- Home
- विदेश
- बीजिंग। पृथ्वी से करीब सात महीने का सफर तय कर कुछ दिनों पहले मंगल ग्रह की कक्षा में सफलतापूर्वक प्रवेश करने वाले चीन के अंतरिक्ष यान तियानवेन-1 ने सोमवार को उसकी कक्षा में व्यवस्थित होने के प्रयासों के तहत परिक्रमा (आर्बिटल एडजस्टमेंट) की।चीन के अंतरिक्ष यान से पहले संयुक्त अरब अमीरात का अंतरिक्ष यान 'होप' मंगलवार को मंगल ग्रह की कक्षा में पहुंच चुका है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी 'नासा' गुरुवार को इस 'लाल' गृह पर अपने एक और अंतरिक्ष यान को उतारने की कोशिश करेगा। चाइना नेशनल स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (सीएनएसए) ने कहा कि 3000 एन इंजन वाले तियानवेन-1 अंतरिक्ष यान को सोमवार को शाम पांच बजे (बीजिंग के समय के मुताबिक) सक्रिय किया गया जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि यान का प्रक्षेपवक्र मंगल के ध्रुवों को पार कर सके। सीएनएसए ने कहा कि यान को निश्चित कक्षा में प्रवेश कराने से पहले कुछ और कक्षीय समायोजन किये जाएंगे। इस अंतरिक्ष यान में एक ऑर्बिटर, एक लैंडर और एक रोवर हैं। यह यान धरती से करीब सात महीने की यात्रा के बाद 10 फरवरी को सफलतापूर्वक मंगल की कक्षा में प्रवेश कर गया था। उम्मीद है कि मंगल की सतह पर लैंडर मई या जून में उतरेगा। चीनी अंतरिक्ष विज्ञानियों और इंजीनियरों ने यूटोपिया प्लेनीशिया (बड़ा समतल क्षेत्र) के दक्षिणी हिस्से में अपेक्षाकृत समतल हिस्से संभावित लैंडिंग क्षेत्र के तौर पर चुना है। सरकारी संवाद समिति शिन्हुआ के मुताबिक लैंडिंग के बाद वैज्ञानिक आकलन किया जाएगा और उसके बाद रोवर को छोड़ा जाएगा।
- तोक्यो। जापान के उत्तर-पूर्वी भाग में भूकंप के तेज झटकों की वजह से राजमार्ग पर भूस्खलन के बाद यहां के घरों एवं दुकानों में मलबे भर गए थे, जिसे अब साफ कर लिया गया है । भूकंप की घटना से कुछ इमारतों और बुलेट ट्रेन लाइन के हिस्सों को नुकसान पहुंचा और हजारों लोगों के घरों में बिजली की आपूर्ति ठप पड़ गई। शनिवार देर रात जापान में 7.3 तीव्रता के भूकंप के जोरदार झटके फुकुशिमा, मियागी प्रांत के इलाकों में महसूस किए गए। इससे 10 साल पहले भी यहां जोरदार भूकंप आने के बाद सुनामी की वजह से परमाणु संयंत्र को बेहद नुकसान पहुंचा था। मुख्य कैबिनेट सचिव कत्सूनोबा कातो ने यहां संवाददाताओं से कहा कि 120 से ज्यादा लोगों को आंशिक चोटें आई हैं और इनमें से ज्यादातर टूटे शीशे की चपेट में आने और सामानों के गिरने की वजह से घायल हुए हैं। वहीं तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि हुई है। अभी तक किसी भी व्यक्ति की मौत की खबर नहीं है। भूकंप का केंद्र समुद्र से 55 किलोमीटर की गहराई में था। रविवार तड़के बिजली आपूर्ति बहाल हो गई लेकिन बुलेट ट्रेन सेवा अब भी निलंबित है।
- टोक्यो। जापान के उत्तरपूर्वी भाग के तटवर्ती क्षेत्रों में शनिवार को जोरदार भूकंप आया जिसके झटके फुकुशिमा, मियागी और अन्य इलाकों में महसूस किये गये। जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने यह जानकारी दी है । जापान के सरकारी प्रसारक एनएचके टीवी ने खबर दी है कि शनिवार रात को 7.1 तीव्रता का भूकंप आने के बाद फुकुशिमा डायची परमाणु संयंत्र अब यह जांच करने में लगा कि इस केंद्र में कोई समस्या तो नहीं आयी है। वैसे तत्काल इस क्षेत्र के अन्य परमाण संयंत्रों से किसी गड़बड़ी की खबर नहीं है। एनएचके के अनुसार सुनामी का कोई खतरा नहीं है। एजेंसी ने कहा कि भूकंप का केंद्र समुद्र तल से करीब 60 किलोमीटर की गहराई पर था। भूकंप टोक्यो से लेकर दक्षिण पश्चिम तक महसूस किया गया।
