- Home
- विदेश
- लंदन ।ब्रिटेन की सरकार ने घोषणा की है कि 12 से 15 साल के स्कूली बच्चों को अगले सप्ताह से फाइजर/बायोएनटेक के कोविड-19 टीके की पहली खुराक दी जाएगी। देश के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों ने बच्चों के लिए टीके को मंजूरी दे दी है। स्वास्थ्य और सामाजिक देखभाल विभाग (डीएचएससी) ने सोमवार शाम को कहा कि मंत्रियों ने ब्रिटेन के चार मुख्य चिकित्सा अधिकारियों के परामर्श को स्वीकार कर लिया है और राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (एनएचएस) अब स्कूलों के आधार पर टीकाकरण कार्यक्रम की तैयारी कर रही है। एनएचएस ने कहा कि यह टीकाकरण भी एचपीवी और डिप्थीरिया, टिटनेस तथा पोलियो समेत अन्य टीकों के सफल मॉडल को अपना कर किया जाएगा जिसमें डॉक्टर और फार्मेसी सहभागिता करेंगी। ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री साजिद जाविद ने कहा, ‘‘मैंने 12 से 15 साल तक के बच्चों को टीका लगाने की मुख्य चिकित्सा अधिकारियों की सिफारिश को मान लिया है। यह बच्चों को स्कूलों में कोविड-19 से बचाने और कक्षाएं बहाल करने की दिशा में किया जा रहा है।- file photo
- लंदन। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ब्रिटेन की अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री लिज ट्रस के साथ सोमवार को वचुअर्ल बैठक की। इस बैठक में ब्रिटेन-भारत व्यापार समझौते को लेकर बातचीत शुरू करने के लिये अगला कदम उठाये जाने पर सहमति जताई गई। ब्रिटेन की सरकार ने यह कहा। ब्रिटेन के अंतरराष्ट्रीय व्यापार विभाग (डीआईटी) ने कहा कि दोनों मंत्रियों के बीच बातचीत भारत- ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिये ‘‘गुंजाइश और आकांक्षा'' पर केन्द्रित रही। इस बातचीत से पहले 31 अगस्त को ब्रिटेन ने औपचारिक विचार विमर्श की प्रक्रिया को पूरा कर लिया। डीआईटी द्वारा सोमवार की इस बैठक पर जारी नोट में कहा गया है, ‘‘उन्होंने विचार विमर्श से सामने आई जानकारियों पर चर्चा की और इस साल के अंत तक बातचीत शुरू करने की तैयारियों के लिये उठाये जाने वाले कदमों पर सहमति जताई। इसमें सितंबर से व्यापार कार्यसमूहों की श्रृंखला की शुरुआत भी शामिल है।'' डीआईटी ने कहा, ‘‘उन्होंने नई स्थापित की गई विस्तारित व्यापार भागीदारी पर भी चर्चा की और बाजार पहुंच पैकेज के समय पर क्रियान्वयन को लेकर अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।'' ब्रिटेन की सरकार ने कहा कि इस तरह की नियमित मंत्री स्तरीय बातचीत से दोनों पक्षों को विभिन्न क्षेत्रों में एक दूसरे की स्थिति को समझने में मदद मिलती है। किसी भी व्यापार समझौते में शुल्क, मानकों, बौद्धिक संपदा और डेटा नियमन सहित अलग अलग क्षेत्र होते हैं। डीआईटी ने कहा कि ब्रिटेन की अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री ने एक ऐसे व्यापार समझौते को लेकर अपनी आंकांक्षा को फिर से व्यक्त किया जिससे ब्रिटेन के लोगों और डिजिटल एवं डेटा, प्रौद्योगिकी और खाद्य एवं पेय क्षेत्र सहित विभिन्न व्यवसायियों के लिये बेहतर परिणाम हों। दोनों मंत्रियों के बीच इस बात को लेकर भी सहमति थी कि आगे होने वाली बातचीत के दौरान व्यवसायिक समुदाय के साथ जुड़े रहना महत्वपूर्ण होगा।
