- Home
- बिजनेस
- मुंबई। विमानन कंपनी स्पाइसजेट ने कहा कि वह अपने सभी कर्मचारियों के लिए 17 मई से कंपनी प्रायोजित टीकाकरण अभियान शुरू करेगी। कंपनी ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा कि अभियान की शुरुआत दिल्ली और गुरुग्राम से होगी, जो स्पाइसजेट का मुख्यालय है और इसके साथ ही उसके नेटवर्क के सभी स्टेशनों पर विमानन कंपनी के कर्मचारियों को इसमें शामिल किया जाएगा। स्पाइसजेट ने कहा कि उसके लगभग 15,000 कर्मचारी हैं।एयर इंडिया, विस्तारा, इंडिगो, गोएयर और एयरएशिया इंडिया जैसी अन्य विमानन कंपनियां पहले ही अपने कर्मचारियों के लिए टीकाकरण अभियान की घोषणा कर चुके हैं।
- कोलकाता। स्वच्छता प्रौद्योगिकी मंच, लिविनगार्ड एजी ने कोरोना योद्धाओं के लिए 15 करोड़ रुपये कीमत के मास्क दान किए हैं। सिवट्जरलैंड स्थित कंपनी ने बुधवार को कहा कि इन मास्कों का वितरण एनजीओ, सरकारी संगठनों, नागरिक समाज, अस्पतालों और कई स्वास्थ्य लाभ केंद्रों के जरिए किया जाना है। कंपनी ने दावा किया कि कपड़ों पर उसकी पेटेंट विषाणु एवं जीवाणु रोधी प्रौद्योगिकी जो लिविनगार्ड प्रौद्योगिकी से उपचारित है वह सांस के जरिए वायरस को अंदर आने से रोकने की बजाय 99.9 प्रतिशत जीवाणु और विषाणु को मारने में वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है। इसने बताया कि लिविनगार्ड एजी ने कई गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) जैसे चाइल्ड रिलीफ एंड यू (क्राई), मैजिक बस, अपनालय के अलावा मुंबई और पंजाब पुलिस, टाटा मेमोरियल, आईएसबी विद्यार्थियों और श्मशान घाटों के कर्मियों समेत अन्य को मास्क दान किया है। लिविनगार्ड के संस्थापक एवं सीईओ संजीव स्वामी ने कहा, “पूरी दुनिया घातक वायरस के खिलाफ भारत की जंग को देख रही है जिसने उसकी दूसरी लहर में और तेजी से प्रहार किया है।
- नयी दिल्ली। दवा कंपनी एस्ट्राजेनका ने मंगलवार को कहा कि वह भारत को कोविड-19 महामारी के बीच राहत उपायों के कार्यों में समर्थन देने के लिये 2.5 लाख डॉलर (1.8 करोड़ रुपये से अधिक) की मानवीय सहायता उपलब्ध कराएगी। भारत के लिये यह सहायता ब्रिटिश-स्वीडिश बहुराष्ट्रीय कंपनी द्वारा राहत कार्यों के लिये निर्धारित 10 लाख डॉलर की मदद का हिस्सा है। एस्ट्राजेनका ने ट्विटर पर लिखा है, ‘‘आज कंपनी ने महामारी से प्रभावित भारत समेत दुनिया में विभिन्न समुदाय के बीच राहत कार्यों में मदद के लिये 10 लाख डॉलर की मानवीय सहायता का संकल्प जताया।'' कंपनी के अनुसार इसमें से 250,000 डॉलर की सीधी सहायता भारत को दी जाएगी। इसके तहत ऑक्सीजन कनसेन्ट्रेटर, दवा और अन्य जरूरी सामान तथा पीपीई (व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण) किट उपलब्ध कराये जाएंगे।
- नयी दिल्ली । देश की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी रिलांयस जियो के ग्राहकों की संख्या फरवरी में बढ़कर 41.49 करोड़ हो गयी। कंपनी ने माह के दौरान 42 लाख नये ग्राहक जोड़े। दूरसंचार नियामक ट्राई ने यह जानकारी दी। माह के दौरान रिलांय जियो, भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया तीनों निजी दूरसंचार कंपनियों ने नये ग्राहक जोड़े। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के अनुसार भारती एयरटेल ने फरवरी महीने में 37 लाख ग्राहक जोड़े और उसके ग्राहकों की संख्या 34.83 करोड़ पर पहुंच गयी। वहीं वोडाफोन आइडिया ने कई महीनों बाद आलोच्य माह में 6.5 लाख नये ग्राहक जोड़े। इसके साथ कंपनी के ग्राहकों की संख्या बढ़कर 28.26 करोड़ पर पहुंच गयी। ट्राई के आंकड़ों के अनुसार निजी क्षेत्र की दूरसंचार कंपनियों की बाजार हिस्सेदारी 89.57 प्रतिशत रही जबकि सार्वजनिक क्षेत्र की बीएसएनएल और एमटीएनल की हिस्सेदरी 10.43 प्रतिशत रही। बीएसएनएल और एमटीएनएल दोनों के फरवरी में ग्राहकों की संख्या कम हुई। इनके ग्राहकों की संख्या (वायरलेस) 82 लाख रही।
