‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न
-वैचारिक अधिष्ठान के लिए प्रशिक्षण जरूरी : पटेल
रायपुर। भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में मंगलवार को ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ प्रांतीय कार्यशाला आहूत की गई। कार्यशाला को संबोधित करते हुए ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ के पश्चिम-मध्य क्षेत्रीय संयोजक के. सी. पटेल ने कहा कि भाजपा केवल एक चुनावी मशीन नहीं, बल्कि एक विचारधारा आधारित संगठन है। इस प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाना और उन्हें सरकार की जनहितकारी योजनाओं का सजग प्रहरी बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के कौशल विकास और वैचारिक प्रबोधन के लिए इस महाभियान की रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि आगामी 7 मार्च से 14 अप्रैल तक देश के सभी ग्रामीण और शहरी मंडलों में अभ्यास वर्ग आयोजित किए जाएंगे। यह प्रत्येक वर्ग एक रात और दो दिन (कुल 24 घंटे) का होगा। मंडल स्तर के प्रशिक्षण के समापन के बाद 15 अप्रैल से जिलास्तरीय अभ्यास वर्ग शुरू होंगे। इस बार के प्रशिक्षण मॉड्यूल को बेहद आधुनिक और व्यापक बनाया गया है।
प्रशिक्षण से कार्यकर्ता सदैव और प्रखर व प्रवीण होते हैं : किरण देव
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि भाजपा एक विचार आधारित संगठन है, जहां कार्यकर्ता ही शक्ति का केंद्र है। उन्होंने आह्वान किया कि प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को नीति, सिद्धांत, संगठनात्मक संरचना और जनसेवा के संस्कारों से समृद्ध किया जाए, ताकि वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं और पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचा सकें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से कार्यकर्ता प्रखर एवं प्रवीण होते हैं और भाजपा कार्यकर्ता हमेशा कर्मष्ठ, निष्ठावान एवं परिश्रमी होते है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए विशेष रूप से 7 प्रमुख विषयों का चयन किया गया है, जिनमें वैचारिक अधिष्ठान के तहत भाजपा से हमारा जुड़ाव और हमारी विचारधारा, जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक के गौरवशाली सफर पर चर्चा, भाजपा कार्यकर्ता की आदर्श कार्य-पद्धति, केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की रणनीति, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), सोशल मीडिया और आईटी का प्रभावी उपयोग और कार्यकर्ताओं की प्रतिभा और रुचि को निखारने के लिए रात्रिकालीन सांस्कृतिक सत्र। जिलास्तरीय वर्गों में 11 अलग-अलग विषयों पर गहन चर्चा की जाएगी।
प्रशिक्षण हमारा आधारभूत कार्यक्रम : जम्वाल
भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ की प्रांतीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण से कार्यकर्ता प्रखर होते है। विषय के अच्छे जानकार बनते है। भाजपा में प्रशिक्षिति कार्यकर्ता संगठन एवं सरकार के कार्यों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाते है। उन्होंने संवाद करते हुए सभी पदाधिकारियों का मनोबल बढ़ाया और संगठनात्मक अनुशासन व समर्पण को सर्वाेपरि रखने का संदेश दिया।
पंच परिवर्तन समाजिक जीवन का दर्शन : साय
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि यह प्रशिक्षण महा अभियान मंडल स्तर तक आयोजित किया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य वैचारिक रूप से दृढ़, संगठनात्मक रूप से सक्षम और समाज सेवा के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है। भारतीय जनता पार्टी का यह संकल्प है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाया जाए। यह प्रशिक्षण वर्ग केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भाजपा की उस सांगठनिक शक्ति को और अधिक धार देने का माध्यम है, जो तकनीक और विचार के संगम से विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करेगी।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कण्डेय, सहित प्रशिक्षण टोली के प्रदेश संयोजक डॉ. अवधेश जैन, अभियान टोली के सदस्य एवं प्रदेश प्रवक्ता टेकेश्वर जैन, श्रीमती शताब्दी पांडेय सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।










Leave A Comment