- लागोस। नाइजीरिया के उत्तर मध्य में स्थित कोगी प्रांत में एक कारागार पर आधी रात में हमलावरों ने विस्फोटक के साथ हमला किया और गोलीबारी भी की। इस घटना में दो सुरक्षा अधिकारियों की मौत हो गयी जबकि 240 कैदी फरार हो गए। एक मंत्री ने सोमवार को इसकी जानकारी दी । आंतरिक मामलों के मंत्री ओगबेनी रउफ एरेग्बेसोला ने बताया कि कोगी प्रांत में हुये इस हमले में दो अन्य सुरक्षा अधिकारी लापता हैं। उन्होंने बताया कि कैदियों को दोबारा पकड़ने के लिये एक कार्य बल का गठन किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जेल में 294 कैदी थे, लेकिन उनमें से कुछ ने भागने का प्रयास नहीं किया और कुछ कैदी स्वेच्छा से सोमवार की सुबह वापस लौट आये।
- यरूशलम। ब्रिटेन में भारतीय मूल के, बच्चों के प्रख्यात न्यूरोसर्जन ने दो जुड़वां बच्चों का सफल ऑरपरेशन करने में इजराइल के चिकित्सकों के एक समूह की मदद की। सिर से जुड़े ये दोनों बच्चे सर्जरी के बाद सामान्य जीवन जी सकेंगे। यह जानकारी यहां मीडिया की खबरों में दी गई।'द टाइम्स ऑफ इजराइल' के अनुसार, कश्मीर में जन्मे और लंदन के ग्रेट आरमॉन्ड स्ट्रीट हॉस्पिटल में काम करने वाले डॉ. नूर उल ओवैसी जिलानी से जब इजराइल के सारोका अस्पताल के डॉक्टरों ने संपर्क किया तो उन्होंने सर्जरी करने पर सहमति जता दी। उन्हें और उनके सहकर्मी प्रोफेसर डेविड डुनवे को पूरी दुनिया में इस तरह के मामलों का विशेषज्ञ माना जाता है। जिलानी ने कहा, ''चिकित्सक की दृष्टि से देखें तो हम सब एक हैं। तथ्य यह है कि कश्मीर में जन्मे एक मुस्लिम चिकित्सक ने इजराइल में यहूदी परिवार की सहायता के लिए वहां के चिकित्सकों के साथ काम किया, जो हमें याद दिलाता है कि चिकित्सा सार्वभौम होती है।'' उन्होंने कहा, ''हमने एक शानदार परिवार की मदद की। मैंने पूरी जिंदगी कहा है कि सभी बच्चे एक जैसे हैं, चाहे उनका कोई भी रंग हो या कोई भी धर्म हो। भेदभाव मनुष्य करता है। बच्चा बच्चा होता है। चिकित्सक की दृष्टि से देखें तो हम सब एक हैं।'' बताया जाता है कि इजराइल के जुड़वां बच्चों की सर्जरी पर जिलानी ने महीनों काम किया।इजराइल के सोरोका अस्पताल के चिकित्सक दल के लिए भी यह बड़ी उपलब्धि है जिसने इस जटिल ऑपरेशन का प्रबंध किया, जबकि पहले वहां इस तरह की सर्जरी कभी नहीं हुई।
- लॉस एंजिलिस। पॉप स्टार ब्रिटनी स्पीयर्स ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर ब्वॉयफ्रेंड सैम असगरी के साथ सगाई की जानकारी दी। पॉप स्टार (39) ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक छोटा सा वीडियो पोस्ट कर प्रशंसकों को यह खबर दी। वीडियो में वह अपनी अंगूठी दिखाती हैं, जिस पर असगरी पूछते हैं, ‘‘ क्या तुम्हें पसंद आया?'' इस पर वह 'हां' में जवाब देती हैं। असगरी (27) पेशे से निजी फिटनेस ट्रेनर और अभिनेता हैं। उन्होंने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सगाई की जानकारी दी। उनके प्रबंधक बैंडन कोहन ने पीपुल पत्रिका को सगाई की खबर की पुष्टि की है। यह खबर ऐसे समय में आई है जब करीब एक सप्ताह पहले ही स्पीयर्स के पिता जैमी स्पीयर्स ने गायिका के ‘कंजरवेटरशिप' (संरक्षण व्यवस्था) से हटने का निर्णय लिया था। गायिका के जीवन और धन को 2008 से ही उनके पिता नियंत्रित कर रहे हैं।
- न्यूयॉर्क। कोरोना वायरस महामारी के दौरान नये टीका नियमों के बीच न्यूयॉर्क शहर में लगभग दस लाख विद्यार्थियों के लिए स्कूलों के दरवाजे फिर से खुल गये है। शहर में लगभग तीन लाख कर्मचारी अपने कार्यस्थलों पर वापस लौटेंगे। इनमें से ज्यादातर को टीकाकरण कराने की जरूरत होगी या अपनी नौकरियों में बने रहने के लिए उन्हें साप्ताहिक कोविड-19 जांच से गुजरना पड़ेगा। रेस्तरां, संग्रहालयों, जिम और मनोरंजन स्थलों पर जाने के लिए कर्मचारियों और संरक्षकों को टीकाकरण की आवश्यकता वाले नियमों को लागू करना होगा। शिक्षकों के लिए भी टीकाकरण आवश्यक है। मेयर बिल डी ब्लासियो ने कहा कि न्यूयॉर्क शहर में पिछले वर्ष ज्यादातर समय के लिए स्कूलों को खुला रखा गया था लेकिन अधिकतर परिवारों ने दूरस्थ शिक्षा को चुना। यह विकल्प इस साल उपलब्ध नहीं होगा। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे बच्चों को स्कूलों में होना चाहिए और कुछ बच्चों ने डेढ़ साल से स्कूलों में कदम नहीं रखा है।'' सभी छात्रों और कर्मचारियों के लिए मास्क पहनना जरूरी होगा जैसा कि न्यूयॉर्क राज्य के स्कूलों में होता है। बारह वर्ष और उससे अधिक उम्र के ऐसे छात्रों के लिए टीका अनिवार्य नहीं है, लेकिन फुटबॉल और बास्केटबॉल जैसे खेलों में भाग लेने के साथ-साथ बैंड अभ्यास और रंगमंच जैसी कुछ गतिविधियों में शामिल होने के लिए टीकाकरण की आवश्यकता होगी। शहर के 12 से 17 साल के लगभग दो-तिहाई विद्यार्थियों को इस समय टीका लगाया गया है।
- लंदन। आगामी जेम्स बांड फिल्म में नजर आने वाली अभिनेत्री लशाना लिंच ने उन अटकलों को खारिज कर दिया है, जिसमें कहा जा रहा था कि वह भविष्य में इस सीरिज की आने वाली फिल्मों में मुख्य किरदार निभा सकती है। द गार्डियन को दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा. “नहीं। क्या आप मुझे नहीं चाहते हैं।” लिंच (33) ने कहा कि अगली बांड फिल्म में मुख्य किरदार की भूमिका कोई भी निभा सकता है चाहे वह पुरुष, महिला, युवा या वृद्ध हो, या किसी भी नस्ल का हो। लिंच ने कहा, “हम ऐसे समय में हैं जब फिल्म उद्योग दर्शकों को केवल वह नहीं परोस रहा, जो दर्शक देखना चाहते है। असल में वे दर्शकों को वह दिखा रहे हैं जो वे दर्शकों को दिखाना चाहते हैं। '' उन्होंने कहा , ‘‘बांड के किरदार में कोई भी हो सकता है। वह अश्वेत, श्वेत, एशियाई या मिश्रित नस्ल का हो सकता है। वह युवा या बूढ़ा हो सकता है। अगर दो साल का बच्चा भी बांड का किरदार निभाएगा तो हर कोई सिनेमाघरों में यह देखने जाएंगे कि वह दो साल का बच्चा क्या कर रहा है।” लिंच ने आने वाली बांड फिल्म में नेओमी की भूमिका निभाई है और ऐसी खबरें हैं कि भविष्य में वह जेम्स बांड का किरदार अदा करेंगी। “नो टाईम टू डाई” फिल्म में अभिनेता डेनियल क्रेग अंतिम बार बांड की भूमिका में नजर आयेंगे।
- लंदन। ब्रिटेन में नाइटक्लब और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिये टीकाकरण संबंधी ''कोविड पास'' को अनिवार्य बनाने की योजना को रद्द कर दिया गया है। ब्रिटेन सरकार ने रविवार को यह घोषणा की। इस योजना को इस महीने के अंत तक लागू किये जाने का कार्यक्रम था। हालांकि ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री साजिद जाविद ने अब पुष्टि कर दी है कि इस योजना पर आगे नहीं बढ़ा जाएगा। जाविद ने बीबीसी को बताया, ''दूसरी जगह ऐसा किया जा रहा है, सिर्फ इसलिए उनकी देखा-देखी हम इस योजना को लागू नहीं कर सकते। हमें हर संभव पहलू पर सही ढंग से विचार करना चाहिये।
- तोक्यो। जापान की सरकार ने कहा है कि देश की 50 फीसदी से ज्यादा आबादी को कोविड रोधी टीके की दोनों खुराकें मिल चुकी हैं। जापान में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान मध्य फरवरी में शुरू हुआ था जो कई समृद्ध देशों से कई महीने बाद शुरू हुआ। लंबी अवधि की क्लिनिकल जांचों और मंजूरी प्रक्रिया के चलते उसका अभियान देर से शुरू हुआ। बुजुर्ग मरीजों को टीका लगना अप्रैल में शुरू हुआ था लेकिन आयातित टीकों की आपूर्ति के अभाव के कारण यह प्रक्रिया धीमी पड़ गई थी। मई के अंत में इसने गति पकड़ी और तब से प्रतिदिन 10 लाख लोगों को टीका लगाया जा रहा है। आर्थिक