- मुंबई। शेयर बाजार में बुधवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई जिससे सेंसेक्स 471 अंक लुढ़क कर बंद हुआ। वैश्विक बाजारों में मिश्रित रुख और सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाली आईसीआईसीआई बैंक, एचयूएल और रिलायंस जैसी कंपनियों के शेयरों में गिरावट से बाजार नीचे आया। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 471.01 अंक यानी 0.96 प्रतिशत लुढ़कर 49 हजार अंक से नीचे 48,690.80 अंक पर बंद हुआ।इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 154.25 अंक यानी 1.04 प्रतिशत की गिरावट लेकर 14,696.50 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में सर्वाधिक 3 प्रतिशत का नुकसान इंडसइंड बैंक को हुआ। इसके अलावा एचयूएल, ओएनजीसी, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, कोटक बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टेक महिंद्रा के शेयरों में गिरावट रही। दूसरी तरफ, टाइटन, मारुती, पावरग्रिड, एसबीआई और एनटीपीसी लाभ में रहने वाले शेयरों में शामिल हैं।जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज में अनुसंधान प्रमुख विनोद नायर के अनुसार उपभोक्ता जिंसों की बढ़ती कीमतों के कारण वैश्विक बाजार में ब्याज दरें और बांड प्रतिफल बढ़ने की चिंता में सूचकांक नीचे आये। उन्होंने कहा, ‘‘सभी प्रमुख सूचकांक समेत कीमती धातु गिरावट लेकर बंद हुए जबकि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और मीडिया शेयरों में तेजी बनी रही।'' एशिया के अन्य बाजारों में शंघाई और हांगकांग लाभ में रहे जबकि टोक्यो और सोल में गिरावट दर्ज की गई। यूरोप के प्रमुख बाजारों में मध्य कारोबार में मिश्रित रुख रहा। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.50 प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर 68.88 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
- नयी दिल्ली। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बुधवार को 25 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई, जिसके साथ ही भोपाल और इंदौर सहित कई और शहरों में पेट्रोल के दाम 100 रुपये प्रति लीटर के स्तर को पार कर गए। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों द्वार जारी मूल्य अधिसूचना के मुताबिक देश में पेट्रोल और डीजल के दाम रिकॉर्ड ऊंचाई पर हैं। दिल्ली में अब पेट्रोल 92.05 रुपये प्रति लीटर और डीजल 82.61 रुपये प्रति लीटर में मिल रहा है।इस सप्ताह कीमतों में यह तीसरी और चार मई के बाद से सातवीं बढ़ोतरी है। इससे पहले सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के दौरान 18 दिनों तक कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया था। मूल्य वृद्धि के कारण राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई शहरों में पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के स्तर को पार कर गया। वैट और मालभाड़े जैसे स्थानीय करों के आधार पर विभिन्न राज्यों में ईंधन की कीमत अलग-अलग होती हैं। देश में राजस्थान पेट्रोल पर सबसे अधिक मूल्य वर्धित कर (वैट) वसूलता है, इसके बाद मध्य प्रदेश का स्थान है। इस महीने हुई सात बार बढ़ोतरी में पेट्रोल कुल 1.66 रुपये प्रति लीटर और डीजल 1.88 रुपये प्रति लीटर महंगा हो चुका है।
- नयी दिल्ली । रूचि सोया इंडस्ट्रीज ने मंगलवार को पतंजलि नेचुरल बिस्कुट प्राइवेट लि. (पीएनबीपीएल) के कारोबार को 60.02 करोड़ रुपये में खरीदने की घोषणा की। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसके निदेशक मंडल ने 10 मई को पतंजलि बिस्कुट के साथ व्यापार हस्तांतरण समझौते पर हस्ताक्षर करने को मंजूरी दे दी। यह अधिग्रहण अगले दो महीने में पूरा होगा। रूचि सोया ने कहा, ‘‘व्यापर हस्तांतरण समझौते के तहत अधिग्रहण की रकम 60.02 करोड़ रुपये तय की गई है। अधिग्रहण की यह रकम घटती बिक्री के आधार पर की गई हैं।'' उसने कहा कि अधिग्रहण की रकम दो किश्तों में दी जायेगी। जिसमे 15 करोड़ रुपये समझौता होने की तिथि या उससे पहले दिए जाऐंगे, जबकि शेष 45.01 करोड़ रुपये का भुगतान समझौता होने के 90 दिनों में होगा। कंपनी ने कहा कि वह और पतंजलि बिस्कुट एक गैर-प्रतिस्पर्धी समझौते पर भी सहमत हुए हैं। जिसके तहत पीएनबीपीएल और उसके संबंधित सहयोगी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से भारत में बिस्कुट के किसी भी प्रतिस्पर्धी व्यवसाय में प्रवेश नहीं कर सकते हैं। गौरतलब है कि रुचि सोया कर्ज के बोझ तले दबी कंपनी थी जिसे 2019 में बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि आयुर्वेद ने खरीद लिया था। पीनीबीएल ने वित्त वर्ष 2019-20 में 448 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
