- Home
- बिजनेस
- नई दिल्ली। कैडिला हेल्थकेयर ने शनिवार को कहा कि आने वाले दशकों में स्वास्थ्य सेवा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि कोविड-19 जैसी अप्रत्याशित स्थितियों से निपटा जा सके या उन जरूरतों को पूरा किया जा सके जो पूरी नहीं हुई है और जाइडस इनोवेशन के जरिये ऐसी किसी भी चुनौती का सामना करने की तैयारी कर रही है।जाइडस ग्रुप की सूचीबद्ध इकाई कैडिला हेल्थकेयर की 2020-21 की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार नया दशक प्रौद्योगिकी और वैश्विक कनेक्टिविटी से प्रेरित होगा और कंपनी को यह देखने की जरूरत है कि कैसे दोनों को अपना सकती है। कैडिला हेल्थकेयर के चेयरमैन पंकज आर पटेल ने शेयरधारकों को दिए अपने एक संदेश में कहा, "कोविड-19 स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी पहली चुनौती नहीं है जिसने हमारे आसपास की दुनिया में एक बड़ा बदलाव लाया है और यह निश्चित रूप से आखिरी नहीं होगी। लेकिन जो चीज अंतर पैदा करेगी, वह है कि हम उन चुनौतियों से कैसे निपटते हैं।
- मुंबई। बजाज ऑटो ने नागपुर में 16 जुलाई से अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर चेतक की बुकिंग शुरू कर दी है। ग्राहक कंपनी की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.चेतक.कॉम पर 2,000 रुपये में इस वाहन की बुकिंग कर सकते हैं। इससे पहले पुणे और बेंगलुरु में चेतक स्कूटर के बुकिंग स्लॉट 48 घंटे से भी कम समय में भर गए। नागपुर में भी कुछ इसी तरह की प्रतिक्रिया की उम्मीद की जा रही है। बजाज ऑटो के कार्यकारी निदेशक राकेश शर्मा ने कहा, ‘‘बेंगलुरु और पुणे में उभोक्ताओं की शानदार प्रतिक्रिया के बाद हम चेतक को नागपुर लाकर काफी खुश हैं। इसके बाद इसे अन्य शहरों में भी उतारा जाएगा।'' चेतक इलेक्ट्रिक वाहन दो संस्करणों....प्रीमियम और अर्बन में नागपुर में चेतक की कुछ चुनिंदा डीलरशपि पर उपलब्ध है। इस वाहन की शोरूम कीमत 1,42,998 रुपये से शुरू होती है।
- नयी दिल्ली। ओला इलेक्ट्रिक को अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर के लिए पहले चौबीस घंटों में ही एक लाख से अधिक बुकिंग मिल गई हैं। कंपनी ने अभी अपना ई-स्कूटर उतारा नहीं है, लेकिन इसकी बुकिंग 15 जुलाई की शाम से शुरू कर दी गई है। ओला के चेयरमैन एवं समूह मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) भाविश अग्रवाल ने एक बयान में कहा, ‘‘हमारे पहले ई-स्कूटर के लिए देशभर के ग्राहकों से जो प्रतिक्रिया मिली है, वह काफी उत्साहवर्धक है। इस स्थिति को देखकर पता चलता है कि आज ग्राहक इलेक्ट्रिक वाहनों को पसंद कर रहे हैं।'' ओला का दावा है कि उसका इलेक्ट्रिक स्कूटर रफ्तार, रेंज, पैर रखने की जगह के साथ प्रौद्योगिकी के मामले में काफी आगे होगा। कंपनी ने कहा है कि वह अपने इस वाहन का दाम काफी आक्रामक तरीके से तय करेगी ताकि ज्यादा लोग इसे खरीद सके। कंपनी अगले कुछ दिन में इस स्कूटर की खूबियों तथा कीमत की जानकारी देगी। स्कूटर का विनिर्माण कंपनी के तमिलनाडु के कारखाने में किया जाएगा। कंपनी के इस कारखाने का पहला चरण पूरा होने के करीब है। इस कारखाने की पूरी एक करोड़ वाहन की सालाना उत्पादन क्षमता का निर्माण अगले साल तक पूरा होगा।
- नई दिल्ली। . पेट्रोल की कीमतों में गुरुवार को 35 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 15 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई, जिसके बाद देश भर में कीमतें नई ऊंचाई पर पहुंच गईं।सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों की मूल्य अधिसूचना के अनुसार दिल्ली में पेट्रोल की कीमत अब 101.54 रुपये प्रति लीटर और डीजल 89.87 रुपये प्रति लीटर है। कीमतों में तीन दिनों के बाद बढ़ोतरी हुई है। पेट्रोल की कीमतों में आखिरी बार 12 जुलाई को बढ़ोतरी हुई थी, और इस दिन डीजल की कीमतों में लगभग तीन महीने में पहली कमी की गई। डीजल के दाम में हुई ताजा बढ़ोतरी ने 12 जुलाई को हुई 16 पैसे की कमी को बेअसर कर दिया। पेट्रोल के दाम में चार मई के बाद से 40 बार बढ़ोतरी हुई है, जबकि डीजल के दाम 37 बार बढ़े और एक बार कम हुए।भारत अपनी 85 प्रतिशत तेल की जरूरतों को पूरा करने के लिए आयात पर निर्भर है। लगातार कीमतों में बढ़ोतरी के चलते राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, ओडिशा, तमिलनाडु, केरल, बिहार और पंजाब सहित 15 राज्यों में पेट्रोल के दाम 100 रुपये प्रति लीटर से ऊपर चले गए हैं। उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कुछ जिलों में भी पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर से महंगा हो चुका है। डीजल राजस्थान, ओडिशा और मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर 100 रुपये प्रति लीटर के स्तर को पार कर गया है।
- मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़े के मुताबिक दो जुलाई, 2021 को समाप्त हुए पखवाड़े में बैंक ऋण छह प्रतिशत से ज्यादा की वृद्धि के साथ 109.31 लाख करोड़ रुपए हो गया जबकि जमा राशि 9.76 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 154.511 लाख करोड़ रुपए रहा। रिजर्व बैंक के अनुसार तीन जुलाई, 2020 को समाप्त पखवाड़े में बैंक अग्रिम राशि 103.04 लाख करोड़ रुपये और जमा राशि 140.77 लाख करोड़ रुपये थी। वहीं 18 जून, 2021 को समाप्त हुए पिछले पखवाड़े में, बैंक ऋण में 5.82 प्रतिशत और जमा राशि में 10.32 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। पूरे वित्तीय वर्ष 2020-21 में, बैंक ऋण में 5.56 प्रतिशत और जमा राशि में 11.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।
- नयी दिल्ली। सिरेमिक और उससे जुड़े उत्पाद बनाने वाली कंपनी सोमानी सिरेमिक्स लिमिटेड ने इस साल भारत में अपने चार नए शोरूम खोले हैं जिसके साथ देश में उसके कुल शोरूम की संख्या बढ़कर 374 हो गयी है। कंपनी दिल्ली, गुड़गांव, लखनऊ और शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) में स्टोर खोलकर तेजी से उभरते हुए बाजारों में अपनी उपस्थिति मजबूत कर रही है। कंपनी के प्रबंध निदेशक अभिषेक सोमानी ने कहा, “हमारा निरंतर प्रयास रहा है कि हम अपने ग्राहकों की जरूरतों के अनुसार नवाचार और सेवाओं को अपने नवीनतम चलन से जोड़कर पेश कर सके। यह विस्तार कंपनी को मौजूदा एवं संभावित ग्राहकों के करीब लाने में मदद करता है, इसके अलावा हमें भी अपने उपभोक्ताओं की पूरी नब्ज को समझने का अवसर मिलता है।
- नयी दिल्ली। वाणिज्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों, रत्नों एवं आभूषणों, रसायनों, चमड़े और समुद्री वस्तुओं के निर्यात में अच्छी वृद्धि के कारण जून में देश का निर्यात 48.34 प्रतिशत बढ़कर 32.5 अरब डॉलर हो गया। जून में आयात भी 98.31 प्रतिशत बढ़कर 41.87 अरब डॉलर हो गया। इसके साथ व्यापार घाटा 9.37 अरब डॉलर रहा, जबकि पिछले साल इसी महीने में व्यापार 0.79 अरब डॉलर अधिशेष में था। वाणिज्यक निर्यात के बादले आयात अधिक होने की स्थिति को व्यापार-घाटे की स्थिति कहा जाता है। अप्रैल-जून 2021 के दौरान, निर्यात 85.88 प्रतिशत बढ़कर 95.39 अरब डॉलर हो गया।आंकड़ों से पता चलता है कि वित्तीय वर्ष के पहले तीन महीनों के दौरान आयात बढ़कर 126.15 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले साल की इसी अवधि में 60.44 अरब डॉलर था। इस तिमाही में व्यापार घाटा अप्रैल-जून 2020 के 9.12 अरब डॉलर के मुकाबले 30.75 अरब डॉलर रहा।जून 2021 में खनिज तेल आयात 10.68 अरब डॉलर का रहा, जो जून 2020 के 4.93 अरब डॉलर की तुलना में 116.51 प्रतिशत अधिक था।अप्रैल-जून 2021 के दौरान, तेल आयात पिछले वित्तीय वर्ष की इसी तिमाही के 13.08 अरब डॉलर के मुकाबले 31 अरब डॉलर रहा।
- नयी दिल्ली। डिजिटल वित्तीय सेवा मंच पेटीएम ने गुरुवार को कहा कि वह डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए देश भर के दुकानदारों को छूट और कैशबैक जैसे ऑफर देगा तथा इस पेशकश के तहत प्रभावी रूप से शून्य लागत पर पेटीएम साउंडबॉक्स भी पाया जा सकता है। कंपनी द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक पेटीएम स्पीकर के रूप में लोकप्रिय पेटीएम साउंडबॉक्स को पेटीएम फॉर बिजनेस (पी4बी) ऐप का उपयोग करके खरीदने पर 299 रुपये की छूट भी मिलेगी। बयान के मुताबिक इसके अलावा जो व्यापारी महीने में 50 डिजिटल लेनदेन पंजीकृत करते हैं, उन्हें पांच माह तक हर माह 60 रुपये का कैशबैक मिलेगा, जिससे उनकी डिवाइस की प्रभावी कीमत शून्य हो जाएगी। पेटीएम का मानना है कि इस पेशकश से देशभर के छोटे दुकानदारों को डिजिटल लेनदेन अपनाने में मदद मिलेगी।
- नई दिल्ली। वैश्विक बाजार में बहुमूल्य धातुओं में तेजी के अनुरूप दिल्ली सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोना 177 रुपये की तेजी के साथ 47 हजार 443 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 47 हजार 266 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।चांदी भी 83 रुपये की तेजी के साथ 68 हजार 277 रुपये प्रति किलोग्राम हो गयी। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी का भाव 68 हजार 194 रुपये प्रति किलो था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना लाभ के साथ 1,831 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया जबकि चांदी 26.30 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ''अमेरिकी ट्रेजरी आय में गिरावट और डॉलर के कमजोर होने से सोने की कीमतों में तेजी रही जि