मंत्री याशुतोषी निशिमुरा जो कोविड-19 संबंधी उपायों के प्रभारी भी हैं, उन्होंने सरकारी टीवी एनएचके के साप्ताहिक कार्यक्रम में रविवार को कहा कि करीब 60 प्रतिशत आबादी का सितंबर के अंत तक पूर्ण टीकाकरण हो जाएगा जो यूरोप में टीकाकरण के मौजूदा स्तर के बराबर होगा। सरकार नवंबर के आस-पास प्रतिबंधों में ढील देने की योजना तैयार कर रही है। यह पूर्ण टीकाकरण करा चुके लोगों और कोविड-19 जांच परिणाम में नेगेटिव रिपोर्ट प्रस्तुत करने वालों को पार्टियों के लिए इकट्ठा होने या सामूहिक कार्यक्रमों में शामिल होने की अनुमति देगा।
- जोहानिसबर्ग। दक्षिण अफ्रीका सरकार ने शुक्रवार को कहा कि कोविड-19 का टीका लगवाने वालों को वह अगले सप्ताह से डिजिटल प्रमाणपत्र जारी करेगी। देश के स्वास्थ्य मंत्री जो फाहला ने वर्चुअल संवाददाता सम्मेलन में कहा, ''किसी व्यक्ति का टीकाकरण हो चुका है, इसकी पुष्टि करने के लिए हमने डिजिटल प्रमाणपत्र बनाना शुरू कर दिया है।'' यह प्रमाणपत्र व्यक्ति के स्मार्टफोन पर उपलब्ध होगा और वह इसका प्रिंट ले सकेगा।मंत्री ने कहा कि टीकाकरण का डिजिटल प्रमाणपत्र धोखाधड़ी से बचाव के साथ विकसित किया गया है और यह टीकाकरण प्रमाणपत्र विश्व स्वास्थ्य संगठन के संबंधित मानदंडों के अनुरूप है।
- कोलंबो। श्रीलंका के गायक और संगीतकार सुनील परेरा का कोविड-19 जटिलताओं के कारण 68 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने न केवल अपने गीतों से श्रीलंका की पीढिय़ों का मनोरंजन किया बल्कि सामाजिक अन्याय, भ्रष्टाचार, नस्लवाद, लोकतंत्र के दमन के खिलाफ मुखरता से अपनी बात रखकर उनका मन-मानस हर लिया।सुनील परेरा पिछले महीने कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे। राजधानी कोलंबो के एक अस्पताल में उनका इलाज किया गया। वह पिछले हफ्ते घर लौटे, लेकिन उनकी हालत बिगडऩे पर उन्हें वापस अस्पताल ले जाया गया और सोमवार को उनका निधन हो गया। कोरोना वायरस से संबंधित स्वास्थ्य नियमों के कारण कोलंबो के मुख्य कब्रिस्तान में उसी दिन उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें केवल परिवार के करीबी सदस्य और मित्र शामिल हुए। सुनील और उनके बैंड ''जिप्सी'' को बैला में महारत हासिल थी। बैला श्रीलंका में लोकप्रिय संगीत का एक रूप है, जिसकी जड़ें पुर्तगाली उपनिवेशवाद के दौर से जुड़ी हैं।
- लंदन। बिहार के भागलपुर के गणित के शिक्षक सत्यम मिश्रा और आंध्र प्रदेश के हैदराबाद की सामाजिक अध्ययन, अंग्रेजी और गणित की शिक्षिका मेघना मुसुनुरी ने गुरुवार को घोषित इस साल के 10 लाख डॉलर के वैश्विक शिक्षक पुरस्कार के लिए शीर्ष 50 शिक्षकों में जगह बनायी है।10 लाख डॉलर के वैश्विक शिक्षक पुरस्कार का आयोजन वर्की फाउंडेशन यूनेस्को के साथ मिलकर करता है। इसके लिए 121 देशों से 8 हजार से अधिक नामांकन आए। वर्की फाउंडेशन के संस्थापक सन्नी वर्की ने बताया, केवल शिक्षा को प्राथमिकता देकर ही हम अपने कल को सुरक्षित कर सकते हैं। शिक्षा विश्वास के साथ भविष्य का सामना करने की कुंजी है।'' सत्यम मिश्रा ने दुनिया को देखने के बच्चों के तरीके में बदलाव के संकल्प और छात्रों के लिए गणित विषय को रूचिकर बनाने के लिए गुणा के आसान फॉर्मूलों को लेकर इस सूची में जगह बनायी। मेघना मुसुनुरी को शिक्षा के संदर्भ में भविष्यवादी, परोपकारी और जुनूनी उद्यमी बताया जाता है। वह फाउंटेनहेड ग्लोबल स्कूल एंड जूनियर कॉलेज की संस्थापक एवं अध्यक्ष हैं और साथ ही उद्यमी महिलाओं को ऑनलाइन मौजूदगी स्थापित करने के लिए उनका मार्गदर्शन करने वाली, गूगल की संस्था '' वीमेन एंटरप्रेन्योर्स ऑन द वेब'' (डब्ल्यूईओडब्ल्यू) की हैदराबाद शाखा की भी अध्यक्ष हैं।यूनेस्को में शिक्षा के लिए सहायक महानिदेशक स्टेफेनिया गियानिनी ने कहा, ''अगर हमें कोविड-19 के मद्देनजर एक बेहतर दुनिया का पुन: निर्माण करना है तो हमें हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का पैदायशी अधिकार देने को प्राथमिकता देनी होगी।
