- Home
- देश
- नयी दिल्ली। वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनी स्पाइस मनी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर एक वर्ष के लिए अपने व्यापारी समुदाय के परिवारों की महिलाओं और बेटियों की शिक्षा के लिए धन मुहैया कराने की घोषणा की है। स्पाइस मनी ने 'अधिकारिस' नाम के अपने दस लाख से अधिक व्यापारी नेटवर्क के परिवार के भीतर महिलाओं और लड़कियों को शिक्षित करने के लिए शिक्षा प्रौद्योगिकी स्टार्टअप स्पीड लैब्स के साथ हाथ मिलाया है। कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘भविष्य की महिलाओं और अधिकारिस की बेटियों को उन्नत ऑनलाइन शिक्षा (स्कूल पाठ्यक्रम कक्षा 6 से 12 के साथ-साथ कॉलेज/पेशेवर डिग्री) का मौका मिलेगा। इस पहल के तहत उनकी एक साल की शिक्षा का खर्च उठाया जाएगा।
- मुंबई। देश में 91 प्रतिशत लोगों का मानना है कि जीवन बीमा खरीदना जरूरी है लेकिन केवल 70 प्रतिशत लोग ही बीमा पॉलिसी खरीदने के इच्छुक है। एक सर्वेक्षण में यह कहा गया है। जीवन बीमा परिषद (एलआईसी) द्वारा किए गए सर्वेक्षण में जीवन बीमा के प्रति लोगों की धारणा को समझने के लिए देशभर के 40 शहरों में 12,000 से अधिक लोगों की राय ली गई है। सर्वेक्षण में पाया गया कि कोविड-19 महामारी के कारण जीवन बीमा खरीदने वाले लोगों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। हालांकि, जीवन बीमा खरीदने के महत्व को लेकर अभी भी कई लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। सर्वेक्षण के अनुसार, देश में 91 प्रतिशत लोग मानते हैं कि जीवन बीमा खरीदना जरूरी है लेकिन 70 प्रतिशत ही बीमा खरीदने के इच्छुक हैं। सर्वेक्षण में शामिल कुल उत्तरदाताओं में से 71 प्रतिशत के पास या तो पहले से ही जीवन बीमा है या वे खरीदने के इच्छुक हैं।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि यह गौरव की बात है कि देश की वित्त मंत्री एक महिला है और उन्होंने एशिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के लिए इस वर्ष बहुत ही प्रगतिशील बजट पेश किया। ‘‘विकास और आकांक्षी अर्थव्यवस्था के लिए वित्तपोषण'' विषय पर आयोजित एक वेबिनार को संबोधित करते हुए उसमें शामिल महिलाओं को प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने कहा, ‘‘यह गौरव की बात है कि हम आज जब बजट के संदर्भ में चर्चा कर रहे हैं तो भारत जैसे विशाल देश की वित्त मंत्री भी एक महिला हैं, जिन्होंने इस बार देश को एक बड़ा प्रगतिशील बजट दिया है।'' ज्ञात हो कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक फरवरी को लगातार चौथी बार केंद्रीय बजट पेश किया था।इससे पहले, प्रधानमंत्री अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी शक्ति को नमन किया और कहा कि केंद्र सरकार सम्मान और अवसरों पर विशेष जोर के साथ अपनी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिला सशक्तीकरण पर अपना ध्यान केंद्रित करती रहेगी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भारत की विकास यात्रा में अपनी नारी शक्ति को आगे रखने के लिए वित्तीय समावेश से लेकर सामाजिक सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य देखभाल से लेकर आवास, शिक्षा से लेकर उद्यमिता जैसे कई प्रयास किए गए। आने वाले समय में ये प्रयास और जोश के साथ जारी रहेंगे।'' उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘महिला दिवस पर मैं नारी शक्ति और विभिन्न क्षेत्रों में उनकी उपलब्धियों को नमन करता हूं। भारत सरकार सम्मान और अवसरों पर विशेष जोर के साथ अपनी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिला सशक्तीकरण पर अपना ध्यान केंद्रित करती रहेगी।'' आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है।-
