेलीकॉप्टर मुहैया कराया था।सुखराम 1993 से 1996 तक केंद्रीय संचार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) थे। वह हिमाचल प्रदेश के मंडी निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा के सदस्य थे। सुखराम ने पांच बार विधानसभा चुनाव और तीन बार लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। उन्हें 2011 में भ्रष्टाचार के एक मामले में पांच साल की कैद की सजा सुनाई गई थी। यह मामला 1996 का था, जब वे संचार मंत्री थे।सुखराम के बेटे अनिल शर्मा मंडी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक हैं।सुखराम का जन्म 27 जुलाई, 1927 को हुआ था। सुखराम ने 1963 से 1984 तक मंडी विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया। हिमाचल प्रदेश में पशुपालन मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान वह जर्मनी से गायों को लाएं, जिससे राज्य के किसानों की आय में वृद्धि हुई।वह 1984 में लोकसभा के लिए चुने गए और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नेतृत्व वाली सरकार में एक कनिष्ठ मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दीं।सुखराम ने रक्षा उत्पादन एवं आपूर्ति, योजना और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति के राज्य मंत्री के रूप में भी काम किया।सुखराम ने मंडी लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया, जबकि उनके बेटे अनिल शर्मा ने 1993 में मंडी विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। सुखराम ने 1996 में भी मंडी लोकसभा सीट से चुनाव जीता, लेकिन दूरसंचार घोटाला सामने आने के बाद कांग्रेस ने उन्हें और उनके बेटे को निष्कासित कर दिया था। इसके बाद उन्होंने ‘हिमाचल विकास कांग्रेस पार्टी’ का गठन किया और चुनाव के बाद भाजपा के साथ गठबंधन कर सरकार में शामिल हो गए।सुखराम ने 1998 में मंडी सदर से विधानसभा चुनाव लड़ा और भारी अंतर से जीत हासिल की। उनके बेटे अनिल शर्मा 1998 में राज्यसभा सदस्य बने।इसके बाद, 2003 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने मंडी विधानसभा सीट पर फिर जीत दर्ज की, लेकिन 2004 के लोकसभा चुनाव के लिए एक बार फिर कांग्रेस में शामिल हो गए। उनके बेटे अनिल शर्मा ने 2007 और 2012 में मंडी विधानसभा से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव जीता।सुखराम अपने बेटे अनिल शर्मा और पोते आश्रय शर्मा के साथ 2017 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे। हालांकि, 2019 लोकसभा चुनाव से पहले आश्रय शर्मा को टिकट दिलाने के लिए वह और उनके पोते फिर कांग्रेस में शामिल हो गए। चुनाव में आश्रय शर्मा को हार का सामना करना पड़ा था। सुखराम के दूसरे पोते आयुष शर्मा अभिनेता हैं और उनकी शादी बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की बहन अर्पिता खान से हुई है।
-
नयी दिल्ली । भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी एन वेणु गोपाल और सुप्रिया पाटिल यादव को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) में क्रमश: संयुक्त निदेशक और उप महानिरीक्षक (डीआईजी) नियुक्त किया गया है। कार्मिक मंत्रालय ने मंगलवार को जारी एक आदेश में यह जानकारी दी। हिमाचल प्रदेश कैडर के 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी गोपाल को पांच साल की अवधि के लिए संयुक्त निदेशक बनाया गया है। महाराष्ट्र कैडर की 2004-बैच की आईपीएस अधिकारी यादव को उनकी प्रतिनियुक्ति की शेष अवधि यानी 17 अप्रैल 2024 तक के लिए खुफिया ब्यूरो से ‘लेटरल शिफ्ट' के आधार पर सीबीआई में डीआईजी के रूप में नियुक्त किया गया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने त्रिपुरा कैडर के 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग के सीबीआई में संयुक्त निदेशक के रूप में कार्यकाल में 24 जनवरी, 2022 से आगे यानी 25 जनवरी से 24 जुलाई, 2022 तक छह और महीनों के लिए विस्तार को मंजूरी दे दी है।
-
पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) द्वारा आयोजित 67वीं सिविल सेवा परीक्षा के प्रश्नपत्र कथित रूप से लीक होने के मामले में बिहार पुलिस ने मंगलवार को एक प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। राज्य पुलिस की विशेष इकाई द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि ये गिरफ्तारियां बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने की हैं। गिरफ्तार लोगों की पहचान भोजपुर जिले के बरहरा के बीडीओ जयवर्धन गुप्ता के रूप में हुई है, जिन्हें आरा के वीर कुंवर सिंह कॉलेज का प्रभारी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था, जहां रविवार को कथित तौर पर प्रश्नपत्र लीक हुआ था। ईओयू के बयान में कहा गया है कि वीर कुंवर सिंह कॉलेज के उप केंद्र अधीक्षक योगेंद्र प्रसाद सिंह, सहायक केंद्र अधीक्षक कुमार सहाय और परीक्षा उप नियंत्रक सुशील कुमार सिंह भी गिरफ्तार किए गए लोगों में शामिल हैं। बयान के अनुसार, ‘‘उन्हें सूचना प्रौद्योगिकी कानून और बिहार परीक्षा आचरण कानून, 1981 की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।'' एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। रविवार दोपहर को 67वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगी परीक्षा शुरू होने से कुछ मिनट पहले प्रश्न पत्रों के एक सेट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। परीक्षा को तुरंत रद्द नहीं किया गया लेकिन बीपीएससी ने प्रश्न पत्र लीक होने के बाद शाम को इसे रद्द करने की घोषणा की। प्रश्नपत्र लीक होने के आरोप के बाद बीपीएससी के अध्यक्ष आर के महाजन ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया।
- -
व्यारा(गुजरात)। गुजरात में तापी जिले के वालोड शहर में एक तालुका पंचायत कार्यालय के अंदर मंगलवार को 30 वर्षीय एक स्कूल शिक्षक ने कथित रूप से स्वयं और अपनी पत्नी को आग के हवाले कर दिया जिससे दोनों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। वालोड थाने के उपनिरीक्षक नितिन पांचाल ने बताया कि सरकारी स्कूल के अध्यापक अमित पटेल एवं उनकी पत्नी मयूरी अक्सर झगड़ते थे क्योंकि अमित को संदेह था कि मयूरी का विवाहेत्तर संबंध है। मयूरी तालुका पंचायत कार्यालय में मनरेगा शाखा में कंप्यूटर संचालक थी। पांचाल ने कहा , ‘‘ मंगलवार को वालोड पंचायत परिसर में अमित ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डाल लिया और पहले तल पर स्थित अपनी पत्नी के केबिन की ओर दौड़ा। उसने उसे गले लगाया और फिर लाइटर से आग जला दी। हालांकि मयूरी ने भागने की कोशिश की लेकिन दोनों की मौके पर ही मौत हेा गयी।'' अधिकारी ने कहा, ‘‘पटेल को संदेह था कि उसकी पत्नी का विवाहेत्तर संबंध है। उसने (मयूरी ने) अतीत में अपने वैवाहिक मनमुटाव के समाधान के लिए मदद मांगने के वास्ते हेल्पलाइन नंबर 181 पर फोन किया था। बार बार की लड़ाई के कारण यह त्रासदपूर्ण घटना घटी।'' (प्रतीकात्मक फोटो)
-
नूंह (हरियाणा)| सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को हरियाणा के नूंह जिले में एक वाहन स्क्रैपिंग (कबाड़) सुविधा का उद्घाटन किया। मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाई गई वाहन कबाड़ नीति से प्रदूषण कम होगा, जबकि कम लागत पर इस क्षेत्र में उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी। राज्य सरकार के एक बयान में यह जानकारी दी गई है।बयान के मुताबिक, गडकरी ने कहा कि इस नीति से सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि तांबा, इस्पात, एल्युमीनियम, रबड़ और प्लास्टिक आसानी से उपलब्ध हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वाहन क्षेत्र देश में करोड़ों लोगों को रोजगार दे रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के अंत तक इस नई वाहन नीति से बड़ी संख्या में रोजगार पैदा होंगे और यह नीति पर्यावरण के लिए भी अहम भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर मौजूद हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने ‘‘न केवल प्रदेश में बल्कि पूरे देश में सड़कों का एक संजाल बनाने'' के लिए केंद्रीय मंत्री की प्रशंसा की। भाषा राजेश राजेश अजय
-