- लॉस एंजिलिस। रिएलटी टीवी स्टार काइली जेनर ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो साझा कर दूसरी बार गर्भवती होने की जानकारी दी। कई सप्ताह से उनके गर्भवती होने की खबरें आ रहीं थी, जिसकी काइली ने अब पुष्टि की है। बच्चे के पिता उनके प्रेमी एवं रैपर ट्रैविस स्कॉट हैं। दोनों की पहले से चार साल की बेटी स्टोर्मी वेबस्टर है। काइली ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा की, जिसमें काइली ने हाथ में ‘प्रेगनेंसी टेस्टर' ले रखा था और वह स्टोर्मी से पूछती नजर आ रहीं हैं, ‘‘ क्या तुम मम्मी की चिकित्सक के पास चलने को तैयार हो?
- वेलिंगटन। न्यूजीलैंड में हाल में समाप्त हुआ सर्दियों का मौसम अब तक सबसे गर्म रहा है और वैज्ञानिकों की मानें तो इसका कारण जलवायु परिवर्तन है। न्यूजीलैंड के राष्ट्रीय जल एवं वायुमंडलीय अनुसंधान संस्थान के मुताबिक, अगस्त समेत तीन महीनों में औसत तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा है। यह दीर्घकालिक औसत से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है और पिछले वर्ष के अधिकतम तापमान से 0.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वैज्ञानिक 1909 से तापमान पर नजर रख रहे हैं लेकिन सर्दियों के वे मौसम हाल के हैं जब तापमान अधिक दर्ज किया गया है। संस्थान के मौसम विज्ञानी नावा फेडेफ ने बताया कि वैश्विक तापमान में वृद्धि की पृष्ठभूमि में, इस वर्ष उत्तर दिशा से अधिक गर्म हवाएं चलीं और समुद्र का तापमान भी अधिक रहा। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान को कार्बन डाई ऑक्साइड सांद्रता के जरिए देखा जा सकता है। न्यूजीलैंड में कार्बन डाई ऑक्साइड सांद्रता 50 वर्ष पहले 320 भाग प्रति दस लाख (320 पीपीएम) थी जो आज 412 भाग प्रति दस लाख (412 पीपीएम) हो गई है। उन्होंने कहा कि मौसम संबंधी अन्य घटनाक्रम भी हुए जैसे कि किसी किसी हिस्से में भयंकर बाढ़ आई तो कहीं पर सूखा रहा। वेलिंगटन के विक्टोरिया विश्वविद्यालय में जलवायु वैज्ञानिक प्रोफेसर जेम्स रेनविक ने कहा कि इससे प्राकृतिक पारिस्थितिकी प्रणालियों पर दबाव पड़ रहा है तथा समय बीतने के साथ साथ और प्रजातियों के विलुप्त होने का खतरा रहेगा। उन्होंने कहा कि यह आवश्यक है कि ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन को कम किया जाए।
- कोनाक्री (गिनी)। पश्चिम अफ्रीकी देश गिनी में बागी सैनिकों ने रविवार को राष्ट्रपति भवन के पास भारी गोलीबारी के कुछ घंटों बाद राष्ट्रपति अल्फा कोंडे को हिरासत में ले लिया और फिर सरकारी टेलीविजन पर सरकार को भंग करने की घोषणा की।सेना के कर्नल ममादी डोंबोया ने सरकारी टेलीविजन के जरिए घोषणा की कि देश की सीमाओं को बंद कर दिया गया है और इसके संविधान को अवैध घोषित कर दिया गया है। उन्होंने कहा, देश को बचाना सैनिक का कर्तव्य है। हम अब राजनीति एक आदमी को नहीं सौंपेंगे, हम इसे लोगों को सौंपेंगे। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि सेना के भीतर डोंबोया को कितना समर्थन हासिल है या फिर बीते एक दशक से भी अधिक समय से राष्ट्रपति के वफादार रहे अन्य सैनिक नियंत्रण अपने हाथों में लेने का प्रयास करेंगे या नहीं। गिनी की सेना जुंटा ने सोमवार को एक कार्यक्रम में घोषणा की कि गिनी के सभी गवर्नर की जगह स्थानीय कमांडर लेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी तरह का इनकार देश के नए सैन्य नेताओं के खिलाफ विद्रोह माना जाएगा। पश्चिम अफ्रीका के क्षेत्रीय गुट ईसीओडब्ल्यूएएस ने घटनाक्रम की निंदा की और कहा कि कोंडे को तुरंत नहीं छोड़ा गया तो देश पर प्रतिबंध लगाए जाएंगे।संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने ट्वीट किया कि वह बंदूक के बल पर सरकार को अपदस्थ कर सत्ता हासिल करने की कड़ी निंदा करते हैं। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने चेतावनी दी कि हिंसा को अंजाम न दिया जाए और गिनी के अधिकारियों से कहा कि संविधान से इतर उनकी गतिविधियों से गिनी के लिए शांति, स्थिरता एवं समृद्धि की संभावनाएं खत्म होंगी।भीषण लड़ाई के बाद रविवार को कई घंटों तक 83 वर्षीय कोंडे का कुछ पता नहीं चला। फिर एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह सेना की हिरासत में दिख रहे हैं। बाद में जुंटा ने एक बयान जारी करके कहा कि कोंडे अपने चिकित्सकों से संपर्क में हैं, लेकिन यह नहीं बताया कि उन्हें कब छोड़ा जाएगा।
-
बर्लिन। रेड क्रॉस की अंतरराष्ट्रीय समिति (आईसीआरसी) के प्रमुख पीटर मौरर अफगानिस्तान की तीन दिवसीय यात्रा पर पहुंच गए हैं। रविवार को अफगानिस्तान पहुंचने के बाद पीटर की योजना चिकित्सा सुविधाओं और हिंसा के शिकार लोगों के लिए बनाए गए पुनर्वास केंद्रों का दौरा करने की है। इसके अलावा वह आईसीआरसी के कर्मचारियों से मुलाकात भी करेंगे। आईसीआरसी प्रमुख अफगानिस्तान के स्थानीय अधिकारियों के साथ मुलाकात भी करेंगे। पीटर ने कहा, ‘‘अफगानिस्तान के लोग 40 साल के संघर्ष से पीड़ित हैं और अब उन्हें सुधार करने के लिए कई वर्षों तक काम करना पड़ेगा। रेड क्रॉस की अंतरराष्ट्रीय समिति इस कार्य में अफगानिस्तान के लोगों की मदद करने को लेकर पूरी तरह से समर्पित है।'' आईसीआरसी के प्रमुख ने कहा कि दुनिया के निवेश करने से ही अफगानिस्तान की स्थिति में सुधार होगा।
-
ह्यूस्टन। अमेरिका के ह्यूस्टन में रविवार को एक घर में लगी आग को बुझाने के बाद दमकलकर्मियों ने दो वयस्कों और दो बच्चों के शव बरामद किए जिनकी शरीर पर गोली लगने के घाव मिले। पुलिस प्रमुख ट्रॉय फिनर ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा कि शहर के दक्षिण-पश्चिम में स्थित इस घर में जबरन प्रवेश के कोई संकेत नहीं मिले। उन्होंने बताया कि आग लगने की सूचना सुबह आठ बजे के आसपास मिली जो सबूत नष्ट करने का प्रयास हो सकता है। फिनर के बताया कि जान गंवाने वालों में अधेड़ उम्र के दो लोग और 10-13 आयु वर्ग के दो बच्चे शामिल हैं। उन्होंने आशंका जतायी कि यह घरेलू हिंसा का परिणाम हो सकता है।
- वाशिंगटन। उत्तरपश्चिमी वाशिंगटन में शनिवार को गोलीबारी में तीन लोग मारे गए और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस विभाग के ट्विटर अकाउंट पर दी गयी सूचना के अनुसार, गोलीबारी ब्राइटवुड पार्क के लॉन्गफेलो स्ट्रीट के 600 ब्लॉक में शाम करीब साढ़े सात बजे हुई। पुलिस ने बताया कि अस्पताल में जिन घायलों का उपचार हो रहा है उन्हें गंभीर चोटें नहीं आयी हैं। पुलिस ने काले रंग की एक कार का पता लगाने में लोगों से मदद मांगी है। उसने ट्विटर पर इस कार की तस्वीर भी पोस्ट की है।-file photo