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को वैश्विक निवेशकों के साथ ही ढांचागत, रियल एस्टेट और कानूनी क्षेत्र के जानकारों को केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण की रणनीति, परिसंपत्ति मौद्रिकरण और वृद्धि में उनके योगदान के विषय पर संबोधित करेंगे। निवेश एवं लोक संपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) नीति आयोग के साथ मिलकर इस बजट-पश्चात परिचर्चा वेबिनार का आयोजन कर रहा है। इसमें 22 मंत्रालयों के अलावा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के वरिष्ठ अधिकारी भी शिरकत करेंगे। मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, इस वेबिनार में वैश्विक सॉवरेन कोष, निजी इक्विटी, वैश्विक पेंशन कोष, निवेश बैंक, परिसंपत्ति मौद्रिकरण कंपनियों के प्रतिनिधियों के अलावा कानूनी जानकार भी शामिल होंगे। इनके अलावा उत्तरी अमेरिका, यूरोप, पश्चिम एशिया, एशिया एवं सुदूर पूर्व और ऑस्ट्रेलिया से जुड़े हितधारक भी इसका हिस्सा बनेंगे। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वेबिनार के समापन सत्र को संबोधित करेंगी।इस वेबिनार में शामिल प्रतिभागियों से मिले मूल्यवान सुझावों का इस्तेमाल दीपम भारत सरकार के निजीकरण, परिसंपत्ति मौद्रिकरण एवं विनिवेश कार्यक्रम के लिए सशक्त क्रियान्वयन रणनीति तैयार करने में करेगा। सरकार ने अगले वित्त वर्ष के बजट में केंद्रीय उपक्रमों के विनिवेश से 65,000 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है।
- नयी दिल्ली. भारत, बांग्लादेश, नेपाल और भूटान ने यात्री एवं माल वाहक प्रोटोकॉल पर चर्चा की और कारोबार को सुगम बनाने एवं लोगों से लोगों के बीच सम्पर्क को बढ़ावा देने के लिए मोटर वाहन समझौता (एमवीए) को शीघ्रता से लागू करने की आवश्यकता पर सहमति जतायी। विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, भारत, बांग्लादेश, नेपाल और भूटान ने 7-8 मार्च को भूटान, बांग्लादेश, भारत एवं नेपाल मोटर वाहन समझौता (बीबीआईएन एमवीए) पर बैठक की । इस बैठक में भूटान ने पर्यवेक्षक के रूप में भाग लिया । बयान के अनुसार, इस बैठक में यात्री एवं माल वाहक प्रोटोकॉल पर चर्चा हुई जो भारत, बांग्लादेश, नेपाल और भूटान के बीच यात्री एवं माल वाहक यातायात परिवहन के नियमन के उद्देश्य से बीबीआईएन एमवीए समझौते को लागू करने के लिये जरूरी है। इस समझौते पर 15 जून 2015 को हस्ताक्षर किये गए थे । इसमें कहा गया है कि बैठक में बीबीआईएन एमवीए समझौता को लागू करने के लिये उच्च स्तर पर व्यक्त की गई प्रतिबद्धताओं को रेखांकित किया गया तथा इसको लेकर एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) को अंतिम रूप दिया गया जिस पर हस्ताक्षर किये जायेंगे । बयान के अनुसार, सभी देशों ने कारोबार को सुगम बनाने एवं लोगों से लोगों के बीच सम्पर्क को बढ़ावा देने के लिये मोटर वाहन समझौता (एमवीए) को शीघ्रता से लागू करने की जरूरत बतायी। इस बैठक में भारतीय शिष्टमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव स्मिता पंत ने किया जबकि बांग्लादेश शिष्टमंडल का नेतृत्व वहां के विदेश मंत्रालय में दक्षिण एशिया महानिदेशक ए टी एम रकीबुल हक, नेपाली शिष्टमंडल का नेतृत्व परिवहन एवं आधारभूत ढांचा मंत्री केशव कुमार शर्मा तथा भूटान के शिष्टमंडल का नेतृत्व भूटानी दूतावास के प्रथम सचिव थिनले नोयबू ने किया ।
- नोएडा (उप्र) .नोएडा के बीटा-2 क्षेत्र में पुलिस ने पालतू कुत्ते को कुचलने वाले ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को भी जप्त कर लिया है। थाना बीटा-2 के थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि एडब्ल्यूएचओ सोसायटी की विदुषी चौधरी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक इनोवा कार चालक ने 28 फरवरी को उसके पालतू कुत्ते जोरा को टक्कर मार दी, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। सिंह ने बताया कि पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है और उसने आज कार चालक को गिरफ्तार कर लिया । पुलिस ने घटना में प्रयुक्त इनोवा कार भी बरामद कर लिया है।
- नयी दिल्ली. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने मंगलवार को कोविड टीकाकरण कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 72 महिलाओं को सम्मानित किया और कहा कि महिलाओं के योगदान के बिना स्वास्थ्य क्षेत्र का विकास अधूरा है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंडाविया ने कहा कि टीकाकरण अभियान में महिलाओं की निस्वार्थ सेवा के चलते ही भारत सफलतापूर्वक महामारी से निपट सका है। उन्होंने कहा, ''महिलाओं के योगदान के बिना स्वास्थ्य क्षेत्र का विकास अधूरा है। हमारी एएनएम और आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास का स्तंभ हैं। हमारी आशा कार्यकर्ता देश की सेवा के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।'' स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वे दुर्गम इलाकों में भी अंतिम छोर पर स्थित प्रत्येक घर तक पहुंच कर हर पात्र व्यक्ति का टीकाकरण सुनिश्चित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि 'हर घर दस्तक' अभियान के अंतर्गत आशा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों को टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही उनकी हिचकिचाहट को दूर किया।
