- Home
- देश
- -भारतीय लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा वंशवादी पार्टियां हैंनयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारतीय लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा वंशवादी पार्टियां हैं। उन्होंने कहा कि जब किसी राजनीतिक पार्टी में एक परिवार का वर्चस्व हो जाता है तो पार्टी अपनी प्रासंगकिता खो देती है। आज राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देते हुए श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस आज कठिनाई का सामना कर रही है क्योंकि वह वंशवाद की राजनीति से ऊपर नहीं उठ पाई। श्री मोदी ने कहा कि वे 1975 में लोकतंत्र को कुचलने वालों से लोकतंत्र का सबक नहीं सीखना चाहते। श्री मोदी ने कहा कि अगर कांग्रेस नहीं होती, तो देश में कोई आपातकाल नहीं आता, कोई जाति की राजनीति नहीं होती, सिखों के खिलाफ हिंसा नहीं होताी और न ही कश्मीरी पंडितों की समस्याएं उत्पन्न होती।देश के संघीय ढांचे को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की प्रगति तब और मजबूत होगी जब देश के विकास को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय आकांक्षाओं को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब राज्य उन्नति करते हैं तो देश प्रगति करता है। श्री मोदी ने कहा कि जीएसटी परिषद का गठन देश के मजबूत संघीय ढांचे का सबसे बड़ा उदाहरण है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश पात्र आबादी के शत-प्रतिशत टीकाकरण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए श्री मोदी ने कहा कि कोविड महामारी ने मानव जाति के सामने एक चुनौती पेश की है। उन्होंने कहा कि 130 करोड़ भारतीयों की इच्छा शक्ति के कारण दुनिया भारत के प्रयासों की प्रशंसा कर रही है। प्रधानमंत्री ने कोविड महामारी से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए स्वास्थ्य सेवा, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं और वैज्ञानिकों के प्रयासों की भी सराहना की।श्री मोदी ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान 80 करोड़ से अधिक गरीबों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया है, जिसने दुनिया के सामने एक मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि लाखों लोगों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं और पांच करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल के पानी के कनेक्शन दिए गए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों ने अत्यधिक फसल का उत्पादन किया है और न्यूनतम समर्थन मूल्य पर रिकॉर्ड खरीद की गई है। देश के विकास में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं ने कई खेल गतिविधियों में अच्छा प्रदर्शन किया है और वे स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र के क्षेत्र में देश को एक नई ऊंचाई पर ले गए हैं।रोजगार के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने कृषि तथा सूक्ष्म, लघु और मझोले क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित किया है जो रोजगार के अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि 2021 के दौरान एक करोड बीस लाख नए सदस्यों ने ईपीएफओ में पंजीकरण कराया है। इसमें 18 से 25 आयु वर्ग के 65 लाख युवा शामिल हैं। श्री मोदी ने कहा कि प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के पूरा होने से महामारी के चुनौतीपूर्ण समय में रोजगार के अवसर भी सुनिश्चित हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कोविड से पहले की तुलना में, लॉकडाउन हटने के बाद हायरिंग में दो गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि नैसकॉम की रिपोर्ट में इसी प्रवृत्ति को उजागर किया गया है। श्री मोदी ने कहा, हाल के वर्षों में लगभग 27 लाख लोगों को आईटी क्षेत्र में रोजगार मिला है।मुद्रास्फीति के बारे में बात करते हुए, प्रधान मंत्री ने कहा, इसने पूरी दुनिया को प्रभावित किया और संयुक्त राज्य अमेरिका 40 वर्षों में मुद्रास्फीति का सबसे अधिक सामना कर रहा है जबकि ब्रिटेन 30 वर्षों में सबसे अधिक मुद्रास्फीति का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा, देश में 2015 से 2020 की अवधि के दौरान मुद्रास्फीति की दर 4 से 5 प्रतिशत के बीच थी, जबकि यूपीए के शासन में यह दोहरे अंकों को छूती थी। उन्होंने कहा, आज भारत एकमात्र बड़ी अर्थव्यवस्था है जो उच्च विकास और मध्यम मुद्रास्फीति का सामना कर रही है।प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण में समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए सरकार द्वारा की गई पहलों का खाका पेश किया गया। उन्होंने कहा कि देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है और आने वाले 25 वर्षों में देश को आगे ले जाने वाले निर्णय लेने का यह उपयुक्त समय है। उन्होंने कहा कि सरकार अगले 25 वर्षों में देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाना और नई दिशा देना चाहती है.प्रधानमंत्री के उत्तर के बाद सदन ने विपक्षी सदस्यों के सभी प्रकार के संशोधनों की मांग को दरकिनार करते हुए राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी। इससे पहले, प्रधानमंत्री के जवाब के दौरान कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल और अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने श्री मोदी की टिप्पणियों पर आपत्ति जताते हुए वाकआउट किया।
