ब्रेकिंग न्यूज़

इलेक्ट्रॉनिक संयुक्त इलेवन ने नवभारत को 106 रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया

0 रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई: स्व. कुलदीप निगम स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट
0 इलेक्ट्रॉनिक संयुक्त इलेवन के ऋषि नेताम मैन ऑफ द मैच रहे
रायपुर।
रायपुर प्रेस खेल मड़ई के अंतर्गत आयोजित स्व. कुलदीप निगम स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबला जारी है। नेताजी सुभाष स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए पहले क्वार्टर फाइनल मैच में इलेक्ट्रॉनिक संयुक्त इलेवन ने नवभारत को 106 रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। आलराउंडर प्रदर्शन करने वाले इलेक्ट्रॉनिक संयुक्त इलेवन के ऋषि नेताम मैन ऑफ द मैच रहे।
इलेक्ट्रॉनिक संयुक्त इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 3 विकेट पर 149 रन बनाए। टीम के ओपनर बल्लेबाज तिलक राम साहू व कप्तान हेमंत डोंगरे ने अच्छी शुरुआत की। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआती दो ओवर तक बेहतर प्रदर्शन कर 44 रनों की साझेदारी की। क्रीज पर जमकर खेल रहे तिलक साहू तीसरे ओवर में शिव शर्मा की गेंद पर नवभारत के हितेश मेहता को कैच थमा बैठे। इसके बाद आए ऋषि नेताम और कप्तान हेमंत डोंगरे ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए नवभारत की फील्डिंग बिखेर दी। दोनों बल्लेबाजों के बीच 43 रनों की साझेदारी हुई। क्रीज पर जमकर खेल रहे हेमंत डोंगरे को गेंदबाज चंदन साहू ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर पैवेलियन भेज दिया और दोनों की बल्लेबाजी पर विराम लगाने का काम किया। हेमंत ने 1 चौका व 5 छक्के जड़कर 42 रनों की कप्तानी पारी खेली। वहीं दूसरे छोर पर ऋषि नेताम जमे रहे। हेमंत बाद आए जुल्फिकार ज्यादा देर तक खेल नहीं पाए और 6 रन के निजी स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट होकर पैवेलियन लौट गए। इसके बाद आए आलोक यादव ने ऋषि नेताम के साथ अंतिम ओवर तक पारी संभाली। ऋषि नेताम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। ऋषि ने 20 गेंदों का सामना कर 3 चौके व 5 शानदार आसमानी छक्के जड़े। वहीं आलोक यादव ने 2 चौके की मदद से नाबाद 11 रन बनाए। नवभारत की ओर से शिव शर्मा व चंदन साहू को एक-एक विकेट लेने में सफलता मिली। वहीं अजय सक्सेना टीम के लिए सबसे महंगे साबित हुए। उन्होंने 2 ओवर में सर्वाधिक 40 रन दिए।
जवाब में 150 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरे नवभारत के बल्लेबाज इलेक्ट्रॉनिक संयुक्त इलेवन की कसी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं पाए और निर्धारित 10 ओवर में 8 विकेट पर सिर्फ 43 रन ही बना सके। टीम के ओपनर बल्लेबाज संदीप राजवाड़े व चंद्रशेखर प्रसाद ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं पाए। दूसरे ही ओवर में संदीप 7 रन के निजी स्कोर पर लक्ष्मण की गेंद पर कैच आउट हो कर पैवेलियन लौट गए। उसके बाद  चंद्रशेखर प्रसाद भी ऋषि की गेंद पर कैच आउट हो गए। पिछले मैच में बेहतर बल्लेबाजी कर टीम को जिताने वाले चंद्रशेखर प्रसाद इस अहम मैच मेें सिर्फ 2 रन ही बना सके। इसके बाद शिव शर्मा और सुशील अग्रवाल ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन तीसरे ही ओवर की अंतिम गेंद पर सुशील भी कैच आउट हो गए। इसके बाद आए नवभारत के कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिक नहीं पाए और जल्दी-जल्दी पैवेलियन लौट गए। दूसरे छोर पर शिव शर्मा ही टिके रहे और टीम के लिए सर्वाधिक 17 रन ही जोड़ पाए। उनके अलावा हितेश मेहता ने 4 रन व चंदन साहू ने 2 रन बनाए। वहीं नवभारत के तीन बल्लेबाजी धनेश कुमार, जयप्रकाश उपाध्याय व अजय सक्सेना बिना खाता खोले पैवेलियन लौट गए। इलेक्ट्रॉनिक संयुक्त इलेवन की ओर से ऋषि नेताम 2 विकेट लेकर सफल गेंदबाज रहे। वहीं  कप्तान मोहन तिवारी, लक्ष्मण लेखवानी, तिलक राम साहू, आलोक यादव व संतोष साहू ने एक-एक बल्लेबाज को पैवेलियन भेजा।
कार्यक्रम के अतिथि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, नगर निगम रायपुर के सभापति सूर्यकांत राठौर, नवभारत के सीनियर डायरेक्टर उमाशंकर व्यास, वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश शर्मा, बृजेश चौबे व संदीप पुराणिक थे। सभी अतिथियों ने दोनों टीम के खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी। इस मौके पर अतिथियों ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए रायपुर प्रेस क्लब की सराहना की।
कार्यक्रम में शानदार आलराउंडर प्रदर्शन के लिए इलेक्ट्रॉनिक संयुक्त इलेवन के ऋषि नेताम को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। साथ ही दोनों टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई। इस दौरान रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, महासचिव गौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू व भूपेश जांगड़े, वरिष्ठ पत्रकार खेल मड़ई के संयोजक विजय मिश्रा, सह संयोजक शंकर चंद्राकर व अख्तर हुसैन, राजेंद्र निगम सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और खेलप्रेमी मौजूद थे। मैच अंपायर वैदुर्य निगम व अनुराग और स्कोरर पी. रामाराव नायडू रहे।
शुक्रवार 13 फरवरी को सुबह 7.30 बजे टूर्नामेंट की दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच आईबीसी24 और वीडियो जर्नलिस्ट के बीच खेला जाएगा।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english