-
लंदन। ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय छात्र संघ की अध्यक्ष चुनीं गईं रश्मि सामंत इस पद को पाने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। सामंत विश्वविद्यालय के लिनाक्रे कॉलेज से ऊर्जा प्रणाली विषय पर एमएससी कर रही हैं। इस हफ्ते की शुरुआत में हुए चुनाव में उन्होंने 3,708 मतों में से 1,966 मत हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। सामंत ने कर्नाटक में मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से पढ़ाई की है तथा उनके घोषणा-पत्र में उनकी भारतीय जड़ों का भी जिक्र है। बृहस्पतिवार को ऑक्सफोर्ड एसयू लीडरशिप इलेक्शन में उन्होंने परिसर को उपनिवेशवाद से मुक्ति करने तथा समावेशिता की जरूरत पर जोर दिया। उनके वक्तव्य में कहा गया, ब्रिटेन के पूर्ववर्ती उपनिवेश की एक बीएएमई (अश्वेत, एशियाई और अल्पसंख्यक जातीय) महिला रश्मि वंचित समूहों के संघर्षों के प्रति सहानुभूति रखने वाली हैं। छात्र संघ की 2021-22 के लिए निर्वाचित अध्यक्ष सामंत की टीम में कुछ और भारतीय भी हैं जिनमें देविका वाइस-प्रेसिडेंट ग्रेजुएट्स इलेक्ट तथा धीति गोयल स्टूडेंट ट्रस्टीज इलेक्ट पद के लिए चुनी गई हैं।
-
काबुल। अफगानिस्तान में मंगलवार को अलग-अलग हमलों में पांच सरकारी कर्मचारियों और चार पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। फिलहाल किसी ने इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है।
काबुल के पुलिस प्रमुख के प्रवक्ता एफ. फरमराज ने बताया कि राजधानी के बाग-ए दाउद इलाके में बंदूकधारियों के हमले में ग्रामीण विकास मंत्रालय के चार कर्मचारी मारे गए। हमले के घंटों बाद राष्ट्रपति भवन ने एक बयान में कहा कि हमले में मैदान वरदाक प्रांत में ग्रामीण विकास विभाग के कार्यवाहक प्रांतीय निदेशक रेयाज अहमद खलील को निशाना बनाया गया था। मरने वालों में खलील भी शामिल हैं। अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी ने हमले की कड़ी आलोचना की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-
अकेलेपन और डिप्रेशन से मिलता है छुटकारा, रिसर्च में दावा
लंदन। यदि कोई बच्चा फेसबुक, व्हॉट्सएप, इंस्टाग्राम या स्नैपचेट का इस्तेमाल किए बिना नहीं रह पाता? अगर हां तो ज्यादा परेशान मत होइए। ब्रिटेन में 74 हजार किशोरों पर हुए एक अध्ययन में सोशल मीडिया को मनोवैज्ञानिक स्वास्थ्य के लिहाज से उतना भी घातक नहीं पाया गया है।
रॉयल कॉलेज ऑफ साइकैट्रिस्ट के शोधकर्ताओं के मुताबिक फेसबुक, व्हॉट्सएप, इंस्टाग्राम या स्नैपचैट जैसी साइटें अकेलेपन और डिप्रेशन का भाव नहीं पैदा करतीं। हां, बच्चा अपनी छवि, रंग-रूप और रहन-सहन को लेकर थोड़ा सजग जरूर हो सकता है, लेकिन अगर मां-बाप नियमित रूप से बात करें तो उसमें हीन भावना पैदा होने की गुंजाइश घट जाती है। कई किशोरों में तो सोशल मीडिया तनाव, बेचैनी और आक्रामकता की शिकायत को घटाने में कारगर भी मिला है। उन्हें दोस्तों के संपर्क में रहने का मौका मिलना इसकी मुख्य वजह है।
