- Home
- देश
- गांधीनगर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अफसोस जताया कि आजादी के बाद देश के सुरक्षा तंत्र में जरूरत के बावजूद शायद ही कोई सुधार किया गया। उन्होंने कहा कि आम लोगों की इस धारणा में बदलाव लाने की जरूरत है कि सुरक्षा एजेंसियों, खासकर पुलिस बल से दूर रहने में ही भलाई है। मोदी यहां राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (आरआरयू) की नई इमारत का उद्घाटन करने के बाद संस्थान के दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सुरक्षा तंत्र में शामिल सभी कर्मियों को संपूर्ण प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा,आजादी के बाद देश के सुरक्षा तंत्र में सुधार लाने की जरूरत थी, लेकिन शायद ही कोई सुधार किया गया।” मोदी ने कहा कि उन्हें आरआरयू से काफी उम्मीदें हैं।उन्होंने कहा, “एक कॉलेज या विश्वविद्यालय विकास में बड़ा योगदान दे सकते हैं। मैं आपको दो उदाहरण दूंगा। पहला-अहमदाबाद में 60 साल पहले कुछ उद्योगपतियों ने एक चिकित्सा कॉलेज स्थापित किया था, जिसकी बदौलत गुजरात फार्मा क्षेत्र में देश का सबसे अग्रणी राज्य बन गया।” प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “इसी तरह, उस समय आईआईएम की भी स्थापना की गई थी, जो आज दुनियाभर को कुशल प्रबंधक और व्यवसायी दे रहा है। मैं आरआरयू से इसी तर्ज पर सुरक्षा क्षेत्र में कुशल नेतृत्व तैयार करने की उम्मीद रखता हूं।”
- नयी दिल्ली. कपड़ा मंत्रालय को मानव निर्मित फाइबर और तकनीकी कपड़ा क्षेत्र के लिए उत्पादन से जुड़े प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना का लाभ उठाने के लिए 67 कंपनियों से आवेदन मिले हैं। कपड़ा के लिए पीएलआई योजना के तहत 40 मानव निर्मित फाइबर (एमएमएफ) उत्पाद, 14 एमएमएफ कपड़े के सामान और 10 तकनीकी कपड़ा उत्पाद शामिल हैं। सरकार ने कपड़ा क्षेत्र में घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने, रोजगार के मौके तैयार करने और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए 10,683 करोड़ रुपये की पीएलआई योजना को मंजूरी दी थी। कपड़ा सचिव यूबी सिंह ने सीआईआई के एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘हमने तकनीकी कपड़ा क्षेत्र के विकास को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए हैं। पीएलआई योजना के लिए बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली है।'' उन्होंने कहा, ‘‘कम से कम 67 कंपनियों ने एमएमएफ और तकनीकी वस्त्रों के लिए पीएलआई का हिस्सा बनने के लिए आवेदन किए हैं, और ये कंपनियां एमएमएफ और तकनीकी वस्त्रों में 22-23 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेंगी।'' सिंह ने कहा कि निवेश की राशि उनकी उम्मीदों से अधिक है।
- पणजी. गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शनिवार को राज्य में नयी सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त करने के लिए पद से इस्तीफा दे दिया। सावंत की पार्टी (भारतीय जनता पार्टी) दो दिन पहले आए चुनाव परिणाम में 40 सदस्यीय विधानसभा में 20 सीटें जीतकर राज्य में अकेली सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है। सावंत ने दोपहर के करीब राजभवन में राज्यपाल पी एस श्रीधरन पिल्लई से मुलाकात की और अपना इस्तीफा सौंपा। बाद में सावंत ने पत्रकारों से कहा कि उन्हें नयी सरकार के गठन तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में बने रहने के लिए कहा गया है। राज्यपाल ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने सावंत का इस्तीफा मंजूर कर लिया है और उन्हें ''वैकल्पिक व्यवस्था'' होने तक राज्य का कार्यवाहक मुख्यमंत्री नियुक्त किया है। राज्यपाल ने कहा, '' भारत में यह परंपरा रही है कि जनादेश के बाद मुख्यमंत्री अपना इस्तीफा सौंपते हैं और वैकल्पिक व्यवस्था की जाती है। ऐसी व्यवस्था होने तक, मैं उन्हें (सावंत को) कार्यवाहक मुख्यमंत्री नियुक्त कर रहा हूं।'' इस बीच, राज्यपाल से मुलाकात के बाद सावंत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘राज्यपाल ने मुझे कार्यवाहक मुख्यमंत्री का नियुक्ति पत्र दिया है।'' सावंत ने कहा कि नयी सरकार बनाने का दावा पेश करने की तारीख अभी पार्टी ने तय नहीं की है। उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक गोवा और अन्य तीन राज्यों (जहां भाजपा ने सत्ता बरकरार रखी है) का दौरा करेंगे, जिसके बाद संबंधित राज्यों में शपथ ग्रहण की तारीखों की घोषणा की जाएगी।'' हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि पर्यवेक्षक कब आएंगे। उन्होंने कहा कि नयी सरकार बनाने का दावा पेश करने की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है और शुक्रवार को राज्य मंत्रिमंडल ने सोमवार को सदन को भंग करने की सिफारिश करने का फैसला किया है।
