- Home
- विदेश
- जिनेवा। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा है कि पिछले हफ्ते दुनियाभर में कोरोना वायरस के नये मामलों में 19 फीसदी की गिरावट आयी है जबकि इस संक्रमण से होने वाली मौतों की संख्या स्थिर है। संयुक्त राष्ट्र की स्वास्थ्य एजेंसी ने मंगलवार को इस महामारी पर जारी की गयी अपनी साप्ताहिक रिपोर्ट में कहा कि पिछले सप्ताह कोविड-19 के 1.6 करोड़ से अधिक नये मामले सामने आये जबकि करीब 75,000 मरीजों की जान चली गयी। डब्ल्यूएचओ के अनुसार केवल पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में कोविड -19 के मामलों में वृद्धि हुई और वह 19 फीसद थी। उसने कहा कि दक्षिणपूर्व एशिया में कोरोना वायरस के मामलों में करीब 37 फीसद कमी आयी जो दुनिया में सबसे अधिक गिरावट है। उसने बताया कि पश्चिम एशिया में मौंतों में 38 फीसद और पश्चिम प्रशांत क्षेत्र में एक तिहाई वृद्धि हुई। संगठन ने कहा कि कोविड-19 के सबसे अधिक नये मामले रूस में नजर आये तथा वहां एवं पूर्वी यूरोप में अधिक संक्रामक ओमीक्रोन स्वरूप के चलते पिछले हफ्तों में मामले दोगुणे हो गये। डब्ल्यूएचओ ने कहा कि दुनियाभर में कोरोना वायरस के अल्फा, बीटा, डेल्टा और अन्य स्वरूपों के मामले घटे जबकि ओमिक्रोन के मामले बहुत बढ़े। उसके अनुसार पिछले सप्ताह विश्व के सबसे बड़े वायरस डाटाबेस में अपलोड किये गये कोविड-19 वायरस के 400,000 नमूनों के आनुवांशिकी अनुक्रमण में 98 फीसद ओमीक्रोन मामले हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि ओमीक्रोन कोविड-19 के अन्य स्वरूपों की तुलना में हल्का बीमार करता है और ओमीक्रोन के फैलने के बाद भी उच्च टीकाकरण वाले देशों में अस्पतालों में मरीजों की भर्ती एवं मौतें कम हुईं।
- न्यूयॉर्क,। अमेरिकी अरबपति जैरेड इसाकमैन द्वारा घोषित अनूठे अंतरिक्ष मिशन के चालक दल के सदस्यों में ''स्पेसएक्स '' की इंजीनियर अन्ना मेनन भी होंगी। इसाकमैन ने पिछले साल दुनिया के पहले निजी अंतरिक्ष चालक दल की अगुवाई की थी। अन्ना मेनन भारतीय मूल के चिकित्सक अनिल मेनन की पत्नी हैं और वह ''स्पेसएक्स '' में ''लीड स्पेस ऑपरेशन्स इंजीनियर '' हैं। ''स्पेसएक्स '' ने सोमवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि अन्ना मेनन चालक दल के संचालन संबंधी कार्यक्रम का प्रबंधन करती हैं और मिशन निदेशक तथा चालक दल संवाहक के तौर पर मिशन नियंत्रण में भी सेवा देती हैं। इसाकमैन अमेरिकी भुगतान संसाधन कंपनी ''शिफ्ट4 '' के संस्थापक एवं सीईओ हैं। उन्होंने ''इंस्पिरेशन4 '' मिशन की कमान संभाली थी और ''पोलरिस प्रोग्राम '' का ऐलान किया था। कार्यक्रम में तीन मानव अंतरिक्ष यान मिशन शामिल होंगे। पहले मिशन का नाम ''पोलरिस डॉन '' है और इसे 2022 के अंत तक फ्लोरिडा में राष्ट्रीय वैमानिकी और अंतरिक्ष प्रबंधन (नासा) के केनेडी अंतरिक्ष केंद्र से भेजा जाएगा। अन्ना मेनन इस मिशन के लिए विशेषज्ञ एवं चिकित्सा अधिकारी हैं।
- सिंगापुर। सिंगापुर में कोविड-19 महामारी के बीच द्विवार्षिक 'एयरशो' मंगलवार से शुरू हो गया। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में आम लोगों को शरीक होने की अनुमति नहीं है और लगभग 600 प्रदर्शक अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे पहले फरवरी 2020 में हुए एयरशो में लगभग 930 प्रदर्शकों ने हिस्सा लिया था। कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को कोविड-19 पाबंदियों का सख्ती से पालन करने के लिये कहा गया है। एयरशो की शुरुआत साल 2008 में हुई थी।विशेषज्ञों का कहना है कि कोविड महामारी के कारण उत्पन्न मंदी से वैमानिकी बाजार उबर रहा है, रक्षा व्यय बढ़ रहा है और कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन की लहर के बावजूद वाणिज्यिक वैमानिकी में तेजी आ रही है।
- लास एंजिलिस।अभिनेत्री वांडा साइक्स, एमी शूमर और रेजिना हॉल अकादमी (ऑस्कर) पुरस्कार समारोह के 94वें संस्करण की, प्रस्तोता के रूप में मेजबानी करेंगी। हॉलीवुड जगत की खबरें देने वाली समाचार वेबसाइट डेडलाइन ने यह जानकारी दी। ऑस्कर पुरस्कार समारोह 2018 के बाद पहली बार ‘‘एम्सी'' प्रारूप में लौट रहा है।मीडिया कंपनी एबीसी के प्रसिद्ध ‘‘गुड मॉर्निंग अमेरिका'' नामक शो में मंगलवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दिए जाने की संभावना है। एबीसी मीडिया कंपनी ऑस्कर पुरस्कार समारोह के लिए प्रसारण भागीदार है, जो 27 मार्च को आयोजित किया जाएगा। सालाना पुरस्कार समारोह की आयोजक ‘‘द एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज'' ने प्रस्तोता को लेकर खबरों पर टिप्पणी करने से मना कर दिया।
- संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आतंकवाद रोधी समिति के अध्यक्ष एवं राजदूत टी एस तिरुमूर्ति ने 2019 की शुरुआत में पुलवामा और श्रीलंका में हुए आतंकी हमलों को याद करते हुए सोमवार को कहा कि आईएसआईएल, अल कायदा और संयुक्त राष्ट्र द्वारा नामित आतंकवादी समूह और ‘एक देश के भूभाग और सीमा पार से'' अपनी गतिविधियां संचालित कर रहे लोग, आम नागरिकों और सैन्य ढांचों को निशाना बनाना जारी रखे हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि तिरुमूर्ति ने आतंकवाद निरोधी समिति के अध्यक्ष के रूप में आतंकवाद निरोधी समिति के कार्यकारी निदेशालय (सीटीईडी) के काम की जानकारी देते हुए यह टिप्पणी की। उन्होंने याद किया कि समिति ने जून 2018 में दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया में आतंकवाद और आतंकवाद के लिए अनुकूल हिंसक उग्रवाद का मुकाबला करने में समुदाय को शामिल करने पर एक अनौपचारिक बैठक की थी। तिरुमूर्ति ने अध्यक्ष के रूप में अपनी प्रारंभिक टिप्प्णी में कहा,“यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अनौपचारिक बैठक के बाद की अवधि के दौरान, उप-क्षेत्र के देशों के लिए आतंकवादी खतरा अधिक रहा। आईएसआईएल, अल कायदा और संयुक्त राष्ट्र द्वारा नामित आतंकवादी समूह और एक देश के क्षेत्र में और सीमा पार से गतिविधियां संचालित कर रहे व्यक्ति, नागरिकों के साथ-साथ सैन्य ढांचों को निशाना बनाना जारी रखे हुए हैं। ”
- स्टॉकहोम। स्वीडन में 80 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को कोविड-19 टीके की चौथी खुराक देने की सिफारिश की गई है। इनके अलावा चौथी खुराक उन लोगों को भी दी जाएगी जिनकी घर पर देखभाल की जा रही है या नर्सिंग होम में रह रहे हैं। साथ ही अधिकारियों ने कहा कि चौथी खुराक पिछली (तीसरी) खुराक के चार महीने बाद लगेगी। स्वीडिश जन स्वास्थ्य एजेंसी की ओर से जारी एक बयान में देश के शीर्ष महामारीविद् एंडीयर्स टेगनेल ने कहा कि चौथी खुराक इस गंभीर बीमारी के विरूद्ध ‘सुरक्षा को मजबूती' प्रदान करेगी। स्वीडन यूरोप के अन्य देशों के मुकाबले महामारी के ज्यादातर दौर में संक्रमण को लेकर चीजों को नागरिकों पर छोड़ देने में आगे रहा है। उसने कभी लॉकडाउन नहीं लगाया और न ही कारोबार-धंधे बंद किये, बल्कि वह संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए व्यक्तिगत जवाबदेही पर भरोसा किया। हालांकि नोर्डिक क्षेत्र में शामिल अन्य देशों की तुलना में स्वीडन में कोरोना वायरस से मौतें अधिक हुई । यूरोप के अन्य स्थानों , जहां लॉकडाउन लगाया गया, पर कम मौतें हुईं। इसी माह के प्रारंभ में पड़ोसी डेनमार्क में स्वास्थ्य अधिकारयिों ने कहा कि वे इस वसंत में देश के टीकाकरण कार्यक्रम के समापन पर विचार कर रहे हैं क्योंकि उन्हें बच्चों को बूस्टर डोज या अन्य को चौथी खुराक लगाने का कोई कारण नजर नहीं आता।
- लॉस एंजिलिस। अमेरिकी शोधकर्ताओं ने एक नए एंटीबॉडी का निर्माण किया है, जो एक कोशिका से दूसरी कोशिका में फैलने की सार्स-कोव-2 वायरस की क्षमता को बाधित कर सकता है।एफयूजी-1 नाम का एंटीबॉडी फ्यूरिन एंजाइम को निशाना बनाता है, जिसका इस्तेमाल वायरस मानव कोशिकाओं में कोविड-19 संक्रमण की कुशल शृंखला बनाने के लिए करता है।जर्नल माइक्रोबायोलॉजी स्पेक्ट्रम’ के हालिया अंक में प्रकाशित इस अध्ययन में शोधकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि नए एंटीबॉडी को मौजूदा एंटीबॉडी के कॉकटेल में शामिल किया जा सकता है, जिससे सार्स-कोव-2 वायरस के नए और ज्यादा संक्रामक स्वरूपों से बेहतर तरीके से लड़ने में मदद मिलेगी।अध्ययन दल में शामिल यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, डेविस के वरिष्ठ शोधकर्ता जोगिंदर तुषीर-सिंह ने कहा, ‘हमने एक ऐसा एंटीबॉडी विकसित किया है, जो सार्स-कोव-2 वायरस की प्रसार शृंखला में बाधा डालता है।’