- यंगून (म्यांमा)। म्यांमा की नई सैन्य सरकार ने देश में तख्तापलट के बाद सैन्य शासन के खिलाफ शुरू हुए प्रतिरोध के बीच फेसबुक पर अस्थायी रोक लगा दी है। सोशल मीडिया मंच फेसबुक म्यांमा में काफी लोकप्रिय है और अपदस्थ सरकार अधिकतर घोषणाएं इस पर ही करती थी। उपयोक्ताओं ने बताया कि बुधवार देर रात से उन्हें फेसबुक इस्तेमाल करने में परेशानी आने लगी थी।मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनी टेलेनॉर म्यांमा ने एक बयान में पुष्टि की कि उन्हें संचार मंत्रालय से फेसबुक को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्देश मिला है। उसने कहा कि वह इसका पालन करेगा, हालांकि वह इस कदम के मानवाधिकारों का उल्लंघन करने वाला होने को लेकर भी चिंतित है। फेसबुक के एक प्रवक्ता ने कहा, म्यांमा में दूरसंचार प्रदाताओं को फेसबुक पर अस्थायी रोक लगाने का आदेश दिया गया है। हम प्राधिकारियों से सेवा बहाल करने का आग्रह करते हैं ताकि म्यांमा के लोग अपने परिवार तथा दोस्तों से सम्पर्क कर सकें और उन तक महत्वपूर्ण जानकारियां पहुंच सकें।म्यांमा में सोमवार को सेना ने तख्तापलट कर देश की बागडोर अपने हाथ में ले ली है। स्टेट काउंसलर आंग सान सू ची की पार्टी ने कहा है कि उन्हें नजरबंद कर दिया गया है। सेना का कहना है कि आंग सान सू ची की निर्वाचित असैन्य सरकार को हटाने का एक कारण यह था कि वह कथित व्यापक चुनावी अनियमितताओं के आरोपों की ठीक से जांच करने में विफल रही। उसने घोषणा की है कि वह एक साल के लिए आपातकाल की स्थिति के तहत शासन करेगी और फिर चुनाव आयोजित करेगी जिसमें जीतने वाले सरकार का कार्यभार संभालेंगे।
- कैनबरा। माइक्रोसॉफ्ट ने बुधवार को कहा कि वह ऑस्ट्रेलिया की उस योजना का समर्थन करती है, जिसके तहत बड़े डिजिटल मंचों से समाचार के लिए धनराशि लेने की बात कही गई है।माइक्रोसॉफ्ट ने साथ ही कहा कि यदि गूगल देश छोड़कर जाती है, तो वह छोटे कारोबारियों के विज्ञापनों को बिंग में स्थानांतरित करने में मदद करेगी। बिंग माइक्रोसॉफ्ट का सर्च इंजन है। इससे पहले गूगल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पिछले महीने सीनेट की सुनवाई में कहा था कि यदि सरकार मसौदा योजना पर आगे बढ़ी, जिसके तहत उसे समाचार के लिए भुगतान करना पड़ेगा, तो वह ऑस्ट्रेलिया में अपने सर्च इंजन को बंद कर देगी। इसके बाद माइक्रोसॉफ्ट ने अपने सर्च इंजन की बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है।ऑस्ट्रेलिया में माइक्रोसॉफ्ट के अध्यक्ष ब्रैड स्मिथ ने एक बयान में कहा कि उन्होंने और माइक्रोसॉफ्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्य नडेला ने पिछले हफ्ते एक ऑनलाइन बैठक में प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन और संचार मंत्री पॉल फ्लेचर से कहा था कि माइक्रोसॉफ्ट इस नए मसौदे का पूरी तरह समर्थन करता है। मॉरिसन ने इस हफ्ते पुष्टि की कि उन्होंने नडेला से बिंग के ऑस्ट्रेलिया में गूगल की जगह लेने के बारे में बात की थी।
- नई दिल्ली। भारतीय मूल की भव्या लाल को अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का कार्यवाहक प्रमुख नियुक्त किया गया है। नासा ने कल एक बयान में कहा है कि सुश्री लाल के पास इंजीनियरिंग और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी का व्यापक अनुभव है। अंतरिक्ष क्षेत्र में उनके योगदानों के लिए उन्हें अंतर्राष्ट्रीय वैमानिकी अकादमी का सदस्य भी चुना गया है।
-