- नयी दिल्ली. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मंगलवार को महिलाओं के सशक्तीकरण में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 29 महिलाओं को 2020 और 2021 के लिये नारी शक्ति पुरस्कार प्रदान किए । राष्ट्रपति ने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिये उत्कृष्ट सेवाएं देने वाली 29 महिलाओं को 28 पुरस्कार प्रदान किये । इनमें 2020 के लिये 14 पुरस्कार और 2021 के लिये 14 पुरस्कार शामिल हैं । गौरतलब है कि ‘नारी शक्ति पुरस्कार' व्यक्तियों और संस्थानों द्वारा किये जाने वाले उल्लेखनीय योगदान के लिए मान्यता स्वरूप महिला और बाल विकास मंत्रालय की पहल के तहत प्रदान किये जाते हैं। कोविड-19 महामारी से उत्पन्न परिस्थितियों के कारण 2020 का पुरस्कार समारोह 2021 में आयोजित नहीं हो पाया था। वर्ष 2020 के लिये नारी शक्ति पुरस्कार विजेताओं में उद्यमशीलता, कृषि, नवोन्मेष, सामाजिक कार्य, कला, दस्तकारी, एसटीईएमएम (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, चिकित्सा और गणित) तथा वन्यजीव संरक्षण क्षेत्र में काम करने वाली महिलाएं शामिल हैं। वर्ष 2021 के लिये नारी शक्ति पुरस्कार विजेताओं में भाषा-विज्ञान, उद्यमशीलता, कृषि, सामाजिक कार्य, कला, दस्तकारी, मर्चेंट नेवी, एसटीईएमएम, शिक्षा, साहित्य, दिव्यांगजन अधिकार आदि क्षेत्रों में योगदान देने वाली महिलाएं शामिल हैं। सम्मान पाने वाली महिलाओं में सांप पकड़ने के काम में जुटी जगदेव बोरादे शामिल हैं। इन्होंने अभी तक कम से कम 50 हजार सांपों को बचाया है और उनके प्राकृतिक पर्यावास में छोड़ा है। उन्होंने सांपों के बोर में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किये हैं। उन्हें ‘सर्प मित्र' के नाम से जाना जाता है। डाउन सिंड्रोम से पीड़ित कथक नृत्यांगना सायली नंदकिशोर अगवाने ने 100 से अधिक आयोजनों में अपना नृत्य प्रदर्शन किया है। ग्लोबल ओलम्पियाड डांस कम्पीटिशन में उन्हें कांस्य पदक प्राप्त हुआ था। दृष्टिहीन सामाजिक कार्यकर्ता टिफनी बरार को दिव्यांग ग्रामीण महिलाओं के लिए अनुकरणीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया है। जैविक खेती करने वाली उषाबेन दिनेशभाई वसावा को महिलाओं को जैविक खेती सिखाने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया है। इंटेल इंडिया की निवृत्ति राय को टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में और शोभा गस्ती को महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने में योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया है। भारत की पहली जैविक कीवी शराब ‘नारा आल्बा' का उत्पादन करने वाली उद्यमी तागे रिता ताखे को भी नारी शक्ति सम्मान दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर सोमवार को ‘नारी शक्ति पुरस्कार' से सम्मानित महिलाओं से मुलाकात की थी । मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा था कि यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि सभी महिलाएं पारिवारिक स्तर पर निर्णय लेने की प्रक्रिया का हिस्सा बनें, जो उनके आर्थिक सशक्तिकरण के परिणामस्वरूप संभव होगा।
- नयी दिल्ली. बाजार नियामक सेबी ने सार्वजनिक निर्गम में ऋण प्रतिभूतियां खरीदने वाले खुदरा निवेशकों के लिए यूपीआई प्रणाली के जरिये भुगतान से किए जाने वाले निवेश की सीमा दो लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दी है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने मंगलवार को एक परिपत्र में इसकी जानकारी देते हुए कहा कि एक मई, 2022 या उसके बाद खुलने वाली ऋण प्रतिभूतियों के सार्वजनिक निर्गमों पर नया प्रावधान लागू होगा। सेबी के मौजूदा नियमों के तहत निवेशकों को यह विकल्प मिलता है कि वे ऋण प्रतिभूतियों के निर्गम में यूपीआई प्रणाली के जरिये दो लाख रुपये मूल्य तक के कोष का निवेश कर सकते हैं। इसमें बदलाव के बाद यह निवेश सीमा बढ़कर पांच लाख रुपये हो जाएगी। बाजार नियामक ने प्रतिभागियों के साथ चर्चा के आधार पर प्रावधानों में एकरूपता लाने के लिए यूपीआई से निवेश की सीमा दो लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने का फैसला किया है। त्वरित भुगतान की प्रणाली यूपीआई का विकास भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) ने किया है। इसकी मदद से कोई व्यक्ति दूसरे व्यक्ति के खाते में रकम का अंतरण तुरंत ही कर सकता है।
