नागरिक विमानन मंत्रालय ने कहा--करीब सात हजार भारतीय यूक्रेन से स्वदेश लौटे
नई दिल्ली। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि लगभग 7 हजार भारतीय विशेष यात्री विमानों और भारतीय वायुसेना के विमानों के जरिये यूक्रेन से स्वदेश लौट चुके हैं। मंत्रालय ने कहा है कि छह हजार 200 से अधिक लोगों को विशेष यात्री उड़ानों के जरिये वापस लाया गया है। इनमें से दो हजार 185 वे लोग हैं जिन्हें 10 विशेष यात्री उड़ानों के माध्यम से आज लाया गया है। आज पहुंची उड़ानों में बुखारेस्ट से आई पांच, बुडापेस्ट से आई 2, कोसिसे से आई एक और रेज़ज़ो से पहुंची दो उड़ानें शामिल हैं। इसके अलावा, भारतीय वायु सेना के चार विमान कल दो मार्च की मध्यरात्रि से आज सुबह के बीच सात सौ 98 भारतीयों को लेकर आ चुके हैं। मंत्रालय ने कहा है कि यात्री उड़ानों की संख्या और बढ़ायी जाएगी और अगले दो दिनों में 7 हजार 400 से अधिक लोगों को विशेष उड़ानों के माध्यम से लाए जाने की उम्मीद है। कल लगभग तीन हजार 500 लोगों और 5 मार्च को तीन हजार 900 से अधिक लोगों को वापस लाए जाने की संभावना है। भारत ने यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए 'ऑपरेशन गंगा' नाम से व्यापक बचाव अभियान चलाया है। विदेश मंत्रालय, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के साथ सहयोग करते हुए यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को जल्दी स्वदेश लाने के प्रयास कर रहा है। चार केंद्रीय मंत्री - हरदीप सिंह पुरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, किरेन रिजिजू और जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह इन अभियानों की निगरानी के लिए यूक्रेन के पड़ोसी देशों में मौजूद हैं।
Leave A Comment