कोटा (राजस्थान। राजस्थान में झालावाड़ जिले के एक गांव में एक युवक और युवती के शव पेड़ से लटकता पाया गया और घटनास्थल के पास ही जहर की शीशी पड़ी मिली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। युवक और युवती एक ही समुदाय से ताल्लुक रखते थे और दोनों के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध थे। पुलिस ने आशंका जतायी है कि जोड़े ने पेड़ से लटककर आत्महत्या की। उन्होंने बताया कि ये घटना सोमवार रात को मदनपुरा गांव में हुई। मनहोरेथाना पुलिस स्टेशन के एसएचओ नंदकिशोर ने बताया कि दोनों के शव एक ही शाख से लटकते पाए गएऔर जहर की शीशी पास ही पड़ी मिली। उन्होंने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उनके परिवारों को सौंप दिया गया। मृतकों की पहचान मदनपुरा गांव निवासी 19 वर्षीय भारत तंवर और 18 वर्षीय गायत्री तंवर के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि भारत और गायत्री सोमवार रात से अपने घरों से लापता थे और दोनों ने रात में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उन्होंने कहा कि मंगलवार तड़के ग्रामीणों ने दोनों को पेड़ से लटकता पाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (प्रतीकात्मक फोटो)
- नई दिल्ली |वित्त मंत्रालय ने सार्वजनिक क्षेत्र के विभिन्न बैंकों और बीमा कंपनियों में मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) की नियुक्ति के लिए योग्य उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। मंत्रालय के अनुसार केनरा बैंक, इंडियन बैंक और बैंक ऑफ इंडिया समेत सार्वजानिक क्षेत्र के पांच बैंकों में सीवीओ के पद पर नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इसके अलावा, इस वर्ष के दौरान न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी और आईएफसीआई लिमिटेड में भी सीवीओ पद के लिए नियुक्ति की जायेगी। पंजाब नेशनल बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, जनरल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन और राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) में भी सीवीओ के पद के लिए नियुक्ति होगी। मंत्रालय के अनुसार, इन पदों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 जून, 2022 है।
- नोएडा (उत्तर प्रदेश) .सोशल मीडिया पर खुद को विदेशी नागरिक और एनआरआई बताकर महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर ठगी करने के आरोपी एक अफ्रीकी नागरिक को नोएडा की साइबर अपराध पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। उत्तर प्रदेश साइबर अपराध के पुलिस अधीक्षक (एसपी) त्रिवेणी सिंह ने बताया कि 21 जून, 2021 को सोशल मीडिया पर एक महिला इंजीनियर की आरोपी से दोस्ती हुई थी। आरोपी ने पीड़िता को विदेश से महंगा गिफ्ट भेजने की बात कही। इसके कुछ दिन बाद पीड़िता को एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को सीमाशुल्क अधिकारी बताकर पीड़िता को उपहार के एवज में सीमाशुल्क कर के रूप में 28,13,900 रुपये का भुगतान करने को कहा। पीड़िता ने जब पैसे देने से इनकार किया तो व्यक्ति ने उसे धन शोधन, सीमाशुल्क और आतंकवादी गतिविधियों में फंसाने की धमकी दी। सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर रही नोएडा के साइबर अपराध थाना की प्रभारी निरीक्षक रीता यादव और उनकी टीम ने मंगलवार को एक सूचना के आधार पर आरोपी अफ्रीकी नागरिक को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी के पास से पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, एक इंटरनेट डोंगल, वाईफाई राउटर, दो पासपोर्ट की फोटोकॉपी बरामद किए हैं। अधिकारी ने बताया कि आरोपी वर्ष 2019 में पर्यटन वीजा पर भारत आया था। वीजा की अवधि खत्म होने के बाद वह अवैध रूप से भारत में रह रहा था। पूछताछ में उसने 15 से ज्यादा महिलाओं से सोशल मीडिया पर दोस्ती कर 60 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने की बात स्वीकार की है।
- गुवाहाटी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पिछले 25 साल में अनुकरणीय सेवा के लिए असम पुलिस को मंगलवार को ‘प्रेसीडेंट्स कलर' (राष्ट्रपति के ध्वज) से सम्मानित किया। ध्वज पर असम के नक्शे, राज्य के जिलों का प्रतिनिधित्व करने वाले 36 सितारे, एक सींग वाले गैंडे और असम पुलिस की आदर्श पंक्ति तथा प्रतीक चिन्ह को बनाया गया है। असम इससे सम्मानित किया गया देश का 10वां राज्य है। ‘प्रेसीडेंट्स कलर' , शांति और युद्ध के दौरान राष्ट्र की अनुकरणीय सेवा के लिए किसी भी सैन्य या पुलिस इकाई को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है। शाह ने यहां अलंकरण परेड समारोह में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और पुलिस महानिदेशक भास्कर ज्योति महंत की उपस्थिति में राज्य पुलिस को यह सम्मान दिया।








.jpg)


.jpg)

.jpg)


.jpg)