- बेंगलुरु. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 का बजट ‘आत्मनिर्भर भारत' के सिद्धांत पर आधारित है। इसी के मद्देनजर बजट में ऐसे उत्पादों पर आयात शुल्क बढ़ाया गया है जिनका विनिर्माण भारत में भी होता है। सीतारमण ने भाजपा की कर्नाटक इकाई द्वारा ‘आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था' पर आयोजित परिचर्चा सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे उत्पाद जिनका उत्पादन देश के अंदर ही होता है, उन पर शुल्क नहीं बढ़ाया गया है। वित्त मंत्री ने कहा, ‘‘हर कोई कह रहा था कि आपने शुल्क घटाया है, लेकिन इसे दूसरी जगह बढ़ा दिया है। सीमा शुल्क बढ़ने की वजह से कुछ आयातित सामान आज महंगे हो गए हैं।'' सीतारमण ने कहा कि उन्होंने आयातित उत्पादों को इसलिए महंगा किया है कि लोग भारतीय सामान खरीदें।वित्त मंत्री ने कहा, ‘‘मुझे खेद है कि आपको अब आयातित के बजाय वैसा ही भारतीय उत्पाद खरीदना होगा। यदि यह भारत में उपलब्ध है, तो इसे भारत में ही खरीदें।'' हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि महत्वपूर्ण उत्पादों मसलन सेमीकंडक्टर चिप आदि पर शुल्क नहीं बढ़ाया गया है। ये उत्पाद महत्वपूर्ण हैं, लेकिन भारत में इनका विनिर्माण नहीं होता है।
- नयी दिल्ली. अक्टूबर 2019 से सितंबर 2021 तक आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों में 46.7 प्रतिशत महिलाएं हैं। एक नये अध्ययन में यह जानकारी सामने आयी है। अध्ययन के मुताबिक, मणिपुर, नगालैंड, मिजोरम, बिहार, छत्तीसगढ़, गोवा, पुडुचेरी, लक्षद्वीप, केरल और मेघालय में आयुष्मान कार्डधारक महिलाओं की संख्या पुरुष कार्डधारकों से अधिक है। इसके मुताबिक, नेटवर्क को विस्तार देते हुए उपचार के लिए करीब 27,300 निजी एवं सरकारी अस्पतालों के साथ ही योजना ने लिंग प्रतिमान के बदलाव में भी अहम योगदान दिया है क्योंकि इस योजना के तहत उपचार कराने वाले लाभार्थियों में 42 प्रतिशत से अधिक संख्या महिलाओं की रही है। अध्ययन में पाया गया कि अक्टूबर 2019 से सितंबर 2021 तक आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना के लाभार्थियों में 46.7 प्रतिशत संख्या महिलाओं की रही। इसमें पाया गया कि इसी अवधि में कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, मिजोरम, मेघालय और सिक्किम जैसे राज्यों में पुरुष लाभार्थियों के मुकाबले महिला लाभार्थियों की संख्या अधिक दर्ज की गई। अध्ययन को जारी करने के बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ आर एस शर्मा ने कहा, ''आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जनआरोग्य योजना लिंग समानता और सभी के लिए समान स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच को बढ़ावा देने में एक मिसाल पेश कर रही है।
- नयी दिल्ली. इंदिरा गांधी सेंटर फॉर एटोमिक रिसर्च (आईजीसीएआर) के निदेशक बी. वेंकटरमण ने कहा है कि तमिलनाडु के कलपक्कम स्थित भारत के ‘फास्ट ब्रीडर टेस्ट रिएक्टर' (एफबीटीआर) ने 40 मेगावाट विद्युत उत्पादन के प्रारूप स्तर के अनुरूप सोमवार शाम अपनी क्षमता हासिल की। एफबीटीआर को 10.5 मेगावाट क्षमता के साथ 1985 में सेवा में शामिल किया गया था। वेंकटरमण ने कहा कि रिएक्टर की क्षमता क्रमिक रूप से बढ़ाई गई। एफबीटीआर की क्षमता बढ़ाने के लिए रिएक्टर में कोर को एक नये 40 मेगावाट स्तर के लिए परिवर्तित किया गया और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी मापदंड मापे गये। वेंकटरमण ने कहा कि रिएक्टर को नयी कोर के साथ फिर से चालू किया गया और विद्युत उत्पादन को बढ़ा कर 40 मेगावाट किया गया।
-
आरबीआई गवर्नर दास ने 40 करोड़ फीचर फोन उपयोगकर्ताओं के लिए यूपीआई सेवा शुरू की
मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने मंगलवार को एक नई सेवा शुरू की, जिसके जरिए 40 करोड़ से अधिक फीचर फोन या सामान्य मोबाइल फोन उपयोगकर्ता सुरक्षित तरीके से डिजिटल भुगतान कर सकेंगे। जिन लोगों के पास इंटरनेट कनेक्शन नहीं है, वे यूपीआई ‘123पे' नाम से शुरू की गई इस सेवा के जरिए डिजिटल भुगतान कर सकते हैं और यह सेवा साधारण फोन पर काम करेगी। दास ने कहा कि अब तक यूपीआई की सेवाएं मुख्य रूप से स्मार्टफोन पर ही उपलब्ध हैं, जिसके चलते समाज के निचले तबके के लोग इनका इस्तेमाल नहीं कर पाते हैं। उन्होंने कहा कि खासतौर से ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसा है। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2021-22 में अब तक यूपीआई लेनदेन 76 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह आंकड़ा 41 लाख करोड़ रुपये था। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं है, जब कुल लेनदेन का आंकड़ा 100 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा। एक अनुमान के मुताबिक देश में 40 करोड़ मोबाइल फोन उपयोगकर्ताओं के पास सामान्य फीचर फोन हैं।
डिप्टी गवर्नर टी रविशंकर ने कहा कि इस समय यूपीआई सेवाएं यूएसएसडी-आधारित सेवाओं के जरिए ऐसे उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध हैं, लेकिन यह काफी बोझिल है और सभी मोबाइल परिचालक ऐसी सेवाओं की अनुमति नहीं देते हैं। आरबीआई ने कहा कि फीचर फोन उपयोगकर्ता अब चार तकनीकी विकल्पों के आधार पर कई तरह के लेनदेन कर सकते हैं। इनमें 1) आईवीआर (इंटरैक्टिव वॉयस रिस्पॉन्स) नंबर पर कॉल करना, 2) फीचर फोन में ऐप की कार्यक्षमता, 3) मिस्ड कॉल आधारित विधि और 4) सामिप्य ध्वनि आधारित भुगतान शामिल हैं। इस सेवा के जरिए उपयोगकर्ता दोस्तों और परिवार को धन भेज सकते हैं, विभिन्न उपयोगिता बिलों का भुगतान कर सकते हैं और वाहनों के फास्ट टैग को रिचार्ज करने तथा मोबाइल बिलों का भुगतान करने की सुविधा भी इसमें मिलेगी। दास ने मंगलवार को डिजिटल भुगतान के लिए एक हेल्पलाइन भी शुरू की गई, जिसे भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) ने तैयार किया है। ‘डिजीसाथी' नाम की इस हेल्पलाइन की मदद वेबसाइट - ‘डिजीसाथी डॉट कॉम' और फोन नंबर - ‘14431' और ‘1800 891 3333' के जरिए ली जा सकती है। - बांदा (उप्र). उत्तर प्रदेश में बांदा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते वक्त गिरने से एक व्यक्ति और उसकी बहन की मौत हो गयी। बांदा राजकीय रेलवे पुलिस थाना की प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अंजना सिंह ने मंगलवार को बताया कि सोमवार देर शाम बांदा रेलवे स्टेशन की प्लेटफॉर्म संख्या-दो पर आम्बेडकर नगर एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश कर रहे शिवराम मालवीय (55) और उसकी बहन उमा देवी (40) की ट्रेन से गिरने से मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि शिवराम की मौत मौके पर ही हो गयी, जबकि उसकी बहन ने कानपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। सिंह ने बताया कि शिवराम मध्य प्रदेश के भोपाल शहर का निवासी था। उमा का विवाह बांदा जिले के अतर्रा कस्बे में हुआ था। दोनों भाई-बहन भोपाल जा रहे थे। उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गयी है और उनके आने के बाद शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
- टीकमगढ़ . मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में एक ट्रक ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। बम्होरी कला थाना प्रभारी रश्मि जैन ने बताया कि यह हादसा जिला मुख्यालय से लगभग 55 किलोमीटर दूर जतारा-नौगांव रोड पर वराना गांव के पास सोमवार रात करीब आठ बजे हुआ। उन्होंने बताया कि कल्लन अहिरवार (30) और रवि अहिरवार (28) जतारा की ओर जा रहे थे, तभी संगमरमर से लदे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर घटनास्थल से फरार हो गया।
- औरंगाबाद . महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले का बाकापुर भले ही लगभग 2,000 लोगों की आबादी वाला एक छोटा सा गांव है, लेकिन लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए यहां एक सराहनीय कदम उठाया गया है। इस गांव में हर घर की नाम की तख्ती पर महिला का नाम ही नजर आता है। यह 2008 में ग्राम पंचायत द्वारा किए गए एक विशेष प्रावधान के माध्यम से संभव हो पाया है।मंगलवार को ‘महिला दिवस' के मौके पर औरंगाबाद से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित बाकापुर में हर घर के नाम की तख्ती वहां के निवासियों को गौरवान्वित महसूस कराती हैं, क्योंकि इस पर महिला के नाम को घर के मालिक या सह-मालिक के रूप में लिखा जाता है। गांव में ऐसा एक भी मकान नहीं है, जिसके बाहर पुरुष के नाम की तख्ती लगी हो। बाकापुर की सरपंच (ग्राम प्रधान) कविता साल्वे ने कहा, ‘‘ इस फैसले से मेरे गांव की महिलाओं को घरेलू मामलों में अपनी बात रखने का मौका मिला है।'' यह फैसला 2008 में लिया गया था, तब सुदामराव पलस्कर गांव के सरपंच थे।