बीजिंग। चीन ने पिछले साल 18,489 अवैध वेबसाइट बंद कर दीं तथा 4,551 ऑनलाइन मंचों को चेतावनी नोटिस जारी किए। आधिकारिक मीडिया ने बताया कि कुछ वेबसाइटों को ऑनलाइन पाठ्यक्रम की आड़ में ऑनलाइन गेम को बढ़ावा देने और डेटिंग संबंधी सूचना देने के आरोप में बंद किया गया तो कई अन्य को अश्लीलता और हिंसक सामग्री जैसी अवैध चीजें प्रसारित करने के आरोप में बंद किया गया। इसने कहा कि 2020 में इस तरह की 18,489 अवैध वेबसाइट बंद की गईं तथा 4,551 ऑनलाइन मंचों को चेतावनी नोटिस जारी किए गए। आलोचकों का आरोप है कि सरकार ने यह कदम आलोचनात्मक सामग्री की वजह से उठाया है जिसे वह पसंद नहीं करती।
- बेरूत। उत्तरी सीरिया में विद्रोहियों के कब्जे वाले एक शहर में शनिवार को एक कार में हुए विस्फोट के चलते चार लोगों की मौत हो गई। विपक्षी कार्यकर्ताओं ने यह जानकारी दी। अफरीन स्थित औद्योगिक क्षेत्र में सप्ताह के पहले कार्यदिवस पर दोपहर में हुए विस्फोट की चपेट में आने के चलते एक दर्जन से अधिक लोग घायल भी हुए हैं।उत्तर का यह क्षेत्र तुर्की समर्थित विपक्षी लड़ाकों के नियंत्रण में है और पिछले कुछ महीनों में हुए धमाकों के चलते कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं या घायल हुए हैं। शहर के स्थानीय मीडिया के मुताबिक, शनिवार को हुए विस्फोट में तुर्की समर्थित चार विपक्षी लड़ाकों की मौत हो गई जबकि अन्य घायल हुए।
- मॉस्को । मध्य रूस में एक ट्रैक्टर ट्रेलर और मिनी बस की टक्कर में 12 लोगों की मौत हो गई तथा 11 अन्य घायल हो गए। रूस के गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दुर्घटना शुक्रवार को मॉस्को से 730 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में समारा क्षेत्र के सिजरान में हुई। बयान में कहा गया कि हादसे में ट्रैक्टर ट्रेलर फिसलकर सड़क के दूसरी ओर जा गिरा। घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। ट्रैक्टर ट्रेलर के चालक की हालत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
-
टोक्यो। एक जापानी महिला ने अपनी मां की लाश को एक दशक तक अपने अपार्टमेंट में एक फ्रीजर में छिपा कर रखा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक उसने ऐसा इसलिए किया, क्योंकि उसे डर था कि अगर उसकी मां की मौत की खबर बाहर आई तो कहीं उससे घर छीन नहीं लिया जाए। पुलिस ने बताया कि 48 वर्षीय आरोपी युमी योशिनो को टोक्यो से गिरफ्तार किया गया है।
इस मामले पर पुलिस ने बताया कि आरोपी योशिनो ने 10 साल पहले शव को छिपा दिया क्योंकि वह उस घर से बाहर नहीं निकलना चाहती थी, जिसे आरोपी ने अपनी मां के साथ साझा किया था। क्योडो न्यूज के मुताबिक महिला की मृत्यु के समय उसकी उम्र 60 वर्ष के आसपास थी। नगर निगम के आवासी परिसर में उन्हें पट्टे पर घर दिया गया था।
आरोपी योशिनी ने अपनी मां की मौत के बाद एक कोठरी में छिपे हुए फ्रीजर की खोज की और उसमें शव को रख दिया। रिपोर्ट में कहा गया है कि महिला की मौत का समय और कारण निर्धारित नहीं किया जा सकता है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि किराया भुगतान नहीं करने पर आरोपी योशिनो को जनवरी के मध्य में अपार्टमेंट छोडऩे के लिए मजबूर किया गया था। - डेस प्लेन्स (अमेरिका)। शिकागो के उपनगर डेस प्लेन्स में घर में आग लगने से एक महिला और उनकी चार बेटियों की मौत हो गई। शहर के अग्निशमन विभाग के प्रमुख ने यह जाकनारी दी। कुक काउंटी के चिकित्सा परीक्षक कार्यालय और अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि दो मंजिला इमारत में आग लगने से 25 वर्षीय महिला सिटाली जामियोदो और उनकी चार छोटी-छोटी बच्चियों की मौत हो गई। सबसे बड़ी बच्ची की उम्र छह साल जबकि सबसे छोटी की एक साल थी।