शेयर बाजार 1941 अंक गिरा
मुंबई। दुनिया में लगतार फैल रहे कोरोना वायरस संक्रमण का आर्थिक गतिविधियों पर असर गहराने से देश दुनिया के शेयर बाजार में सोमवार को बड़ी गिरावट आई। बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 1,941 अंक का गोता लगा गया और इस गिरावट से स्थानीय बाजार में निवेशकों की बाजार हैसियत पर करीब 7 लाख करोड़ रुपये की चपत लगी। कोरोना वायरस के तेजी से फैलने और तेल के दाम में बड़ी गिरावट के साथ वैश्विक बाजारों में नरमी का असर घरेलू बाजार पर पड़ा। तीस शेयरों वाला बीएसई 30 सेंसेक्स दिन में एक समय 2,467 अंक लुढ़क गया था। पर अंत में यह पिछले बंद से 1,941.67 अंक यानी 5.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 35,634.95 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 538 अंक यानी 4.90 प्रतिशत की गिरावट के साथ 10,451.45 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में ओएनजीसी को सर्वाधिक 16 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ। रिलांयस इंडस्ट्रीज, इंडसइंड बैंक, टाटा स्टील, टीसीएस, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक तथा बजाज ऑटो को भी बड़ा घाटा हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज 12 प्रतिशत से अधिक टूटा। ये 8 साल में सबसे बड़ी गिरावट है।
Leave A Comment