- अहमदाबाद ।कोरोना संक्रमण के प्रकोप के कारण देश में चिकित्सा ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए पेटीएम फॉउंडेशन ने गुजरात को ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र समेत 100 ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर उपलब्ध कराये हैं। कंपनी ने बयान में कहा कि ऑक्सीजन प्लांट सरकारी अस्पतालों में लगाए जायेंगे। वही 100 ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर राज्यपाल आचार्य देवव्रत के मार्गदर्शन में चल रही कोरोना सेवा यागना मुहीम के तहत गैर सरकारी संगठनों में वितरित किये जायेंगे। पेटीएम के मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष विजय शेखर शर्मा ने कहा, हमने अगले महीने तक सरकारी अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट शुरू करने की योजना बनाई है। मुझे खुशी है कि लोगों ने इतनी उदारता से दान दिया और हम थोड़े समय में 25 करोड़ रुपये जुटा पाए। लोगों ने 12.5 करोड़ रुपये दान किया और हमने लक्ष्य हासिल करने के लिए अपनी तरफ से एक समान राशि जोड़ी। गुजरात के राज्यपाल ने इस मदद के लिए पेटीएम के सीईओ का धन्यवाद दिया।
-
नई दिल्ली। चीनी उद्योग के संगठन ऑल इंडिया सुगर ट्रेड एसोसिएशन (एआईएसटीए) ने मंगलवार को कहा कि भारत ने 2020-21 के विपणन सत्र में अब तक 56 लाख टन चीनी के निर्यात के लिए अनुबंध किए हैं और शेष चार लाख टन के लिए जल्द सौदा किए जाने की उम्मीद है।
सरकार ने 2020-21 सत्र (अक्टूबर - सितंबर) के लिए 60 लाख टन अतिरिक्त चीनी के अनिवार्य रूप से निर्यात का लक्ष्य तय किया है। इस निर्यात नीति को जनवरी में मंजूरी दी गई थी। भारत ने 2019-20 सत्र के दौरान 59 लाख टन चीनी का निर्यात किया था। एआईएसटीए ने ताजा आंकड़े जारी करते हुए कहा कि 56 लाख टन के निर्यात अनुबंधों में से 34.78 लाख टन चीनी पहले ही छह मई तक 12 देशों में भेजी जा चुकी है।इस दौरान इंडोनेशिया को 12.17 लाख टन, अफगानिस्तान को 4.33 लाख टन और यूएई को 3.66 लाख टन चीनी भेजी गई। इस साल अप्रैल में ब्राजील में शुष्क मौसम और कम उत्पादन के चलते चीनी की वैश्विक कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। - नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने का भाव 212 रुपये की गिरावट के साथ 47 हजार 308 रुपये प्रति दस ग्राम हो गया। एचडीएफसी सिक्युरिटीज ने यह जानकारी दी है। इससे पिछले कारोबार में बंद भाव 47 हजार 520 था। चांदी भी 973 रुपये की गिरावट के साथ 70 हजार 646 रुपये प्रति किलो ग्राम रही। पिछले सत्र में यह 71 हजार 619 रुपये पर बंद हुई थी।वैश्विक बाजारों से तेजी के रुझान के बीच स्थानीय सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने का भाव 179 रुपये की तेजी के साथ 47 हजार 452 रुपये प्रति दस ग्राम हो गया। एचडीएफसी सिक्युरिटीज ने यह जानकारी दी है। इससे पिछले कारोबार में बंद भाव 47 हजार 273 था। चांदी भी 826 रुपये की तेजी के साथ 71 हजार 541 रुपये प्रति किलो ग्राम रही। पिछले सत्र में यह 70,715 रुपये पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना लाभ के साथ 1,836 डालर प्रति औंस हो गया जबकि चांदी 27.65 डालर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही।
- नयी दिल्ली। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को एक बार फिर बढ़ोतरी हुई, जिसके चलते महाराष्ट्र के नांदेड़ से लेकर मध्य प्रदेश के रीवा और राजस्थान के जैसलमेर तक कई स्थानों पर पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के स्तर को पार कर गया। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों द्वारा जारी मूल्य अधिसूचना के अनुसार पेट्रोल की कीमत में 27 पैसे लीटर और डीजल में 30 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। इस बढ़ोतरी के साथ देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें उच्चतम स्तर पर पहंच गई हैं। दिल्ली में अब पेट्रोल 91.80 रुपये प्रति लीटर और डीजल 82.36 रुपये में मिल रहा है। यह चार मई के बाद से कीमतों में छठी बढ़ोतरी है। इससे पहले सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के दौरान 18 दिनों तक कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया। मूल्य वृद्धि के कारण राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई शहरों में पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के स्तर को पार कर गया। वैट और मालभाड़े जैसे स्थानीय करों के आधार पर विभिन्न राज्यों में ईंधन की कीमत अलग-अलग होती हैं। देश में राजस्थान पेट्रोल पर सबसे अधिक मूल्य वर्धित कर (वैट) वसूलता है, इसके बाद मध्य प्रदेश का स्थान है। राजस्थान के श्री गंगानगर जिले में पेट्रोल (102.70 रुपये प्रति लीटर) और डीजल (95.06 रुपये लीटर) सबसे महंगा है। इसके अलावा जैसलमेर और बीकानेर में भी पेट्रोल 100 रुपये के स्तर को पार कर गया। इसी तरह मध्य प्रदेश के शहडोल, रीवा, छिंदवाड़ा और बालाघाट में भी पेट्रोल का भाव 100 रुपये प्रति लीटर से पार हो गया। मुंबई में पेट्रोल 98.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 89.48 रुपये प्रति लीटर के भाव पर बिक रहा है।
- मुंबई । रिजर्व बैंक ने सोमवार को अपने ग्राहक को पहचानिये (केवाईसी) के संदर्भ में जारी मास्टर निर्देशों में संशोधन किया। यह संशोधन ग्राहकों की वीडियो आधारित पहचान प्रक्रिया (वी-सीआईपी) का अधिक लाभ उठाने तथा केवाईसी को समय समय पर अद्यतन किये जाने की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिये किया गया। वी-सीआईपी बैंक ग्राहक की पहचान करने का एक वैकल्पिक तरीका है जिसमें ग्राहक के चेहरे को देखकर पहचान की जाती है। इसके तहत रिजर्व बैंक नियमन के तहत आने वाली इकाई का प्राधिकृत अधिकारी ग्राहक की जांच - परख करता है। इसके तहत ग्राहक के साथ श्रव्य-दृश्य बातचीत के आधार पर बिना किसी अड़चन के, सुरक्षित, जीवंत और सहमति के बाद पहचान के बारे में जानकारी जुटाई जाती है। रिजर्व बैंक ने कहा है कि उसके नियमन के तहत आनी वाली कंपनी व्यक्तिगत नये ग्राहक, प्रापरेएटरशिप फर्म के मामले में उसके मालिक, कानूनी इकाई के मामले में उसके प्राधिकृत हस्ताक्षरकर्ता और लाभार्थी मालिक ग्राहक की जांच परख के लिये वी- सीआईपी प्रक्रिया को अपना सकते हैं। रिजर्व बैंक नियमन वाली इकाइयों में बैंक, एनबीएफसी और भुगतान प्रणाली परिचालक शामिल हैं। इसमें कहा गया है कि ये इकाइयां बिना चेहरे के खोले गये खातों को चेहरे वाले में बदलने के लिये भी वी- सीआईपी प्रक्रिया का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिये वह आधार ओटीपी आधारित ई-केवाईसी सत्यापन और पात्र ग्राहकों के लिये केवाईसी का सावधिकअद्यतन करने के लिये कर सकते हैं।
- नयी दिल्ली । स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया कार्ड्स एंड पेमेंट्स सेवाओं (एसबीआई कार्ड्स) ने सोमवार को कहा कि उसने बांड जारी कर 455 करोड़ रुपये जुटाएं हैं। एसबीआई कार्ड्स ने शेयर बाजार को दी नियमित सूचना में बताया कि कंपनी के हितधारकों की संबंध समिति ने 4,550 गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर के आवंटन को मंजूरी दे दी है। बांड की परिपक्वता अवधि दस मई 2024 है और इन पर वार्षिक देय ब्याज 5.70 प्रतिशत है।। एसबीआई कार्ड ने कहा कि ये बांड बीएसई के थोक ऋण बाजार खंड में सूचीबद्ध कराए जाएंगे।
- नयी दिल्ली । खाद उत्पादक कंपनी यारा इंडिया कोरोना संक्रमण से बुरी तरह चरमरा गई स्वास्थ सेवाओं की सहायता करने के लिए उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पताल को जल्द तीन पोर्टेबल ऑक्सीजन जनरेटर प्रदान करेगी। कंपनी ने सोमवार को एक बयान में कहा कि देश कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए चुनौतीपूर्ण स्थिति से गुजर रहा है। यारा इंडिया ने इस स्थिति में मदद करने का निर्णय किया है। कंपनी के प्रबंध निदेशक संजीव कंवर ने कहा, ‘‘कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर का प्रकोप पूरे देश पर हुआ है। वर्तमान में देशभर में ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार को हम तीन ऑक्सीजन जनरेटर देंगे। जो 11 मई तक प्रदेश के अस्पताल में स्थापित कर दिए जायेंगे। एक जेनरेट की उत्पादन क्षमता 45 लीटर प्रति मिनट है।'' यारा इंडिया दरअसल कृषि के साथ-साथ पर्यावरण के लिए समाधान प्रदान करने वाली कंपनी है और यह देश में पिछले 25 वर्षों से हैं।