- मुंबई। बीएसई सेंसेक्स गुरुवार को 255 अंक उछलकर अब तक के सर्वोच्च स्तर पर बंद हुआ। कंपनियों के बेहतर वित्तीय परिणाम के संकेत के बीच सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाले एचडीएफसी बैंक, एल एंड टी और एचसीएल टेक में तेजी के साथ बाजार में मजबूती आयी। तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 254.75 अंक यानी 0.48 प्रतिशत उछलकर रिकार्ड 53,158.85 अंक पर बंद हुआ।कारोबार के दौरान भी यह अबतक के उच्चतम स्तर 53,266.12 अंक तक चला गया था। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 70.25 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की तेजी के साथ अब तक के सर्वोच्च स्तर 15,924.20 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 15,952.35 के रिकार्ड ऊंचाई तक गया था। सेंसेक्स के शेयरों में 5 प्रतिशत से अधिक की तेजी के साथ सर्वाधिक लाभ में एचसीएल टेक का शेयर रहा। इसके अलावा एल एंड टी, टेक महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईटीसी और टाटा स्टील में भी अच्छी तेजी रही। दूसरी तरफ, भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एशियन पेंट्स, टाइटन और सन फार्मा समेत अन्य शेयर नुकसान में रहे। एलकेपी सिक्योरिटीज के शोध प्रमुख एस रंगनाथन ने कहा, ''वैश्विक निवेशक मुद्रास्फीति आंकड़े और फेडरल रिजर्व की टिप्पणियों से बाहर आ गये हैं। घरेलू बाजार में तेजडिय़े आर्थिक पुनरूद्धार को महत्व दे रहे हैं।आईटी शेयर लगातार बाजार को नई ऊंचाई दे रहे हैं।'' रंगनाथन के अनुसार ऐसा लगता है कि बाजार सुधार के लिए इंतजार कर रहे निवेशकों को राहत देने को फिलहाल तैयार नहीं है। सत्र के दौरान दूसरे क्षेत्रों ने अपनी भूमिका निभाई। पूंजीगत सामान क्षेत्र ने अच्छी वापसी की और व्यापक स्तर पर सीमेंट, रियल एस्टेट और फार्मा शेयरों में भी स्थिति अच्छी होने से बाजार को मजबूती मिली। एशिया के अन्य बाजारों में शंघाई, सियोल और हांगकांग लाभ के साथ बंद हुए जबकि तोक्यो नुकसान में रहा।
- नयी दिल्ली। किर्लोस्कर सिस्टम्स ने बुधवार को कहा कि मानसी टाटा को टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) के निदेशक मंडल का सदस्य नियुक्त किया गया है। कंपनी द्वारा जारी एक बयान में किर्लोस्कर सिस्टम्स के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक विक्रम किर्लोस्कर ने टीकेएम के निदेशक मंडल में उनकी नियुक्ति की घोषणा की। टीकेएम जापान की टोयोटा मोटर कॉर्प और किर्लोस्कर ग्रुप के बीच एक संयुक्त उद्यम है।
- लंदन । कोविड-19 रोधी टीके ‘स्पुतनिक-वी' की एक खुराक सार्स-सीओवी-2 के खिलाफ अधिक रोग प्रतिरोधक क्षमता बना सकती है। एक अध्ययन में यह बात सामने आई है। सार्स-सीओवी-2 वायरस के कारण ही कोविड-19 होता है। इससे पहले एक अध्ययन में ‘स्पुतनिक-वी' की दो खुराकों के कोविड-19 के खिलाफ 92 प्रतिशत रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाने की बात सामने आई थी। ‘स्पुतनिक-वी' का निर्माण दो ‘एडिनोवायरस' को मिलाकर किया गया है। ये ऐसे वायरस हैं, जो सर्दी, बुखार और गले में खराश के साथ कई तरह की बीमारी का कारण बनते हैं। पत्रिका ‘सेल रिपोर्ट मेडिसिन' में मंगलवार को प्रकाशित एक नए अध्ययन में यह पता लगाने की कोशिश की गई कि क्या टीके की एक खुराक, दो खुराकों की तुलना में जन स्वास्थ्य को अधिक फायदा पहुंचा सकती है, जिससे की बड़ी आबादी को जल्द से जल्द टीके लगाए जा सकें। इस अध्ययन के वरिष्ठ लेखक एवं अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स के ‘फंडेसियन इंस्टीट्यूटो लेलोइर-कॉनिकेट' के एंड्रिया गामार्निक ने कहा, ‘‘ दुनिया के कई क्षेत्रों में सीमित टीके की आपूर्ति और असमान टीके वितरण के कारण, स्वास्थ्य अधिकारियों को टीकाकरण रणनीतियों को अनुकूलित करने के लिए टीकों की रोग प्रतिरोधक क्षमता से जुड़े आंकड़े संकलित करने की तत्काल आवश्यकता है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे द्वारा प्रस्तुत सहकर्मी-समीक्षा आंकड़े वर्तमान वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल में सार्वजनिक स्वास्थ्य निर्णयों का मार्गदर्शन करने के लिए जानकारी प्रदान करते हैं।'' शोधकर्ताओं ने नए अध्ययन में 289 स्वास्थ्यकर्मियों पर ‘स्पुतनिक-वी' की एक खुराक और दो खुराक की सार्स-सीओवी-2 के खिलाफ बनी