अधिक समय तक नहीं, सही तरीके से पढ़ना महत्वपूर्ण: अपर्णा
- महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर स्कूल की शिक्षिका ने परीक्षा की तैयारी कर रहे बच्चों को दिए टिप्स
रायपुर। बोर्ड परीक्षा हो या अन्य कोई भी परीक्षा, उनमें सफलता पाने के लिए अधिक समय तक पढ़ना जरूरी नहीं है बल्कि सही तरीके से पढ़ना महत्वपूर्ण होता है। एकाग्रता के साथ पढ़ाई की जाए, तो सफलता जरूर मिलती है। एक बार पढ़ा आप जीवन भर याद रख सकेंगे। संत ज्ञानेश्वर विद्यालय की शिक्षिका अपर्णा आठले ने बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे बच्चों को पढ़ाई करने के इसी तरह के कई टिप्स दिए।
अपर्णा ने कहा कि अच्छे अंक लाने के लिए सभी चैप्टर्स को पढ़ना जरूरी है। अब परीक्षा नजदीक है, ऐसे में जो चैप्टर अच्छे से आते हैं, उसे पहले मार्क कीजिए। उन्हें एक बार रिवीजन कर लें। फिर जिन चैप्टर्स की तैयारी अधूरी है, उन्हें दो-चार बार पढ़कर अच्छे से अभ्यास करें। फिर उसे समझकर, लिखकर देखें। सभी विषयों की तैयारी के लिए टाइम टेबल जरूर बनाएं। जिस तरह स्कूल में एक टाइम टेबल होता है, उसी तरह घर पर तैयारी के लिए टाइम टेबल जरूर बनाएं। अनुशासन के साथ लिखकर अभ्यास करने से पढ़ा हुआ अच्छे से याद होता है।
शिक्षिका आठले ने आगे बताया कि 40-45 मिनट तक पढ़ाई करने के बाद 15 मिनट का ब्रेक जरूर लें। रात में ज्यादा देर तक न पढ़कर सुबह जल्दी उठकर पढ़ना सही होता हैl जो चैप्टर समझ में नहीं आया है, उस पर ज्यादा फोकस करना चाहिए। दिमाग को शांत रखने के लिए 10 से 15 मिनट का मेडिटेशन करने की भी कोशिश करें।







.jpg)


Leave A Comment