- नयी दिल्ली । शेयर बाजारों में पिछले लगातार चार कार्यदिवस में आई तेजी से निवेशकों की संपत्ति 6,44,760.45 करोड़ रुपये बढ़ गई। पिछले चार कारोबारी सत्रों में बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 1,248.90 अंक यानी 2.58 प्रतिशत बढ़ गया। सोमवार को सेंसेक्स में 295.94 अंक यानी 0.60 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई और यह 49,502.41 अंक पर पहुंच गया। इस दौरान, पांच मई के बाद से चार कारोबारी सत्र में बंबई शेयर बाजार में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 6,44,760.45 करोड़ रुपये बढ़कर 2 करोड़ 13 लाख 28 हजार 685 करोड़ 05 लाख रुपये पर पहुंच गया। विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक बाजार से अनुकूल संकेत मिल रहे हैं, कंपनियों के मार्च तिमाही के परिणाम अनुकूल टिप्पणियों के साथ ठीक ठाक स्तर पर रहे, वहीं रिजर्व बैंक ने कारोबार वृद्धि के लिये तरलता समर्थन की घोषणा की है। राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन इस बार नहीं लगा है ऐसे में निवेशकों ने कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों की चिंता को पीछे रखा है।
- नई दिल्ली। वैश्विक बाजारों से तेजी के रुझान के बीच स्थानीय सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने का भाव 179 रुपये की तेजी के साथ 47 हजार 452 रुपये प्रति दस ग्राम हो गया। एचडीएफसी सिक्युरिटीज ने यह जानकारी दी है। इससे पिछले कारोबार में बंद भाव 47 हजार 273 था।चांदी भी 826 रुपये की तेजी के साथ 71 हजार 541 रुपये प्रति किलो ग्राम रही। पिछले सत्र में यह 70 हजार 715 रुपये पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना लाभ के साथ 1,836 डालर प्रति औंस हो गया जबकि चांदी 27.65 डालर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही। एचडीएफसी सिक्यूरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, डॉलर के कमजोर होने तथा अमेरिकी बांड से लाभ प्राप्ति घटने के कारण सोने की कीमतों में तेजी आई।भारत में सोने की मांग जनवरी- मार्च 2021 तिमाही के दौरान इससे पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 37 प्रतिशत बढ़कर 140 टन पर पहुंच गई। इस दौरान कोविड-19 से जुड़ी सख्ती में राहत मिलने, सोने के दाम नरम पडऩे और दबी मांग निकलने से इस दौरान मांग में तेजी रही। विश्व स्वर्ण परिषद (डब्ल्यूजीसी) ने यह कहा है। डब्ल्यूजीसी के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2020 की पहली तिमाही में कुल मिलाकर सोने की मांग 102 टन रही थी। मूल्य के लिहाज से सोने की मांग पहली तिमाही में 57 प्रतिशत बढ़कर 58,800 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। जो कि एक साल पहले इसी तिमाही में 37,580 करोड़ रुपये रही थी।--
- नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल की कीमतें एक सप्ताह में पांचवीं बढ़ोतरी के साथ ही सोमवार को रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गईं, जिसके बाद राजस्थान और मध्य प्रदेश के साथ ही महाराष्ट्र में भी पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के स्तर को पार कर गया।सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों द्वारा जारी मूल्य अधिसूचना के मुताबिक पेट्रोल की कीमत 26 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमत 33 पैसे प्रति लीटर बढ़ी। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के दौरान 18 दिनों तक कीमतों की समीक्षा नहीं की और चार मई से समीक्षा दोबारा शुरू की गई। तब से यह कीमतों में पांचवी बढ़ोतरी है।इस बढ़ोतरी के साथ ही पेट्रोल और डीजल की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई हैं। दिल्ली में पेट्रोल अब 91.53 रुपये प्रति लीटर के भाव पर मिल रहा है, जबकि डीजल की कीमत 82.06 रुपये प्रति लीटर है। महाराष्ट्र के परभणी में सोमवार को पेट्रोल की कीमत 100.20 रुपये प्रति लीटर थी। इससे पहले मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर का आंकड़ा पार कर चुका है। वैट और मालभाड़े जैसे स्थानीय करों के आधार पर ईंधन की कीमतें प्रत्येक राज्य में अलग-अलग होती हैं। पिछले एक सप्ताह में पांच बढ़ोतरी के साथ पेट्रोल की कीमत में 1.14 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 1.33 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।
- नई दिल्ली। कोल इंडिया लि. (सीआईएल) चालू वित्त वर्ष 2021-22 में आयात सीमित करने की योजना के तहत बिजलीघरों को कोयले की आपूर्ति जारी रखेगी।सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ने पूर्व में कहा था कि कोयला आयात प्रतिस्थापन यानी उसे सीमित करने का अभियान परवान चढ़ता दिख रहा है। ग्राहकों ने 2020-21 में करीब 9 करोड़ टन स्वदेशी कोयले के उपयोग का विकल्प चुना। इस लिहाज से सीआईएल का उक्त निर्णय महत्वपूर्ण है।कोल इंडिया ने एक नोटिस में कहा, कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव की अध्यक्षता में उप-समूह की बैठक में वित्त वर्ष 2021-22 में कोयले की आपूर्ति के मुद्दे पर विचार किया गया। बैठक में 2021-22 के लिये आयात प्रतिस्थान व्यवस्था के तहत बिजलीघरों को कोयले की आपूर्ति जारी रखने का निर्णय किया गया। कंपनी ने कहा कि कोल इंडिया और केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) को नोटिस जारी कर 2021-22 के लिये जरूरत के बारे में जानकारी मांगने का निर्देश दिया गया है।नोटिस के अनुसार, आयातित कोयले की जगह घरेलू कोयले के उपयोग को इच्छुक बिजली उत्पादक कंपनियों से आग्रह है कि वे 2021-22 के लिये ईंधन की अपनी जरूरतों के बारे में जानकारी दे। इसमें कहा गया है कि उपलब्धता के आधार पर बिजली संयंत्रों को कोयले की आपूर्ति प्रतिबद्धता के साथ की जाएगी और उन्हें ईंधन आपूर्ति समझौते का अनुपालन करना होगा।उल्लेखनीय है कि 19 सितंबर, 2018 को कोयला और बिजली सचिवों तथा उसी दिन-उप-समूह की बैठक में घरेलू कोयले की आपूर्ति पर विचार किया गया तथा आयात प्रतिस्थापित करने और मिश्रण उद्देश्य से आयात को शून्य स्तर पर लाने की सिफारिश की गयी। पिछले साल भी इस मामले पर कोयला और बिजली सचिवों के बीच चर्चा हुई थी। उसके अनुसार बिजली संयंत्रों को आयात प्रतिस्थापन के अंतर्गत ईंधन आपूर्ति समझौते के तहत उनकी जरूरत अैर उपलब्धता के आधार पर ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है।
-
नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी कार विनिर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने शनिवार को कहा कि उसने देश में अपने कारखानों में मरम्मत और रखरखाव के लिए उत्पादन बंदी को 16 मई तक बढ़ा दिया है। कंपनी को रखरखाव के लिए कारखाने जून में बंद करने थे, लेकिन इन्हें तय से पहले एक मई से नौ मई तक बंद करने का फैसला किया गया। मारुति सुजुकी ने शेयर बाजार को बताया कि रखरखाव के लिए बंदी नौ मई 2021 तक थी, जिसे महामारी की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए 16 मई तक बढ़ा दिया गया है। कंपनी ने हालांकि कहा कि हरियाणा के गुडग़ांव और मानेसर स्थित संयंत्रों में कुछ गतिविधियां जारी रहेंगी। सुजुकी मोटर गुजरात ने भी इसी तरह का निर्णय लिया है।
- नयी दिल्ली । सरकारी स्वामित्व वाली एनटीपीसी ने शनिवार को कहा कि यह पश्चिमी क्षेत्र के विभिन्न जिलों के प्रशासन को सीटी स्कैन, वेंटिलेटर, वित्तीय सहायता जैसी सुविधाओं के साथ मदद कर रही है। एक बयान में, प्रमुख बिजली कंपनी ने कहा, वह कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के खिलाफ लड़ाई में सहयोग दे रही है।'' इसमें कहा गया है कि कंपनी का कोरबा स्टेशन, जिला कोविड अस्पताल के लिए सीटी स्कैन मशीन प्रदान कर रहा है। कंपनी का खरगोन स्टेशन, सरकारी सिविल अस्पताल सानावाद में 20 बिस्तरों के लिए ऑक्सीजन सेंट्रल लाइन बिछान में सहायता देगा। कंपनी ने कहा है कि उसके ‘‘डब्ल्यूआर (पश्चिमी क्षेत्र) II के सभी स्टेशन और परियोजनाएं कोविड-19 का सामना करने में अपने संबंधित जिला प्रशासन के साथ सहयोग कर रहे हैं।'' पीपीई किट और वेंटिलेटर खरीदने के लिए प्रशासन को वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है। एनटीपीसी सीपत भी मस्तूरी में कोविड देखभाल केंद्र स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता दे रही है। एनटीपीसी लारा ने भी आगे आकर कलेक्टर, रायगढ़ को वेंटिलेटर खरीदने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की है। इसके अलावा, पश्चिमी क्षेत्र में एनटीपीसी के सभी स्टेशनों पर मास्क, पीपीई किट, हैंड ग्लव्स, हेड कवर, सैनिटाइजर, थर्मामीटर वितरित किए जा रहे हैं।