उन्होंने कहा, ‘कोविड रोधी टीके संक्रमण के गंभीर रूप अख्तियार करने और मरीजों के अस्पतालों में भर्ती होने की आशंका घटाकर बेहतरीन जीवनरक्षक साबित हो रहे हैं। पर अब हमें पता चल रहा है कि ये वायरस के प्रसार पर लगाम लगाने में उतने प्रभावी नहीं हो सकते हैं।’शोधकर्ताओं ने दावा किया कि एफयूजी-1 एंटीबॉडी फ्यूरिन एंजाइम की क्रिया में उल्लेखनीय बाधा उत्पन्न करता है। सार्स-कोव-2 वायरस को ज्यादा संक्रामक बनने के लिए इस एंजाइम की जरूरत पड़ती है।शोधकर्ताओं ने बताया कि फ्यूरिन पूरे मानव शरीर में पाया जाता है और कोशिकाओं की विभिन्न क्रियाओं में शामिल है। यह प्रोटीन में मौजूद पॉलीबेसिक पेप्टाइड बॉन्ड की काट-छांट करके उसे छोटे-छोटे घटकों में तोड़ने में सक्षम है।शोधकर्ताओं के अनुसार, फ्यूरिन मानव कोशिकाओं में प्रवेश करने वाले वायरस को नष्ट या सक्रिय भी कर सकता है। उन्होंने बताया कि मानव कोशिकाओं में फैलने के लिए फ्यूरिन का इस्तेमाल करने वाले रोगाणुओं में एचआईवी, इंफ्लुएंजा, डेंगू और सार्स-कोव-2 वायरस शामिल हैं।शोधकर्ताओं ने कहा कि सार्स-कोव-2 वायरस जब किसी मानव कोशिका को संक्रमित करता है, तब फ्यूरिन सक्रिय अवस्था में होता है और उसके स्पाइक प्रोटीन को तोड़ चुका होता है। स्पाइक प्रोटीन का इस्तेमाल वायरस कोशिकाओं में प्रवेश करने और संक्रमण फैलाने के लिए करता है।उन्होंने बताया कि हालांकि, संक्रमित कोशिका में जब वायरस की प्रतिकृति बनने की प्रक्रिया चलती है, तब स्पाइक प्रोटीन निष्क्रिय अवस्था में होता है।शोधकर्ताओं की मानें तो स्पाइक प्रोटीन को दो हिस्सों-एस1 और एस2 में तोड़ने के लिए वायरस को संक्रमित कोशिका के फ्यूरिन की जरूरत पड़ती है, जिससे वायरल कणों में मौजूद स्पाइक सक्रिय हो जाते हैं और वायरस का तेजी से प्रसार करने लगते हैं।शोधकर्ताओं ने कहा कि फ्यूरिन की क्रिया पर लगाम लगाकर सार्स-कोव-2 वायरस की प्रसार शृंखला बाधित की जा सकती है। हालांकि, यह एक जटिल प्रक्रिया है, क्योंकि फ्यूरिन पूरे शरीर में मौजूद है और कोशिकाओं में कई अहम क्रियाओं के संचालन के लिए जरूरी है।
- बर्लिन । जर्मन राष्ट्रपति फ्रैंक वाल्टेर स्टीनमीयर विशेष संसदीय एसेंबली द्वारा रविवार को अगले पांच सालों के लिए फिर से राष्ट्रपति चुन लिये गये। इस रस्मी राष्ट्राध्यक्ष पद पर दूसरे कार्यकाल के लिए उनके नाम पर मुख्य धारा के ज्यादातर राजनीतिक दलों ने मुहर लगा दी। जर्मनी की संसद के निचले सदन के सदस्यों तथा 16 प्रांतों के प्रतिनिधियों से बनी विशेष एसेंबली द्वारा बड़े बहुमत से स्टीनमीयर को दूसरे कार्यकाल के लिए राष्ट्रपति चुना गया। निर्वाचित होने के बाद विशेष एसेम्बली में अपने संबोधन में स्टीनमीयर ने कहा, ‘‘ मेरी जिम्मेदारी उन सभी लोगों के प्रति है जो इस देश में रहते हैं। दलीय भावना से ऊपर उठकर , हां-- लेकिन जब लोकतंत्र की बात आती है तो मैं तटस्थ नहीं हूं। जो भी लोकतंत्र के लिए लड़ेगा वह अपने साथ मुझे पाएगा। जो भी उसपर हमला करेगा, वह मुझे विरोधी के रूप में देखेगा।'' वर्ष 2017 में राष्ट्रपति बनने से पहले वह एंजेला मर्केल के चांसलर रहने के दौरान विदेश मंत्री थे। उससे पहले वह चांसलर ग्रेहार्ड स्क्रोडर के चीफ ऑफ स्टाफ थे। जर्मनी में राष्ट्रपति के पास कार्यकारी शक्तियां तो नहीं हैं लेकिन वह एक अहम नैतिक प्राधिकार होते हैं।
- बीजिंग। चीन के लियाओनिंग प्रांत के शेनयांग शहर में शनिवार को एक बस में हुए विस्फोट में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और 42 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। घायलों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय पुलिस ने कहा कि घटना शेनयांग के हुआंगगु जिले में हुआंग स्ट्रीट और निंगशान रोड पर हुई। पुलिस इस धमाके के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि उन्होंने विस्फोट के कारण जोरदार धमाका सुना, लेकिन बस में आग नहीं लगी।
