ब्रेकिंग न्यूज़

  नगरीय निकायों के सफाई कर्मकारों को श्रम विभाग की योजनाओं का मिलेगा लाभ

-पंजीयन के लिए विभाग ने सभी निकायों को लिखा पत्र
-सफाई कर्मियों का सम्मान, सुरक्षा और समग्र कल्याण हमारी प्रतिबद्धता – उप मुख्यमंत्री  अरुण साव
 रायपुर।  प्रदेशभर के नगरीय निकायों में कार्यरत सफाई कर्मकारों को भी श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव के निर्देश पर विभाग ने इसके लिए सभी नगरीय निकायों को परिपत्र जारी कर पात्र सफाई कर्मियों का श्रम विभाग में पंजीयन कराने को कहा है। विभाग ने नगरीय निकायों में काम कर रहे ऐसे सफाई कर्मकार जो ईएसआईसी एवं ईपीएफ की पात्रता नहीं रखते हैं, उनका श्रम विभाग के असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल में पंजीयन कराने के निर्देश दिए हैं। 
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा संचालनालय से सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों को जारी परिपत्र में पात्र सफाई कर्मकारों को श्रम विभाग की योजनाओं से लाभान्वित करने पंजीयन के लिए निर्देशित किया गया है। पत्र में बताया गया है कि इसके लिए श्रम विभाग की वेबसाइट
https://shramevjayate.cg.gov.in/
या मोबाइल एप “श्रमेव जयते” पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। विभाग ने सफाई कर्मकारों के बीच असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल द्वारा संचालित योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए हैं। 
उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने विभाग की इस पहल पर कहा कि प्रदेश के सफाई कर्मकार हमारे शहरों की स्वच्छता की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत और समर्पण को सम्मान देते हुए राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी पात्र सफाई कर्मी श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे। नगरीय निकायों के माध्यम से पंजीयन कराकर उन्हें और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और जीवनोपयोगी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। सफाई कर्मियों का सम्मान, सुरक्षा और समग्र कल्याण हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है। हम उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए लगातार नई पहल कर रहे हैं।
 श्रम विभाग द्वारा प्रदेश के ऐसे सफाई कर्मकार जो ईएसआईसी एवं ईपीएफ की पात्रता नहीं रखते हैं, उनका असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अंतर्गत पंजीयन कर उन्हें एवं उनके आश्रितों को 9 योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाता है। मंडल में अभी 59 हजार से अधिक सफाई कर्मकार पंजीकृत हैं। 
असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल द्वारा पंजीकृत सफाई कर्मकारों एवं उनके आश्रितों के लिए असंगठित कर्मकार महतारी जतन योजना, असंगठित कर्मकार मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, सफाई कर्मकार के लिए आवश्यक उपकरण सहायता योजना, सफाई कर्मकार कौशल उन्नयन योजना, सफाई कर्मकार गंभीर बीमारी चिकित्सा सहायता योजना तथा शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना संचालित की जा रही हैं। इनके साथ ही सफाई कर्मकारों के बच्चों को सफाई कर्मकार के पुत्र/पुत्री के लिए विशेष कोचिंग योजना, सफाई कर्मकार पुत्र/पुत्री सायकल सहायता योजना एवं असंगठित कर्मकार छात्रवृत्ति योजना का भी लाभ प्रदान किया जाता है।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english