- नयी दिल्ली । इफ्को टोकियो जनरल इंश्योरेंस ने शनिवार को कहा कि उसने कोविड -19 महामारी से निपटने के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति बढ़ाने में मदद करेगी। इफ्को टोकियो जनरल इंश्योरेंस ने एक बयान में कहा वह हरियाणा के गुरुग्राम में एक ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित करने में जिला प्रशासन को आर्थिक सहयोग देगी। कंपनी ने गुरुग्राम जिले के लिए 20 ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर्स भी दान किए हैं।इफ्को टोकियो की प्रबंध निदेशक अनामिका रॉय राष्ट्रवर ने कहा कि राज्य में कोविड -19 मामलों की बढ़ती संख्या के साथ, अस्पताल, चिकित्सा ऑक्सीजन की कमी का सामना कर रहे हैं। कंपनी द्वारा उठाए गए इस छोटे से कदम से नागरिकों को महामारी से लड़ने में मदद मिलेगी।
- नई दिल्ली। रिलायंस जियो के पास कई ऐसे प्रीपेड प्लान हैं जो किफायती दाम में अनलिमिटेड कॉल और डेटा ऑफर करते हैं। जियो फोन ग्राहकों के लिए कंपनी के पास 75 रुपये की शुरुआती कीमत से प्लान उपलब्ध हैं। जियो फोन ग्राहकों के लिए कंपनी के पास 749 रुपये वाला प्रीपेड प्लान भी है।75 रुपये वाला जियोफोन रिचार्ज प्लानजियोफोन के 75 रुपये वाले प्लान की वैलिडिटी 28 दिन है। इस प्लान में कुल 3 जीबी डेटा ऑफर किया जाता है। ग्राहक हर दिन 0.1 जीबी डेटा का फायदा ले सकते हैं। हर दिन मिलने वाले इस डेटा के खत्म होने के बाद स्पीड घटकर 64 केबीपीएस रह जाती है।जियो के इस रिचार्ज प्लान में हर नेटवर्क पर लोकल व एसटीडी कॉल अनलिमिटेड मिलती है। इस पैक में कुल 50 एसएमएस ग्राहक फ्री भेज सकते हैं। जियो के इस रिचार्ज प्लान में जियो ऐप्स जैसे जियोटीवी, जियोसिनेमा, जियोन्यूज़, जियोसिक्यॉरिटी और जियोक्लाउड का सब्सक्रिप्शन भी मुफ्त मिलता है।इसके अलावा जियो फोन ग्राहकों के लिए कंपनी 749 रुपये, 185 रुपये, 155 रुपये, 125 रुपये के प्लान भी ऑफर करती है। 749 रुपये वाला पैक 336 दिन जबकि बाकी सभी प्लान 28 दिन की वैलिडिटी के साथ आते हैं।
- नई दिल्ली। देश की प्रमुख बिजली निर्माता कंपनी एनटीपीसी लिमिटेड बिजली मंत्रालय के तहत एक केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है, जो कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के खिलाफ लड़ाई में अपना समर्थन दे रहा है। इसके तहत कंपनी के डब्ल्यूआर-II के सभी स्टेशन और परियोजनाएंसंबंधित जिला प्रशासन के साथ सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।मार्च 2020 में कोरोनावायरस महामारी के प्रकोप के बाद,लॉकडाउन की परिस्थितियों में भी कंपनी के कर्मचारियों ने बिजली उत्पादन सुनिश्चित करने के लिए अपने तरफ से अथक प्रयास किए हैं। जिससे कि राष्ट्रीय ग्रिड में बिजली की सुचारू आपूर्ति बनी रहे और लोगों के घर रोशन होते रहे। जिससे किसी आपात स्थिति में बिजली की आपूर्ति बाधित नहीं हो। पीपीई किट और वेंटीलेटर खरीदने के अलावा मस्तूरी में कोविड केयर सेंटर स्थापित करने के लिए एनटीपीसी सिपत जिला प्रशासन को वित्तीय सहायता प्रदान करेगा। इसी तरह कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में मदद करने के लिए कोरबा में जिला कोविडअस्पताल के लिए सीटी स्कैन मशीन एनटीपीसी कोरबा स्टेशन प्रदान करेगा। साथ ही वह आस-पास के गांवों में नियमित रूप से स्वच्छता का काम भी कर रहे हैं।एनटीपीसी लारा ने भी आगे आकर कलेक्टर, रायगढ़ को सार्स सीओवी-2के मद्देनजर वेंटिलेटर खरीदने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की है। आरईडी (पश्चिम II) श्री संजय मदान ने कहा कि “ये कठिन समय हैं और हम सभी इसमें एक साथ हैं। एनटीपीसी अपने समुदाय के कल्याण के लिए गहराई से प्रतिबद्ध है और ऐसे समय में हम वह काम कर रहे हैं जो हम कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में मदद के रूप में कर सकते हैं।" एमपीगाडरवारा और खरगोन में डब्ल्यूआर II स्टेशन भी कोविड-19के खिलाफ लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वह खरगोन सरकारी सिविल अस्पताल सनावद में 20 बिस्तरों के लिए ऑक्सीजन सेंट्रल लाइन कार्य के लिए सहायता प्रदान करेगा। इसके अलावा एनटीपीसी डब्ल्यूआर II के सभी स्टेशन मॉस्क, पीपीई किट, हाथ के दस्ताने, हेड कवर, सैनिटाइज़र, थर्मामीटर आदि प्रदान कर रहे हैं।