बच्चियों के पिता घटना के समय घर पर नहीं थे। घटनास्थल पर मौजूद डेस प्लेन्स के अग्निशमन विभाग के प्रमुख डेनियल एंडरसन ने कहा, '' यह बेहद दुख भरा और बुरा दिन है।'' अभी तक आग लगने के पीछे की वजह की जानकारी नहीं मिली है। इसी इमारत में रहने वाले 52 वर्षीय एक व्यक्ति पाबेल मारेरो ने कहा कि वह अपने बिस्तर पर लेटे थे तभी उन्हें धुएं का अहसास हुआ। इसके बाद एक व्यक्ति ने उनके दरवाजे पर आकर जल्दी इमारत से बाहर निकल जाने की सलाह दी। मारेरो ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर तुरंत पहुंची थी, लेकिन ऊपरी मंजिल पर जाने में दिक्कत हुई क्योंकि दरवाजा बंद था।
-
याउंदे। कैमरून के पश्चिमी हिस्से में बुधवार तड़के एक यात्री बस की ट्रक से भिड़ंत होने से उसमें सवार 53 लोगों की मौत हो गई जबकि 21 अन्य घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना सांतचोउ गांव के पास हुई और घायलों को पश्चिमी शहर दाश्चांग और बफोउस्सम, अवा फोंका और अगस्टिन के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कैमरून के पश्चिमी हिस्से के गवर्नर ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया, गैर कानूनी ईंधन लदा ट्रक तेज गति से आ रहा था और उसने 70 सीटों वाली बस में टक्कर मार दी जो तटीय वाणिज्यिक शहर दोउला से पश्चिमी कैमरून की राजधानी बाफोउस्सम जा रही थी। उन्होंने बताया, भिड़ंत के बाद आग लग गई जिसकी चपेट में ट्रक, बस में सवार यात्री आ गए। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था जिसे अगस्टिन से गिरफ्तार किया गया है। अपने भाई की तलाश करने आए 54 वर्षीय कारोबारी होनोर नजली ने कहा, किसी भी मृतक के शव की पहचान करना मुश्किल है। वे बुरी तरह से जले हुए हैं।
- मॉस्को। यूक्रेन के शहर खारकिव में एक निजी नर्सिंग होम में आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गयी और पांच अन्य घायल हो गये।अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। दो मंजिला इमारत में आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है। 'इंटरफैक्स' समाचार एजेंसी ने खारकिव पुलिस के हवाले से बताया कि नर्सिंग होम के मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।
- मेंडॉन (न्यूयॉर्क) । अमेरिका में पश्चिमी न्यूयॉर्क में बुधवार को नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से ‘नेशनल गार्ड' के तीन जवानों की मौत हो गयी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। ‘न्यूयॉर्क स्टेट डिविजन ऑफ मिलिट्री एंड नवल अफेयर्स' के लोक कार्य मामलों के निदेशक एरिक डर ने बताया कि यूएच-60 हेलीकॉप्टर न्यूयॉर्क के मेंडॉन में शाम करीब साढ़े छह बजे दुर्घटनाग्रस्त हुआ। यह चिकित्सा संबंधी बचाव कार्यों में इस्तेमाल किया जाने वाला हेलीकॉप्टर था। उन्होंने बताया कि इसने रोचेस्टर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे में सैन्य विमानन सहयोग प्रतिष्ठान से उड़ान भरी थी। मामले की जांच की जा रही है।
