- Home
- देश
- इंदौर . नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को कहा कि भारत में कोविड-19 का प्रकोप घटने के कारण अनुसूचित अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों पर से तमाम पाबंदियां हटा ली गई हैं और ये उड़ानें महामारी से पहले की स्थिति में 27 मार्च से बहाल हो जाएंगी। गौरतलब है कि कोरोना वायरस के प्रकोप के कारण देश में अनुसूचित अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं 23 मार्च 2020 से स्थगित हैं। हालांकि, जुलाई 2020 से करीब 35 देशों के साथ "एयर बबल" व्यवस्था के तहत भारत से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का परिचालन हो रहा है। सिंधिया ने इंदौर में एक कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं को बताया, "मैं पहले ही आदेश दे चुका हूं कि अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों पर से वे तमाम प्रतिबंध हटा लिए जाएं जो कोविड-19 के प्रकोप के कारण लगाए गए थे।" उन्होंने कहा, "देश में अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों के मामले में कोविड-19 से पहले की सामान्य स्थिति 27 मार्च से पूरी तरह बहाल हो जाएगी।" सिंधिया ने बताया कि नरेंद्र मोदी सरकार ने रोमानिया, मोल्दोवा, हंगरी, स्लोवाकिया और पोलैंड के राष्ट्र प्रमुखों से बात कर सुरक्षित कॉरिडोर बनाया और युद्धग्रस्त यूक्रेन से "ऑपरेशन गंगा" के तहत करीब 18,000 भारतीय विद्यार्थियों की स्वदेश वापसी सुनिश्चित की। उन्होंने दावा किया कि यह इतिहास में पहली बार हुआ, जब भारतीय नागरिकों को किसी युद्धग्रस्त देश से बचाकर इतनी बड़ी तादाद में स्वदेश लाया गया हो। नागर विमानन मंत्री ने कहा, "भारतीय विद्यार्थियों के साथ ही हमने पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल सरीखे पड़ोसी मुल्कों के कुछ नागरिकों को भी यूक्रेन से सुरक्षित निकाला।
- कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आसनसोल संसदीय सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए शत्रुघ्न सिन्हा और बालीगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बाबुल सुप्रियो को रविवार को तृणमूल कांग्रेस का प्रत्याशी नामित किया। आसनसोल लोकसभा सीट से दो बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रहे सुप्रियो के पिछले साल पार्टी छोड़ने और टीएमसी में शामिल होने के बाद यह सीट खाली हुई थी। वहीं, बालीगंज विधानसभा सीट राज्य के मंत्री सुब्रत मुखर्जी के निधन के बाद खाली हुई थी। टीएमसी प्रमुख ने ट्वीट किया, ‘‘अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस की ओर से यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि आसनसोल लोकसभा सीट के उपचुनाव में पूर्व केंद्रीय मंत्री और प्रसिद्ध अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा हमारे उम्मीदवार होंगे।'' उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘पूर्व केंद्रीय मंत्री और प्रसिद्ध गायक बाबुल सुप्रियो बालीगंज विधानसभा सीट के उपचुनाव में हमारे उम्मीदवार होंगे। जय हिंद, जय बांग्ला, जय मां-माटी- मानुष।'' सुप्रियो ने इसके जवाब में बनर्जी को लोगों की सेवा करने का मौका देने के लिए धन्यवाद दिया। सुप्रियो ने कहा, ‘‘मैं दीदी को राज्य के लोगों की सेवा करने का अवसर देने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं उनका आभारी हूं और राज्य के विकास के लिए काम करूंगा।'' भाजपा के पूर्व सांसद पिछले साल टीएमसी में शामिल हुए थे, जब उन्हें केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल के बाद मंत्री पद से हटा दिया गया था। हालांकि, सिन्हा से टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं हो सका। अभिनेता से नेता बने सिन्हा ने पिछले साल के विधानसभा चुनावों के बाद बनर्जी की प्रशंसा की थी, जिसके बाद उनके टीएमसी में शामिल होने की अटकलें लग रही थीं। ‘बिहारी बाबू' के नाम से चर्चित सिन्हा अक्सर कहा करते हैं कि, ‘‘राजनीति संभावनाओं की कला है।'' हिंदी फिल्मों के चर्चित अभिनेता सिन्हा 80 के दशक की शुरुआत में भाजपा में शामिल हुए थे, जब यह दो सांसदों की पार्टी थी और अटल बिहारी वाजपेयी-लालकृष्ण आडवाणी युग के दौरान उन्होंने पार्टी के स्टार प्रचारक के रूप में कार्य किया था। सिन्हा अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार में केंद्रीय मंत्री थे। उस वक्त बनर्जी रेल मंत्री थीं। पटना साहिब से दो बार के भाजपा सांसद बाद में वर्तमान नेतृत्व के साथ मतभेदों को लेकर पार्टी से अलग हो गए। वह कांग्रेस में शामिल हो गए और 2019 के चुनाव में उसी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरे, लेकिन पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद से हार गए। सिन्हा 2019 के संसदीय चुनावों से पहले कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में बनर्जी के विशाल भाजपा विरोधी सम्मेलन में शामिल हुए थे, लेकिन उस वक्त वह भाजपा सांसद थे। इस बीच, टीएमसी पर कटाक्ष करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि जिस पार्टी ने ‘‘भीतरी-बाहरी' के विचार का प्रचार किया, अब उसे लोगों को यह बताना चाहिए कि सिन्हा किस श्रेणी में आते हैं। टीएमसी नेतृत्व ने एक इसके जवाब में कहा कि सिन्हा एक प्रसिद्ध अभिनेता रहे हैं, जिनकी अखिल भारतीय अपील है। टीएमसी के प्रदेश महासचिव कुणाल घोष ने कहा, ‘‘हमारे लिए बाहरी लोग भाजपा के नेता थे, जो अभी-अभी बंगाल में चुनाव जीतने आए थे और उन्हें यहां के लोगों से कोई लगाव नहीं था। शत्रुघ्न सिन्हा एक जाने-माने अभिनेता हैं, जिनकी बड़ी ‘फैन फॉलोइंग' है। उन्हें बंगाल में प्यार और सम्मान दिया जाता है।
- मछलीपटनम. आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में एक राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह एक कार के पुलिया से टकराने के कारण उसमें सवार छह महीने के एक बच्चे सहित परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि कार उस समय पुलिया से जा टकराई, जब झपकी लगने के चलते चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। जग्गैयापेट के सर्कल इंस्पेक्टर पी चंद्रशेखर के मुताबिक, कार में सवार लोग हैदराबाद के निवासी थे और एक समारोह में शामिल होने के लिए पश्चिम गोदावरी जिले के जंगारेड्डीगुडम जा रहे थे। चंद्रशेखर के अनुसार, हादसे में घायल कार चालक की पहचान के जोशी के रूप में हुई है और उसे गंभीर अवस्था में विजयवाड़ा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि वस्तावई पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।
- नयी दिल्ली. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद राष्ट्रीय राजधानी के अपने पहले दौरे में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इससे पहले दिन में योगी ने उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और भाजपा महासचिव (संगठन) बी एल संतोष से भी मुलाकात की। योगी आदित्यनाथ के भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करने की भी संभावना है। मुख्यमंत्री के रूप में लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए शपथ लेने की तैयारी कर रहे आदित्यनाथ, शाह और नड्डा समेत शीर्ष पार्टी नेतृत्व के साथ वार्ता के दौरान सरकार गठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि आदित्यनाथ के दो दिन तक राष्ट्रीय राजधानी में ठहरने की संभावना है।भाजपा को राज्य की 403 सदस्यीय विधानसभा के लिए हाल में हुए चुनावों में 255 सीट हासिल हुई हैं और उसके दो सहयोगी दलों ने 18 सीट जीती हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस जीत के साथ आदित्यनाथ का कद बढ़ा है, क्योंकि राज्य में भाजपा के पुन: जीतने के प्रयासों के केंद्र में उनका नेतृत्व था।
- नयी दिल्ली. रंजीत रथ सार्वजनिक क्षेत्र की दूसरी सबसे बड़ी पेट्रोलियम कंपनी ऑयल इंडिया लि. (ओआईएल) के नए प्रमुख होंगे। सार्वजनिक उपक्रमों के लिए शीर्ष अधिकारियों का चयन करने वाले सार्वजनिक उपक्रम चयन बोर्ड (पीईएसबी) ने रथ का नाम ऑयल इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक पद के लिए चुना है। रथ (50) फिलहाल मिनरल एक्सप्लोरेशन कॉरपोरेशन लि. (एमईसीएल) के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक हैं। पीईएसबी की अधिसूचना के अनुसार, नौ मार्च को पांच आवेदकों के साक्षात्कार के बाद रथ के नाम पर मुहर लगाई गई। खास बात यह है कि इस पद के लिए ऑयल इंडिया के निदेशक मंडल के दो निदेशक तथा एक अन्य कार्यकारी निदेशक भी दौड़ में थे, लेकिन रथ को इनपर तरजीह दी गई। ऑयल इंडिया के मौजूदा चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक सुशील चंद्र मिश्रा 30 जून को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। रथ खान मंत्रालय के तहत मिनीरत्न कंपनी एमईसीएल के नवंबर, 2018 से चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक हैं। केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) तथा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से मंजूरी के बाद उनका नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) के पास भेजा जाएगा। यहां उल्लेखनीय है कि पीईएसबी ने 28 जून, 2021 को रथ को भारत कोकिंग कोल लि. (बीसीसीएल) का चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक चुना था। यह स्पष्ट नहीं है कि इस पद पर उनकी नियुक्ति क्यों नहीं हुई। दिसंबर, 2021 में बीसीसीएल के निदेशक-वित्त समिरन दत्ता को कंपनी का नया चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया। ऑयल इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक पद के लिए पीईएसबी ने कंपनी के निदेशक (वित्त) हरीश माधव और निदेशक (परिचालन) पंकज कुमार गोस्वामी का भी साक्षात्कार लिया था। इनके अलावा ऑयल इंडिया के कार्यकारी निदेशक अगध मेधी और मद्रास फर्टिलाइजर लि. के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक सरवनन यू का भी साक्षात्कार हुआ था।
- भोपाल. कश्मीरी हिन्दुओं के नरसंहार एवं पलायन पर आधारित फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' को भाजपा नीत मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य में कर मुक्त करने का निर्णय लिया है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को ट्वीट किया, ‘‘फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' में कश्मीरी हिंदुओं द्वारा 1990 के दशक में सामना किए गए दर्द, पीड़ा, संघर्ष और मानसिक आघात का दिल को झकझोर देने वाला वर्णन किया गया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘इसको अधिक से अधिक लोगों को देखने की जरुरत है। इसलिए हमने इसे मध्यप्रदेश में कर मुक्त करने का निर्णय लिया है।'' इस फिल्म के निर्माता अभिषेक अग्रवाल हैं। विवेक अग्निहोत्री के निर्देशन में कश्मीरी हिन्दुओं के नरसंहार एवं पलायन पर बनी यह फिल्म 11 मार्च को रिलीज हुई है और अनुपम खेर, पल्लवी जोशी एवं मिथुन चक्रवर्ती ने इसमें अभिनय किया है। चौहान ने इस फिल्म के निर्देशक और निर्माता को फिल्म की सफलता के लिए बधाई और शुभकामनाएँ भी दी हैं।
- नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश में रविवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जहां एक कार पुलिया से जा टकराई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक 6 माह की बच्ची भी शामिल है। इसके अलावा एक शख्स की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसको पास के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- केंद्रीय कर्मचारियों को होली से पहले बड़ी सौगात मिली है. सरकार ने एक भत्ता बढ़ाने का फैसला लिया है, लेकिन इसका फायदा कुछ ही केंद्रीय कर्मचारियों को होगा. बता दें सरकार की ओर से लिए गए इस फैसले के बाद में कर्मचारियों की सैलरी में 1000 रुपये से 8000 रुपये तक की बढ़ोतरी हो गई है.किन कर्मचारियों की बढ़ गई सैलरीबता दें केंद्र सरकार ने रक्षा विभाग के सिविल कर्मचारियों का रिस्क अलाउंस (Risk Allowance) बढ़ाने का फैसला लिया है. यह अलाउंस केंद्रीय वेतल आयोग की सिफारिशों पर कर्मचारियों को दिया जाता है और वही इस तरह के भत्ते में बढ़ोतरी करने का फैसला लेता है.8000 रुपये तक बढ़ गई सैलरीरक्षा विभाग में कई कैटेगिरी के सिविलियन कर्मचारियों को भी रिस्क अकाउंस का फायदा दिया जाता है. बता दें यह भत्ता भी पद के हिसाब से अलग-अलग होता है. अगर सालाना आधार पर कैलकुलेशन की जाए तो इस भत्ते के जरिए कर्मचारियों की सैलरी 1000 रुपये से लेकर 8000 रुपये तक सालाना बढ़ गई है.किसको मिलेगा कितना भत्ता?आपको बता दें इस कैटेगिरी में आने वाले कर्मचारियों के भत्ते की बात करें तो अकुशल कार्मिक को 90 रुपये महीना रिस्क अलाउंस जाएगा. इसके अलावा अर्द्ध कुशन कार्मिक को 135 रुपये, कुशल कार्मिक को 180 रुपये, नॉन गजटेड अफसर को 408 रुपये और गजटेड अफसर को 675 रुपये प्रति माह के हिसाब से यह भत्ता दिया जाएगा.