- नयी दिल्ली,। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (एमआईबी) ने अपने नए दिशानिर्देशों में कहा है कि देश की ‘‘सुरक्षा, संप्रभुता और अखंडता’’ के साथ-साथ ‘‘सार्वजनिक व्यवस्था, शालीनता या नैतिकता’’ के लिए प्रतिकूल तरीके से काम करने वाले पत्रकार अपनी सरकारी मान्यता खो देंगे। केंद्रीय मीडिया प्रत्यायन दिशा-निर्देश-2022’ की सोमवार को घोषणा की गई। इसके तहत ऑनलाइन समाचार मंचों के लिए काम कर रहे पत्रकारों की मान्यता के लिए भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने कहा कि समाचार एग्रीगेटर को मान्यता देने पर विचार नहीं किया जा रहा है।इस नीति में कहा गया है कि यदि कोई पत्रकार ‘‘देश की सुरक्षा, संप्रभुता और अन्य देशों के साथ मित्रवत संबंधों, जन व्यवस्था, शालीनता या नैतिकता के लिए प्रतिकूल काम करता है या अदालत की अवमानना करने, मानहानि या किसी अपराध के लिए उकसाने वाले तरीकों से काम करता है’’, तो उसकी मान्यता वापस ले ली जाएगी या निलंबित कर दी जाएगी। यदि किसी पत्रकार या उसके मीडिया संस्थान को फर्जी दस्तावेज या गलत सूचना देते पाया जाता है, तो भी उसकी मान्यता कम से कम दो वर्ष और अधिकतम पांच साल के लिए निलंबित कर दी जाएगी।इसके अलावा, मान्यता प्राप्त मीडियाकर्मियों को सार्वजनिक / सोशल मीडिया प्रोफाइल, विजिटिंग कार्ड, पत्रों या किसी प्रपत्र या किसी भी प्रकाशित सामग्री पर ‘‘भारत सरकार से मान्यता प्राप्त’’ शब्दों का उपयोग करने से प्रतिबंधित कर दिया गया है।मंत्रालय प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) के प्रधान महानिदेशक की अध्यक्षता में केंद्रीय मीडिया प्रत्यायन समिति (सीएमएसी) का गठन कर रहा है और इसमें सरकार द्वारा नामित 25 सदस्य शामिल हैं। यह समिति अपनी पहली बैठक की तारीख से दो साल के लिए काम करेगी और पत्रकारों की मान्यता निलंबित करने की जिम्मेदारी संभालेगी।सीएमएसी द्वारा नामित पांच सदस्यों वाली सीएमएसी की एक उप-समिति मान्यता देने संबंधी मामलों पर निर्णय करेगी। उप-समिति की अध्यक्षता भी पीआईबी के प्रधान महानिदेशक करेंगे।ऑनलाइन समाचार मंचों के लिए नई नीति के तहत, मान्यता के लिए आवेदन करने वाले डिजिटल समाचार प्रकाशकों को सूचना प्रौद्योगिकी (मध्यवर्ती दिशानिर्देश और डिजिटल मीडिया आचार संहिता), 2021 के नियम 18 के तहत सूचना और प्रसारण मंत्रालय को आवश्यक जानकारी प्रस्तुत करनी होगी और नियमों का उल्लंघन नहीं करना होगा। नीति के अनुसार, ऑनलाइन मंच एक साल से अधिक पुराना होना चाहिए और वेबसाइट का भारत में एक पंजीकृत कार्यालय होना चाहिए और दिल्ली या राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में उनके पत्रकार होने चाहिए। यदि आवेदक द्वारा मुहैया कराई गई सूचना गलत पाई जाती है, तो वह मान्यता के लिए आगामी तीन साल तक आवेदन नहीं कर सकेगा।
- पुलिस ने मारा छापा, आयकर विभाग को दी जानकारीनई दिल्ली। यूपी में नोएडा के सेक्टर-44 इलाके में पुलिस ने एक घर से 3 करोड़ 70 लाख 50 हजार रुपए बरामद किए हैं। पुलिस ने आयकर विभाग के अफसरों को जानकारी दे दी है।पुलिस ने बताया कि आगामी चुनाव को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर पुलिस लगातार हथियार, शराब व अन्य प्रतिबंधित सामान की तस्करी पर लगाम कस रही है। बॉर्डर पर लगातार जांच की जा रही है। इसी कड़ी में सेक्टर 39 थाना पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर 44 में प्रेम सिंह नगर के मकान में भारी मात्रा में कैश मौजूद है। इस पर पुलिस अधिकारियों ने टीम के साथ मौके पर जाकर मकान की तलाशी ली। मकान के सेकंड फ्लोर पर किराए पर रहने वाले के घर में पुलिस को भारी मात्रा में कैश बरामद हुआ। इसकी सूचना पुलिस ने आयकर विभाग को दी है। आयकर विभाग के अधिकारियों ने मौके पर आकर धनराशि की गिनती की। इस पर 3 करोड़ 70 लाख 50 हजार की नकदी पाई गई। इस दौरान किराएदार कैश से जुड़ा कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सके। आयकर विभाग की टीम कार्रवाई कर रही है।
- मुंबई। मंबुई में अंधेरी स्थित एक मकान में 89 वर्षीय एक बुजुर्ग ने अपनी पत्नी और मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को बताया कि दोनों की बीमारी से परेशान आरोपी बुजुर्ग ने सोते समय दोनों की हत्या कर दी और लाश के साथ पूरी रात बिताई। मेघवाडी थाने के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी पुरुषोत्तम सिंह गंधोक ने अपनी 81 वर्षीय पत्नी कमलजीत सिंह और 55 वर्षीय पुत्री की शेर-ए-पंजाब कॉलोनी स्थित मकान में रविवार रात हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी ने फ्लैट को अंदर से बंद करके पूरी रात लाश के साथ बिताई और सोमवार की सुबह अपनी बड़ी बेटी को फोन करके उसे घटना के बारे में जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि बेटी के घर पहुंचने पर आरोपी गंधोक ने कमरा खोलने से इनकार कर दिया और बेटी से पहले पुलिस को फोन करने के लिए कहा। लेकिन बेटी ने उसे दरवाजा खोलने के लिए मना लिया। कमरे में आरोपी गंधोक की पत्नी और उनकी अविवाहित और मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटी की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने कहा कि दोनों कई वर्षों से कई तरह की बीमारियों से जूझ रही थीं और वह उनके कष्ट को अब और बर्दास्त नहीं कर सकता था, इसलिए उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी बुजुर्ग को हत्या के मामले में गिरफ्तार करके आगे की जांच की जा रही है।-