- न्यूयॉर्क। अमेरिका में तूफान इडा के कारण न्यू जर्सी में अचानक आई बाढ़ से भारतीय मूल के कम से कम दो लोगों की मौत हो गई। तूफान इडा ने लुइसियाना के पोर्ट फोरचोन में 29 अगस्त को दस्तक दी थी। यह राज्य में तूफान कैटरीना (2005) के बाद आया अब तक दर्ज दूसरा सबसे विनाशकारी तूफान था। न्यूयॉर्क टाइम्स की खबर के अनुसार भारतीय मूल की सॉफ्टवेयर डिजाइनर (46) मलाथी कांचे अपनी 15 साल की बेटी के साथ बुधवार को घर जा रही थीं कि तभी उनका वाहन ब्रिजवाटर में पानी में फंस गया। कांचे और उनकी बेटी ने वहां एक पेड़ का सहारा लिया, लेकिन पेड़ गिर गया। अखबार ने कहा कि कांचे की मित्र मानसी मागो ने बताया कि कांचे बाढ़ के पानी में बह गईं। पहले तो उनका नाम लापता लोगों की सूची में था लेकिन शुक्रवार को उनकी मौत की पुष्टि हुई। वहीं, धनुष रेड्डी (31) साउथ प्लेनफील्ड में बाढ़ में फंस गए और संतुलन बिगड़ने पर 36 इंच चौड़े सीवर पाइप के पास गिर गए और फिर बहकर उसमें चले गए। उनका शव घटनास्थल से दूर मिला।
-
सैन डिएगो। अमेरिकी नौसेना ने प्रशांत महासागर में एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के करीब एक हफ्ते बाद पांच लापता नाविकों को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद शनिवार को उनकी तलाश को ‘बरामदगी अभियान' में तब्दील कर दिया गया। नौसेना के प्रशांत बेड़े ने शनिवार को एक बयान में कहा कि यह कदम 72 घंटे से अधिक समय तक समन्वित तलाश एवं बचाव प्रयासों बाद उठाया गया। अभी संबंधित नाविकों के नाम उजागर नहीं किए गए हैं। हेलीकॉप्टर दुर्घटना में पांच नाविक घायल भी हुए हैं।
-
काठमांडू। नेपाल की राष्ट्रपति बिद्या देवी भंडारी ने आठ सितंबर से संसद का नया सत्र बुलाया है। यह जानकारी उनके कार्यालय ने दी। शनिवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में राष्ट्रपति से आठ सितंबर को शाम चार बजे संसद का अगला सत्र बुलाने का आग्रह किया गया। इसके बाद राष्ट्रपति कार्यालय ने एक सूचना जारी कर कहा कि भंडारी ने बुधवार को शाम चार बजे संसद का नया सत्र बुलाया है। पिछला सत्रावसान 17 अगस्त को हुआ था। -
कोपेनहेगन। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को डेनमार्क के विदेश मंत्री जेप्पे कोफोड से मुलाकात की और विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त कार्य समूहों की प्रगति की समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने द्विपक्षीय ग्रीन स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को मजबूती देने के लिए स्वास्थ्य महत्वपूर्ण सहयोग की शुरुआत की। क्रोएशिया की यात्रा से डेनमार्क पहुंचे जयशंकर का यहां महारानी मार्ग्रेथ द्वितीय ने स्वागत किया।
जयशंकर ने ट्वीट किया, '' कोपेनहेगन में महामहिम, महारानी मार्ग्रेथ द्वितीय द्वारा स्वागत किये जाने पर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। भारत के लिए उनकी हार्दिक भावनाओं का गहराई से सराहना करता हूं।'' उन्होंने कहा, ''2020 के वर्चुअल शिखर बैठक के बाद के प्रयासों के तहत संयुक्त कार्य योजना की समीक्षा की। हमारी हरित रणनीतिक साझेदारी प्रगति कर रही है।'' उन्होंने कहा, ''कई क्षेत्रों में हमारे संयुक्त कार्य समूहों में निरंतर प्रगति का उल्लेख किया। स्वास्थ्य के विषय पर भी बात की।'' जयशंकर ने कोफोड के साथ चौथी भारत-डेनमार्क संयुक्त आयोग की बैठक की सह-अध्यक्षता भी की।
