डीबी डिजिटल ने एशियन न्यूज़ को 21 रन से हराया
- रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई : स्व. कुलदीप निगम स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट
रायपुर। प्रेस क्लब खेल मड़ई के अंतर्गत आयोजित स्व. कुलदीप निगम स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट में दर्शकों को लगातार रोमांचक मुकाबला देखने को मिल रहा है। सुभाष स्टेडियम में रविवार को खेले गए मैच में डीबी डिजिटल ने एशियन न्यूज़ को 21 रन से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
डीबी डिजिटल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 8 विकेट पर 105 रन बनाए। डीबी डिजिटल के टॉप ऑर्डर के दोनों ओपनर बल्लेबाज सूरी गणेश और नीरज मिश्रा बिना खाता खोले पैवेलियन लौट गए। लगातार दो झटके के बाद आए दीपक सिंह भी ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं पाए और 3.3 ओवर में 9 रन के निजी स्कोर पर राहुल की गेंद पर कैच आउट हो गए। वहीं दूसरे छोर पर अंकुर शुक्ला ने पारी संभालने का प्रयास किया। दीपक के बाद आये दानिश अनवर भी ज्यादा कुछ नहीं कर पाए और योगेश जायसवाल की गेंद पर एशियन न्यूज़ के कप्तान इम्तियाज अंसारी को कैच थमा बैठे। दानिश टीम के लिए सिर्फ 5 रन ही जोड़ पाए। इसके बाद आए अखिलेश जायसवाल ने अंकुर का साथ दिया, लेकिन 9 रन के निजी स्कोर पर गौरव सिंह की गेंद पर कैच आउट हो गए। अखिलेश के बाद कप्तान मोहित सिंह सेंगर भी शुभम की गेंद पर राहुल को कैच थमाकर चले गए। इसके बाद राजेश निषाद ने अंकुर के साथ पारी संभाली और दोनों बल्लेबाजों ने 33 रनों की साझेदारी की। संभलकर खेल रहे अंकुर अंतिम ओवर के दूसरे गेंद पर कैच आउट होकर पैवेलियन लौट गए। टीम के लिए सर्वाधिक 25 रन बटोरने वाले अंकुर ने 21 गेंदों में 2 चौके व 2 छक्के जड़े। अगले बल्लेबाज तोपेश भी कैच थमाकर शून्य पर पैवेलियन लौट गए। इसके बाद आए श्रीशंकर ने एक चौका व एक छक्का जड़कर नाबाद 11 रन बनाए। राजेश निषाद भी 23 रन बनाकर नाबाद रहे। एशियन न्यूज़ की ओर से राहुल ने 3 और गौरव सिंह ने 2 विकेट लिए, जबकि शुभम व योगेश को एक-एक सफलता मिली।
जवाब में 106 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एशियन न्यूज़ की टीम निर्धारित 10 ओवर में 8 विकेट पर 84 रन ही बना सकी। टीम की ओर से ओपनर बल्लेबाज राजेश बेहरे ने सर्वाधिक 22 रन बनाए। इसी तरह कप्तान इम्तियाज अंसारी 11, पंकज साहू 10, राहुल मंडेरिया 8, अनंत बागेश्वर 6, गौरव सिंह व भीष्म सिंह 2-2 रन जोड़े। डीबी डिजिटल की ओर से तोपेश ने 2 विकेट लिए। अंकुर, राजेश व दीपक ने एक-एक खिलाड़ी को पैवेलियन भेजा।
कार्यक्रम की अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े और वरिष्ठ पत्रकार बृजेश चौबे थे। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने दोनों टीमों के खिलड़ियों के साथ ही महिला पत्रकारों की टीम से मुलाकात कर परिचय प्राप्त किया और बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामना दी। बता दें कि महिला पत्रकारों की टीम के बीच 18 फ़रवरी को प्रदर्शन मैच खेला जाएगा।
कार्यक्रम में शानदार प्रदर्शन के लिए डीबी डिजिटल के राजेश निषाद को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। इस दौरान रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, महासचिव गौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू व भूपेश जांगड़े, खेल मड़ई के संयोजक विजय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और खेलप्रेमी मौजूद थे। मैच में वैदुर्य निगम और अनुराग ने अंपायरिंग की। वहीं पी रामाराव नायडू स्कोरर रहे। आज भी विजय मिश्रा की छत्तीसगढ़ी कमेंट्री को दर्शकों की खूब सराहना मिली।
सोमवार 9 फरवरी को सुबह 7.30 बजे पत्रिका और हरिभूमि/आईएनएच 24 के बीच मैच खेला जाएगा।










Leave A Comment