- भोपाल । प्रांतीय राजधानी भोपाल के व्यस्त कोलार रोड पर स्थित भोज मुक्त विश्वविद्यालय, भोपाल के कुलपति डॉ जयंत सोनवलकर के बंगले के परिसर में एक बाघ भटकते हुए घुस गया। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। सोनवलकर का यह बंगला करीब 25 एकड़ के हरे-भरे क्षेत्र में फैले भोज मुक्त विश्वविद्यालय भोपाल के परिसर में ही स्थित है। इस परिसर से कुछ ही दूरी पर कलियासोत एवं केरवा क्षेत्र हैं, जो बाघों का इलाके हैं। इस बारे में पूछे जाने पर सोनवलकर ने बताया, ‘‘हां, मेरे यहां लगे सीसीटीवी कैमरे में मेरे बंगले के परिसर में बाघ भटकता हुआ दिखा है। बाघ ने चारदीवारी पर फांद कर मेरे बंगले के परिसर में प्रवेश किया।'' उन्होंने कहा, ‘‘रविवार तड़के एक से 1.30 बजे के बीच चौकीदार मेरे बेडरूम से सटे गार्डरूम में चले गए। इसी बीच, मुझे अपने बंगले के परिसर में किसी जंगली जानवर के गुर्राने की आवाज सुनाई दी, तो मैंने चौकीदार से पूछा कि यह कैसी आवाज आ रही है। इस पर चौकीदार ने मुझे कहा कि कमरे से बाहर मत निकलना, क्योंकि घर के बाहर कोई जानवर घूम रहा है।'' सोनवलकर ने कहा कि इसके बाद एक चौकीदार ने हर रोज की तरह सीटी बजाई और डंडे को जमीन पर पटका। इसी बीच, दूसरे चौकीदार ने टॉर्च जलाकर देखा तो उसे एक जानवर दिखा, जो गुर्रा रहा था। उन्होंने कहा, ‘‘यह देख चौकीदार अपने को बचाने के लिए भाग गये। तुरंत, वन अधिकारियों को सूचित किया गया जो रविवार तड़के 3 बजे के आसपास मेरे बंगले पर पहुंचे। लेकिन तब तक वह जानवर वहां से जा चुका था। वन अधिकारियों को इसके बाद वहां पर जानवर के पगमार्क मिले, जिसके आधार पर उसे तेंदुआ माना जा रहा था।'' सोनवलकर ने बताया कि लेकिन सोमवार को जब सीसीटीवी कैमरे का फुटेज खंगाला गया तो वह बाघ निकला।उन्होंने बताया कि दो साल पहले भी बंगले में एक बाघ घुस आया था। इस बीच, वन विभाग ने कालियासोत और केरवा सहित उसके आसपास चौकसी बढ़ा दी है।-
- नयी दिल्ली । कोविड-19 महामारी जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए बनाये गये प्रधानमंत्री नागरिक सहायता और राहत कोष (पीएम केयर्स फंड) में वित्त वर्ष 2020-21 में लगभग तीन गुना वृद्धि हुई और यह राशि 10,990 करोड़ रुपये हो गई, जबकि इस निधि से व्यय की रकम बढ़कर 3,976 करोड़ रुपये हो गई है। नवीनतम लेखापरीक्षण बयान से यह जानकारी मिली। व्यय में प्रवासी कल्याण के लिए 1,000 करोड़ रुपये और कोविड टीकों की खरीद के लिए 1,392 करोड़ रुपये से अधिक की रकम भी शामिल है। वित्त वर्ष (2020-21) के दौरान फंड में करीब 494.91 करोड़ रुपये विदेशी चंदे के रूप में और 7,183 करोड़ रुपये से अधिक स्वैच्छिक अंशदान के रूप में आए। वहीं, 2019-20 के दौरान फंड में कुल 3,076.62 करोड़ रुपये का चंदा प्राप्त हुआ था, जो 27 मार्च 2020 को इसके गठन के महज पांच दिनों के अंदर एकत्र हुआ था। फंड 2.25 लाख रुपये की शुरुआती राशि के साथ बनाया गया था। प्रधानमंत्री नागरिक सहायता और राहत कोष (पीएम केयर्स फंड)की वेबसाइट पर पोस्ट किये गये ब्योरे के मुताबिक, इसमें ‘केवल लोगों/संगठनों के स्वैच्छिक अंशदान शामिल हैं और कोई बजटीय सहयोग नहीं मिला है। ' सरकार ने निधि का एक हिस्सा वेंटिलेटर सहित मेडिकल उपकरण खरीदने, कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने और प्रवासियों को राहत मुहैया करने में भी किया है। हालांकि, विपक्षी दलों ने पीएम केयर्स फंड की आलोचना करते हुए दावा किया कि इसके अंशदान और व्यय पारदर्शी नहीं हैं। वहीं, सरकार ने इस आरोप से इनकार किया है। नवीनत लेखा परीक्षण बयान के मुताबिक इससे सरकारी अस्पतालों में 50,000 ‘मेड-इन इंडिया' वेंटिलेटर की खरीद के लिए 1,311 करोड़ रुपये, 50 करोड़ रुपये (बिहार के) मुजफ्फरपुर और पटना में 500 बिस्तरों वाले दो अस्पताल, और नौ राज्यों में 16 आरटी-पीसीआर जांच प्रयोगशाला स्थापित करने में व्यय किये गये। इसके अलावा 201.58 करोड़ रुपये जन स्वास्थ्य संस्थानों में ऑक्सीजन संयंत्र पर, जबकि 20.4 करोड़ रुपये कोविड टीके पर काम कर रही प्रयोगशालाओं के उन्नयन के लिए व्यय किया गया। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को प्रवासियों के कल्याण के लिए 1,000 करोड़ रुपये आवंटित किये गये, जबकि कोविड टीके की 6.6 करोड़ खुराक की खरीद के लिए 1,392.82 करोड़ रुपये व्यय किये गये। वित्त वर्ष 2020-21 के दौरान कुल 10,990.17 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।