- मैड्रिड। स्पेन की राजधानी मैड्रिड के मध्य क्षेत्र में बुधवार को एक रिहायशी इमारत में गैस रिसाव के कारण विस्फोट में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गयी। मैड्रिड आपातकालीन सेवा ने एक ट्वीट में कहा कि विस्फोट में कम से कम आठ लोग घायल हो गए, जिनमें से एक गंभीर रूप से घायल है।सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में मैड्रिड के मध्यवर्ती क्षेत्र तोलेदो स्ट्रीट में छह मंजिला इमारत से धुंआ उठते हुए दिखा और आसपास मलबा बिखरा हुआ था। आपात सेवा ने कहा है कि बचाव टीम, दमकलकर्मी और पुलिसकर्मी राहत और बचाव अभियान में जुटे हुए हैं। मेयर जोस लुइस मार्तिनेज अलमेदा ने बताया कि विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक गैस रिसाव के कारण यह विस्फोट हुआ। चर्च से जुड़ा एक व्यक्ति भी लापता है।
- बीजिंग। चीन के दिग्गज ई-कॉमर्स कारोबारी जैक मा ने बुधवार को अपने एक ऑनलाइन वीडियो के जरिए करीब ढाई महीने से चल रही अपनी चुप्पी तोड़ी।गौरतलब है कि मा पिछले ढाई महीने से सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए थे, जिसके चलते उनकी स्थिति और उनके व्यापारिक साम्राज्य के भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गईं थीं। मा ने 50 सेंकेड के वीडियो में अपनी परोपकार संस्था द्वारा समर्थित शिक्षकों को बधाई दी और सार्वजनिक जीवन से अपनी अनुपस्थिति तथा नियामकों द्वारा अलीबाबा समूह या आंट ग्रुप की जांच का कोई जिक्र नहीं किया। इस वीडियो को चीन के कारोबारी समाचार चैनलों और अन्य वेबसाइट पर प्रसारित किया गया। आमतौर पर मिलनसार और मीडिया के बीच रहने वाले मा को आखिरी बार 25 अक्टूबर को शंघाई सम्मेलन सार्वजनिक रूप से देखा गया था। इस दौरान मा ने चीन के वित्तीय नियामकों की आलोचना की थी। इसके बाद चीन के नियामकों ने अलीबाबा ग्रुप के खिलाफ एकाधिकार-रोधी जांच शुरू की। नियामकों ने अलीबाबा से जुड़े ऑनलाइन वित्तीय प्लेटफार्म के शेयर बाजार में प्रवेश को भी स्थगित कर दिया।
- बैंकॉक। थाईलैंड की अदालत ने एक पूर्व नौकरशाह को यहां की राजशाही का अपमान करने या मानहानि के खिलाफ बने सख्त कानून का उल्लंघन करने का दोषी ठहराते हुए मंगलवार को रिकॉर्ड 43 साल कैद की सजा सुनाई है।मानवाधिकार पर थाई वकीलों के समूह ने बताया कि बैंकॉक की फौजदारी अदालत ने महिला को फेसबुक और यूट्यूब पर राजशाही की आलोचना करने वाली टिप्पणी के साथ् ऑडियो क्लिप पोस्ट कर देश के महामहिम सम्मान कानून की 29 धाराओं का उल्लंघन करने का दोषी करार दिया। अदालत की यह सजा ऐसे समय आई है जब प्रदर्शन चल रहे हैं और राजशाही की अभूतपूर्व तरीके से सार्वजनिक स्तर पर आलोचना हो रही है। इस फैसले का अधिकार समूहों ने निंदा की है।ह्यूमन राइट्स वॉच में वरिष्ठ शोधकर्ता सुनई फासुक ने कहा, '' अदालत का आज का फैसला स्तब्ध करने वाला है और यह बहुत ही घातक संकेत है कि राजशाही की आलोचना बर्दाश्त ही नहीं की जाएगी बल्कि सख्त सजा भी दी जाएगी।''उल्लेखनीय है कि थाईलैंड में राजशाही का अपमान करने के खिलाफ कानून है जिसे आमतौर पर धारा-112 कहा जाता है और इसमें प्रत्येक अपराध पर तीन से 15 साल कैद का प्रावधान है। यह विवादित कानून है क्योंकि इसका इस्तेमाल न केवल फेसबुक पोस्ट आदि के लिए किया जाता है बल्कि इसमें कोई भी शिकायत कर दूसरे को वर्षों तक कानूनी कार्यवाही में फंसा सकता है। वकीलों ने सजायाफ्ता महिला की पहचान केवल नाम के पहले हिस्से अनचान के तौर पर जाहिर की है। उन्होंने बताया कि अपने जीवन के छठे दशक के मध्य में खड़ी महिला को अदालत ने शुरू में 87 साल कैद की सजा सुनाई, लेकिन अपराध के लिए माफी मांगने पर सजा की अवधि घटाकर आधी यानी 43 साल कर दी गई।