- नागपुर. महाराष्ट्र के नागपुर जिले में शनिवार को एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और 13 वर्षीय बेटी की कथित तौर पर हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना तड़के नागपुर एमआईडीसी के राजीव नगर इलाके में हुई।एमआईडीसी पुलिस के निरीक्षक उमेश बेसाकर ने कहा कि आरोपी विलास गावटे (50) ने कथित तौर पर अपनी बेटी अमृता और पत्नी रंजना (45) का गला काटकर हत्या कर दी और फिर अपने घर के बाहर पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने कहा कि आरोपी बेरोजगार था और छोटी-छोटी बातों पर अपने परिवार से झगड़ा करता था। उन्होंने कहा कि गावटे दंपति के तीन बच्चे थे और सबसे बड़ी बेटी की शादी हो चुकी थी। अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार की रात दंपति अपने 12 वर्षीय बेटे और बेटी के साथ घर में सो रहा था, तभी आरोपी ने अपनी पत्नी और बेटी का कथित तौर पर धारदार हथियार से गला काट दिया। आरोपी ने उन्हें चीखने से रोकने के लिये उनके चेहरों पर तकिया रखा दिया था। इसके बाद वह बाहर गया और पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। अधिकारी ने कहा कि मौत का पता तब चला जब लड़के ने उठने के बाद घर में खून देखा और बगल में रह रहे चाचा को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।
- चंडीगढ़. वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ए. वेणु प्रसाद को पंजाब के मुख्यमंत्री का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। एक सरकारी आदेश में यह जानकारी दी गई। पंजाब राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद प्रसाद की नियुक्ति इस तरह की पहली प्रशासनिक नियुक्ति है। प्रसाद 1991 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी हैं। प्रसाद अब तक अतिरिक्त मुख्य सचिव, संसदीय मामले एवं कराधान के साथ ही पंजाब राज्य ट्रांसमिशन निगम लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने शुक्रवार को पद से इस्तीफा दे दिया था। आम आदमी पार्टी ने राज्य की 117 विधानसभा सीटों में से 92 पर जीत दर्ज की है। आप के नेता भगवंत मान 16 मार्च को पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
- नागपुर. महाराष्ट्र के नागपुर जिले में शनिवार को एक युवा जोड़े ने कथित तौर पर चलती ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना तड़के जिले के कैंपटी कस्बे के पास हुई।पुलिस उपायुक्त जोन-5 मनीष कलवानिया ने कहा कि आदित्य लक्ष्मीनारायण कुरील (18) और सयाली गौतम नागराले (16) कथित तौर पर हावड़ा-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन के सामने आ गए और ट्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिसके बाद मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। अधिकारी ने कहा कि मृतकों की पहचान कन्हान नदी पुल के निकट अजनी गांव में घटनास्थल के पास खड़ी मोटरसाइकिल के आधार पर हुई। उन्होंने कहा कि दोनों अपने-अपने परिवारों के साथ कैंपटी के जय भीम चौक में रहते थे।अधिकारी ने कहा कि सयाली की मां ने उसे आदित्य से फोन पर बात करने के लिए डांटा था, जिसके बाद बुधवार को दोनों भाग गए थे। उन्होंने कहा कि लड़की की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और आदित्य के खिलाफ न्यू कैंपटी पुलिस थाने में अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। अधिकारी ने बताया कि किशोर जोड़े ने आत्महत्या करने का फैसला किया और आधी रात को मोटरसाइकिल से अजनी गांव आए थे। उन्होंने बताया कि न्यू कैंपटी थाने ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है।
- बुलंदशहर . उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में शनिवार को अज्ञात हमलावरों ने गुड़ व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि प्रदीप अग्रवाल (60) सुबह जब घर से मोटरसाइकिल पर थोक बाजार जा रहे थे, तब उनपर हमला हुआ। पुलिस ने कहा कि उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। मेरठ ले जाते समय उनकी मौत हो गई। पुलिस को शक है कि स्याना थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के पीछे लूट एक कारण हो सकता है। अग्रवाल की मौत के बाद गुस्साए व्यापारियों ने बुगरासी चौराहे पर यातायात जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें सुरक्षा व आवश्यक सहायता प्रदान करने का वादा किया। उन्होंने मामले के जल्द खुलासे को लेकर भी आश्वस्त किया। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि व्यापारी का बेटा अमेरिका के कैलिफोर्निया में है। उनकी एक बेटी भी है। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि कारोबारी की हत्या लूट की नीयत से की गई है। कारोबारी के परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि उनके पास 4 लाख रुपये थे। उन्होंने बताया कि हमलावरों को पकड़ने के लिए सात टीमों का गठन किया गया है।
- नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को ‘इंडिया वाटरपिच पायलट स्केल स्टार्ट अप चैलेंज' की शुरुआत की, जिसके तहत सरकार 100 स्टार्टअप का चयन करेगी और उन्हें वित्त पोषण सहायता के रूप में 20 लाख रुपये दिए जाएंगे। आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के अनुसार इस पहल का मकसद जल क्षेत्र में स्टार्टअप को प्रोत्साहित करना है, ताकि टिकाऊ आर्थिक वृद्धि और रोजगार सृजन को बढ़ावा दिया जाए। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंत्रालय के अटल नवीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत) 2.0 के तहत यहां एक कार्यक्रम में इस पहल की शुरुआत की। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पूरी ने स्टार्टअप की भूमिका को रेखांकित किया और उन्हें सरकार के सक्रिय समर्थन का आश्वासन दिया।