- जबलपुर। जबलपुर स्थित शासकीय महाकौशल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय के 60 छात्रों ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत सामुदायिक जुड़ाव पर इंटर्नशिप शुरू किया है। कॉलेज के एक प्रोफेसर ने बताया कि ऐसा करने वाला यह प्रदेश का पहला महाविद्यालय बन गया है। सामुदायिक जुड़ाव से अभिप्राय है – विभिन्न परिवेश, विशिष्ट/समान रूचियों, सामाजिक संरचना वाले व्यक्तियों या समुदायों से जुड़ कर किसी सामाजिक सरोकार के लिए कार्य करना। शासकीय महाकौशल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय जबलपुर के प्रोफेसर अरुण शुक्ला ने बताया, एनईपी (नई शिक्षा नीति) पाठ्यक्रम के तहत सामुदायिक जुड़ाव के लिए इंटर्नशिप करना अनिवार्य है। यह इंटर्नशिप 50 अंकों की है।'' शुक्ला इस महाविद्यालय के स्वामी विवेकानंद करियर एवं मार्गदर्शन केन्द्र के संभागीय समन्वयक भी हैं।उन्होंने बताया, मध्यप्रदेश में पहली बार कला, वाणिज्य और बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन के प्रथम वर्ष में नामांकित 650 छात्रों में से 60 छात्रों का पहला बैच जबलपुर नगर निगम में स्वच्छता पर इंटर्नशिप कर रहा है।'' शुक्ला ने बताया, ‘‘सामुदायिक जुड़ाव पर इंटर्नशिप के दौरान छात्र फील्ड में जाकर अध्ययन करेंगे और यह उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, श्रमिकों की आजीविका आदि जैसी जमीनी वास्तविकताओं को समझने में सक्षम बनाएगा।''
- गुवाहाटी। गुवाहटी में असम सरकार के चिड़ियाघर सह प्राणिउद्यान में दो रॉयल बंगाल टाईगर (बाघ) शावक पैदा हुए हैं जिससे वहां बाघों की संख्या बढ़कर नौ हो गयी है। वन विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। चिड़ियाघर के संभागीय वन अधिकारी डॉ. अश्वनि कुमार ने बताया कि बाघिन काजी ने तीन फरवरी को इन दोनों शावकों को जन्म दिया और दोनों ही शावक स्वस्थ हैं। काजी ने पहले भी अगस्त, 2020 में दो शावकों को जन्म दिया था और उन दोनों के नाम सुलतान और सुरेश रखे गये थे। तीन फरवरी को जिन दो शावकों का जन्म हुआ है उनका नामकरण करने का पर्यावरण एवं वन मंत्री परिमल शुक्लावैद्य से अनुरोध किया गया। प्रधान मुख्य वन सरंक्षक (वन्यजीव) अमित सहाय ने कहा कि नये बाघों के आने से चिड़ियाघर में अब और आगंतुक घूमने आयेंगे।
- हिसार। हरियाणा के हिसार से लगभग 30 किलोमीटर दूर, लाडवा गांव के पास कुछ मजदूर सड़क किनारे खाना खा रहे थे जब ईंट से लदी एक ट्रैक्टर ट्राली ने पीछे से उन्हें टक्कर मार दी। सोमवार को हुई इस घटना में दो महिला मजदूरों की मौत हो गई तथा कुछ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतकों की पहचान गुड्डी (55) और निर्मला (44) के रूप में की गई है जो हिसार के सुल्तानपुर गांव की निवासी थीं। घटना सुल्तानपुर-कंवरी रोड पर ईंट के एक भट्ठे के पास हुई। पुलिस ने बताया कि इसकी जांच की जा रही है कि चालक का वाहन पर से नियंत्रण खो गया था या इस दुर्घटना की कोई और वजह है। पुलिस ने कहा कि सुल्तानपुर के एक परिवार की लगभग 15 महिला मजदूर मनरेगा योजना के तहत काम कर रही थीं। मध्याह्न 12 बजे के आसपास, ईंट से लदी एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी जिससे दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय उक्त महिलाएं बैठकर खाना खा रही थीं। पुलिस ने कहा कि घायल महिलाओं- पूनम, रौशनी और तीजा को सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है जबकि रीना और राजपति को गंभीर हालत में अगरोहा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया है।
- मुंबई। औषधि कंपनी फाइजर इंडिया ने सोमवार को प्रदीप शाह को निदेशक मंडल का चेयरमैन नियुक्त करने की घोषणा की। वह तीन फरवरी को इ्स्तीफा देने वाले आर ए शाह का स्थान लेंगे। फाइजर इंडिया के प्रबंध निदेशक एस श्रीधर ने प्रदीप शाह को चेयरमैन बनाए जाने का ऐलान करते हुए कहा कि कंपनी रणनीतिक महत्व के मसलों पर उनके साथ मिलकर काम करेगी। प्रदीप शाह पहले भी वित्तीय विशेषज्ञ के तौर पर कंपनी के निदेशक मंडल से जुड़े रहे हैं। प्रदीप शाह रेटिंग एजेंसी क्रिसिल के पूर्व प्रबंध निदेशक एवं संस्थापक सदस्य हैं। क्रिसिल से पहले उन्होंने 1977 में एचडीएफसी की स्थापना में सहयोग दिया था। वह यूएसएड, विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक के सलाहकार के तौर पर भी काम कर चुके हैं। वह कई प्रतिष्ठित कंपनियों के निदेशक होने के साथ इंडएशिया फंड एडवाइजर्स के प्रमुख भी हैं। हार्वर्ड बिज़नेस स्कूल से एमबीए की डिग्री लेने वाले शाह चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं लागत लेखाकार हैं।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को कहा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है और सार्वभौमिक टीकाकरण अभियान के जरिये तीन करोड़ से ज्यादा गर्भवती महिलाओं और 2.6 करोड़ बच्चों को हर साल टीका दिया जा रहा है। मंत्री ने विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित क्षेत्रों के स्वास्थ्य अधिकारियों की उपस्थिति में डिजिटल माध्यम से सघन मिशन इंद्रधनुष (आईएमआई) 4.0 की शुरुआत की। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि आईएमआई 4.0 के तीन चरण होंगे और 33 राज्यों तथा केंद्र शासित क्षेत्रों के 416 जिलों (आजादी का अमृत महोत्सव के लिए चिह्नित 75 जिलों समेत) में इसका क्रियान्वयन किया जाएगा। मांडविया ने कहा, “भारत दुनिया में सबसे बड़ा टीकाकरण कार्यक्रम चला रहा है जहां लगभग तीन करोड़ से अधिक गर्भवती महिलाओं और 2.6 करोड़ बच्चों को सार्वभौमिक टीकाकरण अभियान के तहत हर साल टीका दिया जाता है।” मांडविया ने कहा कि कोविड महामारी के कारण टीकाकरण की गति में कमी आई है लेकिन आईएमआई 4.0 इस खाई को भरने का काम करेगा और सार्वभौमिक टीकाकरण की दिशा में दीर्घकालिक लाभ देगा।