पलस्कर ने कहा, ‘‘ पहले कुछ अनुभवों के आधार पर, फैसला किया गया कि हर परिवार की महिला को उसके घर का मालिक बनाया जाए। तब ग्राम पंचायत में सात सदस्य थे। इस प्रस्ताव के खिलाफ एक भी व्यक्ति ने वोट नहीं दिया। इस फैसले से गांव के हर घर में सुरक्षा की भावना आई है, बच्चों के भविष्य के लिए भी यह अच्छा है।'' कविता साल्वे ने गर्व से कहा, ‘‘ बाकापुर में हर घर की नाम की तख्ती पर महिला का नाम होता है। यह अब एक नियम सा बन गया है।'' साल्वे पिछले 21 साल से बाकापुर में रहती हैं। उन्होंने कहा कि पहले डर होता था कि पुरुष घर की महिला की सहमति के बिना ही, घर बेच देंगे। उन्होंने कहा, ‘‘ इससे परिवारों को आर्थिक नुकसान होता था, लेकिन महिला को घर का मालिक बनाने से यहां की महिलाओं में अधिकार और सुरक्षा की भावना उत्पन्न हुई है। अब वह घर के आर्थिक मुद्दों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।'' उप सरपंच अजीज शाह ने कहा कि इससे पहले कई तरह के नशे में पड़े कुछ लोगों ने अपने घर बेचने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा, ‘‘ परिवार की एक महिला को घर का मालिकाना हक देने के फैसले से घर सुचारू रूप से चल रहे हैं। यदि कोई व्यक्ति बाकापुर में घर खरीदना चाहता है तो उसे अपने परिवार की किसी महिला के साथ संयुक्त रूप से घर खरीदना पड़ता है।
- हैदराबाद | तेलंगाना के पेद्दापल्ली में सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड की खदान में हुए हादसे के बाद जारी बचाव कार्य के दौरान मंगलवार को एक और व्यक्ति को बचाया गया। कंपनी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि बचाव अभियान के दूसरे दिन मंगलवार को कर्मचारी को बचा लिया गया, लेकिन उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि तलाश एवं बचाव अभियान जारी है और अब भी तीन लोग खदान में फंसे हुए हैं। खदान में यह हादसा सोमवार को तब हुआ जब कार्य के दौरान छत/दीवार का एक हिस्सा ढह गया था। पुलिस ने बताया कि मलबे में सात लोग दब गए थे जिनमें से तीन लोगों को निकाल लिया गया है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- नयी दिल्ली. शिक्षा मंत्रालय ने सोमवार को स्पष्ट किया कि कुछ फर्जी वेबसाइटों द्वारा विभाग की योजनाओं को लेकर रोजगार के अवसरों के नाम पर सीधे-सादे आवेदकों को ठगने की खबरें आई और ऐसे में लोगों को गुमराह नहीं होना चाहिए। शिक्षा मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि मंत्रालय की जानकारी में आया है कि सीधे-सादे आवेदकों को ठगने के लिए इस विभाग की योजनाओं के नाम जैसी कई वेबसाइट बनाई गई हैं। इसमें कहा गया है कि ये वेबसाइट इच्छुक आवेदकों को रोजगार के अवसरों की पेशकश कर रही हैं और असली वेबसाइट की तरह वेबसाइट के प्रारूप, सामग्री और प्रस्तुतीकरण के माध्यम से नौकरी के इच्छुक लोगों को गुमराह कर रही हैं। मंत्रालय ने कहा कि ऐसे कुछ वेबसाइट आवेदन के लिए प्रतिक्रिया देने वालों से पैसे की मांग कर रही हैं। शिक्षा मंत्रालय ने कहा है कि स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के संज्ञान में इन वेबसाइटों के नाम आए हैं, साथ ही ऐसी कई अन्य वेबसाइट/ सोशल मीडिया खाते हो सकते हैं जो नौकरी का विश्वास दिला रहे हैं और नियुक्ति प्रक्रिया के लिए पैसे की मांग कर रही हैं। मंत्रालय ने कहा, ‘‘ इस संबंध में आम जनता को ऐसी वेबसाइटों पर रोजगार के अवसरों के लिए आवेदन से बचने और यह सलाह दी जाती है कि वे यह सुनिश्चित करें कि ये वेबसाइट अधिकृत हैं या नहीं।'' शिक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह सलाह दी जाती है कि संबंधित विभाग की वेबसाइट पर जाकर/व्यक्तिगत पूछताछ/ टेलीफोन कॉल/ ई-मेल के माध्यम से अपने हितों की रक्षा करनी चाहिए। उसने कहा कि अगर कोई व्यक्ति इन वेबसाइटों पर जाकर आवेदन करता है तो वह ऐसा अपने जोखिम और कीमत पर करेगा।