उन्होंने डेनमार्क की कंपनियों वेस्तास, ग्रंडफोस, सीआईपी, हल्दोर टॉपसो और मार्सक और चैंबर प्रतिनिधियों के सीईओ के साथ भी चर्चा की। उन्होंने कहा, ''वे हमारी ग्रीन स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को साकार करने में मदद करते हैं। हमें एक साथ लाने की पहल के लिए विदेश मंत्री जेप्पे कोफोड को धन्यवाद।'' ग्रीन स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप के तहत राजनीतिक आर्थिक सहयोग, पर्यावरण सुरक्षा, रोजगार सृजन के क्षेत्र में काम किया जाता है। - मनीला ।फिलीपीन ने भारत तथा नौ अन्य देशों पर लगाए गए यात्रा प्रतिबंध को समाप्त करने का शनिवार को निर्णय किया। राष्ट्रपति भवन ने यह घोषणा की है। समाचार पत्र ‘द मनीला टाइम्स' ने अपनी एक खबर में कहा कि यात्रा प्रतिबंध हटाने की घोषणा ऐसे वक्त में की गई है, जब देश में शुक्रवार को दूसरी बार कोरोना वायरस संक्रमण के सर्वाधिक मामले सामने आए हैं। देश में शुक्रवार को संक्रमण के 20,310 नए मामले सामने आए। इसी के साथ संक्रमण के मामले बढ़कर 20 करोड़ 40 लाख हो गए। समाचार पत्र में राष्ट्रपति भवन के प्रवक्ता हैरी रोक्यू के हवाले से कहा गया कि राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते ने छह सितंबर से भारत और नौ अन्य देशों से यात्रा प्रतिबंध हटाने के अंतर-एजेंसी कार्य बल (आईएटीएफ) की अनुशंसाओं को मंजूर कर लिया। अधिकारी ने कहा कि अन्य देशों में पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल, संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, थाईलैंड, मलेशिया और इंडोनेशिया शामिल हैं। देश की सरकार ने 13 अगस्त को जारी नए नियमों में भारत और नौ अन्य देशों के खिलाफ यात्रा प्रतिबंध को 31 अगस्त तक बढ़ा दिया था।
- इस्तांबुल । तुर्की के उत्तर पश्चिम हिस्से में शनिवार को एक मिनी बस के मालगाड़ी से टकरा जाने की वजह से उसमें सवार छह लोगों की मौत हो गई जबकि छह अन्य घायल हुए हैं। यह जानकारी तुर्की की संवाद एजेंसी देमिरोरेन ने दी। संवाद एजेंसी ने बताया कि यह हादसा टेकिरदाग प्रांत के एर्गिन स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ। उन्होंने बताया कि हादसे की शिकार मिनीबस में कारखाने के मजदूर सवार थे। स्थानीय समयानुसार सुबह आठ बजे हादसा तब हुआ जब मिनी बस सेर्केज़कोय जा रही ट्रेन से टकरा गई। एजेंसी ने बताया कि सभी मृतक मिनी बस में सवार थे।
- लंदन। कोविड-19 महामारी के दौरान कई बार लगे लॉकडाउन में लोगों के वजन बढ़ने से उनमें टाइप-2 मधुमेह होने का खतरा बढ़ गया है। ब्रिटेन में हुए एक नए अध्ययन में शनिवार को यह जानकारी सामने आई। शोध पत्रिका ‘लांसेट डायबिटीज एंड एंडोक्राइनोलॉजी' में प्रकाशित अध्ययन में कहा गया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (एनएचएस) के मधुमेह रोकथाम कार्यक्रम में आने वाले 40 वर्ष से कम उम्र के लोगों का वजन पहले आने वाले लोगों की तुलना में औसतन साढ़े तीन किलोग्राम बढ़ा हुआ है। एनएचएस के अनुसार, किसी व्यक्ति का एक किलोग्राम वजन बढ़ने से उसे मधुमेह होने का खतरा आठ प्रतिशत तक बढ़ जाता है। एनएचएस के अधिकारी डॉ जोनाथन वलभजी ने कहा, “महामारी ने हमारे जीवन के हर पक्ष को बदल दिया है और हमारे मस्तिष्क तथा शरीर पर हावी हो गया है। हजारों लोग इसकी भारी कीमत चुका रहे हैं और लॉकडाउन के दौरान कई लोगों का वजन बढ़ गया है।” उन्होंने कहा, “वजन बढ़ने का अर्थ यह भी है कि टाइप-2 मधुमेह होने के खतरा बढ़ गया है। इसके साथ ही कैंसर, अंधापन, हृदयाघात जैसी चीजें भी हो सकती हैं।” ब्रिटेन में केयर एट डाइबिटीज के प्रमुख डेन हावर्थ ने कहा, ‘‘टाइप 2 डाइबिटीज एक जटिल स्थिति है जिसमें आयु, पारिवारिक इतिहास, जातीय समूहों के साथ विभिन्न जोखिम रहते हैं। ये स्थिति के विकास में 80-85 प्रतिशत तक का योगदान देते हैं।


.jpg)
.jpg)






.jpg)
.jpg)















.jpg)