- नई दिल्ली। सरकार ने बताया है कि इस वर्ष जनवरी तक 43 करोड़ 34 लाख से अधिक स्थायी खाता संख्या यानी पैन को आधार से जोड़ दिया गया है। वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि सभी पैन कार्डों को आधार से जोड़ने के लिए इस साल 31 मार्च तक की समय सीमा रखी गई है। उन्होंने बताया कि पैन को आधार से जोड़ने में करदाताओं को हो रही कठिनाईयों के कई कारण हो सकते हैं। इनमें पैन और आधार के विवरण में मिलान न होना भी एक समस्या है। पैन को जोड़ने के लिए नाम, जन्मतिथि और ओटीपी मिलने के लिये मोबाइल नम्बर गलत हो जाने से भी समस्या आ सकती है। वित्त राज्यमंत्री ने बताया कि आधार कार्ड के विवरण का मिलान न होने की स्थिति में करदाता निर्धारित कार्यालय में जाकर विवरण सही करवा सकते हैं।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के अनंतपुरमू जिले में एक सड़क हादसे में हुई लोगों की मौत पर सोमवार को दुख जताया और घायलों के लिए मुआवजा दिए जाने की घोषणा की। अनंतपुरमू जिले के कोटलापल्ली इलाके में अनंतपुरमू-बेल्लारी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में छह महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक ट्वीट के मुताबिक मोदी ने कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश के अनंतपुरमू जिले में हुए दुखद सड़क हादसे में लोगों के जान गंवाने से दुखी हूं। मृतकों के निकट संबंधियों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे।'' इस घटना में जान गंवाने वाले सभी लोग रिश्तेदार थे। सभी एसयूवी कार में सवार होकर पड़ोसी राज्य कर्नाटक के बेल्लारी से अपने पैतृक गांव उरवाकोंडा लौट रहे थे और इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही लॉरी ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
- ठाणे ।महाराष्ट्र में यहां मुंबई-नासिक राजमार्ग पर सुबह की सैर कर रहीं दो महिलाओं की एक अज्ञात वाहन से टक्कर लगने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि वाशिंद इलाके के खतावली गांव में रविवार सुबह करीब छह बजे यह हादसा हुआ।एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों महिलाएं निकट स्थित एक आवासीय परिसर में रहती थीं। वाहन की टक्कर लगने के बाद दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि महिलाओं की पहचान सुरेखा मोरे (58) और गुलाब खोपकर (60) के रूप में की गई है। उनके मुताबिक दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए एक सरकारी अस्पताल भेजा गया और प्रासंगिक धाराओं के तहत अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि वाहन और वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
- नयी दिल्ली। शांतिश्री धूलिपुड़ी पंडित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की पहली महिला कुलपति होंगी, शिक्षा मंत्रालय ने उन्हें सोमवार को इस शीर्ष पद पर नियुक्त किया। पंडित अभी महाराष्ट्र के सावित्रीबाई फुले विश्वविद्यालय के राजनीति व लोक प्रशासन विभाग में राजनीति विज्ञान की प्रोफेसर हैं। पंडित (59) जेएनयू की पूर्व छात्रा भी हैं, जहां से उन्होंने एमफिल के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय संबंधों में पीएचडी की उपाधि हासिल की है। शिक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “राष्ट्रपति एवं विश्वविद्यालय के ‘विजिटर' रामनाथ कोविंद ने जेएनयू के कुलपति के तौर पर शांतिश्री धुलिपुड़ी की नियुक्ति को मंजूरी दी है। उनकी नियुक्ति पांच वर्षों के लिये है।” पंडित ने अपने शिक्षण करियर की शुरुआत 1988 में गोवा विश्वविद्यालय से की और 1993 में पुणे विश्वविद्यालय चली गईं। उन्होंने विभिन्न शैक्षणिक निकायों में प्रशासनिक पदों पर कार्य किया है। वह विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी), भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएसएसआर) की सदस्य और केंद्रीय विश्वविद्यालयों के लिए विज़िटर द्वारा नामांकित भी रही हैं। अपने करियर में उन्होंने 29 शोधार्थियों को निर्देशित किया है।पिछले साल जेएनयू के कुलपति के तौर पर अपने पांच साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद से एम जगदीश कुमार कार्यवाहक कुलपति के तौर पर जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे थे। कुमार को अब विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कुमार ने एक बयान में कहा, “मुझे आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय की शांतिश्री धूलिपुड़ी पंडित को जेएनयू का अगला कुलपति नियुक्त किया गया है। वह जेएनयू की पहली महिला कुलपति हैं। उन्हें मेरी तरफ से हार्दिक बधाई। मैं आज उन्हें कार्यभार सौंप रहा हूं और नई भूमिका में उनकी सफलता की कामना करता हूं।