- वाशिंगटन। व्हाइट हाउस ने हिंद-प्रशांत रणनीतिक रिपोर्ट जारी करते हुए कहा है कि भारत खासकर चीन और वास्तविक नियंत्रण रेखा पर उसके व्यवहार के कारण महत्वपूर्ण भू-राजनीतिक चुनौतियों से जूझ रहा है।शुक्रवार को जारी की गई रणनीतिक रिपोर्ट राष्ट्रपति जो बाइडन के नेतृत्व वाले प्रशासन की पहली क्षेत्र विशिष्ट रिपोर्ट है। रिपोर्ट में हिंद-प्रशांत में अमेरिका की स्थिति को दृढ़ता से मजबूत करने, क्षेत्र को मजबूत करने और इस प्रक्रिया में भारत के उदय एवं क्षेत्रीय नेतृत्व का समर्थन करने के लिए राष्ट्रपति के दृष्टिकोण को रेखांकित किया गया है। व्हाइट हाउस ने कहा, ‘‘हम एक रणनीतिक साझेदारी का निर्माण करना जारी रखेंगे जिसमें अमेरिका और भारत दक्षिण एशिया में स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए एक साथ और क्षेत्रीय समूहों के माध्यम से काम करते हैं, स्वास्थ्य, अंतरिक्ष और साइबर स्पेस जैसे नए क्षेत्र में सहयोग करते हैं, हमारे आर्थिक और प्रौद्योगिकी सहयोग को मजबूत करते हैं, तथा एक स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत में योगदान करते हैं।’’व्हाइट हाउस ने बयान में कहा, ‘‘हम मानते हैं कि भारत दक्षिण एशिया और हिंद महासागर में एक समान विचारधारा वाला भागीदार और नेतृत्वकर्ता है, जो दक्षिण पूर्व एशिया में सक्रियता से जुड़ा हुआ है। साथ ही भारत क्वाड और अन्य क्षेत्रीय मंचों की प्रेरक शक्ति और क्षेत्रीय विकास और विकास के लिए एक इंजन है।’’
- वाशिंगटन। पश्चिमी खुफिया अधिकारियों द्वारा यूक्रेन पर रूसी आक्रमण का खतरा जताए जाने के बीच अमेरिका यूक्रेन में अपने दूतावास को खाली करने की तैयारी कर रहा है। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि विदेश मंत्रालय जल्द ही यह घोषणा करने वाला है कि रूसी आक्रमण की आशंका के मद्देनजर कीव दूतावास के सभी अमेरिकी कर्मचारियों को पहले ही देश छोड़ना होगा। विदेश मंत्रालय ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की।मंत्रालय ने पहले यूक्रेन में अमेरिकी दूतावास के कर्मचारियों के परिवारों को देश छोड़ने का आदेश दिया था। इसके अलावा गैर-आवश्यक कर्मियों से कहा गया था कि वे वहां से प्रस्थान करना चाहते हैं या नहीं, यह उनके विवेक पर निर्भर है। नया कदम ऐसे वक्त में आया है जब अमेरिका ने यूक्रेन पर संभावित रूसी आक्रमण के बारे में अपनी चेतावनियों को बढ़ा दिया। अधिकारियों ने बताया कि सीमित संख्या में अमेरिकी राजनयिकों को यूक्रेन के सुदूर पश्चिम में नाटो के सहयोगी पोलैंड के साथ लगती सीमा के पास स्थानांतरित किया जा सकता है, ताकि देश में अमेरिका की राजनयिक उपस्थिति बरकरार रखी जा सके।
- टोरंटो (कनाडा)। कनाडा में मैकमास्टर विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने नाक के जरिए लिए जाने वाले कोविड-19 रोधी टीके को विकसित किया है जो वायरस के सभी स्वरूपों के खिलाफ व्यापक, दीर्घकालिक सुरक्षा प्रदान कर सकता है। परीक्षण के दौरान किए गए अध्ययन में यह पाया गया है। शोध पत्रिका ‘सेल' में हाल में प्रकाशित अध्ययन में कहा गया है कि पारंपरिक इंजेक्शन के बजाय सीधे श्वांस नलिका से लिए जाने वाले टीके के कई लाभ मिले हैं क्योंकि इंजेक्शन के जरिए पारंपरिक रूप से लिए जाने वाले टीके के बजाय यह नाक के माध्यम से सीधे फेफड़ों और श्वसन नलिकाओं तक पहुंचते हैं जहां से सांस के जरिए वायरस शरीर में प्रवेश करते हैं। अध्ययन पशु मॉडल पर आधारित है। वर्तमान में उन स्वस्थ वयस्कों पर श्वांस के जरिए एरोसोल टीकों का मूल्यांकन किया जा रहा है, जिन्हें पहले से ही कोविड-19 एमआरएनए टीके की दो खुराक मिल चुकी हैं। अध्ययन के सह-प्रमुख लेखक झोउ जिंग ने तपेदिक के एक टीके के अनुसंधान कार्यक्रम पर रणनीति बनाई थी। मैकमास्टर विश्वविद्यालय में प्रोफेसर जिंग ने कहा, ‘‘हमने कई वर्षों के अनुसंधान से जो खोजा है, वह यह है कि फेफड़े में दिया जाने वाला टीका श्वसन संबंधी श्लेष्मा प्रतिरक्षा को प्रेरित करता है। इंजेक्शन वाले टीके की तुलना में यह ज्यादा कारगर है।
- लंदन।ब्रिटेन के राजकुमार चार्ल्स कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं, जिसके चलते वह पृथक-वास में हैं। उनके कार्यालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। शाही घराने के आधिकारिक ट्विटर पेज पर जारी संदेश में कहा गया कि चार्ल्स बृहस्पतिवार सुबह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और उन्हें विनचेस्टर का अपना दौरा रद्द करना पड़ा है। इसके अलावा, तत्काल अन्य विवरण साझा नहीं किया गया है। तिहत्तर वर्षीय चार्ल्स ने बुधवार शाम को ब्रिटिश संग्रहालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कई लोगों से मुलाकात की थी।