- लेह. लद्दाख के उपराज्यपाल आर. के. माथुर ने इस केंद्र शासित प्रदेश के सभी गांवों में ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) पर आधरित कनेक्टिविटी पर जोर दिया है। उन्होंने सेवा प्रदाताओं को समूचे लद्दाख में मोबाइल टावर और डिजिटल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि उपराज्यपाल लद्दाख में दूरसंचार से संबंधित मुद्दों और चिंताओं की समीक्षा के लिए राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित एक बैठक में बोल रहे थे। उपराज्यपाल ने लद्दाख की 193 ग्राम पंचायतों को नेशनल ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क (एनओएफएन) से जोड़ने की योजना में प्रगति की समीक्षा की। ये ग्राम पंचायतें फिलहाल वीसैट आधारित प्रणाली से जुड़ी हैं। उन्होंने भारतनेट परियोजना के तहत स्थापित वीसैट से निम्न बैंडविथ की शिकायत पर विचार-विमर्श किया और इस परियोजना के तहत ऑप्टिकल फाइबर केबल आधारित कनेक्टिविटी की आवश्यकता पर बल दिया। इस मामले में उन्होंने बीएसएनएल, बीबीएनएल और यूनिवर्सल सर्विस ऑब्लिगेशन फंड (यूएसओएफ) से आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। प्रवक्ता के अनुसार, माथुर ने भारत संचार निगम लिमिटेड पर (उपभोक्ताओं के) भरोसे में सुधार के लिए फाइबर नेटवर्क को बढ़ाने की आवश्यकता जताई है। उन्होंने बताया कि बीएसएनएल के अधिकारियों ने बैठक में सूचित किया कि द्रास से करगिल मार्ग पर ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने का काम प्रगति पर है। उपराज्यपाल ने लद्दाख के कठिन पहुंच वाले इलाकों, खासकर डेमचोक को कनेक्ट करने के लिए जियो द्वारा किये गये कार्यों की सराहना की है।
- चेन्नई .तमिलनाडु समन्वित पक्षी गणना 2022 का तीसरा और अंतिम चरण 26-27 मार्च के बीच आयोजित किया जाएगा, जिसमें राज्य भर में सभी संरक्षित क्षेत्रों व महत्वपूर्ण पक्षी आवासों में स्थलीय पक्षियों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। प्रधान मुख्य वन संरक्षक और मुख्य वन्यजीव वार्डन शेखर कुमार नीरज ने शनिवार को यहां यह जानकारी दी। वन विभाग ने बताया कि उसने 15 वन्यजीव अभयारण्यों, 16 पक्षी अभयारण्यों और पांच राष्ट्रीय उद्यानों की पहचान की है जहां 40 से अधिक संस्थान, गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) और वैज्ञानिक तथा नागरिक समाज समूह बड़े पैमाने पर इस कवायद को अंजाम देंगे। राज्य के 13 तटीय जिलों में 28 और 29 जनवरी को आयोजित समन्वित तमिलनाडु पक्षी गणना 2022 के पहले चरण के दौरान लगभग 80 विभिन्न प्रजातियों के करीब दस लाख पक्षियों को देखा गया था।
- नयी दिल्ली. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को कहा कि दिल्ली में आग की घटना के कारण कुछ लोगों के जान गंवाने की खबर से वह दुखी हैं। उन्होंने इस घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना भी जताई। अधिकारियों ने कहा कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में शनिवार तड़के झोपड़ियों में लगी आग के कारण सात लोगों की मौत हो गयी, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने हिन्दी में किये गये ट्वीट में कहा है, ‘‘गोकुलपुरी, दिल्ली में आग लगने से हुई दुर्घटना में कई लोगों के हताहत होने की खबर अत्यंत दुखद है। मैं सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
- नई दिल्ली। उत्तर पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी गांव की झुग्गियों में देर रात करीब एक बजे भीषण आग लग गई। इसमें सात लोगों की मौत हो गई है। जबकि करीब 60 से अधिक झुग्गियां जल गई हैं। मौके पर पहुंची दमकल की 13 गाडिय़ां ने आग पर काबू पाया। हालांकि दिल्ली पुलिस के अनुसार 30 झुग्गियों में आग लगी है।दिल्ली फायर डायरेक्टर अतुल गर्ग ने बताया कि आग काफी बड़ी थी, 7 लोगों के शव अलग-अलग जगह से मिले हैं। ऐसा प्रतीत हो रहा कि ये लोग सोते रह गए क्योंकि आग बहुत तेज़ी फैली और वो निकल नहीं पाए। हादसे में 60 झुग्गियां जल गई हैं, अभी तक आग लगने की वजह नहीं पता चली है।वहीं उत्तर पूर्व दिल्ली के एडीसीपी देवाश कुमार पांडे ने बताया कि तकरीबन एक बजे हमें आग लगने की सूचना मिली थी जिसके बाद हम घटनास्थल पर पहुंचे और दमकल विभाग को ख़बर दी। तकरीबन 4 बजे आग पर क़ाबू पाया गया। हादसे में 30 झुग्गियां जलकर राख हो चुकी है और 7 लोगों की मृत्यु हुई है।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता पीयूष गोयल और धर्मेंद्र प्रधान को उत्तराखंड में भाजपा विधायक दल का नेता चुनने के लिए पर्यवेक्षक बनाया गया है। वे विधायक दल की बैठक में भाग लेने के लिए जल्दी ही देहरादून पहुंचेंगे। उधर, विधानसभा चुनावों में प्रचंड जीत पर भाजपा नेता और पार्टी कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं।