रोग प्रतिरोधक क्षमता की तुलना की। पहली खुराक के बाद, इन प्रतिभागियों में से 94 प्रतिशत में वायरस के खिलाफ ‘इम्युनोग्लोबुलिन जी (आईजीजी) एंटीबॉडी' विकसित हुई और 90 प्रतिशत ने ‘एंटीबॉडी' को निष्क्रिय करने के सबूत दिखाए, जो कोशिकाओं को संक्रमित करने के लिए वायरस की क्षमता में हस्तक्षेप करते हैं। अनुसंधान ने पाया कि पहले से संक्रमित प्रतिभागियों में आईजीजी और ‘न्यूट्रलाइजिंग एंटीबॉडी' का स्तर एक खुराक के बाद उन लोगों की तुलना में काफी अधिक था, जिन्हें संक्रमण नहीं हुआ था। वहीं, दूसरी खुराक ने पहले से संक्रमितों में ‘एंटीबॉडी' को निष्क्रिय करने के उत्पादन में वृद्धि नहीं की। उन्होंने कहा कि इन लोगों को एक खुराक के बाद उच्च रोग प्रतिरोधक क्षमता का स्तर, दूसरी खुराक देरी से लगाए जाने का प्रशासन को सुझाव देता है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को जल्द से जल्द टीके लग सके।
- नयी दिल्ली । मंत्रिमंडल ने बुधवार को कोकिंग कोल के क्षेत्र में सहयोग को लेकर भारत और रूस के बीच समझौते को मंजूरी दे दी। कोकिंग कोयला इस्पात निर्माण के लिये महत्वपूर्ण कच्चा माल है। घरेलू कंपनियां इस महत्वपूर्ण कच्चे माल के लिये कुछ देशों से आयात पर निर्भर हैं। देश में कोकिंग कोयले की मांग का 85 प्रतिशत हिस्सा आयात होता है। रूस के साथ सहयोग से भारत को कोकिंग कोल के लिए ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, कनाडा और अमेरिका जैसे सुदूर देशों पर अपनी निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। इससे इस्पात उत्पादन की प्रति टन लागत भी कम होगी आधिकारिक बयान के अनुसार, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कोकिंग कोल के संबंध में आपसी सहयोग पर भारत के इस्पात मंत्रालय और रूसी संघ के ऊर्जा मंत्रालय के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) को मंजूरी दे दी है।'' बयान के अनुसार इस समझौता ज्ञापन (एमओयू) का उद्देश्य इस्पात क्षेत्र में भारत सरकार और रूस सरकार के बीच सहयोग को मजबूत करना है। सहयोग में शामिल गतिविधियों का उद्देश्य कोकिंग कोल के स्रोत में विविधता लाना है। इसमें कहा गया है कि इस एमओयू से कच्चे माल की लागत कम होगी जिससे पूरे इस्पात क्षेत्र को लाभ होगा। साथ ही यह भारत और रूस के बीच कोकिंग कोल क्षेत्र में सहयोग के लिए एक संस्थागत व्यवस्था प्रदान करेगा।
- मुंबई । रत्न एवं आभूषणों का कुल निर्यात जून महीने में 92.37 प्रतिशत बढ़कर 20,851.28 करोड़ रुपये हो गया। रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्द्धन परिषद (जीजेईपीसी) ने बुधवार को यह जानकारी दी। जीजेईपीसी के अनुसार पिछले वर्ष की इसी अवधि में रत्न और आभूषणों का निर्यात 10,838.93 करोड़ रुपये था। इसी तरह जून में तराशे और पालिश हीरों (सीपीडी) का निर्यात 113.25 प्रतिशत बढ़कर 14,512.11 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इससे पिछले साल इसी महीने में यह 6,805.25 करोड़ रुपये था। जीजेईपीसी ने बताया कि जून में सोने के आभूषणों का निर्यात 398.70 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,185.10 करोड़ रुपये पहुंच गया जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष के इसी महीने में 839.21 करोड़ रुपये का निर्यात हुआ था। चालू वित्त वर्ष की पहली अप्रैल-जून तिमाही में रत्न एवं आभूषणों का कुल निर्यात 254.75 प्रतिशत की वृद्धि लेकर 67,265.66 करोड़ रुपये रहा जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 18,961.63 करोड़ रुपये पर था। जीजेईपीसी के चेयरमैन कोलिन शाह ने कहा, ‘‘निर्यात में बढ़ोतरी का मुख्य कारण अमेरिका के प्रमुख निर्यात बाजार में आयात मांग और वर्चुअल क्रेता-विक्रेता सम्मेलन (वीबीएसएम) के दौरान कई भारतीय प्रदर्शकों द्वारा प्राप्त ऑर्डर की पूर्ति हैं।
- नयी दिल्ली । घरेलू पेय पदार्थ कंपनी, पारले एग्रो ने बुधवार को कहा कि उसने 'स्मूद' ब्रांड नाम के तहत फ्लेवर्ड दुग्ध उत्पादों को बाजार में उतार डेयरी खंड में प्रवेश किया है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि इस विविधीकरण के साथ गहन शोध और आधुनिक और नयी तकनीकों में व्यापक निवेश हुआ है ताकि एक मजबूत डेयरी बुनियादी संरचना का निर्माण किया जा सके और भारतीय उपभोक्ताओं के लिए नए उत्पाद पेश किए जा सकें। कंपनी ने 85 मिलीलीटर टेट्रा पैक के लिए 10 रुपये की कीमत रखी है। कंपनी ने कहा, 'इस पेशकश के साथ पारले एग्रो भारत में ब्रांडेड फ्लेवर्ड मिल्क बाजार को मौजूदा 800 करोड़ रुपये से बढ़ाकर अगले चार साल में 5,000 करोड़ रुपये करने की तैयारी कर रही है। स्मूद दो विकल्पों में उपलब्ध है, चॉकलेट मिल्क और टॉफी कारमेल, जिसका लक्ष्य सभी आयु वर्ग के उपभोक्ता हैं। पारले एग्रो की संयुक्त प्रबंध निदेशक और मुख्य विपणन अधिकारी नादिया चौहान ने कहा, ‘‘इस अविश्वसनीय उत्पाद को विकसित करने में समर्पित अनुसंधान एवं विकास (अनुसंधान और विकास) में वर्षों का समय लगा है। और, सभी पारले एग्रो उत्पादों की तरह, मैं हमारे उपभोक्ताओं के बेहतरीन अनुभव के लिए बाजार में इसे पेश करने को लेकर बेहद खुश एवं प्रसन्न हूं।