- वाशिंगटन। अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन और नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के शपथ ग्रहण से जुड़े ऑनलाइन समारोह की शुरुआत में परंपरागत भारतीय रंगोली भी उकेरी जाएगी।रंगोली को तमिलनाडु में कोलम के नाम से जाना जाता है। घर के द्वार पर इसे बनाना शुभ माना जाता है। हैरिस की मां मूल रूप से तमिलनाडु की रहने वाली थीं। बाइडन और हैरिस के स्वागत के लिए और अमेरिका की बहुसांस्कृतिक विरासत को दर्शाने के लिए एक वीडियो में शनिवार को कोलम की हजारों तस्वीरों को गूंथा गया। रंगोली के हजारों डिजाइन बनाने के लिए अमेरिका और भारत के 1,800 से अधिक लोगों ने इस ऑनलाइन पहल में हिस्सा लिया।इस पहल में भाग लेने वाली मल्टीमीडिया कलाकार शांति चंद्रशेखर ने कहा, कई लोगों का मानना है कि कोलम सकारात्मक ऊर्जा और नई शुरुआत का प्रतीक है। विभिन्न समुदायों के सभी आयुवर्ग के लोगों ने पर्यावरण के अनुकूल सामग्री से बनी रंगोलियां बनाने की इस पहल में अपने-अपने घर से भाग लिया। स्थानीय स्तर पर शुरू की गई यह पहल हमारी उम्मीदों से अधिक बड़ी बन गई। शुरुआत में इसे व्हाइट हाउस के बाहर बनाया जाना था। बाद में इसे कैपिटल हिल के बाहर बनाने की अनुमति दे दी गई थी, लेकिन वाशिंगटन डीसी में सुरक्षा के अभूतपूर्व प्रबंधों के कारण यह अनुमति रद्द कर दी गई। इनॉगरेशन कोलम 2021 आयोजन दल की सदस्य सौम्या सोमनाथ ने कहा कि स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों की मंजूरी के बाद इसे प्रदर्शित किये जाने की तारीख तय की जाएगी।वाशिंगटन डीसी पब्लिक स्कूल की कला निदेशक मैरी लांबर्ट और विजुअल आर्ट मैनेजर लिंडसे वांसे ने चंद्रशेखर के साथ मिलकर योगदान दिया और कुछ ही दिन बाद पद्भार संभालने आने वाले बाइडन का स्वागत करने के लिए हजारों कोलम रचनाओं से मिलाकर वीडियो बनाया।
- इस्तांबुल। तुर्की में काला सागर में रविवार को एक मालवाहक जहाज डूब गया जिससे कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।परिवहन मंत्रालय ने कहा कि पलाऊ के पोत का नाम आर्विन है जो खराब मौसम के कारण उत्तर तुर्की के बार्तिन बंदरगाह की तरफ जा रहा था। पोत दो हिस्सों में टूटकर डूब गया। मंत्रालय की समुद्री शाखा ने ट्विटर पर कहा कि आपातकालीन बचावकर्मियों ने क्रू के कम से कम छह सदस्यों को बचा लिया। बार्तिन प्रांत के गवर्नर सिनान गुनेर ने कहा कि तीसरे व्यक्ति की भी मौत हो गई है। उन्होंने सरकारी अनादोलु संवाद समिति को यह जानकारी दी। अनादोलु के मुताबिक, तुर्की के तटरक्षक बल ने बचाव कार्य में सहयोग के लिए एक पोत भेजा है। परिवहन मंत्रालय ने कहा कि जहाज पर क्रू के 12 सदस्य थे जिसमें दो रूस के नागरिक और दस यूक्रेन के नागरिक हैं। मालवाहक पोत बुल्गारिया से जॉर्जिया की ओर जा रहा था।--
- वाशिंगटन। प्रथम महिला, प्रथम अश्वेत और दक्षिण एशियाई मूल की प्रथम उप राष्ट्रपति के तौर पर बुधवार को शपथ ग्रहण करने के साथ कमला हैरिस इतिहास रचने जा रही हैं। उन्हें न्यायमूर्ति सोनिया सोटोमायोर 20 जनवरी को अमेरिका के उप राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगी। सोटोमायोर पहली लातिन अमेरिकी न्यायमूर्ति हैं।