इस बीच, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। वे खटिमा से अपनी सीट नहीं बचा पाए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा- नया जनादेश मिल गया है, इस कालखंड का काम पूरा हुआ। मैंने माननीय राज्यपाल को अपने समेत पूरे मंत्रिमंडल का इस्तीफा दे दिया है। राज्यपाल ने कहा है कि जब तक नई सरकार का गठन नहीं हो जाता तब तक आप काम करेंगे ।इस बीच, नवनिर्वाचित विधायक जिला निर्वाचन अधिकारी से जीत का प्रमाण पत्र पाने के बाद देहरादून पहुंचने शुरू हो गए हैं। विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 70 सीटों में से 47 सीटें जीतकर बहुमत प्राप्त कर सरकार बनाने की तैयारी में है। कांग्रेस ने 19, बहुजन समाज पार्टी और निर्दलीयों ने 2-2 सीटें जीती हैं।उधर, कांग्रेस के नेता विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर मंथन कर रहे हैं।मणिपुर में विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत के बाद से सरकार गठन की गतिविधियां जोरो पर हैं। भाजपा ने आज सुबह इम्फाल में पार्टी कार्यालय में चर्चा की और मणिपुर प्रदेश पार्टी प्रभारी संबित पात्रा के पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं से मिलने के लिए आज इम्फाल से दिल्ली रवाना होने की संभावना है। मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल 19 मार्च को समाप्त हो रहा है।पंजाब में आम आदमी पार्टी प्रचण्ड बहुमत के बाद नई सरकार बनाने की तैयारी में है । आम आदमी पार्टी के पंजाब में मुख्यमंत्री उम्मीदवार भगवंत मान ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से मुलाकात की। वे दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल के साथ 13 मार्च को अमृतसर में रोड शो भी करेंगे।पार्टी सूत्रों ने बताया कि पंजाब की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 16 मार्च को खटकर कलां में आयोजित किया जाएगा। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल इसी दिन समाप्त हो रहा है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि अभी केवल पांच से छह मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। हालांकि अंतिम निर्णय आज लिया जाएगा। श्री भगवंत मान आज मोहाली में नवनिर्वाचित विधायकों से भी मिलेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए कल राज्यपाल भवन जाएंगे।इस बीच, निवर्तमान मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने आज अपने मंत्रिमण्डल की आखिरी बैठक बुलाई। बैठक के बाद उन्होंने अपना त्यागपत्र राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को सौंप दिया। श्री चन्नी ने पत्रकारों को बताया कि राज्यपाल ने उन्हें अगली सरकार बनने तक पद पर बने रहने को कहा है। श्री चन्नी ने कहा कि आज की बैठक में 15वीं विधानसभा को भंग करने के लिए राज्यपाल से सिफारिश की। -
नई दिल्ली। ऑपरेशन गंगा के तहत विद्यार्थियों का एक और जत्था आज सुबह भारत लौटा। सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने नई दिल्ली में हवाई अड्डे पर इन विद्यार्थियों का स्वागत किया। ट्वीट में श्री ठाकुर ने कहा कि सरकार यूक्रेन से सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रतिबद्ध है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि वह राष्ट्रीय राजधानी में नगर निगम चुनाव होने दें। उन्होंने कहा कि चुनाव टालने से लोकतांत्रिक प्रणाली कमजोर होती है। दिल्ली राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निगमों के विलय के बारे में केन्द्र से एक सूचना मिलने के बाद यहां दक्षिणी दिल्ली नगर निगम, उत्तरी दिल्ली नगर निगम और पूर्वी दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा बुधवार को टाल दी थी। उसने कहा था कि वह दिल्ली के तीन नगर निगमों के एकीकरण के लिए एक विधेयक लाने की केन्द्र की योजना के बाद चुनाव कराए जाने के मुद्दे पर कानूनी सलाह लेगा।केजरीवाल ने पूछा, ‘‘ जनता इस कदम पर सवाल उठा रही है। केन्द्र पिछले सात-आठ साल से सत्ता में है, उन्होंने पहले इनका एकीकरण क्यों नहीं किया?’’मुख्यमंत्री ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ निर्धारित संवाददाता सम्मेलन (बुधवार को) से एक घंटे पहले ही उन्हें यह क्यों याद आया कि उन्हें तीनों नगर निकाय का एकीकरण करना है? भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को पता है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) की लहर है और वे चुनाव हार जाएंगे।’चुनाव और तीन नगर निगमों के एकीकरण के बीच संबंध पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ चुनाव का तीन नगर निगमों के एकीकरण से क्या लेना-देना है? चुनाव के बाद चुने गए नए पार्षद तीन नगर निगम होने पर अपने-अपने कार्यालयों में बैठेंगे। अगर इनका एकीकरण होता है तो वे एकसाथ बैठेंगे।’’केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी से चुनाव सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।उन्होंने कहा, ‘‘ मैं हाथ जोड़कर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चुनाव होने देने का आग्रह करता हूं। सरकारें आती-जाती रहेंगी। देश सर्वोपरि है राजनीतिक दल नहीं। अगर हम निर्वाचन आयोग पर दबाव बनाएंगे, तो संस्थान कमजोर होंगे। हमें संस्थाओं को कमजोर नहीं होने देना चाहिए क्योंकि इससे लोकतंत्र तथा देश कमजोर होता है।’’शहर के तीनों निगम पर वर्तमान में भाजपा का शासन है, जो 2012 में तत्कालीन एकीकृत दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के विभाजन के बाद से नगर निकायों को नियंत्रित कर रही है। निर्वाचन आयोग ने बुधवार को कहा था कि केन्द्र सरकार, दिल्ली के तीन नगर निगमों का एकीकरण करने के लिए संसद के बजट सत्र में एक विधेयक लाने की योजना बना रही है और चूंकि चुनाव आयोग उपराज्यपाल अनिल बैजल से मिली जानकारी पर गौर रहा है, इसलिए उसने तारीखों की घोषणा टालने का फैसला किया है।