- नई दिल्ली। वैश्विक बहुमूल्य धातुओं में मजबूत लिवाली के बीच स्थानीय सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने का भाव 474 रुपये की तेजी के साथ 47 हजार 185 रुपये प्रति दस ग्राम हो गया। एचडीएफसी सिक्युरिटीज ने यह जानकारी दी है। इससे पहले के कारोबारी सत्र में सोना 46 हजार 711 रुपये प्रति दस ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी 1,050 रुपये की तेजी के साथ 70 हजार 791 रुपये प्रति किलो ग्राम हो गयी। पिछले सत्र में यह 69 हजार 741 रुपये पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना लाभ के साथ 1,820 डालर प्रति औंस हो गया जबकि चांदी 27.33 डालर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रहा।वायदा कीमतों में तेजीमजबूत हाजिर मांग के कारण सटोरियों ने ताजा सौदों की लिवाली की जिससे स्थानीय वायदा बाजार में शुक्रवार को सोने का भाव 66 रुपये की तेजी के साथ 47 हजार 661 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में जून महीने की डिलिवरी के लिए सोने की कीमत 66 रुपये यानी 0.14 प्रतिशत की तेजी के साथ 47 हजार 661 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। इसमें 10 हजार 320 लॉट के लिए कारोबार हुआ। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि कारोबारियों द्वारा ताजा सौदों की लिवाली के कारण सोना वायदा कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोने की कीमत 0.20 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,819.40 डॉलर प्रति औंस हो गया।चांदी की कीमतों में गिरावटकमजोर हाजिर मांग के कारण कारोबारियों ने अपने सौदों के आकार को घटाया जिससे वायदा कारोबार में शुक्रवार को चांदी की कीमत 95 रुपये की गिरावट के साथ 71 हजार 586 रुपये प्रति किलो रह गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में चांदी के जुलाई डिलीवरी वाले वायदा अनुबंध का भाव 95 रुपये यानी 0.13 प्रतिशत की हानि के साथ 71 हजार 586 रुपये प्रति किलो रह गया। इस वायदा अनुबंध में 10 हजार 980 लॉट के लिए सौदे किए गए। वैश्विक स्तर पर, न्यूयॉर्क में चांदी का भाव 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 27.43 डॉलर प्रति औंस रह गया।
- नई दिल्ली। टाटा मोटर्स ने शुक्रवार को कहा कि आठ मई से वह अपने यात्री वाहनों के दाम बढ़ायेगी। विभिन्न यात्री वाहनों के मामले में यह वृद्धि उनके अलग अलग मॉडल के अनुरूप औसतन 1.8 प्रतिशत के दायरे में होगी। कंपनी ने कहा है कि कच्चे माल की लागत में हुई वृद्धि की आंशिक भरपाई के लिये यह वृद्धि की जा रही है।कंपनी ने यह भी कहा है कि सात मई को अथवा उससे पहले वाहन बुक करने वाले ग्राहकों को वह मूल्य वृद्धि से सुरक्षा देगी। टाटा मोटर्स के बयान में कहा गया है कि आठ मई से कंपनी अपने यात्री वाहनों के दाम में औसतन 1.8 प्रतिशत की वृद्धि करेगी। यह वृद्धि वाहनों के विभिन्न मॉडल और वेरिएंट पर निर्भर करेगी। टाटा मोटर्स के यात्री वाहन व्यवसाय के अध्यक्ष शैलेश चंद्र ने कहा, इस्पात और मूल्यवाधान धातुओं जैसे कच्चे माल के दाम बढऩे से हमें इस वृद्धि का एक हिस्सा अपने उत्पादों के दाम बढ़ाकर पूरा करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिन ग्राहकों ने पहले ही बुकिंग करा ली हैं उनके हितों को ध्यान में रखते हुये कंपनी उन्हें मूल्य सुरक्षा देगी। टाटा मोटर्स सफारी, हेरियर और निक्सॉन जैसे वाहनों की बिक्री करती है। चंद्रा ने स्पष्ट किया कि आठ मई से होने वाली बुकिंग पर विभिन्न मॉडल में की गई मूल्य वृद्धि लागू होगी।टाटा मोटर्स के वाहनों की श्रृंखला में प्रवेश स्तर की हैचबैंक कार टियागो से लेकर हाल में पेश की गई सफारी एसयूवी जैसे वाहन है। इनके दिल्ली में एक्स- शोरूम दाम 4.85 लाख रुपये से लेकर 21.4 लाख रुपये तक हैं।









.jpg)
.jpg)





.jpg)
.jpg)
.jpg)




.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)