- मथुरा। जिले के ठाकुर बांकेबिहार मंदिर और बरसाने की राधारानी मंदिर में दर्शन को आए दो श्रद्धालुओं की शनिवार को अचानक तबियत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के प्रबंधक मुनीश शर्मा ने बताया कि मुंबई से 50 महिला श्रद्धालुओं का एक समूह मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन को आया था और इसी दौरान मधु अग्रवाल (60) की अचानक तबियत बिगड़ गयी। उन्होंने बताया कि अग्रवाल मंदिर परिसर में ही बेहोश हो गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया लेकिन उनकी रास्ते में ही मौत हो गई थी। अस्पताल के प्रभारी डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि फिलहाल हम कुछ पक्का नहीं कह सकते हैं लेकिन शायद उनकी मौत का कारण ब्लडशुगर का बहुत कम हो जाना है। वहीं, बरसाने में पटानकोट से राधारानी मंदिर में दर्शन के लिए परिवार के साथ आए 65 वर्षीय चरण दास की मंदिर के बाहर ही मौत हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि दास की मौत दिन का दौरा पड़ने से हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दास के परिजन इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं चाहते थे और वे शव लेकर लौट गए।
- गाजियाबाद(उप्र)। पैसों के लेन-देन को लेकर एक विवाद में यहां एक महिला वकील के सिर में गोली मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला को गोली मारने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए खुद को भी गोली मार ली। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।पुलिस को प्राप्त शिकायत के मुताबिक महिला वकील श्वेता सहगल के परिवार ने नमित जैन और उसके भाई रमित जैन को 24 लाख रुपये उधार दिए थे, लेकिन दोनों भाइयों का कहना है कि उन्होंने केवल पांच लाख रुपये ही लिये थे। पुलिस अधीक्षक (सिटी-1)निपुण अग्रवाल के मुताबिक, दोनों भाइयों ने शुक्रवार को श्वेता को अपनी दुकान पर बुलाया था। श्वेता जब अपने रिश्तेदारों के साथ नयी बस्ती में उनकी दुकान पर पहुंची, तो दोनों पक्षों के बीच कहा-सुनी हो गयी, जिसके परिणामस्वरूप हाथापाई और गोलीबारी हुई। गंभीर रूप से घायल श्वेता सहगल को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी नमित ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने दाहिने हाथ में गोली मार ली। पुलिस ने इस सिलसिले में तीन आरोपियों रमित जैन, नमित जैन और नियति जैन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। दो आरोपियों रमित और नियति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
- रांची। रांची जिला प्रशासन ने शनिवार को अवैध खनन की जांच के लिए सात सदस्यीय निगरानी समिति का गठन किया। रांची के उपायुक्त छवि रंजन ने कहा कि निकाय में दो अनुमंडल अधिकारी, चार पुलिस उपाधीक्षक और एक खनन अधिकारी शामिल होंगे। समिति पूरे जिले में अवैध खनन की निगरानी और जांच करेगी। रंचन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी हाल में अवैध खनन नहीं होना चाहिए। राजधानी में उपायुक्त छवि रंजन की अध्यक्षता में जिलास्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गयी जिसमें इस आशय का निर्णय लिया गया और संबद्ध अधिकारियों को निर्देश जारी किया गया। बैठक के दौरान उपायुक्त छवि रंजन ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि जिले में किसी भी परिस्थिति में अवैध उत्खनन ना हो। वैध उत्खनन पर रोक के लिए रांची जिला के खलारी और बुंडू में चार-चार चेक पोस्ट के अलावा और नए चेक पोस्ट चिन्हित किए जाएंगे। इन सभी चेक पोस्ट पर 24×7 मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात रहेंगे। चेक पोस्ट पर प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट और पुलिस बल को जिला खनन पदाधिकारी द्वारा आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा। उपायुक्त ने यथाशीघ्र चेक पोस्ट चिह्नित कर मजिस्ट्रेट और फोर्स की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। उपायुक्त ने अवैध उत्खनन सहित क्रशर और ईंट भट्ठों के प्रदूषण इत्यादि की जांच के सख्त निर्देश भी दिये।-
- डिब्रूगढ़ (असम)। असम के डिब्रूगढ़ जिले में शनिवार को मानसिक रूप से बीमार एक व्यक्ति को चाय बागान के कुछ कर्मचारियों ने कथित तौर पर जिंदा जला दिया। आरोपी है कि उस व्यक्ति ने पांच साल के एक बालक की हत्या की थी। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना धोलाजन चाय बागान क्षेत्र की है।स्थानीय लोगों के अनुसार मानसिक रूप से अस्थिर आरोपी सुनीत तांती के परिसर में मृतक बालक अन्य लड़कों के साथ खेल रहा था। डिब्रूगढ़ के पुलिस अधीक्षक श्वेतांक मिश्रा ने कहा, "अचानक आरोपी तांती गुस्से में आ गया और उसने उज्ज्वल मुरा नामक बालक का गला काटकर हत्या कर दी।" एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी तांती को पकड़ लिया और उसे जिंदा जला दिया। पुलिस अधीक्षक मिश्रा ने कहा कि पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने इलाके में स्थिति पर पूरी तरह से नियंत्रण पा लिया है। इस घटना के सिलसिले में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
