यूट्यूब ने देश में 17 लाख वीडियो हटाए
नई दिल्ली। यूट्यूब ने इस साल जुलाई से सितंबर के बीच भारत के लगभग 17 लाख वीडियो प्लेटफॉर्म से हटा दिए। अन्य देशों की तुलना में सबसे अधिक हटाए गए वीडियो भारत के थे। कंपनी ने अपनी तिमाही पारदर्शिता रिपोर्ट में कहा कि ये वीडियो कंपनी की गाइडलाइन का उल्लंघन करने वाले थे।
इसने पिछली तिमाही यानी अप्रैल से जून के बीच में भारत में 13.2 लाख वीडियो हटाए थे। मुख्य रूप से बाल सुरक्षा, हिंसा, न्यूडिटी, धमकी और हानिकारक सामग्री से संबंधित उल्लंघनों के लिए लगभग 56 लाख वीडियो दुनियाभर से हटाए दिए गए हैं। गूगल के स्वामित्व वाली कंपनी ने 2022 की तीसरी तिमाही में दुनिया भर के 50 लाख से अधिक चैनल रद्द कर दिए। कंपनी ने कहा कि ये चैनल कंपनी की नीतियों का उल्लंघन भ्रामक मेटाडेटा, थंबनेल, स्कैम, वीडियो और स्पैम के जरिये कर रहे थे।
भारत में जुलाई से सितंबर के बीच सबसे ज्यादा, 1,707,204 वीडियो हटाए गए, इसके बाद इंडोनेशिया के 628,539 वीडियो हटाए गए। यूट्यूब की कम्युनिटी गाइडलाइन दुनियाभर के लिए एक ही है, इसके लिए वीडियो कहां से अपलोड हो रहा है, मायने नहीं रखता है। कंपनी द्वारा हटाए गए वीडियो अब दुनियाभर में कहीं भी उपलब्ध नहीं होंगे। 94 फीसदी से ज्यादा हटाए गए वीडियो वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म द्वारा स्वचालित फ्लैगिंग सिस्टम के माध्यम से ही पहचानकर हटा दिए गए। हटाए गए वीडियो में से कम से कम 68 फीसदी वीडियो को 10 बार देखे जाने से पहले ही हटा दिया गया था।
Leave A Comment