- मुंबई. पुरुषों की तुलना में कर्ज चुकाने की बेहतर दर के बावजूद महिलाओं की ऋण तक पहुंच बालिग आबादी का मात्र 12 प्रतिशत है। । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से पहले प्रकाशित ट्रांसयूनियन सिबिल की रिपोर्ट में कहा गया है कि महिलाओं का कुल आबादी में लगभग आधा हिस्सा है। इसके बावजूद महिलाओं का 2021 के अंत तक कुल बकाया ऋण में एक-चौथाई से भी कम हिस्सा है। रिपोर्ट में कहा गया कि 2021 तक ऋण लेने वाली महिलाओं का हिस्सा 12 प्रतिशत है। यह हालांकि पांच साल पहले के छह प्रतिशत के स्तर से दोगुना हो गया है लेकिन कर्ज चुकाने की बेहतर दरों के बावजूद कम है। रिपोर्ट के अनुसार, सभी खुदरा ऋणों में महिलाओं द्वारा लिए गए ऋण नहीं चुका पाने की दर 5.2 प्रतिशत है, जबकि पुरुषों के लिए यह दर 6.9 प्रतिशत है। इसके अलावा रिपोर्ट में पाया गया कि 53 प्रतिशत महिलाएं ‘प्राइम क्रेडिट स्कोर' के दायरे में आती हैं, जबकि 47 फीसदी पुरुष इस श्रेणी में आते हैं। प्राइम क्रेडिट श्रेणी में आने वाले उपभोक्ताओं को सबसे कम ब्याज दरों और सर्वोत्तम शर्तों के साथ ऋण की पेशकश की जाती है।
- हापुड़ (उप्र) . यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों के अपने घर सकुशल लौटने पर छात्रों का लोगों ने स्वागत किया और प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया। वहीं छात्रों ने पीएम मोदी को चाचा की उपाधि भी दे दी।पिलखवा के निवासी छात्र निशांत वर्मा व गांव फगौता निवासी शिवम शर्मा के सकुशल घर वापस आने पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा, क्षेत्रीय संयोजक विनोद गुप्ता, जिला संयोजक अशोक बबली, जिला महामंत्री मोहन सिंह, हापुड़ उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की युवा इकाई के अध्यक्ष दीपांशु गर्ग ने स्वागत किया और बधाई दी। वहीं यूक्रेन से सकुशल घर लौटे विकल्प भारद्वाज का अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया है। विद्यार्थी परिषद के जिला संगठन मंत्री दुष्यंत शर्मा के नेतृत्व में एबीवीपी कार्यकर्ता विकल्प भारद्वाज के घर पहुंचे और विकल्प को पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। वहीं विकल्प ने भी भारत सरकार का आभार व्यक्त किया।
-
मुंबई। मुंबई पुलिस की महिला कर्मियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मंगलवार से आठ घंटे की पाली मिलेगी। पुलिस आयुक्त संजय पांडे ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि महिला कर्मियों को घर और काम के बीच बेहतर संतुलन बनाए रखने में मदद करने के उद्देश्य से जारी निर्देश मुंबई में अगले आदेश तक लागू रहेगा। पांडे ने ही राज्य के कार्यवाहक डीजीपी के रूप में इस साल जनवरी में आठ घंटे की ड्यूटी पहल की शुरुआत की थी। एक अधिकारी ने बताया, ‘‘सीपी के आदेश के अनुसार, महिला कर्मियों के लिए दो विकल्प हैं। पहले विकल्प में उन्हें तीन शिफ्ट में काम करना होगा, जो सुबह आठ से दिन में तीन बजे, दिन में तीन बजे से रात 10 बजे और रात 10 से सुबह आठ बजे तक है। दूसरे विकल्प में शिफ्ट का समय सुबह सात बजे से दिन में तीन बजे तक, दिन में तीन से रात 11 बजे तक और रात के 11 बजे से सुबह सात बजे तक है।'' आदेश में कहा गया है कि वरिष्ठ पुलिस निरीक्षकों को ड्यूटी के समय को लेकर महिला कर्मियों के साथ चर्चा करनी चाहिए और दोनों विकल्पों के अनुसार उन्हें ड्यूटी सौंपनी चाहिए। आदेश में कहा गया है कि पहल के कार्यान्वयन को लेकर कोई मुद्दा उठने पर पुलिस अधिकारी डीसीपी (संचालन) से संपर्क कर सकते हैं।
- पुणे (महाराष्ट्र). भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर), पुणे के भौतिक विज्ञानी और अवकाश प्राप्त संकाय प्रोफेसर दीपक धर को 2022 के लिए प्रतिष्ठित बोल्ट्जमैन पदक के लिए चुना गया है। प्रमुख संस्थान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धर पुरस्कार के लिए चुने गए दो भौतिकविदों में से एक हैं, दूसरे पुरस्कार विजेता प्रिंस्टन विश्वविद्यालय से प्रोफेसर जॉन हॉपफील्ड हैं। इंटरनेशनल यूनियन ऑफ प्योर एंड एप्लाइड फिजिक्स (आईयूपीएपी) के सांख्यिकीय भौतिकी पर सी3 आयोग द्वारा स्थापित बोल्ट्जमैन पदक सांख्यिकीय भौतिकी में उत्कृष्ट उपलब्धियों को सम्मानित करने के लिए तीन साल में एक बार दिया जाता है। यह पुरस्कार अगले साल अगस्त में जापान के तोक्यो में आयोजित होने वाले स्टैटफिस 28 सम्मेलन के दौरान प्रदान किया जाएगा। धर को सांख्यिकीय भौतिकी के कई क्षेत्रों में उनके मौलिक योगदान के लिए उन्हें पुरस्कार दिया जाने वाला है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के पूर्व छात्र धर ने सांख्यिकीय भौतिकी और स्टोकेस्टिक प्रक्रियाओं में अनुसंधान में एक लंबा सफर तय किया है, जिसकी शुरुआत 1978 में कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में पीएचडी के साथ हुई थी। आईआईएसईआर, पुणे के बयान में कहा गया, ‘‘चार दशकों में मुंबई में टाटा इंस्टीट्यूट फॉर फंडामेंटल रिसर्च में प्रोफेसर धर ने स्व-संगठित महत्वपूर्ण प्रणालियों के व्यवहार को समझने, फेस इंटरफेस पर गतिशीलता की व्याख्या करने सहित सांख्यिकीय भौतिकी के कई विषयों पर अनुसंधान किया।