- नयी दिल्ली। आयकर विभाग के नए पोर्टल में जारी तकनीकी कमियों के बीच इन्फोसिस ने कहा कि वह इन खामियों को दूर करने के लिए तेजी से काम कर रही है और वर्तमान में यह उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इन्फोसिस के शीर्ष प्रबंधन ने बुधवार को कहा कि पोर्टल पर आ रही कई दिक्कतों को दूर किया गया है और अब तक इसपर 10 लाख अब तक आयकर रिटर्न (आईटीआर) दाखिल किए जा चुके हैं। इन्फोसिस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक सलिल पारेख ने वर्चुअल संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों से कहा, ‘‘हम नए पोर्टल पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हम बहुत तेजी से काम कर रहे हैं। बड़ी संख्या में आईटीआर भी दाखिल किए गए हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘पोर्टल में अभी भी कुछ काम है जिसे किए जाने की जरूरत है। कंपनी को विश्वास है कि इन सभी स्थितियों को चरणबद्ध तरीके से हल कर लिया जाएगा और सभी मुद्दों का समाधान किया जाएगा।'' इन्फोसिस को 2019 में अगली पीढ़ी की आयकर दाखिल करने की प्रणाली विकसित करने का ठेका दिया गया था। इसके पीछे उद्देश्य रिटर्न के जांच के समय को 63 दिन से घटाकर एक दिन करना और रिफंड की प्रक्रिया को तेज करना था। गत सात जून को काफी जोरशोर से नए आयकर पोर्टल डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.इनकमटैक्स.जीओवी.इन ('www.incometax.gov.in') की शुरुआत की गई थी। शुरुआत से ही पोर्टल पर तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। इसी के चलते वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 22 जून को इन्फोसिस के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इन्फोसिस ने ही इस नई वेबसाइट को तैयार किया है।
- नयी दिल्ली। देश का खनिज उत्पादन मई में सालाना आधार पर 23.3 प्रतिशत बढ़ा है। खान मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बुधवार को बयान में कहा कि खनन और संबद्ध क्षेत्र का खनिज उत्पादन सूचकांक इस साल मई में 108.0 रहा, जो मई, 2020 की तुलना में 23.3 प्रतिशत अधिक है। मंत्रालय ने कहा कि मई में महत्वपूर्ण खनिजों में कोयले का उत्पादन 532 लाख टन, लिग्नाइट का 31 लाख टन, पेट्रोलियम (कच्चे तेल) का 24 लाख टन, बॉक्साइट का 16.43 लाख टन, क्रोमाइट का 4.36 लाख टन, सोने का 31 किलोग्राम, लौह अयस्क का 234 लाख टन और मैंग्नीज अयस्क का 2.23 लाख टन रहा।
- मुंबई। कंपनियों के तिमाही नतीजे बेहतर रहने की उम्मीद के बीच आईटी शेयरों में लिवाली तथा अनुकूल आर्थिक आंकड़ों से बुधवार को शेयर बाजारों में बढ़त का सिलसिला जारी रहा। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 134.32 अंक या 0.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 52,904.05 अंक पर पहुंच गया। शुरुआती नुकसान से उबरकर सेंसेक्स लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में लाभ के साथ बंद हुआ।वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 41.60 अंक या 0.26 प्रतिशत के लाभ से 15,853.95 अंक रहा। निफ्टी लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में लाभ में रहा। सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा का शेयर सबसे अधिक 2.69 प्रतिशत चढ़ गया। एचसीएल टेक, इन्फोसिस, एलएंडटी, टाटा स्टील, आईटीसी और टीसीएस के शेयर भी लाभ में रहे। वहीं दूसरी ओर मारुति, हिंदुस्तान यूनिलीवर, नेस्ले इंडिया डॉ. रेड्डीज तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में गिरावट आई। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप 0.24 प्रतिशत तक चढ़ गए। आईटी क्षेत्र की कंपनी इन्फोसिस ने बाजार बंद होने के बाद अपने तिमाही नतीजों की घोषणा की है। चालू वित्त वर्ष की पहली अप्रैल-जून की तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 22.7 प्रतिशत बढ़कर 5,195 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ''नकारात्मक वैश्विक रुख के बावजूद पहली तिमाही के बेहतर नतीजों की उम्मीद के बीच घरेलू बाजार अपनी शुरुआती गिरावट से उबर गए।'' उन्होंने कहा कि जून में थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति घटकर 12.07 प्रतिशत पर आ गई है। मई में यह 12.94 प्रतिशत पर थी। अन्य एशियाई बाजारों में चीन के शंघाई कम्पोजिट, दक्षिण कोरिया के कॉस्पी, हांगकांग के हैंगसेंग तथा जापान के निक्की में गिरावट आई। दोपहर के कारोबार में यूरोपीय बाजार नुकसान में थे। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल 0.82 प्रतिशत के नुकसान से 75.86 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। इस बीच, अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 10 पैसे टूटकर 74.59 प्रति डॉलर पर आ गया।
- मुंबई। अडाणी समूह ने जीवीके ग्रुप से मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का प्रबंधन संभाल लिया है। समूह ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अडाणी समूह ने पिछले साल अगस्त में घोषणा की थी कि वह मुंबई हवाईअड्डे में जीवीके समूह की हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगा। इस सौदे के बाद मुंबई के छत्रपित शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे में अडाणी समूह की 74 प्रतिशत हिस्सेदारी रहेगी। इसमें से 50.5 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण जीवीके समूह से और शेष 23.5 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण अल्पांश भागीदारों एयरपोर्ट्स कंपनी साउथ अफ्रीका (एसीएसए) और बिडवेस्ट ग्रुप से किया जाएगा। अडाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी ने ट्वीट किया, विश्वस्तरीय मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का प्रबंधन लेकर हम काफी खुश हैं। मुंबई को हम पर गर्व होगा। अडाणी ग्रुप भविष्य के कारोबार के लिए हवाईअड्डा पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करेगा।'' बाद में अडाणी एंटरप्राइेजज की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी ने बयान में कहा कि उसने जीवीके समूह से मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे लि. (मायल) का प्रबंधन नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया है। इससे पहले दिन में मायल के बोर्ड की बैठक हुई थी।
- नयी दिल्ली। देश की सबसे बड़ी दूरंसचार कंपनी रिलायंस जियो ने अप्रैल में सबसे ज्यादा 47 लाख नए मोबाइल ग्राहक जोड़े। इस दौरान संकट में फंसी वोडाफोन आइडिया ने 18 लाख ग्राहक गंवाए। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के ताजा आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। आंकड़ों के अनुसार अप्रैल में भारती एयरटेल के मोबाइल कनेक्शनों में 5.1 लाख का इजाफा हुआ।आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल में रिलायंस जियो के मोबाइल ग्राहकों की संख्या 47 लाख बढ़कर 42.76 करोड़ पर पहुंच गई। वहीं वोडाफोन आइडिया के ग्राहकों की संख्या 18 लाख घटकर 28.19 करोड़ रह गई। मार्च में कंपनी ने 10 लाख नए ग्राहक जोड़े थे। अप्रैल में भारती एयरटेल के मोबाइल ग्राहकों की संख्या 5.1 लाख बढ़कर 35.29 करोड़ पर पहुंच गई।ट्राई ने कहा कि कुल मिलाकर अप्रैल में देश में कुल फोन ग्राहकों की संख्या पिछले महीने की तुलना में 0.19 प्रतिशत बढ़कर 120.34 करोड़ पर पहुंच गई। माह के दौरान शहरी फोन ग्राहकों की संख्या में 0.08 प्रतिशत तथा ग्रामीण गाहकों की संख्या में 0.32 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। अप्रैल में देश का कुल फोन घनत्व बढ़कर 88.27 प्रतिशत पर पहुंच गया, जो मार्च में 88.17 प्रतिशत था।ट्राई के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल में ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या बढ़कर 78.28 करोड़ हो गई, जो इससे पिछले महीने की तुलना में 0.61 प्रतिशत अधिक है। अप्रैल के अंत तक कुल ब्रॉडबैंड ग्राहकों में शीर्ष पांच सेवाप्रदाताओं की बाजार हिस्सेदारी 98.8 प्रतिशत थी। इन सेवाप्रदाताओं में रिलायंस जियो इन्फोकॉम (43.04 करोड़), भारती एयरटेल (19.41 करोड़), वोडाफोन आइडिया (12.25 करोड़), बीएसएनएल (2.45 करोड़) तथा एट्रिया कन्वर्जेंस (18.7 लाख) शामिल हैं।