- इंग्लिश बाजार (प. बंगाल)। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में सोमवार तड़के एक कार सड़क किनारे स्थित मकान से टकराने के बाद पलट गई। इस हादसे में एक दंपति सहित चार लोगों की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक, हादसा मुचिया पंचायत क्षेत्र के मालदा-नालागोला राज्य राजमार्ग पर हुआ। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अनिक दास (23), उनकी पत्नी नेहा दास (22), देबाशीष मंडल (24) और सुब्रत सेठ (25) के रूप में हुई है। ये सभी जिले के हबीबपुर प्रखंड के ऐहो इलाके के रहने वाले थे। अधिकारी के अनुसार, हादसे तब हुआ, जब कार सवार इंग्लिश बाजार से ऐहो की तरफ जा रहे थे।
- ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे शहर के एक पुलिस स्टेशन में पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और बदसलूकी करने के आरोप में सोमवार को दो भाइयों को गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक, घटना रविवार मध्यरात्रि उस समय हुई, जब दोनों आरोपी, जिनकी उम्र 30 साल के आसपास है, यहां श्रीनगर पुलिस स्टेशन में अपनी कार से जुड़े एक हादसे के सिलसिले में शिकायत दर्ज कराने आए थे। अधिकारी ने बताया कि उसी समय एक दुपहिया वाहन मालिक भी इसी हादसे को लेकर शिकायत दर्ज कराने पहुंचा।अधिकारियों के अनुसार, इसके बाद दोनों भाई दुपहिया मालिक को अपशब्द कहने लगे। उन्होंने बताया कि जब पुलिसकर्मियों ने दोनों भाइयों को रोकने की कोशिश की तो वे उनके साथ भी कथित तौर पर गाली-गलौज और बदसलूकी करने लगे। अधिकारी के मुताबिक, पुलिस ने बाद में दोनों भाइयों को गिरफ्तार किया और उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 353 (किसी लोकसेवक को उसके कर्तव्य के निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का उपयोग), 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझ कर अपमान) और 34 (साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज कर लिया।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 की तीसरी लहर के प्रकोप के बाद से बंद अधिकतर स्कूल सोमवार को नौंवी से 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए फिर से खुल गए। कोविड-19 के मामले कम होने के मद्देनजर दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने सात फरवरी से नौंवी से 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए स्कूलों के साथ-साथ उच्च शैक्षणिक संस्थानों और ‘कोचिंग सेंटर' को फिर से खोलने का शुक्रवार को फैसला किया था। इसके साथ ही 14 फरवरी से नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं फिर से शुरू करने का भी फैसला किया गया है। राष्ट्रीय राजधानी में सुबह-सुबह बच्चे मास्क पहने स्कूल जाते नजर आए। एक निजी स्कूल में एहतियाती तौर पर बच्चों के बस्तों को रोगाणुमुक्त भी किया गया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर पर विभिन्न स्कूलों में बच्चों के स्वागत की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘बच्चों को वापस स्कूल में देखकर बहुत ख़ुशी हो रही है। बच्चे भी बेचारे परेशान हो गए। भगवान ना करे अब दोबारा स्कूल बंद करने की ज़रूरत पड़े। '' दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कुछ स्कूलों का दौरा किया और वहां छात्रों से बातचीत की।
- निवाड़ी (मध्य प्रदेश) । जिले के पृथ्वीपुर में अज्ञात बदमाशों ने एक शासकीय अस्पताल में कार्यरत महिला नर्स की धारदार हथियार से काट कर कथित रूप से हत्या कर दी। नर्स का शव सोमवार सुबह उसके आवास से करीब 200 मीटर दूर निवाड़ी मार्ग पर सड़क किनारे झाड़ियों से मिला। पृथ्वीपुर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) संतोष पटेल ने बताया कि यह घटना निवाड़ी जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर पृथ्वीपुर में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात को हुई। उन्होंने कहा कि मृतक महिला की पहचान आभा तिवारी (40) के रूप में हुई है। वह जेरोन के आयुष अस्पताल में नर्स के पद पर पदस्थ थी और पृथ्वीपुर में निवाड़ी मार्ग पर किराये के मकान में अपने दोनों बेटों के साथ रहती थी। उसके पति का करीब चार साल पहले निधन हो चुका है। पटेल ने बताया कि शव के सिर पर चोट का निशान है, जिससे प्रतीत होता है कि उसके सिर पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस घटना की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।मृतक महिला के बेटों के हवाले से पटेल ने बताया कि उनकी माँ मकान के बाहर वाले कमरे में सोती थी, जबकि वह दोनों भाई अंदर बाले कमरे में सोते थे। इसलिए उन्हें घटना के बारे में सुबह ही पता चला। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारती दंड संहिता की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