- अहमदाबाद (गुजरात)। उत्तर प्रदेश, मणिपुर, उत्तराखंड और गोवा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात में रोड शो किया।फूल मालाओं से सजी गाड़ी में सवार मोदी भगवा रंग की टोपी पहने नजर आए। मोदी ने रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर जमा सैकड़ों समर्थकों तथा प्रशंसकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। हवाई अड्डे से शुरू हुआ रोड शो करीब 10 किलोमीटर दूर गांधीनगर में भाजपा के राज्य मुख्यालय ‘कमलम’ पर समाप्त हुआ।गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल तथा भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष सी. आर. पाटिल भी मोदी के साथ मौजूद थे।मोदी ने इस दौरान हाथ से ‘‘वी फॉर विक्टरी (जीत)’’ का चिन्ह बनाया जिसे देखकर उत्साहित समर्थकों ने उनके समर्थन में नारेबाजी की। भाजपा के कई कार्यकर्ता भी रोड शो में शामिल हुए।वहीं, रास्ते में कई स्थानों पर सड़क किनारे लगे मंचों पर कलाकारों ने शास्त्रीय एवं पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति दी। रास्ते में मोदी के पोस्टर भी लगे नजर आएं। कई पोस्टर पर रोड शो का मार्ग भी चिह्नित था। इनमें से एक पर यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को देश वापस लाने के लिए चलाए ‘ऑपरेशन गंगा’ के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी गईं थी।रोड शो के दौरान लोग प्रधानमंत्री के वाहन के करीब आते ही ‘‘मोदी मोदी’’ के नारे लगाने लगते थे।इस रोड शो को गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है, जो इस साल दिसंबर में होने हैं।भाजपा के एक कार्यकर्ता ने कहा, ‘‘ गुजरात में केवल भाजपा जीतेगी। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के यहां आने की कोई गुंजाइश नहीं है, यह मोदी का गृह राज्य है।’’यूक्रेन से भारतीय छात्रों को सुरक्षित वापस लाने के लिए भाजपा की एक महिला कार्यकर्ता ने मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘ भारत का एक सपूत (मोदी) देश के हजारों बेटे-बेटियों को युद्धग्रस्त क्षेत्र से सुरक्षित वापस ले आया। वह गुजरात आए हैं, हम उनका स्वागत करके खुश हैं।’’यूक्रेन से लौटे कुछ छात्र भी भीड़ का हिस्सा थे और उन्होंने छात्रों को वापस लाने के प्रयासों के लिए मोदी और केन्द्र सरकार की सराहना की।लोगों को रोड शो दिखाने के लिए रास्ते में कई ‘स्क्रीन’ भी लगाई गईं थीं।गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा, ‘‘ हम आश्वस्त हैं कि गुजरात में दिसंबर में होने वाले चुनाव में भाजपा की जीत होगी।’’पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि गांधीनगर में भाजपा के राज्य मुख्यालय ‘कमलम’ पहुंचने के बाद मोदी ने गुजरात विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भाजपा की राज्य इकाई के नेताओं के साथ बैठक की।
-
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने एक बार फिर ये बड़ी सुविधा बहाल करने का ऐलान किया है। जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलने वाली है। दरअसल रेल मंत्रालय लंबी दूरी की ट्रेनों में फिर से यात्रियों को कंबल और बेडिंग देने का ऐलान किया है। भारतीय रेलवे ने मार्च-2020 से यात्रियों को चादर, तकिया और कंबल देना बंद कर दिया था। कोरोना महामारी की वजह से यात्रियों को ये सुविधा नहीं मिल रही थी. लेकिन अब रेलवे ने तत्काल प्रभाव से इस सेवा को लागू करने का ऐलान किया है। यानी आज से यात्रियों को सफर के दौरान कंबल और चादर मिलेंगे। इसके लिए रेलवे बोर्ड ने सभी रेलवे जोन के महाप्रबंधकों को जारी एक आदेश में कहा कि इन वस्तुओं की आपूर्ति तत्काल प्रभाव से फिर से शुरू की जाए. । रेलवे की ओर से सभी ट्रेनों के एसी कोचों (AC Coach) में कंबल, तकिया और चादर की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। गरीब रथ जैसी ट्रेनों में ये वैकल्पिक सुविधा है। अब कोरोना के मामलों में गिरावट को देखते हुए रेलवे ने इस सुविधा का बहाल करने का निर्णय लिया है।
-
कटिहार। बिहार के कटिहार जिले के कोढ़ा थाना अंतर्गत मुसापुर चौक के समीप एक कार में राष्ट्रीय राजमार्ग 31 से गुजर रहे एक मवेशी व्यापारी से अज्ञात अपराधियों ने गुरुवार को 16 लाख 30 हजार रुपये लूट लिये। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि लूट की इस वारदात में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। उन्होंने बताया कि इलाके की नाकेबंदी करके छापेमारी की जा रही है। इस वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी दो मोटरसाइकिल पर सवार थे और उनकी संख्या छह थी। उन्होंने बताया कि अपराधियों ने बिहारीगंज से कटिहार आ रहे मवेशी व्यापारी की चलती कार पर गोलीबारी करके उन्हें रोका और घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