- मुंबई. यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान के बाद रूस पर अमेरिका और यूरोपीय देशों के लगाए गए प्रतिबंध भारत की आयात क्षमता को प्रभावित कर सकते है। एक रिपोर्ट में ऐसी आशंका जताते हुए कहा गया है कि इसका सीधा असर भारतीय कंपनियों पर उत्पादन लागत में दबाव के रूप में भी पड़ सकता है। क्रिसिल ने सोमवार को अपनी एक रिपोर्ट में कहा कि चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों में रूस को भारत से किया जाने वाला निर्यात 2.55 अरब डॉलर पर रहा, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 1.87 अरब डॉलर के निर्यात से 36.1 प्रतिशत अधिक है। इस रिपोर्ट के अनुसार वित्त वर्ष 2021-22 के शुरूआती नौ महीनों में भारत से यूक्रेन को 37.2 करोड़ डॉलर (0.2 प्रतिशत) का निर्यात किया गया। हालांकि इसी रिपोर्ट में कहा गया है कि इस्पात और एल्युमीनियम जैसे कुछ क्षेत्रों को बढ़ती कीमतों से फायदा भी हो सकता है।
- जम्मू. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा सोमवार को जम्मू-कश्मीर पहुंचे। अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 के निरस्त होने और पूर्ववर्ती राज्य के दो केंद्रशासित प्रदेशों में विभाजित होने के बाद क्षेत्र का उनका यह पहला दौरा है। उन्होंने अपने परिवार के साथ रियासी जिले में त्रिकुटा पर्वत पर स्थित माता वैष्णो देवी धाम में पूजा-अर्चना की। नड्डा के साथ केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह थे। भाजपा अध्यक्ष का पार्टी की जम्मू-कश्मीर इकाई के प्रमुख रविंदर रैना के नेतृत्व में सैकड़ों युवा भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं ने जम्मू हवाई अड्डे पर स्वागत किया। नारेबाजी के बीच नड्डा ने अपना वाहन रोका और उत्साही कार्यकर्ताओं से माला, फूल तथा शॉल प्राप्त की।उन्होंने हालांकि मीडिया से बात नहीं की। नड्डा ने अपने परिवार, जितेंद्र सिंह, रविंदर रैना और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रभारी जम्मू-कश्मीर तरुण चुग के साथ गुफा मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर से लौटने के बाद नड्डा ने आगामी चुनावों से पहले केंद्रशासित प्रदेश में पार्टी को और मजबूत करने के लिए विभिन्न संगठनात्मक इकाइयों के पार्टी नेताओं के साथ विचार-मंथन किया। रैना ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा महत्वपूर्ण है क्योंकि परिसीमन आयोग की रिपोर्ट को अंतिम रूप दिए जाने के बाद इस साल के अंत में जम्मू कश्मीर विधानसभा के चुनाव होने की उम्मीद है।
- जींद . हरियाणा के जींद जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। संबंधित थाना पुलिस ने मृतकों के परिजनों की शिकायतों पर फरार वाहन चालकों के खिलाफ मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अर्बन एस्टेट निवासी नवीन अपने दोस्त सेक्टर छह निवासी कार्तिक के साथ कार में सवार होकर सफीदों से घर वापस लौट रहा था। उसी दौरान गांव मनोहरपुर के निकट उनकी गाड़ी लक्कड़ से भरे ट्रैक्टर ट्राली से जा टकराई। जिसमें नवीन की मौत हो गई, जबकि कार्तिक गंभीर रूप से घायल हो गया। सदर थाना पुलिस ने मृतक नवीन के पिता सतबीर की शिकायत पर फरार ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, गांव गतौली निवासी सोनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत दिवस उसकी मां संतोष कार्यवश सेक्टर आठ गई हुई थी। उसी दौरान सतसंग भवन के निकट तेज रफ्तार बाइक ने उसकी मां को टक्कर मार दी। घटना को अंजाम देकर चालक बाइक समेत मौके से फरार हो गया। आसपास के राहगीरों ने उसकी मां को अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालात को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने सोनू की शिकायत पर फरार बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



