- वाशिंगटन। वाशिंगटन डी.सी. में सात ‘पब्लिक हाई स्कूल' को बुधवार दोपहर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद उन्हें खाली करा लिया गया। हालांकि, कहीं से भी पुलिस को कोई विस्फोटक नहीं मिला। मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग (एमपीडी) ने घोषणा की कि सात स्कूलों - डनबर हाई स्कूल, थियोडोर रूजवेल्ट हाई स्कूल, रॉन ब्राउन हाई स्कूल, केआईपीपी डीसी कॉलेज प्रिपरेटरी, आईडिया पब्लिक चार्टर स्कूल, सीड पब्लिक चार्टर स्कूल और मैकिन्ले टेक हाई स्कूल को फोन पर धमकी मिली थी। एमपीडी ने ट्विटर पर बताया कि सभी स्कूलों के छात्रों को बाहर निकाला गया और इमारत की तलाशी ली गई। ‘कोई खतरनाक सामग्री नहीं मिली।'' इनके अलावा एक अन्य स्कूल ‘फ्रेंडशिप पब्लिक चार्टर स्कूल' को भी धमकी मिली, लेकिन वह स्कूल बंद था। इससे एक दिन पहले ‘डनबर हाई स्कूल' में ‘ब्लैक हिस्ट्री मंथ' कार्यक्रम के दौरान स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद कार्यक्रम में आए उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के पति डग एम्हॉफ को जल्द वहां से बाहर निकाला गया था। एमपीडी ने बताया कि वह संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) और अल्कोहल, तंबाकू, आग्नेयास्त्रों और विस्फोटक ब्यूरो में ‘‘ अपने संघीय भागीदारों की सहायता से इन मामलों की जांच कर रहा है।'' डीसी पब्लिक स्कूलों के चांसलर लुईस फेरेबी ने इन धमकियों को परेशान करने वाली घटनाएं करार दिया और कहा कि इन्हें बहुत गंभीरता से लिया गया है। एक बयान में फेरबी ने कहा, ‘‘स्कूलों, छात्रों या कर्मचारियों को पेश होने वाले किसी भी खतरे से निपटने के लिए स्कूल प्रणाली एमपीडी के साथ मिलकर काम करेगी।
- सिंगापुर। सिंगापुर में भारतीय मूल के वरिष्ठ विपणन अधिकारी शक्तिबालन बालाथंडौथम को एक साल की बच्ची को अपने जिगर का एक हिस्सा दान करने के लिए ‘द स्ट्रेट्स टाइम्स सिंगापुरियन ऑफ द ईयर 2021' का पुरस्कार मिला है। मीडिया में बुधवार को आई एक खबर में यह जानकारी दी गई है। ‘द स्ट्रेट्स टाइम्स' अखबार ने बताया कि बुधवार को राष्ट्रपति हलीमा याकूब से पुरस्कार प्राप्त करने वाले 28 वर्षीय बालाथंडौथम ने 30 सितंबर, 2020 को अपने जिगर का 23 प्रतिशत हिस्सा बेबी रिया को दान कर दिया। जुलाई 2020 में एक भारतीय दंपति ने सोशल मीडिया पर अपनी एक साल की बच्ची के लिए जिगर के एक हिस्से के अंगदान के लिए अनुरोध किया था। बालाथंडौथम के इस फैसले ने रिया को नया जीवन दिया। रिया के 2019 में जन्म के कुछ सप्ताह बाद जिगर में गड़बड़ी का पता चला था। दुर्लभ बीमारी के कारण जिगर में पित्त नलिकाओं में सूजन आ जाती थी, जिससे पित्ताशय की थैली में पित्त का प्रवाह अवरुद्ध हो जाता था। इलाज नहीं होने पर स्थिति गंभीर हो सकती थी। खबर में कहा गया है कि अब बालाथंडौथम अंगदान के पैरोकार हैं और लोगों को आगे आने और जरूरतमंद मरीजों की मदद करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
- वाशिंगटन। एक नए अनुसंधान में दावा किया गया है कि एंटीवायरल दवा रेमडेसिवीर या मोलनुपिरावीर को प्रायोगिक दवा ब्रेक्विनार के साथ मिलाकर देने पर सार्स-कोव-2 वायरस का प्रजनन बाधित हो जाता है। यह वायरस कोविड-19 संक्रमण के लिए जिम्मेदार है। ‘नेचर जर्नल' में हाल ही में प्रकाशित अनुसंधान के मुताबिक, अलग-अलग के बजाय मिश्रित स्वरूप में इस्तेमाल किए जाने पर ये दवाएं ज्यादा प्रभावी साबित होती हैं। अनुसंधानकर्ताओं ने कहा कि भले ही इन दवाओं के मिश्रण का क्लीनिकल परीक्षण नहीं किया गया है, लेकिन अध्ययन में देखा गया है कि इनमें कोविड-19 संक्रमण का बेहद प्रभावी इलाज साबित होने की क्षमता है। मुख्य अनुसंधानकर्ता सारा चेरी, जो अमेरिका स्थित पेनसिल्वेनिया यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर हैं, ने कहा, ‘एंटीवायरल दवाओं के उपयुक्त मिश्रण की पहचान करना बेहद जरूरी है, न केवल इसलिए कि ऐसा करने से कोरोना वायरस के खिलाफ दवाओं का प्रभाव बढ़ सकता है, बल्कि इसलिए भी कि दवाओं के मिश्रण से प्रतिरोध का खतरा काफी हद तक घट जाता है।' अनुसंधानकर्ताओं ने इंसान की श्वसन कोशिकाओं में सार्स-कोव-2 वायरस के जीवित अंश डालकर 18,000 दवाओं की वायरस-रोधी क्षमताओं की जांच की। इस दौरान उन्होंने 122 ऐसी दवाओं की पहचान की, जो कोरोनोवायरस के खिलाफ एंटीवायरल गतिविधि और चयनात्मकता दिखाती हैं। इनमें 16 न्यूक्लियोसाइड एनालॉग शामिल हैं, जो चिकित्सकीय उपयोग में आने वाली एंटीवायरल दवाओं की सबसे बड़ी श्रेणी है। अनुसंधानकर्ताओं के मुताबिक, इन 16 न्यूक्लियोसाइड एनालॉग में रेमडेसिवीर और मोलनुपिरावीर प्रमुख हैं। रेमडेसिवीर इंजेक्शन के जरिये नसों में दी जाने वाली एक एंटीवायरल दवा है। वहीं, मोलनुपिरावीर को गोली के रूप में खाया जा सकता है। अमेरिका के खाद्य एवं औषधि विभाग ने कोविड-19 के उपचार में इन दोनों ही दवाओं के आपात इस्तेमाल की मंजूरी दे रखी है। अनुसंधानकर्ताओं ने बताया कि जिन 122 दवाओं की पहचान की गई, उनमें प्रायोगिक दवा ब्रेक्विनार सहित कई न्यूक्लियोसाइड बायोसिंथेसिस इंहिबिटर भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि न्यूक्लियोसाइड बायोसिंथेसिस इंहिबिटर शरीर में मौजूद एनजाइम को न्यूक्लियोसाइड बनाने से रोकते हैं, जिसके चलते वायरस का प्रजनन बाधित होता है।
- न्यूयार्क। वाशिंगटन डलेस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बैगेज बेल्ट के पास अचेत अवस्था में व्हीलचेयर पर पाई गई 54 वर्षीय भारतीय महिला को चिकित्साकर्मियों के समय रहते हस्तक्षेप करने के बाद बचा लिया गया है। अमेरिकी अधिकारियों ने यह जानकारी दी और कहा कि वह घटना बेहद दुखद थी। सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा (सीबीपी) विभाग ने मंगलवार को कहा कि महिला एक भारतीय नागरिक है और अमेरिका में वैध तरीके से स्थायी रूप से निवास कर रही थी। विभाग ने कहा कि महिला दोहा, कतर से 15 घंटे की उड़ान में सवार होकर रविवार शाम को हवाई अड्डे पहुंची थी। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने सीबीपी को जानकारी दी कि बैगेज बेल्ट के पास एक महिला व्हीलचेयर पर अचेत अवस्था में पाई गई है। संघीय एजेंसी की ओर से जारी एक बयान में कहा, “10 मिनट तक सीबीपी के आपातकालीन चिकित्साकर्मियों ने महिला का जीवन बचाने का असाधारण प्रयास किया।” बाद में हवाई अड्डे के चिकित्साकर्मियों को महिला की जान बचाने में कामयाबी मिली। महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। बयान में कहा गया कि अस्पताल से प्राप्त सूचना के अनुसार, महिला खुद से सांस ले रही थी।
- संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतारेस ने ‘स्वर कोकिला' के नाम से विख्यात भारतीय गायिका लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि वह “सही मायने में उपमहाद्वीप की आवाज थीं।” मंगेशकर का 92 वर्ष की आयु में रविवार को मुंबई में निधन हो गया। उन्होंने आठ दशक के अपने करियर में 25,000 गाने गाए। गुतारेस के उप प्रवक्ता फरहान हक ने मंगलवार को कहा कि महासचिव ने मंगेशकर के परिजन तथा भारत के लोगों के प्रति संवदेना व्यक्त की और कहा कि वह सही मायने में उपमहाद्वीप की आवाज थीं। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टी एस तिरुमूर्ति ने रविवार को कहा कि मंगेशकर का निधन “राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। संगीत की दुनिया में उनका स्थान कोई नहीं ले सकता। उन्होंने कहा, “भारत रत्न लता मंगेशकर हमारे दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी।” संयुक्त राष्ट्र महिला संस्था की उप कार्यकारी निदेशक और सहायक महासचिव अनीता भाटिया ने भी रविवार को मंगेशकर को श्रद्धांजलि दी थी।
- बीजिंग। चीन ने मंगलवार को कहा कि वह विदेशी छात्रों की वापसी के लिए ‘‘समन्वित'' व्यवस्था करने पर विचार कर रहा है लेकिन वह 23,000 से अधिक भारतीयों समेत अन्य विदेशी छात्रों की वापसी के लिए कोई निश्चित समयसीमा नहीं बता सकता। बीजिंग के कोविड-19 वीजा प्रतिबंधों के कारण ये छात्र पिछले दो वर्षों से अपने-अपने देशों में फंसे हुए हैं। मंगलवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में यह पूछे जाने पर कि चीन फंसे हुए भारतीय छात्रों को कब वीजा देगा, इस पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने कहा कि उनका मंत्रालय एक साल से अधिक समय से कह रहा है कि चीन कोविड-19 के सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार छात्रों की व्यवस्थित रूप से वापसी चाहता है। झाओ ने कहा, ‘‘मैं आपको बता सकता हूं कि चीन की सरकार विदेशी छात्रों की चीन को उनकी पढ़ाई के लिए वापसी के मुद्दे को काफी अहमियत देती है। हम विदेशी छात्रों की उनकी पढ़ाई के लिए चीन में वापसी के वास्ते समन्वित तरीके से व्यवस्था कर रहे हैं।'' चीन ने गत सप्ताह यहां पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की यात्रा के दौरान उनसे लगभग 28,000 पाकिस्तानी छात्रों की वापसी की ‘‘व्यवस्था'' करने का वादा किया था। ऐसा बताया जा रहा है कि चीन ने मंगोलिया और सिंगापुर के नेताओं से भी ऐसे ही वादे किए हैं।
- वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज से सोमवार को मुलाकात की और आगाह किया कि यदि रूस ने यूक्रेन पर हमला किया तो अहम गैस पाइपलाइन ‘नोर्ड स्ट्रीम 2’ को बाधित कर दिया जाएगा। इस बीच, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि केवल अमेरिका और उसके सहयोगी ही हमले की बातें कर रहे हैं।पुतिन और फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों ने मॉस्को में पांच से अधिक घंटों तक मुलाकात की। इसी दौरान बाइडन और शोल्ज ने यूक्रेन के संकट से निपटने के प्रयासों के तहत व्हाइट हाउस में वार्ता की। रूस ने यूक्रेन की सीमा पर हजारों सैन्य बलों को तैनात किया है और वह लगभग रोजाना अपनी सैन्य ताकत बढ़ा रहा है।बाइडन ने कहा, ‘‘यदि रूस हमला करता है, यानी यदि टैंक और बल फिर से यूक्रेन की सीमा पार करते हैं, तो (रूस से जर्मनी के बीच) नोर्ड स्ट्रीम 2 नहीं रहेगी। हम इसे रोक देंगे।’’इससे न केवल रूस को आर्थिक नुकसान होगा, बल्कि जर्मनी की भी मुश्किलें बढ़ेंगी। पाइपलाइन का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन इसे अभी चालू नहीं किया गया है।बाइडन ने कहा, ‘‘हम सभी तैयार हैं, पूरा नाटो (उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन) तैयार है।’’बाइडन ने दृढ़ता से दोहराया कि पाइपलाइन को बाधित किया जाएगा, जबकि शोल्ज ने संकट को कम करने के लिए रूस पर दबाव डालने की खातिर प्रतिबंधों को लेकर कुछ अस्पष्टता रखने की आवश्यकता पर बल दिया।शोल्ज ने कहा, ‘‘रूस के लिए यह समझना आवश्यक है कि उसने जो सोचा है, उससे भी कहीं अधिक बुरा हो सकता है।’’इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि रूस के सैन्य खतरे के बीच आवश्यक राजनयिकों को छोड़कर अन्य अमेरिकियों के लिए यूक्रेन छोड़ देना समझदारी होगी। बाइडन ने व्हाइट हाउस में शोल्ज के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में यह टिप्पणी की।अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन में कार्यरत अपने गैर जरूरी कर्मियों को वहां से लौटने के लिए अनुमति दे दी है और राजनयिकों के परिवार के सभी सदस्यों से भी वहां से लौट आने की अपील की है। यूक्रेन के पास लगभग एक लाख रूसी बलों की तैनाती ने पश्चिमी देशों की चिंताएं बढ़ा दी हैं, जो इसे संभावित आक्रमण की शुरुआत के तौर पर देख रहे हैं। हालांकि, रूस ने अपने पड़ोसी देश पर हमले की किसी भी योजना से इनकार किया है, लेकिन वह अमेरिका और उसके सहयोगियों पर यूक्रेन या किसी अन्य पूर्व-सोवियत देश को नाटो में शामिल होने से रोकने का दबाव बना रहा है। रूस ने क्षेत्र में हथियारों की तैनाती रोकने और पूर्वी यूरोप से नाटो बलों को वापस बुलाने की भी मांग की है। अमेरिका और नाटो ने रूस की मांगों को खारिज कर दिया है
- दुबई। दुबई सरकार ने सोमवार को ऐलान किया कि वह शहर में प्लास्टिक बैग के इस्तेमाल पर शुल्क वसूलेगी। सरकार ने कहा कि पर्यावरण संबंधी चिंता के कारण उसकी मंशा दो साल के अंदर प्लास्टिक बैग के इस्तेमाल को गैरकानूनी घोषित करने की है। सरकार द्वारा संचालित दुबई मीडिया ऑफिस से जारी एक बयान में कहा गया कि 25 फिल शुल्क (छह सेंट) एक जुलाई से लगाया जाएगा। सरकार ने कहा, संपोषणीयता अब वैश्विक स्तर पर अनिवार्य हो गया है, जिसके तहत समाज के व्यवहार को इस तरह से बदलना है कि पर्यावरण प्रदूषण में वैयक्तिक योगदान को घटाया जा सके।'' सरकार ने कहा कि ऊंट और कछुए प्लास्टिक से मर रहे थे, इसलिए भी प्रतिबंध आवश्यक था। गगनचुंबी इमारतों वाले शहर में कुछ किराना स्टोर पहले से ही लोगों को खरीदारी के समय दोबारा इस्तेमाल करने योग्य बैग लाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।
