ब्रेकिंग न्यूज़

  नशा मुक्ति की दिशा में करें प्रभावी कार्यवाही – कलेक्टर श्रीमती प्रजापति

 - जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के आपसी समन्वय से जिले में हो रहा बेहतर कार्य
 - मादक पदार्थों की फसलों पर निगरानी, सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता के दिए निर्देश
 - स्कूली बच्चों के बैग की ले रैंडम तलाशी, हॉस्टलों का करें निरीक्षण
 - मेडिकल स्टोर्स के नियमित निरीक्षण के दिए निर्देश
 - सड़क सुरक्षा के संबंध में ली जानकारी, ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
 - दुर्घटनाओं को रोकने ब्लैक स्पॉट चिन्हांकित करने के निर्देश
 - कलेक्टर श्रीमती प्रजापति एवं एसएसपी श्री वाय. पी. सिंह ने कानून एवं व्यवस्था की ली बैठक

   मोहला । कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जिले में नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को समन्वित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कानून एवं व्यवस्था की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि एक सामाजिक अभियान है, जिसमें सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय. पी. सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी, डिप्टी कलेक्टर श्री डीआर ध्रुव, सभी थाना प्रभारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
            कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने निर्देशित किया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय. पी. सिंह ने महाराष्ट्र के सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि अंतरराज्यीय गतिविधियों पर नजर रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल स्टोर्स का नियमित निरीक्षण करने तथा प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कोटपा एक्ट के तहत की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए शिक्षा विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को भी इसके अंतर्गत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों, कॉलेजों एवं ग्राम पंचायतों में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
         कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने स्कूली बच्चों को नशे से दूर रखने हेतु स्कूल बैग की रैंडम जांच तथा छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे कैलेंडर बनाकर नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत नियमित गतिविधियां संचालित करें एवं आमजन को जागरूक करें। कानून व्यवस्था के मद्देनजर कलेक्टर ने ग्रामों में उत्पन्न होने वाली सामूहिक समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा जिला प्रशासन को अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान पुलिसिंग को चुस्त-दुरुस्त रखने तथा परीक्षाओं के मद्देनजर अनावश्यक कोलाहल पर नियंत्रण रखने के निर्देश भी दिए।
          कलेक्टर ने सूखा नशा के मामलों में विशेष सतर्कता बरतने एवं कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा के विषय में जानकारी लेते हुए ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा तथा दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हांकित कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि वे संस्था प्रमुखों से विद्यालय परिसरों के 100 मीटर के दायरे में कोटपा एक्ट के उल्लंघन न होने संबंधी प्रमाण पत्र प्राप्त करें।
          वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय. पी. सिंह ने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने सभी विभागों के समन्वय से जिले में नशा मुक्ति एवं कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु सहयोग की बात कही। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के आपसी समन्वय से जिले में बेहतर कार्य हो रहा है, जो कानून एवं व्यवस्था के लिए सकारात्मक है। आगे भी सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english