नवनिर्वाचित उप राष्ट्रपति कमला (58) सोटोमायोर की पृष्ठभूमि को प्रेरक मानती हैं। सोटोमायोर का चयन हैरिस ने किया है। दोनों ही अभियोजक रह चुकी हैं। हैरिस कैलिफोर्निया में ,जबकि सोटोमायारो न्यूयार्क में अभियोजक रही हैं। शपथ ग्रहण के लिए हैरिस दो बाइबल का उपयोग करेंगी, जिनमें से एक रेगीना शेल्टन की होगी। हैरिस और उनकी बहन माया उन्हें मां के समान मानती हैं। सीएनएन की खबर के मुताबिक हैरिस ने कैलिफोर्निया के अटार्नी जनरल पद की शपथ के लिए शेल्टन की बाइबल का उपयोग किया था। दूसरी बाइबल थरगुड मार्शल की होगी, जो सुप्रीम कोर्ट में प्रथम अफ्रीकी-अमेरिकी न्यायाधीश रहे हैं। हैरिस, सोटोमायोर और मार्शल दोनों की प्रशंसक रही हैं। हैरिस ने ट्विटर पर पोस्ट एक वीडियो में कहा था कि ''उनके वकील बनने की इच्छा के पीछे एक प्रमुख वजह मार्शल हैं।'' सोटोमायोर ने इससे पहले 2013 में जो बाइडन को उप राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई थी।
-
लंदन। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने लड़कियों की शिक्षा के लिए नई विशेष दूत की नियुक्ति की शनिवार को घोषणा की और कहा कि शिक्षा के माध्यम से लड़कियों और महिलाओं को सशक्त बनाना जी 7 समूह की इस वर्ष अध्यक्षता में तहत ब्रिटेन का मुख्य लक्ष्य है। जी 7अथवा ग्रुप ऑफ सेवेन कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, ब्रिटेन और अमेरिका जैसे लोकतंत्रों का एक अंतर सरकारी समूह है। इस समूह का अगला शिखर सम्मेलन ब्रिटेन में जून माह में होना है। प्रधानमंत्री जॉनसन ने कहा, मेरा दृढ़ता से यह मानना है कि लड़कियों की शिक्षा देना समुदायों को गरीबी से बाहर निकालने, लैंगिक हिंसा को समाप्त करने और महामारी से उबरने के बाद वापस आगे बढऩे का सबसे आसान और सबसे परिवर्तनकारी रास्ता है। इससे न सिर्फ किसी एक महिला या लड़की का नसीब बदलेगा बल्कि समुदाओं और देशों का नसीब बदलेगा। उन्होंने कहा, इसलिए मुझे लड़कियों की शिक्षा को लेकर आज हेलेन ग्रांट को विशेष दूत नियुक्त करते हुए खुशी हो रही है।'' इससे पहले जॉनसन ने शिखर सम्मेलन में शिरकत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित किया था। इस कार्यक्रम में तीन अतिथि देशों में भारत के साथ दक्षिण कोरिया और ऑस्ट्रेलिया शामिल थे। इस नयी भूमिका पर हेलेन ग्रांट ने कहा, सभी लड़कियों को 12 वर्ष तक गुणवत्ता परक शिक्षा मिले यह सरकार की प्राथमिकता है। गुणवत्ता परक शिक्षा महिलाओं को सशक्त बनाती है, गरीबी को कम करती है और आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देती है।
- सान रेमन। इंटरनेट व प्रौद्योगिकी कंपनी गूगल ने फिटनेस उपकरण बनाने वाली कंपनी फिटबिट का 2.1 अरब डॉलर का अधिग्रहण पूरा कर लिया। गूगल ने 14 महीने पहले इस सौदे की घोषणा की थी।गूगल को इस सौदे से और मजबूत होने में मदद मिलेगी। हालांकि यह सौदा ऐसे समय पूरा हुआ है जब अमेरिका के प्रतिस्पर्धारोधी नियामक गूगल के पर कतरने के उपायों पर काम कर रहे हैं।गूगल अधिकांश आय विज्ञापनों के जरिये कमाती है। कंपनी अपने अरबों उपयोक्ताओं (यूजरों) की दिलचस्पी व उनकी स्थिति आदि जैसी जानकारियों का इस्तेमाल कर विज्ञापन बेचती है। निजता व गोपनीयता का संरक्षण करने वाले नियामकों को भय है कि गूगल लोगों के जीवन में और गहरे तक घुसपैठ करने के लिये फिटबिट का इस्तेमाल कर सकती है।हालांकि गूगल ने दावा किया है कि वह फिटबिट के 2.9 करोड़ उपयोक्ताओं के फिटनेस संबंधी डेटा का इस्तेमाल विज्ञापन बेचने में नहीं करेगी। गूगल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (उपकरण एवं सेवाएं) रिक ओस्टरलो ने बृहस्पतिवार को एक ब्लॉग पोस्ट में कहा, यह सौदा डेटा के लिये नहीं बल्कि डिवाइस के लिये है। हम इस बात पर शुरुआत से ही स्पष्ट रहे हैं कि हम फिटबिट के यूजरों की निजता का बचाव करेंगे।