- जयपुर। राजस्थान संस्कृत अकादमी तथा कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित किए जा रहे एक महीने के माघ महोत्सव के तहत शनिवार को जवाहर कला केन्द्र में दो दिवसीय राष्ट्रीय संस्कृत फिल्म महोत्सव की शुरुआत हुई। राजस्थान के कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला ने शनिवार को रिफ फिल्म क्लब एवं जवाहर कला केंद्र के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस उत्सव का उद्घाटन किया। प्रदेश में यह पहला और देशभर में दूसरा मौका है जब संस्कृत भाषा में निर्मित फिल्मों का उत्सव आयोजित किया जा रहा है। समारोह के पहले दिन नब्बे मिनट की विनोद मंकर लिखित और निर्देशित ‘प्रियमानसम' की स्क्रीनिंग की गई। यह फिल्म केरल के महान लेखक उन्नयी वॉरियर के जीवन चरित्र और 17वीं शताब्दी में उनके लिखे नल चरित्रम पर आधारित है जिसमें नल और दमियन्ती की चर्चित कथा का फिल्मांकन किया गया है। इस फिल्म को 63वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में संस्कृत भाषा में बनी सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिल चुका है। राजस्थान संस्कृत अकादमी के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘फिल्म का संगत श्रीवत्स जे. मेनन ने दिया है और वह विभिन्न शास्त्रीय राग-रागनियों पर आधारित है। इसमें राजेश हेब्बर, देवन, कोचू प्रेमन, प्रतीक्षा काशी, मीरा श्रीनारायणन और रचना नारायण कुट्टी ने मुख्य भूमिका निभायी है।'' शनिवार की शाम 95 मिनट लंबी सुरेश गायत्री निर्देशित फिल्म ‘मधुरस्मितम' की स्क्रीनिंग की गई। यह पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम की पुस्तक ‘विंग्स ऑफ फॉयर' पर आधारित है।=
- श्रीनगर । जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों के साथ तीन अलग-अलग मुठभेड़ों के दौरान जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के एक पाकिस्तानी कमांडर सहित चार आतंकवादी मारे गए और एक को गिरफ्तार किया गया। यह जानकारी पुलिस ने शनिवार को दी। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुठभेड़ कश्मीर घाटी के पुलवामा, गांदरबल और कुपवाड़ा जिलों में हुई।प्रवक्ता ने बताया कि पुलवामा में चेवाकलां गांव में आतंकवादियों की मौजूदगी की विशेष सूचना पर कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बलों ने घेराबंदी करके तलाशी अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि जैसे ही तलाशी दल स्थानीय दारुल उलूम इस्लामिक मदरसा की ओर बढ़ा, अंदर छिपे आतंकवादियों ने तलाशी दल पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें एक नागरिक को गोली लगी। उन्होंने बताया कि घायल नागरिक की पहचान चेवकलां निवासी जहूर अहमद शेरगोजरी के रूप में हुई है। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है। प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षा बलों ने जवाबी गोलीबारी की जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। उन्होंने कहा, ‘‘संस्था की पवित्रता को ध्यान में रखते हुए, अभियान पूरी सावधानी और सोच-विचार करके चलाया गया। इस मुठभेड़ में, दो आतंकवादी मारे गए और उनके शव मुठभेड़ स्थल से बरामद किये गए।'' प्रवक्ता ने कहा कि मारे गए आतंकवादियों की पहचान पाकिस्तानी आतंकवादी कमांडर कमाल भाई उर्फ जट्ट और पुलवामा के करीमाबाद निवासी आकिब मुश्ताक उर्फ उस्मान हैदर के रूप में हुई है। प्रवक्ता ने कहा कि दोनों प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े थे। प्रवक्ता ने बताया कि जिले के गांव वहीबुग में चलाये गए एक अन्य आतंकवाद रोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने पुलवामा के परिगाम के एक सक्रिय आतंकवादी रऊफ अहमद मीर को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि उसके पास से आपत्तिजनक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद, एक पिस्तौल, दो मैगजीन, 26 कारतूस और तीन ग्रेनेड बरामद किए गए हैं। प्रवक्ता ने कहा कि सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में विशेष सूचना मिलने के बाद उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा के गांव नेचामा रजवार और मध्य कश्मीर के गांदरबल के सेरच इलाके में दो और अभियान शुरू किए। उन्होंने कहा, "जैसे ही संयुक्त तलाशी दल संदिग्ध स्थानों की ओर पहुंचे, छिपे हुए आतंकवादियों ने तलाशी दलों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिस पर जवाबी कार्रवाई के बाद दोनों जगहों पर मुठभेड़ हुई।" प्रवक्ता ने कहा कि मुठभेड़ों में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक-एक आतंकवादी मारे गए और उनके शव घटनास्थल से बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि हंदवाड़ा मुठभेड़ स्थल पर मारे गए आतंकवादी की पहचान कुलगाम के तेरिगाम निवासी सुहैल अहमद गनी के रूप में हुई है, जबकि गांदरबल में मारे गए आतंकी की पहचान बदरकुंड, गांदरबल निवासी