- अहमदाबाद। गुजरात भाजपा ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश सहित चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत का जश्न मनाया और सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित केंद्रीय नेतृत्व की कड़ी मेहनत और समर्पण को दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर नृत्य किया, मिठाइयां बांटी और चुनावी जीत का जश्न मनाने के लिए यहां राज्य पार्टी मुख्यालय श्री कमलम में बड़ी संख्या में एकत्र हुए। इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गुजरात भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल भी मौजूद थे। गुजरात में इस साल के अंत में चुनाव होने हैं। पाटिल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कड़ी मेहनत, समर्पण, सुशासन और विकास के कारण मिली है ।'' उन्होंने पार्टी के चुनावी प्रदर्शन पर मोदी, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह को बधाई दी। मुख्यमंत्री पटेल ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में सरकार और पार्टी संगठन ने लोगों के उत्थान के लिए योजनाएं बनाई और शुरू कीं और लोगों के घर तक उनका लाभ पहुंचाया, यही वजह है कि भाजपा फिर से चुनी जा रही है । पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्य के विभिन्न शहरों जैसे राजकोट, वडोदरा और सूरत में विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत का जश्न मनाया।
- खगड़िया । बिहार के खगड़िया जिले के नगर थाना अंतर्गत एमजी रोड स्थित एक बैंक की एक शाखा से अज्ञात नकाबपोश अपराधियों ने गुरुवार को करीब 40 लाख रुपये लूट लिये।पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। उन्होंने बताया कि लूट के दौरान अपराधियों ने पिस्तौल से हमला करके बैंक सुरक्षा गार्ड को जख्मी कर दिया। उन्होंने बताया कि अपराधियों की संख्या छह थी और वे लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
-
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को सिराथू विधानसभा सीट पर पराजय का सामना करना पड़ा है। निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित परिणाम के मुताबिक, भाजपा उम्मीदवार मौर्य को समाजवादी पार्टी प्रत्याशी पल्लवी पटेल ने 7,337 मतों से पराजित किया। पल्लवी को 1,06,278 वोट मिले जबकि केशव प्रसाद मौर्य को 98,941 मत प्राप्त हुए।पल्लवी समाजवादी पार्टी के सहयोगी अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने शुरू से ही मौर्य पर बढ़त बना कर रखी थी। हालांकि, दोनों के बीच लगातार बहुत कांटे की टक्कर रही लेकिन अंत में जीत पल्लवी के खाते में गई। बाद में मौर्य ने ट्वीट कर मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।
मौर्य ने कहा, ''सभी समर्थकों, मित्रों, शुभचिंतकों के प्रति आभार प्रकट करता हूं, जिन्होंने दिन रात परिश्रम करके चुनाव में सहयोग किया हैं हम सभी के लिए ख़ुशी की बात है कि प्रदेश के साथ चारों राज्यों में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की नीतियों के कारण फिर से भाजपा की सरकार बन रही है।'' गौरतलब है कि केशव प्रसाद मौर्य वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड जीत के वक्त भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष थे। - चंडीगढ़ । पंजाब में आम आदमी पार्टी सत्तासीन होने जा रही है जिसने गुरुवार को हुई मतगणना में राज्य विधानसभा की 117 में से 92 सीटों पर जीत हासिल कर ली है और कांग्रेस तथा अकाली दल-बसपा गठबंधन को उसने काफी पीछे छोड़ दिया है। इस चुनाव में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, शिरोमणि अकाली दल के कद्दावर नेता प्रकाश सिंह बादल, उनके पुत्र सुखबीर सिंह बादल और अमरिंदर जैसे बड़े नेता हार गये हैं। आप ने जहां राज्य में तीन चौथाई सीटों पर जीत हासिल की है, वहीं कांग्रेस को 18, अकाली दल को 3, भाजपा को दो और बसपा को 1 सीट से संतोष करना पड़ा है। एक निर्दलीय प्रत्याशी ने भी चुनाव जीता है। आप अब दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की सरकार के बाद देश में दूसरी सरकार बनाएगी।आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में पार्टी के प्रदर्शन को ‘क्रांति' करार दिया, वहीं उनकी पार्टी के नेता राघव चड्ढा ने कहा कि आप आने वाले दिनों में राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के विकल्प के रूप में उभरेगी। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी चमकौर साहिब और भदौर दोनों ही विधानसभा सीटों से पराजित हो चुके हैं, वहीं पूर्व मुख्यमंत्रियों प्रकाश सिंह बादल और अमरिंदर सिंह को भी हार का सामना करना पड़ा है। अकाली नेता सुखबीर सिंह बादल भी हार चुके हैं। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू , वरिष्ठ अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया और पंजाब सरकार के कई मंत्रियों के खाते में हार आई है। राज्य में चुनाव जीतने वाले प्रमुख चेहरों में आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान धूरी से, विपक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा दिरबा से, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अश्विनी कुमार शर्मा पठानकोट से, कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा कादियां से और मंत्री राणा गुरजीत सिंह कपूरथला से हैं। पंजाब में 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 77 सीटों पर जीत दर्ज करने के साथ 10 साल से सत्तासीन अकाली दल-भाजपा गठबंधन की सरकार को सत्ता से बेदखल किया था। उस चुनाव में आप को 20 सीटें मिली थीं, वहीं अकाली दल-भाजपा के खाते में 8 सीटें आई थीं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हिंदी में ट्वीट किया, ‘‘पंजाब की जनता को इस क्रांति के लिए बहुत बधाई।'' उन्होंने भगवंत मान के साथ अपनी एक तस्वीर भी डाली।