- नयी दिल्ली।डिजिटल ब्रोकरेज सेवा प्रदाता पेटीएम मनी ने सोमवार को एक नयी सुविधा शुरू करने की घोषणा जिसकी मदद से उपयोगकर्ता बाजार में किसी कंपनी के प्रथम सार्वजनिक शेयर निर्गम (आईपीओ) के खुलने से पहले ही उसके लिए आवेदन कर सकते हैं। पेटीएम मनी इस तरह की सेवा देने वाला भारत का पहली डिजिटल बिचौलिया है। कंपनी को उम्मीद है कि इस सुविधा के जरिए आईपीओ में खुदरा उपभोक्ताओं की भागीदारी में बढ़ोतरी होगी।पेटीएम मनी पर इस सुविधा के साथ पेश किया जाने वाला पहला आईपीओ जोमैटो का होगा और पिछले दो दिनों में हजारों आवेदकों ने इस मंच पर ऑर्डर दिए हैं। आईपीओ के लिए पारंपरिक आवेदन का तरीका समय आधारित है और इस समय उपयोगकर्ता किसी भी आईपीओ के लिए तीन दिनों की समयावधि के भीतर बाजार (शेयर) की चुनिंदा अवधि के दौरान ही आवेदन कर पाते हैं। निवेश करने वाले समुदाय का एक बड़ा हिस्सा सक्रिय रूप से ट्रेडिंग यानी कारोबार नहीं करता है और वह आम तौर पर बाजार के काम करने के समय के दौरान व्यस्त रहता है। इस वजह से वह आईपीओ के लिए आवेदन करने से चूक जाता है। ऐसी स्थिति युवा निवेशकों और मिलेनियल्स (80 और 90 के दशक में पैदा हुए लोग) के मामले में ज्यादा देखी जाती है। "आईपीओ खुलने से पहले किया जाने वाला आवेदन" (प्री आईपीओ ओपन ऐप्लिकेशन) सुविधा ऐसे ही निवेशकों को ध्यान में रखकर विशेष रूप से तैयार की गयी है। "आईपीओ खुलने से पहले किया जाने वाला आवेदन" सुविधा के सक्रिय होने के बाद उपयोगकर्ता कभी भी आईपीओ के लिए आवेदन कर सकता है। निवेशकों की तरफ से ऑर्डर दिए जाने के बाद यह पेटीएम मनी के सिस्टम में सुरक्षित हो जाएगा और आईपीओ खुलने के बाद इस ऑर्डर को सीधे एक्सचेंज को भेज दिया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान उपयोगकर्ता को हर चरण के बारे में अधिसूचना मिलता रहेगा ताकि उनके निवेश के अनुभव को आसान और बेहतर बनाया जा सके पेटीएम मनी के सीईओ वरुण श्रीधर ने कहा, "पिछले कुछ महीनों के दौरान आईपीओ में पैसा लगाने की प्रवृत्ति में तेजी आयी है और हमने ऐसे कई मामले देखे हैं जिसमें उपयोगकर्ता बाजार की समयावधि के दौरान अपनी व्यस्त दिनचर्या और अधिक मांग की वजह से प्रॉसेसिंग में लगने वाले समय की देरी के चलते आईपीओ के लिए आवेदन करने से चूक गए" उन्होंने कहा, "हम ऐसे उपयोगकर्ताओं की जिंदगी आसान बनाना चाहते हैं और हमारी कोशिश है कि उन्हें किसी भी बेहतर मौके का लाभ उठाने से न चूकने दिया जाए।"-
- नयी दिल्ली। रियल एस्टेट क्षेत्र में निजी इक्विटी (पीई) निवेश चालू कैलेंडर साल की पहली छमाही में सालाना आधार पर तीन गुना से अधिक होकर 2.7 अरब डॉलर या 14,300 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। संपत्ति सलाहकार साविल्स इंडिया ने यह जानकारी देते हुए कहा कि मुख्य रूप से वाणिज्यिक संपत्तियों की मांग बढ़ने की वजह से रियल एस्टेट क्षेत्र में निजी इक्विटी निवेश बढ़ा है। साविल्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि जनवरी-जून, 2021 के दौरान पीई निवेश 272.9 करोड़ डॉलर रहा, जो इससे पिछले साल की समान अवधि में 87 करोड़ डॉलर रहा था। बीते पूरे साल 2020 में पीई निवेश 6.6 अरब डॉलर रहा था। रिपोर्ट में कहा गया है कि निजी इक्विटी निवेश के प्रवाह से पता चलता है कि महामारी की वजह से आई सुस्ती के बावजूद निवेशकों का भरोसा कायम है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2021 की दूसरी तिमाही में पीई निवेश 86.5 करोड़ डॉलर या 63 अरब रुपये रहा। तिमाही-दर-तिमाही आधार पर यह 54 प्रतिशत की गिरावट है। रिपोर्ट के अनुसार, महामारी की वजह से घर से काम यानी रिमोट कार्य संस्कृति को बढ़ावा मिल रहा है। इसके बावजूद 2021 की दूसरी तिमाही में कुल पीई निवेश में से 40 प्रतिशत वाणिज्यिक कार्यालय संपत्ति क्षेत्र में आया।-
- नयी दिल्ली। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने कहा कि नए आयकर पोर्टल पर ई-कार्रवाई के तहत अभी तक कुल 24,781 प्रतिक्रियाएं मिली हैं, और रोजाना 40,000 से अधिक आईटीआर दाखिल हो रहे हैं। सीबीडीटी ने साथ ही कहा कि वह नई साइट पर आ रही तकनीकी गड़बड़ियों को ठीक करने के लिए युद्ध स्तर कोशिश कर रहा है। चार्टर्ड एकाउंटेंट का कहना है कि वे पोर्टल के लॉन्च के एक महीने बाद भी परेशानियों का अनुभव कर रहे हैं। इस बारे में, सीबीडीटी ने कहा कि उपयोगकर्ता आयकर रिटर्न 3, 5, 6 और 7 की अनुपलब्धता से संबंधित कुछ मुद्दों पर शिकायत कर रहे हैं, जबकि कुछ मामलों में आईटीआर दाखिले, ई-सत्यापन या पोर्टल में लॉगइन करने संबंधी समस्याएं सामने आई हैं, और सुधारात्मक उपाय किए जा रहे हैं। सीबीडीटी ने कहा कि सुविधाओं को सरल बनाने के लिए करदाताओं, कर पेशेवरों और आईसीएआई के प्रतिनिधियों की राय के आधार पर सुधारात्मक उपाय किए जा रहे हैं। आयकर मामलों की शीर्ष संस्था सीबीडीटी ने कहा, ‘‘विभाग किसी भी लंबित मुद्दे के समाधान में तेजी लाने और सभी शेष सुविधाओं को जल्द से जल्द उपलब्ध कराने के लिए इंफोसिस के साथ लगातार जुड़ा