ब्रेकिंग न्यूज़

 सुशासन तिहार : कोदवामहंत में समाधान शिविर का आयोजन

0- सुशासन तिहार शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का अभियान : उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव
0- विद्युत सब-स्टेशन, पंचायत भवन, डिजिटल सुविधा केन्द्र और उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन निर्माण की मिली स्वीकृति
बिलासपुर. जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार लोगों के लिए भरोसे और राहत का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है। उप मुख्यमंत्री तथा स्थानीय विधायक श्री अरुण साव आज लोरमी विकासखण्ड के ग्राम कोदवामहंत में आयोजित समाधान शिविर में शामिल हुए और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने वहां विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर लोगों को योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में बच्चों को अन्नप्राशन एवं गोदभराई कराते हुए उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने अपने संबोधन में कहा कि सुशासन तिहार केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का अभियान है। छत्तीसगढ़ सरकार मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनकल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। आज प्रदेश में विकास की गति चारों ओर दिखाई दे रही है। गांव-गांव में सड़क, पुल-पुलिया, आवास और मूलभूत सुविधाओं के निर्माण कार्य तेजी से संचालित हैं। हमारी सरकार अपनी सभी गारंटियों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री साव ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत लगभग 67 करोड़ रुपये के सड़क, पुल एवं पुलिया निर्माण के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। ग्राम कोदवामहंत में 61 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा सीसी रोड एवं पुलिया निर्माण के लिए भी राशि स्वीकृत की गई है, जिससे ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। शासन-प्रशासन जनहित की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। 
श्री साव ने इस दौरान कोदवामहंत में विद्युत सब-स्टेशन की घोषणा की। उन्होंने बिठलदह में अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र के लिए 5 लाख रूपए, ग्राम ढोलगी में पंचायत भवन निर्माण के लिए 20 लाख रूपए और ग्राम झझपुरीकला में उप स्वास्थ्य केन्द्र के लिए 28.51 लाख रूपए की स्वीकृति प्रदान की। 
जनपद पंचायत लोरमी की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा विक्रम सिंह और जिला पंचायत की सदस्य श्रीमती अनीता कोमल साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक बड़ी संख्या में कार्यक्रम में मौजूद थे।
हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजनों को योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। शिविर में दिव्यांगो को मोटराइज्ड ट्रायसायकल, 10 किसानों को केसीसी चेक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) अंतर्गत 20 महिलाओं को चेक, 2 मछली पालकों को मत्स्य जाल, 40 हितग्राहियों को पीएम आवास की चाबी, 10 को फलदार पौधे, 5 लोगों को आयुष्मान व वय वंदन कार्ड, 93 को स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शौचालय स्वीकृति प्रमाण पत्र, 40 को राशन कार्ड, 5 को मनरेगा जॉब कार्ड, 3 को नोनी सुरक्षा का बॉन्ड पेपर, 3 को विद्यारंभ प्रमाण पत्र, 3 महिलाओं को सुपोषण टोकरी, 10 किसानों को अरहर मिनी किट, 20 श्रमिकों को श्रमकार्ड तथा 10 टीमों को क्रिकेट किट और अन्य खेल सामाग्री प्रदान कर लाभान्वित किया गया।
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english