मान ने धूरी में कांग्रेस उम्मीदवार दलवीर सिंह गोल्डी को 58,206 मतों के अंतर से हराया है।मान ने धूरी में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में नहीं, बल्कि खटकड़ कलां में होगा। तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।'' उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी कार्यालय में मुख्यमंत्री की तस्वीर नहीं लगेगी, इसके बजाय भगत सिंह और डॉ. बी. आर. आंबेडकर की तस्वीरें लगाई जाएंगी। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर काम करने की अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों ने ‘आप' को वोट नहीं दिया, उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है क्योंकि सरकार समाज के सभी वर्गों के लिए काम करेगी। मान ने कहा कि उनकी सरकार स्कूलों, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि को बेहतर बनाने, महिलाओं की सुरक्षा और खेल के बुनियादी ढांचे में सुधार पर ध्यान केन्द्रित करेंगी। उन्होंने कहा कि सभी गांवों में खेल ट्रैक और स्टेडियम बनाए जाएंगे। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि पंजाब को धीरे-धीरे सही रास्ते पर लाया जाएगा और एक महीने के बाद बदलाव महसूस किया जायेगा। अपने पूर्ववर्तियों, अमरिंदर सिंह और प्रकाश सिंह बादल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘पहले की सरकारें मोतीबाग पैलेस (पटियाला में अमरिंदर सिंह का निजी आवास) और बड़ी दीवारों वाले घर (लांबी में बादल का घर) से चलती थीं, लेकिन अब पंजाब राज्य के लोगों का है।'' उन्होंने कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के दिग्गजों पर चुनाव में लोगों की आंखों में धूल झोंकने का आरोप लगाया और कहा कि अगर इरादे साफ हों तो कुछ भी संभव है। उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब को अब फिर से पंजाब बनाया जाएगा।'' उधर, चन्नी ने ट्वीट कर कहा कि वह पंजाब के लोगों का जनादेश विनम्रता से स्वीकार करते हैं। उन्होंने कहा, “ मैं पंजाब के लोगों का फैसला विनम्रता से स्वीकार करता हूं और आम आदमी पार्टी और उनके निर्वाचित मुख्यमंत्री भगवत मान जी को जीत के लिए बधाई देता हूं। मुझे उम्मीद है कि वे लोगों की आकांक्षाओं पर खरे उतरेंगे।” प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने भी आप को बधाई दी।अमरिंदर सिंह ने कहा कि उन्होंने पूरी विनम्रता से जनादेश को स्वीकार किया है।सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि पार्टी तहेदिल से जनादेश को स्वीकार करती है।
- पणजी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गोवा में सत्ता विरोधी लहर से पार पाते हुए विधानसभा की 20 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है। साथ ही, वह क्षेत्रीय दल महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) और तीन निर्दलीय विधायकों के समर्थन से राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। गोवा विधानसभा की 40 सीटों में भाजपा को 20 सीटों पर जीत मिली है, जो बहुमत से केवल एक सीट कम है। भाजपा ने 2017 की तुलना में अपने प्रदर्शन में सुधार किया है, जब पार्टी को 13 सीटों पर जीत मिली थी। चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक कांग्रेस को 11 सीटों पर जीत मिली है, जबकि उसके सहयोगी दल गोवा फॉरवार्ड पार्टी (जीएफपी) को एक सीट पर जीत मिली। कांग्रेस को पिछली बार के मुकाबले छह सीटों का नुकसान हुआ है। कांग्रेस को 2017 के चुनाव में 17 सीटों पर जीत मिली थी। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक तीन निर्दलीय उम्मीदवार भी विधानसभा में पहुंचे हैं। आम आदमी पार्टी और एमजीपी ने दो-दो सीटें जीतीं, जबकि रिवोल्यूशनरी गोवा पार्टी ने एक सीट पर जीत दर्ज की। चुनाव पूर्व एमजीपी के साथ गठबंधन करने वाली तृणमूल कांग्रेस को एक भी सीट पर जीत नहीं मिली है।सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी भाजपा ने तीन निर्दलीय विधायकों और एमजीपी का समर्थन भी हासिल कर लिया है, जिससे विधानसभा में उसके पास विधायकों की संख्या बढ़ कर 25 हो गयी। जो बहुमत के आंकड़े से अधिक है। गोवा में सरकार बनाने के लिए 21 सीटों की जरुरत है। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि एमजीपी ने सरकार गठन के लिए भाजपा को बिना शर्त समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा शुक्रवार को अपने नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक के दौरान राज्य में नेतृत्व के मुद्दे पर चर्चा करेगी। भाजपा के गोवा चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सरकार बनाने का दावा करने पर फैसला शुक्रवार को पार्टी विधायक दल की बैठक के बाद लिया जाएगा। फडणवीस ने कहा कि एमजीपी ने औपचारिक रूप से भाजपा को सरकार गठन में समर्थन देने के लिए एक पत्र सौंपा है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "एमजीपी के दोनों विजेता उम्मीदवार तीन निर्दलीय विधायकों के साथ भाजपा का समर्थन करेंगे।" प्रमोद सावंत ने कहा कि नेतृत्व पर अभी कोई फैसला नहीं किया गया है और इस मुद्दे पर शुक्रवार को पार्टी के विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक की मौजूदगी में चर्चा की जाएगी।