हुआ है।'' सीबीडीटी ने कहा कि इस समय हर दिन लगभग 8-10 लाख लोग नए पोर्टल में लॉगइन कर रहे हैं और औसतन 40,000 आईटी रिटर्न दाखिल किए जा रहे हैं। कर निकाय ने बताया, ‘‘पोर्टल पर 62 लाख से अधिक आधार को पैन से जोड़ने के अनुरोध मिले हैं, लगभग 4.87 लाख ई-पैन जारी किए गए हैं और 1.32 लाख डीएससी पंजीकरण पूरे हो गए हैं। करदाताओं के फेसलेस मूल्यांकन के लिए कार्यक्षमता तैयार की गई है और 10 जुलाई 2021 से 1.42 लाख अटैचमेंट के साथ करदाताओं की 24,781 प्रतिक्रियाएं मिली हैं।'' कई चार्टर्ड एकाउंटेंट ने नए आयकर पोर्टल के कामकाज में तकनीकी गड़बड़ियों को चिन्हित किया था और बताया कि ई-कार्यवाही और डिजिटल हस्ताक्षर प्रमाण पत्र जैसी कुछ प्रमुख कार्य अभी तक शुरू नहीं हो सके हैं। साथ ही कुछ विदेशी फर्मों को पोर्टल में लॉगइन करने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है। सीबीडीटी ने अपने जवाब में यह भी कहा कि वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी इंफोसिस की टीम के सदस्यों और आईसीएआई जैसे बाहरी हितधारकों के साथ नियमित रूप से बैठकें कर रहे हैं।
- नयी दिल्ली। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के अनुसार, तमिलनाडु, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे तीन शीर्ष राज्य हैं जहां अधिकांश जिलों में स्वर्ण आभूषणों और कलाकृतियों की अनिवार्य हॉलमार्किंग (गुणवत्ता चिह्न लागने की अनिवार्य व्यवस्था) के पहले चरण की शुरुआत की जा रही है। सोने के गहनों और कलाकृतियों की अनिवार्य हॉलमार्किंग 16 जून से चरणबद्ध तरीके से लागू की गयी है। पहले चरण में 256 जिलों को इसके दायरे में लिया जाएगा। इससे पहले सोने की हॉलमार्किंग की व्यवस्था स्वैच्छिक प्रकृति की थी।मंत्रालय द्वारा जारी एक अधिसूचना के अनुसार, सरकार ने गोल्ड हॉलमार्किंग के पहले चरण के कार्यान्वयन के लिए 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 256 जिलों की पहचान की है। राज्यों की सूची में, अनिवार्य गोल्ड हॉलमार्किंग के कार्यान्वयन के लिए तमिलनाडु से अधिकतम 24 जिलों की पहचान की गई है, इसके बाद गुजरात (23 जिले) और महाराष्ट्र (22 जिले) हैं। अनिवार्य रूप से सोने की हॉलमार्किंग के लिए पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में लगभग 19 जिलों की पहचान की गई है। अधिसूचना में कहा गया है कि दिल्ली और तेलंगाना में सात-सात जिले, जबकि आंध्र प्रदेश और पंजाब में (12 जिले), केरल (13 जिले), कर्नाटक (14 जिले) और हरियाणा (15 जिले) की पहचान की गई है। 256 जिलों के सर्राफों को गुणवत्ता के ठप्पे के साथ ही 14, 18 और 22 कैरेट के सोने के आभूषण बेचने की अनुमति दी गई है। पिछले महीने, सरकार ने अंशधारकों के साथ व्यापक परामर्श के बाद आभूषण क्षेत्र में कुछ कंपनियों के लिए सोने की अनिवार्य हॉलमार्किंग में ढील दी। उदाहरण के लिए, सरकार ने 40 लाख रुपये तक के सालाना कारोबार वाले सर्राफा कारोबारियों को अनिवार्य हॉलमार्किंग से छूट दी है। यह उन लोगों को भी छूट दी गई है जो सरकार की व्यापार नीति के अनुसार आभूषणों का निर्यात और पुन: आयात करते हैं, जो आभूषण अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनियों के साथ-साथ सरकार द्वारा अनुमोदित बी 2 बी घरेलू प्रदर्शनियों के लिए होते हैं। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) अप्रैल 2000 से सोने के आभूषणों के लिए हॉलमार्किंग योजना चला रहा है। मौजूदा समय में लगभग 40 प्रतिशत सोने के आभूषणों की हॉलमार्किंग की जा रही है। भारत में करीब चार लाख आभूषण विक्रेता हैं। इसमें से केवल 35,879 बीआईएस प्रमाणित हैं। विश्व स्वर्ण परिषद के मुताबिक, भारत सालाना 700-800 टन सोने का आयात करता है।
- नई दिल्ली। सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार सोमवार को सोना करीब 169 रुपये गिरा है, जिसके बाद इसकी कीमत 46 हजार 796 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 46 हजार 965 पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी 300 रुपये गिरी है। इस गिरावट के साथ चांदी 67 हजार 611 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गयी। पिछले कारोबारी सत्र में इसका बंद भाव 67 हजार 911 रुपये था।अपने ऑल टाइम हाई से सोना 9 हजार रुपये से भी अधिक सस्ता हो चुका है। पिछले साल अगस्त में सोना 56 हजार 200 रुपये के स्तर तक जा पहुंचा था और अभी सोना 46 हजार 796 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर है। निवेश करने के लिहाज ये काफी बड़ी गिरावट है।









.jpg)















.jpg)

.jpg)