आदिल अहमद खान के रूप में की गई है। प्रवक्ता ने कहा, ‘‘पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मारे गए आतंकवादी कई आतंकवादी अपराध मामलों में शामिल समूह का हिस्सा थे, जिसमें पुलिस या सुरक्षा बलों और नागरिकों पर हमले में शामिल थे। मारा गया पाकिस्तानी आतंकवादी कमाल भाई 2018 से शोपियां-पुलवामा क्षेत्रों में सक्रिय थे। प्रवक्ता ने कहा, ‘‘गांदरबल में मारा गया आतंकवादी आदिल खान अक्टूबर 2020 में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष पर हमले, श्रीनगर में नागरिकों की हत्याओं के अलावा, तौहीद चौक और चापरगुंड, गांदरबल में ग्रेनेड हमले में सहयोग देने में शामिल था। वह युवाओं को आतंकी गुटों में शामिल होने के लिए प्रेरित करने में भी शामिल था।'' कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने वांछित पाकिस्तानी आतंकवादी के मारे जाने को एक बड़ी सफलता करार दिया और सफल आतंकवाद रोधी अभियान चलाने के लिए सुरक्षा बलों की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों से आतंकवाद रोधी अभियानों में तेजी लाने का आह्वान किया ताकि घाटी को आतंक मुक्त बनाया जा सके।-
- श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में शनिवार को आतंकवादियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, "शाम करीब सात बजकर 35 मिनट पर आतंकवादियों ने दक्षिण कश्मीर में शोपियां जिले के चेक छोटीपोरा इलाके में सीआरपीएफ के जवान मुख्तार अहमद पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। मुख्तार उस समय अपने घर पर ही थे।" उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल मुख्तार अहमद को शोपियां के जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीआरपीएफ का जवान छुट्टी पर था और अपने घर आया हुआ था। उन्होंने कहा कि इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाश अभियान शुरू कर दिया गया है।
- अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि पहले प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का चयन करते हुए पारदर्शिता की कमी थी जिसके कारण खिलाड़ियों की प्रतिभा बर्बाद हो रही थी। प्रधानमंत्री मोदी यहां 11वें ‘खेल महाकुंभ' के उद्घाटन के दौरान बोल रहे थे जो गुजरात सरकार द्वारा आयोजित वार्षिक खेल प्रतियोगिता है। उन्होंने कहा, ‘‘पहले प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का चयन करते हुए पारदर्शिता की कमी थी जिसके कारण खिलाड़ियों की प्रतिभा बर्बाद हो रही थी।'' प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उन्हें इस तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब हालात बदल गए हैं और खिलाड़ियों को सफलता मिल रही है। स्वर्ण और रजत पदक की चमक से हमारे युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ रहा है।'' मोदी ने कहा कि भारत ने तोक्यो ओलंपिक में सात जबकि पैरालंपिक में 19 पदक जीते और यह सिर्फ शुरुआत है और भारत पीछे नहीं हटने वाला, भारत नहीं थकने वाला। उन्होंने कहा, ‘‘यूक्रेन से लौटने वाले युवा कह रहे हैं कि उन्हें अब आगे बढ़ते हुए भारत का रुतबा समझ आ रहा है।'--
- बेंगलुरू। पूर्व भारतीय कप्तान गुंडप्पा विश्वनाथ की आत्मकथा ‘रिस्ट एश्योर्ड' का शनिवार को यहां भारत और श्रीलंका के बीच दिन-रात के दूसरे टेस्ट के पहले दिन विमोचन किया गया। भारतीय इतिहास के शीर्ष बल्लेबाजों में शामिल और अपनी कलात्मक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले विश्वनाथ की जीवनी के सह लेखक वरिष्ठ पत्रकार आर कौशिक हैं। दिन-रात्रि टेस्ट के डिनर ब्रेक के दौरान महान भारतीय खिलाड़ियों कपिल देव और सुनील गावस्कर ने संक्षिप्त समारोह में किताब का विमोचन किया। बाद में मीडिया से बात करते हुए 73 साल के विश्वनाथ ने कहा कि उन्होंने शुरुआत में कौशिक के विचार को ठुकरा दिया था लेकिन बाद में उनके परिवार ने उन्हें मनाया। भारत के लिए 91 टेस्ट में 6080 रन बनाने वाले विश्वनाथ ने कहा, ‘‘मेरे साथ जिस तरह का बर्ताव किया गया वह शानदार है। विश्व क्रिकेट के दो महान खिलाड़ियों (गावस्कर और कपिल) के बीच खड़ा होना। मेरे साथ अश्विसनीय बर्ताव हुआ।'' कपिल ने कहा कि क्रिकेट के प्रशंसक के रूप में उन्होंने पहला आटोग्राफ विश्वनाथ का लिया था और उन्होंने इसे अभी भी सहेजकर रखा है। उन्होंने कहा, ‘‘इस किताब को 20 साल पहले लिखा जाना चाहिए था। काश मैं उनकी तरह बन पाता और उनकी तरह व्यवहार कर पाता। मैं हमेशा उनकी तरफ देखता था। खेल के सच्चे दूत।'' भारत की 1983 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान कपिल ने कहा, ‘‘वह मेरे सर्वकालिक हीरो हैं।''इस मौके पर मौजूद भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा कि भारत के लिए खेलने की इच्छा रखने वाले युवा खिलाड़ियों को यह किताब पढ़कर खेल के बारे में काफी कुछ सीखने को मिलेगा।-
- नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को कहा कि सरकार देश में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण की गति को प्रतिदिन 50 किमी करने का लक्ष्य बना रही है और उम्मीद जताई कि चालू वित्तवर्ष की निर्माण गति वर्ष 2020-21 की तुलना में अधिक होगी। गडकरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए 'ईटी ग्लोबल बिजनेस समिट' को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार अरुणाचल प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती क्षेत्रों के पास सड़क नेटवर्क विकसित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा, ‘‘अब, हम प्रतिदिन 50 किमी (राजमार्ग) के निर्माण स्तर तक जाना चाहते हैं।''देश में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) निर्माण की गति वर्ष 2020-21 में रिकॉर्ड 37 किमी प्रति दिन के स्तर को छू गई। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने कहा, इस सप्ताह उन्होंने एक हजार किलोमीटर राजमार्ग के निर्माण के लिए ठेके देने के लिए फाइल पर हस्ताक्षर किए हैं। गडकरी ने कहा कि कोविड प्रेरित व्यवधानों के कारण, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और राष्ट्रीय राजमार्ग और बुनियादी ढांचा विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) को कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन फिर भी चालू वित्तवर्ष में मार्च के अंत तक, हम पिछले वित्तवर्ष के राजमार्ग निर्माण के रिकॉर्ड को तोड़ने की कोशिश करेंगे।'' मंत्री ने कहा, साथ ही उनकी मंशा ‘लॉजिस्टिक्स' की लागत को कम करना है। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में भारत में ‘लॉजिस्टिक्स' की लागत 16 प्रतिशत, चीन में 12 प्रतिशत, अमेरिका में 12 प्रतिशत और यूरोपीय देशों में यह 10 प्रतिशत है।
- इंदौर . इंदौर में प्रशासन ने शनिवार को समय रहते कार्रवाई कर एक नाबालिग लड़की समेत कम उम्र के तीन लोगों के बाल विवाह रुकवा दिए। बाल विवाह के खिलाफ महिला और बाल विकास विभाग के गठित उड़नदस्ते के प्रभारी महेंद्र पाठक ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंदौर की 17 वर्षीय लड़की के परिजन उसकी शादी पड़ोसी धार जिले के एक सामूहिक विवाह सम्मेलन में रविवार को करने जा रहे थे। उड़नदस्ता प्रभारी ने बताया, "कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दिए जाने पर लड़की के परिजन उसका बाल विवाह रोकने पर राजी हो गए और उन्होंने घर आए मेहमानों को लौटा दिया।" पाठक ने बताया कि इसी तरह 17 और 19 साल के दो लड़कों की कम उम्र में शादी रुकवाई गई। उन्होंने बताया, "इंदौर के दोनों लड़कों की शादियां पड़ोसी देवास शहर में आज शनिवार को ही होनी थी। हमने बारात की रवानगी से ऐन पहले उनके घर पहुंचकर ये शादियां रुकवा दीं।" उड़नदस्ता प्रभारी ने बताया कि प्रशासन ने कम उम्र के तीनों लोगों के परिजनों से बाकायदा शपथ पत्र लिया कि वे अपनी संतानों का विवाह उनकी वैधानिक उम्र होने के बाद ही करेंगे। गौरतलब है कि देश में 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के और 18 साल से कम आयु की लड़की की शादी बाल विवाह की श्रेणी में आती है जो कानूनन अपराध है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत दोषी को दो वर्ष तक के सश्रम कारावास अथवा एक लाख रुपये तक के जुर्माने या दोनों सजाओं का प्रावधान है।
- नयी दिल्ली. रेलवे बोर्ड द्वारा जारी एक आदेश के मुताबिक रेलवे राजस्व बढ़ाने के लिए अब अपनी खानपान इकाई आईआरसीटीसी से अलग अपने फूड प्लाजा, फास्ट फूड आउटलेट और रेस्टोरेंट खोलेगा। इंडियन रेलवे टूरिज्म एंड कैटरिंग कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) रेलगाड़ियों और स्टेशनों पर खानपान की सुविधा देने के लिए जिम्मेदार है। हालांकि, आईआरसीटीसी इन इकाइयों की स्थापना में विफल रही है, जिसके चलते रेलवे को राजस्व का भारी नुकसान हुआ और अब यह जिम्मेदारी जोनल रेलवे को सौंपने का फैसला किया गया है। इस संबंध में आठ मार्च को जारी आदेश के मुताबिक 17 जोनल रेलवे को ऐसी इकाइयों के लिए स्टेशनों पर खाली जगह का इस्तेमाल करने की इजाजत दी गई है। आदेश में कहा गया है कि इस तथ्य के मद्देनजर कि आईआरसीटीसी को आवंटित किए गए कई स्थान खाली रह गए हैं, जिससे यात्रियों को समुचित सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं और रेलवे को राजस्व का नुकसान हो रहा है, इसलिए जोनल रेलवे द्वारा रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध खाली स्थान पर फूड प्लाजा / फास्ट फूड इकाई / रेस्टोरेंट खोलने के लिए अनुमति मांगी गई है। सूत्र बताते हैं कि जोनल रेलवे द्वारा ऐसे 100-150 आउटलेट स्थापित करने की योजना है।-