- इंफाल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में स्पष्ट जीत हासिल की है और 60 सीटों में 32 सीटों पर जीत दर्ज की। विपक्षी दल कांग्रेस अपना अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन करते हुए सिर्फ पांच सीटों पर सिमट गई जबकि 2017 में वह सबसे बड़ी पार्टी थी। हालांकि, तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके ओ इबोबी सिंह ने थौबल सीट से जीत हासिल की। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) ने छह और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) ने सात सीटें जीती। नगा पीपुल्स फ्रंट को पांच सीटें मिली। जद(यू) को पिछले चुनाव में जीत नहीं मिली थी। दो सीटों पर कूकी पीपुल्स अलायंस को जीत मिली है। तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। इस बार भाजपा का मत प्रतिशत 37.8 फीसदी रहा। कांग्रेस अपने खराब प्रदर्शन के बावजूद 16.8 प्रतिशत मत पाकर सम्मानजनक प्रदर्शन करने में सफल रही। भाजपा की प्रदेश इकाई की प्रमुख ए. शारदा देवी से जब यह पूछा गया कि क्या कोई नया मुख्यमंत्री होगा या एन. बीरेन सिंह मुख्यमंत्री बने रहेंगे, तो उन्होंने कहा, ‘‘एक राष्ट्रीय दल के रूप में हमारे पास एक संसदीय बोर्ड है, जो राज्य इकाई के पदाधिकारियों के परामर्श से तय करेगा कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।'' भाजपा ने मणिपुर में 2017 में सिर्फ 21 सीट जीतने के बावजूद, क्षेत्रीय दलों एनपीपी और एनपीएफ के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। विधानसभा में भाजपा की ताकत बाद में बढ़कर 28 हो गई थी। बीरेन सिंह ने कहा, ‘‘गठबंधन एक ऐसा विषय है जिस पर केंद्रीय नेतृत्व फैसला करेगा।'' जबकि पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि दोनों सहयोगी दल भाजपा को समर्थन देने की पेशकश कर चुके हैं।
- देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता के रथ पर सवार होकर भाजपा ने गुरुवार को दो तिहाई बहुमत के साथ उत्तराखंड में सत्ता में वापसी कर एक नया इतिहास रच दिया। विधानसभा चुनाव के गुरुवार को घोषित परिणामों में 70 में से 47 सीटों पर विजय पताका फहराने के साथ ही भाजपा ने बहुमत के 36 के जादुई आंकड़े को आसानी से पार करते हुए सत्ता की दौड़ में फिर बाजी मार ली। वर्ष 2000 में उत्तर प्रदेश के पुनर्गठन के बाद अस्तित्व में आए इस प्रदेश के चुनावी इतिहास में किसी भी पार्टी ने लगातार दो बार सरकार नहीं बनायी है और भाजपा और कांग्रेस बारी-बारी से सत्ता में आती रही हैं। हालांकि, इस बार अपने लिए 60 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित करने वाली भाजपा अपने पुराने प्रदर्शन को नहीं दोहरा पायी। पिछले चुनाव में भाजपा ने 70 में से 57 पर जीत हासिल कर जबरदस्त जनादेश हासिल किया था। सत्ता विरोधी लहर के दम पर सरकार बनाने का सपना देख रही कांग्रेस का प्रदर्शन भी आशानुरूप नहीं रहा और उसके मुख्यमंत्री पद के अघोषित दावेदार हरीश रावत सहित कई दिग्गज उम्मीदवार चुनाव हार गए। हालांकि, उसने 2017 के अपने पिछले प्रदर्शन में कुछ सुधार करते हुए 18 सीटें अपने नाम कीं । पिछले चुनाव में कांग्रेस महज 11 सीटों पर सिमट गयी थी। प्रदेश में दो-दो सीटें बहुजन समाज पार्टी तथा निर्दलीय के खाते में गयी हैं।इस बीच, चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी विधानसभा सीट खटीमा को बरकरार रखने में विफल रहने से, हालांकि, भाजपा की जीत का मजा किरकिरा हो गया। धामी कांग्रेस के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष भुवन चंद्र कापड़ी से 6,579 मतों के अंतर से पराजित हो गए। धामी मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री रहे स्वामी यतीश्वरानंद हरिद्वार ग्रामीण सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी अनुपमा रावत से हार गए। अनुपमा कांग्रेस नेता हरीश रावत की पुत्री हैं। प्रदेश में कांग्रेस के चुनावी अभियान की अगुवाई करने वाले रावत लालकुआं सीट से भाजपा प्रत्याशी मोहन सिंह बिष्ट से 17,527 वोटों के भारी अंतर से हार गए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी श्रीनगर सीट से निवर्तमान विधायक धनसिंह रावत के हाथों पराजित हो गए। जागेश्वर सीट पर अब तक अजेय रहे कांग्रेस के एक और दिग्गज गोविंद सिंह कुंजवाल भाजपा के मोहन सिंह से 5,883 मतों से हार गए। देहरादून जिले के रायपुर से भाजपा के उमेश शर्मा काउ ने एक बार फिर 30,052 मतों से अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के हीरा सिंह बिष्ट को हराकर न केवल अपनी सीट बरकरार रखी बल्कि प्रदेश में सबसे बड़ी जीत भी हासिल की। पिछले चुनाव में भी काउ ने 36,000 मतों से प्रदेश में सबसे बड़े अंतर से जीत हासिल की थी। आम आदमी पार्टी के मुफ्त बिजली, मुफ्त तीर्थयात्रा और बेरोजगारी भत्ता सहित अन्य वादे प्रदेश की जनता को लुभाने में विफल रहे और उसका खाता भी नहीं खुल पाया। आप के मुख्यमंत्री पद के चेहरे रिटायर्ड कर्नल अजय कोठियाल गंगोत्री सीट पर भाजपा के सुरेश चौहान और कांग्रेस के विजयपाल सिंह सजवाण के बाद तीसरे स्थान पर रहे। आप ने प्रदेश की सभी 70 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ा था।



















.jpg)

.jpg)