- नयी दिल्ली। मालदीव ने भारतीय व्यापारियों को बिना वीजा प्रवेश की अनुमति देने की घोषणा की है। मालदीव के विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह फैसला इस महीने की पहली तारीख से लागू हो गया है। व्यापारिक उद्देश्यों से मालदीव जाने वाले भारतीय यात्रियों को 90 दिन की अवधि के लिए बिना वीजा के प्रवेश देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भारत और मालदीव के बीच 17 दिसम्बर 2018 को वीजा सुविधा के बारे में समझौते पर हस्ताक्षर हुए थे जिसके अंतर्गत यह निर्णय लिया गया है। वीजा मुक्त प्रवेश व्यवस्था के अंतर्गत दोनों देश एक-दूसरे के नागरिकों को छह महीने के भीतर 90 दिन की अवधि के लिए वीजा मुक्त यात्रा की सुविधा देंगे। कोई भी भारतीय नागरिक स्वीकृत व्यापार वीजा को एक कलैंडर वर्ष में 180 दिन तक के लिए बढ़वा सकता है।
- सिंगापुर। भारतीय वायुसेना का हल्का लड़ाकू विमान तेजस 15 से 18 फरवरी तक आयोजित होने वाले सिंगापुर एअरशो 2022 में अपने उड़ान कौशल का प्रदर्शन करेगा। एअरशो के आयोजक एक्सपीरिया ने सोमवार को कहा, "एकल जेट प्रदर्शन में सिंगापुर के आसमान में प्रभावशाली स्टंट और हवाई करतब दिखेंगे।" इसने कहा कि एअरशो में चार वायुसेनाओं और दो वाणिज्यिक कंपनियों के आठ उड़ान प्रदर्शन तथा फ्लाईपास्ट कार्यक्रम होंगे। तेजस विमान ने पिछले साल नवंबर में दुबई एअरशो में भी हिस्सा लिया था।हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड द्वारा निर्मित तेजस एकल इंजन और बहु-भूमिका वाला अत्यंत फुर्तीला सुपरसोनिक लड़ाकू विमान है जो नभ क्षेत्र में उच्च-खतरे वाली स्थितियों में संचालन करने में सक्षम है। यह प्रमुख रूप से हवाई युद्ध और आक्रामक तरीके से हवाई सहायता मिशन में काम आने वाला विमान है तथा टोही अभियान को अंजाम देने एवं और पोत रोधी विशिष्टताएं इसकी द्वितीयक गतिविधियां हैं। आयोजकों ने कहा कि भारतीय वायुसेना के तेजस के अलावा, अमेरिकी सेना, इंडोनेशियाई एरोबैटिक टीम और सिंगापुर वायुसेना एअरशो में भागीदारी करेंगी।
- ब्राउन डियर (अमेरिका)। अमेरिका में मिल्वौकी उपनगर के एक अपार्टमेंट परिसर में एक हमलावर ने दो लोगों की हत्या करने के बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। ब्राउन डियर पुलिस प्रमुख पीटर निमर ने कहा, ‘‘रविवार सुबह हुई गोलीबारी में संदिग्ध समेत तीन लोगों की मौत हो गई। प्राधिकारियों का मानना है कि यह गोलीबारी किसी घरेलू विवाद के कारण हुई।'' उन्होंने कहा कि 26 वर्षीय संदिग्ध ने स्वयं को गोली मार ली। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। निमर ने बताया कि गोलीबारी में 31 वर्षीय पुरुष और 23 वर्षीय महिला की भी मौत हो गई। इसके अलावा 36 वर्षीय व्यक्ति के पैर में गोली लगी है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर एक बच्चा भी था, जो हताहत नहीं हुआ है।
- संयुक्त राष्ट्र । संयुक्त राष्ट्र कर्मचारी संघ के अनुसार, 2021 में जानबूझकर किए गए हमलों में संयुक्त राष्ट्र के 24 शांति रक्षकों और संयुक्त राष्ट्र के लिए काम कर रहे एक आम नागरिक की मौत हो गई। अंतरराष्ट्रीय नागरिक सेवा की सुरक्षा और स्वतंत्रता के लिए संयुक्त राष्ट्र की स्थायी समिति ने कहा कि मारे गए शांति रक्षकों में दो महिलाएं थीं और लगातार आठवें वर्ष माली दुनिया का सबसे जोखिम वाला देश रहा, जहां 19 शांति रक्षक मारे गए। चार शांति रक्षकों की मौत के साथ मध्य अफ्रीकी गणराज्य सूची में दूसरे स्थान पर रहा। संयुक्त राष्ट्र कर्मचारी संघ के अध्यक्ष एटोर अरौज ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, ‘‘एक बार फिर, संयुक्त राष्ट्र के कर्मियों, विशेष रूप से शांति रक्षकों जो दुनिया के सबसे जोखिम वाले स्थानों में सेवा दे रहे हैं, ने सबसे अधिक कीमत चुकाई है।'' उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह के अपराधों के लिए किसी को भी पकड़ा नहीं गया और सजा नहीं दी गई। हम सरकारों से संयुक्त राष्ट्र कर्मियों की रक्षा करने और उनके हत्यारों पर मुकदमा चलाने के लिए हर संभव प्रयास करने का आह्वान करते हैं।'' स्टाफ यूनियन ने कहा कि 2021 में मरने वाले आठ शांतिरक्षक टोगो से, चार चाड से, तीन आइवरी कोस्ट से, तीन मिस्र से और एक-एक रवांडा, बुरुंडी, कांगो, गैबॉन, मलावी और मोरक्को से थे। मारा गया एक आम नागरिक कांगो का था।







.jpg)



















.jpg)