- गांधीनगर। गुजरात दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गांधीनगर और अहमदाबाद में रोड शो किये। मोदी ने राज्य में बीते दो दिनों में तीन रोड शो रहा। गुजरात में इस साल दिसंबर में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। चार राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा के शानदार प्रदर्शन के बाद शुक्रवार को मोदी ने अहमदाबाद हवाई अड्डे से गांधीनगर स्थित पार्टी मुख्यालय 'कमलम' तक रोड शो किया। मोदी द्वारा गुजरात में बीते दो दिनों में तीन रोड शो करने को भाजपा कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए कमर कसने को लेकर उत्साहित करने के नजरिए से देखा जा रहा है। मोदी ने शनिवार शाम को अहमदाबाद में इंदिरा पुल से सरदार पटेल स्टेडियम के बीच रोड शो किया। इस साढ़े तीन किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान आम लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोदी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। शाम के इस रोड शो के दौरान मोदी जीप में ही बैठे रहे और उनके वाहन के आसपास सुरक्षाकर्मियों का घेरा रहा। इस दौरान धीमी गति से चल रहे वाहन में बैठे प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और कई जगहों पर उन्होंने वाहन से उतरकर लोगों की ओर हाथ हिलाया। इससे पहले, अधिकारियों ने बताया कि गांधीनगर में मोदी का रोड शो देहगाम शहर से शुरू होकर लवड गांव स्थित राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (आरआरयू) पर खत्म हुआ, जहां प्रधानमंत्री ने सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में खड़े लोगों का अभिवादन किया। अधिकारियों के अनुसार, रोड शो के लिए मोदी यहां राज भवन से एक कार के जरिये निकले और फिर देहगाम पहुंचकर एक खुली जीप में सवार हो गए। उन्होंने बताया कि जीप में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी प्रधानमंत्री के साथ थे। अधिकारियों ने बताया कि रोड शो के 12 किलोमीटर लंबे मार्ग में प्रधानमंत्री का अभिवादन करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और उन्होंने मोदी पर फूल और मालाएं बरसाईं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के काफिले के आरआरयू पहुंचने पर रोड शो खत्म हो गया।
-
नई दिल्ली। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि ऑटोमोबिल कंपनियां छह महीने के भीतर फ्लेक्स ईंधन से चलने वाले वाहनों का निर्माण प्रारंभ कर देंगी। शनिवार को वैश्विक व्यापार सम्मेलन में उन्होंने कहा कि जल्द ही देश में अधिकतर गाडि़यां पूरी तरह एथेनॉल से चलने लगेंगी।फ्लेक्स ईंधन गैसोलीन के साथ मेथेनॉल अथवा एथेनॉल के मिश्रण से तैयार किया जाता है। सरकार पेट्रोल-डीजल के स्थान पर अन्य वैकल्पिक ईंधन के उपयोग पर जोर दे रही है। सरकार ने उत्पादन से जुड़े प्रोत्साहन यानी पीएलआई स्कीम में फ्लेक्स ईंधन इंजन के मोटर वाहन और कलपुर्जों को भी शामिल किया है।नीति आयोग ने फ्लेक्स ईंधन वाले वाहनों को बाजार में तेजी से उतारने के लिये 2020 से 2025 तक की अवधि के लिए एथेनॉल के मिश्रण वाले ईंधन के उपयोग की विशेष योजना बनाई है। श्री गडकरी ने कहा कि सरकार हरित हाइड्रोजन और अन्य वैकल्पिक ईंधनों के उपयोग को बढ़ावा दे रही है।
- सहारनपुर. उतरप्रदेश के सहारनपुर जिले में फतेहपुर थाना क्षेत्र में एक युवती ने कथित तौर पर मां की डांट से क्षुब्ध होकर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सहारनपुर के एसएसपी आकाश तोमर ने 'बताया कि थाना फतेहपुर के अंतर्गत खुजनावर गांव की निवासी शबाना का किसी बात को लेकर अपनी मां से झगड़ा हो गया था, जिससे क्षुब्ध होकर युवती ने अपने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। तोमर ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- नोएडा (उप्र). नोएडा में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि होंडा चौक के पास शुक्रवार रात को एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। घटना में तावेज (20) की मौत हो गई। तावेज कन्नौज का निवासी था। पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि थाना सूरजपुर क्षेत्र के एलजी गोल चक्कर के पास सड़क पर पैदल जा रहे हरि ओम (51) नामक व्यक्ति को एक अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। वहीं, दनकौर क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस- वे पर बीती रात को एक कार अनियंत्रित होकर आगे जा रही ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। इस घटना में रवि कुमार (37) की मौत हो गई। प्रवक्ता ने बताया कि थाना सेक्टर 126 क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में एक ट्रैक्टर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। घटना में एक व्यक्ति शशांक की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।
- नोएडा (उप्र) . ग्रेटर नोएडा के रोजा जलालपुर में एक युवक ने शराब पीने से मना करने पर अपनी बहन की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि ग्रेटर नोएडा के गांव रोजा जलालपुर में सूरज (22) ने अपनी बहन रूचि (32) की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि सूरज को शराब की लत है। शुक्रवार रात को सूरज शराब पीकर घर आया तो उसकी बहन ने शराब पीने के लिए उसे फटकार लगाई। इससे आक्रोशित सूरज ने अपनी बहन पर पिस्तौल से गोली चला दी। घटना में रूचि की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया और उसकी तलाश की जा रही है।





















.jpg)