- मुंबई। मशहूर गायिका आशा भोसले ने अपनी बड़ी बहन और स्वर कोकिला लता मंगेशकर के साथ बचपन में गुजारे दिनों को याद करते हुए उनके साथ अपनी बचपन की तस्वीर साझा की है। रविवार शाम को पूरे राजकीय सम्मान के साथ लता मंगेशकर के अंतिम संस्कार के बाद भोसले ने इंस्टाग्राम पर अपनी भावनाओं को साझा करते हुए तस्वीर डाली। इस तस्वीर में युवा नजर आ रहीं लता मंगेशकर ने बालों में फूल सजाया हुआ है और आशा भोसले उनके साथ बैठी हैं। अठासी वर्षीय भोसले ने लिखा, '' बचपन के दिन भी क्या दिन थे। दीदी और मैं।''लता मंगेशकर का रविवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया था। वह 92 वर्ष की थीं।
- नयी दिल्ली। प्लैटिनम जयंती मनाने वाली पहली ब्रिटिश साम्राज्ञी महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का जनवरी 1961 में दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में भव्य स्वागत किया गया था, जहां उन्होंने भारत की अपनी पहली शाही यात्रा के दौरान एक विशाल जनसभा को संबोधित किया था। रविवार को 95 वर्षीय महारानी ने अपने शासन के 70 साल पूरे कर लिए। वह छह फरवरी 1952 को अपने पिता सम्राट जॉर्ज षष्टम के निधन के बाद ब्रिटिश सिंहासन पर काबिज हुई थीं। जॉर्ज षष्टम भारत के आखिरी सम्राट भी थे। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का राज्याभिषेक जून 1953 में हुआ था और उन्होंने 1961 में अपने पति प्रिंस फिलिप (ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग) के साथ भारत की पहली शाही यात्रा की थी। वह तब 1947 में औपनिवेशिक शासन से आजादी के बाद भारत की यात्रा करने वाली पहली ब्रिटिश साम्राज्ञी बनी थीं। अभिलेखों के मुताबिक, जनवरी में शुरू हुए अपने शाही दौरे के दौरान महारानी 26 जनवरी को राजपथ पर भव्य गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल हुईं। तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की मौजूदगी में भारी भीड़ के बीच ऐतिहासिक रामलीला मैदान के भव्य प्रांगण में उनका शानदार स्वागत हुआ था। बड़ी संख्या में भारतीय और ब्रिटिश ध्वज से सजे रामलीला मैदान में जब दिल्ली के तत्कालीन महापौर शाम नाथ ने शाही जोड़े को फूलों का हार पहनाकर सम्मानित किया, तब दोनों देशों के झंडे लहराते हजारों दर्शक उनकी जयकार करते नजर आए थे। अभिलेखीय फुटेज के अनुसार, कार्यक्रम में महारानी को 12वीं सदी में निर्मित कुतुब मीनार का कलात्मक मॉडल, जबकि ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग को चांदी का मोमबत्ती स्टैंड भेंट किया गया था। 1961 के अपने शाही दौरे के दौरान महारानी ने राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुष्पांजलि भी अर्पित की थी। प्रिंस फिलिप के साथ उन्होंने तत्कालीन राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद की मौजूदगी में एक भव्य समारोह के दौरान अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के भवनों का औपचारिक उद्घाटन भी किया था। एम्स की स्थापना 1956 में हुई थी। घटना की याद में तैयार एक पट्टिका आज भी जेएल नेहरू सभागार में खड़े एक स्तंभ पर मौजूद है और 2016 में इसकी हीरक जयंती पर परिसर में आयोजित एक प्रदर्शनी में प्रतिष्ठित संस्थान की उनकी यात्रा से जुड़ी कुछ दुर्लभ तस्वीरें प्रदर्शित की गई थीं। एम्स परिसर के भव्य उद्घाटन के दौरान महारानी ने एक पौधा भी लगाया था, लेकिन समय बीतने के साथ इसे दीमक खा गई। एम्स के तत्कालीन निदेशक डॉ एमसी मिश्रा ने 2016 में बताया था, ‘‘यह एक शानदार समारोह था और उद्घाटन के दिन उन्होंने एक पौधा लगाया था। दुर्भाग्य से, उस पौधे को दीमक ने नष्ट कर दिया, लेकिन हमने वहां नए पौधे लगाए हैं।'' ब्रिटिश शाही परिवार ने अतीत में अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर देश के कई शहरों के दौरे से जुड़ी पुरानी तस्वीरों को साझा करते हुए महारानी की भारत यात्रा की यादों को ताजा किया है। 2017 में शाही परिवार ने ट्वीट किया था, ‘‘महारानी और शाही परिवार का भारत के साथ निजी जुड़ाव है तथा उन्होंने कई बार देश का दौरा किया है।'' उसने आगे लिखा था, ‘‘महारानी की भारत की पहली राजकीय यात्रा भारत के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की अतिथि के रूप में 1961 में हुई थी।'' 2019 में शाही परिवार ने 1961 के दौरे की दो तस्वीरें साझा करते हुए ट्वीट किया था, ‘‘महारानी ने भारत की तीन राजकीय यात्राएं की हैं, जिनमें से पहली 1961 में हुई थी और उस दौरान उन्होंने रामलीला मैदान में एक जनसभा को संबोधित किया था और ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग के साथ नई दिल्ली के भ्रमण पर गई थीं।'' अपनी पहली शाही यात्रा के दौरान महारानी एलिजाबेथ और प्रिंस फिलिप ने आगरा में ताजमहल के अलावा मुंबई, बनारस, उदयपुर, जयपुर, बेंगलुरु, चेन्नई और कोलकाता का भी दौरा किया था। भारतीय उपमहाद्वीप की अपनी यात्रा के दौरान वह पाकिस्तान भी गई थीं। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय 1961 में अपने दादा सम्राट जॉर्ज पंचम और महारानी मैरी की 1911 की दिल्ली दरबार की ऐतिहासिक यात्रा के बाद भारत आने वाली पहली ब्रिटिश साम्राज्ञी बनी थीं। 1911 में भारत एक ब्रिटिश उपनिवेश था। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय और प्रिंस फिलिप ने भारत की तीन यात्राएं कीं, जो 1961, 1983 और 1997 में हुई, जब भारत अपनी आजादी की 50वीं वर्षगांठ मना रहा था। महारानी एलिजाबेथ और प्रिंस फिलिप नवंबर 1947 में शादी के बंधन में बंधे थे। ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग, जो 1959 में भी भारत आए थे, का पिछले साल 99 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था।
- गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को कहा कि राज्य में कोविड महामारी के मामलों की संख्या घट रही है और स्थिति में सुधार हो रहा है जिसे देखते हुए असम में 15 फरवरी से कोविड-19 संबंधी सभी पाबंदियां हटा ली जाएंगी। सरमा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि स्कूल की बोर्ड परीक्षाएं, नगर निगम चुनाव, माजुल विधानसभा सीट पर उपुचनाव और कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद (केएएसी) चुनाव अगले दो माह में संपन्न कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में बैठने वाले विद्यार्थियों को कोविड रोधी टीके की दोनों खुराक लगी होनी चाहिए। सरमा ने कहा कि रात्रिकालीन कर्फ्यू हटा दिया जाएगा और मॉल तथा सिनेमाघर पूरी क्षमता के साथ खुलेंगे। विवाह समारोह रात में आयोजित किए जा सकेंगे लेकिन अतिथियों का पूर्ण टीकाकरण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य होगा। सरमा ने यह भी घोषणा की कि उनकी सरकार ने बिहू समितियों को सात दिनों के लिए समारोह आयोजित करने के लिए 1.5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया है ताकि वे उन व्यापारियों से दान एकत्र न करें जिन्हें महामारी के कारण भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य में रोंगाली बिहू बिना किसी पाबंदी के मनाया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने व्यापारियों और कारोबारियों पर वित्तीय बोझ को कम करने के लिए उन बिहू समितियों को वित्तीय सहायता प्रदान करने का फैसला किया है जो दस साल से अधिक समय से कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं।” उन्होंने कहा कि उपायुक्तों ने ऐसी समितियों की एक सूची तैयार की है और उसी के अनुसार सहायता प्रदान की जाएगी। सरमा ने कहा, “हम चाहते हैं कि सभी बिहू को इस तरह से मनाएं कि कलाकार, आयोजक और लोग एक साथ आनंद लें।
- बांदा । जिले के तिंदवारी थाना क्षेत्र में छापर गांव के पास सोमवार दोपहर हुए एक सड़क हादसे में दो व्यक्तियों की मौत हो गयी जबकि अन्य आठ व्यक्ति घायल हो गए। सदर क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) सत्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि तिंदवारी क्षेत्र के छापर गांव के पास आज दोपहर एक ट्रक और जीप में हुई आमने-सामने की टक्कर में एक बाइक भी चपेट में आ गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में बुधेरा गांव निवासी मोटरसाइकिल सवार श्यामू तिवारी (26) और रायबरेली जिले के रहने वाले जीप चालक तौफीक (23) की मौके पर ही मौत हो गयी। सीओ ने बताया कि इस हादसे में जीप सवार अन्य आठ व्यक्ति घायल हुए हैं। जिनमें से दो लोगों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
- नयी दिल्ली।मीडिया फाउंडेशन ने भारत में महिला मीडियाकर्मियों के लिए प्रतिष्ठित वार्षिक चमेली देवी जैन पुरस्कार के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। फाउंडेशन के बयान के अनुसार चयन के मापदंड उत्कृष्टता, विश्लेषण कौशल, सामाजिक सरोकार, अंतर्दृष्टि शैली, नवोन्मेष, साहस और करूणा हैं। उसने कहा कि छोटे शहरों/ कस्बों, भारतीय भाषा के पत्रकारों तथा अपने करियर में पहले पुरस्कृत नहीं किये गये पत्रकारों को समान वरीयता जैसी बातों पर भी ध्यान दिया जाएगा। उसने कहा कि हिंदी, अंग्रेजी या किसी अन्य भाषा में प्रविष्टियां भेजी जा सकती हैं जिसका मूल्यांकन स्वतंत्र पैनल द्वारा किया जाएगा।
- नयी दिल्ली। सरकार ने सोमवार को संसद में कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत अब तक 17.68 लाख लोगों को 41,415 करोड़ रुपये की ब्याज सब्सिडी दी गयी है। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष में क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी योजना (सीएलएसएस) के तहत अब तक 5,320 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गयी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जून 2015 में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की शुरुआत की थी और इसका मकसद लाभार्थियों को वित्तीय सहायता मुहैया करा कर "2022 तक सबको आवास" सुनिश्चित करना है। पुरी ने कहा कि वित्त वर्ष 2021-22 के दौरान, बजट अनुमान में इस योजना के लिए 8,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे, जिसे अब बढ़ाकर 27,000 करोड़ रुपये कर दिया गया है। उन्होंने स्मार्ट सिटीज मिशन (एससीएम) के बारे में एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि सरकार ने एससीएम के तहत अब तक स्लम पुनर्विकास परियोजनाओं पर 3,013.73 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।



























